ब्रह्माकुमारीज़ के तीन दिवसीय समर कैंप का उत्साहपूर्ण समापन
मीरजापुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रभु उपहार भवन में आयोजित तीन दिवसीय समर कैंप का सफलतापूर्वक एवं उत्साहपूर्ण समापन हुआ। समापन दिवस पर भी कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना एवं योगाभ्यास से हुई। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बीके वीरेंद्र भाई जी ने बच्चों को योग सिखाते हुए सफलता, अनुशासन और आत्मविश्वास से जुड़े प्रेरणादायक अनुभव साझा किए। बीके आरती दीदी जी ने बच्चों को संगीत का अभ्यास कराया, जबकि बीके दिव्यानी बहन ने रचनात्मक गतिविधि के अंतर्गत कुकुंबर बोट बनाना सिखाया, जिसे बच्चों ने स्वयं तैयार कर आनंदपूर्वक ग्रहण किया। बीके शिवानी बहन ने बच्चों को आकर्षक नृत्य सिखाया तथा बीके नीता दीदी ने राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराकर मन की शक्ति और एकाग्रता का महत्व बताया। तीन दिनों के दौरान बच्चों ने योग, गीत-संगीत, नृत्य, अबेकस, क्राफ्ट, मेडिटेशन एवं नैतिक मूल्यों से भरपूर अनेक गतिविधियों में सहभागिता कर अपने व्यक्तित्व को निखारा। समापन अवसर पर सेवा केंद्र प्रभारी बीके बिंदु दीदी जी ने सभी बच्चों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए। कलरिंग, गेम्स एवं क्राफ्ट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बच्चों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि समर कैंप ने उन्हें बहुत कुछ नया सिखाया, अच्छे मित्र दिए और आत्मविश्वास बढ़ाया। उन्होंने इच्छा व्यक्त की कि ऐसे संस्कारमय शिविर और अधिक दिनों तक आयोजित किए जाएँ तथा वे भविष्य में भी नियमित रूप से इसमें भाग लेंगे। कार्यक्रम की सफलता में बीके शकीला बहन, बीके हाशमी भाई जी, रेहाना जी एवं सेवा केंद्र से जुड़े सभी भाई-बहनों का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने पूरे कैंप के दौरान बच्चों की प्रेमपूर्वक देखभाल और मार्गदर्शन किया।
आध्यात्मिकता, संस्कार और आनंद से परिपूर्ण यह तीन दिवसीय समर कैंप बच्चों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बनकर संपन्न हुआ।
1 hour and 55 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k