जिलाधिकारी ने जन सुनवाई मे सुनी 98 शिकायतें
रितेश मिश्रा
हरदोई आज कलेक्ट्रेट में जन सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा ने आमजन की समस्याओं को सुना। जन सुनवाई मे आज कुल 98 शिकायते प्राप्त हुई, जिसके त्वरित निस्तारण के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्व और गुणवत्तापूर्ण पूर्ण हो। जनसुनवाई मे प्राप्त कुछ शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही समाधान किया। जनसुनवाई मे नगर मजिस्टेट सुनील कुमार त्रिवेदी व अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहें
चोरी के ज़ेवर और नगदी सहित आरोपी गिरफ्तार
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।मझिला पुलिस ने चोरी के ज़ेवर और नगदी सहित आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
        प्राप्त विवरण में 19 मई को सुनील पुत्र भीमसेन निवासी ग्राम रामपुर कोड़ा द्वारा थाना मझिला पर तहरीर दी गयी कि अज्ञात चोर द्वारा उसके घर से मोबाइल फोन, एक जोडी पायल व नगदी चोरी कर लिए गए है। इस सम्बन्ध में थाना मझिला पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई।
उपनिरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह और पुलिस बल द्वारा आकाश पुत्र अनिल को चोरी किए गए एक अदद मोबाइल फोन, एक जोडी पायल व 710 रुपये नगदी सहित गिरफ्तार किया गया है।
सड़क किनारे मिले मृतक युवक की दूसरे दिन भी नहीं हो सकी शिनाख्त
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई। कोतवाली क्षेत्र के जेर बंगला और खेड़ा बीबी जई मोहल्ले के बीच में सड़क किनारे मिले एक युवक के शव की दूसरे दिन भी शिनाख्त नहीं हो सकी।
        मंगलवार को शाम पुलिस को सूचना मिली कि जेर बंगला के निकट एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है। सूचना पाकर चौकी प्रभारी हरदीप सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को उठाकर सीएचसी लाये जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था ।
      उपनिरीक्षक हरदीप कुमार ने बताया सड़क किनारे पड़े मिले मृतक युवक की शिनाख्त समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के बाद शिनाख्त के लिए मोर्चेरी में रखवाया गया है।आगे वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
संडीला में पहली बार सफल घुटना प्रत्यारोपण, डॉक्टर शोएब आरिफ एवं हाईवे हॉस्पिटल की टीम ने किया सफल आपरेशन
रितेश मिश्रा
संडीला क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। नगर स्थित हाईवे हॉस्पिटल एवं ऑर्थो केयर सेंटर में 16 मई को पहली बार सफल घुटने का प्रत्यारोपण (नी रिप्लेसमेंट) किया गया। यह सफल ऑपरेशन वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. शोएब आरिफ एवं उनकी विशेषज्ञ टीम द्वारा संपन्न किया गया।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार मरीज लंबे समय से घुटनों की गंभीर समस्या और असहनीय दर्द से परेशान था। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति सामान्य बताई जा रही है तथा तेजी से स्वास्थ्य लाभ हो रहा है।

इस सफल सर्जरी के बाद अब संडीला और आसपास के मरीजों को घुटना प्रत्यारोपण जैसी जटिल सर्जरी के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

डॉ. शोएब आरिफ ने बताया कि आधुनिक तकनीक और अनुभवी टीम की मदद से ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी मरीजों को बेहतर ऑर्थोपेडिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
एसबीएस पब्लिक इंटर कॉलेज में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित, मेधावी छात्र-छात्राओं को मिले नकद पुरस्कार और मेडल*
रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई।* कलौली रोड बालामऊ स्थित एसबीएस पब्लिक इंटर कॉलेज में वुधवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम 2026 अत्यंत हर्षोल्लास के साथ घोषित किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों पर इनामों की बौछार हुई। गृह परीक्षाओं में कक्षा 8 की पल्लवी ने प्रथम, एलकेजी की तृप्ति मिश्रा ने द्वितीय तथा कक्षा 7 के जैनिश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें मुख्य अतिथि व बालामऊ के ग्राम प्रधान आलोक वर्मा ने मेडल और शील्ड देकर सम्मानित किया। इसी भव्य समारोह में ग्राम प्रधान द्वारा बोर्ड परीक्षा 2026 में जिले में तीसरा स्थान हासिल करने वाली भावना त्रिवेदी (94.67%) को 10 हजार रुपये व ट्रॉफी, 93% अंक लाने वाली कक्षा 10 की छात्रा अदिति पटेल को 5 हजार रुपये व ट्रॉफी तथा गृह परीक्षा में 95.1% अंक पाकर प्रथम आई पल्लवी को 2 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के समस्त स्टाफ और पधारे हुए आगंतुकों ने हर कक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले बच्चों को मेडल व शील्ड बांटी, जिसके बाद प्रबंधक पी.के. सिंह ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। इस दौरान प्रधानाचार्य, संचालक, शिक्षक और भारी संख्या में अभिभावक गण मौजूद रहे।
बेजुबान मिट्ठू’ की मौत के सदमे में युवक ने खाया जहर,
रितेश मिश्रा
हरदोई में इंसान और पक्षी के प्रेम की झकझोर देने वाली दास्तां
क्या कोई किसी बेजुबान के जाने के गम में अपनी जान दांव पर लगा सकता है? सोशल मीडिया की दुनिया में इंसानी बेरुखी के बीच हरदोई से एक ऐसी मर्मस्पर्शी और हैरान कर देने वाली खबर आई है, जिसे सुनकर आपकी आंखें नम हो जाएंगी। यहां सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम सौतेरा में रहने वाले 23 वर्षीय रजनीश यादव ने अपने चहेते पालतू तोते ‘मिट्ठू’ की मौत से आहत होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। तोते की जुदाई का सदमा यह युवक बर्दाश्त नहीं कर सका और देखते ही देखते घर में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर उसे बचाने की जद्दोजहद में जुटे हैं।
यह अनोखी प्रेम कहानी महज चार महीने पहले शुरू हुई थी, जब रजनीश नैमिषारण्य के हत्याहरण तीर्थ से इस तोते को महज 150 रुपये में खरीदकर लाया था। परिवार ने प्यार से उसका नाम 'मिट्ठू' रखा था
लेकिन रविवार को इस हंसते-खेलते रिश्ते को किसी की नजर लग गई। रजनीश किसी काम से अपनी एक रिश्तेदारी में गया हुआ था, तभी पीछे से घर में मिट्ठू की सांसें थम गईं। जब रजनीश वापस लौटा और उसे पता चला कि उसका जिगर का टुकड़ा अब इस दुनिया में नहीं रहा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। वह चीख-चीख कर रोने लगा और इसी गहरे सदमे व डिप्रेशन में आकर उसने कोई नशीला पदार्थ निगल लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और मुंह से झाग आने लगा। अस्पताल के डॉक्टर रूपेंद्र सिंह के मुताबिक,युवक की हालत गंभीर है और जहरीले पदार्थ के असर को देखते हुए उसका सघन इलाज किया जा रहा है।
अस्पताल के बेड पर जब रजनीश को थोड़ा होश आया, तो उसका दर्द आंसुओं के रूप में बह निकला।उसने रोते हुए आरोप लगाया कि "जब मैं रिश्तेदारी गया, तो घर वालों ने मेरे मिट्ठू का ठीक से ख्याल नहीं रखा, उसे समय पर पानी तक नहीं दिया और वह तड़पकर मर गया, रजनीश ने बताया कि उसने कुछ कबूतर भी पाल रखे हैं जो शाम को घर लौट आते हैं लेकिन मिट्ठू तो उसकी जान था।
आज के इस मतलबी दौर में, जहां इंसान इंसानों के खून का प्यासा है, वहीं एक बेजुबान पक्षी के प्यार में खुद को मौत के मुंह में धकेलने की यह भावुक दास्तां पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
यातायात व्यवस्था मजबूत करने के लिये बड़ा फेरबदल
.
रितेश मिश्रा
हरदोई में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिये बड़ा कदम उठाया है। सोमवार देर रात जारी गश्ती में एक उप निरीक्षक समेत 66 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबलों का तबादला यातायात विभाग में किया गया है।
अज्ञात कारणों से विधवा महिला की झोपड़ी में लगी आग,
बकरे, बकरियों समेत घर में रखी सामग्री, कपड़े, राशन जलकर हुआ खाक*

रितेश मिश्रा
कछौना(हरदोई):* विकासखंड कछौना की ग्रामसभा महमूदपुर धतिंगड़ा में विधवा महिला राजकुमारी के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई जिससे 2 बकरी, 4 बकरे जलकर मर गए। कई बकरियां गंभीर रूप से घायल हो गई। घर में रखी सामग्री, कपड़े, राशन जलकर खाक हो गया। इस घटना से परिवार के सामने भरण पोषण का संकट खड़ा हो गया।
विकास खंड कछौना की ग्राम सभा महमूदपुर धतिंगड़ा में विधवा महिला राजकुमारी झोपड़ी में रहती है, बकरी पालन कर परिवार का भरण पोषण करती है। रविवार को अज्ञात कारणों से उसकी झोपड़ी में आग लग गई जिससे 2 बकरी, 4 बकरे जलकर खत्म हो गए। कई बकरियां जलने से गंभीर रूप से घायल हो गई। घर की सामग्री, कपड़े, राशन भी जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने अथक प्रयास से आग पर काबू पाया। इस घटना से विधवा महिला पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की सूचना पर राजस्व कर्मी, ग्राम प्रधान, समाजसेवी नृपेंद्र वर्मा ने पहुंचकर परिवार को संबल दिया। पीड़ित परिवार को समाजसेवी नृपेंद्र वर्मा ने राशन, सामग्री व कपड़े देकर सहायता की। इस अवसर पर अरुण शुक्ला, अश्वनी कुमार, अजय वर्मा, अरविंद, सत्य प्रकाश आदि मौजूद रहे।
नवीन गल्ला मंडी में एसडीम सदर की छापेमारी, सरकारी बोरों में भरा सैकड़ों क्विंटल गेहूं बरामद .
रितेश मिश्रा
हरदोई: शहर की नवीन गल्ला मंडी में एसडीएम सदर मयंक कुंडू की छापेमारी से हड़कंप मच गया। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान सरकारी बोरों में भरा सैकड़ों क्विंटल गेहूं बरामद किया गया। कई बोरियों पर पीसीएफ की मोहर और वर्ष 2026-27 का चिन्ह भी मिला, जिससे पूरे मामले में अनियमितता और अवैध कारोबार की आशंका जताई जा रही है।
बताया गया कि मंडी सचिव कार्यालय के पास स्थित एक दुकान और आसपास के क्षेत्र में छापेमारी की गई। इस दौरान करीब 450 से 500 गेहूं से भरे बोरे कब्जे में लिए गए। मौके पर बड़ी संख्या में सरकारी संस्थाओं की मोहर लगी बोरियां मिलने के बाद व्यापारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रशासन को शिकायत मिली थी कि कुछ निजी लोग सरकारी बोरों का इस्तेमाल कर गेहूं की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर एसडीएम सदर स्वयं जांच के लिए मंडी पहुंचे। जांच के दौरान भारी मात्रा में गेहूं से भरे सरकारी बोरे पाए गए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सरकारी बोरों का उपयोग कर गेहूं को अवैध तरीके से इधर-उधर बेचा जा रहा था। फिलहाल प्रशासन मामले की गहन जांच में जुटा हुआ है और बरामद बोरों व गेहूं के स्रोत की पड़ताल की जा रही।
अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में अधिवक्ताओं ने किया जोरदार प्रदर्शन

घायल वकीलों को मुआवजा और दोषियों पर कार्यवाही के लिए मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन एसडीएम को सौपा

रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।लखनऊ में अधिवक्ताओं के चेंबर पर बुलडोजर चलाए जाने और वकीलों पर किए गए लाठीचार्ज की घटना से  आक्रोशित तहसील के अधिवक्ताओं ने सोमवार को तहसील परिसर में पुलिस और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।
पैदल मार्च निकाल जताया विरोध
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विमलेश लोधी और महामंत्री के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता कार्य बहिष्कार करते हुए लामबंद हो गए। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में पैदल मार्च निकाला और 'पुलिस-प्रशासन मुर्दाबाद' तथा 'अधिवक्ता एकता जिंदाबाद' के नारे लगाए। वकीलों का कहना था कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ और न्याय के रक्षकों पर इस तरह की दमनकारी कार्रवाई को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लखनऊ में बिना विधिक प्रक्रिया के अधिवक्ताओं के चेंबरों को बुलडोजर से ढहा दिया गया। जब वकीलों ने इसका शांतिपूर्ण विरोध करना चाहा, तो उन पर बर्बरतापूर्वक लाठियां बरसाई गईं, जिसमें कई अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं।अधिवक्ताओं ने लाठीचार्ज का आदेश देने वाले और कानून हाथ में लेने वाले दोषी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल निलंबित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
      प्रदर्शन के बाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि घायल अधिवक्ताओं को उचित मुआवजा दिया जाए, ढहाए गए चेंबरों का पुनर्निर्माण कराया जाए और प्रदेश में 'अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट' को लागू किया जाए ताकि भविष्य में वकीलों के सम्मान और सुरक्षा से कोई खिलवाड़ न हो सके।