पुलिस भर्ती परीक्षा के मद्देनजर 20 बसें रिजर्व,8 से 10 जून तक व्यवस्था
*37,440 अभ्यर्थियों के लिए विशेष कार्ययोजना

गोंडा।जिले में आठ से दस जून तक आयोजित होने वाली यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन व रोडवेज विभाग ने व्यापक तैयारियां पुरी कर ली हैं।जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में 37,440 अभ्यर्थी शामिल होंगे।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अभ्यर्थियों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न होने के निर्देश दिए जाने के बाद रोडवेज विभाग ने विशेष कार्ययोजना तैयार किया है।यह व्यवस्था आज देर रात 12 बजे से लागू होकर 10 जून की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।योजना के तहत रोडवेज प्रशासन ने 20 बसों को आरक्षित रखा है तथा इसके अलावा जरूरत के अनुसार विभिन्न मार्गों पर 50 से अधिक अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।परीक्षा अवधि के दौरान प्रमुख मार्गों पर बसों के फेरे भी बढा़ए जाएंगे,ताकि परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा मिल सके।गोंडा डिपो से अयोध्या, बलरामपुर, बस्ती और सिद्धार्थनगर समेत प्रमुख मार्गों पर अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी,तथा जिन मार्गों पर अतिरिक्त भी़ड़ मिलेगी,वहाँ तत्काल आरक्षित बसों को लगाया जाएगा।रोडवेज विभाग के बारे अधिकारी और कर्मचारी पूरी व्यवस्था की लगातार निगरानी करेंगे।हरिश्चंद्र पांडेय ने बताया कि यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पुरी कर ली गई हैं।उन्होंने कहा कि 20 से अधिक बसें आरक्षित रखी गई हैं।जबकि 50 से अधिक बसें पहले से संचालित हैं।किसी भी आपात स्थिति में आरक्षित बसों को तत्काल सेवा में लगाया जाएगा।प्रबंधन का उद्देश्य है कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परिवहन संबंधी किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और वे समय से अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंच सकें।
पीएम किसान सम्मान निधि की अगली किस्त के लिए 30 जून तक ई-केवाईसी और फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य*
*गोंडा, 06 जून 2026* -  प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में पारदर्शिता बढ़ाने, डाटा सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा केवल वास्तविक एवं जीवित लाभार्थियों को ही योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से भारत सरकार ने सभी लाभार्थी किसानों के लिए वार्षिक ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी है। चालू वर्ष की ई-केवाईसी प्रक्रिया 30 जून 2026 से पहले पूरी करना आवश्यक होगा।

उप कृषि निदेशक गोंडा सन्तोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है। यदि कोई किसान निर्धारित समय तक ई-केवाईसी नहीं कराता है तो उसकी आगामी किस्त अस्थायी रूप से रोकी जा सकती है।

किसानों की सुविधा के लिए ई-केवाईसी के कई विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। किसान पीएम किसान मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे फेसियल ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके अलावा निकटतम जन सेवा केंद्र पर बायोमैट्रिक ई-केवाईसी की सुविधा भी उपलब्ध है। कृषि विभाग के न्याय पंचायत एवं विकास खंड स्तर के कर्मचारियों के माध्यम से भी फेसियल ई-केवाईसी कराई जा सकती है।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि वर्ष 2019 से पात्र होने के बावजूद योजना का लाभ न प्राप्त कर पाने वाले किसानों के लिए भारत सरकार ने पुनः आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऐसे किसान पोर्टल पर आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। हालांकि आवेदन के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य होगा।

उन्होंने जनपद के सभी किसानों से अपील की है कि जिन लाभार्थियों ने 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच ई-केवाईसी नहीं कराई है, वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना 30 जून 2026 से पहले अपनी ई-केवाईसी एवं फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण करा लें, ताकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की आगामी किस्त प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उत्सव में खलल डालने वालों का वर्तमान और भविष्य दोनों होंगे स्वाहा : मुख्यमंत्री योगी
* कर्नलगंज और कटरा बाजार को 516 करोड़ की 262 विकास परियोजनाओं की सौगात, बोले— अब रामभक्तों की अयोध्या में रामद्रोहियों की जगह नहीं
कर्नलगंज, गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब वह दौर समाप्त हो चुका है, जब त्योहारों और धार्मिक आयोजनों में व्यवधान डालने वाले तत्वों को राजनीतिक संरक्षण मिलता था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने उत्सव और सामाजिक सौहार्द के रंग में भंग डालने का प्रयास किया तो उसका "वर्तमान ही नहीं, भविष्य भी स्वाहा हो जाएगा।"

मुख्यमंत्री शनिवार को गोंडा के कर्नलगंज विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में कर्नलगंज और कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र में 516 करोड़ रुपये की लागत वाली 262 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के अवसर पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का अवलोकन भी किया।

* 2017 से पहले दंगाइयों के सामने नतमस्तक थीं सरकारें
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू, असुरक्षा और अराजकता का माहौल आम बात थी। गोंडा में दुर्गा पूजा और रामलीला जैसे आयोजनों में भी व्यवधान डाले जाते थे, जबकि तत्कालीन सरकारें दंगाइयों और पेशेवर गुंडों के सामने नतमस्तक रहती थीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने कानून का राज स्थापित किया है, जिससे प्रदेश में शांति और सुरक्षा का वातावरण बना है।

* अब विकास की धारा गांव-गांव तक पहुंच रही है
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज प्रदेश के सभी 75 जनपदों, 350 तहसीलों, 826 विकास खंडों, 762 नगर निकायों और 57 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों तक बिना किसी भेदभाव के विकास योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पहले गोंडा तुष्टिकरण, जातिवाद और भाई-भतीजावाद का शिकार होकर विकास से वंचित रह गया था, लेकिन अब यह जिला तेजी से आगे बढ़ रहा है।

* यूपी की बदली पहचान, युवाओं को मिल रहा सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब उत्तर प्रदेश के युवाओं को दूसरे राज्यों में संदेह की दृष्टि से देखा जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश की छवि पूरी तरह बदल गई है। अब उत्तर प्रदेश का नाम सुनते ही लोग सम्मान और आत्मीयता के साथ स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस की 60,244 भर्तियों में गोंडा सहित पूर्वांचल के युवाओं को भी बिना किसी भेदभाव के रोजगार मिला है।

* गोंडा में भी बढ़ रहा निवेश, मिल रहे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब निवेश केवल नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ तक सीमित नहीं है, बल्कि गोंडा जैसे जिलों में भी उद्योग और निवेश आ रहा है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार "सबका साथ, सबका विकास" के मंत्र पर चलते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।

* राम मंदिर निर्माण का सपना हुआ साकार
अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक रामभक्तों को अपने आराध्य के दर्शन के लिए संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने कहा, "पहले रामभक्त अयोध्या नहीं जा पाते थे, अब रामद्रोही अयोध्या नहीं आ सकते।" उन्होंने इसे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था की विजय बताया।

* कमल का बटन दबाया तो मिला विकास और समृद्धि का आशीर्वाद
मुख्यमंत्री ने जनता से कहा कि उनके जनादेश के कारण प्रदेश में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, कृषि महाविद्यालय, सड़कें और अन्य विकास परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि "जब आपने कमल का बटन दबाया तो मां लक्ष्मी का आशीर्वाद मिला और उत्तर प्रदेश पर विकास एवं निवेश की वर्षा हुई।"

* 21 जून तक चलेंगे जनकल्याण और जागरूकता कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) तक प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वास्थ्य मेले, कृषि मेले, ऋण मेले और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम ब्लॉक स्तर तक आयोजित होंगे।

* आधुनिक उत्तर प्रदेश का आधुनिक गोंडा बनेगा मॉडल जिला
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोंडा को आधुनिक उत्तर प्रदेश के आधुनिक जनपद के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मटियारी घाट पर दीर्घ सेतु, घाघरा नदी तट पर बाढ़ नियंत्रण परियोजना, टेढ़ी नदी पर सेतु निर्माण, पशु चिकित्सालय तथा आईटीआई में आधुनिक कार्यशालाओं जैसी योजनाओं को स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में गोंडा देश के सबसे गंदे शहरों में गिना जाता था, जबकि आज यह स्वच्छता और विकास दोनों क्षेत्रों में नई पहचान बना रहा है।
कार्यक्रम में सांसद करण भूषण सिंह, विधायक विनय कुमार द्विवेदी, अजय सिंह, बावन सिंह, प्रेम नारायण पांडेय, प्रभात कुमार वर्मा, विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह 'मंजू', जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर माननीय प्रभारी मंत्री  की अध्यक्षता में वृक्षारोपण एवं विभागीय समीक्षा बैठक का आयोजन

▪️ *समीक्षा बैठक में बिना किसी सूचना की अनुपस्थित रहने पर एक्सईएएन विद्युत मनकापुर का वेतन रोकने की निर्देश*


▪️ *जनपद में सड़क निर्माण एवं अन्य निर्माण कार्यों में संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से करायें शिलान्यास एवं लोकार्पण- प्रभारी मंत्री*

*गोण्डा, 05 जून,2026* ।- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद गोण्डा में पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जनपद के प्रभारी मंत्री श्री आशीष पटेल ने ग्राम पड़री पारासराय तिर्रेमनोरमा में आयोजित विशेष कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी श्री दयानंद प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि श्री रमाशंकर मिश्र, ब्लॉक प्रमुख इटियाथोक श्रीमती पूनम द्विवेदी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अकबाल बहादुर तिवारी के साथ वृक्षारोपण किया।

इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों एवं महिलाओं को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधों का वितरण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया गया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय सहभागिता निभानी चाहिए।

इसके उपरांत जिला पंचायत सभागार, में प्रभारी मंत्री श्री आशीष पटेल की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री घनश्याम मिश्र,  विधायक कटरा बाजार श्री बावन सिंह, विधायक तरबगंज श्री प्रेम नारायन पाण्डेय,
विधायक गौरा श्री प्रभात वर्मा,  सांसद प्रतिनिधि श्री रमाशंकर मिश्र, मा० सांसद कैसरगंज प्रतिनिधि श्री संजीव सिंह, मा० विधायक मनकापुर प्रतिनिधि श्री वेद प्रकाश दुबे तथा भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अकबाल बहादुर तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक में विद्युत, लोक निर्माण, जल निगम, पंचायत, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, मनरेगा, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा, कृषि, पर्यटन, उद्यान, उद्योग, राजस्व तथा पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों की प्रगति एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान विद्युत विभाग की समीक्षा में अधिशासी अभियंता विद्युत, मनकापुर कमर फारुख बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जिस पर प्रभारी मंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए तथा जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम संबंधित जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से ही आयोजित किए जाएं। इसके अतिरिक्त सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने विभाग से संबंधित योजनाओं, परियोजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी समय-समय पर संबंधित जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी  रिंकी जायसवाल, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, उपजिलाधिकारी सदर  जितेंद्र गौतम, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे, डीईएसटीओ  एन.के. सिंह, डीसी एनआरएलएम जे.एन. राव सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन स्थित ओपन जिम/चिल्ड्रेन पार्क के पास वृक्षारोपण कर पर्यावरण सं
गोण्डा। आज 05 जून विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल व वामा सारथी अध्यक्षा डॉ तन्वी जायसवाल द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन गोण्डा स्थित ओपन जिम/चिल्ड्रेन पार्क परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन हेतु अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।  बताया गया कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है। वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं तथा स्वच्छ वायु, जल संरक्षण, जैव विविधता एवं पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसकी देखभाल का संकल्प लें। पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर हमारी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति द्वारा लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य का निर्माण कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को अपनी माताओं के सम्मान एवं प्रकृति के संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री अजीत कुमार रजक, प्रतिसार निरीक्षक श्री अजय प्रताप सिंह व  पुलिस लाइन के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण द्वारा भी पौधारोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।
ऑपरेशन साइबर कवच के दृष्टिगत साइबर थाना द्वारा पीड़ित की फ्रॉड गयी 2,37,615/- रूपये कराए गए वापस

पैसे वापस मिलने पर पीड़ित के चेहरे पर लौटी मुस्कान, पीड़ित ने गोण्डा पुलिस को किया धन्यवाद


गोण्डा। जनपद में साइबर फ्रॉड अपराध की रोकथाम के संबंध में त्वरित कार्यवाही करने हेतु पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक के मार्गदर्शन में साइबर थाना टीम द्वारा पीड़ित की फ्रॉड गयी धनराशि को सम्बंधित बैंक/इंटीमेडरी से संपर्क स्थापित करते हुए धनराशि 2,37,615/- पीड़ित के खाते में वापस करायी गयी।

घटना का संक्षिप्त विवरण

वादी  राजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, निवासी मकान संख्या-2060, आवास विकास कॉलोनी, जनपद गोण्डा द्वारा शिकायत की गई कि अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा उनके मोबाइल फोन में एक .APK फाइल डाउनलोड कराकर अनधिकृत रूप से उनके बैंक खाते का दुरुपयोग किया गया। साइबर ठगों द्वारा वादी के खाते से धनराशि का प्रयोग करते हुए Makemytrip के माध्यम से विभिन्न 5-स्टार होटलों में ऑनलाइन बुकिंग कर दी गई थी। वादी के लिखित तहरीर के आधार पर साइबर थाना गोण्डा पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। साइबर थाना टीम द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्यवाही की गई। जांच के दौरान Makemytrip एवं संबंधित होटलों से समन्वय स्थापित कर साइबर अपराधियों द्वारा कराई गई सभी होटल बुकिंग को निरस्त कराया गया। तत्पश्चात वादी के खाते से अनधिकृत रूप से व्यय की गई धनराशि ₹2,37,615/- (दो लाख सैंतीस हजार छह सौ पन्द्रह रुपये) की धनराशि वापस करायी गयी।  पीडित द्वारा अपने रूपये वापस पाकर प्रसन्नता जाहिर करते हुए जनपद गोण्डा पुलिस एवं साइबर थाना टीम को धन्यवाद दिया गया।

नोट- जनपद गोण्डा पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर मोबाइल फोन में .APK फाइल, रिमोट एक्सेस एप्लीकेशन अथवा अन्य संदिग्ध लिंक डाउनलोड न करें। लोगो को साइबर ठगों से सावधान रहने की जरुरत है। किसी भी अनजान फोन कॉल पर अपनी बैंक डिटेल, ओ0टी0पी0, बायोमैट्रिक डेटा, पैन कार्ड व आधार कार्ड की डिटेल किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी या फ्रॉड ट्रांजेक्सन होने पर तत्काल अपने बैंक एवं थाना पर गठित साइबर सेल को सूचना दें एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएँ।

साइबर सुरक्षा टिप्स-
01. ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतें
02. किसी भी अनजान फोन कॉल पर अपनी बैंक डिटेल, ओटीपी, बायोमैट्रिक डेटा, पैन कार्ड व आधार कार्ड की डिटेल किसी के साथ साझा न करें।
03. सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
04. अनजान लिंक्स पर क्लिक न करें।
05. अपने डिवाइस को सुरक्षित रखें।
06. ऑनलाइन शॉपिंग में सुरक्षित वेबसाइट्स का उपयोग करें।
07. पासवर्ड को मजबूत और गुप्त रखें।
08. ऑनलाइन गतिविधियों पर निगरानी रखें।
09. साइबर बुलिंग और साइबर स्टॉकिंग के मामलों में तुरंत पुलिस को सूचित करें।
10. ऑनलाइन उत्पीड़न के मामलों में कंपनी प्रबंधन और पुलिस को सूचित करें।
कल से प्रारंभ होगी अंडर 17 ओपन नेशनल रैंकिंग कुश्ती चैंपियनशिप,तीन दिवसीय आयोजन
*1000 से अधिक पहलवानों ने कराया पंजीकरण

गोंडा।जिले के नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में भारतीय कुश्ती संघ की तरफ से तीन दिवसीय अंडर 17 ओपन नेशनल रैंकिंग कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन छ: जून से प्रारंभ होगा।प्रतियोगिता के लिए अबतक पूरे देश से 1000 से अधिक पहलवान विभिन्न भार वर्गों में पंजीकरण करा चुके हैं।चैंपियनशिप को लेकर स्टेडियम में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।विभिन्न राज्यों से पहुंचे पहलवान अभ्यास में व्यस्त हैं और प्रतियोगिता के लिए माहौल पूरी तरह से तैयार है।प्रतियोगिता का मुख्य आयोजन छ: जून से आठ जून तक होगा,जबकि महिला वर्ग का फाइनल मुकाबले का खेल 9 जून को खेला जाएगा।प्रतियोगिता के कार्यक्रम के अनुसार छ: जून को फ्री स्टाइल कुश्ती होगी,तो वहीं सात जून को पुरुषों की ग्रीको रोमन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी और 8 जून को महिला कुश्ती के मुकाबले प्रारंभ होंगे तथा अंत में 9 जून को उनके फाइनल संपन्न होंगे।भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए रिकार्ड संख्या में पहलवानों ने पंजीकरण कराया है।खिलाड़ियों के आवास भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।उन्होंने बताया कि सभी खिलाड़ियों की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है तथा प्रतियोगिता के दौरान किसी भी प्रतिभागी को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।कुश्ती संघ अध्यक्ष के अनुसार नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहले भी राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता का सफल आयोजन हो चुका है तथा वर्तमान सत्र में भी खिलाड़ियों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जा रहा है।कुश्ती संघ अध्यक्ष ने कहा कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के माध्यम से युवा पहलवानों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा और राष्ट्रीय स्तर पर रैंकिंग हासिल करने का मंच भी प्राप्त होगा।
बिना आर्थिक चिंता के अपनी परीक्षा दे सकेंगे
गोण्डा।आपके 6 जून गोण्डा आगमन पर मेरी विनम्र मांग है कि 21 जून को आयोजित होने वाली NEET परीक्षा में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था की जाए।

ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के अनेक छात्र-छात्राओं को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में यात्रा खर्च की कठिनाई का सामना करना पड़ता है। रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने से विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी और वे बिना आर्थिक चिंता के अपनी परीक्षा दे सकेंगे।

“शिक्षा और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के हित में यह निर्णय लाखों विद्यार्थियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।”मेरी इस मांग का उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा के दिन बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों पर आयुक्त की नजर, चकरौत में किया निरीक्षण
गोंडा,।मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने  मुख्यमंत्री के गोण्डा की कर्नलगंज तहसील के चकरौत में प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत आईजी अमित पाठक एवं डीएम प्रियंका निरंजन के साथ  पहुंचकर वहां की जा रही तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में व्यवस्थाएं पूर्ण करें।
इसके उपरांत मंडलायुक्त ने पंचायत भवन पैरौरी तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
6 जून को करनैलगंज में सीएम योगी का संभावित दौरा, प्रशासन अलर्ट
*चकरौत में तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियां तेज

गोण्डा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 6 जून को करनैलगंज तहसील क्षेत्र के चकरौत गांव में संभावित आगमन को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा भले ही अभी शेष हो, लेकिन संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और अन्य संबंधित विभागों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
चकरौत गांव में कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के लिए अधिकारियों की आवाजाही लगातार बढ़ गई है। प्रशासनिक अधिकारियों की टीम व्यवस्थाओं का जायजा लेने में जुटी हुई है, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रारंभिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे की सूचना के बाद क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है और अधिकारियों के बीच सक्रियता बढ़ गई है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा कर सकते हैं। इसके अलावा बाढ़ पूर्व तैयारियों, सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक होने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि चकरौत गांव पूर्व में सरदार पटेल जयंती के अवसर पर आयोजित एकता यात्रा को लेकर भी चर्चा में रहा है। अब मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर गांव और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
स्थानीय विधायक अजय सिंह भी कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर सक्रिय बताए जा रहे हैं। प्रशासनिक अमला कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए विभिन्न विभागों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।यदि कार्यक्रम तय समयानुसार होता है तो मुख्यमंत्री क्षेत्र की विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से संवाद कर विकास कार्यों की प्रगति का भी आकलन कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर पूरे करनैलगंज क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।