संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने एवं शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु आवश्यक दिश
गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ आगामी मोहर्रम पर्व एवं मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन के दृष्टिगत समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के दौरान जनपद की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों एवं विभिन्न तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
महोदय द्वारा निर्देशित किया कि आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थलों पर दंगा निरोधक उपकरणों से सुसज्जित अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। सार्वजनिक प्रतिष्ठानों, सर्राफा बाजारों, कस्बों, प्रमुख चौराहों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए। साथ ही इन स्थानों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की जांच कर उन्हें तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए। त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की रोकथाम हेतु पोस्टर पार्टी को प्रतिदिन ब्रीफ कर समय से रवाना किया जाए तथा क्षेत्र में सतत भ्रमणशील रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। सोशल मीडिया सेल को विशेष रूप से सक्रिय रखते हुए विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए गए। यदि किसी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर विद्वेषपूर्ण, आपत्तिजनक, समाज विरोधी, अराजक, धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली अथवा हिंसा, धरना-प्रदर्शन एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने हेतु उकसाने वाली पोस्ट प्रसारित की जाती है तो तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक बीट एवं मजरे में सुरक्षा समिति की नियमित बैठकें आयोजित कर आपसी समन्वय एवं जनसहभागिता के माध्यम से शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही बैंकों एवं एटीएम की सघन चेकिंग, रात्रि गश्त एवं पिकेट ड्यूटी बढ़ाकर सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक के दौरान मा० मुख्यमंत्री जी के प्रस्तावित आगमन के दृष्टिगत सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यक्रम स्थल, वीआईपी रूट, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, ड्यूटी प्रबंधन, सुरक्षा घेराबंदी एवं अन्य आवश्यक तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने, आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने तथा अनुशासन एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
*इस अवसर पर जनपद के अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री अजीत कुमार रजक, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री राधेश्याम राय, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, पी0आर0ओ0 पुलिस अधीक्षक, समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष व पुलिस के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।
8 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1