देर रात हुए सड़क हादसे में पांच की मौत
गोंडा।जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में घायलों की मदद करने पहुंचे लोगों को तेज रफ्तार एसयूवी ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घटना से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पहले दो बाइकों की आपस में भिड़ंत हो गई थी। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग घायलों को बचाने और सहायता पहुंचाने के लिए मौके पर पहुंचे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक एसयूवी अनियंत्रित होकर लोगों के समूह में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने गुलशन (25) निवासी नारायनपुर मांझा, संजय कुमार तिवारी निवासी तरहटा, हसन मोहम्मद (40) निवासी नारायनपुर मांझा तथा इम्तियाज (27) निवासी नारायनपुर मांझा को मृत घोषित कर दिया तो वहीं अंशुमान सिंह (10) की इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसे में अलताफ (32), तबरेज आलम (20), विनय सिंह (26), अंशुमान (10) और परवेज (17) घायल हुए हैं, जिनका उपचार सीएचसी में चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना रात्रि करीब 10 बजे की है
‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत प्रभावी पैरवी से 03 हत्याभियुक्त को हुई सश्रम आजीवन
कारावास व रूपये 15,000-15,000/- रू0 के अर्थदण्ड की सजा

गोण्डा। वादिनी कविता पत्नी श्याम सिंह निवासी पूरे कोचा कासिमपुर, थाना कोतवाली कर्नलगंज, जनपद गोण्डा द्वारा थाना को0 करनैलगंज में लिखित तहरीर दी गयी कि दिनांक 02.07.2022 को उसके पति श्याम सिंह शौच हेतु गए थे, जिनका शव गांव के बाहर एक गड्ढे में पड़ा मिला है। वादिनी की लिखित तहरीर के आधार पर नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत हुआ था। जिसमे थाना को0 करनैलगंज पुलिस टीम द्वारा आरोपी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। थाना स्थानीय पर तत्कालीन विवेचक द्वारा साक्ष्य संकलन व विवेचनात्मक कार्यवाही के उपरान्त अभियुक्तगण के विरूद्ध आरोप पत्र माननीय न्यायालय में प्रेषित किया गया।

दोषसिद्धि का विवरण-

पुलिस अधीक्षक गोण्डा के निर्देशन में ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत चिन्हित अपराधों में दोषी अभियुक्तों के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा अधिकतम/त्वरित दंडात्मक कार्यवाही हेतु जनपदीय पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है जिसके क्रम मे थाना को0 करनैलगंज में हत्या सम्बन्धी पंजीकृत अभियोग में अभियोजक  अवनीश धर द्विवेदी, थाना को0 करनैलगंज के पैरोकार का0 अनूप शुक्ला व कोर्ट मोहर्रिर म0का0 सुषमा यादव के द्वारा की गयी प्रभावी पैरवी के फलस्वरूप अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश महोदय श्री सूर्य प्रकाश सिंह द्वारा अभियुक्तगण ममता, अन्नपूर्णा उर्फ चन्नी देवी, सोन बहादुर उर्फ गदरे को दोषसिद्ध करते हुए सश्रम आजीवन कारावास व 15,000-15,000/- रू0 के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।
बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर ऐलीपरसौली गोडियन पुरवा में मॉकड्रिल/एक्सरसाइज-2026 का हुआ आयोजन


*माकड्रिल के दौरान पानी में डूब रहे व्यक्ति को एसडीआरएफ व मेडिकल टीम ने बाहर निकाल कर बचाई जान*


*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बाढ़ पूर्व तैयारी के संबंध में राहत एवं बचाव कार्यों की ली गई जानकारी*


*गोंडा, 11 जून 2026*।
बृहस्पतिवार को शासन के निर्देशानुसार जनपद के तीन तहसीलों में बाढ़ पूर्व तैयारी के संबंध में मॉकड्रिल एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया गया। जिसमें तहसील तरबगंज के अंतर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्र ऐलीपरसौली के मजरा गोडियन पुरवा में जिलाधिकारी गोण्डा श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर मॉकड्रिल/ एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया गया। इस मॉकड्रिल एक्सरसाइज-2026 का उद्देश्य बाढ़ से पूर्व संभावित आपात स्थिति में प्रशासन, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, राजस्व, पुलिस, एवं अन्य विभागों की तत्परता की जानकारी ली गई।

मॉकड्रिल के दौरान जिलाधिकारी ने खुद पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने नावों, जीवन रक्षक उपकरणों, मेडिकल टीम, पशु चिकित्सा दल, एवं राशन वितरण, पशु चारा, दवा छिड़काव आदि व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही, उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन पहले से उपलब्ध रखें और राहत शिविरों की तैयारी पूर्ण रूप से सुनिश्चित की जाए।

मॉकड्रिल /एक्सरसाइज-2026 कार्यक्रम के दौरान स्थानीय गांव का एक व्यक्ति किसी कार्य से नदी के किनारे गया था जो पानी में डूबने लगा, मौके पर उपस्थित एसडीआरएफ की टीम ने तुरंत डूब रहे व्यक्ति को बाहर निकाला और समय से उसको मेडिकल उपचार के लिए एम्बुलेंस के माध्यम से हास्पिटल भेज दिया। और वहां पर सही और समय से इलाज होने के कारण व्यक्ति को बचा लिया गया।

जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने कहा कि बाढ़ के समय लोगों को समय से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना, उन्हें भोजन, चिकित्सा और आवास की सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

इस मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, जल विभाग एवं स्थानीय प्रशासन एवं विभाग के अधिकारी व अन्य टीमों ने हिस्सा लिया। स्थानीय ग्रामीणों को भी मॉक ड्रिल के माध्यम से जागरूक किया गया कि आपदा के समय किस प्रकार सतर्कता बरतनी है और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करना है।

जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति में संभावित प्रभावित गांवों की सूची, राहत सामग्री की उपलब्धता, नावों की स्थिति, और संपर्क मार्गों की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक बाढ़ चौकी पर 24 घंटे निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई न होने पाये।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतलाल पटेल, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, उपजिलाधिकारी तरबगंज प्रदीप कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी तरबगंज, तहसीलदार तरबगंज, नायब तहसीलदार जयशंकर सिंह, एक्सईएएन बाढ़ खण्ड जय सिंह, पूर्ति विभाग, पशुपालन विभाग, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी,  जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव, संबंधित थाना प्रभारी, बीडीओ, एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
थाना को0 नगर पुलिस द्वाराके जालसाजी करने के 02 वांछित अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार-

गोण्डा।  पुलिस अधीक्षक महोदय श्री विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक गोण्डा पूर्वी श्री अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी नगर श्री आनन्द कुमार राय के नेतृत्व में थाना को0 नगर पुलिस टीम द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0 0346/2022 धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120-बी भादवि से सम्बन्धित 02 वांछित अभियुक्तगण - 01. सुनील कुमार, 02. जय सिंह वर्मा को अम्बेडकर चौराहा लखनऊ रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
वादी अब्दुल गफ्फार पुत्र अब्दुल जब्बार निवासी ग्राम उज्जैनीकला (दर्जीपुरवा) थाना धानेपुर जनपद गोण्डा द्वारा थाना को0 नगर में लिखित तहरीर दी गई कि उसका भाई युनुस पुत्र अब्दुल सत्तार लगभग 37 वर्षों से लापता है। विपक्षीगणों ने आपस में षड्यंत्र कर अतीकुर्रहमान को युनुस बनाकर फर्जी आधार कार्ड एवं कूटरचित अभिलेख तैयार किए तथा दिनांक 04.11.2019 एवं 26.08.2020 को उप निबंधक कार्यालय गोण्डा में प्रार्थी के लापता भाई के हिस्से की भूमि के फर्जी बैनामे कमला देवी व मेराज अली के पक्ष में करा लिए। बाद में उक्त भूमि का हस्तांतरण अन्य व्यक्तियों के पक्ष में भी कर दिया गया। प्रार्थी के अनुसार आरोपियों ने धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना एवं आपराधिक षड्यंत्र कर भूमि हड़पने का कार्य किया। वादी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना को0 नगर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। जिसमें आज दिनांक 11.06.2026 को थाना को0 नगर पुलिस द्वारा विवेचना के दौरान दोषी पाए गए 02 वांछित अभियुक्तगण - 01. सुनील कुमार, 02. जय सिंह वर्मा को अम्बेडकर चौराहा लखनऊ रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तगण के विरूद्ध थाना को0नगर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।
जन-कल्याणकारी योजनाओं के साथ बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
*गोण्डा 11 जून,2026*।
ग्राम रानी पुरवा विकास खण्ड झंझरी में हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन टीम द्वारा जन-कल्याणकारी योजनाओं के प्रति आमजन को जागरूक करने एवं पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग की डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर शिवेन्द्र श्रीवास्तव एवं जेंडर स्पेशलिस्ट राज कुमार आर्य व ज्योत्स्ना सिंह द्वारा महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं सहित अन्य महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने लाभार्थियों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभ प्राप्त करने के संबंध में आवश्यक जानकारी दिया।

डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर शिवेन्द्र श्रीवास्तव ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता एवं आवश्यकता पड़ने पर उनके प्रयोग के बारे में भी जानकारी दी। जेण्डर स्पेशलिस्ट राज कुमार आर्य ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना से सम्बंधित स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया। जेण्डर स्पेशलिस्ट ज्योत्स्ना सिंह ने निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की जानकारी देते हुए शीघ्र आवेदन करने हेतु प्रेरित किया गया।
इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्री महाश्ववेता, रिताश्री, कमलेश कुमारी, संगीता सोनकर, दिव्या श्रीवास्तव, मिथलेश व अन्य महिलाएं तथा बच्चियां उपस्थिति रही।
सिपाही भर्ती परीक्षा का आज आखिरी दिन
*त्रिस्तरीय चेकिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश

गोंडा।उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर आज बुधवार को यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का तीसरा और अंतिम दिन है।आज आखिरी दिन होने के कारण परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ देखी जा रही है।परीक्षा देने के लिए परीक्षार्थी आजमगढ़, सुल्तानपुर, महराजगंज,सिद्धार्थनगर, बस्ती, बाराबंकी और अयोध्या सहित कई अन्य जिलों से गोंडा पहुंचे हैं।पुलिसकर्मी और परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारी कर्मचारी एक एक कर परीक्षार्थीयों की सघन जाँच कर रहे हैं।प्रवेश से पहले परीक्षार्थीयों की त्रिस्तरीय चेकिंग की जा रही है।मेटल डिटेक्टर से परीक्षार्थीयों के पूरे शरीर की जांच की जा रही है,जिसमें कान व जूते भी शामिल हैं।सभी परिक्षार्थी परीक्षार्थीयों का बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य है।बिना बायोमेट्रिक पुष्टि के किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है,जिन परीक्षार्थीयों का बायोमेट्रिक एक बार में नहीं हो पा रहा है,उन्हें दोबारा सत्यापन के बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा है।परीक्षार्थी एक हाथ में पेन,प्रवेश पत्र और आधार कार्ड तथा दूसरे हाथ में जूते लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर रहे हैं।आज तीसरे दिन के पहली पाली में 15 परीक्षा केंद्रों पर कुल 6024 परीक्षार्थीयों को कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा देनी है।परीक्षार्थी रोडवेज बसों और ट्रेन के माध्यम से यहाँ पहुंचे हैं।जिला मुख्यालय पर बने जिला स्तरीय सीसीटीवी कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है।इस परीक्षा के लिए 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट,स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 1000 से अधिक कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए हैं।जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा लगातार सभी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जा रही है।पिछले दो दिन के अंदर जिले में कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया है।
रेलवे स्टेशन पर देर रात परीक्षार्थियों की भारी भीड़,स्टेशन के बाहर जमीन पर बैठे रहे
*आरपीएफ और जीआरपी  ने संभाली कमान

गोंडा।जिले में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देने वाले और परीक्षा देकर लौट रहे परीक्षार्थियों की भारी भीड़ देर रात गोंडा रेलवे स्टेशन पर देखी गई है।परीक्षार्थियों की संख्या इतनी अधिक थी कि प्लेटफार्म पर बैठने की जगह नहीं बची।कई परीक्षार्थी स्टेशन के बाहर जमीन पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार करते नजर आए।परीक्षार्थियों की इस अत्यधिक भीड़ को देखते हुए गोंडा आरपीएफ और जीआरपी पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए तथा पूरी रात रेलवे स्टेशन की लगातार निगरानी जारी रही।परिक्षार्थियों के सकुशल ट्रेन से रवाना होने के बाद आरपीएफ और जीआरपी पुलिस ने राहत की सांस लिया।इस भीड़ के कारण अन्य यात्रियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा,क्योंकि टिकट होने के बावजूद भी उनको अच्छी तरह से खड़े होने की जगह नहीं मिल पा रही थी।गोंडा आरपीएफ प्रभारी अनिरुद्ध ने बताया कि परीक्षार्थीयों की अधिक संख्या सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।उन्होंने दावा किया कि किसी भी परीक्षार्थी या आम यात्री को कोई दिक्कत नहीं हुई और सभी को यात्रा करवाई गई।हालांकि देर रात से लेकर सुबह तक यात्रियों और परीक्षार्थीयों को घंटों तक ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा।इसके बाद वे अपने अपने घरों और परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना हुए।यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर के रेलवे द्वारा गोरखपुर से लखनऊ और लखनऊ से गोरखपुर तक दो स्पेशल परीक्षा ट्रेन भी चलाई जा रही है,ऐसे में उन ट्रेनों से भी यात्री अलग अलग जगहों के लिए यात्रा कर रहे हैं।लगातार सीसीटीवी कैमरों से भी गोंडा रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों पर नजर रखी जा रही है क्योंकि परीक्षार्थीयों की संख्या अधिक है।
पैसों के लेन-देन में युवक की निर्मम हत्या
*आक्रोशित परिजनों ने शव हाईवे पर रख लगाया जाम
पुलिस प्रशासन पर लापरवाही और हीलाहवाली का गंभीर आरोप

* गोंडा-जरवल मार्ग पर करीब पौन घंटे तक ठप रहा वाहनों का आवागमन, राहगीर परेशान।

करनैलगंज (गोंडा)। कोतवाली क्षेत्र के सकरौरा ग्रामीण इलाके में पैसों के लेन-देन के पुराने विवाद को लेकर एक 22 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या का आरोप लगा है। आरोप है कि वारदात के बाद हत्यारों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब युवक का शव गांव पहुंचा, तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय पुलिस पर मामले में घोर लापरवाही और टालमटोल (हीलाहवाली) करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों व परिजनों ने शव को गोंडा-जरवल हाईवे पर  ब्रम्हचारी स्थान के निकट शव रखकर चक्का जाम कर दिया। करीब पौन घंटे तक चले इस भारी हंगामे के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे उच्चाधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद ही जाम खुलवाया जा सका।
मौसी के लड़के पर लगा हत्या का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सकरौरा ग्रामीण निवासी राहुल कश्यप (22) पुत्र पप्पू कश्यप का अपने ही रिश्ते में मौसी के लड़के पंकज, निवासी डुडही असरना, के साथ पिछले काफी समय से पैसों के लेन-देन को लेकर गंभीर विवाद चल रहा था। परिजनों ने बताया कि सोमवार की रात पंकज ने राहुल को फोन करके किसी बहाने से अपने पास बुलाया था। राहुल जब देर रात तक वापस घर नहीं लौटा, तो परिजनों को अनहोनी की चिंता हुई और उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद मंगलवार की आधी रात्रि पिपरी पेट्रोल पंप के निकट, गोंडा-लखनऊ रेलवे ट्रैक के पास राहुल का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। परिजनों का सीधा आरोप है कि पंकज ने अपने कुछ अन्य अज्ञात साथियों के साथ मिलकर साजिश के तहत राहुल की बेरहमी से हत्या की और इसे रेल दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से शव को पिपरी के पास रेलवे ट्रैक के किनारे लिटा दिया था।मं गलवार दोपहर बाद जैसे ही राहुल का शव पोस्टमार्टम के बाद वापस गांव पहुंचा, वैसे ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने पिपरी ब्रह्मचारी बाबा स्थान के पास शव को मुख्य गोंडा-जरवल हाईवे के बीचों-बीच रख दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। शाम करीब 5:15 बजे शुरू हुआ यह चक्का जाम शाम 6:00 बजे तक पूरी तरह प्रभावी रहा। इस दौरान लखनऊ, बहराइच और गोंडा की ओर आने-जाने वाले सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन जाम में फंस गए, जिससे भीषण गर्मी में राहगीरों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
**पुलिस के ठोस आश्वासन पर खुला जाम
हाईवे जाम होने और हंगामे की संवेदनशीलता को देखते हुए करनैलगंज कोतवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के इस ठोस आश्वासन और विधिक कार्रवाई के भरोसे के बाद शाम करीब 6:00 बजे परिजनों ने शव को हाईवे से हटाया, जिसके बाद पुलिस ने यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया।
ब्लैक बेल्ट प्राप्त ताइक्वांडो 30 खिलाड़ियों को मंडलायुक्त ने किया सम्मानित
*ब्लैक बेल्ट प्राप्त ताइक्वांडो 30 खिलाड़ियों को मंडलायुक्त ने किया सम्मानित, बढ़ाया उत्साह*

*गोंडा के खिलाड़ियों ने बढ़ाया जनपद का मान, मंडलायुक्त ने किया सम्मानित*

*बालिकाएं आत्मरक्षा के लिए खेलों से जुड़ें: मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल*

*ताइक्वांडो में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 खिलाड़ियों का हुआ सम्मान*


*गोंडा, 09 जून 2026*  -  गोंडा जनपद के वर्ष 2025-26 में ताइक्वांडो महासंघ कोरिया द्वारा ब्लैक बेल्ट की उपाधि प्राप्त 19 बालक एवं 11 बालिका ताइक्वांडो खिलाड़ियों को मंगलवार को मंडलायुक्त देवीपाटन दुर्गा शक्ति नागपाल ने अपने कार्यालय में सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को ब्लैक बेल्ट प्रमाण पत्र, आईडी कार्ड, पदक एवं पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मंडलायुक्त ने खिलाड़ियों से संवाद स्थापित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा आत्मरक्षा के प्रति स्वयं जागरूक बनें और अन्य लोगों को भी जागरूक करें। उन्होंने सभी बच्चों की सालो की कड़ी मेहनत की सराहना की।

उन्होंने गोंडा ताइक्वांडो एसोसिएशन की सराहना करते हुए कहा कि संस्था द्वारा प्रदान किए जा रहे गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन के परिणामस्वरूप जनपद के खिलाड़ी ताइक्वांडो में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश एवं देश स्तर पर गोंडा का नाम रोशन कर रहे हैं। मंडलायुक्त ने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनकी भावी योजनाओं एवं लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान गोंडा ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव डॉ. प्रत्यूष राज ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों एवं एसोसिएशन की गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की।

मंडलायुक्त ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित भाव से कार्य करें तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर राष्ट्र और जनपद का गौरव बढ़ाएं तथा सशक्त भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

ब्लैक बेल्ट उपाधि प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों में अर्णव सोनी, अथर्व राज सोनी, नैतिक तिवारी, प्रांजल पांडेय, अंकुर आर्या, मोबीन, पुष्कर शुक्ला, कुशाग्र शर्मा, निर्भय शेखर तिवारी, राम मिश्रा, अरहम मंजूर, शौर्य गुप्ता, प्रणय प्रजापति, शिवांश मिश्रा, प्रमुदित राजपाल, सौम्य सिंह राणा, अभ्युदय सिंह, संभव प्रकाश, आशीष आर्या, अनमोल शुक्ला, नवनीत सिंह तथा बालिका वर्ग में अक्षिता सिंह, ज्योति चौधरी, आराध्या गुप्ता, वैभवी सिंह, नैना उपाध्याय, अनुष्का गुप्ता, कृषा श्रीवास्तव, अनन्या सिंह, मान्या गुप्ता, स्नेह मिश्रा एवं श्रद्धा गुप्ता शामिल रहीं। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदान करने वाले प्रशिक्षक देवेंद्र शर्मा एवं संदीप चौहान को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अपर आयुक्त मीनू राणा व राजेश कुमार यादव एवं संयुक्त विकास आयुक्त राकेश कुमार पाण्डेय उपस्थित रहे।
ऐली परसौली गोडियन पुरवा में आयोजित होगा वृहद राज्य स्तरीय बाढ़ आपदा मॉकड्रिल एक्सरसाइज*
*गोण्डा 09 जून,2026*।उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से प्राप्त आदेश के अनुपालन में बाढ़ मॉक ड्रिल की रूपरेखा तैयार की गई है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के द्वारा आगामी 11 जून 2026 को जनपद की तहसील तरबगंज अंतर्गत ग्राम ऐली परसौली स्थित गोडियन पुरवा घाट पर एक वृहद राज्य स्तरीय बाढ़ आपदा मॉक एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया जा रहा है।

यह महत्वपूर्ण अभ्यास प्रातः 09:00 बजे से होगा।

*मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य:*
तैयारियों का आकलन: बाढ़ जैसी गंभीर प्राकृतिक आपदा के समय प्रशासनिक तैयारियों त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और रिस्पांस टाइम को परखना।

अंतर-विभागीय समन्वय: पुलिस चिकित्सा स्वास्थ्य राजस्व अग्निशमन (Fire Brigade) और आपदा प्रबंधन टीमों के बीच आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत करना।

जन-जागरूकता: स्थानीय नागरिकों को बाढ़ के समय बरती जाने वाली सावधानियों और राहत व बचाव कार्यों के प्रति जागरूक करना।
इस कार्यक्रम को पूरी तरह सफल बनाने के लिए संबंधित सभी विभागों को समय से अपनी तैयारियों के साथ मौके पर उपस्थित रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रशासन ने स्थानीय जनमानस से भी अपील की है कि वे इस मॉक ड्रिल (अभ्यास) को वास्तविक आपदा न समझें यह केवल एक सुरक्षात्मक अभ्यास और तैयारी का हिस्सा है।