मोबाइल और लाखों की नगदी लेकर फरार, खार पुलिस ने किया शातिर चोर को गिरफ्तार

मुंबई। भांडुप निवासी यश शामसुंदर बांदकर ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि तड़के करीब 5.30 से 5.50 बजे के बीच एक अज्ञात व्यक्ति होटल के कांच के दरवाजे के ऊपर से अंदर घुसा और कैश काउंटर से 6,81,000 रुपये नकद तथा ओप्पो कंपनी का 5,000 रुपये कीमत का मोबाइल फोन चुरा कर फरार हो गया। कुल चोरी की रकम 6,86,000 रुपये थी। इस मामले में खार पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 899/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसका पता लगाया। जांच के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी पवई के फिल्टरपाड़ा इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद खार पुलिस की टीम ने जाल बिछाकर उसे पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 29 वर्षीय जाहिदअली रोशन अली कुरैशी उर्फ “मुर्गी” निवासी पठानवाड़ी झोपड़पट्टी, फिल्टरपाड़ा, पवई के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसकी तलाशी लेने पर विभिन्न मूल्यवर्ग के नोटों सहित 6,33,290 रुपये नकद तथा 5,000 रुपये कीमत का ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया गया। इस प्रकार कुल 6,38,290 रुपये का चोरी का माल पुलिस ने जब्त कर लिया।
यह पूरी कार्रवाई खार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजीव धुमाल, पुलिस निरीक्षक (अपराध) वैभव काटकर, सहायक पुलिस निरीक्षक भरत सातपुते, उपनिरीक्षक माणिक घोगरे तथा अपराध प्रकटीकरण शाखा के पुलिसकर्मियों आनंद निकम, अजित जाधव, संतोष कांबले, अभिजीत कदम, गणेश खेडकर, सचिन चव्हाण और स्वप्निल काकड़े की टीम ने अंजाम दी।
लोढ़ा फाउंडेशन द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन
मुंबई। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर लोढ़ा फाउंडेशन द्वारा शारदा मंदिर हाई स्कूल में योग, ध्यान एवं साउंड हीलिंग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश ग्रहण किया। लोढ़ा फाउंडेशन की अध्यक्षा मंजू लोढ़ा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक संपूर्ण कला है। योग शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और आत्मा को सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में योग तनाव को दूर करने, सकारात्मक सोच विकसित करने और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। मंजू लोढ़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए उनका हृदय से आभार प्रकट किया , उनके दूरदर्शी नेतृत्व के कारण आज योग विश्वभर में करोड़ों लोगों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। कार्यक्रम में महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा की विशेष उपस्थिति रही। मंजू लोढ़ा ने उनके निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण एसआरएमडी योगा द्वारा आयोजित साउंड हीलिंग सत्र रहा, जिसने उपस्थित लोगों को गहन मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कराया। वहीं रवि दीक्षित ने प्रेरणादायी योग सत्र का संचालन कर सभी को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। मंजू लोढ़ा ने कहा कि लोढ़ा फाउंडेशन समाज में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जनकल्याण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्यरत है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ, जागरूक और संतुलित समाज के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।
योग से जीवन शैली में सकारात्मक अनुशासन : एड रवि व्यास
मीरा भायंदर। योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य का एक प्राचीन विज्ञान है। यह श्वास, ध्यान और आसनों के माध्यम से शरीर और मन में संतुलन बनाता है, जिससे तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, और जीवनशैली में सकारात्मक अनुशासन आता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर राजस्थानी जन जागरण सेवा संस्था द्वारा भायंदर पश्चिम के कृष्णा बैंक्विट हॉल में आयोजित  मीरा भायंदर के योग गुरुओं का सत्कार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए संस्था के संरक्षक तथा सभागृह नेता एडवोकेट रवि व्यास ने उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि आज विश्व में भारत का योग तेजी से फैल रहा है और लोग इसके महत्व को स्वीकार कर रहे हैं। योग गुरु आर एन शुक्ला, विनोद गांधी और किम दोशी ने योग के कुछ प्रयोग बढ़कर लोगों को लाभान्वित किया। पत्रकार देवेंद्र पोरवाल ने योग को अंतरराष्ट्रीय मान्यता दिलवाने की सराहना की। संस्था अध्यक्ष गजेंद्र भंडारी और महासचिव ओमप्रकाश कावड़िया ने समस्त लोगों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अशोक शर्मा राजस्थानी में किया।
समाजसेवी और उद्योगपति शरद चंद विश्वकर्मा का आकस्मिक निधन

मुंबई। दहिसर के प्रख्यात समाजसेवी और उद्योगपति शरद चंद विश्वकर्मा का आज 56 वर्ष की उम्र में आकस्मिक निधन हो गया। अत्यंत मिलनसार सहयोगी और धार्मिक प्रवृत्ति के शरद चंद विश्वकर्मा के निधन की खबर मिलते ही बोरीवली और दहिसर इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। दौलत नगर श्मशान भूमि पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके परिवार के रवि विश्वकर्मा, हरिश्याम विश्वकर्मा, भारत विश्वकर्मा,पप्पू विश्वकर्मा, सूरज विश्वकर्मा, रणधीर विश्वकर्मा समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

उनके निधन पर समरस फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ किशोर सिंह, उपाध्यक्ष मानिकचंद यादव, पत्रकार शिवपूजन पांडे, पत्रकार राजेश उपाध्याय, पत्रकार चंद्रमणि उपाध्याय, पत्रकार रोहित जायसवाल, पूर्व प्रधानाध्यापक सुरेंद्र पांडे, एडवोकेट भारत पांडे, सुभाष यादव, राजेश तिवारी ,मदन गुप्ता, रतिलाल सेठ, प्रभात मिश्रा समेत अनेक लोगों ने गहरा दुख प्रकट करते हुए उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की है।शरद चंद्र विश्वकर्मा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद के चंदवक स्थित भैंसा गांव के रहने वाले थे।
समाजसेवी और उद्योगपति शरद चंद विश्वकर्मा का आकस्मिक निधन

मुंबई। दहिसर के प्रख्यात समाजसेवी और उद्योगपति शरद चंद विश्वकर्मा का आज 56 वर्ष की उम्र में आकस्मिक निधन हो गया। अत्यंत मिलनसार सहयोगी और धार्मिक प्रवृत्ति के शरद चंद विश्वकर्मा के निधन की खबर मिलते ही बोरीवली और दहिसर इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। दौलत नगर श्मशान भूमि पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके परिवार के रवि विश्वकर्मा, हरिश्याम विश्वकर्मा, भारत विश्वकर्मा,पप्पू विश्वकर्मा, सूरज विश्वकर्मा, रणधीर विश्वकर्मा समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

उनके निधन पर समरस फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ किशोर सिंह, उपाध्यक्ष मानिकचंद यादव, पत्रकार शिवपूजन पांडे, पत्रकार राजेश उपाध्याय, पत्रकार चंद्रमणि उपाध्याय, पत्रकार रोहित जायसवाल, पूर्व प्रधानाध्यापक सुरेंद्र पांडे, एडवोकेट भारत पांडे, सुभाष यादव, राजेश तिवारी ,मदन गुप्ता, रतिलाल सेठ, प्रभात मिश्रा समेत अनेक लोगों ने गहरा दुख प्रकट करते हुए उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की है।शरद चंद्र विश्वकर्मा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद के चंदवक स्थित भैंसा गांव के रहने वाले थे।
मुंबई हेल्थ समिट 2026 में एनीमिया एवं कैंसर रोकथाम पर परिचर्चा संपन्न

मुंबई। भारत में एनीमिया और कैंसर के बढ़ते बोझ को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों, राजनयिकों, न्यायविदों, शिक्षाविदों तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने मुंबई हेल्थ समिट 2026 में एकत्र होकर प्रभावी सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों, निवारक स्वास्थ्य सेवाओं तथा कमजोर एवं वंचित वर्गों के लिए सुलभ स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता पर बल दिया। यह समिट ह्यूमन सोशल केयर फाउंडेशन (HSCF) द्वारा, जिसे संयुक्त राष्ट्र में विशेष परामर्शदात्री दर्जा प्राप्त है, मुंबई विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित की गई।

विशेषज्ञों ने बताया कि एनीमिया भारत की सबसे गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS-5) के अनुसार, 15 से 49 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 57 प्रतिशत महिलाएं एनीमिया से प्रभावित हैं। इसका प्रभाव केवल स्वास्थ्य तक सीमित नहीं बल्कि शिक्षा, कार्यक्षमता, मातृ स्वास्थ्य तथा आने वाली पीढ़ियों के विकास पर भी पड़ता है। वक्ताओं ने कहा कि किशोरियों में नियमित रक्त जांच, पोषण संबंधी जागरूकता, समय पर चिकित्सकीय परामर्श और फॉलो-अप एनीमिया रोकथाम के सबसे प्रभावी उपायों में शामिल हैं।

समिट में देश-विदेश की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया: प्रमुख प्रतिभागियों में सुश्री सोफिया कोराक, पूर्व डिप्टी हेल्थ अटैची, यू.एस. मिशन, जिनेवा; महामहिम मुस्तफा केमालेत्तिन एरुयगुर, तुर्किये गणराज्य के मुंबई स्थित महावाणिज्यदूत; न्यायमूर्ति अभय थिप्से, पूर्व न्यायाधीश, बॉम्बे एवं इलाहाबाद उच्च न्यायालय; न्यायमूर्ति एम. ए. सईद, पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष, महाराष्ट्र राज्य मानवाधिकार आयोग; डॉ. फेरोज़ सिधवा, अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ट्रॉमा एवं क्रिटिकल केयर सर्जन; हैरॉल्ड डी'सूज़ा, सदस्य, यू.एस. एडवाइजरी काउंसिल ऑन ह्यूमन ट्रैफिकिंग; डेल्फिन गिडुकोस (फिलीपींस); डॉ. कृपानिधि नायक, एनीमिया विशेषज्ञ (लंदन);  चितोसे नाम्बोकू (जापान) तथा डॉ. अमित पारिख, सीईओ, क्रिटिकेयर एशिया हॉस्पिटल ग्रुप शामिल रहे।

इसके अतिरिक्त  ए. अली अज़ीज़ी (पूर्व निदेशक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र), पद्मश्री डॉ. आर्मिडा फर्नांडिस, डॉ. सुदेशना रे, डॉ. हितेश आर. सिंहवी, डॉ. श्रीनाथ क्षीरसागर, डॉ. सुषेन भट्ट तथा डॉ. आदिल पटेल सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सा विशेषज्ञों ने भी अपने विचार रखे।समिट को संबोधित करते हुए डॉ. फैज़ान ए. अज़ीज़ी, संस्थापक एवं अध्यक्ष, ह्यूमन सोशल केयर फाउंडेशन तथा संयुक्त राष्ट्र में मुख्य प्रतिनिधि, ने कहा: "हर आंकड़े के पीछे एक इंसानी जीवन, एक परिवार और एक भविष्य जुड़ा होता है।

एनीमिया और कैंसर केवल स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं नहीं बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक चुनौतियां भी हैं।समिट के दौरान मोबाइल हेल्थकेयर यूनिट का शुभारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य झुग्गी बस्तियों, दूरदराज क्षेत्रों और वंचित समुदायों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में ह्यूमन सोशल केयर फाउंडेशन और क्रिटिकेयर एशिया हॉस्पिटल ग्रुप के बीच सहयोग समझौता भी हुआ। इसके तहत स्कूल जाने वाली बालिकाओं के लिए एनीमिया जांच के लिए निःशुल्क रक्त जांच और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय ह्यूमन सोशल केयर फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा।डॉ. ओमप्रकाश शर्मा, डॉ. रेहान शेख, इमरान खान, सुरेश यादव तथा सैयद खलील ने न केवल मुंबई हेल्थ समिट 2026 में सक्रिय रूप से भाग लिया बल्कि आगे भी सहयोग देते रहने का आश्वासन दिया।
भरत तिवारी की हत्या में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को कठोरतम सजा मिले : पं. कमलेश पांडे

मुंबई। अखिल ब्राह्मण विकास प्रतिष्ठान भारत संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित कमलेश रामयज्ञ पाण्डेय ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि बेहद दर्दनाक घटनाक्रम  बिहार पुलिस द्वारा एक जांबाज हिंदू और देश भक्त भरत तिवारी की नृशंस दिनदहाड़े हत्या की जांच देश की उच्च स्तरीय जांच एजेंसी सीबीआई से होनी चाहिए। बिहार पुलिस के कारनामे से सिर्फ ब्राह्मण समाज ही नहीं पूरा देश स्तब्ध है कि रक्षक ही भक्षक बन गया। बिहार के यशस्वी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मांग करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष "  ब्राह्मण रत्न " पं कमलेश रामयज्ञ पाण्डेय ने कहा कि हत्या मे शामिल सभी पुलिसकर्मी के ऊपर हत्या जैसी गंभीर धारा में मुकदमा दर्ज करके जेल भेजकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का काम करें और पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी के साथ एक करोड़ रुपए का अनुदान भी सुनिश्चित करें अन्यथा   ब्राह्मण समाज पूरे बिहार प्रदेश मे आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जायेगा। अखिल ब्राह्मण विकास प्रतिष्ठान ,भारत संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष "ब्राह्मण रत्न " पं कमलेश रामयज्ञ पाण्डेय ने पीड़ित परिवार के प्रति दुख प्रकट करते हुए कहा कि भरत तिवारी जैसी घटना फिर से न हो उसके लिए बिहार मे बड़े आंदोलन की आवश्यकता है।
प्रधानमंत्री के हाथों PM-VBRY के अंतर्गत 2,400 करोड़ रुपए का वितरण

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों आज नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के अंतर्गत लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) के माध्यम से लगभग 2,400 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई। PM-VBRY के तहत यह वितरण 15 लाख से अधिक व्यक्तियों के लिए अतिरिक्त रोजगार सृजन को गति देगा, ऐसी अपेक्षा है।
देशव्यापी जनजागरूकता एवं लाभ वितरण अभियान के अंतर्गत देशभर में 200 स्थानों पर समानांतर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), क्षेत्रीय कार्यालय मुंबई (दादर) द्वारा वर्ली स्थित एचएसएनसी विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना जनजागरूकता एवं लाभार्थी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा की प्रमुख उपस्थिति रही।
इस अवसर पर बोलते हुए  लोढ़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित PM-VBRY योजना देश में रोजगार सृजन को नई दिशा देने वाली सिद्ध हो रही है। इस योजना के माध्यम से युवाओं को औपचारिक रोजगार के अवसर मिल रहे हैं तथा नियोक्ताओं को भी रोजगार सृजन के लिए प्रोत्साहन प्राप्त हो रहा है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए ऐसी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है।” प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी रोजगार-संलग्न प्रोत्साहन (Employment Linked Incentive - ELI) योजना है, जिसका उद्देश्य औपचारिक रोजगार को बढ़ावा देना, पहली बार रोजगार क्षेत्र में प्रवेश करने वाले युवाओं को समर्थन देना तथा अतिरिक्त रोजगार सृजन के लिए नियोक्ताओं को प्रोत्साहित करना है।
99,446 करोड़ रुपए के कुल प्रावधान के साथ PM-VBRY का लक्ष्य दो वर्षों में देशभर में 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार सृजन को सुगम बनाना है। इनमें से लगभग 1.92 करोड़ लाभार्थी औपचारिक कार्यबल में पहली बार प्रवेश करने वाले होंगे, ऐसी अपेक्षा है।मुंबई क्षेत्र में भी इस योजना को उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिल रहा है। EPFO मुंबई-1 (बांद्रा) विभाग द्वारा PM-VBRY के भाग-अ के अंतर्गत 39,439 लाभार्थियों को 25.44 करोड़ रुपए से अधिक की राशि वितरित की गई है। वहीं भाग-ब के अंतर्गत 1,815 लाभार्थियों को 110.61 करोड़ रुपए से अधिक का प्रोत्साहन वितरित किया गया है। रोजगार सृजन, कार्यबल का औपचारिकीकरण तथा सामाजिक सुरक्षा कवच के विस्तार की दिशा में PM-VBRY एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हो रही है और विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति में प्रभावी योगदान दे रही है।
राहुल गांधी के जन्मदिन पर मुंबई यूथ कांग्रेस का कल्याणकारी अभियान
मुंबई । मुंबई यूथ कांग्रेस ने राहुल गांधी के जन्मदिन पर एक कल्याणकारी अभियान आयोजित किया, जिसमें 500 से अधिक टू-व्हीलर डिलीवरी पार्टनर्स और कैब ड्राइवरों को मुफ्त पेट्रोल दिया गया। यह उनके भारत के मेहनतकश वर्ग के लिए न्याय और सम्मान के विज़न को दर्शाता है। यह अभियान 19 जून को दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक_ मुंबई यूनिवर्सिटी, कालीना कैंपस के पास भारत पेट्रोलियम पर _“युवा न्याय, गिग वर्कर्स का सम्मान”_ बैनर के तहत आयोजित की गई।
ज़ीनत शब्रिन, मुंबई यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थीं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की करुणा और सेवा की विचारधारा यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बढ़ते ईंधन खर्चों से जूझ रहे फ्रंटलाइन वर्कर्स के साथ खड़े होने की प्रेरणा देती है। निखिल रूपारेल, उत्तर मध्य मुंबई जिला अध्यक्ष ने इस पहल का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमेशा आम नागरिकों के अधिकारों के लिए लड़ते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान मुंबई को चलाने वाले लोगों के लिए उनके न्याय और सेवा के मार्ग पर चलने का हमारा प्रयास है।प्रीति चोकसी, मुंबई महासचिव,महिला कांग्रेस भी उपस्थित थीं और उन्होंने महिला डिलीवरी पार्टनर्स से बातचीत की। उन्होंने सामाजिक न्याय के प्रति राहुल गांधी की प्रतिबद्धता की सराहना की और गिग इकॉनमी में महिलाओं के लिए बेहतर कल्याण और सुरक्षा उपायों की मांग की। ज़ोमैटो, स्विगी, ब्लिंकिट, ज़ेप्टो, पोर्टर, उबर, ओला और अन्य प्लेटफॉर्म के गिग वर्कर्स ने बाइक RC या ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ऐप ID दिखाकर ईंधन प्राप्त किया। कालीना तालुका अध्यक्ष विकास जायसवाल और स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वितरण का समन्वय किया।
पिता का प्रेम ,अनमोल खजाना
– डॉ मंजू मंगल प्रभात लोढ़ा, वरिष्ठ साहित्यकार

पिता का साया जीवन में बहुत ज़रूरी होता है,
पिता होते हैं तो लगता है, हर सपना पूरा होता है।
वो धूप में चलते रहते हैं, हम पर छाया कर देते हैं,
अपने सारे सुख त्यागकर, जीवन हमारा भर देते हैं।
कॉपी-किताबों पर नाम लिख, सपनों को आकार देते हैं,
हर मुश्किल को आसान कर, जीने का आधार देते हैं।
बचपन में घोड़ा बन जाते, कंधों पर हमें घुमाते थे,
उंगली पकड़कर चलना क्या, गिरकर संभलना सिखाते थे।
हर भीड़ से बचाकर हमको, दुनिया का मेला दिखलाया,
खुद चाहे कितने थके हों, चेहरे पर स्नेह सजाया।
जेब में कितना धन था, इसका अहसास न होने दिया,
अपनी जरूरतें टाल-टाल कर, हर अरमान हमारा जिया।
कभी खिलौने, कभी किताबें, कभी खुशियों का उपहार दिया,
अपने हिस्से का सुख भी जैसे, बच्चों के नाम लिख दिया।
त्याग की गाथा उनकी, शब्दों में कहाँ समाती है,
माँ की ममता दिख जाती है, पिता की तपस्या छिप जाती है।
चार कपड़ों में खुद रह लेते, पर हमें सर्वस्व दिलाते हैं,
अपनी हर इच्छा को खोकर, बच्चों के सपने सजाते हैं।
जब तक सिर पर हाथ पिता का, मन में कोई भय नहीं होता,
उनके विश्वास के आगे, मुश्किल का पर्वत भी बड़ा नहीं होता।
बिन कहे ही समझ जाते हैं, मन की हर पीड़ा, हर दर्द,
उनके बिना अधूरा लगता है, जीवन का हर भाव, हर अर्थ।
आज अगर मैं कुछ भी हूँ, उसमें उनका योगदान है,
मेरी हर उपलब्धि में बस, उनके संघर्ष का सम्मान है।
ईश्वर का आशीष हैं पिता, जीवन का सबसे सुंदर साया,
जिसने पिता का प्रेम पाया, उसने अनमोल खज़ाना पाया।
पिता केवल एक रिश्ता नहीं,
जीवन की सबसे मजबूत छत होते हैं।
और जब वह सिर से उठ जाए,
तब समझ आता है कि पिता क्या होते हैं।