Mirzapur के जंगल में 10 वर्षीय अज्ञात बच्ची का मिला शव, मची सनसनी, पहचान कराने में जुटी पुलिस
मिर्जापुर। जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के मिर्जापुर-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर स्थित देवरी कला गांव के सामने कुनबिया मोड़ के पास जंगल में मंगलवार दोपहर एक 10 वर्षीय अज्ञात बच्ची का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव सड़क से लगभग 10 फीट दूर झाड़ियों के बीच पड़ा मिला।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के साथ भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गया। इसके बाद देवरी जंगल क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृत बच्ची की उम्र लगभग 10 वर्ष प्रतीत हो रही है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा आसपास के क्षेत्रों में बच्ची की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मड़िहान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को बच्ची के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल थाना मड़िहान के मोबाइल नंबर 9454404014 पर संपर्क करें, जिससे बच्ची की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बच्ची की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।
प्रथम विश्व योगासन प्रतियोगिता में यूपी के योगी ज्वाला एवं अश्वनी पाण्डेय हुए चयनित
मीरजापुर। देश में पहली बार वर्ल्ड योगासना की ओर से चार से आठ जून 2026 तक गुजरात के अहमदाबाद इका एरिना स्टेडियम में आयोजित होने वाले प्रथम विश्व योगासन प्रतियोगिता में संपूर्ण विश्व से लगभग 60 ज्यादा देशों के हजारों योगासन खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। जिसमें भारत के साथ विभिन्न देशों के टेक्निकल ऑफिशियल, निर्णायक और अतिथियों का शुभागमन होने जा रहा है
इस प्रतियोगिता में यूपी के मीरजापुर जनपद का गौरव बढ़ाते हुए जाने माने राष्ट्रीय योगासन जज योग गुरु योगी ज्वाला सिंह एवं अश्विनी कुमार पाण्डेय का ( LDO ) लाइजनिंग डेवलपमेंट ऑफिसर के रूप में चयन किया गया है, जो  प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अलग अलग देशों से आये हुए योगासन खिलाड़ियों एवं कोच का ट्रेनिंग एवं मार्गदर्शन करेंगे।
इस प्रतियोगिता मे देश के  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह , योग ऋषि स्वामी रामदेव महाराज खेल मंत्री मनसुख मांडविया के साथ साथ देश विदेश के जानी मानी हस्तियां विश्व योगासन प्रतियोगिता में खेल एवं खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
इस अवसर पर वर्ल्ड योगासना एवं योगासना भारत के महासचिव डॉ जयदीप आर्य के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में सम्पूर्ण प्रतियोगिता का भव्य एवं सुंदर आयोजन सुनिश्चित हुआ है। महासचिव डॉ जयदीप आर्य एवं उत्तर प्रदेश योगासन स्पोर्ट एसोसिएशन के सचिव रोहित कौशिक ने चयनित सभी LDO को अपनी शुभकामनाएं दी। दूसरी ओर जनपद के लोगो ने भी बधाई दी है।
आंधी आने पर छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई महिला की उपचार के दौरान मौत
मीरजापुर। जिले के ड्रमंडगंज थाना
क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव में शुक्रवार भोर में आई आंधी के दौरान छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई महिला ने प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में शनिवार सुबह दम तोड़ दिया। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मड़वा धनावल गांव निवासी किसान राम नारायण सरोज की 48 वर्षीया पत्नी गीता देवी गुरुवार की रात अपने पक्के मकान की छत पर सो रही थी। भोर में आई तेज आंधी में नींद खुली तो छत से नीचे उतरने के लिए सीढ़ियों के पास जा रही थी कि तेज हवाओं के झोंके से छत से नीचे गिर पड़ी। जिससे गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन आनन फानन में निजी साधन से उपचार हेतु प्रयागराज जिले के जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती करवाए जहां उपचार के दौरान शनिवार सुबह पांच बजे के करीब गीता देवी की मौत हो गई।मृतका को दो पुत्र हैं।पति खेती कर परिवार का गुजर बसर करते हैं। महिला की मौत की सूचना पर अस्पताल पहुंचे ग्राम प्रधान रमेश सिंह ने पीड़ित परिवार को शासन से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी ने उद्योग बंधु की बैठक कर सुनी समस्याएं

निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का तत्काल समाधान करें अधिकारी

औद्योगिक आस्थान में सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश

मीरजापुर 29 मई 2026- जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं व्यापार मण्डल समिति की बैठक हुई। बैठक में उद्यमियों ने बिजली, पानी, सड़क, एनओसी और बैंक ऋण से जुड़ी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा करते हुए पाया कि 69 प्रकरण विभिन्न विभागों में समयान्र्गत लंबित हैं। इसी प्रकार सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान योजना 2025-26 के अन्तर्गत बैंको को भेजे गए 973 आवेदन पत्र आनलाइन अग्रसारित किए गए जिसमें 136 स्वीकृत, 108 आवेदन पत्र वितरित तथा 314 आवेदन पत्र विभिन्न बैंको द्वारा निरस्त किए गए जबकि 620 आवेदन पत्र बैंको में स्वीकृति हेतु लम्बित है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि “ईज ऑफ डूइंग बिजनेस सरकार की प्राथमिकता है अतएव सभी लंबित एनओसी, अनापत्ति और स्वीकृतियां अविलम्ब जारी करते हुए वितरण की कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाए। चुनार से तीन किलोमीटर आगे स्थित लगभग 10 ईकाईयो को जोड़ने वाले चुनार उदित नगर बड़ा गांव जर्जर मार्ग बनवाने तथा शहरी क्षेत्र में पेयजल की व्यवस्था हेतु खोदे गए गड्ढे को ठीक कराने, तहसील चैराहा से पाण्डेयपुर रोड मरम्मत पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियो को उपरोक्त कार्यो को 15 दिवस के अन्दर मुख्य मार्गो की मरम्मत पैचवर्क और नाली सफाई का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले सड़कें दुरुस्त हो जानी चाहिए, ताकि कच्चे माल व तैयार उत्पाद की आवाजाही में दिक्कत न हो। विद्युत विभाग को औद्योगिक फीडर पर ट्रिपिंग रोकने और 24 घंटे निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को समयबद्ध तरीके से सहमति प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में औद्योगिक आस्थान चुनार मीरजापुर में पार्क का रेनोवेशन, राजकीय चीनी पात्र विकास केन्द्र, चुनार के बाउंªवाल निर्माण कार्य, जिला निर्यात समिति की बैठक समय से कराने तथा जनपद में स्थापित होने वाली औद्यागिक ईकाईयो (एम0ओ0यू0) के आने वाले समस्याओं से उद्यमियो के द्वारा उठाया गया जिस पर जिलाधिकारी ने बिन्दुवार प्रकरण को गम्भीरता से लेते हुए अधिकारियो को समाधान कराने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार के अलावा मनोज खण्डेलवाल, मण्डल सचिव इंडियन इंडस्ट्रीस्ज एशोसिएशन आशीष बुधिया, मीरजापुर कारपेट से मोहनदाल अग्रवाल, राहुल कुमार, अशोक पटेल, आर0के0 यादव, आशीष कमार, अमित श्रीनेत्र, आशीष सिंह, मुकेश तिवारी, दुर्गा प्रसाद चैधरी, राधेश्याम हरकघा विभाग सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी व उद्यमी उपस्थित रहें।
अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर लकड़ियों का किया गया भंडारण
-ड्रमडगंज वनरेंज के भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव में मध्यप्रदेश के लकड़ी करोबारी द्वारा किया गया भंडारण,वनविभाग की मिलीभगत ट्रक से लादकर काटी गई लकड़ियों को भेजा जा रहा मध्यप्रदेश

मीरजापुर।
एक तरफ सरकार वनों की सुरक्षा और उनकी देखभाल के लिए तमाम प्रयास कर रही है। लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही से जंगल में स्थित हरे भरे पेड़ो की धड़ल्ले से कटाई की जा रही है। शुक्रवार को मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव के गुलरिहा बस्ती में बबूल, जामुन,इमली तथा यूकेलिप्टस पेड़ों की लकड़ियां काटकर रखी गई लकड़ियों को ट्रक पर लादा जा रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि वनविभाग की मिलीभगत से मध्यप्रदेश के हनुमना निवासी एक लकड़ी कारोबारी द्वारा भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव के जंगल से महज आधा किलोमीटर दूर विभिन्न प्रजातियों के पेड़ों की काटी गई लकड़ियों का कई महीनों से यहां अवैध रूप से भंडारण किया जा रहा है। वनविभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही से जंगल में स्थित पेड़ों का कटान होने जंगल वीरान होते जा रहे हैं जिससे सरकार के वनावरण बढ़ाने के मंसूबों पर पानी फिर रहा है।इस संबंध में वनरक्षक अनादि नाथ तिवारी ने बताया कि मध्यप्रदेश के एक लकड़ी कारोबारी द्वारा मध्यप्रदेश की काटी गई लकड़ियों का भैसोड़ बलाय पहाड़ में भंडारण किया गया है। वहीं डीएफओ मीरजापुर राकेश कुमार प्रजापति ने बताया कि मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। वनों का कटान करने वाले के विरुद्ध अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बीच सड़क गिरा नीम का पुराना पेड़, आवागमन,बिजली आपूर्ति रही बाधित
मीरजापुर। नगर क्षेत्र के शुक्लहां मोहल्ले में विशालकाय नीम का पेड़ आंधी तूफान में धराशाई हो जाने से लोग बाल-बाल बचे हैं। हालांकि पेड़ की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़े कई ई-रिक्शा सहित आस-पास के घरों दुकानों के सामान नष्ट होने के साथ बिजली का पोल भी टूटकर ज़मीन पर आ गये। जिसके चलते बिजली आपूर्ति कई घंटे तक बाधित रही है। मोहल्ले के लोगों सहित स्थानीय सभासद पति कमलेश मौर्या ने बताया कि उन्होंने इस संदर्भ में बिजली विभाग के अधिकारियों सहित संबंधित विभाग के जिम्मेदार मुलाजिमों को भी जर्जर पुराने पेड़ को कटवाने की मांग कि थी, लेकिन भविष्य में होने वाले हादसों को नकारते हुए इस पर कोई भी ध्यान नहीं दिया गया जिसका प्रतिफल यह रहा है कि आज यह हादसा हो गया।
हैंडपंप है खराब,जल जीवन मिशन भी नाकाम, ग्रामीण पानी के लिए परेशान
                              
मीरजापुर। जिले के ‌विकास खण्ड जमालपुर के ग्राम मनऊर पुरब पट्टी आबादी में लगा हैंडपंप काफी दिनों से खराब है तथा जल जीवन मिशन का पाइप लाइन गलियों में बिछें होने के बावजूद भी कनेक्शन नहीं दिये जाने से ग्रामीण पेयजल के लिए दर-दर भटक रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि जब से जल जीवन मिशन के तहत गांवों में हर घर, जल नल योजना शुरू हुआ है तभी से गांवों में मौजूद पहले के जल स्रोतों पर ग्राम पंचायत सहित शासन के जिम्मेदार लोगों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पीने के पानी के लिए ग्रामीणों को दर-दर भटकना पड़ रहा है।बार-बार शिकायत के बाद भी जिम्मेदार लोगों द्वारा ध्यान नहीं दिये जाने से आजिज मनऊर पुरब पट्टी के ग्रामीणों द्वारा हैण्ड पंप के मरम्मत एवं जल जीवन मिशन पाइप लाइन से पानी का कनेक्शन दिए जाने की मांग को लेकर खराब हैण्ड पंप के पास खड़े होकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन करने वालों में अन्न दाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह सहित दुर्गा शर्मा, भानु शर्मा, झारकंडे प्रजापति, बुद्धन प्रसाद, मेटी प्रजापति, राजेन्द्र बियार, विनोद गुप्ता, सुरज कुमार, संतोष शर्मा, रघुनाथ गुप्ता, लालचंद यादव, अनिरुद्ध प्रजापति, डोमन प्रजापति आदि लोग मौजूद रहे।
मीरजापुर : पुलिस मुठभेड़ में किशोरी हत्या कांड का आरोपी गिरफ्तार प्रेम-प्रसंग की थी हत्या*

मीरजापुर। ज़िले के पड़री थाना क्षेत्र में रविवार को हत्या कर फेंकी गई लाश का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में घायल करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। जिसके कब्जे से एक कट्टा .315 बोर मय जिंदा व खोखा कारतूस तथा हत्या की घटना में प्रयुक्त गमछा भी बरामद कर लिया गया है। किशोरी की लाश मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक ने हत्यारोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तारी के आदेश दिए थे जिनके निर्देश के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर-नितेश सिंह व क्षेत्राधिकारी सदर-मुनेन्द्र पाल सिंह नेतृत्व में थाना पड़री पुलिस टीम रविवार से हत्यारोपी के हरसंभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी कि देर रात थाना पड़री पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि हत्यारोपी बिना नंबर की बाइक से ग्राम गौराराज की तरफ जा रहे है। उक्त सूचना पर थाना पड़री पुलिस टीम द्वारा बौड़री पहाड़ी के पास पीछा करते हुए घेराबन्दी किया तो पुलिस से स्वयं को घिरता देखकर गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगे, परन्तु थाना पड़री पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी सीमित फायरिंग की गयी, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो। उसका नाम पता पूछा गया तो उसने अपना नाम अजय बिंद पुत्र राम कुमार उम्र करीब-20 वर्ष निवासी सुखनई थाना मड़िहान बताया जिसकी जमा-तलाशी ली गयी तो उसको कब्जे सें मुठभेड़ की घटना में प्रयुक्त 1 कट्टा मय 1 जिन्दा व 1 खोखा कारतूस .315 बोर तथा एक गमछा बरामद हुआ जिसे उसके द्वारा हत्या की घटना में प्रयुक्त किया जाना बताया गया। पुलिस टीम द्वारा पूछताछ करने पर बताया गया कि उसके दोस्त राजन उर्फ साजन का मृतका से पूर्व से सम्बन्ध था। राजन ने मुझसे कहां कि चलो मैं अपने प्रेमिका से तुम्हे मिलाता हूं। हम दोनों लोग उससे मिलने के लिए गये, जहां राजन उससे शारीरिक सम्बन्ध बनाने लगा, मैं भी शारीरिक सम्बन्ध बनाना चाहां तो मृतका ने उसका विरोध किया और शोर मचाना चाही, तो मैं उसके सीने पर पत्थर से मारा तथा मैं और राजन उसका मुंह व गला गमछे से दबा कर हत्या कर दिये तथा शव को खेत में फेंक कर भाग गयें। जब सुबह उनके घर वाले मुकदमा लिखवा दिये तब आज मैं पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए भाग रहा था, किन्तु अपने को पुलिस से घिरता देख मैने पुलिस पार्टी पर फायर कर दिया, मुझे भी गोली लगी है जिस कारण मैं भाग नही पाया और आप लोगों द्वारा पकड़ लिया गया। किशोरी हत्या कांड का त्वरित खुलासा करते हुए पुलिस टीम ने साजन बिन्द पुत्र पप्पू बिन्द व अजय बिंद पुत्र राम कुमार निवासीगण सुखनई थाना मड़िहान को गिरफ्तार किया है, इसमें अजय बिन्द को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है जिसके कब्जे से बालिका का गला घोट कर हत्या कारित करने वाला गमछा बरामद किया गया।
श्री राम कथा में विदाई प्रसंग पर हृदय भाव-विभोर हो उठा: विधायक अनुराग सिंह
मीरजापुर। रविवार को पावन श्रीराम कथा का श्रवण करने आए चुनार विधायक अनुराग सिंह ने कहा कि आज श्री राम कथा में विदाई प्रसंग पर हृदय भाव-विभोर हो उठा। कथा के प्रत्येक प्रसंग ने जीवन में मर्यादा, सेवा, भक्ति और मानवता का संदेश दिया। प्रभु श्रीराम का आदर्श चरित्र हम सभी को सत्य, धर्म और करुणा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
इस दिव्य आयोजन से पूरे क्षेत्र में भक्ति, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का सुंदर वातावरण निर्मित हुआ। कथा वाचक पंडित आचार्य राघवेंद्र जी अध्यक्ष ब्रजराज सेवा ट्रस्ट वृंदावन एवं आयोजक मंडल विजय शंकर पांडे लालबाग कॉलोनी परिवार और समस्त श्रद्धालुजनों का हृदय से अभिनंदन एवं आभार।
प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि वे सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं सद्बुद्धि प्रदान करें। हैहय वंशीय नव युवक कसेरा समाज की अध्यक्ष श्रीमती जाह्नवी कसेरा ने कहा कि राम नाम जीवन का आधार है,और रामकथा आत्मा का उत्सव।
छठवें दिन कथा का श्रवण करने आए मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहनलाल श्रीमाली, केबी कॉलेज के प्रवक्ता प्रोफेसर रमेश चंद्र ओझा, कड़ेशंकर पांडे, अमरेंद्र कान्त सिंह, कपिल देव तिवारी, सुभाष चंद्र तिवारी, संकटा प्रसाद तिवारी, मनोज पांडे, अमित पांडे, दिलीप पांडे, रिंकू पांडे आदि उपस्थित रहे।
Mirzapur : किशोरी की हत्या कर नाले में फेंका शव,गांव के ही युवक पर हत्या का आरोप

मीरजापुर। मीरजापुर में किशोरी की हत्या कर नाले में फेंका हुआ शव मिलने के बाद सनसनी फ़ैल गई है। गांव के ही युवक पर हत्या का आरोप लगाया गया है। किशोरी का शव उसके घर से 200 मीटर की दूरी पर मिला है, जिसकी जानकारी होते ही सनसनी मच गई। पूरा मामला मीरजापुर ज़िले के पड़री थाना क्षेत्र के बसारी गांव का बताया गया है। परिजनों ने पुलिस को दी सूचना, हत्या की सूचना पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच जांच पड़ताल किया है। इस दौरान एसपी ने मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के मुताबिक रविवार को तड़के तकरीबन 6.30 बजे  डायल-112 पर सूचना प्राप्त हुई कि थाना पड़री क्षेत्रांतर्गत ग्राम बसारी में एक लड़की का शव मिला है, जिसकी हत्या कर दी गयी है तथा यह भी बताया गया कि हत्या राजन नामक एक व्यक्ति द्वारा की गयी है। इस सूचना पर थाना पड़री पुलिस तथा फील्ड यूनिट टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गयी है। मृतक के परिजन की तहरीर पर नामजद आरोपी के विरूद्ध हत्या का अभियोग पंजीकृत किया गया तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 4 टीमें लगा दी गयी है।