गया क्लब ग्राउंड में लंदन सिटी डिज्नीलैंड मेला का शुभारंभ, गर्मी की छुट्टियों में परिवार संग मनोरंजन का सुनहरा अवसर
गया: गर्मी की छुट्टियों में बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए गया क्लब ग्राउंड में जलपरी शो सह डिज्नीलैंड मेला का भव्य शुभारंभ हो गया। मेले के उद्घाटन के साथ ही शहरवासियों के लिए मनोरंजन, खरीदारी और स्वादिष्ट व्यंजनों का अनूठा संगम उपलब्ध हो गया है। आयोजकों का दावा है कि इस बार मेले में कई नए और आकर्षक मनोरंजन साधन शामिल किए गए हैं, जो बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को रोमांचित करेंगे।
आरंभ बिजनेस एंड मार्केटिंग द्वारा आयोजित इस मेले का उद्घाटन बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, गया नगर निगम के मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान तथा पूर्व डिप्टी मेयर अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर गया क्लब के सचिव मनीष अग्रवाल और समाजसेवी जुगल किशोर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि मेले भारतीय संस्कृति और सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। आधुनिक मोबाइल और इंटरनेट के दौर में बच्चों को पारंपरिक मेलों और सामूहिक मनोरंजन से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के साथ मेले में आएं और उन्हें सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से परिचित कराएं।
मेले के आयोजक विक्की पांडे ने बताया कि हर वर्ष लोगों के लिए कुछ नया प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाता है। इस बार गया में पहली बार आकर्षक जलपरी शो का आयोजन किया गया है। इसके अलावा टोरा-टोरा, ब्रेक डांस, टावर झूला, ड्रैगन ट्रेन, टॉय ट्रेन, मिकी माउस राइड, वॉल वंशी और विभिन्न किड्स राइड्स बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। रोमांच पसंद करने वालों के लिए भूत बंगला भी तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह मेला केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि खरीदारी के लिए भी बेहतरीन अवसर प्रदान कर रहा है। मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आए व्यापारियों ने अपने स्टॉल लगाए हैं, जहां घरेलू उपयोग की वस्तुओं से लेकर हस्तशिल्प और सजावटी सामान तक उपलब्ध हैं।
मेले के प्रबंधक रोहन जायसवाल ने बताया कि राजस्थानी और जयपुरी अचार, विभिन्न प्रकार के चूरन, सहारनपुर के फर्नीचर, महिलाओं के सौंदर्य प्रसाधन, हस्तशिल्प उत्पाद तथा अन्य घरेलू सामान लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की पसंद को ध्यान में रखते हुए विभिन्न कार्टून कैरेक्टर भी मेले में शामिल किए गए हैं। लंदन स्ट्रीट सेल्फी थीम पर तैयार किया गया डिज्नीलैंड मेला युवाओं और बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
मेले से जुड़े नित्यानंद सिंह ने बताया कि प्रवेश करते ही लोगों को रोमांच और उत्साह का अनुभव होगा। महिलाओं के लिए ज्वेलरी आइटम, राजस्थानी कंगन, मुंबई के फैंसी चप्पल-जूते और अन्य उपयोगी सामान किफायती दरों पर उपलब्ध हैं। इसके साथ ही खानपान की भी विशेष व्यवस्था की गई है। यहां भारतीय व्यंजनों के अलावा चाइनीज फास्ट फूड, भेलपुरी, पाव भाजी, पॉपकॉर्न, कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम और पेस्ट्री सहित कई स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध हैं।
4 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0