ओडीओपी प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना के आवेदकों का साक्षात्कार 13 से 15 जुलाई तक
*गोण्डा, 09 जुलाई 2026* - जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, गोण्डा द्वारा एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत दाल, मक्का एवं खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित 10 दिवसीय प्रशिक्षण एवं प्रशिक्षण उपरांत उन्नत टूलकिट वितरण हेतु ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की तिथियां घोषित कर दी गई हैं।

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि 13 जुलाई को खाद्य प्रसंस्करण (दाल), 14 जुलाई को खाद्य प्रसंस्करण तथा 15 जुलाई को खाद्य प्रसंस्करण (मक्का) से संबंधित आवेदकों का साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। सभी साक्षात्कार पूर्वाह्न 11 बजे से कार्यालय उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, गोण्डा में संपन्न होंगे।

उन्होंने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने वेबसाइट www.msme.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन किया है, वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने सभी मूल दस्तावेजों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। साक्षात्कार में अनुपस्थित रहने वाले आवेदकों के आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

उपायुक्त उद्योग ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से समय से उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।
जवाहर नवोदय विद्यालय मनकापुर में कक्षा-6 प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
*गोण्डा 09 जून 2026*  -  पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मनकापुर, गोण्डा में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा-6 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण 07 जुलाई  से प्रारम्भ हो गया है। इच्छुक एवं पात्र छात्र-छात्राएं 31 जुलाई  तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

प्रभारी प्राचार्य लालता प्रसाद शर्मा ने बताया कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से वेबसाइट https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs पर स्वीकार किए जाएंगे। जनपद गोण्डा के निवासी तथा किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026-27 के दौरान कक्षा-5 में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं आवेदन के पात्र हैं।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी का जन्म 01 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 (दोनों तिथियां सम्मिलित) के बीच होना अनिवार्य है। पात्र अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई है, ताकि अंतिम तिथि के निकट होने वाली तकनीकी असुविधाओं से बचा जा सके।
'लोककलाओं के उन्नयन के लिए सम्मानित हुए शिवपूजन शुक्ल

गोण्डा।  अवधी संस्कृति एवं लोककलाओं के विकास में योगदान के लिए ‘वाग्धारा नवरत्न सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया है। मुंबई में शनिवार को उन्हें यह सम्मान तेलंगाना के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ल के हाथों प्रदान किया गया।

शिवपूजन शुक्ल  तरबगंज तहसील के  जमथा गांव के निवासी है। उन्होंने आकाशवाणी दूरदर्शन से  अवधी लोकगीत एवं भजन गायक के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। वह अवधी ग्राम्य गीत एवं प्रायः लुप्त होते जा रहे पारंपरिक संस्कार गीतों व लोकनाट्य नौटंकी का प्रशिक्षण देने के लिए निःशुल्क कार्यशालाएं भी चलाते हैं। महाकुंभ प्रयागराज, सीतापुर, लखनऊ सहित अनेक शहरों में कार्यशालाएं आयोजित कर चुके हैं। जिनमें बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है।  अवधी लोकगीतों के प्रचार-प्रसार के लिए वह मारीशस, इंडोनेशिया, जकार्ता, बाली और नेपाल आदि देशों की यात्राएं कर चुके हैं। उन्हें ‘चरनवाँ कै धूर’ पुस्तक के लिए उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान की ओर से मलिक मोहम्मद जायसी सम्मान प्राप्त हो चुका है।
सफाई कर्मचारी के मांगों के निराकरण हेतु निदेशक पंचायतीराज विभाग से मिले प्रदेश पदाधिकारी
गोंडा उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रभारी राघवेंद्र तिवारी प्रदेश अध्यक्ष बसंत लाल गौतम के नेतृत्व में निदेशक पंचायतीराज विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा प्रांतीय संघ के पदाधिकारियों के साथ लंबित मांगों को लेकर द्विपक्षीय वार्ता  निदेशक पंचायतीराज  के कार्यालय कक्ष में श्री मान निदेशक महोदय की अध्यक्षता एवं  संयुक्त निदेशक श्री एस एन सिंह पंचायतीराज महोदय उपस्थिति में संपन्न हुई जिसमें संघ पदाधिकारियों द्वारा संघ की पूर्व से लंबित मांगों विभागीय सेवा नियमावली बनाए जाने, पदोन्नति के अवसर दिए जाने  के साथ ही प्रदेश में व्याप्त विभिन्न 13 सूत्रीय समस्याओं पर चर्चा करते हुए निराकरण की आशा व्यक्त की गई। कई मांगों का निदेशक द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए निराकरण कराया गया व कई मांगों के संबंध में संयुक्त निदेशक को निर्देशित कर अग्रिम कार्यवाही हेतु कहा गया  साथ ही श्रीमान निदेशक महोदय ने मांगों के निराकरण हेतु संघ को अपने स्तर से शासन में भी सहयोग करने का आश्वासन दिया  बैठक सार्थक व सकुशल संपन्न हुई। जल्द ही सफाई कर्मचारियों की विभागीय सेवा नियमावली के लिए शासन को प्रस्ताव उपलब्ध कराया जायेगा बैठक में संघ के प्रदेश प्रभारी राघवेंद्र तिवारी प्रदेश अध्यक्ष बसंत लाल महामंत्री- मयंकसंगठन मंत्री श्रवण पाल संप्रेक्षक क्रांति सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकिशन प्रदेश उपाध्यक्ष अमीर अहमद प्रदेश मंत्री राजू मीडिया प्रभारी शिवराज गौतम उपाध्यक्ष  रणजीत गौतम श्रीनाथ सहित पदाधिकारीगण उपस्थित रहे
बिजली व जल जीवन मिशन की लापरवाही से हो रही हजारों मौतें - बृजभूषण सिंह
*हम सिर्फ भड़ास निकाल सकते हैं


गोंडा।कैसरगंज से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अपनी ही सरकार के दो विभागों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाया है।उन्होंने जल जीवन मिशन और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हम सिर्फ आवाज उठा सकते हैं और बोलकर अपनी भड़ास निकाल सकते हैं।लेकिन इन विभागों की लापरवाही से जो मौतें हो रही हैं,उनका जिम्मेदार कौन है ?उन्होंने कहा कि अगर सही तरीके से जांच कराई जाए तो पूरे प्रदेश में जल जीवन मिशन के कारण 2 से 4 हजार हादसे सामने आएंगे।बृजभूषण शरण सिंहने अपने आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में दो विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि हमारे क्षेत्र में तीन दलित परिवारों के कमाने वाले सदस्य जिनकी उम्र 22 से 42 साल थी,एक हादसे में मारे गये।जल जीवन मिशन के तहत वहां पाइप लाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई थी,लेकिन काम खतम होने के बाद सड़क की ठीक से फिलिंग और कुटाई नहीं की गई।जिससे सरिया से लदा एक ट्रक वहां धंस कर पलट गया और उसकी चपेट में आने से इन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई।उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के ठेके बहुत बड़ी कंपनियों को मिलते हैं।ये कंपनियां आगे से आगे ठेके पर ठेका देती चली जाती हैं।जिससे काम की जिम्मेदारी खत्म हो जाती है।नियम के मुताबिक,सड़क तोड़ने से पहले इन कंपनियों को पीडब्ल्यूडी,नगर पालिका या ग्राम प्रधान से एनओसी लेनी चाहिए,लेकिन ये कोई एनओसी नहीं लेते और रसूख के दम पर इनका भुगतान भी हो जाता है।पूरे प्रदेश के गावों में सड़कें तोड़कर गड्ढे छोड़ दिए गए हैं।इसके साथ ही पूर्व सांसद ने गोंडा बिजली विभाग की लापरवाही से हुई एक अन्य दुखद घटना का जिक्र किया।उन्होंने बताया कि 30 जून को विमल नाम का एक युवक अपनी बहन प्राची को परीक्षा दिलाने के लिए जिला मुख्यालय स्थित एलबीएस कालेज चौराहे पर लाया था और परीक्षा देने के लिए खड़े थे कि अचानक हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया।बहन को बचाने की कोशिश में करंट की चपेट में आने से विमल की मौत हो गई।बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि यह कोई इकलौती घटना नहीं है बल्कि पूरे प्रदेश में बिजली विभाग की लापरवाही से रोज न जाने कितने इंसान व जानवर मर रहे हैं और जब कोई बड़ा हादसा हो जाता है तब विभाग जागता है।उससे पहले लटक रहे व जर्जर तारों की कोई सुध लेने वाला नहीं है।जब पत्रकारों ने उनसे सीधा सवाल किया कि यह गलती ठेका कंपनियों की है या विभाग के मंत्रियों की,तो पूर्व सांसद ने तंज कसते हुए कहा कि अब सारी गलती हमारी है।हम जनप्रतिनिधि हैं और जनता के प्रतिनिधि के तौर पर बस आवाज उठा सकते हैं और उठा रहे हैं।बाकी गलती हमारी है।
घाघरा नदी में छोड़ा गया 63258 क्यूसेक पानी,खतरे के निशान से 1.55 मीटर नीचे बह रही नदी, अलर्ट जारी

गोंडा।मानसून के दस्तक के साथ ही घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है।आज मंगलवार सुबह 9 बजे नदी में कुल 73258 क्यूसेक पानी छोड़ा गया,जिसके बाद नदी खतरे के निशान से 1.55 मीटर नीचे बह रही है।जिसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने बाढ़ खंड विभाग को अलर्ट मोड पर कर दिया है।जारी किए गए पानी में सर्वाधिक 45168 क्यूसेक पानी गिरजा बैराज से छोड़ा गया।इसके अतिरिक्त शारदा बैराज से 18110 क्यूसेक और सरयू बैराज से 250 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।नदी के बढ़ते हुए जलस्तर देखते हुए गोंडा जिला प्रशासन ने बाढ़ खंड विभाग को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा है।विभाग के अधिकारी व कर्मचारी 24 घंटे लगातार जलस्तर पर नजर रख रहे हैं तथा तटबंधों की निगरानी कर रहे हैं।इसके साथ ही नदी के आसपास रहने वाले लोगों को भी जलस्तर बढ़ने की जानकारी देकर सतर्क किया गया है।बाढ़ खंड विभाग का अनुमान है कि जुलाई महीने के अंतिम सप्ताह तक जिले में घाघरा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ेगा और यह खतरे के निशान से ऊपर पहुँच सकता है।इन संभावित स्थितियों से निपटने के लिए विभाग द्वारा अभी से तैयारी प्रारंभ कर दिया गया है।वर्तमान में जिले में घाघरा नदी 104.52 मीटर पर बह रही है,जबकि इसका खतरे का निशान 106.07 मीटर है।इस प्रकार नदी अभी खतरे के निशान से 1.55 मीटर नीचे है।पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और पड़ोसी देश नेपाल से पानी छोड़े जाने के कारण घाघरा नदी में जलस्तर तेजी से बढ़ता है।जुलाई माह के शुरुआत से ही नदी का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है।अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि नदी का जलस्तर धीरे धीरे बढ़ रहा है,लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।आज 63258 क्यूसेक पानी घाघरा नदी में तीन बैराज से छोड़ा गया है।सबसे कम सरयू बैराज से हमेशा पानी छोड़ा जाता है और इस बार भी छोड़ा गया है।हमारे सभी बाढ़ खंड विभाग के अधिकारी व राजस्व विभाग के सभी अधिकारी अलर्ट मोड पर हैं।
ज्वैलर्स की दुकान व मकान में लगी आग,लाखों के आभूषण जलकर राख

गोंडा।जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पटेल नगर ईदगाह रोड स्थित आकाश ज्वैलर्स में मंगलवार सुबह करीब 6 बजे अचानक भीषण आग लग गई। राहगीरों ने दुकान से धुआं उठता देख तत्काल दुकान मालिक को सूचना दी। शटर खोलने पर अंदर आग विकराल रूप ले चुकी थी और देखते ही देखते लपटें ऊपर बने दो मंजिला मकान तक पहुंच गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे से अधिक समय तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद दुकान में लगी आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि मकान की ऊपरी मंजिल में आग बुझाने का कार्य काफी देर तक जारी रहा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से दुकान में रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि मकान में रखा घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जुटे रहे और आग बुझाने में प्रशासन का सहयोग करते दिखाई दिए। पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं।
दबंगों के हौसले बुलंद! घर में घुसकर सिर फोड़ा, 3 दिन बाद भी एफआईआर नहीं, पीड़िता ने एसपी से लगाई गुहार
गोण्डा।जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लालेमऊ में दबंगों की दबंगई थमने का नाम नहीं ले रही। आरोप है कि 3 दिन पहले घर में घुसकर एक व्यक्ति का सिर फोड़ दिया गया, महिला की देवरानी को पीटा गया, और अब पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी मिल रही है। सबसे बड़ा सवाल ये कि घटना के 72 घंटे बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की।
पीड़ित महिला जमीकुलनिशां पत्नी मजीद निवासिनी ग्राम लालेमऊ थाना करनैलगंज ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक गोण्डा को प्रार्थनापत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
तहरीर के अनुसार 1 जुलाई 2026 की शाम 6 बजे गांव के ही इरफान, सलमान पुत्रगण मुहैयददीन और बल्ले पुत्र रुस्तम एकराय होकर आए। आरोप है कि पहले लाठी-डंडों से पति मजीद को पीटा, फिर ईंट से सिर पर वार कर सिर फोड़ दिया। इसके बाद मजीद को घर में बंद कर दोबारा मारपीट की गई। बीच-बचाव करने आई देवरानी को भी चोटें आईं। महिला का आरोप है कि घटना की सूचना करनैलगंज थाने पर दी गई, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। आरोपी लगातार जान से मार डालने की धमकी दे रहे हैं। दबंगों के हौसले बुलंद हैं। और वह खुलेआम घूम रहे हैं।पीड़िता ने एसपी से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए, वरना उसकी और उसके पति की जान को खतरा है।
पूर्व विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने से भड़की सपा
*चंदा चोर गद्दी छोड़ के नारे के साथ कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन


गोंडा।जिले के कटरा बाजार विधानसभा के पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे पर नगर कोतवाली गोंडा में दर्ज फर्जी मुकदमा अपराध संख्या 627/26 के विरोध में समाजवादी पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं ने अरविंद शुक्ला एडवोकेट(जिला उपाध्यक्ष अधिवक्ता सभा), राम अवध गोस्वामी पूर्व ब्लॉक प्रमुख तथा कुलदीप मणि श्रीवास्तव (प्रतिनिधि) के नेतृत्व में हाथ में तख्तियां लेकर जोरदार आंदोलन गोंडा लखनऊ राज्यमार्ग से तहसील मुख्यालय की तरफ कूच किया।आंदोलन में कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक पर दर्ज फर्जी मुकदमे के वापसी के लिए नारे,गोंडा पुलिस अधीक्षक मुर्दाबाद,चंदा चोर गद्दी छोड़,कटरा बाजार के विधायक बावन सिंह होश में आओ,पुलिस के बल पर गुंडागर्दी नहीं चलेगी सहित कई तख्तियां लेकर लोगों ने अपना विरोध प्रदर्शन किया।
  अधिवक्ता सभा के जिला उपाध्यक्ष अरविंद शुक्ला ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा विधायक बावन सिंह सत्ते के नशे में चूर हैं, न्याय अन्याय उनकी निगाहों से नजर नहीं आ रहा है लगातार ब्राह्मणों के साथ उत्पीड़न कर रहे हैं।सत्ता का लोभ कुछ इस कदर चढ़ा है कि विधायक बावन सिंह घृतराष्ट्र बन चुके हैं सत्य बोलने पर फर्जी मुकदमा लिखा रहे हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख राम अवध गोस्वामी ने मीडिया से बात करते हुए कि यह कोई सामान्य जनांदोलन नहीं है भाजपा के लोग अपनी हार के डर से पूर्व विधायक की छवि धूमिल करना चाहते है।चंदा चोरी करने वाले लोगों से यदि चन्दा पर सवाल पूंछा जाए तो वे लोग फर्जी मुकदमा करते हैं।चंदा चोरी की घटना से संपूर्ण सनातन समाज आहत है भाजपा के लोग प्रभु राम को भी नहीं बख्शे तो ये लोग देश की जनता का क्या होंगे।राम के नाम पर बनी सरकार आज प्रभु श्री राम सहित करोड़ों सनातनियों के साथ छल करने का कार्य किया है।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी करनैलगंज त्रिलोकी नाथ तिवारी ने कहा कि भाजपा और आरएसएस के लोग काफी दिनों से मंदिर में चोरी करने का कार्य करते थे आज पकड़े जाने पर लोगों को भाजपा के लोग क्या मुंह दिखाये इसलिए उलूल जलूल कार्य कर फर्जी मुकदमा कर लोगों की आवाजों को दबाना चाहते हैं लेकिन अब चंदा चोरी का मामला आग की तरह फैल चुकी है अब यह रुकने वाली नहीं है।चंदा चोरी का धन और पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे पर दर्ज मुकदमा यदि वापस नहीं होता है तो सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
पूर्व विधायक कटरा प्रतिनिधि कुलदीप मणि श्रीवास्तव ने क्षेत्र के आए हुए कार्यकर्ताओं,समर्थकों को धन्यवाद ज्ञापित किया तथा कहा कि यदि श्री बैजनाथ दूबे जी पर दर्ज मुकदमा प्रशासन द्वारा वापस नहीं लिया गया तो आगे की रणनीति तय कर चक्का जाम किया जायेगा।फर्जी मुकदमे से क्षेत्र में काफी काफी रोष है यदि प्रशासन समय रहते विचार नहीं करता तो जनांदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा और जेल में जगह कम पड़ जाएगी।
उपरोक्त कार्यक्रम में राम कुमार शुक्ला(राष्ट्रीय सचिव लोहिया वाहिनी),त्रिवेणी मिश्रा (निवर्तमान जिलाध्यक्ष प्रबुद्ध सभा),नन्द कुमार प्रजापति (जिला पंचायत सदस्य),गुलाम नबी(जिला पंचायत सदस्य),रूप नारायण प्रजापति(जिला पंचायत सदस्य),राहुल गोस्वामी,अशोक तिवारी (एडवोकेट), अंकित शुक्ला छात्र नेता,अर्जुन बाबा (पूर्व प्रधान),अरशद अंसारी(प्रतिनिधि चेयरमैन कटरा बाजार)भगौती मिश्रा,संतोष तिवारी, छल्लर दूबे,लल्लन पांडेय,अजय कुमार मिश्रा,अमरेश कुमार चतुर्वेदी (एडवोकेट),वहीद खान,नन्द किशोर ओझा पूर्व प्रधान,संजय चौबे प्रधान,सुरेश तिवारी,राजेश तिवारी फरेंदा, मनीष शुक्ला रूद्र, बड़कऊ तिवारी प्रधान बमडेरा,संसारमणि पांडेय,उत्तम सिंह,हरेंद्र सिंह पूर्व प्रधान गद्दोपुर,लेखराज यादव सपा नेता,मोनू यादव,हरिशंकर दूबे,राजू शुक्ला,लक्ष्मीशंकर तिवारी,राम करन चतुर्वेदी प्रधान,रिंकू तिवारी कोचा,रिंकू तिवारी कौड़ियां बाजार,दद्दन शुक्ला,सहदेव मिश्रा पुत्र श्री रामदेव मिश्रा पूर्व विधायक,सौरभ तिवारी,राम बाबू शुक्ला,राजेंद्र दूबे,हरिओम तिवारी,राहुल तिवारी,सुल्तान प्रधान,परमात्मादीन साहू पूर्व प्रधान,दीनानाथ तिवारी सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
24 वर्षीय अज्ञात युवक का शव उतराता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी
गोंडा। जिले के कोतवाली करनैलगंज अंतर्गत ग्राम कचनापुर के पास सरयू नदी में रविवार की सुबह 24 वर्षीय अज्ञात युवक का शव उतराता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पाकर मौके पर पुलिस टीम ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव करीब तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव फूल गया था, जिससे उसकी पहचान करना कठिन हो गया है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।  हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही चल सकेगा।
उप निरीक्षक दयानंद यादव ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो पाई है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों के साथ-साथ आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सूचना भेजी जा रही है, ताकि यदि किसी क्षेत्र से युवक के लापता होने की जानकारी हो तो उसका मिलान किया जा सके।
प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।