अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस को भव्य रूप से आयोजित करने की तैयारियां तेज, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

*जनपद में जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित किया जायेगा भव्यता के साथ योग दिवस कार्यक्रम*


*गोण्डा, 17 जून 2026*।
जनपद में आगामी 21 जून, 2026 को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जनपद में भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में योग दिवस के सफल आयोजन हेतु व्यापक तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली एवं भारतीय संस्कृति के वैश्विक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने निर्देशित किया कि जनपद मुख्यालय पुलिस लाइन गोण्डा सहित सभी तहसील मुख्यालयों, ब्लॉक मुख्यालयों तथा ग्राम पंचायत स्तर पर योग दिवस कार्यक्रम पूरी गरिमा एवं भव्यता के साथ आयोजित किए जाएं। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक के दौरान आयोजन स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, बैठने की व्यवस्था तथा योगाभ्यास के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि योग दिवस के आयोजन में किसी प्रकार की लापरवाही कदापि न की जाएगी। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं आमजन से भी इस महत्वपूर्ण आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।

बैठक में  विधायक गोण्डा सदर श्री प्रतीक भूषण सिंह,  विधायक गौरा श्री प्रभात वर्मा, माननीय सांसद गोण्डा एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री प्रतिनिधि श्री रमाशंकर मिश्र, माननीय सांसद कैसरगंज प्रतिनिधि श्री संजीव सिंह, अपर जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला अस्पताल डॉ. अनिल तिवारी, जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इंद्रजीत, जिला आपदा विशेषज्ञ श्री राजेश श्रीवास्तव, भाजपा प्रतिनिधि श्री मनीष द्विवेदी, रेड क्रॉस सोसाइटी एवं सिविल डिफेंस के पदाधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि करनैलगंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
महिला कल्याण विभाग की ओर से सीएचसी मनकापुर में आयोजित किया गया कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम
गोण्डा। महिला कल्याण विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मनकापुर में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन टीम द्वारा सीएचसी पर जन्म लेने वाली 11 बालिकाओं के साथ केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया गया और बालिकाओं की मां व परिजनों से उनकी बेहतर देखभाल की अपील की गयी। डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर शिवेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि समस्त 11 बालिकाओं को तौलिया, कपड़ा किट वितरित किया गया। जेण्डर स्पेशलिस्ट ज्योत्स्ना सिंह ने कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी। जेण्डर स्पेशलिस्ट राज कुमार आर्य ने सभी को हेल्पलाइन नम्बर 112, 1098, 1090, 1076 की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी कठिनाई में की मदद के लिए कोई भी टोल फ्री नम्बर पर कॉल कर सकता है। इस दौरान बीपीएम सुमेश कुमार मिश्रा , एआरओ सौरभ पाण्डेय, बीसीपीएम नवनीत यादव व आशा आदि लोग मौजूद रहे।
थाना खरगूपुर पुलिस द्वारा करीब 3 लाख रुपये कीमत के 16 गुम/खोए हुए एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर स्वामियों को किए गए सुपुर्द

गोण्डा।  पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में जनपद में गुम एवं खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना खरगूपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। भारत सरकार द्वारा विकसित एवं उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित सीईआईआर पोर्टल की नियमित समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षकों/थानाध्यक्षों को अधिकाधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए थे। उक्त निर्देशों के अनुपालन में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री अजीत कुमार रजक के कुशल पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर श्री आनन्द कुमार राय के नेतृत्व में थाना खरगूपुर की टीम द्वारा सर्विलांस सेल के सहयोग से सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का प्रभावी निस्तारण करते हुए थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से गुम/खोए हुए 16 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए।
आज दिनांक 17.06.2026 को बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए। अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस प्राप्त कर मोबाइल स्वामियों के चेहरे खुशी से खिल उठे तथा उन्होंने गोण्डा पुलिस एवं थाना खऱगूपुर पुलिस की कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
दुबहा चौकी में युवकों की पिटाई का वीडियो वायरल, तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
*एसपी ने दिए विभागीय जांच के आदेश, सीओ करनैलगंज करेंगे जांच

गोंडा।कौड़िया थाना क्षेत्र की दुबहा पुलिस चौकी में दो युवकों की लाठी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच के आधार पर तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 सेकंड के वायरल वीडियो में दुबहा चौकी परिसर के भीतर दो युवकों के साथ मारपीट का दृश्य है। आरोप है कि सिपाही अमन और अभिमन्यु ने रमेश नामक युवक को होमगार्ड अनुरोध तिवारी से पकड़वाकर लाठियों से पीटा। इसके बाद महेश नामक दूसरे युवक को भी उठाकर उसके साथ मारपीट की गई। वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी पिटाई के दौरान टिप्पणी करते हुए भी सुनाई दे रहे हैं।मामला तूल पकड़ने पर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मंगलवार देर शाम मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने तत्काल सिपाही अमन, सिपाही अभिमन्यु और सिपाही दिग्विजय को लाइन हाजिर करने का आदेश दिया। पूरे प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी करनैलगंज अभिषेक को सौंपी गई है।

*सीओ बोले - कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं

इस संबंध में सीओ करनैलगंज अभिषेक ने बताया कि वायरल वीडियो की प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया तीनों पुलिसकर्मी दोषी पाए गए हैं। इसी आधार पर उन्हें लाइन हाजिर कर विभागीय जांच बैठा दी गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पुलिसकर्मी को कानून अपने हाथ में लेने या किसी व्यक्ति के साथ मारपीट करने की अनुमति नहीं है।

*चौकी प्रभारी पर अभी कार्रवाई नहीं

हालांकि, वायरल वीडियो में मौजूद चौकी प्रभारी गोलू तिवारी और युवकों को गांव से चौकी तक लाने वाले सिपाही नीरज सिंह के खिलाफ फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट में यदि कोई अन्य पुलिसकर्मी भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग की संयुक्त टीम का अभियान जारी, नियमों के  उल्लंघन पर 2 बसें सीज एवंb 2 का हुआ चालान
*गोण्डा 16 जून,2026*।
जनपद में सड़क सुरक्षा एवं परिवहन नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न मार्गों पर संचालित यात्री बसों की सघन जांच की गई तथा परमिट की शर्तों एवं अन्य परिवहन नियमों के अनुपालन का निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए संचालित पाई गई 2 बसों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त (सीज) कर दिया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न अनियमितताओं एवं नियमों के उल्लंघन के मामले में 2 अन्य बसों का चालान भी किया गया। परिवहन विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई से वाहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही तथा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक संदेश दिया गया।

एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय ने बताया कि जनपद में परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नियमित रूप से प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्री सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी वाहन संचालक को नियमों की अनदेखी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले, बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालित करने वाले अथवा अन्य परिवहन नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे वाहन संचालकों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों एवं संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के समस्त अभिलेख अद्यतन रखें तथा निर्धारित नियमों एवं परमिट की शर्तों का पूर्णतः पालन करें, जिससे सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण, साफ-सफाई और मरीजों की सुविधाओं पर दिया विशेष जोर
*गोण्डा 16 जून,2026*
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों के उपचार, दवा वितरण व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) जिला अस्पताल को निर्देशित किया कि अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छ वातावरण मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए अत्यंत आवश्यक है, इसलिए परिसर की स्वच्छता एवं साफ-सफाई में किसी प्रकार की लापरवाही कदापि न की जाय।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा अस्पताल में आने वाले लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।

सभी अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितकारी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

निरीक्षण के दौरान प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) जिला अस्पताल डॉ. अनिल तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अनियंत्रित कार टिनशेड में घुसी, जिला उद्योग अधिकारी बाल-बाल बचे

फोर्बिस गंज में सुबह हुआ हादसा, एयरबैग खुलने से बची जान, बाइक-दुकान को नुकसान



गोंडा आज सुबह फोर्बिस गंज में बड़ा हादसा होते-होते बचा।जिला उद्योग अधिकारी बाबू राम यादव की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे टिनशेड में जा घुसी। *एयरबैग खुलने की वजह से कार में सवार लोगों की जान बच गई, हालांकि टिनशेड के नीचे खड़ी बाइक और दुकान को काफी नुकसान पहुंचा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला उद्योग अधिकारी परिवार के साथ जरवल से गोंडा लौट रहे थे। उसी समय अचानक कुत्ता सामने आ गया और उन्हें नींद की हल्की झपकी भी आ गई, जिसकी वजह से कार अनियंत्रित होकर टिनशेड में घुस गई।
हादसे के समय कार की रफ्तार ज्यादा नहीं थी और एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे जिला उद्योग अधिकारी व परिवार को खरोंच तक नहीं आई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई।टिनशेड के नीचे खड़ी बाइक और इंजन को नुकसान पहुंचा है। साथ ही स्थानीय दुकानदार का भी काफी नुकसान हुआ है। टिनशेड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर भीड़ जमा हो गई थी।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में कुत्ता सामने आने और झपकी आने को हादसे की वजह माना जा रहा है। किसी के हताहत न होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
मंडलायुक्त कि अध्यक्षता में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु ब्लैक स्पॉटो को किया जाए चिन्हित-आयुक्त*
विद्यालयों में संचालित वाहनों के चालकों का ड्राईविंग लाइसेंस एवं पते का करायें सत्यापन-आयुक्त*
गोण्डा, 16 जून, 2026। सू0वि0।  मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक महाराजा सुहेलदेव सभागार में आयोजित की गई। बैठक में आयुक्त ने सभी जिलें में यातायात नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराये जाने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होने कहा कि देवीपाटन मण्डल सभी जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु चिन्हित ब्लैक स्पॉटो की स्थिति एवं उन पर किये जाने वाले सुधारात्मक कार्य तथा नवीन ब्लैक स्पाट्स हेतु चिन्हांकन किया जाए एवं दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जाये। जिले के प्रमुख मार्गाे पर सड़क सुरक्षा चिन्हों का बोर्ड/संकेतांक, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टिंग (कलर), रंबलिंग स्ट्रिप बनाये जाएं। मार्गाे के मोड़ पर, डिवाइडर व सड़क के किनारे पेड़ों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाया जाए, जिससे सड़क दुर्घटना में कमी लायी जा सके।
         उन्होंने निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा नियमों के प्रचार-प्रसार के साथ प्रवर्तन की कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाए। उन्होने यह भी निर्देश दिया कि सड़क दुर्घटना होने की स्थिति में तुरंत चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध करायी जाए। जिससे गोल्डेन आवर (दुर्घटना से 01 घण्टा) में घायलों को उचित इलाज मिल सके। राहवीरों को नकद पुरस्कार के साथ-साथ प्रशस्ति पत्र देकर भी सम्मानित किया जायेगा। समिति द्वारा यह अपील भी की गई कि सरकार की इस योजना का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को ससमय अस्पताल पहुंचाकर अमूल्य जीवन को बचाया जा सके।
आयुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि विद्यालयों में संचालित वाहनों के चालकों का ड्राईविंग लाइसेंस एवं चरित्र तथा पते का सत्यापन कराया जाए। जनपद के सभी विद्यालयों में परिवहन सुरक्षा समिति का गठन कर बैठक करायी जाए। विद्यालयों के प्रबन्धकों द्वारा वर्ष में एक बार विद्यालय से सम्बन्धित सभी यान चालकों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। विद्यालय में सम्बद्ध यानों के दस्तावेज पंजीयन पुस्तिका, फिटनेट, बीमा, परमिट, जांच करायी जाए। विद्यालय में अभिभावकों/अध्यापकों की बैठक में अभिभावकों को सुरक्षा सम्बन्धी नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। बच्चों के विद्यालय आने एवं विद्यालय की छुट्टी के समय जाम की समस्या के दृष्टिगत विद्यालय के समय में परिवर्तन किया जाए। विद्यालय परिसर के बाहर दोनों साईडों पर रोड ब्रेकर बनाया जाए तथा विद्यालय के कर्मचारियों की स्कूल खुलने एवं छूटने के समय ड्यूटी लगायी जाए। इसके अलावा विद्यालय प्रबन्धक/प्राचार्याे द्वारा ड्राईवर का पहचान पत्र, मोबाईल नमबर, नेम प्लेट तथा निर्धारित वर्दी अनिवार्य किया जाए तथा स्कूली वाहनों से सम्बन्धित फीस का निर्धारण किया जाए।
        इस अवसर मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
घाघरा नदी पर बने पुल पर बड़े वाहनों का आवागमन शुरू,दो महीने बाद आज से बड़े वाहनों के लिए खुला
*यात्रियों को अयोध्या होकर नहीं जाना पड़ेगा

गोंडा।घाघरा नदी पर बने संजय सेतु पर आज दो महीने बाद बड़े वाहनों का आवागमन फिर से शुरू हो गया है।आज सुबह से ही गोंडा से लखनऊ और लखनऊ से गोंडा की तरफ बड़े वाहन गुजर रहे हैं।यह पुल बीते 16 अप्रैल से बड़े वाहनों के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया था,जिसके बाद पुल का मरम्मत कार्य चल रहा था।हाल ही में इसे छोटे वाहनों के लिए ट्रायल के आधार पर खोला गया था।पुल बंद होने के कारण गोंडा से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को अयोध्या होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा था,जिसके कारण उन्हें अतिरिक्त किराया भी अदा करना पड़ता था।परन्तु अब पुल पर पर बड़े वाहनों का आवागमन शुरू होने के बाद अतिरिक्त किराया नहीं देना पड़ेगा।वे सीधे गोंडा से करनैलगंज होते हुए संजय सेतु के रास्ते लखनऊ जा सकेंगे और इसी तरह लखनऊ से गोंडा व बलरामपुर की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी अयोध्या होकर नहीं आना पड़ेगा।इस फैसले से यात्रियों के साथ साथ बड़े वाहन चालकों को भी राहत मिली है,जिन्हें पहले गोंडा, बलरामपुर और नेपाल जाने के लिए अयोध्या के रास्ते घूम कर जाना पड़ता था।अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि गोंडा घाघरा संजय सेतु पर आज से बड़े वाहनों का आवागमन बहाल कर दिया गया है।
पुलिस चौकी के अंदर दो युवकों की पिटाई,
*होमगार्ड ने पकड़े दोनों के हाथ,सिपाही ने बरसाई लाठियां

गोंडा।जिले के कौड़िया बाजार थाना क्षेत्र के दुबहा बाजार पुलिस चौकी पर पुलिसकर्मियों द्वारा दो युवकों की पिटाई का एक वीडियो सामने आया है।वीडियो में चौकी इंचार्ज के सामने ही पुलिसकर्मी डंडे से युवकों की  पिटाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं।इस मामले में जांच के आदेश दिए गए है।वायरल वीडियो में पहले एक युवक को होमगार्ड से पकड़वाकर एक सिपाही डंडे से पीट रहा है।उसकी पिटाई के बाद दूसरे युवक को भी होमगार्ड पकड़ता है और फिर पुलिसकर्मी लाठी से उसकी भी पिटाई करता है।वीडियो बीते 22 मई 2026 का बताया जा रहा।यहाँ बताते चलें कि 22 मई को कौड़िया थाना क्षेत्र के चैनापुर गांव निवासी संजय कुमार ने रमेश, रामेश्वर,अरविंद, पराग,डिंपल और प्रहलाद के खिलाफ खुद व अपनी पत्नी संगीता के साथ मारपीट का मुकदमा दर्ज करवाया था।कौड़िया थाने की पुलिस ने इन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दुबहा चौकी पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे।चौकी इंचार्ज के निर्देश पर सिपाही नीरज सिंह चैनापुर गांव पहुंचे और इन लोगों को पकड़ कर दुबहा चौकी ले आए थे।चौकी पहुंच कर अरविंद, रमेश व महने भी अपने साथ मारपीट होने की शिकायत किया और सुनवाई की मांग किया।इसी बात से नाराज होकर चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने रमेश नाम के युवक को होमगार्ड अनुरोध तिवारी से दोनों हाथ पकड़वाए और इसके बाद 2025 बैच के सिपाही अमन ने लाठी से उसकी पिटाई शुरू कर दिया और पांच सेकेंड में तीन लाठी मारा,तो वहीं बगल में बैठे सिपाही कह रहे हैं कि और मारिए।इसके बाद भी होमगार्ड अनुरोध तिवारी उसके दोनों हाथ पकड़े रहा और फिर रिक्रूट आरक्षी अमन ने डंडे बलोगों इन चारों लोगों की एक के बाद एक पिटाई करने के बाद कौड़िया थाने की पुलिस द्वारा शांति भंग में 24 घंटे बाद अर्थात 23 मई को इन लोगों का चालान किया गया।जिसके बाद उक्त चारों लोगों ने जाकर अपना अपना शांतिभंग में जमानत करवाया है।पीड़ित अरविंद ने दूरभाष पर बातचीत के दौरान बताया कि नीरज सिंह नाम का सिपाही हमें पकड़कर ले गया था,जहाँ पर इन लोगों से हमें व हमारे भाईयों को पिटवाया है।हमारे साथ भी मारपीट हुआ था उस विवाद में परन्तु हम लोगों की कोई सुनवाई नहीं की गई बल्कि उल्टा पुलिसकर्मियों द्वारा हम लोगों से मारपीट किया गया है।22 मई को हम लोगों को पकड़ कर ले गए थे।22 मई को चौकी पर मारा है।चौकी इंचार्ज भी मौके पर मौजूद थे,उनके सामने मारा गया है और फिर 23 मई को हम लोगों का चालान कर दिया गया।मामले में कौड़िया थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि किसी भी व्यक्ति के साथ इस तरीके से मारपीट करना गलत है।जो लोग दोषी होंगे उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।