यूपी वक्फ बोर्ड में होंगे दो गैर-मुस्लिम सदस्य, महिलाओं को भी मिलेगा प्रतिनिधित्व: दानिश अंसारी
-  बलिया में मंत्री बोले- नए स्वरूप में व्यापक भागीदारी और बेहतर प्रतिनिधित्व पर सरकार का जोर

बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने वक्फ बोर्ड के पुनर्गठन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नए वक्फ बोर्ड में दो गैर-मुस्लिम सदस्यों को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही महिलाओं को भी बोर्ड में प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
बलिया में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री अंसारी ने कहा कि सरकार वक्फ बोर्ड की नई व्यवस्था में व्यापक भागीदारी, पारदर्शिता और बेहतर प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से बोर्ड के गठन में विभिन्न वर्गों की सहभागिता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंत्री के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश में वक्फ बोर्ड के नए स्वरूप को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सरकार का कहना है कि पुनर्गठित बोर्ड को अधिक समावेशी और प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।