एक युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान चलाया जाए छात्र छात्राओं को किया जाए जागरूक
फर्रुखाबाद
जनपद स्तरीय नारकोटिक्स समिति एवं “एक युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान के अंतर्गत त्रैमासिक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का आयोजन बाल संरक्षण आयोग, भारत सरकार के निर्देश पर किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में समाज कल्याण विभाग, आबकारी विभाग, पुलिस विभाग, अभियोजन विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, वन विभाग, कृषि विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने बैठक में निर्देशित किया कि जनपद में नशीली दवाइयों एवं नारकोटिक्स के प्रयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, समितियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्रचार-प्रसार, जागरूकता कार्यक्रम, गोष्ठियां एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
नारकोटिक्स से संबंधित दर्ज अभियोग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग, अभियोजन विभाग एवं आबकारी विभाग को प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने तथा अभियोजन संबंधी कार्यवाहियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
समाज कल्याण विभाग को जनपद में संचालित नशा मुक्ति केंद्रों की सक्रियता बढ़ाने तथा आमजन को नशीले पदार्थों एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि जनपद के समस्त विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने हेतु शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में जागरूकता बढ़ाई जाए।
चिकित्सा विभाग को समस्त मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आबकारी विभाग को समस्त आबकारी दुकानों की सघन जांच करने एवं बढ़ते नशे के प्रयोग पर अंकुश लगाने हेतु प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी  द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई गई तथा जनपद को नशामुक्त बनाने हेतु समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना समाज एवं प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा इस दिशा में सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें।
पीसीएफ गोदाम का रोशनदान तोड़कर 11.42 लाख की एनपीके खाद चोरी, 394 बोरियां गायब
फर्रूखाबाद l सातनपुर मंडी समिति के निकट
पीसीएफ गोदाम का रोशनदान तोड़कर 11.42 लाख की एनपीके खाद की 394 बोरी चोरी हो गई है l कादरीगेट थाना क्षेत्र स्थित सातनपुर मंडी के सामने बने पीसीएफ गोदाम से एनपीके खाद चोरों ने गोदाम का रोशनदान तोड़कर निकाल कर ले गए हैं l भंडार नायक ने पुलिस को अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है l पुलिस ने  मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भंडार नायक ज्ञानेश कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि पीसीएफ गोदाम संख्या 2705 में इफ्को एनपीके खाद की कुल 17,870 बोरियां रखी गई थीं। 22 मई को गोदाम की सफाई के लिए ताला खोला तो पश्चिम दिशा की दीवार पर लगा रोशनदान टूटा पड़ा था । भंडार नायक ने तत्काल जिला प्रबंधक अरुण कुमार सिंह व अन्य कर्मचारियों को बुलाकर खाद की गिनती कराई । तो 394 बोरी खाद गायब थी l पुलिस को जांच के दौरान गोदाम संख्या डी-2709 की बाउंड्रीवॉल के पास खाद बिखरी पड़ी हुई थी जिससे चोरी की पुष्टि हुई।
गोदाम कर्मचारियों और लोगों के बीच चोरी की इस घटना को लेकर चर्चा हो रही है l
गोदाम कर्मचारियों का कहना है कि आसपास के खेतों में ट्रैक्टर-ट्रॉली के टायरों के निशान  हैं। पीसीएफ गोदाम
सुनसान इलाके में है जहां  सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं और ना ही गोदाम पर कोई स्थायी चौकीदार तैनात है l गोदाम के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं,
थानाध्यक्ष कपिल कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
भाकियू महात्मा टिकैत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने 5सूत्री मांगों का ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा


फर्रुखाबाद। भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभाकांत मिश्रा ने अपने पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंच कर प्रदर्शन किया l बाद में 5 सूत्री मांगों का ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा।जिसमें कहा है कि ख़िमसेपुर के मजरा नन्दगांव व नगला मानदाता में जो लिंक एक्सप्रेस के कट बनाए जा रहे हैं। उन्हें तिरछे के बजाय सीधे उतार कर बनाए जाएं। जिससे ग्राम वासियों के कम से कम मकान गिरे। मॉडलशंकरपुर में परिवार नियोजन तहत जो पट्टे दिए गए थे। उन्ही पट्टा धारकों को दिलाया जाए, जनपद भर में वर्तमान समय में खेतों में मक्का की फसल खड़ी है। जिसकी सिंचाई  हेतु विद्युत आपूर्ति बढ़ाई जाए, जनपद में किसानों को यूरिया सहित अन्य  खाद उपलब्ध कराई जाए । पूछने पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभाकांत मिश्रा ने कहा कि यदि सभी मांगे पूरी नहीं होती हैं तो भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत फर्रुखाबाद का आंदोलन एक जून 2026 से प्रारंभ होगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। इस मौके पर राजेश कुमार, परशुराम ,अहिवरन सिंह, राजपूत, सुरेश चंद्र राजपूत, गीता देवी, उमाशंकर, प्रभाकांत मिश्रा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
दवा लेने जा रहे युवक को पीटा सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

जनपद फर्रुखाबाद के थाना अमृतपुर क्षेत्र के गांव रतनपुर पमारान में उस समय भगदड़ मच गई। जब युवक सुबह दवा लेने के लिए रोहित पुत्र सर्वेश निवासी अमैयापुर पश्चिमी की तबियत खराब होने पर अपनी दवा लेने के लिए। गाँव से 1 किलो मीटर दूर रतनपुर के लिए आ रहा था।तभी पहले से घात लगाए बैठे रतनपुर पमारान निवासी संजय पुत्र रामपाल  ने युवक को रतनपुर बाजार के पास पुलिया पर घेर लिया और उसके साथ मार पीट करने लगे।जहां पर कभी संख्या ने भीड़ एकत्रित हो गई। बीचबचाव के दौरान युवक दोनों के चोट आई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
जानकारी के मुताबिक इस दोनों युवकों के बीच किसी बात को लेकर मंगलवार साप्ताहिक बाजार के दिन मारपीट हुई थी। तब भी ये लड़के रोहित पर हावी हुए थे। उसी बात को लेकर आज मारपीट हुई।
मस्जिद और  ईदगाहों का डीएम एसपी ने किया निरीक्षण
फर्रुखाबाद l
जनपद में ईद-उल-अजहा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा आज थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों द्वारा थाना मऊदरवाजा से ईदगाह तक पैदल मार्च कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया गया।
पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख स्थलों, संवेदनशील बिंदुओं, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं पुलिस बल की तैनाती आदि का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने ड्यूटी में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क एवं मुस्तैद रहकर कार्य करने के निर्देश दिए, जिससे त्योहार के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था पूर्ण रूप से बनी रहे।
जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता के साथ त्योहार मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को सूचित करें।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कहा कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री साझा न करें तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
पैदल मार्च के दौरान संबंधित क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
171 मस्जिद एवं 58 ईदगाहों पर होगी नमाज
फर्रुखाबाद l जनपद की 171 मस्जिद और 58  ईदगाहों पर गुरुवार को नवाज पढ़ी जाएगी जिला प्रशासन ने नवाज को शांतपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की है प्रशासन ने सड़क पर कोई नवाज ना पड़े इसके भी इंतजाम किए हैं l बकरीद पर्व (ईद उल अजहा) को लेकर जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर ने  निर्देश दिए हैं कि रोड पर नमाज नही पढ़ी जाएगी l उन्होंने कहा कि नमाज मस्जिद व ईदगाहों के अंदर पढ़ी जाएगी, नमाज  शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है l उन्होंने कहा कि जो भी कुर्बानी दे उसे एक जगह एकत्र करके रख ले जब नगर पालिका परिषद की गाड़ी आए तो उसे उसके अंदर रख दें जिससे किसी भी तरह की गंदगी ना फैल सके l इस बात की समुदाय के लोगों से शांति समिति की बैठक में इस चर्चा हुई थी l
गंगा नदी पर चलाया गया स्वच्छता अभियान
फर्रुखाबाद l
जिला गंगा समिति के तत्वाधान में गंगा नदी को स्वच्छ अविरल निर्मल बनाने हेतु पांचाल घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रभागीय निदेशक वन विभाग राजीव कुमार के निर्देशन में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।इस अवसर पर कई युवाओं एवं स्थानीय लोगों ने स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग किया। गंगा तट पर फैली खंडित मूर्तियां,प्लास्टिक,पॉलिथीन, कपड़े एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री एकत्रित की गई एवं उसका निस्तारण किया गया। अभियान के दौरान लगभग दो कुंतल कूड़ा एकत्रित किया गया। प्रभागीय निदेशक राजीव कुमार जी ने बताया कि गंगा स्वच्छता अभियान निरंतर साप्ताहिक रूप से चलाया जाएगा। प्रत्येक शुक्रवार को प्रातः सात बजे गंगा स्वच्छता अभियान का आयोजन किया जाएगा जिसमें विभिन्न जनप्रतिनिधि,अधिकारीगण, विभिन्न  विद्यालय,स्वयंसेवी संगठन,संस्थाएं एवं अन्य लोगों की प्रतिभागिता रहेगी। जिससे लोगों को गंगा को स्वच्छ अविरल निर्मल बनाने का संदेश मिलेगा। जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने बताया कि गंगा स्वच्छता अभियान के द्वारा लोगों को अपने नदियों की विशेषताओं के बारे में अवगत कराया जाएगा एवं समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा जिससे अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुड़ने का अवसर मिलेगा जिसके द्वारा सभी लोग अपने स्तर से अपनी नदियों, पर्यावरण को संरक्षण रखने का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर ए डी ओ पंचायत ओम पांडे, प्रशिक्षक  रोहित दीक्षित,गंगा योध्दा सुमित कुमार,घनश्याम एवं मेजर एस डी सिंह पी जी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने अन्य लोगों को जागरूक किया।
प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना से युवाओं को जोड़ने के लिए आवेदन आमंत्रित किए

फर्रुखाबाद l
प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत युवाओं से आवेदन आमंत्रित।
जनपद के समस्त शिक्षित एवं रोजगारोन्मुख युवाओं को सूचित किया जाता है कि भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत युवाओं को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में प्रशिक्षण एवं रोजगारोन्मुख अनुभव प्रदान किये जाने हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किये गये हैं।
योजना के अंतर्गत 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवा, जिन्होंने स्नातक, डिप्लोमा, आई०टी०आई०, इंटरमीडिएट अथवा हाईस्कूल उत्तीर्ण किया है, आवेदन करने के पात्र होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी योजना के आधिकारिक पोर्टल pminternship.mca.gov.in⁠� पर ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को देश के 19 विभिन्न सेक्टरों की लगभग 500 शीर्ष कंपनियों में इंटर्नशिप का अवसर प्रदान किया जायेगा। योजना के अंतर्गत चयनित युवाओं को इंटर्नशिप अवधि के दौरान न्यूनतम रू० 9000/- प्रतिमाह की वित्तीय सहायता एक वर्ष तक प्रदान की जायेगी। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी द्वारा कार्यभार ग्रहण करने पर 6000 रुपए- की एकमुश्त अनुदान राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर  के माध्यम से प्रदान की जायेगी।
ऑनलाइन पंजीकरण के दौरान अभ्यर्थी द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर पोर्टल स्वतः बायोडाटा तैयार करेगा। तत्पश्चात संबंधित कंपनियां अपने चयन मानकों एवं प्रक्रियाओं के अनुसार अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें इंटर्नशिप ऑफर प्रदान करेंगी।
जनपद के समस्त पात्र एवं इच्छुक युवाओं से अपील की जाती है कि वे अधिकाधिक संख्या में योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु समय से ऑनलाइन आवेदन करें तथा अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ायें।
अधिक जानकारी हेतु अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय अथवा योजना के आधिकारिक पोर्टल का अवलोकन कर सकते हैं।
किसानों से योजनाओं का लाभ पाने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए

फर्रुखाबाद l
मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के अन्तर्गत संकर शाकभाजी कार्यक्रम एवं बागवानी मशीनीकरण योजनाओं हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं l
उद्यान विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु नवीन गाइडलाइन के अनुसार मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के अन्तर्गत जनपद  के कृषकों के लिए विभिन्न योजनाओं में लक्ष्य प्राप्त हुए हैं। योजनाओं का उद्देश्य कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों तथा कृषि यंत्रीकरण से जोड़ते हुए उनकी आय में वृद्धि करना है।
आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी राघवेन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि संकर शाकभाजी कार्यक्रम के अन्तर्गत सामान्य वर्ग हेतु 30 हेक्टेयर तथा अनुसूचित जाति वर्ग हेतु 10 हेक्टेयर, कुल 40 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना आधारित बागवानी मशीनीकरण योजनान्तर्गत कृषकों को कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ प्रदान किया जायेगा।
योजनाओं के अन्तर्गत प्राप्त लक्ष्यों का विवरण निम्नवत है—
ट्रैक्टर 20 बी०एच०पी० तक – सामान्य वर्ग हेतु 01 इकाई।
पॉवर ट्रिलर 8 बी०एच०पी० तक – सामान्य वर्ग हेतु 01 इकाई।
पॉवर ट्रिलर 8 बी०एच०पी० से अधिक – सामान्य वर्ग हेतु 01 इकाई।
पॉवर नैपसेक स्प्रेयर (12 से 16 लीटर क्षमता) – सामान्य वर्ग हेतु 02 इकाई एवं अनुसूचित जाति वर्ग हेतु 01 इकाई।
उन्होंने बताया कि योजनाओं का लाभ “प्रथम आवक, प्रथम पावक” के आधार पर प्रदान किया जायेगा। इच्छुक कृषक निर्धारित अभिलेखों सहित कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन हेतु आवश्यक अभिलेख
दो पासपोर्ट साइज फोटो
आधार कार्ड की छायाप्रति
बैंक पासबुक की छायाप्रति
खसरा / खतौनी की छायाप्रति
फार्मर आई०डी०
जाति प्रमाण-पत्र (अनुसूचित जाति वर्ग हेतु)
10 रुपये के स्टॉम्प पेपर पर नोटरी शपथ पत्र
इच्छुक कृषक अपने आवेदन पत्र आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी, कक्ष विकास भवन में जमा कर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
कृषकों से अपील की है कि वे समय से आवेदन कर विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठायें तथा आधुनिक कृषि एवं बागवानी तकनीकों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि करें।
28 से 30 मई को तेज आंधी ओलावृष्टि की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया आदेश
फर्रुखाबाद l मौसम विज्ञान विभाग
28 से 30 मई तक तेज आंधी एवं ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है l
जनसामान्य, किसानों एवं पशुपालकों हेतु
भारत मौसम विज्ञान विभाग, द्वारा जारी आदेश में कहा है कि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद में आगामी दिनों में मौसम अत्यंत खराब रहने की संभावना है। विभाग द्वारा 28 से 30 मई 2026 तक तेज आंधी, तेज हवाएं तथा ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार
हवा की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटा तथा झोंकों में 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
29 से 30 मई 2026 को
तीव्र आंधी की संभावना।
हवा की गति 70 से 80 किमी प्रति घंटा तथा झोंकों में 90 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना।
कई स्थानों पर ओलावृष्टि होने की भी प्रबल संभावना व्यक्त की गई है।
कच्चे मकानों, झोपड़ियों एवं अस्थायी ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है।
पेड़, होर्डिंग्स एवं बिजली के खंभे गिरने की संभावना।
विद्युत आपूर्ति बाधित हो सकती है।
तेज हवाओं एवं धूलभरी आंधी के कारण दृश्यता कम होने से सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है।
आम, केला, पपीता सहित बागवानी फसलों एवं खड़ी कृषि फसलों को नुकसान की आशंका।
पशुओं के खुले में रहने पर दुर्घटना की संभावना बढ़ सकती है।
जनसामान्य हेतु सावधानियां:
खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर सुरक्षित रहें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें।
खिड़की-दरवाजों को अच्छी तरह बंद रखें एवं ढीली वस्तुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें।
पेड़ों, बिजली के खंभों एवं टूटे तारों से दूर रहें।
बिजली कड़कने के दौरान मोबाइल चार्जिंग, टीवी, कंप्यूटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अनप्लग रखें।
वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं तथा खुले मैदानों में जाने से बचें।
मौसम संबंधी जानकारी प्रशासन एवं मौसम विभाग के माध्यम से प्राप्त करते रहें।
किसानों हेतु विशेष सलाह:
गन्ना, मक्का एवं अन्य लंबी फसलों को सहारा देकर बांधें।
सब्जियों एवं बागवानी फसलों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखें।
ओलावृष्टि से बचाव हेतु नेट, पॉलीशीट अथवा अन्य सुरक्षात्मक आवरण का उपयोग करें।
कटाई योग्य फसलों की शीघ्र कटाई एवं सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करें।
आम के बागों में गिरे फलों को तुरंत अलग करें ताकि सड़न न फैले।
पशुपालकों को सलाह है कि वह
पशुओं को खुले स्थान पर न बांधें तथा सुरक्षित शेड में रखें।
पशुओं के चारे एवं पानी की पर्याप्त व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर लें।
जनपद प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल अधिकृत मौसम बुलेटिन एवं प्रशासनिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।