अपनों की बात आखिर सबसे अंत में क्यों?
–डॉ मंजू मंगल प्रभात लोढ़ा वरिष्ठ साहित्यकार

कुछ दिन पहले मैं अचानक अपनी एक प्रिय सखी के घर मिलने चली गई। हम दोनों परिवार वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं, इसलिए औपचारिकता का प्रश्न ही नहीं था।

मैंने देखा कि वह और उनके पति किसी विषय पर चर्चा कर रहे थे। मेरी सखी कोई बात कहती और उनके पति तुरंत उसकी बात काट देते। उसकी लगभग हर राय का विरोध हो रहा था। कुछ देर तक उसने धैर्य रखा, फिर हल्की-सी मुस्कान के साथ, लेकिन भीतर से आहत होकर बोली

"आपको जो ठीक लगे, वही कर लीजिए। मेरा काम था समझाना, मैंने समझा दिया।"

उसके शब्दों में शिकायत कम और हार अधिक थी।

उस दिन घर से लौटते समय मन में एक ही प्रश्न बार-बार उठता रहा :
आख़िर ऐसा क्यों होता है कि जिन लोगों को हम सबसे अधिक अपना मानते हैं, उनकी बात ही सबसे अंत में सुनते हैं?

पति-पत्नी हों, माता-पिता हों, भाई-बहन हों या परिवार का कोई अन्य सदस्य—जब वे हमें कोई सलाह देते हैं, तो हम उसमें कमियाँ खोजने लगते हैं। लेकिन वही बात यदि कोई मित्र, पड़ोसी या बाहरी व्यक्ति कह दे, तो वह हमें बहुत समझदारी भरी लगने लगती है।

क्या इसलिए कि अपने लोग हमेशा हमारे साथ रहते हैं और हम उन्हें "टेकन फॉर ग्रांटेड" लेने लगते हैं?

सच तो यह हैं कि दुनिया में सबसे निस्वार्थ सलाह वही देता है, जिसका दिल हमारे लिए धड़कता है। बाहर वाले सलाह तो दे सकते हैं, लेकिन उसके परिणामों की जिम्मेदारी नहीं उठाते। यदि बात गलत हो जाए तो सहज कह देंगे—"हमने तो सिर्फ राय दी थी, मानना या न मानना आपका निर्णय था।"

लेकिन परिवार का सदस्य ऐसा नहीं कह सकता, क्योंकि उसका सुख-दुःख हमारे जीवन से जुड़ा होता है।

सबसे अधिक पीड़ा तब होती है जब हम दूसरों के सामने अपने ही जीवनसाथी की बात काट देते हैं, उसकी राय को महत्व नहीं देते या उसका मज़ाक बना देते हैं। उस समय हम यह भूल जाते हैं कि शब्दों के घाव दिखाई नहीं देते, लेकिन वे बहुत गहरे होते हैं।

बाहर बैठे लोग भले मुस्कुरा दें, लेकिन मन ही मन यही सोचते हैं—"जो एक-दूसरे का सम्मान नहीं कर सकते, वे साथ कैसे निभाएँगे?"

इसके विपरीत कुछ घर ऐसे भी होते हैं, जहाँ पति-पत्नी बिना अधिक शब्दों के भी एक-दूसरे का मन समझ लेते हैं। वे जानते हैं कि हर बार मैं ही सही नहीं हो सकता। वे एक-दूसरे को अपनी बात रखने का अवसर देते हैं, एक-दूसरे के विचारों का सम्मान करते हैं। यही परिपक्वता रिश्तों को मजबूत बनाती है।

हर इंसान चाहता हैं कि उसकी बात सुनी जाए, उसकी राय का सम्मान हो, उसके योगदान की कद्र हो। विशेषकर उस घर में, जिसके लिए उसने अपना समय, श्रम, प्रेम और पूरा जीवन समर्पित कर दिया हो।

जब किसी को बार-बार यह महसूस कराया जाता है कि उसकी बात का कोई मूल्य नहीं है, उसकी राय का कोई महत्व नहीं है, तब वह धीरे-धीरे भीतर से टूटने लगता है। उपेक्षा का दर्द दिखाई नहीं देता, लेकिन यह इंसान को अंदर ही अंदर खोखला कर देता है। कई बार यही उपेक्षा उसे अवसाद और निराशा की ओर भी धकेल देती है।

आज एक और समस्या तेजी से बढ़ रही है—"टेकन फॉर ग्रांटेड"।

घर का जो सदस्य सबसे अधिक करता है, उसी से सबसे अधिक अपेक्षाएँ रखी जाती हैं। चाहे माता-पिता हों, बड़े भाई-भाभी हों, जेठ-जेठानी हों या पति-पत्नी—जो जिम्मेदार होता है, उससे सबको उम्मीद रहती हैं कि वह करता ही रहेगा। लेकिन उसके लिए हम क्या कर सकते हैं, यह सोचने का समय बहुत कम लोग निकालते हैं।

रिश्ते केवल लेने से नहीं चलते, देने से भी चलते हैं। सम्मान केवल पाने की चीज़ नहीं, देने की आदत भी है।

आजकल कुछ लोग बाहर की दुनिया में आदर्श पति-पत्नी होने का ऐसा प्रदर्शन करते हैं कि लगता है उनसे अधिक प्रेम करने वाला कोई नहीं। लेकिन घर की चारदीवारी के भीतर वही रिश्ता तानों, कटु शब्दों और अपमान से भर जाता है। सुबह की चाय के साथ कभी पत्नी की आँखों से आँसू बहते हैं, तो कभी पति चुपचाप अपनी पीड़ा भीतर ही दबा लेता है।

यदि सचमुच एक सुखी परिवार बनाना है, तो सबसे पहले बाहर वालों से अधिक अपने जीवनसाथी को महत्व देना होगा। क्योंकि अंत में जीवन की हर कठिन राह पर साथ मित्र नहीं, समाज नहीं, बल्कि पति-पत्नी ही निभाते हैं। बच्चे भी एक दिन अपने जीवन में व्यस्त हो जाते हैं, लेकिन जीवनसाथी का साथ जीवन के अंतिम पड़ाव तक बना रहता है।

मुझे अपना बचपन याद आता है।

मैंने अपने माता-पिता को कभी हमारे सामने एक-दूसरे का अपमान करते नहीं देखा। मतभेद अवश्य होते होंगे, लेकिन मनभेद कभी नहीं देखा , उन्होंने अपने मतभेद को कभी बच्चों के सामने तमाशा नहीं बनने दिया। यदि किसी से भूल हो जाती, तो "सॉरी" कहने में किसी का अहंकार आड़े नहीं आता था।

शायद यही कारण था कि हमारा बचपन इतना तनावमुक्त और सुखद था। संयुक्त परिवार में रहते हुए हमें हर ओर अपनापन, सुरक्षा और स्नेह का अनुभव होता था। ऐसा लगता था कि पूरा परिवार हमारी ताकत है, हमारी ढाल है।

आज भी मन कहता है—काश! हर घर में फिर वही अपनापन लौट आए। चाहे संयुक्त परिवार हो या एकल परिवार, यदि संवाद रहेगा, सम्मान रहेगा, संवेदनशीलता रहेगी, तो हर घर फिर से मुस्कुराने लगेगा।

याद रखिए :
रिश्तों को सबसे अधिक प्रेम नहीं, सम्मान जीवित रखता है।
जिस दिन हम बाहर वालों से पहले अपनों की बात सुनना सीख जाएँगे, उसी दिन हमारे घरों की आधी समस्याएँ अपने आप समाप्त हो जाएँगी।

क्योंकि जो व्यक्ति आपके सुख-दुःख में आपके साथ खड़ा रहता है, उसकी सलाह केवल शब्द नहीं होती, उसमें उसका प्रेम, अनुभव और आपका भविष्य छिपा होता है। इसलिए अपनों की बात को सबसे अंत में नहीं, सबसे पहले सुनिए। वहीं से रिश्तों की मिठास और जीवन की सच्ची खुशियाँ शुरू होती हैं।

अपनों की बातों में अनुभव का सार होता है,
हर शब्द में छिपा सच्चा प्यार होता है।
जो बाहर वालों की आवाज़ में अपने खो देते हैं,
अक्सर वे रिश्तों का सबसे अनमोल उपहार खो देते हैं।

रिश्ते तब नहीं टूटते जब मतभेद होते हैं,
रिश्ते तब टूटते हैं जब सम्मान समाप्त हो जाता है।
इसलिए अपनों की बात सुनिए, समझिए और उन्हें महसूस कराइए—
कि वे केवल आपके परिवार का हिस्सा नहीं,
आपके जीवन का सबसे बड़ा सहारा हैं।
आदर्श शिक्षक गामा प्रसाद रजक का सेवानिवृत्त सम्मान समारोह संपन्न
मुंबई। पहले निजी विद्यालय और बाद में समायोजन के बाद मुंबई महानगरपालिका शिक्षण विभाग में शिक्षक के रूप में कार्यरत गामा प्रसाद रजक का सेवानिवृत्त सम्मान समारोह 28 जून को भरुचा रोड हिंदी  स्कूल,दहिसर पूर्व के सभागार कक्ष में आयोजित किया गया, जिसमें भारी संख्या में उपस्थित लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता संत श्री राम कुमार चौरसिया गुरुजी ने की। सम्मानित अतिथि के रूप में मुख्याध्यापिका संगीता तिवारी, पूर्व नगरसेवक कमलेश यादव प्रिंसिपल रमाकांत सरोज, प्रबंधक शिवपूजन यादव, मुख्याध्यापक बागुल सर, शरद सर, मुख्याध्यापिका ज्योति शर्मा, पूर्व मुख्याध्यापक अशोक सिंह, दशरथ कनौजिया सिकंदर कनौजिया जगदीश कनौजिया उपस्थित रहे। गामा प्रसाद रजक के बड़े भाई श्रीराम रजक, दयाराम रजक और भाभी निर्मला अनीता भी मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कौशलेंद्र सिंह ने किया। कार्यक्रम का आयोजन भरूचा रोड हिंदी शाला क्रमांक 1 की तरफ से किया गया। इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख लोगों में लालजी, जितेंद्र, मोतीलाल, ईश्वरलाल, नागेंद्र ,राजकुमार, राजाराम, राम आत्मा, अशोक, नीरज सिंह, पुरेंद्र कुमार ,हरिओम, शिवधनी,सती राम,,समशेर सिंह छविनाथ रजक, विजय धोबी, विजय रजक, संजय, विनोद, योगेश जियालाल, पुष्पा, हरिओम, राहुल, सुरेश, धीरेन्द्र, विनोद यादव,भरुचा रोड़ हिंदी स्कूल के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं और सामाजिक साथी इत्यादि का समावेश रहा।
संदीप तिवारी, मीरा भायंदर उत्तर भारतीय समाज का ताकतवर चेहरा : प्रताप सरनाईक
भायंदर। संदीप तिवारी मीरा भायंदर उत्तर भारतीय समाज का ताकतवर चेहरा हैं। उनके शिवसेना में शामिल होने से न सिर्फ शिवसेना की ताकत बढ़ेगी अपितु उत्तर भारतीय समाज और शिवसेना के बीच और मजबूत संबंध कायम होगा। मीरा रोड स्थित शिवसेना कार्यालय में सैकड़ो समर्थकों के साथ उत्तर भारतीय युवा नेता संदीप तिवारी के शिवसेना में शामिल होने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि संदीप तिवारी की सामाजिक ताकत और युवाओं पर उनके प्रभाव को देखते हुए जल्द ही इन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी। शिवसेना विधानसभा प्रमुख विक्रम प्रताप सिंह ने कहा कि जनता के बीच संदीप की अच्छी लोकप्रियता है। समाज सेवा के माध्यम से हमेशा लोगों के बीच विद्यमान रहते हैं। उन्होंने कहा कि यह संदीप की घर वापसी है और यह उनके जीवन की यादगार राजनीतिक पारी होगी। जिला प्रमुख राजू भोईर ने कहा कि संदीप तिवारी ऊर्जावान और प्रभावशाली युवा नेता है। राजनीतिक परिवार से हैं। उत्तर भारतीय समाज को इनसे बड़ी आशाएं हैं। नवीन सिंह, पूर्व नगरसेवक विजय राय,गुड्डू तिवारी और राजेश यादव ने भी उनके शिवसेना प्रवेश का स्वागत करते हुए कहा कि संदीप तिवारी को सही राजनीतिक प्लेटफार्म मिल गया है। देखा जाए तो संदीप तिवारी ने अपनी राजनीतिक शुरुआत शिवसेना से ही की थी। उनके चाचा रविंद्र नाथ तिवारी भाजपा के विधायक रहे हैं,बाद में वे भाजपा में शामिल हो गए और महानगरपालिका चुनाव में प्रभाग क्रमांक 10 से चुनाव लड़ने की तैयारी की। परंतु अंतिम क्षणों में जब भाजपा ने उन्हें टिकट देने से मना कर दिया तो उन्होंने मातोश्री जाकर शिवसेना यूबीटी ज्वाइन कर ली। शिवसेना ने उन्हें प्रभाग क्रमांक 10 से अपना प्रत्याशी बनाया, परंतु चुनाव में पराजित हो गए। इस बारे में पत्रकारों से बात करते हुए संदीप तिवारी ने कहा कि मीरा भायंदर में यूबीटी का प्रभाव बहुत कमजोर है। महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक द्वारा किए जा रहे लोकगीत कार्यों का जनता पर अच्छा प्रभाव है। यही कारण है कि उन्होंने अपने सैकड़ो समर्थकों के साथ शिवसेना ज्वाइन किया। उन्होंने कहा कि मीरा भायंदर में शिवसेना को सबसे ताकतवर पार्टी बनाने की दिशा में कैबिनेट मंत्री प्रताप सरनाईक के मार्गदर्शन में पूरी ताकत के साथ काम करेंगे।
मुनाफे के लिए बीएमसी हमारे बच्चों के सपनों को कुचल नहीं सकती : वर्षा गायकवाड
मुंबई। मुंबई फुटबॉल एसोसिएशन ने शनिवार को नेविल डिसूज़ा फुटबॉल ग्राउंड पर बीएमसी के कन्वेंशन सेंटर प्लान के खिलाफ जोरदार लेकिन शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि योजना तुरंत रद्द की जाए। सैकड़ों खिलाड़ी, अभिभावक, कोच और स्थानीय निवासी "LET KIDS PLAY, LET FOOTBALL STAY" के बैनर लेकर मैदान पर जुटे। सांसद श्रीमती वर्षा गायकवाड़ ने बीएमसी पर कड़ा हमला बोलते हुए कहां किआप मुनाफे के लिए हमारे बच्चों के सपनों को नहीं कुचल सकते। अगर बीएमसी को लगता है कि वह बांद्रा के युवाओं से ये मैदान छीन लेगी, तो वह गलतफहमी में है। हम सड़कों पर भी लड़ेंगे और संसद में भी। ये मैदान यहीं रहेगा। सामाजिक कार्यकर्ता निखिल रुपारेल ने भी कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि ये विकास नहीं, विनाश है। बीएमसी हजारों बच्चों का इकलौता खेल का मैदान छीनने की कोशिश कर रही है। अगर ये प्लान वापस नहीं लिया गया तो बांद्रा चुप नहीं बैठेगा। मैदान छीनने की हर कोशिश को हम रोक देंगे। एमएफए और बांद्रा के निवासियों ने बीएमसी को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि प्रस्ताव रद्द किया जाए और मैदान को स्थायी रूप से खेल के लिए आरक्षित रखा जाए। अभिभावकों ने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने जवाब नहीं दिया तो आंदोलन और तेज होगा।
बीएमसी द्वारा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ
मुंबई । बृहन्मुंबई महानगरपालिका जी-दक्षिण स्वास्थ्य चिकित्सा विभाग के स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विरेंद्र मोहिते के निर्देशन एवं संयोजन में राष्ट्रीय पल्स पोलियो कार्यक्रम रविवार 28 जून 2026 को जी दक्षिण विभाग के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों के सहायक चिकित्सा अधिकारियों की निगरानी में संपूर्ण विभागीय क्षेत्रों में आयोजित किया गया।उक्त कार्यक्रम में सहायक चिकित्सा अधिकारी डॉ मनीष सार्दुल, डॉ अमोल दर्रोई,डॉ प्रज्योत चव्हाण,डॉ मधुरा दलवी, डॉ अमन मर्चंट, डॉ हर्षदा जगधाने, डॉ प्रिया मुंजवार सहित सभी स्वास्थ्य केन्द्रों के सहायक चिकित्सा अधिकारी,समाज विकास अधिकारी राजेश सुरवाडे एवं परिचायिकाओं का योगदान रहा।जिजामाता नगर आरसीएच -2 स्वास्थ्य केंद्र द्वारा लोढ़ा द पार्क क्लब हाउस में बच्चों को पोलियो खुराक दिया गया जहां रहिवासियों ने स्वयं आगे आकर कार्यक्रम को सफल बनाया।उक्त स्थल पर पीएचएन सुभदा एस वाणी,एएनएम श्रेया मंगेश गमरे के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य स्वयंसेविका अश्विनी कुम्भार एवं संनि.अन्वेषक विनय कुमार शर्मा की उपस्थिति देखी गई जिन्होंने सभी बच्चों को पोलियो खुराक पिलाई। स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विरेंद्र मोहिते सर ने बताया कि यह कार्यक्रम सुबह 8 बजे से सायं 5 बजे तक चलता रहा और आगामी शुक्रवार 3 जून 2026 तक चलता रहेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील किया है कि सभी रहवासी अपने 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो ड्रॉप अवश्य पिलाएं जिससे हमारा राष्ट्र पोलियो मुक्त हो।
पूनम संत महिला एवं विकास समिति, महाराष्ट्र द्वारा आयोजित विशाल सखी सम्मेलन संपन्न
मीरारोड। पूनम संत महिला एवं विकास समिति, महाराष्ट्र द्वारा विशाल सखी सम्मेलन–2026 का भव्य एवं सफल आयोजन प्रथम तल, इंदिरा गांधी हॉस्पिटल, मीरा रोड ईस्ट, महाराष्ट्र में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना, उन्हें जागरूक, आत्मनिर्भर एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती पूनम संत की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर राष्ट्रीय संयोजिका श्रीमती ईसाबेल ब्रेंडिश एवं राष्ट्रीय सचिव अभिषेक संत भी उपस्थित रहे। महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती चंद्रावती त्रिपाठी एवं प्रदेश संयोजिका श्रीमती सुजाता सिंह सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में सखियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रीमती पूनम संत ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल महिलाओं को एक मंच प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, जागरूक एवं सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की प्रगति ही समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। संस्था अपने मिशन दुर्गा, बेटी है तो कल है एवं सखी जोड़ो अभियान जैसे सामाजिक अभियानों के माध्यम से निरंतर महिलाओं एवं बेटियों के उत्थान हेतु कार्य कर रही है। उन्होंने सभी सखियों से एकजुट होकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती चंद्रावती त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की शक्ति, प्रतिभा एवं सामर्थ्य को सही दिशा देने के लिए संस्था निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएँ एक-दूसरे का सहयोग करते हुए आगे बढ़ती हैं, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई शुरुआत होती है। उन्होंने सभी सखियों से संस्था के अभियानों से जुड़कर महिला सशक्तिकरण एवं समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। महाराष्ट्र प्रदेश संयोजिका श्रीमती सुजाता सिंह  ने “बेटी है तो कल है” मिशन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बेटियाँ समाज और राष्ट्र का भविष्य हैं। उन्होंने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर प्रदान कर ही एक सशक्त एवं प्रगतिशील समाज का निर्माण किया जा सकता है। इस अभियान के माध्यम से संस्था बेटियों के उज्ज्वल भविष्य एवं उनके अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है। सम्मेलन में संस्था के प्रमुख अभियानों “मिशन दुर्गा”, “बेटी है तो कल है” एवं “सखी जोड़ो अभियान” पर विशेष प्रकाश डाला गया।
श्रीमती अंजू जैन ने “मिशन दुर्गा” अभियान के विषय में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाना है। उन्होंने महिलाओं को अपनी सुरक्षा, आत्मविश्वास एवं अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया तथा समाज में महिलाओं की सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात विशेष वक्तव्य सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें विशेषज्ञ वक्ताओं ने महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर उपयोगी जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
डॉ. सुरेखा मिचेरी ने “ब्रेस्ट कैंसर : जागरूकता, बचाव एवं समय पर जांच का महत्व” विषय पर विस्तार से जानकारी देते हुए महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, नियमित जांच करवाने एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने के लिए प्रेरित किया।
एडवोकेट बीना सिंह  ने “महिलाओं के प्रति होने वाली घरेलू हिंसा एवं कानूनी अधिकार” विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया।
मनोवैज्ञानिक श्रीमती पूनम मेहरा ने “महिलाओं की जीवनशैली, मानसिक संतुलन एवं पारिवारिक तालमेल” विषय पर मार्गदर्शन देते हुए महिलाओं को अपने मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा परिवार एवं व्यक्तिगत जीवन में संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक संदेश भी दिए गए। नृत्य-नाटिका एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं सखियों को प्रभावित किया। इस अवसर पर शिक्षा, संस्कृति, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, कला, उद्यमिता एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को संस्था की ओर से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती चंदा जैन द्वारा किया गया। महाराष्ट्र प्रदेश समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सम्मेलन का समापन प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीमती उपमा शर्मा द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित सखियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
यूथ कांग्रेस की धर्मेंद्र प्रधान को चेतावनी, निखिल रूपारेल ने तीन दिनों के भीतर मांगा इस्तीफा
मुंबई । NEET परीक्षा में हुए पेपर लीक और धांधली के कारण केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधाकांग्रेसन विपक्ष के सीधे निशाने पर हैं। राहुल गांधी और सहित पूरा विपक्ष उनसे इस्तीफे की मांग कर रहा है। मुंबई यूथ कांग्रेस ने उनके इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यदि तीन दिनों के अंदर उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।युवा कांग्रेसी नेता निखिल रूपारेल ने धर्मेंद्र प्रधान को चेतावनी देते हुए तीन दिनों के भीतर उनके इस्तीफे की मांग की है । उन्होंने यह कहते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है कि परीक्षा में हुए भ्रष्टाचार के चलते 21 बच्चों को अपनी जान गंवानी पड़ी और शिक्षा मंत्री इस प्रकरण के लिए पूरी तरह से जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि आज हॉस्टल में सन्नाटा पसरा हुआ है। शिक्षा को गिद्धों के हाथों नीलाम कर दिया गया है। बच्चों का परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर से विश्वास उठता जा रहा है। निखिल रूपारेल ने कहा कि आज उन 21 बच्चों के परिवारों पर क्या बीत रही होगी ? जिन लोगों ने अपने बच्चों को पढ़ाया लिखाया और यह सोचकर NEET परीक्षा की तैयारी करवाई कि उनके बच्चे परिवार का नाम रोशन करेंगे। भ्रष्टाचार और धांधली ने सब कुछ तबाह कर दिया। ऐसे में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देकर अपने पापों का प्रायश्चित करना चाहिए । उत्तर मध्य मुंबई युवक कांग्रेस द्वारा सांताक्रूज़ पूर्व में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जन आक्रोश मोर्चा निकाला गया,जिसमें शामिल होने वाले प्रमुख लोगों में उत्तर मध्य मुंबई के जिला अध्यक्ष तथा कार्यालय प्रभारी निखिल रूपारेल, तेजस मुंबई के प्रभारी पवन मजीठिया, मुंबई युवा कांग्रेस महासचिव संगठन तेजस चांदूरकर, कालीना युवा कांग्रेस अध्यक्ष विकास जैसवार, चांदीवली युवा कांग्रेस अध्यक्ष अतुल मघाडे, यूथ कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का समावेश रहा।
शिवसेना को बड़ा झटका, पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुई एड. अरुणा पांडे
भायंदर। मीरा भायंदर महानगरपालिका चुनाव में आमदार नरेंद्र मेहता के नेतृत्व में ऐतिहासिक विजय प्राप्त करने वाली भारतीय जनता पार्टी जहां एक तरफ लगातार अपने खेमे को मजबूत करने में जुटी है, वहीं करारी हार के बाद शिवसेना जनता के बीच वापसी नहीं कर पा रही है। उसकी पार्टी के बड़े चेहरे पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। शिवसेना उत्तर भारतीय प्रकोष्ठ की तेज तर्रार जिलाध्यक्ष एडवोकेट अरुणा पांडे ने पार्टी की कार्यशैली से नाराज होकर इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने के 2 घंटे के भीतर ही आमदार नरेंद्र मेहता ने उन्हें भाजपा कार्यालय में बुलाकर पूरे सम्मान के साथ पार्टी में शामिल कर लिया। एडवोकेट अरुणा पांडे के साथ उनके पति सत्यप्रकाश पांडे तथा पुत्र सत्यम पांडे को भी ससम्मान पार्टी में शामिल किया गया। आमदार नरेंद्र मेहता के पुत्र युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष तक्षील मेहता ने सत्यम का स्वागत करते हुए  उन्हें अपने प्रकोष्ठ में शामिल किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों में जिला महामंत्री बृजेश तिवारी, राज बहादुर सिंह समेत अनेक लोग उपस्थित रहे। एडवोकेट अरुणा पांडे राजनीति के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। राष्ट्रीय महिला हिंदू संरक्षण फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष हैं। विशेष कर महिलाओं की आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान की दिशा में उन्होंने हमेशा सक्रिय भूमिका अदा की है। जरूरतमंद और गरीब लोगों की आर्थिक मदद से लेकर मुफ्त कानूनी मदद  देनेवाली एड. अरुणा पांडे के भाजपा में शामिल होने से शिवसेना को बड़ा झटका लगना तय माना जा रहा है।
मुंबई में छात्रों की गूंज, उत्तर पश्चिम मुंबई में 27 जून से होगा अभियान का शुभारंभ
मुंबई। देशभर के छात्रों की आवाज को एक सशक्त जन आंदोलन का स्वर देने के उद्देश्य से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी की नई मुहीम छात्रों की गूंज - शिक्षा बचाओ, देश बचाओ' अब मुंबई पहुँच रही है। इस अभियान का उत्तर-पश्चिम मुंबई में औपचारिक शुभारंभ 27 जून 2026 से किया गया  उत्तर पश्चिम मुंबई कांग्रेस की जिलाध्यक्ष श्रीमती भावना शर्मा जैन ने एक पत्रकार परिषद के माध्यम से उपरोक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस जनअभियान का उद्देश्य छात्रों के सामने खड़ी वास्तविक चुनौतियों—पेपर लीक, शिक्षा माफिया, लगातार बढ़ती शिक्षा लागत, बेरोज़गारी, मानसिक तनाव और अवसरों की कमी—को समाज और सरकार के सामने मजबूती से उठाना है। मुंबई उत्तर-पश्चिम जिला कांग्रेस, NSUI और इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता आने वाले दिनों में क्षेत्र के प्रमुख कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और छात्र समूहों तक पहुँचेंगे। यह अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हर कॉलेज, हर कैंपस और हर छात्र तक पहुँचकर उनकी आवाज़ सुनने और उसे राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने का प्रयास करेगा। श्रीमती भावना शर्मा जैन ने कहा कि आज देश का छात्र सिर्फ़ परीक्षा नहीं दे रहा, बल्कि पेपर लीक, महंगी शिक्षा, कोचिंग माफिया, असमान अवसर और अनिश्चित भविष्य जैसी समस्याओं से भी लड़ रहा है। करोड़ों परिवार अपने बच्चों की शिक्षा पर अपनी जीवनभर की कमाई खर्च कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद छात्रों को न्यायपूर्ण और भरोसेमंद शिक्षा व्यवस्था नहीं मिल पा रही है। "छात्रों की गूंज" इसी संघर्ष को आवाज़ देने का अभियान है। यह किसी एक संगठन या राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं, बल्कि भारत के छात्रों के भविष्य, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि छात्रों को भ्रष्टाचार में आखंड डूबे सिस्टम से डटकर मुकाबला करना है। कांग्रेस इस लड़ाई को सड़क से संसद तक ले जाएगी और छात्रों को न्याय दिलाकर ही दम लेगी। उन्होंने कहा कि मुंबई उत्तर-पश्चिम जिला कांग्रेस का संकल्प है कि इस अभियान के माध्यम से छात्रों के सुझाव, समस्याएँ और अपेक्षाएँ सीधे नीति निर्माण की चर्चा का हिस्सा बनें। अभियान के दौरान कॉलेज परिसरों में संवाद, जनसंपर्क, छात्र बैठकें, डिजिटल अभियान और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अभियान का मूल संदेश स्पष्ट है
"सिस्टम से मुझे नहीं हारना है।" हम मानते हैं कि शिक्षा अवसर का माध्यम होनी चाहिए, बोझ का नहीं; सपनों का आधार होनी चाहिए, निराशा का कारण नहीं। मुंबई उत्तर-पश्चिम जिला कांग्रेस सभी छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और युवा साथियों से इस अभियान से जुड़ने और भारत की शिक्षा व्यवस्था को अधिक न्यायपूर्ण, पारदर्शी और छात्र-केंद्रित बनाने की इस मुहिम का हिस्सा बनने का आह्वान करती है।
भाजपा कामगार आघाड़ी की जिला कार्यकारिणी का गठन
भायंदर। विगत दिनों भाजपा कामगार आघाड़ी के मीरा-भायंदर जिलाध्यक्ष नियुक्त किए गए प्रवीण राय ने स्थानीय विधायक नरेंद्र मेहता, जिलाध्यक्ष दिलीप जैन तथा जिला महामंत्री ज्ञानेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में अपनी टीम गठित कर ली है। नवगठित कार्यकारिणी में संतोष राउत तथा योगेश शिव पुजारी को उपाध्यक्ष, हसनत काजी व प्रमोद यादव को महासचिव, भगवान ज्ञानू सालुंखे को सचिव एवं अनिल पटेल कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही कार्यकारिणी सदस्य के रूप में रोहित तोडणकर, दीपक पाटिल तथा दिलीप चव्हाण मनोनीत किए गए हैं। भाजपा जिला कार्यालय में विधायक नरेंद्र मेहता ने कामगार आघाड़ी के जिलाध्यक्ष प्रवीण राय की उपस्थिति में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। विधायक नरेंद्र मेहता से सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे पार्टी की मजबूती तथा कामगारों के हितों के संरक्षण व उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए पूरे मनोयोग से काम करने की अपील की। इस अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री ज्ञानेंद्र सिंह, बृजेश तिवारी, जिला प्रवक्ता शैलेश पांडेय समेत तमाम पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।