24 वर्षीय अज्ञात युवक का शव उतराता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी
गोंडा। जिले के कोतवाली करनैलगंज अंतर्गत ग्राम कचनापुर के पास सरयू नदी में रविवार की सुबह 24 वर्षीय अज्ञात युवक का शव उतराता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पाकर मौके पर पुलिस टीम ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव करीब तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव फूल गया था, जिससे उसकी पहचान करना कठिन हो गया है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।  हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही चल सकेगा।
उप निरीक्षक दयानंद यादव ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो पाई है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों के साथ-साथ आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सूचना भेजी जा रही है, ताकि यदि किसी क्षेत्र से युवक के लापता होने की जानकारी हो तो उसका मिलान किया जा सके।
प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अंबाला से घर लौट रहे एक युवक के चार दिनों से लापता
गोंडा। अंबाला से घर लौट रहे एक युवक के चार दिनों से लापता होने का मामला सामने आया है। युवक के घर नहीं पहुंचने और उससे किसी भी प्रकार का संपर्क न हो पाने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से युवक को बरामद किए जाने की मांग की है। कोतवाली करनैलगंज अंतर्गत ग्राम सकरौरा ग्रामीण के मजरा कुन्नू पुरवा निवासी हेमा देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उनका 25 वर्षीय पुत्र पिंटू अंबाला शहर में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उनके अनुसार पिंटू 2 जुलाई की दोपहर अंबाला से अपने घर करनैलगंज के लिए निकला था, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी वह घर नहीं पहुंचा। इस दौरान परिजनों ने उससे कई बार मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन लगातार बंद आ रहा है।
परिजनों ने युवक के कार्यस्थल पर भी जानकारी जुटाई। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि पिंटू 2 जुलाई को काम से छुट्टी लेकर घर जाने के लिए निकल चुका था। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग सका। युवक के अचानक लापता होने से परिवार के लोग बेहद परेशान हैं और लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए है।निरीक्षक अपराध अरविंद कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मोबाइल फोन की लोकेशन और अन्य तकनीकी माध्यमों से उसकी तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि युवक का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
करनैलगंज को मिली बड़ी सौगात: हुजूरपुर क्रासिंग पर बनेगा टू-लेन रेलवे ओवरब्रिज,रूट मैप जारी

*सीएचसी के सामने से शुरू होकर छतई पुरवा पर होगा उतराव, 7 मीटर ऊंचा होगा पुल, जाम से मिलेगी राहत


गोण्डा। करनैलगंज क्षेत्र की सबसे बड़ी यातायात समस्या अब दूर होने वाली है। हुजूरपुर रेलवे क्रॉसिंग समपार फाटक संख्या-282 स्पेशल पर 2-लेन रेलवे ओवरब्रिज आरओबी के निर्माण का प्रस्तावित रूट मैप जारी कर दिया गया है। जारी नक्शे के अनुसार ये टू लेन ओवरब्रिज 700 से 1000 मीटर लंबा होगा। इसमें एप्रोच रोड भी शामिल है। पुल की चौड़ाई 10 से 12 मीटर और रेलवे ट्रैक के ऊपर ऊंचाई लगभग 7 मीटर रखी गई है।

कहां से कहां तक जाएगा ओवरब्रिज
 
प्रस्तावित रूट के मुताबिक ओवरब्रिज की शुरुआत करनैलगंज सीएचसी यानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने से होगी। इसके बाद ये हुजूरपुर रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर से गुजरेगा और अंत में ग्राम छतई पुरवा के पास उतरेगा।

जाम और हादसों से मिलेगी राहत

हुजूरपुर रेलवे क्रासिंग पर ट्रेन आने पर घंटों जाम लगता है। इससे एंबुलेंस, स्कूली बच्चे और व्यापारियों को भारी परेशानी होती है। ओवरब्रिज बनने के बाद आवागमन तेज, सुरक्षित और सुगम हो जाएगा। समय की बचत होगी और क्षेत्र के विकास को नया आयाम मिलेगा। स्थानीय लोगों ने ओवरब्रिज की स्वीकृति पर खुशी जताई है। उनका कहना है कि इससे करनैलगंज से गोंडा, बहराइच और लखनऊ का संपर्क और बेहतर होगा। फिलहाल प्रशासन द्वारा भूमि अधिग्रहण और टेंडर प्रक्रिया को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


बॉक्स:
कुल लंबाई: 700 - 1000 मीटर, एप्रोच सहित
चौड़ाई: 10 - 12 मीटर
ऊंचाई: रेलवे ट्रैक से लगभग 7 मीटर
शुरुआत: कर्नलगंज सीएचसी के सामने
समाप्ति- ग्राम छतई पुरवा
मुख्य फायदा: जाम से मुक्ति, तेज और सुरक्षित सफर
करनैलगंज में जमीन बैनामे में बड़ा फर्जीवाड़ा: वकील-उप निबंधक समेत 6 पर मुकदमा दर्ज
*रजिस्ट्री में हुआ खेल, असली मालिक की जगह फर्जी शख्स पेश करने का आरोप, जिम्मेदार मौन

*सिस्टम पर सवाल: रजिस्ट्री विभाग ने बिना वेरिफिकेशन कैसे कर दी रजिस्ट्री

 गोण्डा। राजस्व और रजिस्ट्री महकमे की मिलीभगत या लापरवाही? इसका जीता-जागता उदाहरण करनैलगंज तहसील में सामने आया है। यहां आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के सहारे एक किसान की करोड़ों की कृषि भूमि हड़प ली गई और जिम्मेदार विभागों को इसकी भनक तक नहीं लगी।ग्राम बीरपुर कटरा निवासी जयप्रकाश तिवारी की करीब 1.388 हेक्टेयर कृषि भूमि का 3 जून 2025 को फर्जी तरीके से बैनामा करा दिया गया। आरोप है कि रजिस्ट्री के समय असली भूमिधर जयप्रकाश की जगह किसी अन्य व्यक्ति को पेश किया गया और कूटरचित अभिलेखों के आधार पर धोखाधड़ी से रजिस्ट्री कर ली गई।

*शिकायत के बाद भी नहीं जागा सिस्टम

पीड़ित को इस फर्जीवाड़े की जानकारी 17 फरवरी 2026 को तहसील से खतौनी निकलवाने पर हुई। अगले दिन 18 फरवरी को उन्होंने कोतवाली कर्नलगंज में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आखिरकार पीड़ित को न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक के चौखट पर जाना पड़ा।

*एसपी के आदेश पर एफआईआर

एसपी के निर्देश पर करनैलगंज


कोतवाली पुलिस ने सुशील कुमार शुक्ल, जनकराज, वीरेन्द्र कुमार, अधिवक्ता धर्मेन्द्र कुमार मिश्र, एसके सिंह एडवोकेट और तत्कालीन प्रभारी उप निबंधक अब्दुल लतीफ के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल नरेन्द्र प्रताप राय ने बताया कि मामले की गहनता से विवेचना की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

सिस्टम पर उठ रहे गंभीर सवाल-
1. बिना मूल मालिक की मौजूदगी और पहचान के रजिस्ट्री कैसे हो गई?
2. 18 फरवरी की तहर�
पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष व बीजेपी नेता का अश्लील आडियो वायरल,मुकदमा दर्ज
गोंडा।जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष व वर्तमान में भाजपा नेता वीरेंद्र पटेल एक बार फिर सुर्खियों में हैं और एक बार पुनः उनके खिलाफ जिले की इटियाथोक कोतवाली में एक महिला से अश्लील बात करने को लेकर महिला के पति द्वारा मुकदमा दर्ज करवाया गया है।कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष व भाजपा नेता वीरेंद्र पटेल का महिला से अश्लील बात करते हुए आडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।वायरल आडियो में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष व भाजपा नेता वीरेंद्र पटेल एक महिला से बच्चा पैदा करने को लेकर के उसके साथ अश्लील बात करते हुए नजर आ रहे हैं।महिला वायरल आडियो में पूछ रही है कि आप कौन बात कर रहे हैं तो वीरेंद्र पटेल द्वारा दूसरे व्यक्ति का नाम बताया जा रहा है।महिला ने वायरल आडियो में कहा कि आप कौन हैं सुबह जब हमारे इधर आएंगे तो हम आपको बताएंगे।इसके बाद वीरेंद्र पटेल ने फोन काट दिया।पीड़ित महिला के पति ने इटियाथोक थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि वीरेंद्र पटेल द्वारा उसकी पत्नी की मोबाइल पर फोन करके अश्लील बात करते हुए उसकी पत्नी और उसके ऊपर अश्लील टिप्पणी की गयी है।यहाँ यह बताना आवश्यक है कि कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पटेल के ऊपर इससे पहले भी एक शिक्षिका के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मुकदमा दर्ज हो चुका है और एक बार फिर से वीरेंद्र पटेल सुर्खियों में हैं।इटियाथोक कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 352 और एससी एसटी एक्ट के अंतर्गत वीरेंद्र पटेल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके पूरे मामले को लेकर के जांच की जा रही है।उन्होंने बताया कि एक आडियो भी सामने आया है जिसमें वीरेंद्र पटेल एक महिला से अश्लील और आपत्तिजनक बात करते हुए नजर आ रहे हैं।पुलिस द्वारा सभी बिंदुओं पर जांच करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सिलाई सीखकर लौट रही 18 वर्षीय छात्रा को ट्रक ने रौंदा
*इंटर पास सरिता की दर्दनाक मौत, तरबगंज में कोहराम

*रानीपुर पहाड़ी बंधा मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर। साइकिल पर घर लौट रही थी, CHC तरबगंज और मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम



गोंडा।जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा* हो गया। जिसमें सिलाई कोचिंग से साइकिल पर घर लौट रही 18 वर्षीय छात्रा सरिता साहू को बालू खाली कर लौट रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।यह हादसा रानीपुर पहाड़ी बंधा मार्ग स्थित दुर्जनपुर घाट के पास दोपहर करीब 2 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सरिता रोज की तरह कोचिंग से घर लौट रही थी,कि तभी पीछे से आए ट्रक ने उसे रौंद दिया।मृतका सरिता साहू, किंधौरा गांव, तरबगंज की रहने वाली थी। उसने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और आत्मनिर्भर बनने के सपने के साथ वो हर दिन *दुर्जनपुर बाजार स्थित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र जाती थी।स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस से सरिता को CHC तरबगंज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन गोंडा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने भी मौत की पुष्टि कर दी।घटना की सूचना पाकर तरबगंज पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया गया। मामले में मृतका के पिता झुरहे साहू की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक* ने कहा कि मामले की जांच शुरू है। आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
18 साल की सरिता* के इस तरह चले जाने से पूरे किंधौरा गांव में शोक की लहर है। एक होनहार बेटी को खोने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक होनहार बेटी की जान ले ली। अब परिवार और गांव वाले इंसाफ और सड़क सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।
सरिया लदा ट्रक खेत में पलटा, 3 मजदूरों की मौत

*पुल निर्माण के लिए जा रहा था ट्रक, 4 ने कूदकर बचाई जान

*जिला मुख्यालय से  बेलसर रोड पर भीषण हादसा

* पानी भरे खेत में दबने से गई जान। मृतक तरबगंज के चांदपुर गांव के निवासी


गोंडा।जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के माधवपुर गांव के पास गुरुवार को सरिया से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पानी से भरे खेत में पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में ट्रक पर सवार 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 मजदूरों ने कूदकर अपनी जान बचा ली। जानकारी के मुताबिक, विरसिंहपुर में टेढ़ी नदी पर बन रहे पुल के लिए यह ट्रक सरिया लेकर जा रहा था। माधवपुर के पास पहुंचते ही चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और ट्रक सीधे खेत में पलट गया। ट्रक में लदा भारी सरिया मजदूरों के ऊपर गिर गया। मलबे में दबने से रविंद्र पासवान( 31) राजेंद्र पासवान( 42) और रामगुलाम पासवान (30) निवासी चांदपुर, थाना तरबगंज की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं हादसा देख 4 अन्य मजदूरों ने ट्रक से छलांग लगा दी और किसी तरह अपनी जान बचाई।घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली देहात पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। ट्रक को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


पुल बनाने निकले थे जिन हाथों में सरिया था
उन्हीं हाथों पर गिरकर टूट गया सपना सारा था।
  माधवपुर की मिट्टी भी रो पड़ी उस रोज
  जो घर बसाता था, वो खुद बेघर हो गया।


रोटी के लिए निकले तीन मजदूर पुल तो नहीं बना सके, लेकिन उनके जाने से तीन घरों की दीवारें जरूर गिर गईं। पूरे चांदपुर गांव में शोक की लहर है।
माधवपुर में तालाब में मिली 17 वर्षीय किशोरी सुधा की लाश
बुधवार से थी लापता, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

नगर कोतवाली क्षेत्र के चकत्ता पार गांव में सनसनी। परिजनों में कोहराम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार


गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र के माधवपुर चकत्ता पार गांव में बुधवार को एक 17 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्ध हालत में मछली पालन तालाब में तैरता मिला। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार,सुधा बुधवार सुबह 8 बजे तक घर पर थी। इसके बाद वह अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद गांव के पास मछली पालन के लिए बने तालाब में उसका शव तैरता हुआ मिला। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

टीम ने तालाब और आसपास से साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 17 साल की सुधा के अचानक इस तरह चले जाने से परिवार में कोहराम मचा है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौलहै। नगर कोतवाली पुलिस के अनुसार मृत्यु का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। मामले की हर एंगल से गहनता से जांच की जा रही है।एक किशोरी की असमय मौत ने कई सवाल छोड़ दिए हैं। अब सबकी नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पर टिकी हैं।
4.90 करोड़ के घोटाले की जांच तेज,सोसाइटी सचिव से लोन लेने देने व न देने वालों की सूची तलब
गोंडा।जिले के इंडियन बैंक क्रेडिट कोआपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड शाखा में हुए 4 करोड़ 90 लाख रूपए के घोटाले की जांच तेज हो गई है।मामले के विवेचक सोनू कुमार ने सोसाइटी के सचिव रवींद्र कुमार श्रीवास्तव से कर्ज लेने वाले,कर्ज न चुकाने वाले और नियमित रूप से किश्त जमा करने वाले सभी लोगों की विस्तृत सूची मांगा है।जांच अधिकारी सोनू कुमार ने बताया कि कई बार पत्र भेजने के बाद सोसाइटी सचिव ने लेन देन का विवरण सहित घोटाले से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं।इन दस्तावेजों के प्रारंभिक जांच के बाद ही आगे की जानकारी मांगी गई है।पुलिस जांच में सामने आया है कि घोटाले और गबन के आरोपी  कुछ लोगों ने कर्ज चुका दिया है,जबकि कुछ ने गबन किया है और कुछ लोग नियमित रूप से किश्त जमा कर रहे हैं।इन सभी पहलुओं की नगर कोतवाली पुलिस द्वारा गहनता से जांच की जा रही है।इस मामले वर्ष 1997 से 2020 के बीच तैनात रहे 69 बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को आरोपी बनाया गया है।जांच अधिकारी ने इन सभी से पूछताछ की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दिया है।प्रत्येक आरोपी के विवरण और पते की गहनता से जांच की जा रही है।जल्द ही सभी संबंधित व्यक्तियों को नोटिस भेजकर उनसे पूछताछ किया जाएगा।जांच पूरी होने के पश्चात न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा।विवेचक सोनू कुमार ने पुष्टि किया है कि उन्होंने सचिव से कर्ज लेने वाले,कर्ज वापस करने वाले और नियमित किश्त जमा करने वाले सभी लोगों की विस्तृत सूचियां और अन्य संबंधित दस्तावेज मांगा गया है।सभी बिंदुओं पर हम सभी लोग विस्तार से जांच कर रहे हैं और जांच में जो भी निकल कर आएगा उसके आधार पर न्यायालय को आरोप पत्र भेजा जाएगा।अभी बहुत सी डिटेल मांगी गई है,तमाम कागजात मिले हैं।उसका अवलोकन किया जा रहा है।
बहन को बीएड की परीक्षा दिलाने आए भाई की मौत,बहन भी झुलसी

*स्ट्रीट लाइट में उतर रहे करंट से हुआ हादसा

गोंडा।मंगलवार सुबह स्ट्रीट लाइट में उतरे करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई,जबकि उसे बचाने के प्रयास में उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।यह हादसा जिला मुख्यालय स्थित लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के सामने उस समय हुआ, जब दोनों हल्की बारिश से बचने के लिए स्ट्रीट लाइट के पास खड़े थे।मृतक की पहचान बहराइच जिले के हुजूरपुर थाना क्षेत्र के बगड़वा गांव निवासी विमल (24) पुत्र श्री कांत के रूप में हुई।वह अपनी बहन प्राची (20) को बीएड की अंतिम परीक्षा दिलाने के लिए गोंडा आया था।मंगलवार सुबह लगभग 8.30 बजे दोनों लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय पहुंचे थे।महाविद्यालय के सामने बने मॉडल वेंडिंग जोन के पास नगर पालिका की एक स्ट्रीट लाइट में करंट उतर रहा था।हल्की बारिश के चलते विमल,प्राची और कुछ अन्य लोग उसी के पास खड़े होकर बारिश से बचने का प्रयास कर रहे थे कि इसी दौरान विमल करंट की चपेट में आ गया और भाई को बचाने के प्रयास में प्राची भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई।उसे तत्काल जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज कराया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।मामले में नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि करंट लगने से युवक की मौत हो गई है जबकि उसकी बहन घायल है।परिजनों को घटना की सूचना उपलब्ध करा दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।