ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवार पर हुआ सुंदरकांड पाठ, भंडारे में शामिल हुईं आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल

*गोंडा, 02 जून 2026*।  - ज्येष्ठ माह के पावन बड़े मंगलवार के अवसर पर आयुक्त कार्यालय परिसर स्थित श्री हनुमान जी मंदिर में सुंदरकांड पाठ एवं भंडारे का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। कार्यक्रम में आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने सहभागिता करते हुए विधि-विधान से भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश और मंडल की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

इस अवसर पर आयुक्त ने सुंदरकांड पाठ में शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। मंदिर परिसर में भक्तों की अच्छी खासी उपस्थिति रही तथा पूरे वातावरण में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम के उपरांत आयोजित भंडारे में भी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान अपर आयुक्त मीनू राणा, अपर आयुक्त राजेश कुमार यादव, संयुक्त विकास आयुक्त राकेश कुमार पाण्डेय सहित अधिवक्ता गण एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।
बेरोजगारों को मिलेगा स्वरोजगार का सहारा, निःशुल्क दी जाएंगी दोना-पत्तल मेकिंग मशीनें

*खादी ग्रामोद्योग बोर्ड की योजना, 10 जून तक करें ऑनलाइन आवेदन*


*स्वरोजगार को बढ़ावा देने की पहल, चयनित अभ्यर्थियों को मिलेगी आधुनिक दोना-पत्तल मशीन*





*गोंडा 02 जून 2026*। -  उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने शिक्षित बेरोजगार महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से निःशुल्क स्वचालित आधुनिक दोना-पत्तल मेकिंग मशीन उपलब्ध कराने की योजना शुरू की है। योजना के तहत पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए राशन कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, फोटोग्राफ, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र तथा जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) अपलोड करना आवश्यक होगा।

उन्होंने जनपद के जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम प्रधानों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के अधिक से अधिक स्वरोजगार में रुचि रखने वाले कारीगरों एवं बेरोजगार युवाओं का आवेदन 10 जून 2026 तक कराना सुनिश्चित करें। योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों में से पात्र अभ्यर्थियों का चयन मुख्यालय लखनऊ द्वारा गठित चयन समिति के माध्यम से किया जाएगा।

योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, 122 राजा मोहल्ला, उतरौला रोड, गोंडा में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क कर सकते हैं। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने पात्र अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया है।
निःशुल्क पॉपकॉर्न मशीन योजना के लिए आवेदन शुरू, 10 जून तक करें नामांकन

*बेरोजगार युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर, निःशुल्क बांटी जाएंगी पॉपकॉर्न मेकिंग मशीनें*

*गोंडा में पॉपकॉर्न मशीन योजना शुरू, 10 जून तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित*

*खादी ग्रामोद्योग बोर्ड की पहल, भुर्जी समुदाय व कारीगरों को निःशुल्क मिलेगी आधुनिक पॉपकॉर्न मशीन*

*गोंडा 02 जून 2026*। - उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा शिक्षित बेरोजगार महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से निःशुल्क स्वचालित आधुनिक पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन उपलब्ध कराने की योजना शुरू की गई है। इसके लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि योजना के तहत पात्र अभ्यर्थी ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ राशन कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, फोटो, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र तथा जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) अपलोड करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी ग्राम प्रधानों से अपेक्षा की गई है कि वे अपनी ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक भुर्जी (भुजवा) समुदाय तथा परंपरागत स्वरोजगार में रुचि रखने वाले कारीगरों का नामांकन कराएं। आवेदन एवं नामांकन की अंतिम तिथि 10 जून 2026 निर्धारित की गई है।

योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, 122 राजा मोहल्ला, उतरौला रोड, गोंडा में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क कर सकते हैं। पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन के वितरण की तिथि एवं प्रक्रिया की सूचना अलग से जारी की जाएगी।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने पात्र अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने दिव्यांग व्यक्ति को मौके पर ही दिलाई ट्राईसाइकिल तथा अन्य योजनाओं काब भी लाभ देने के अधिकारियों को निर्देश

*गोण्डा 02 जून,2026*।
जनपद के कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान संवेदनशील एवं सराहनीय पहल देखने को मिली। जनसुनवाई के क्रम में दिव्यांग शिकायतकर्ता रामभवन पुत्र आफत, निवासी ग्राम बीरपुर झलहिया, गोण्डा ने अपनी समस्या को लेकर उपस्थित हुए। उनकी स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अपने कार्यालय कक्ष से बाहर आकर उनकी बातों को गंभीरता एवं भावपूर्ण ढंग से सुना।
रामभवध ने अपनी दैनिक जीवन की कठिनाइयों को साझा करते हुए आवागमन में आ रही समस्याओं से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने तत्काल मामले की गंभीरता को समझते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके पर ही वार्ता की और आवश्यक निर्देश दिए। उनकी तत्परता और सकारात्मक पहल के परिणामस्वरूप कलेक्ट्रेट परिसर में ही दिव्यांगजन को ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई गई। साथ ही उपरोक्त व्यक्ति को दिव्यांग पेंशन व अन्य योजनाओं का लाभ शीघ्रातिशीघ्र दिलाने के निर्देश दिये हैं ।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने जिलाधिकारी की इस संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्यवाही की सराहना की। यह पहल न केवल प्रशासन की जवाबदेही को दर्शाती है, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों के प्रति सहानुभूति और सहयोग की भावना को भी मजबूत करती है।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिव्यांगजन एवं अन्य पात्र लाभार्थियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मौके पर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रजनीश किरण उपस्थित रहे।
थाना को0 नगर पुलिस द्वारा वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 05 अदद चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, 03 अभियुक्त गिरफ्तार


गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी  अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी नगर  आनन्द कुमार राय के नेतृत्व में थाना को0 नगर पुलिस टीम द्वारा वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड करते हुए 03 अभियुक्तो-01. दुर्गेश मिश्रा पुत्र जगदीश प्रसाद मिश्रा, 02. गुड्डू उर्फ हेटा पुत्र मजीद, 03. रूपेन्द्र सिंह उर्फ रौनक पुत्र दिनेश सिंह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 05 अदद मोटरसाईकिलों को बरामद किया गया।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
दिनांक 01.06.2026 को उ0नि0 प्रशान्त कुमार चौकी प्रभारी गुरुनानक मय पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध वाहन, व्यक्ति एवं वस्तुओं की चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन मार्ग शेखपुर के पास स्थित खण्डहर से 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में रूपेन्द्र सिंह उर्फ रौनक पुत्र दिनेश सिंह निवासी अमदही बाजार थाना उमरीबेगमगंज जनपद गोण्डा, दुर्गेश मिश्रा पुत्र जगदीश प्रसाद मिश्रा निवासी सिंहपुर मौजा नकहा थाना कटरा बाजार जनपद गोण्डा तथा गुड्डु उर्फ हेटा पुत्र मजीद निवासी पटेल नगर घोसियाना थाना कोतवाली नगर जनपद गोण्डा शामिल हैं। अभियुक्तों के कब्जे से 05 अदद चोरी की मोटरसाइकिलें, 01 अदद आई-टेल कम्पनी का की-पैड मोबाइल फोन, ₹2580/- नकद, दो अदद पेन्ट की डिब्बियाँ एवं एक ब्रश बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तगणों के विरूद्ध थाना को0नगर पुलिस द्वारा गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय रवाना किया गया।

*पूछताँछ का विवरण-*
गिरफ्तार अभियुक्तगण द्वारा पूछताछ में बताया कि वे आपस में मिलकर जनपद गोण्डा एवं आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करने का कार्य करते हैं। चोरी की गई मोटरसाइकिलों की पहचान छिपाने के लिए उनके नम्बर प्लेट तोड़ देते थे अथवा पेन्ट के माध्यम से फर्जी नम्बर अंकित कर देते थे। इसके बाद उक्त मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर बेचकर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करते थे। अभियुक्तों ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिलों को विभिन्न स्थानों से चोरी कर रेलवे स्टेशन मार्ग शेखपुर के पास स्थित खण्डहर में छिपाकर रखा गया था। बरामद मोटरसाइकिलों में से एक मोटरसाइकिल थाना कोतवाली नगर पर पंजीकृत वाहन चोरी के मुकदमे से सम्बन्धित है। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने से प्राप्त धनराशि में से कुछ रुपये उनके पास बरामद हुए हैं तथा बरामद आई-टेल कम्पनी का की-पैड मोबाइल फोन भी उसी धनराशि से खरीदा गया था। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने यह भी बताया कि बरामद पेन्ट की डिब्बियों एवं ब्रश का उपयोग मोटरसाइकिलों के वास्तविक नम्बर मिटाकर फर्जी नम्बर अंकित करने में किया जाता था, जिससे पुलिस एवं वाहन स्वामियों को भ्रमित किया जा सके। अभियुक्तगण द्वारा अपने अपराध को स्वीकार करते हुए बताया गया कि वे संगठित रूप से वाहन चोरी कर उनके स्वरूप एवं पहचान में परिवर्तन कर विक्रय करने का कार्य करते थे। अभियुक्तों से प्राप्त अन्य जानकारियों के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं एवं बरामद वाहनों के सम्बन्ध में अग्रिम विवेचनात्मक एवं विधिक कार्यवाही की जा रही है।

*
श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोंडा में आईआईसी की बैठक: नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप गतिविधियों पर चर्चा
गोंडा। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के तत्वावधान में संस्थागत नवाचार परिषद (Institution’s Innovation Council-IIC) की एक महत्वपूर्ण बैठक दिनांक 02 जून 2026 को महाविद्यालय के सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेन्द्र सिंह ने की।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. जितेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों में नवाचार, उद्यमिता, शोध एवं स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया और परिषद की गतिविधियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020) के उद्देश्यों के अनुरूप संचालित करने का आह्वान किया।

बैठक में नवाचार, उद्यमिता, स्टार्टअप गतिविधियों, शोध और बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। परिषद की वार्षिक कार्ययोजना को चार क्वार्टर में विभाजित करने और प्रत्येक क्वार्टर में आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की रूपरेखा पर चर्चा हुई।

अगामी क्वार्टर (05 जून 2026 से 15 अगस्त 2026) के लिए कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया। इस अवधि में विश्व पर्यावरण दिवस, NEP-2020 वर्षगांठ, स्वतंत्रता दिवस, नवाचार जागरूकता कार्यक्रम, उद्यमिता विकास व्याख्यान, शोध एवं IPR कार्यशालाएँ, छात्र नवाचार प्रतियोगिताएँ और अन्य शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियाँ आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि महाविद्यालय की संस्थागत नवाचार परिषद में शिक्षकों, उद्योग विशेषज्ञों और छात्र प्रतिनिधियों को सम्मिलित किया गया है, जो महाविद्यालय में नवाचार और उद्यमिता की संस्कृति को विकसित करने हेतु सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। परिषद का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को रचनात्मक चिंतन, समस्या समाधान, स्टार्टअप और स्वरोजगार के अवसर से जोड़ना है।

बैठक में प्रो. अमन चंद्रा (मुख्य नियंता), प्रो. संदीप श्रीवास्तव, डॉ. लोहांस कल्याणी, डॉ. अच्युत शुक्ला, डॉ. रवि प्रकाश ओझा, डॉ. पूजा यादव, डॉ. वंदना भारतीय और डॉ. स्मिता सिंह ने अपने विचार व्यक्त किए और आगामी गतिविधियों के सफल संचालन हेतु महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

विद्यार्थियों का प्रतिनिधित्व साक्षी तिवारी, चंचल मिश्रा, डब्ल्यू सिंह, आनंद बाबू और अभय तिवारी ने किया। छात्र प्रतिनिधियों ने नवाचार और उद्यमिता से संबंधित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने किया सड़क निर्माण का शिलान्यास
*63.77 लाख रुपए की लागत से पूरी होगी सड़क

गोंडा।जनपद के पड़री कृपाल विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कपीसा में पहुंचे मेहनौन विधानसभा के विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने 1100 मीटर सड़क निर्माण को लेकर विधि पूर्वक पूजन अर्चन के बाद फीता काट कर किया। ग्राम पंचायत कपिसा से कंसड़वा के मध्य होने वाली सड़क निर्माण कार्य की कुल दूरी 1100 मीटर है जिसकी कुल लागत 63.77 लाख रुपए  है।शिलान्यास करने पहुंचे मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कई वर्षों से सड़क का निर्माण कार्य नहीं हुआ था जिससे हजारों लोगों को आवागमन में कठिनाइयां होती थी उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार में लगातार विकास कार्य होते आ रहे हैं भाजपा सरकार में तमाम रोडों का निर्माण कार्य करवाया गया है आज यह अवसर आया कि ग्राम पंचायत कपीसा से कंसड़वा हो रही सड़क निर्माण कार्य एक प्रकार का बाईपास का काम करेगी जो देवरिया अलावल होते हुए धानेपुर को जाएगी इस सड़क के निर्माण कार्य से लगभग 10 से 15000 लोगों का आवागमन सुलभ होगा। वहीं इस सड़क के बीच में पड़ने वाली मनवर नदी के विषय में भी विधायक के द्वारा कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा मां की बात कार्यक्रम में मनोहर नदी के विषय में बात की गई थी और उसकी साफ सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं वहां पर जल्द से जल्द गोंडा सांसद के द्वारा करवाई जाएगी। वहीं सड़क निर्माण का कार्य पीडब्ल्यूडी विभाग के द्वारा करवाया जा रहा है ठेकेदार चंद्र मौली मिश्रा के द्वारा चंद्रमौली मिश्रा को बधाइयां दी गई मौके पर चंद्रमोली मिश्रा के द्वारा विधायक को अंग वस्त्र पुष्प भेंट किया गया। कार्यक्रम के दौरान विधायक विनय कुमार द्विवेदी के द्वारा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी घेरे में लाया गया कहा गया कि जब तक प्रदेश में सपा की सरकार थी तब तक लोग बिजली पानी और सड़क से वंचित थे उत्तर प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की सरकार के द्वारा उत्तर प्रदेश में बहुत सारे विकास कार्य कराए गए हैं और लगातार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा और भी विकास कार्य करवाए जाने हैं। विधायक के द्वारा सुभागपुर रेलवे ओवर ब्रिज के बारे में भी जिक्र किया गया कहा गया यह कार्य भी हमारे कार्य योजना में है जल्द ही इसकी स्वीकृति सरकार से मिल जाएगी और निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
वहीं नीट पेपर लीक मामले पर एक पत्रकार के द्वारा सवाल जब पूछा गया तो विधायक के द्वारा कहा गया कि पूरा भारत राहुल गांधी को किस नाम से जानता है सभी लोग जानते हैं अपने मुंह से उनको कुछ कह नहीं सकते हैं। भारतेंदु पार्टी की सरकार के अच्छे कामों को कांग्रेस नहीं देख रही है। और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार बचकाना हरकत करते हैं 2047 में भारत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा विकसित भारत बनाने के लिए लगातार प्रयास रत हैं और भारत 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनेगा।
25 करोड़ की लागत से बनेगा 100 शय्यायुक्त नया जिला अस्पताल
*शासन ने जमीन चिन्हित कर मांगी रिपोर्ट

गोंडा।जिले में 100 बेड के नये जिला अस्पताल के निर्माण हेतु शासन से स्वीकृति मिल गई है।यह अस्पताल 25 करोड़ रुपए की लागत से 7 एकड़ से अधिक भूमि पर बनाया जाएगा।उक्त के संबंध में लंबे समय से मांग की जा रही थी क्योंकि मौजूदा जिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज में तब्दील कर दिया गया था।अधीक्षण अभियंता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा उत्तर प्रदेश, लखनऊ रवि कुमार ने इस संबंध में निदेशक चिकित्सा उपचार,चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं लखनऊ, चारों जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी व जिलाधिकारियों को पत्र भेजा है।शासन ने अपने पत्र के माध्यम से 100 शय्या के नए अस्पताल भवन के लिए 7 एकड़ से अधिक भूमि की जानकारी,साइट प्लान, खसरा और खतौनी सहित सभी आवश्यक दस्तावेज मुख्य चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से जिला प्रशासन से स्वीकृत कराकर शासन को भेजने का निर्देश दिया है।इन निर्देशों के बाद जिला प्रशासन ने नए अस्पताल के लिए जमीन की तलाश शुरू कर दिया है और जल्द ही जमीन चिन्हित कर विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, ताकि भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।इस नए अस्पताल के बनने से मरीजों को इलाज में सुविधा होगी और मेडिकल कॉलेज पर भीड़ का दबाव कम होगा।सामान्य बीमारियों के मरीज नए अस्पताल में ही अपना इलाज करा सकेंगे।जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर संतलाल पटेल ने बताया कि शासन से उन्हें पत्र प्राप्त हुआ है और जमीन की तलाश जारी है।उन्होंने बताया कि जमीन की तलाश ऐसी जगह की जा रही है, जो सभी के लिए सुविधाजनक हो।
जिला विकास अधिकारी सहित एक दर्जन अधिकारियों का गैर जनपद हुआ तबादला
*आदित्य बने जिला विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक भेजे गये मऊ

गोंडा।जिले में तैनात जिला विकास अधिकारी सहित 13 अधिकारियों का शासन द्वारा गैर जनपद तबादला कर दिया गया है।प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की नई तबादला नीति के तहत इन अधिकारियों को गैर जनपद भेजा गया है।जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव का तबादला बस्ती जिले के लिए किया गया है तथा उनके स्थान पर आदित्य तिवारी को जिले का नया जिला विकास अधिकारी बनाया गया है।जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रमेश चंद्र को सुल्तानपुर जिले के लिए स्थानांतरित किया गया है, हालांकि इस महत्वपूर्ण पद पर जिले में किसी की तैनाती नहीं की गई है।जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौरव स्वर्णकार को सीतापुर भेजा गया है तथा अयोध्या से जयनाथ गुप्ता को गोंडा जिले में भेजा गया है।दिव्यांग जन सशक्तिकरण अधिकारी रजनीश किरण को उन्नाव भेजा गया है और संभल में तैनात माधवी पांडेय को जिले में तैनात किया गया है।उप कृषि निदेशक प्रेम कुमार ठाकुर को मऊ स्थानांतरित करते हुए मुरादाबाद के उप कृषि निदेशक संतोष द्विवेदी को गोंडा की बागडोर सौंपी गई है।जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी को गोरखपुर तो वहीं शाहजहांपुर के गौरव मिश्रा को गोंडा भेजा गया है।इसके अतिरिक्त खंड विकास अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव, ओम प्रकाश सिंह और सत्य प्रकाश पांडेय का भी गैर जनपद तबादला कर दिया गया है।इसके साथ ही दो बाल विकास परियोजना अधिकारियों का भी स्थानांतरण किया गया है।मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने बताया कि शासन द्वारा इन सभी अधिकारियों का तबादला किया गया है।उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों का जिले में कार्यकाल पूरा हो गया था।जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के पद पर किसी की तैनाती न होने के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।उन्होंने यह भी कहा कि अभी कई सूचियां आनी बाकी हैं,इसलिए संभव है उनमें से किसी की तैनाती हुई हो।
ग्रामीण प्रतिभा का कमाल: दिव्यांश ने NDA और IIT परीक्षा में पाई सफलता, बढ़ाया क्षेत्र का गौरव

* वरिष्ठ पत्रकार सुभाष सिंह के पुत्र ने मेहनत और अनुशासन से रचा सफलता का नया इतिहास


कर्नलगंज, गोंडा। ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं किसी भी मायने में कम नहीं होतीं। इसे एक बार फिर साबित किया है कचनापुर गांव निवासी वरिष्ठ पत्रकार सुभाष सिंह के पुत्र दिव्यांश प्रताप सिंह ने। दिव्यांश ने देश की दो प्रतिष्ठित एवं चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं — राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) और आईआईटी प्रवेश परीक्षा — में सफलता हासिल कर परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर दो कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में एक साथ सफलता प्राप्त करना दिव्यांश की लगन, अनुशासन, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प का परिणाम माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया है।
दिव्यांश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में किसी भी लक्ष्य को पाने के लिए समर्पण, नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग और आत्मविश्वास बेहद आवश्यक हैं।
दिव्यांश की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, समाजसेवियों तथा गणमान्य नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। गांव में भी उनकी सफलता को लेकर उत्साह और खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
कांग्रेस नेता और कर्नलगंज विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे त्रिलोकी नाथ तिवारी ने कहा कि दिव्यांश की सफलता हमारे लिए ही नहीं बल्कि हमारे गांव और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है क्योंकि दिव्यांश ने हमारे गांव का मान बढ़ाया है, इसलिए उसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए वह कम ही है।