माधवपुर में तालाब में मिली 17 वर्षीय किशोरी सुधा की लाश
बुधवार से थी लापता, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

नगर कोतवाली क्षेत्र के चकत्ता पार गांव में सनसनी। परिजनों में कोहराम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार


गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र के माधवपुर चकत्ता पार गांव में बुधवार को एक 17 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्ध हालत में मछली पालन तालाब में तैरता मिला। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार,सुधा बुधवार सुबह 8 बजे तक घर पर थी। इसके बाद वह अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद गांव के पास मछली पालन के लिए बने तालाब में उसका शव तैरता हुआ मिला। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

टीम ने तालाब और आसपास से साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 17 साल की सुधा के अचानक इस तरह चले जाने से परिवार में कोहराम मचा है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौलहै। नगर कोतवाली पुलिस के अनुसार मृत्यु का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। मामले की हर एंगल से गहनता से जांच की जा रही है।एक किशोरी की असमय मौत ने कई सवाल छोड़ दिए हैं। अब सबकी नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पर टिकी हैं।
4.90 करोड़ के घोटाले की जांच तेज,सोसाइटी सचिव से लोन लेने देने व न देने वालों की सूची तलब
गोंडा।जिले के इंडियन बैंक क्रेडिट कोआपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड शाखा में हुए 4 करोड़ 90 लाख रूपए के घोटाले की जांच तेज हो गई है।मामले के विवेचक सोनू कुमार ने सोसाइटी के सचिव रवींद्र कुमार श्रीवास्तव से कर्ज लेने वाले,कर्ज न चुकाने वाले और नियमित रूप से किश्त जमा करने वाले सभी लोगों की विस्तृत सूची मांगा है।जांच अधिकारी सोनू कुमार ने बताया कि कई बार पत्र भेजने के बाद सोसाइटी सचिव ने लेन देन का विवरण सहित घोटाले से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं।इन दस्तावेजों के प्रारंभिक जांच के बाद ही आगे की जानकारी मांगी गई है।पुलिस जांच में सामने आया है कि घोटाले और गबन के आरोपी  कुछ लोगों ने कर्ज चुका दिया है,जबकि कुछ ने गबन किया है और कुछ लोग नियमित रूप से किश्त जमा कर रहे हैं।इन सभी पहलुओं की नगर कोतवाली पुलिस द्वारा गहनता से जांच की जा रही है।इस मामले वर्ष 1997 से 2020 के बीच तैनात रहे 69 बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को आरोपी बनाया गया है।जांच अधिकारी ने इन सभी से पूछताछ की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दिया है।प्रत्येक आरोपी के विवरण और पते की गहनता से जांच की जा रही है।जल्द ही सभी संबंधित व्यक्तियों को नोटिस भेजकर उनसे पूछताछ किया जाएगा।जांच पूरी होने के पश्चात न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा।विवेचक सोनू कुमार ने पुष्टि किया है कि उन्होंने सचिव से कर्ज लेने वाले,कर्ज वापस करने वाले और नियमित किश्त जमा करने वाले सभी लोगों की विस्तृत सूचियां और अन्य संबंधित दस्तावेज मांगा गया है।सभी बिंदुओं पर हम सभी लोग विस्तार से जांच कर रहे हैं और जांच में जो भी निकल कर आएगा उसके आधार पर न्यायालय को आरोप पत्र भेजा जाएगा।अभी बहुत सी डिटेल मांगी गई है,तमाम कागजात मिले हैं।उसका अवलोकन किया जा रहा है।
बहन को बीएड की परीक्षा दिलाने आए भाई की मौत,बहन भी झुलसी

*स्ट्रीट लाइट में उतर रहे करंट से हुआ हादसा

गोंडा।मंगलवार सुबह स्ट्रीट लाइट में उतरे करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई,जबकि उसे बचाने के प्रयास में उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।यह हादसा जिला मुख्यालय स्थित लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के सामने उस समय हुआ, जब दोनों हल्की बारिश से बचने के लिए स्ट्रीट लाइट के पास खड़े थे।मृतक की पहचान बहराइच जिले के हुजूरपुर थाना क्षेत्र के बगड़वा गांव निवासी विमल (24) पुत्र श्री कांत के रूप में हुई।वह अपनी बहन प्राची (20) को बीएड की अंतिम परीक्षा दिलाने के लिए गोंडा आया था।मंगलवार सुबह लगभग 8.30 बजे दोनों लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय पहुंचे थे।महाविद्यालय के सामने बने मॉडल वेंडिंग जोन के पास नगर पालिका की एक स्ट्रीट लाइट में करंट उतर रहा था।हल्की बारिश के चलते विमल,प्राची और कुछ अन्य लोग उसी के पास खड़े होकर बारिश से बचने का प्रयास कर रहे थे कि इसी दौरान विमल करंट की चपेट में आ गया और भाई को बचाने के प्रयास में प्राची भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई।उसे तत्काल जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज कराया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।मामले में नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि करंट लगने से युवक की मौत हो गई है जबकि उसकी बहन घायल है।परिजनों को घटना की सूचना उपलब्ध करा दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
भाजपा नेता सहित छ: लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज
*सरकारी जमीन पर बने मकान को लेकर हुई थी शिकायत

गोंडा।जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत करने के बाद एक व्यक्ति के भाई पर जानलेवा हमला कर दिया गया है।पीड़ित पक्ष की तहरीर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता समेत छ: लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।घायल का जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है।आरोप है कि शिकायत से नाराज ग्राम प्रधान प्रतिनिधि व भाजपा नेता स्वामी नाथ सिंह और उनके साथियों ने शिकायतकर्ता के भाई पर लाठी डंडों से हमला कर दिया।घटना सोमवार दोपहर लगभग 12.30 बजे की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित विवेक कुमार शर्मा खेत से अपने घर लौट रहे थे कि पहले से ही रास्ते में घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और गाली गलौज करते हुए लाठी डंडों से हमला कर दिया।मारपीट में विवेक कुमार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो कर बेहोश हो गए।घटना के बाद परिजन विवेक कुमार शर्मा को इलाज के लिए जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज ले गए,जहाँ उनका इलाज चल रहा है।चिकित्सकों के अनुसार विवेक कुमार शर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है।पीड़ित के भाई मुकेश कुमार शर्मा की तहरीर पर वजीरगंज पुलिस ने सोमवार शाम लगभग 5.30 बजे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता स्वामी नाथ सिंह,हर्षित सिंह, निरंजन सिंह,शैलेश सिंह,विजय प्रताप सिंह और सौरभ सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।मुकदमे में जानलेवा हमला और गाली गलौज सहित अन्य धाराएं भी शामिल हैं।प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक अंकित उपाध्याय को सौंपी गई है।महेश कुमार शर्मा ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन से शिकायत किया था कि गांव में गाटा संख्या 1507 स्थित सरकारी खलिहान की जमीन पर स्वामी नाथ सिंह ने अवैध कब्जा कर मकान बना लिया है।उक्त शिकायत पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी न्यायिक तरबगंज को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।महेश शर्मा का आरोप है कि वह और गिरीश दत्त त्रिपाठी लगातार सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग कर रहे थे।इसी रंजिश में आरोपियों ने उनके भाई पर हमला कर दिया।उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने की मांग की है।वजीरगंज थानाध्यक्ष विपुल पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुधांशु को मिलेगा नेशनल इंपैक्ट सोशल अवॉर्ड और वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस सम्मान
गोंडा।जिले के विकास खंड कटरा बाजार अंतर्गत ग्राम सभा पूरे बदल मिश्रनपुरवा निवासी सुधांशु मिश्र को रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए रविवार को लखनऊ में आयोजित ‘संवेदना-2  राष्ट्रीय सामाजिक प्रभाव पुरस्कार समारोह’ में नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड तथा वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस (लंदन) अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। समारोह बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में टीम निफा उत्तर प्रदेश एवं वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस (इंग्लैंड) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। सुधांशु मिश्र जिले सहित विभिन्न जिलों में रक्तदान शिविर आयोजित कर जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने और युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। समारोह में लघु एवं सूक्ष्म राज्यमंत्री वैश्य नटवर गोयल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चैहान, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल तथा निफा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार दुबे सहित कई गणमान्य मौजूद रहे। सम्मान मिलने पर जिले के सहयोगी अंकित तिवारी, अंशुमान, आलोक पांडेय ने सुधांशु मिश्र को बधाई दी।
सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रभारी बने राघवेंद्र तिवारी
गोंडा। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की प्रांतीय बैठक चौधरी चरण सिंह सभागार लखनऊ में संपन्न हुई बैठक में नवनिर्वाचित प्रदेश कमेटी ने संगठन का विस्तार किया जिसमें लगातार प्रदेश के संगठन का दायित्व का बापू की जिम्मेदारी निभाने वाले गोंडा के कर्मचारियों की समस्याओं को उठाने वाले गोंडा जिलाध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी का प्रस्ताव प्रदेश महामंत्री बैंक गौतम के द्वारा किया गया को प्रदेश प्रभारी बनाया जाए जिस पर प्रदेश संपरिक्षक क्रांति सिंह ने सहमत प्रदान की प्रदेश अध्यक्ष बसंत लाल गौतम ने राघवेंद्र तिवारी को प्रदेश प्रभारी का दायित्व देते हुए कर्मचारी की समस्याओं के लिए संघर्ष करने के लिए कहा जल्द ही प्रदेश में मागो को लेकर बड़े पैमाने का धरना प्रदर्शन किया जाएगा इस मौके पर विकास भवन कार्यालय में जिला पंचायत अधिकारी महोदय के द्वारा माला पहनाकर स्वागत किया इस मौके पर जिला महामंत्री देवमणि शुक्ला जिला संरक्षक शिवराम शुक्ला प्रदेश उपाध्यक्ष अमीर अहमद फौजदार पांडे ब्लॉक अध्यक्ष रुपईडीह लखन लाल पासवान रामपाल यादव वैभव राज मिश्रा देवता संजय सिंह अरविंद वर्मा सभी कर्मचारियों ने माला पहनकर मुंह मीठा कराया l
भारतीय जनता पार्टी व संघ के लोग राम मंदिर में डकैती कर हड़प रहे धन- बैजनाथ दुबे

गोंडा।जिले के कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे द्वारा सेक्टर कौड़ियां बाजार के ग्रामसभा बेलवा बाजार में सेक्टर संगठन पदाधिकारियों तथा क्षेत्रवासियों के साथ दीप दूबे के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई।बैठक का संचालन प्रताप दूबे ने किया।पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा की सरकार और संघ के लोग मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु राम के मंदिर मंदिर में डकैती डालकर धन हड़पने का कार्य कर रहे थे लगातार मंदिर में लोगों के तन पसीने की कमाई से चढ़ाया गया चंदा और दान आज भाजपाइयों  के दलाली का भेट चढ़ गया।राम भक्तों के साथ भाजपा के लोग लगातार अनादर करने का कार्य कर रहे हैं।प्रभु के मंदिर पर बेईमान और पाखंडी भाजपाई कब्जा कर लूट रहे हैं।लगातार साधु संतों सहित हमारे धर्मगुरु भगवान शंकराचार्य जी का अपमान भाजपा ने करने का काम किया।शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद जी को भाजपा के लोगों ने फर्जी मुकदमा कराकर अपमानित करने का कार्य किया किन्तु भाजपा के झूठे झांसों से जनता अब रूबरू हो चुकी और शंकराचार्य जी के साथ डटकर खड़ी रही जिसका आज परिणाम रहा कि मुकदमे करने वाला व्यक्ति आज सच्चाई सबके सामने कहने लगा‌। पूर्व विधायक श्री दूबे जी ने कहा कि भाजपा के लोग डरे हुए है इनकी मंशा लोगों को पता चल चुकी है अयोध्या में गुजरातियों का कब्जा है स्थानीय लोग दर दर रोजगार के लिए भटक रहे हैं।मंदिरों का चढ़ावा भाजपा अपने प्रचार में और नागपुर आरएसएस मुख्यालय पर भेजने का कार्य करती हैं।हिंदुत्व के दिखावा करने वाले लोग आज किसी के सगे नहीं हैं। आमजनमानस काफी परेशान है प्रभु राम के भक्त खुद को छला और ठगा महसूस कर रहे हैं। देश की जनता आज अखिलेश यादव जी के साथ है कि उन्होंने भाजपाई के करतूत मंदिरों में लूट को सबके सामने रखा ।पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे ने यह भी कहा कि राम मंदिर चोरी का मामला अब हर व्यक्ति के संज्ञान में है और समाजवादी पार्टी के सभी कार्यकर्ता तथा मैं खुद लोगों के बीच नुक्कड़ सभा कर बताने का कार्य करूंगा।
उपरोक्त कार्यक्रम में रिंकू तिवारी सेक्टर अध्यक्ष,अशोक तिवारी जोन अध्यक्ष,भगौती मिश्रा सेक्टर अध्यक्ष,रामकुमार शुक्ला, हरिश्याम दूबे,ननके मिश्रा,पप्पू विश्वकर्मा,बृजेश तिवारी,राजीतराम शुक्ला सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
सांप पकड़ने गए तो उसी को डस लिया,सपेरे की मौत, पहले सांप को बोरे में बंद किया फिर पहुंचे अस्पताल
*40 वर्षों में सैकड़ों सांप पकड़ने वाले रामलखन को कोबरा ने डसा, लोगों की सुरक्षा को दी प्राथमिकता

गोंडा।जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत श्री बनकट गांव निवासी प्रसिद्ध सपेरा रामलखन की रविवार को सांप के डसने से मौत हो गई। करीब 40 वर्षों में सैकड़ों सांपों को सुरक्षित पकड़ चुके रामलखन को एक जहरीले कोबरा ने रेस्क्यू के दौरान डस लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, धानेपुर बाजार में कोबरा निकलने की सूचना पर रामलखन उसे पकड़ने पहुंचे थे। रेस्क्यू के दौरान कोबरा ने उनके हाथ पर डस लिया। जहर फैलने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और सांप को भागने नहीं दिया। उसे काबू में कर बोरे में बंद करने के बाद ही अस्पताल के लिए निकले। परिजन उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज ले गए। इमरजेंसी में डॉक्टर और मरीज तब दंग रह गए जब उन्होंने देखा कि रामलखन बोर में जहरीला कोबरा भी साथ लेकर आए हैं। डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन देर हो चुकी थी और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सांप के डसने के बाद भी रामलखन ने सबसे पहले लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। उनका बलिदान क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
डेढ़ साल पहले प्रेम विवाह करने वाले युवक की हत्या, गले व पेट पर हंसिये से हमला

*प्रेमिका के चाचा पर आरोप

गोंडा।जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ी पुरानी रंजिश में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है।बताते चलें कि दुर्जन पुर घाट ग्राम पंचायत के चाचा पुरवा गांव निवासी आजाद सिंह (35) का शव शनिवार रात सड़क किनारे पड़ा मिला।पुलिस के मुताबिक युवक के गले और पेट पर धारदार हथियार से वार किया गया है।पुलिस ने आजाद सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज पहुंचाया,जहाँ डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार आजाद सिंह लगभग डेढ़ साल पहले गांव की ही पिंकी सिंह को अपने साथ ले गया था और उससे प्रेम विवाह कर लिया था।पिंकी, कमल प्रसाद सिंह की बेटी है।इस घटना के बाद आजाद सिंह को उसके परिवार ने घर से अलग कर दिया था,जिसके कारण वह अपनी पत्नी पिंकी के साथ नवाबगंज में रह रहा था और उसकी माँ गांव में अकेली रहती थी।उसके पिता का निधन पहले ही हो चुका है।छोटा भाई मोनू सिंह अपने परिवार के साथ अमृतसर में रहता है।पुलिस के अनुसार,शनिवार रात सूचना मिली कि आजाद सिंह दुर्जनपुर बाजार में था और कुछ लोगों के साथ शराब पीने के बाद चिलमपुर गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम में जा रहा था।आरोप है कि इसी दौरान पिंकी के चाचा संदीप सिंह ने रास्ते में उसे रोक लिया।कहासुनी के बाद हंसिए से गले और पेट पर कई वार किए गए,जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।वजीरगंज थाना अध्यक्ष विपुल कुमार पाण्डेय ने बताया कि आजाद सिंह की हत्या हुई है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।मृतक की मां को घटना की सूचना दे दिया गया है तथा साथ ही मृतक की पत्नी पिंकी सिंह की तलाश की जा रही है ताकि उन्हें घटना की जानकारी दी जा सके।प्रथम दृष्ट्या मामला प्रेम विवाह के बाद चली आ रही रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।घटना के बाद दुर्जनपुर घाट और चाचा पुरवा गांव में सनसनी फैल गई।पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जन्मदिन पर राहुल सिंह चौहान ने किया शक्ति प्रदर्शन,संत महात्माओं सहित पूर्व सांसद ने दिया आशीर्वाद
*भैया विधायक लिखा केक बना चर्चा का विषय

गोंडा।जिले के करनैलगंज विधानसभा के युवा समाजसेवी व भारतीय जनता पार्टी के नेता राहुल सिंह चौहान ने अपने जन्मदिन के अवसर पर भव्य  कार्यक्रम आयोजित कर बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया है।हजारों समर्थकों की मौजूदगी, 151 किलो की विशाल माला,संत महात्माओं का आशीर्वाद और जनसमर्थन से युवा नेता राहुल सिंह चौहान गदगद नजर आए।क्षेत्र के सियासी जानकार इसे आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़ कर देख रहे हैं।शनिवार 27 जून को अपने जन्मदिन के अवसर पर राहुल सिंह चौहान ने सबसे पहले कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।इसके बाद उनके पैतृक आवास आटा परसपुर में आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में सुबह से ही समर्थकों का पहुंचना प्रारंभ हो गया,जो खबर लिखे जाने तक जारी है।कार्यक्रम में अयोध्या से आए कई पूज्य संतों ने राहुल सिंह चौहान को आशीर्वाद दिया।वहीं प्रसिद्ध लोकगायक गगनदीप सिंह, रमेश दूबे (रमेशवा) सहित अन्य कलाकारों ने अपने गीतों की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम का समा बांध दिया।कार्यक्रम के दौरान एक समर्थक द्वारा लाया गया एक केक,जिस पर लिखा था भैया विधायक राहुल सिंह चौहान लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।समर्थकों ने 151 किलो की विशाल माला पहना कर राहुल सिंह चौहान का भव्य स्वागत किया।इसके बाद उन्होंने केक काटकर सभी समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया।जन्मोत्सव कार्यक्रम में उमड़ी हजारों समर्थकों की भींड़ ने करनैलगंज विधानसभा की राजनैतिक सरगर्मियों को और तेज कर दिया है।करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र के सियासी जानकारों का मानना है कि राहुल सिंह चौहान आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट के मजबूत दावेदारों में शामिल हो सकते हैं।हालांकि इस संबंध में राहुल सिंह चौहान की तरफ से कोई राजनैतिक घोषणा नहीं किया गया है।