मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों में आरजू संस्था करेगी चिकित्सा शिविरों का आयोजन
मुंबई। आरजू स्वाभिमान नागरिक समिति मुंबई के तमाम सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर मुंबई में जगह-जगह पर हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन करेगी। इन शिविरों में बीमारों के इलाज और मार्गदर्शन के साथ सरकार की तमाम कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा लोगों को उन योजनाओं से जोड़ने का काम किया जाएगा। संस्था के ट्रस्टी और मुंबई के पूर्व उप महापौर बाबूभाई भवानजी, आरजू के अध्यक्ष राजेंद्र मेहता, डॉ शंकर सावंत और डॉ दीपक मोहिते ने 40 डॉक्टरों की टीम की साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में हेल्थ कैंप आयोजित करने का अभियान शुरू किया है। इस जनहित कार्य का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, पूर्व सांसद राहुल शेवाले, नेताजी सुभाषचंद्र बोस के पौत्र चंद्रकुमार बोस ने किया। इस आवसर पर तीनों ने संस्था के जनहित कार्यों की भूरि-भूरि सहराना की
और लोगों से इसका लाभ लेने की अपील की।  भवानजी ने कहा कि इन शिविरों में बीमारों के इलाज के साथ-साथ सरकार की आयुष्मान योजना और महात्मा फुले आरोग्य योजना की जानकारी दी जाती है और नागरिकों को इन योजनाओं से जोड़ने का काम किया जाता है। शिविर में लॅमिनेटेड आई कार्ड बनाकर भी मिलेगा, ताकि जरूरत पड़ने पर जरूरतमंदों का मुफ्त इलाज हो सके।
इसके साथ-साथ लोगों को सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी जाती है और उन्हें इन योजनाओं का लाभ दिलाने का काम किया जाता है। भवानजी ने बताया कि शिविर में झोपड़े में रहने वाले लोगों को उनके निवास के प्रमाण के कागजात की फाईल तैयार करके दी जाएगी, जिससे उन्हें सरकारी आवास योजना का पूरा लाभ लेने में मदद मिल सकेगी। आरजू के ट्रस्टी एवं मुंबई महानगर पालिका के पूर्व उपमहापौर बाबूभाई भवानजी ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में काम करने वाले सभी सामाजिक संगठनों से अनुरोध किया है कि जो संगठन उनकी मदद से अपने-अपने क्षेत्र में हेल्थ कैंप आयोजित करना चाहते हैं, वे उनसे मोबाईल नंबर 9819851828 पर संपर्क कर सकते हैं। वे लोग सभी सेवाभावी संगठनों से मिलकर उक्त कार्यक्रम आयोजित करने में पूरी मदद करेंगे। बता दें कि आरजू स्वाभिमान नागरिक समिति 'एनजीओ' का मुख्य उद्देश्य मुंबई में गरीब और निम्न आय वर्ग के परिवारों को सस्ते दामों में घर उपलब्ध कराना है। यह संस्था प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सब्सिडी दिलाने, झुग्गी-मुक्त मुंबई बनाने और जरूरतमंदों को कानूनी व तकनीकी सहायता प्रदान करके घर के सपने को साकार करने के लिए काम करती है। आरजू स्वाभिमान नागरिक समिति ने जरूरतमंद सैकड़ों परिवारों को घर देने का काम किया है।
संस्था मुंबई के उपनगरों में जरूरतमंदों को कम कीमत पर आवास भी प्रदान करती है तथा उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सब्सिडी का लाभ  दिलाने का भी काम करती है। संस्था का उद्देश्य बस्तियों के पुनर्वास और विकास के माध्यम से मुंबई को झुग्गी-मुक्त बनाना है। इसके साथ ही साथ जरूरतमंद परिवारों को घर खरीदने के लिए कम ब्याज दर पर ऋण दिलाने में भी मदद करती है।
सीए परीक्षा में अनुष्का उमेश शुक्ला को मिली शानदार सफलता

मुंबई। महर्षि दयानंद कॉलेज,परेल मुंबई के उप-प्राचार्य,हिंदी विभागाध्यक्ष एवं प्रसिद्ध ग़ज़लकार डॉ. उमेश चन्द्र शुक्ल की पुत्री अनुष्का उमेश शुक्ला ने प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) परीक्षा उत्कृष्ट अंकों के साथ उत्तीर्ण कर परिवार, समाज तथा क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।अनुष्का एक शिक्षित एवं संस्कारित परिवार से संबंध रखती हैं।उनके पिता डॉ. उमेश चन्द्र शुक्ल शिक्षा एवं साहित्य जगत की प्रतिष्ठित हस्ती हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती गौरी शुक्ला एक कुशल गृहिणी हैं। उनके बड़े भाई उत्कर्ष शुक्ला कंप्यूटर इंजीनियर हैं और वर्तमान में अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।

मूल रूप से बेहड़ा,केराकत , जनपद जौनपुर,उत्तर प्रदेश की निवासी अनुष्का ने अपनी लगन,कठिन परिश्रम और अनुशासित अध्ययन के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। चार्टर्ड अकाउंटेंट जैसी कठिन और चुनौतीपूर्ण परीक्षा में सफलता प्राप्त करना उनकी प्रतिभा और समर्पण का परिचायक है।सीए परीक्षा का परिणाम घोषित होते ही मुंबई स्थित उनके निवास ओशियन व्यू तथा पैतृक गांव बेहड़ा, केराकत में खुशी की लहर दौड़ गई।

परिजनों,शुभचिंतकों, शिक्षकों,साहित्यकारों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने अनुष्का को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।इस अवसर पर डॉ.उमेश चन्द्र शुक्ल ने कहा कि "सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है।अनुष्का की यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।" अनुष्का की इस सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में गौरव और उत्साह का वातावरण है।उनकी उपलब्धि उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है जो कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने का सपना देखते हैं।

वरिष्ठ साहित्यकार डॉ सुधाकर मिश्रा, राहुल एजुकेशन के चेयरमैन लल्लन तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे, एडवोकेट आर जे मिश्रा, अभय राज मिश्रा, कृपाशंकर मिश्रा, प्रोफेसर विजय नाथ मिश्रा, परिवहन समिति के सभापति एडवोकेट राजकुमार मिश्रा, नगरसेवक मदन उदित नारायण सिंह , प्रभाकर मिश्रा, समाजसेवी अनिल कुमार सिंह, प्रोफेसर अनिल पांडे समेत अनेक लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए अनुष्का को शुभकामनाएं दी है।
डॉ. सतीश मीना द्वारा निःशुल्क स्पाइन और ऑर्थोपेडिक स्वास्थ्य जांच शिविर


भायंदर। जीवन हेल्थ केयर की ओर से अपने सामाजिक उपक्रम के तहत आगामी 21 और 28 जून, रविवार को सुबह 11 बजे से निःशुल्क स्पाइन और ऑर्थोपेडिक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जीवन हेल्थ केयर, शॉप नं. 8, एल-45/46 बिल्डिंग, इंदिरा गांधी अस्पताल के सामने, पूनम सागर, मीरारोड (पूर्व) में आयोजित शिविर के आयोजक डॉ. सतीश मीना ने बताया कि इस शिविर में हमारे अनुभवी विशेषज्ञ डॉ. साकेत सौरभ (कंसल्टेंट न्यूरोसर्जन एवं स्पाइन सर्जन) और डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी (कंसल्टेंट ऑर्थोपेडिक सर्जन) मरीजों को हड्डी, जोड़, और रीढ़ की हड्डी से जुड़ी समस्याओं के लिए निःशुल्क परामर्श, सेकेंड ओपिनियन और रिपोर्ट रिव्यू की सुविधा प्रदान करेंगे। शिविर में रजिस्ट्रेशन के लिए मोबाइल क्रमांक 90225 57210 तथा फोन क्रमांक 022-69711888 पर संपर्क किया जा सकता है।
योग दिलों को जोड़कर एक मजबूत राष्ट्र बनाता है : सीमा सिंह
मुंबई। योग न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है,बल्कि यह भावनाओं को संतुलित करके लोगों के बीच आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ाता है। योग अभ्यास से तनाव दूर होता है,सहानुभूति जागृत होती है और एक-दूसरे के साथ जुड़ाव की भावना मजबूत होती है। बांद्रा के ताजलैंड सन होटल में मुंबई की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था मेघाश्रेय द्वारा आयोजित योग दिवस पर बोलते हुए संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सीमा सिंह ने उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अवसर पर अनेक जानी मानी हस्तियां और फिल्म स्टार उपस्थित रहे। श्रीमती सीमा सिंह के सुपुत्र श्रेय सिंह और सुपुत्री डॉ मेघना सिंह ने भी उपस्थित लोगों के साथ विभिन्न मुद्राओं में योग किया। भारी संख्या में बुजुर्ग युवा और बच्चे योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोगों में बॉलीवुड फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी, फिल्म अभिनेता अर्जुन कपूर, नूपुर सनोन, मिकी मेहता, स्टेनबिन बेन, वीर  पढ़ाडिया आदि का समावेश रहा। कुल मिलाकर मेघाश्रेय संस्था द्वारा आयोजित यह एक अत्यंत प्रेरणादायक कार्यक्रम रहा।
डॉ योगेश दुबे को मिली मुंबई भाजपा प्रवक्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
मुंबई। राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित तथा कुशल वक्ता डॉ योगेश दुबे को मुंबई भाजपा का प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। मुंबई अध्यक्ष अमित साटम ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि डॉ योगेश दुबे पार्टी की विचारधारा और पक्ष को प्रभावशाली तरीके से जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे। डॉ योगेश दुबे के पिता स्वर्गीय घनश्याम दुबे महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य और लोकप्रिय उत्तर भारतीय नेताओं में शामिल रहे हैं। डॉ योगेश दुबे का साहित्य गंगा का संपादक होने के साथ-साथ दो बार राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित हो चुके हैं। अनेक प्रमुख संगठनों से जुड़े होने के साथ-साथ रेलवे और दिव्यांगों से जुड़ी बुनियादी समस्याओं के निराकरण के लिए हमेशा प्रयासरत रहे हैं। डॉ योगेश दुबे की कई पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिसमें प्रवासियों को लेकर लिखी गई पुस्तक *परिंदा* काफी चर्चित रही। मुंबई प्रवक्ता बनाए जाने पर उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम का आभार मानते हुए कहा कि वे दी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरे मनोयोग और समर्पित भावना के साथ करेंगे।
बाबू शोभनाथ सिंह मेमोरियल ट्रस्ट की मासिक काव्यगोष्ठी संपन्न
पालघर । साहित्यिक सामाजिक एवं सांस्कृतिक राष्ट्रीय संस्था बाबू शोभनाथ सिंह मेमोरियल ट्रस्ट पालघर इकाई की जून 2026 मासिक काव्यगोष्ठी वरिष्ठ साहित्यकार रामजीत गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई।कवियत्री कुसुम तिवारी के मां वीणापाणि की सुंदर वंदना से शुभारंभ हुआ।संस्था की महासचिव सत्यभामा सिंह ज़िया, वाचस्पति तिवारी, जितेन्द्र यादव, कुसुम तिवारी,मृदुल तिवारी महक, किरन तिवारी ने अपनी सुंदर- सुंदर रचनाएं प्रस्तुत की।रामजीत गुप्ता ने अध्यक्षिय उद्बबोधन दिया और गांव से जुड़ी कविता एवं एक अवधी सावन गीत भी सुनाया।आयोजन की तारीफ करते हुए कहा कि आभासी पटल पर इस तरह से सबको सुनकर मुझे बड़ा ही आनंद आया और एक अच्छा अनुभव रहा। इस तरह के ऑनलाइन काव्य गोष्ठियां आयोजित होती रहनी चाहिए। जिससे एक दूसरे को ध्यान से सुनने का अवसर मिलता है और रचनाएं दिल को छूती है। उक्त आयोजन का दिशा निर्देशन संस्थापक शिवकुमार सिंह ने किया।अंत में सत्यभामा सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम की सराहना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
आचार्य पवन त्रिपाठी, रजा मुराद, सचिन खेडेकर समेत अनेक हस्तियों को मिलेगा वाग्धारा सम्मान
मुंबई। कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए बस्तर के डॉ.राजाराम त्रिपाठी को वर्ष 2026 का वाग्धारा जीवन गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा। फ़िल्म अभिनेता रज़ा मुराद और सचिन खेड़ेकर को वाग्धारा नवरत्न सम्मान दिया जाएगा। तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल आगामी 4 जुलाई को मुंबई में वाग्धारा व भारत एक्सप्रेस द्वारा आयोजित भव्य समारोह में यह सम्मान प्रदान करेंगे। भारत एक्सप्रेस के सीएमडी उपेंद्र राय समारोह के विशिष्ट अतिथि होंगे। वाग्धारा के अध्यक्ष डॉ.वागीश सारस्वत ने उक्त घोषणा की है। उन्होंने बताया कि ज्योतिष विज्ञान व संस्कृत के विद्वान तथा श्री सिद्धिविनायक मंदिर के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी को इस वर्ष का डॉ. शंकरलाल सारस्वत स्मृति वाग्धारा सम्मान प्रदान किया जाएगा। पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ विनीत अभिषेक को नेत्रपाल सिंह स्मृति रेल सेवा सम्मान तथा मुंबई की नीता बाजपेई को संध्या पांडेय स्मृति वाग्धारा सम्मान प्रदान किया जाएगा। वरिष्ठ अभिनेता रज़ा मुराद को फ़िल्म, हिंदी और मराठी फ़िल्मों व नाट्य अभिनय में समान रूप से सक्रिय व लोकप्रिय सचिन खेड़ेकर को रंगमंच,गोंडा के शिवपूजन शुक्ल को लोककला,पुणे के डॉ.सदानंद भोसले को शिक्षा,दिल्ली की डॉ.स्मृति त्रिपाठी को संगीत,बीजापुर कर्नाटक के डॉ.नामदेव गौडा को भाषा सेतु,दतिया मध्यप्रदेश के डॉ.आलोक सोनी को समाज सेवा, वसई महाराष्ट्र के वरिष्ठ पत्रकार मृत्युंजय बोस को पत्रकारिता और फ़ैमिली कोर्ट मुंबई की पूर्व न्यायाधीश श्रीमती स्वाति चौहान को मानव कल्याण के लिए वाग्धारा नवरत्न सम्मान प्रदान किया जाएगा। विख्यात फ़िल्म कला निर्देशक जयंत देशमुख की अध्यक्षता में वरिष्ठ पत्रकार विमल मिश्र,नरेंद्र कोठेकर,ओमप्रकाश तिवारी,गीतकार अरविंद शर्मा राही, नृत्यांगना दुर्गेश्वरी सिंह,टेरोकार्ड रीडर आरती राजदान, कवयित्री नंदिता माजी शर्मा,अवधेश कुमार पांडेय,मनीषा जोशी,अभिनेता रवि यादव और एडवोकेट भार्गव तिवारी की निर्णायक समिति ने वाग्धारा सम्मान के लिए देश भर में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों के नामों का चयन किया। वाग्धारा सम्मान समारोह का इस वर्ष दसवाँ पड़ाव है। डॉ.वागीश सारस्वत ने बताया कि वाग्धारा का सफ़र 10 अक्टूबर 1985 को प्रारंभ हुआ था।साहित्य और संस्कृति के उत्थान के मकसद से वाग्धारा की स्थापना की गई। बहुत कम समय में वाग्धारा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना ली।जनवरी 1990 में वाग्धारा ने उद्गार पत्रिका का प्रकाशन प्रारम्भ किया था।उद्गार पत्रिका के पहले अंक से ही लघुपत्रिका के क्षेत्र में स्थापित हो गई। वर्ष 2004 में वाग्धारा ने मुंबई में होली का आयोजन प्रारंभ किया जिसमें फ़िल्म उद्योग के कलाकार बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते थे। वर्ष 2016 तक लगातार पवई में वाग्धारा का होली समारोह आयोजित किया जाता रहा।समाचार चैनलों पर लाइव दिखाए जाने के कारण वाग्धारा की होली देश भर में मशहूर हो गई। 2007 के दशहरा से साप्ताहिक समाचार पत्र वाग्धारा का प्रकाशन भी शुरू किया गया। 2017 से राष्ट्रीय स्तर पर वाग्धारा सम्मान समारोह का सिलसिला चल रहा है। समाजसेवा, शिक्षा, सिनेमा, चिकित्सा, रंगमंच, नृत्य और संगीत आदि नौ क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को राज्यपाल के करकमलों से सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष वाग्धारा सम्मान का दसवाँ संस्करण आयोजित किया जा रहा है जिसमें तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की गरिमामई उपस्थिति सम्मानमूर्तियों को गौरवान्वित करेगी। इसके साथ ही वाग्धारा की ओर से विविध विषयों पर सेमिनार व महोत्सव भी आयोजित किए जाते रहे हैं। गोवा व्यंग्य महोत्सव,मुंबई व्यंग्य महोत्सव तथा कला महोत्सव विशेष रूप से चर्चित आयोजन रहे हैं।
विवेकानंद कॉलेज में शुरू हुआ एबीवीपी का तीन दिवसीय अभ्यास वर्ग
मुंबई। चेंबूर स्थित स्वामी विवेकानंद कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का तीन दिवसीय अभ्यास वर्ग 15 जून से शुरू हो गया। इस प्रशिक्षण एवं वैचारिक सत्र में संगठन के विभिन्न पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
अभ्यास वर्ग के उद्घाटन अवसर पर एबीवीपी के कोंकण प्रांत अध्यक्ष वैद्य सोमवंकर, कोंकण प्रांत मंत्री राहुल राजोरिया तथा घाटकोपर विभाग संचालक गुरुदास स्पोरेकर की प्रमुख उपस्थिति रही। कार्यक्रम में संगठन के सदस्यों ने छात्रहित, राष्ट्र निर्माण, संगठन विस्तार और सामाजिक दायित्व जैसे विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस अभ्यास वर्ग में बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। विशेष रूप से 15 वर्षीय यश उपाध्याय सबसे कम उम्र के सहभागी के रूप में आकर्षण का केंद्र रहे।
पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास वर्गों का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक कौशल को मजबूत करना है, ताकि विद्यार्थी समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें। तीन दिनों तक चलने वाले इस अभ्यास वर्ग में विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन सत्र, विचार-विमर्श और संगठनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
उत्तर भारतीय स्नेह सम्मेलन में दिखा उत्तर भारतीयों का शक्ति प्रदर्शन
मुंबई। उत्तर भारतीय स्नेह सम्मेलन, उत्तर भारतीयों से संवाद कार्यक्रम में स्थानीय शिवसेना विधायक प्रकाश दादा सुर्वे, मुंबई महानगरपालिका के वर्तमान उपमहापौर संजय घाडी, शिवसेना नेता संजय निरुपम  की गरिमामयी उपस्थिति में उत्तर भारतीय समाज का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर शिवदयाल मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय समाज के सम्मानित साथियों ने शिवसेना में प्रवेश कर संगठन को मजबूती प्रदान की। साथ ही मनसे एवं अन्य राजनीतिक दलों से जुड़े अनेक कार्यकर्ताओं ने भी शिवसेना के नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के विकासवादी दृष्टिकोण पर विश्वास व्यक्त करते हुए शिवसेना का दामन थामा। उत्तर भारतीय समाज के इस विशाल समर्थन और सहभागिता ने यह स्पष्ट कर दिया कि शिवसेना के प्रति समाज का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी नवप्रवेशित साथियों का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनसेवा के कार्यों को नई दिशा देने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर उत्तर भारतीय सेना के महाराष्ट्र अध्यक्ष गुलाब दुबे, मुंबई अध्यक्ष जय प्रकाश सिंह, विभाग प्रमुख राम यादव, विभाग प्रमुख मनोहर देसाई, विभाग प्रमुख मीना ताई, संजना ताई  समेत अनेक लोग उपस्थित रहे। आयोजन समिति की तरफ से राजेश मिश्रा, अमित पांडे, राजेश मौर्य, संतोष जायसवाल रवि पाठक सुभाष तिवारी ने आगंतुकों का स्वागत सम्मान किया। अंत में शिवदयाल मिश्रा ने समस्त लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आरोग्य सेवा मेडिकल सेंटर का भव्य उद्घाटन, क्षेत्रवासियों को मिलेगा स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ
भाईंदर । आरोग्य सेवा मेडिकल सेंटर का भव्य उद्घाटन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं उद्घाटक नरेंद्र मेहता, विधायक - 145 विधानसभा मीरा भाईंदर ने फीता काटकर मेडिकल सेंटर का शुभारंभ किया।इस अवसर पर नगरसेवक विवेक उपाध्याय के विशेष प्रयासों से क्षेत्रवासियों के लिए आरोग्य सेवा मेडिकल सेंटर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इस हेल्थ कार्ड के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न सेवाएं रियायती एवं चैरिटेबल दरों पर मिल सकेंगी।उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि इस पहल से आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।