थाना तरबगंज पुलिस द्वारा करीब 2 लाख 60 हजार  कीमत के 16 गुम/खोए हुए एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर स्वामियों को किए गए सुपुर्द

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल के निर्देशन में जनपद में गुम एवं खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना तरबगंज पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। भारत सरकार द्वारा विकसित एवं उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की नियमित समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षकों/थानाध्यक्षों को अधिकाधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए थे। उक्त निर्देशों के अनुपालन में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के कुशल पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तरबगंज  उमेश्वर प्रभात सिंह के नेतृत्व में थाना तरबगंज की टीम द्वारा सर्विलांस सेल के सहयोग से सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का प्रभावी निस्तारण करते हुए थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से गुम/खोए हुए 16 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए।
आज दिनांक 14.06.2026 को बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए। अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस प्राप्त कर मोबाइल स्वामियों के चेहरे खुशी से खिल उठे तथा उन्होंने गोण्डा पुलिस एवं थाना तरबगंज पुलिस की कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
परिवार परामर्श केन्द्र में 01 जोड़ा एक साथ रहने को हुए राजी

गोण्डा। रविवार जनपद गोण्डा के रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित परिवार परामर्श केन्द्र में पुलिस अधीक्षक गोंडा श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में परामर्शदाताओं द्वारा बिछुडे जोड़ो की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण किया गया तथा 01 जोडे को समझा बुझाकर सुखी जीवन जीने हेतु राजी कर लिया गया।

*परिवार परामर्श केन्द्र में उपस्थिति सदस्यगण-*
महिला थाना प्रभारी श्रीमती अनीता यादव, श्री शशि कुमार भारती, श्री राजमंगल मौर्य, श्री यशोदा नन्दन त्रिपाठी, उ0नि0 तसरीफ अहमद, म0आ0 शाहिना बानो आदि उपस्थित रही।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मेडिकल कॉलेज गोंडा में तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ


*केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर गोंडा में स्वास्थ्य मेले और खरीफ गोष्ठी का शुभारंभ, प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने गिनाईं उपलब्धियां*


*आयुष्मान कार्ड वितरण से लेकर किसानों को आधुनिक खेती का संदेश, गोंडा में विकास योजनाओं का प्रदर्शन*


*स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण योजनाओं के जरिए विकास की तस्वीर पेश, प्रभारी मंत्री ने किया विभिन्न कार्यक्रमों का उद्घाटन*

*गोंडा 14 जून 2026*। 
केंद्र सरकार के सफलतापूर्वक 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मेडिकल कॉलेज गोंडा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन किया तथा पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड वितरित कर योजना के लाभों से अवगत कराया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लाखों लोगों को आर्थिक संबल मिला है।

शुभारंभ के उपरांत प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य मेले में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, जांच सुविधाओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जाए।

इस अवसर पर विधायक मनकापुर रमापति शास्त्री, विधायक तरबगंज प्रेम नारायण पाण्डेय, विधायक कटरा बाजार बावन सिंह, विधायक मेहनौन विनय कुमार द्विवेदी, विधायक गौरा प्रभात वर्मा, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, सांसद गोंडा एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री के प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र, सांसद कैसरगंज के प्रतिनिधि संजीव सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष, अपना दल जिलाध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय इस वृहद स्वास्थ्य मेले में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श, विभिन्न रोगों की जांच, आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे जिले के हजारों नागरिक लाभान्वित होंगे।

वेंकटाचार्य क्लब में कृषि विभाग द्वारा आयोजित खरीफ उत्पादकता गोष्ठी का प्रभारी मंत्री ने शुभारंभ किया एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। प्रभारी मंत्री ने विधायकगण के साथ गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की एवं बच्चों का अन्नप्रासन कराया।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता कर सरकार की उपलब्धियां को गिनाया। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जनपद के प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनका व्यापक लाभ जनपद गोंडा को भी प्राप्त हुआ है।

उन्होंने बताया कि वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 14.22 लाख से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना के माध्यम से लाखों लोगों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 86 हजार से अधिक परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि किसान कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 4.45 लाख किसानों को ₹1958 करोड़ की सहायता सीधे उनके खातों में भेजी गई है। फसल बीमा, कृषि सिंचाई, पीएम-कुसुम, किसान क्रेडिट कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड तथा किसान पाठशाला जैसी योजनाओं से कृषि उत्पादन एवं किसानों की आय में वृद्धि हुई है। जनपद में खाद्यान्न उत्पादन 8.43 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर 9.34 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच गया है।

उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 7.73 लाख से अधिक कार्ड बनाए गए हैं तथा लाखों लोगों को निःशुल्क उपचार का लाभ मिला है। जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना, सौभाग्य योजना और स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से ग्रामीण जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

रोजगार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में निवेश, एमएसएमई, मुद्रा योजना, ओडीओपी, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान तथा कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। मेडिकल कॉलेज एवं इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना से गोंडा शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में गोंडा की महत्वपूर्ण भागीदारी है और वित्तीय समावेशन, किसान कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल शासन, रोजगार तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में जनपद निरंतर प्रगति कर रहा है।
थाना परसपुर पुलिस द्वारा जिला बदर अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार-
गोण्डा । जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा अपराधियों, गुण्डों एवं शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी एवं सख्त कार्यवाही किए जाने के निर्देश जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षों को दिए गए हैं। उक्त निर्देश के क्रम में थाना परसपुर पुलिस द्वारा जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
दिनांक 13.06.2026 को थाना परसपुर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि जिला बदर घोषित अभियुक्त रौनक सिंह उर्फ अभिनव सिंह पुत्र राकेश सिंह नि0 नन्दौर थाना परसपुर जनपद गोण्डा अपने घर पर मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर अभियुक्त को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्त जनपद गोण्डा की सीमा में उपस्थित रहने का कोई वैध कारण नहीं बता सका। गिरफ्तार अभियुक्त को श्रीमान जिलाधिकारी गोण्डा द्वारा दिए गए आदेश के क्रम में उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम, 1970 की धारा 3(1) के अंतर्गत दिनांक 04.06.2026 को 06 माह के लिए जनपद से बाहर भेजा गया था। इसके बावजूद अभियुक्त द्वारा जिला बदर आदेश का उल्लंघन करते हुए जनपद की सीमा में निवास कर रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध ’’धारा 10 उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम, 1970’’ के अंतर्गत विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।
समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के अन्तर्गत स्वास्थ्य शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन

गोण्डा।13 जून 2026 जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत दिनांक 14 जून, 2026 से 16 जून, 2026 तक स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, सभागार परिसर, निकट सर्किट हाउस, गोण्डा में तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जा रहा है।

इस स्वास्थ्य मेले में विभिन्न चिकित्सा विधाओं के अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आम जनमानस का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। शिविर में सामान्य चिकित्सा, अस्थि रोग, नेत्र रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, त्वचा रोग सहित अन्य विभिन्न रोगों से संबंधित परामर्श एवं जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

स्वास्थ्य मेले के दौरान रोगियों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न योजनाओं, रोगों की रोकथाम, स्वच्छता, पोषण, टीकाकरण तथा स्वस्थ जीवनशैली के विषय में विशेषज्ञों द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

आयोजन समिति द्वारा जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य मेले में पहुंचकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। यह स्वास्थ्य मेला जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने एवं लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने महाराजा सुहेलदेव सभागार का किया उद्घाटन

गोण्डा 13 जून 2026 - देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने गुरुवार को आयुक्त कार्यालय परिसर में सौंदर्यीकरण एवं आधुनिकीकरण के उपरांत कार्यालय के वरिष्ठतम वैयक्तिक सहायक रक्षाराम वर्मा एवं पेशकार मो० हसीब से नव स्वरूप प्राप्त सभागार का उद्घाटन कराया। इस अवसर पर सभागार का नामकरण "महाराजा सुहेलदेव सभागार" के रूप में किया गया।

उद्घाटन के दौरान आयुक्त ने सभागार में कराए गए विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि महान राष्ट्रनायक महाराजा सुहेलदेव के नाम पर सभागार का नामकरण क्षेत्र की गौरवशाली ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने का प्रतीक है। यह सभागार प्रशासनिक बैठकों प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजनों के लिए एक आधुनिक और सुविधाजनक केंद्र के रूप में कार्य करेगा।

सौंदर्यीकरण कार्य के अंतर्गत सभागार में आधुनिक साज-सज्जा उन्नत प्रकाश व्यवस्था आकर्षक आंतरिक सज्जा बेहतर बैठक व्यवस्था तथा आवश्यक तकनीकी सुविधाओं का विकास किया गया है। इससे सभागार की कार्यक्षमता एवं उपयोगिता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

आयुक्त ने कहा कि कार्यालय परिसरों को स्वच्छ सुव्यवस्थित एवं आधुनिक बनाना सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बेहतर कार्य वातावरण से प्रशासनिक दक्षता में वृद्धि होती है तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों के निर्वहन में सुविधा मिलती है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय भवनों एवं परिसरों के रखरखाव स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर निरंतर ध्यान दिया जाए जिससे आमजन एवं कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर अपर आयुक्त (प्रशासन) मीनू राणा, अपर आयुक्त राजेश कुमार यादव एवं संयुक्त विकास आयुक्त राकेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य मंडल स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नव विकसित महाराजा सुहेलदेव सभागार की सराहना करते हुए इसे प्रशासनिक गतिविधियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
जनगणना कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रगणक, सुपरवाइजर एवं अधिकारियों को जिलाधिकारी ने किया सम्मानित
*गोण्डा 12 जून,2026*।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम के दौरान जनगणना कार्य में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण कर उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों, सुपरवाइजरों, खंड शिक्षा अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों एवं उपजिलाधिकारियों को जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने प्रशस्ति पत्र एवं सांकेतिक चेक देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र तथा सांकेतिक चेक प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जनगणना किसी भी देश एवं राज्य के विकास की आधारशिला होती है। इससे प्राप्त आंकड़े शासन की विभिन्न योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के समुचित वितरण तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में जनगणना कार्य को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न करना अत्यंत आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण, परिश्रम एवं कर्तव्यनिष्ठा के कारण जनगणना कार्य निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत पूर्ण हो सका है। उन्होंने सभी कर्मियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने तथा शासन की प्राथमिकताओं को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा भी की गई तथा बेहतर समन्वय एवं कार्य निष्पादन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जनगणना कार्य के सफल संचालन में प्राप्त अनुभवों को साझा करते हुए इसे एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्व बताया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार, जिला आपदा विशेषज्ञ श्री राजेश श्रीवास्तव सहित जनगणना कार्य से संबंधित सभी अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
पूर्व विधायक ने अपर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर सौंपा मांगपत्र, मुकदमा दर्ज कराने की किया मांग

गोंडा।जिले के कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक व‌ समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता बैजनाथ दुबे के द्वारा आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सुपुत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भ्रामक और चरित्र हनन करने वाला दुष्प्रचार फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध मुकदमा लिखाए जाने को लेकर एक प्रार्थना पत्र दिया गया है।पूर्व विधायक ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर एवं फेसबुक पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सुपुत्री अदिति यादव की वास्तविक तस्वीरों का दुरुपयोग करते हुए एक अन्य विदेशी मूल को रचित और ब्राह्मण संदेश इंटरनेट पर सार्वजनिक रूप से प्रसारित किया गया है प्रसारित पोस्ट में पूरी तरह से झूठ का पुलिंदा तैयार करते हुए यह मनगढ़ंत हुआ निराधार दवा है।पूर्व विधायक ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष की बेटी अदिति यादव के द्वारा अपने घर से 7 करोड रुपए चोरी करके अपने किसी मुसलमान नाइजीरियन मित्र के साथ लापता हो गई है और वह वर्तमान में नाइजीरिया में रह रही है जिसको लेकर विधायक ने कहा कि यह कहानी पूर्णता काल्पनिक झूठी और अदिति यादव की सामाजिक छवि व प्रतिष्ठा को धूमिल करने तथा राजनीतिक देश वर्ष महिला का चरित्र हरण करने का दुर्भावना पूर्ण उद्देश्य से गढ़ी गई है। पूर्व विधायक श्री दूबे के द्वारा इस कृत्य को लेकर भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 के अंतर्गत एक गंभीर व दंडनीय साइबर अपराध है जिसमें मुख्य रूप से धारा 356 बीएनएस के तहत मानहानि धारा 196 बीएनएस के तहत समाज में गाना व सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाना धारा 351 बीएनएस के तहत महिला की गरिमा को थे पहचाने और डिजिटल साथियों की जालसाजी के लिए धारा 336 व 340 बीएनएस का प्रावधान लागू होता है।पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे के द्वारा सभी चिन्हित सोशल मीडिया अकाउंट्स के संचालक को दोषी व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत कानूनी धाराओं और आईटी एक्ट के तहत तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एडिशनल एसपी अजीत कुमार रजक को प्रार्थना पत्र सोपा है और कार्यवाही की मांग की गई है।
यूरिया के लिए किसानों की लंबी कतारें, प्रशासन बोला- स्टॉक पर्याप्त
गोंडा।जिले में मानसून की दस्तक के साथ ही यूरिया की मांग तेज हो गई है। बुवाई के लिए किसान साधन सहकारी समितियों पर सुबह से ही कतारों में लग रहे हैं। घंटों इंतजार के बाद भी कई किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है।गुरुवार को पंडरी कृपाल ब्लॉक के सुभागपुर स्थित उद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति समेत कई केंद्रों पर सुबह 9 बजे से ही किसानों की लंबी लाइनें लगी रहीं। अधिकांश किसान खाली हाथ लौटे।जिला प्रशासन का कहना है कि जिले में यूरिया का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। समितियों पर लगातार खाद भेजी जा रही है ताकि किसानों को परेशानी न हो। इसके बावजूद कई जगह भीड़ कम नहीं हो रही है, जिससे आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।किसानों का कहना है कि बुवाई का समय निकल रहा है, इसलिए जल्द से जल्द पर्याप्त मात्रा में खाद मिलनी चाहिए।
गोंडा: सड़क हादसे में रामपाल वर्मा की मौत, पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों का हंगामा
*गोंडा।* जिले के सुभागपुर रेलवे क्रासिंग के पास सड़क हादसे में रामपाल वर्मा की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि मौत के बाद उनके ही विभाग ने साथ छोड़ दिया। परिजन रात में ही पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़ गए।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। घंटों चली मशक्कत के बाद जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन मौके पर पहुंचीं। डीएम ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और रात में ही पोस्टमार्टम कराने का आश्वासन दिया।

डीएम के आश्वासन के बाद मृतक के परिजन माने और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने दिया। प्रशासन ने परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।