थाना खरगूपुर पुलिस द्वारा करीब 3 लाख रुपये कीमत के 16 गुम/खोए हुए एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर स्वामियों को किए गए सुपुर्द

गोण्डा।  पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में जनपद में गुम एवं खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना खरगूपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। भारत सरकार द्वारा विकसित एवं उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित सीईआईआर पोर्टल की नियमित समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षकों/थानाध्यक्षों को अधिकाधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए थे। उक्त निर्देशों के अनुपालन में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री अजीत कुमार रजक के कुशल पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर श्री आनन्द कुमार राय के नेतृत्व में थाना खरगूपुर की टीम द्वारा सर्विलांस सेल के सहयोग से सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का प्रभावी निस्तारण करते हुए थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से गुम/खोए हुए 16 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए।
आज दिनांक 17.06.2026 को बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए। अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस प्राप्त कर मोबाइल स्वामियों के चेहरे खुशी से खिल उठे तथा उन्होंने गोण्डा पुलिस एवं थाना खऱगूपुर पुलिस की कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
दुबहा चौकी में युवकों की पिटाई का वीडियो वायरल, तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
*एसपी ने दिए विभागीय जांच के आदेश, सीओ करनैलगंज करेंगे जांच

गोंडा।कौड़िया थाना क्षेत्र की दुबहा पुलिस चौकी में दो युवकों की लाठी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच के आधार पर तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 सेकंड के वायरल वीडियो में दुबहा चौकी परिसर के भीतर दो युवकों के साथ मारपीट का दृश्य है। आरोप है कि सिपाही अमन और अभिमन्यु ने रमेश नामक युवक को होमगार्ड अनुरोध तिवारी से पकड़वाकर लाठियों से पीटा। इसके बाद महेश नामक दूसरे युवक को भी उठाकर उसके साथ मारपीट की गई। वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी पिटाई के दौरान टिप्पणी करते हुए भी सुनाई दे रहे हैं।मामला तूल पकड़ने पर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मंगलवार देर शाम मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने तत्काल सिपाही अमन, सिपाही अभिमन्यु और सिपाही दिग्विजय को लाइन हाजिर करने का आदेश दिया। पूरे प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी करनैलगंज अभिषेक को सौंपी गई है।

*सीओ बोले - कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं

इस संबंध में सीओ करनैलगंज अभिषेक ने बताया कि वायरल वीडियो की प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया तीनों पुलिसकर्मी दोषी पाए गए हैं। इसी आधार पर उन्हें लाइन हाजिर कर विभागीय जांच बैठा दी गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पुलिसकर्मी को कानून अपने हाथ में लेने या किसी व्यक्ति के साथ मारपीट करने की अनुमति नहीं है।

*चौकी प्रभारी पर अभी कार्रवाई नहीं

हालांकि, वायरल वीडियो में मौजूद चौकी प्रभारी गोलू तिवारी और युवकों को गांव से चौकी तक लाने वाले सिपाही नीरज सिंह के खिलाफ फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट में यदि कोई अन्य पुलिसकर्मी भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग की संयुक्त टीम का अभियान जारी, नियमों के  उल्लंघन पर 2 बसें सीज एवंb 2 का हुआ चालान
*गोण्डा 16 जून,2026*।
जनपद में सड़क सुरक्षा एवं परिवहन नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न मार्गों पर संचालित यात्री बसों की सघन जांच की गई तथा परमिट की शर्तों एवं अन्य परिवहन नियमों के अनुपालन का निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए संचालित पाई गई 2 बसों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त (सीज) कर दिया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न अनियमितताओं एवं नियमों के उल्लंघन के मामले में 2 अन्य बसों का चालान भी किया गया। परिवहन विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई से वाहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही तथा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक संदेश दिया गया।

एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय ने बताया कि जनपद में परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नियमित रूप से प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्री सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी वाहन संचालक को नियमों की अनदेखी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले, बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालित करने वाले अथवा अन्य परिवहन नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे वाहन संचालकों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों एवं संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के समस्त अभिलेख अद्यतन रखें तथा निर्धारित नियमों एवं परमिट की शर्तों का पूर्णतः पालन करें, जिससे सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण, साफ-सफाई और मरीजों की सुविधाओं पर दिया विशेष जोर
*गोण्डा 16 जून,2026*
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों के उपचार, दवा वितरण व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) जिला अस्पताल को निर्देशित किया कि अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छ वातावरण मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए अत्यंत आवश्यक है, इसलिए परिसर की स्वच्छता एवं साफ-सफाई में किसी प्रकार की लापरवाही कदापि न की जाय।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा अस्पताल में आने वाले लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।

सभी अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितकारी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

निरीक्षण के दौरान प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) जिला अस्पताल डॉ. अनिल तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अनियंत्रित कार टिनशेड में घुसी, जिला उद्योग अधिकारी बाल-बाल बचे

फोर्बिस गंज में सुबह हुआ हादसा, एयरबैग खुलने से बची जान, बाइक-दुकान को नुकसान



गोंडा आज सुबह फोर्बिस गंज में बड़ा हादसा होते-होते बचा।जिला उद्योग अधिकारी बाबू राम यादव की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे टिनशेड में जा घुसी। *एयरबैग खुलने की वजह से कार में सवार लोगों की जान बच गई, हालांकि टिनशेड के नीचे खड़ी बाइक और दुकान को काफी नुकसान पहुंचा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला उद्योग अधिकारी परिवार के साथ जरवल से गोंडा लौट रहे थे। उसी समय अचानक कुत्ता सामने आ गया और उन्हें नींद की हल्की झपकी भी आ गई, जिसकी वजह से कार अनियंत्रित होकर टिनशेड में घुस गई।
हादसे के समय कार की रफ्तार ज्यादा नहीं थी और एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे जिला उद्योग अधिकारी व परिवार को खरोंच तक नहीं आई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई।टिनशेड के नीचे खड़ी बाइक और इंजन को नुकसान पहुंचा है। साथ ही स्थानीय दुकानदार का भी काफी नुकसान हुआ है। टिनशेड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर भीड़ जमा हो गई थी।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में कुत्ता सामने आने और झपकी आने को हादसे की वजह माना जा रहा है। किसी के हताहत न होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
मंडलायुक्त कि अध्यक्षता में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु ब्लैक स्पॉटो को किया जाए चिन्हित-आयुक्त*
विद्यालयों में संचालित वाहनों के चालकों का ड्राईविंग लाइसेंस एवं पते का करायें सत्यापन-आयुक्त*
गोण्डा, 16 जून, 2026। सू0वि0।  मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक महाराजा सुहेलदेव सभागार में आयोजित की गई। बैठक में आयुक्त ने सभी जिलें में यातायात नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराये जाने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होने कहा कि देवीपाटन मण्डल सभी जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु चिन्हित ब्लैक स्पॉटो की स्थिति एवं उन पर किये जाने वाले सुधारात्मक कार्य तथा नवीन ब्लैक स्पाट्स हेतु चिन्हांकन किया जाए एवं दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जाये। जिले के प्रमुख मार्गाे पर सड़क सुरक्षा चिन्हों का बोर्ड/संकेतांक, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टिंग (कलर), रंबलिंग स्ट्रिप बनाये जाएं। मार्गाे के मोड़ पर, डिवाइडर व सड़क के किनारे पेड़ों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाया जाए, जिससे सड़क दुर्घटना में कमी लायी जा सके।
         उन्होंने निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा नियमों के प्रचार-प्रसार के साथ प्रवर्तन की कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाए। उन्होने यह भी निर्देश दिया कि सड़क दुर्घटना होने की स्थिति में तुरंत चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध करायी जाए। जिससे गोल्डेन आवर (दुर्घटना से 01 घण्टा) में घायलों को उचित इलाज मिल सके। राहवीरों को नकद पुरस्कार के साथ-साथ प्रशस्ति पत्र देकर भी सम्मानित किया जायेगा। समिति द्वारा यह अपील भी की गई कि सरकार की इस योजना का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को ससमय अस्पताल पहुंचाकर अमूल्य जीवन को बचाया जा सके।
आयुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि विद्यालयों में संचालित वाहनों के चालकों का ड्राईविंग लाइसेंस एवं चरित्र तथा पते का सत्यापन कराया जाए। जनपद के सभी विद्यालयों में परिवहन सुरक्षा समिति का गठन कर बैठक करायी जाए। विद्यालयों के प्रबन्धकों द्वारा वर्ष में एक बार विद्यालय से सम्बन्धित सभी यान चालकों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। विद्यालय में सम्बद्ध यानों के दस्तावेज पंजीयन पुस्तिका, फिटनेट, बीमा, परमिट, जांच करायी जाए। विद्यालय में अभिभावकों/अध्यापकों की बैठक में अभिभावकों को सुरक्षा सम्बन्धी नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। बच्चों के विद्यालय आने एवं विद्यालय की छुट्टी के समय जाम की समस्या के दृष्टिगत विद्यालय के समय में परिवर्तन किया जाए। विद्यालय परिसर के बाहर दोनों साईडों पर रोड ब्रेकर बनाया जाए तथा विद्यालय के कर्मचारियों की स्कूल खुलने एवं छूटने के समय ड्यूटी लगायी जाए। इसके अलावा विद्यालय प्रबन्धक/प्राचार्याे द्वारा ड्राईवर का पहचान पत्र, मोबाईल नमबर, नेम प्लेट तथा निर्धारित वर्दी अनिवार्य किया जाए तथा स्कूली वाहनों से सम्बन्धित फीस का निर्धारण किया जाए।
        इस अवसर मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
घाघरा नदी पर बने पुल पर बड़े वाहनों का आवागमन शुरू,दो महीने बाद आज से बड़े वाहनों के लिए खुला
*यात्रियों को अयोध्या होकर नहीं जाना पड़ेगा

गोंडा।घाघरा नदी पर बने संजय सेतु पर आज दो महीने बाद बड़े वाहनों का आवागमन फिर से शुरू हो गया है।आज सुबह से ही गोंडा से लखनऊ और लखनऊ से गोंडा की तरफ बड़े वाहन गुजर रहे हैं।यह पुल बीते 16 अप्रैल से बड़े वाहनों के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया था,जिसके बाद पुल का मरम्मत कार्य चल रहा था।हाल ही में इसे छोटे वाहनों के लिए ट्रायल के आधार पर खोला गया था।पुल बंद होने के कारण गोंडा से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को अयोध्या होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा था,जिसके कारण उन्हें अतिरिक्त किराया भी अदा करना पड़ता था।परन्तु अब पुल पर पर बड़े वाहनों का आवागमन शुरू होने के बाद अतिरिक्त किराया नहीं देना पड़ेगा।वे सीधे गोंडा से करनैलगंज होते हुए संजय सेतु के रास्ते लखनऊ जा सकेंगे और इसी तरह लखनऊ से गोंडा व बलरामपुर की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी अयोध्या होकर नहीं आना पड़ेगा।इस फैसले से यात्रियों के साथ साथ बड़े वाहन चालकों को भी राहत मिली है,जिन्हें पहले गोंडा, बलरामपुर और नेपाल जाने के लिए अयोध्या के रास्ते घूम कर जाना पड़ता था।अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि गोंडा घाघरा संजय सेतु पर आज से बड़े वाहनों का आवागमन बहाल कर दिया गया है।
पुलिस चौकी के अंदर दो युवकों की पिटाई,
*होमगार्ड ने पकड़े दोनों के हाथ,सिपाही ने बरसाई लाठियां

गोंडा।जिले के कौड़िया बाजार थाना क्षेत्र के दुबहा बाजार पुलिस चौकी पर पुलिसकर्मियों द्वारा दो युवकों की पिटाई का एक वीडियो सामने आया है।वीडियो में चौकी इंचार्ज के सामने ही पुलिसकर्मी डंडे से युवकों की  पिटाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं।इस मामले में जांच के आदेश दिए गए है।वायरल वीडियो में पहले एक युवक को होमगार्ड से पकड़वाकर एक सिपाही डंडे से पीट रहा है।उसकी पिटाई के बाद दूसरे युवक को भी होमगार्ड पकड़ता है और फिर पुलिसकर्मी लाठी से उसकी भी पिटाई करता है।वीडियो बीते 22 मई 2026 का बताया जा रहा।यहाँ बताते चलें कि 22 मई को कौड़िया थाना क्षेत्र के चैनापुर गांव निवासी संजय कुमार ने रमेश, रामेश्वर,अरविंद, पराग,डिंपल और प्रहलाद के खिलाफ खुद व अपनी पत्नी संगीता के साथ मारपीट का मुकदमा दर्ज करवाया था।कौड़िया थाने की पुलिस ने इन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दुबहा चौकी पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे।चौकी इंचार्ज के निर्देश पर सिपाही नीरज सिंह चैनापुर गांव पहुंचे और इन लोगों को पकड़ कर दुबहा चौकी ले आए थे।चौकी पहुंच कर अरविंद, रमेश व महने भी अपने साथ मारपीट होने की शिकायत किया और सुनवाई की मांग किया।इसी बात से नाराज होकर चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने रमेश नाम के युवक को होमगार्ड अनुरोध तिवारी से दोनों हाथ पकड़वाए और इसके बाद 2025 बैच के सिपाही अमन ने लाठी से उसकी पिटाई शुरू कर दिया और पांच सेकेंड में तीन लाठी मारा,तो वहीं बगल में बैठे सिपाही कह रहे हैं कि और मारिए।इसके बाद भी होमगार्ड अनुरोध तिवारी उसके दोनों हाथ पकड़े रहा और फिर रिक्रूट आरक्षी अमन ने डंडे बलोगों इन चारों लोगों की एक के बाद एक पिटाई करने के बाद कौड़िया थाने की पुलिस द्वारा शांति भंग में 24 घंटे बाद अर्थात 23 मई को इन लोगों का चालान किया गया।जिसके बाद उक्त चारों लोगों ने जाकर अपना अपना शांतिभंग में जमानत करवाया है।पीड़ित अरविंद ने दूरभाष पर बातचीत के दौरान बताया कि नीरज सिंह नाम का सिपाही हमें पकड़कर ले गया था,जहाँ पर इन लोगों से हमें व हमारे भाईयों को पिटवाया है।हमारे साथ भी मारपीट हुआ था उस विवाद में परन्तु हम लोगों की कोई सुनवाई नहीं की गई बल्कि उल्टा पुलिसकर्मियों द्वारा हम लोगों से मारपीट किया गया है।22 मई को हम लोगों को पकड़ कर ले गए थे।22 मई को चौकी पर मारा है।चौकी इंचार्ज भी मौके पर मौजूद थे,उनके सामने मारा गया है और फिर 23 मई को हम लोगों का चालान कर दिया गया।मामले में कौड़िया थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि किसी भी व्यक्ति के साथ इस तरीके से मारपीट करना गलत है।जो लोग दोषी होंगे उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान एवं सहायता के लिए गोण्डा पुलिस की विशेष पहल, घर-घर पहुंचकर सुनी जा रही समस्याएं एवं किया जा रहा त्वरित निस्ता
गोण्डा। अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन, गोरखपुर द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में जनपद गोण्डा पुलिस द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान, सहायता एवं उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से विशेष कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान प्रारम्भकिया गया है। वर्तमान सामाजिक परिवेश को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में निवास करने वाले 70 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का चिन्हीकरण कर उनका विवरण संकलित किया जा रहा है। इसके लिए प्रत्येक थाने की कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट बनायी गयी है जो नियमित रूप से वरिष्ठ नागरिकों से संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुरक्षा संबंधी चिंताओं की जानकारी प्राप्त करेगी।

अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों का 02 विशेष वरिष्ठ नागरिक रजिस्टर तैयार किया गया है, जिसमें उनका नाम, पता, मोबाइल नंबर, आयु, स्वास्थ्य एवं सामाजिक स्थिति सहित संपर्क से संबंधित आवश्यक विवरण अंकित किया जाएगा। सीपीयू टीम द्वारा प्रत्येक सप्ताह निर्धारित दिवसों (सोमवार, बुधवार, शानिवार) पर वरिष्ठ नागरिकों से संपर्क स्थापित कर उनकी कुशलक्षेम जानी जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं सी०पी०यू० टीमों को निर्देशित किया है कि वे वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाते हुए नियमित संवाद स्थापित करें तथा उनकी समस्याओं के समाधान हेतु प्रभावी कार्रवाई करें।

उक्त अभियान के क्रम में दिनांक 13.06.2026 से आज तक सीपीयू टीम द्वारा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 120 वरिष्ठ नागरिकों से उनके आवास पर पहुंचकर संपर्क स्थापित किया गया। इनमें थाना कोतवाली नगर के 11, कोतवाली देहात के 09, खरगूपुर के 04, इटियाथोक के 10, धानेपुर के 16, मोतीगंज के 07, मनकापुर के 09, छपिया के 06, खोड़ारे के 13, तरबगंज के 05, उमरीबेगमगंज के 05, वजीरगंज के 02, नवाबगंज के 07, कर्नलगंज के 08, कौड़िया के 04 तथा परसपुर के 04 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। संपर्क अभियान के दौरान पुलिस टीम द्वारा वरिष्ठ नागरिकों का कुशलक्षेम जाना गया, तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गई। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने हेतु जागरूक किया गया।

गोण्डा पुलिस की इस जनहितकारी एवं संवेदनशील पहल की वरिष्ठ नागरिकों द्वारा सराहना की गई तथा उन्होंने पुलिस के प्रति अपना विश्वास एवं संतोष व्यक्त किया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सप्ताहव्यापी योग कार्यक्रम का शुभारंभ

गोण्डा। 15 जून 2026।
बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष विभाग, गोण्डा द्वारा चेतना पार्क, सिविल लाइन में आयोजित सप्ताहव्यापी योग कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी  दयानंद प्रसाद एवं अपर जिलाधिकारी  आलोक कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी  दयानंद प्रसाद ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। अपर जिलाधिकारी  आलोक कुमार ने कहा कि योग तनावमुक्त एवं संतुलित जीवन जीने की कला सिखाता है तथा वर्तमान समय में इसकी आवश्यकता और भी अधिक बढ़ गई है।

कार्यक्रम के दौरान आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक  अंजनी दूबे द्वारा विभिन्न योगासनों, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लेकर स्वास्थ्य के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।

सप्ताहव्यापी योगाभ्यास कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ एससीपीएम कॉलेज ऑफ आयुर्वेद, हारीपुर गोण्डा के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता की। इसके अतिरिक्त स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं युवाओं ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

आयुष विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक विभिन्न स्थानों पर योग जागरूकता कार्यक्रम, सामूहिक योगाभ्यास एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़कर स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण की दिशा में कार्य किया जा सके।