पैसों के लेन-देन में युवक की निर्मम हत्या
*आक्रोशित परिजनों ने शव हाईवे पर रख लगाया जाम
पुलिस प्रशासन पर लापरवाही और हीलाहवाली का गंभीर आरोप

* गोंडा-जरवल मार्ग पर करीब पौन घंटे तक ठप रहा वाहनों का आवागमन, राहगीर परेशान।

करनैलगंज (गोंडा)। कोतवाली क्षेत्र के सकरौरा ग्रामीण इलाके में पैसों के लेन-देन के पुराने विवाद को लेकर एक 22 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या का आरोप लगा है। आरोप है कि वारदात के बाद हत्यारों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब युवक का शव गांव पहुंचा, तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय पुलिस पर मामले में घोर लापरवाही और टालमटोल (हीलाहवाली) करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों व परिजनों ने शव को गोंडा-जरवल हाईवे पर  ब्रम्हचारी स्थान के निकट शव रखकर चक्का जाम कर दिया। करीब पौन घंटे तक चले इस भारी हंगामे के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे उच्चाधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद ही जाम खुलवाया जा सका।
मौसी के लड़के पर लगा हत्या का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सकरौरा ग्रामीण निवासी राहुल कश्यप (22) पुत्र पप्पू कश्यप का अपने ही रिश्ते में मौसी के लड़के पंकज, निवासी डुडही असरना, के साथ पिछले काफी समय से पैसों के लेन-देन को लेकर गंभीर विवाद चल रहा था। परिजनों ने बताया कि सोमवार की रात पंकज ने राहुल को फोन करके किसी बहाने से अपने पास बुलाया था। राहुल जब देर रात तक वापस घर नहीं लौटा, तो परिजनों को अनहोनी की चिंता हुई और उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद मंगलवार की आधी रात्रि पिपरी पेट्रोल पंप के निकट, गोंडा-लखनऊ रेलवे ट्रैक के पास राहुल का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। परिजनों का सीधा आरोप है कि पंकज ने अपने कुछ अन्य अज्ञात साथियों के साथ मिलकर साजिश के तहत राहुल की बेरहमी से हत्या की और इसे रेल दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से शव को पिपरी के पास रेलवे ट्रैक के किनारे लिटा दिया था।मं गलवार दोपहर बाद जैसे ही राहुल का शव पोस्टमार्टम के बाद वापस गांव पहुंचा, वैसे ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने पिपरी ब्रह्मचारी बाबा स्थान के पास शव को मुख्य गोंडा-जरवल हाईवे के बीचों-बीच रख दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। शाम करीब 5:15 बजे शुरू हुआ यह चक्का जाम शाम 6:00 बजे तक पूरी तरह प्रभावी रहा। इस दौरान लखनऊ, बहराइच और गोंडा की ओर आने-जाने वाले सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन जाम में फंस गए, जिससे भीषण गर्मी में राहगीरों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
**पुलिस के ठोस आश्वासन पर खुला जाम
हाईवे जाम होने और हंगामे की संवेदनशीलता को देखते हुए करनैलगंज कोतवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के इस ठोस आश्वासन और विधिक कार्रवाई के भरोसे के बाद शाम करीब 6:00 बजे परिजनों ने शव को हाईवे से हटाया, जिसके बाद पुलिस ने यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया।
ब्लैक बेल्ट प्राप्त ताइक्वांडो 30 खिलाड़ियों को मंडलायुक्त ने किया सम्मानित
*ब्लैक बेल्ट प्राप्त ताइक्वांडो 30 खिलाड़ियों को मंडलायुक्त ने किया सम्मानित, बढ़ाया उत्साह*

*गोंडा के खिलाड़ियों ने बढ़ाया जनपद का मान, मंडलायुक्त ने किया सम्मानित*

*बालिकाएं आत्मरक्षा के लिए खेलों से जुड़ें: मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल*

*ताइक्वांडो में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 खिलाड़ियों का हुआ सम्मान*


*गोंडा, 09 जून 2026*  -  गोंडा जनपद के वर्ष 2025-26 में ताइक्वांडो महासंघ कोरिया द्वारा ब्लैक बेल्ट की उपाधि प्राप्त 19 बालक एवं 11 बालिका ताइक्वांडो खिलाड़ियों को मंगलवार को मंडलायुक्त देवीपाटन दुर्गा शक्ति नागपाल ने अपने कार्यालय में सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को ब्लैक बेल्ट प्रमाण पत्र, आईडी कार्ड, पदक एवं पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मंडलायुक्त ने खिलाड़ियों से संवाद स्थापित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा आत्मरक्षा के प्रति स्वयं जागरूक बनें और अन्य लोगों को भी जागरूक करें। उन्होंने सभी बच्चों की सालो की कड़ी मेहनत की सराहना की।

उन्होंने गोंडा ताइक्वांडो एसोसिएशन की सराहना करते हुए कहा कि संस्था द्वारा प्रदान किए जा रहे गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन के परिणामस्वरूप जनपद के खिलाड़ी ताइक्वांडो में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश एवं देश स्तर पर गोंडा का नाम रोशन कर रहे हैं। मंडलायुक्त ने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनकी भावी योजनाओं एवं लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान गोंडा ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव डॉ. प्रत्यूष राज ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों एवं एसोसिएशन की गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की।

मंडलायुक्त ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित भाव से कार्य करें तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर राष्ट्र और जनपद का गौरव बढ़ाएं तथा सशक्त भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

ब्लैक बेल्ट उपाधि प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों में अर्णव सोनी, अथर्व राज सोनी, नैतिक तिवारी, प्रांजल पांडेय, अंकुर आर्या, मोबीन, पुष्कर शुक्ला, कुशाग्र शर्मा, निर्भय शेखर तिवारी, राम मिश्रा, अरहम मंजूर, शौर्य गुप्ता, प्रणय प्रजापति, शिवांश मिश्रा, प्रमुदित राजपाल, सौम्य सिंह राणा, अभ्युदय सिंह, संभव प्रकाश, आशीष आर्या, अनमोल शुक्ला, नवनीत सिंह तथा बालिका वर्ग में अक्षिता सिंह, ज्योति चौधरी, आराध्या गुप्ता, वैभवी सिंह, नैना उपाध्याय, अनुष्का गुप्ता, कृषा श्रीवास्तव, अनन्या सिंह, मान्या गुप्ता, स्नेह मिश्रा एवं श्रद्धा गुप्ता शामिल रहीं। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदान करने वाले प्रशिक्षक देवेंद्र शर्मा एवं संदीप चौहान को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अपर आयुक्त मीनू राणा व राजेश कुमार यादव एवं संयुक्त विकास आयुक्त राकेश कुमार पाण्डेय उपस्थित रहे।
ऐली परसौली गोडियन पुरवा में आयोजित होगा वृहद राज्य स्तरीय बाढ़ आपदा मॉकड्रिल एक्सरसाइज*
*गोण्डा 09 जून,2026*।उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से प्राप्त आदेश के अनुपालन में बाढ़ मॉक ड्रिल की रूपरेखा तैयार की गई है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के द्वारा आगामी 11 जून 2026 को जनपद की तहसील तरबगंज अंतर्गत ग्राम ऐली परसौली स्थित गोडियन पुरवा घाट पर एक वृहद राज्य स्तरीय बाढ़ आपदा मॉक एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया जा रहा है।

यह महत्वपूर्ण अभ्यास प्रातः 09:00 बजे से होगा।

*मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य:*
तैयारियों का आकलन: बाढ़ जैसी गंभीर प्राकृतिक आपदा के समय प्रशासनिक तैयारियों त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और रिस्पांस टाइम को परखना।

अंतर-विभागीय समन्वय: पुलिस चिकित्सा स्वास्थ्य राजस्व अग्निशमन (Fire Brigade) और आपदा प्रबंधन टीमों के बीच आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत करना।

जन-जागरूकता: स्थानीय नागरिकों को बाढ़ के समय बरती जाने वाली सावधानियों और राहत व बचाव कार्यों के प्रति जागरूक करना।
इस कार्यक्रम को पूरी तरह सफल बनाने के लिए संबंधित सभी विभागों को समय से अपनी तैयारियों के साथ मौके पर उपस्थित रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रशासन ने स्थानीय जनमानस से भी अपील की है कि वे इस मॉक ड्रिल (अभ्यास) को वास्तविक आपदा न समझें यह केवल एक सुरक्षात्मक अभ्यास और तैयारी का हिस्सा है।
मोबाइल टावर पर चढ़ी सोशल मीडिया क्रिएटर काजल,जेल में बंद प्रेमी के साथ रहने की की मांग
*काजल ने खुद जेल भिजवाया था प्रेमी को

गोंडा।जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र अंतर्गत दिखलौल ग्राम पंचायत के मर्दन पुरवा गांव में सोमवार शाम लगभग 5 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब सोशल मीडिया क्रिएटर काजल सिंह अपने प्रेमी के साथ रहने की मांग को लेकर 125 फिट ऊंचे जियो टावर पर चढ़ गई और टावर की लगभग 100 फिट की ऊंचाई पर बैठ गई।मामले की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर शिल्पा वर्मा व इटियाथोक थाने के प्रभारी निरीक्षक कमला कांत त्रिपाठी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।काजल सिंह की मांग है कि उसके प्रेमी को जेल से रिहा किया जाए और उसे साथ रहने दिया जाए।यहाँ बताते चलें कि काजल सिंह ने ही अपने प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था,जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला मुख्यालय स्थित मंडलीय कारागार भेज दिया गया था।पुलिसकर्मी लगातार काजल सिंह से फोन और लाउडस्पीकर के माध्यम से नीचे उतरने का आग्रह कर रहे हैं।उन्हें कार्रवाई का आश्वासन भी दिया जा रहा है,परन्तु काजल सिंह नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं है।काजल एक घंटे से अधिक समय से टावर पर 100 फिट की उंचाई पर बैठी हुई है।यह गांव काजल सिंह का ससुराल बताया जा रहा है,जहाँ उनकी शादी हुई थी।ससुराल के ही एक युवक के साथ काजल सिंह के प्रेम संबंध थे।इस घटना के बाद काजल के पति ने उन्हें छोड़ दिया था।पति के छोड़ने के बाद काजल सिंह ने अपने प्रेमी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया था,जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर शिल्पा वर्मा ने बताया कि मौके पर पहुंचकर काजल सिंह को समझाने का प्रयास किया जा रहा है और आश्वासन दिया जा रहा है कि उसकी जो भी मांग है,वह सभी मांग पूरी की जाएगी उसके बाद भी वह नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं है।टावर 125 फिट ऊंचा है और वह 100 फिट पर चढ़कर बैठी हुई है।काजल वहीं पर सो गई थी परन्तु लाउडस्पीकर से बोलने से वह जाग गई है।उसकी मांग है कि उसने अपने प्रेमी के खिलाफ मुकदमा लिखवा कर के उसे जैसे जेल भेजा था,उसे जेल से छोड़ा जाए और उसे जेल से छुड़वा करके यहाँ लाया जाए,ताकि वह उसके साथ रह सके।हम लोगों ने आश्वासन दिया है कि आपके बयान पर ही आपका प्रेमी जेल से छूट जाएगा।हमलोग पिछले एक घंटे से लगातार उसको नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं।
मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद से महिलाओं की समस्याओं का हो रहा त्वरित समाधान

*मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद बना महिलाओं के लिए न्याय का सशक्त मंच*

*महिलाओं की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित, शक्ति संवाद में पहुंचे 37 मामलों पर एक सप्ताह में आख्या तलब*

*दहेज उत्पीड़न से लेकर पारिवारिक विवाद तक, मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद में मिली महिलाओं की शिकायतों को मिली प्राथमिकता*

*37 महिलाओं ने आयुक्त से की शिकायतों के निस्तारण की मांग*


*गोण्डा 08 जून 2026*  -  मंडलायुक्त कार्यालय में आयोजित मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम महिलाओं की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण का सशक्त माध्यम बन रहा है। सोमवार को आयोजित संवाद कार्यक्रम में 37 महिलाओं ने आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के समक्ष अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं। आयुक्त ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार फोटोग्राफ सहित आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने कहा कि शक्ति संवाद कार्यक्रम के दौरान प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायत के निस्तारण से पूर्व शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर उसकी संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए।


सोमवार को आयोजित संवाद कार्यक्रम में मोहल्ला मालवीय नगर निवासी दुर्गा पाण्डेय ने अपनी दुधमुंही बच्ची एवं पांच वर्षीय पुत्र को वापस दिलाए जाने संबंधी शिकायत प्रस्तुत की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आयुक्त ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित थाना को आवश्यक जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा शीघ्र आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

कार्यक्रम में मनकापुर थाना क्षेत्र के ग्राम मिश्रौलिया बनकटवा निवासी शहनाज बानो ने पति मोहम्मद कलीम एवं सास साजिदा पर दहेज को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने तथा घर से निकालने का आरोप लगाया। प्रार्थिनी ने बताया कि विवाह के बाद से लगातार उत्पीड़न किया गया। आरोप है कि 1 जून 2026 को पति ने बच्चों को उससे अलग कर घर से निकाल दिया और वापस आने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण थानाध्यक्ष मनकापुर को भेजते हुए 5 दिवस में आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।


*सुलह समझौता से हुआ समाधान*

वहीं रानीपुरवा (जानकी नगर) निवासी मनूप्रिया ने अपने घर के मार्ग पर बने नाली के चैम्बर को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के उपरांत पुलिस एवं प्रशासन की पहल पर दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से सुलह-समझौता हो गया। शिकायतकर्ता ने भी दूरभाष पर पुष्टि करते हुए बताया कि उनकी समस्या का समाधान हो चुका है तथा अब वह किसी अतिरिक्त कार्रवाई की इच्छुक नहीं हैं।

*राशन की समस्या का हुआ समाधान*

विगत शक्ति संवाद कार्यक्रमों में प्राप्त कई शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण कराया जा चुका है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत मिश्रौलिया कानूनगो निवासी मीना पत्नी बब्लू चौहान ने अपने पात्र गृहस्थी राशन कार्ड में परिवार के छूटे हुए सदस्यों के नाम शामिल किए जाने की मांग रखी थी। आयुक्त के निर्देश पर जिला पूर्ति विभाग ने आवश्यक कार्यवाही करते हुए राशन कार्ड में छूटे हुए सदस्यों के नाम सम्मिलित कर दिए, जिससे शिकायतकर्ता की समस्या का समाधान हो गया।



आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद का उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उनका समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है, जिससे महिलाओं को त्वरित न्याय एवं राहत मिल सके।
मेहनौन विधानसभा क्षेत्र के ढुंडाव ग्राम पंचायत में संपर्क मार्ग का किया शिलान्यास

गोंडा।जिले के मेहनौन विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने ढुंडा़व ग्राम पंचायत में एक किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया।इस अवसर पर मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कई वर्षों से सड़क का निर्माण कार्य नहीं हुआ था जिससे हजारों लोगों का आवागमन में कठिनाइयां होती थी उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार में लगातार विकास कार्य होते आ रहे हैं भाजपा सरकार में तमाम रोड़ों का निर्माण कार्य करवाया गया है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक विनय कुमार द्विवेदी द्वारा एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन पर समाजवादी पार्टी नेताओं को हाउस अरेस्ट किऐ जब भी सरकार द्वारा कोई अच्छा काम किया जाता है तो विपक्ष उसमें बाधा डालने में पीछे नहीं रहता।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी घेरे में लाया गया कहा गया कि जब तक प्रदेश में सपा की सरकार थी तब तक लोग बिजली पानी और सड़क से वंचित थे उत्तर प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की सरकार के द्वारा उत्तर प्रदेश में बहुत सारे विकास कार्य कराए गए हैं और लगातार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा और भी विकास कार्य करवाए जाने हैं।

विधायक के द्वारा सुभागपुर रेलवे ओवर ब्रिज के बारे में भी जिक्र किया गया कहा गया यह कार्य भी हमारे कार्य योजना में है जल्द ही इसकी स्वीकृति सरकार से मिल जाएगी और निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

वही नीट के पेपर लीक मामले पर एक पत्रकार के द्वारा सवाल जब पूछा गया तो विधायक के द्वारा कहा गया कि पूरा भारत राहुल गांधी को किस नाम से जानता है सभी लोग जानते हैं अपने मुंह से उनको कुछ कह नहीं सकते हैं। भारतेंदु पार्टी की सरकार के अच्छे कामों को कांग्रेस नहीं देख रही है। और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार बचकाना हरकत करते हैं 2047 में भारत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा विकसित भारत बनाने के लिए लगातार प्रयास रत हैं और भारत 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनेगा।
15 केंद्रों पर सिपाही भर्ती परीक्षा,जूते मोजे उतरवाकर मिल रहा प्रवेश
*पहली बार परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों का बायोमेट्रिक

गोंडा।उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिवसीय सिपाही भर्ती परीक्षा आज से प्रारंभ हो गई है।पहले दिन परिक्षार्थीयों को त्रिस्तरीय सघन चेकिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है।परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ देखा जा सकता है।सुरक्षा के मद्देनजर जूते व मोजे उतरवाकर सघन तलाशी ली जा रही है।इस बार परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों का भी बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा रहा है इसका उद्देश्य परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकना है।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने पहले ही सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।किसी भी परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी का कलावा या महिला परीक्षार्थियों का मंगल सूत्र नहीं उतरवाया जा रहा है।धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुँचे,इसके लिए किसी भी धर्म से जुड़ी वस्तुओं को हटाने का निर्देश नहीं है।आज प्रथम पाली में 6024 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी है,जबकि दूसरी पाली में भी इतने ही परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी है।जिला मुख्यालय  पर बने जिला स्तरीय सीसीटीवी कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है।परीक्षा व्यवस्था में 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट,स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 1000 से अधिक कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए हैं।परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम की 20 बसें आरक्षित की गई हैं,जिन्हें आवश्यकतानुसार विभिन्न मार्गों पर चलाया जा रहा है।वहीं परीक्षा देने के लिए अयोध्या, फतेहपुर और आजमगढ़ से आए परीक्षार्थियों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने रोडवेज बस में आधा किराया देने का एलान किया था,इसलिए आधा किराया हमलोगों से नहीं लिया गया है।परीक्षा को लेकर हमलोगों ने सारी तैयारियां पुरी कर ली है,किसी भी प्रकार की दिक्कत परीक्षा में हमलोगों को नहीं होगी।
तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंचा,भीषण गर्मी जारी,घरों से न निकलने की अपील
*अगले दो दिन बढ़ेगा तापमान

गोंडा।जिले में रविवार को भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा,सुबह तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो अपरान्ह दो बजे तक बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।लगातार बढ़ती गर्मी से आम जन जीवन प्रभावित हो रहा है।गर्मी से बचाव के लिए नगर पालिका परिषद गोंडा द्वारा विभिन्न गाड़ियों के माध्यम से सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है।सड़कों पर निकलने वाले लोग धूप से बचने के लिए अपने चेहरे को दुपट्टे या गमछे से ढके हुए दिखाई दिये।जिला प्रशासन ने भीषण गर्मी को देखते हुए एडवाइजरी जारी कर लोगों से अपील किया है कि आवश्यक कार्य होने पर ही घर से निकलें अन्यथा पूर्वाह्न् 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी का अनुमान लगाया है,जिससे तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।लोगों को आज ही 41 - 42 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है।प्रशासन ने लोगों को घरों में सुरक्षित रहने तथा अधिक से अधिक पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दिया है।नगर पालिका परिषद व जिला प्रशासन द्वारा जगह जगह पर प्याऊ भी लगवाए गये हैं ताकि लोगों को गर्मी से परेशानी न हो।जिला प्रशासन ने यह भी बताया कि मानसून धीरे धीरे आ रहा है और इसके आने पर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
गोंडा लखनऊ संजय सेतु का मरम्मत कार्य 52 दिन में हुआ पूरा,2.50 करोड़ की लागत से हुई मरम्मत
*10 जून को होगा छोटे वाहनों का ट्रायल

गोंडा।गोंडा लखनऊ को जोड़ने वाले घाघरा नदी पर बने एक मात्र संजय सेतु का मरम्मत कार्य 52 दिनों में आज 7 जून को पूरा हो गया है।राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने ढाई करोड़ रुपए की लागत से इस पुल का मरम्मत किया है।मरम्मत के बाद पुल पर तीन दिन बाद अर्थात 10 जून से छोटे वाहनों का आवागमन ट्रायल बेस पर प्रारंभ होगा और इस दौरान पुल की स्थिति का  आंकलन किया जाएगा तथा इसके दस दिनों के अंदर ही बड़े वाहनों को भी पुल से गुजरने की अनुमति प्रदान की जाएगी।यह निर्णय पुल पर अचानक अधिक भार पड़ने से रोकने के लिए किया गया है क्योंकि इसमें नयी वायरिंग और अन्य संरचनात्मक बदलाव किए गए हैं।संजय सेतु पर आवागमन बहाल होने से गोंडा और लखनऊ के बीच यात्रा करने वाले लाखों लोगों को राहत मिलेगी।वर्तमान में यात्रियों को अयोध्या होते हुए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है,जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है और रोडवेज बसों का किराया भी बढ़ गया था।मरम्मत कार्य के दौरान पुल पर नयी डामरीकरण सड़क बनाई गई है और पेंटिंग का कार्य किया गया है,लोहे के बाउंड्री वाल की मरम्मत भी की गई है और साफ सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया है।मरम्मत कार्य के दौरान आम जनता और यात्रियों को परेशानी न हो,इसके लिए शासन के निर्देश पर 6.18 करोड़ रुपए की भारी भरकम लागत से एक वैकल्पिक पीपा पुल तैयार किया गया था।इस अस्थाई व्यवस्था से छोटे वाहनों और स्थानीय राहगीरों को तो बड़ी राहत मिली और उनका आवागमन जारी है।अब जल्द ही बड़े वाहनों को भी इस चक्कर से मुक्ति मिल जाएगी।इस संजय सेतु घाघरा पुल का इतिहास बेहद खास है।9 अप्रैल 1981 को उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह ने इस पुल का लोकार्पण किया था और अब वर्ष 2026 में इस पुल के सफल संचालन के 45 वर्ष पूरे हो चुके हैं।यह सेतु केवल गोंडा ही नहीं बल्कि पड़ोसी देश नेपाल जाने वाले यात्रियों के लिए भी सबसे महत्वपूर्ण सम्पर्क मार्ग है।
सिपाही भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी,15 केंद्रों पर तीन दिन में 37440 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
*छ: पालियों में आयोजित होगी परीक्षा

गोंडा।जिले में यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।यह परीक्षा कल 8 जून से शुरू होगी और 10 जून तक चलेगी।जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिनों में कुल 37,440 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।परीक्षा कुल छ: पालियों में आयोजित होगी,जिसमें प्रत्येक पाली में 6,240 परिक्षार्थी शामिल होंगे।परीक्षा केंद्रों पर साफ सफाई, अच्छी बेंच और डेस्क स्लिप लगाने का काम पूरा हो गया है।गर्मी को देखते हुए सभी केंद्र व्यवस्थापकों को पंखे,कूलर पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर त्रिस्तरीय निगरानी की व्यापक व्यवस्था की गई है।इसमें अभ्यर्थियों की जांच के साथ साथ सीसीटीवी निगरानी और बायोमैट्रिक सत्यापन तथा रैटिना स्कैन की व्यवस्था शामिल है।इस बार न केवल अभ्यर्थियों का,बल्कि परीक्षा ड्यूटी पर लगे सभी कर्मचारियों का भी बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा।बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा।ताकि नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित की जा सके।परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली अपरान्ह तीन बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होगी।अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और काले अथवा नीले रंग का पेन ही केंद्र में ले जाने की अनुमति होगी।परीक्षा केंद्रों से स्ट्रांगरूम तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा और केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट की दुकानें भी बंद रखने के निर्देश दिये गये हैं।सभी परीक्षा केंद्रों पर यूपी एसटीएफ और स्थानीय अभिसूचना इकाई की लगातार नजर रहेगी।इसके अतिरिक्त जिले की एसओजी और सर्विलांस टीम को भी सक्रिय किया गया है।जिले के साइबर सेल को भी इस कार्य में लगाया गया है,जो टैलीग्राम और सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखेगी ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह को फैलने से रोका जा सके।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।लगातार अधिकारियों द्वारा सभी परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया जा रहा है।

इन स्कूलों को बनाया गया है परीक्षा केंद्र

जिले में कल से शुरू हो रहे यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए जिले के भैया राघवराम पांडेय स्मारक गांधी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज,भारतीय इंटर कॉलेज कटरा बाजार,पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज,जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय,जिगर मैमोरियल इंटर कॉलेज,कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज,महाराजा देवी बख्श सिंह इंटर कॉलेज बेलसर,राजेंद्र नाथ लाहिड़ी इंटर कॉलेज डुमरियाडीह,पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज,सरयू प्रसाद कन्या पाठशाला,शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज,श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज रेलवे कालोनी,एलबीएस महाविद्यालय विज्ञान परिसर,एलबीएस महाविद्यालय मुख्य परिसर तथा स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।