बकाया बिलों की वसूली करने गई विद्युत टीम पर हमला, 14 नामजद 10 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
फर्रुखाबाद l विकास खंड नवाबगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत नगला छेद में बिजली बिल वसूली करने पहुंची विद्युत टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया l घटना के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने 14 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अवर अभियंता अब्दुल मजीद के नेतृत्व में टीजी-2 गोपाल मिश्रा और संविदाकर्मी अनुरोध कुमार, गौरव सिंह, राहुल कुमार और अंकित कुमार की टीम गांव में बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए पहुंची थी। टीम ने ग्रामीणों से बिजली बिल जमा करने की अपील कर रही थी, तभी कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।आरोप है कि गांव के करू, सौरभ, बबलू, कमलेश, भगत सिंह, विकेश, अजय, नेम सिंह, छोटेलाल, दुधराम, करण सिंह, रामसनेही, पंकज, अरविंद सहित अन्य लोगों ने टीम के साथ गाली-गलौज की। स्थिति बिगड़ती देख बिजली कर्मी वहां से निकलने लगे, लेकिन इस दौरान दो बाइकों पर आए कुछ लोगों ने सड़क पर बल्ली डालकर रास्ता रोक लिया। साथ ही आरोपियों ने लाइनमैन सहित अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। कर्मचारियों का आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया, सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए और टीम के एक कर्मी का चश्मा तक तोड़ दिया। साथ ही सरकारी मोबाइल फोन और संविदाकर्मी अनुरोध कुमार का निजी मोबाइल भी लूट लिया है घटना के बाद विद्युत विभाग की ओर से नवाबगंज थाने में तहरीर दी गई है l पुलिस ने 14 नामजद और 10 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती और फाल्ट की समस्या बनी रहती है। किसानों ने आरोप लगाया है कि मक्का की सिंचाई प्रभावित हो रही है और लाइन मैंन ठीक करने के नाम पर पैसे मांगते हैं। इस के चलते ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराज़गी जताई है l
1 hour and 25 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1