भीषण गर्मी एवं लू को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट
*जनपद में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना, सावधानी बरतने की अपील*


रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि जनपद में लगातार बढ़ते तापमान एवं भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन पूर्णतः सतर्क एवं सक्रिय है। आमजन को लू (हीट स्ट्रोक) से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से आवश्यक दिशा-निर्देश एवं एडवाइजरी जारी की गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि विगत दिनों से जनपद का तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है तथा आगामी दिनों में इसके 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। ऐसी स्थिति में लू लगने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि लू लगने की स्थिति में शरीर का अत्यधिक गर्म एवं लाल हो जाना, त्वचा का शुष्क होना, तेज नाड़ी चलना, सिरदर्द, चक्कर आना, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी, थकान तथा पसीना कम या बंद हो जाना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेना आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने कार्यालयों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि हीट वेव एवं लू प्रकोप से बचाव एवं राहत कार्यों के लिए अपने-अपने विभागीय दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने समस्त जनपदवासियों से अपील की कि भीषण गर्मी एवं लू के प्रभाव को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतें, पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें, अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
भदोही पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी से बचाए ₹10,000: पीड़ित सचिन सिंह के खाते में वापस कराई गई राशि

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में पीड़ित सचिन सिंह को उनके ₹10,000 वापस दिलाए हैं। सचिन सिंह के साथ 4 मई 2026 को बैंक अधिकारी बनकर धोखाधड़ी की गई थी, जिसमें उनसे मोटरसाइकिल की बकाया ईएमआई जमा करने के बहाने पैसे ठगे गए थे।
पुलिस अधीक्षक भदोही, अभिनव त्यागी ने साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए साइबर क्राइम थाना/हेल्प डेस्क को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में, ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के महरभा निवासी सचिन सिंह पुत्र हंसराज ने ऑनलाइन साइबर शिकायत दर्ज कराई थी।
ज्ञानपुर स्थित साइबर हेल्प डेस्क ने सचिन सिंह के प्रार्थना पत्र और एनसीआरपी पोर्टल का अवलोकन किया। पुलिस के सहयोग और आपसी समन्वय से धोखाधड़ी की गई ₹10,000 की धनराशि पीड़ित के खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
अपनी धनराशि वापस पाकर पीड़ित सचिन सिंह ने भदोही पुलिस और साइबर हेल्प डेस्क थाना ज्ञानपुर के प्रति आभार व्यक्त किया और पुलिस की प्रशंसा की। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामधनी यादव, कांस्टेबल अमित कुमार यादव, कांस्टेबल कौशल कुमार यादव, कांस्टेबल मारुति नंदन दूबे और कांस्टेबल रोहित यादव शामिल थे।
भदोही एसपी ने जनता दर्शन में सुनीं शिकायतें: अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए दिए आवश्यक निर्देश

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने मंगलवार को जनता दर्शन में आए फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। यह जनसुनवाई प्रतिदिन की जा रही सुनवाई का हिस्सा थी।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को सचेत किया कि जनसुनवाई और महिला हेल्पडेस्क को अधिक प्रभावी बनाया जाए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पीड़ित या शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से अपने थाने से पुलिस कार्यालय न आना पड़े।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन समस्याओं का समाधान थाना स्तर पर हो सकता है, उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर थाना स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए।
इसी क्रम में, जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारीगण और थाना प्रभारियों द्वारा भी अपने कार्यालयों और थानों पर जनसुनवाई करते हुए प्राप्त जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराया जा रहा है।
पुलिस मुठभेड़ में शामिल फरार पशु तस्कर गिरफ्तार: सुरियावां पुलिस ने गौ तस्करी मामले में वांछित को पकड़ा
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने गौ तस्करी के एक फरार वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी सुरियावां थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर हुई। गिरफ्तार अभियुक्त राजकुमार सरोज उर्फ बड़कू एक पुलिस मुठभेड़ में भी शामिल था।
पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देश पर जनपद में पशु तस्करी पर पूर्ण विराम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जनपदीय पुलिस पशु तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर रही है। दिनांक 01 मार्च 2026 को शाम 6 बजे, सुरियावां पुलिस टीम ने गौ तस्करी में लिप्त अभियुक्तों के मोबाइल नंबर प्राप्त किए। सर्विलांस की सहायता से उनकी लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके बाद औचक दबिश देकर अभियुक्त को पकड़ा गया।
गिरफ्तार अभियुक्त राजकुमार सरोज उर्फ बड़कू पुत्र किशोरी लाल सरोज, निवासी अमिलहरा, थाना सुरियावां, जनपद भदोही, उम्र लगभग 55 वर्ष है। वह थाना सुरियावां में पंजीकृत मु0अ0स0 57/2026 धारा 3/5A/8 उ0प्र0 गोवध निवारण अधि०, 109 (1) बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले में वांछित था। उसे एकौनी मोड़, दुर्गागंज रोड से सोमवार को गिरफ्तार किया गया। इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कमलेश कुमार, उपनिरीक्षक सुरेश यादव, उपनिरीक्षक मो० शकील अहमद और कांस्टेबल राहुल कुमार शामिल थे।
मानदेय न मिलने पर चिकित्सकों ने जताया विरोध:भदोही में काली पट्टी बांधकर काम किया, 21 से पूर्ण बहिष्कार की चेतावनी
नितेश श्रीवास्तव


भदोही। प्रदेश कार्यकारिणी के आवाहन पर सोमवार को सीएचसी भदोही के NHM कर्मचारियों ने पिछले तीन माह
से मानदेय न मिलने पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। यह विरोध प्रदर्शन 18, 19 और 20 तारीख तक चलेगा, जिसमें कर्मचारी काली पट्टी बांधकर ही काम करेंगे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 20 तारीख तक मानदेय का भुगतान नहीं किया गया, तो 21 तारीख से पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
जिला अस्पताल के एचएम उपाध्यक्ष महेंद्र पाल ने बताया कि तीन माह से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों को घर-परिवार चलाने और बच्चों की स्कूल फीस भरने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि काम करने के बाद भी भुगतान न मिलने से परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो जाता है।
जिले भर में 500 से अधिक चिकित्सक और कर्मचारी इस संगठन में शामिल हैं। सभी सीएचसी और पीएससी पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताते हुए अपना कार्य कर रहे हैं। कर्मचारियों ने दोहराया कि यदि 21 तारीख तक मानदेय का भुगतान नहीं हुआ, तो पूर्ण बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन तेज किया जाएगा।
भीषण गर्मी एवं लू से बचाव को लेकर जिला प्रशासन सतर्क

नितेश श्रीवास्तव

भदोही । जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि जनपद में लगातार बढ़ते तापमान एवं भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। आमजन को लू (हीट स्ट्रोक) से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश एवं एडवाइजरी जारी की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि विगत दिनों से जनपद का तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है तथा आगामी दिनों में इसके 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। ऐसी स्थिति में लू लगने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि लू लगने की स्थिति में शरीर का अत्यधिक गर्म एवं लाल हो जाना, त्वचा का शुष्क होना, तेज नाड़ी चलना, सिरदर्द, चक्कर आना, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी, थकान तथा पसीना कम या बंद हो जाना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेना आवश्यक है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर जाना अत्यंत आवश्यक हो तो हल्के रंग in के ढीले एवं सूती वस्त्र पहनें तथा सिर को टोपी, गमछा या छाते से ढककर रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं तथा शरीर में जल की कमी न होने दें। ओआरएस घोल, नमक-चीनी का घोल एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन लाभकारी रहेगा।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने आज सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, सरपतहा के लू वार्ड का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) की अनुपस्थिति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए वेतन रोकने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में तीन अस्पताल 6 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लू वार्ड बनाए गए हैं सभी केदो पर 24 घंटे डॉक्टरों की टीम भी लगाई गई है लू वार्ड की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी कार्यालयों सार्वजनिक स्थलों एवं पशु पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था कराई गई है।
तत्पश्चात जिलाधिकारी द्वारा महाराजा चेतसिंह चिकित्सालय, ज्ञानपुर का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एनआरसी, डेंगू वार्ड एवं लू वार्ड की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रूप से संचालित मिलीं। जिलाधिकारी ने अस्पताल में मरीजों के लिए शुद्ध पेयजल, आवश्यक दवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों से उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी मरीजों को समयबद्ध, समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उपचार व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने समस्त जनपदवासियों आम जनमानस से अपील की है कि गर्मी एवं लू के प्रभाव को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतें, स्वयं को सुरक्षित रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
प्रदेश के दक्षिणी हिस्से से शुरू होगा लू का प्रभाव
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। मौसम विभाग के अनुसार, भदोही में 22 म‌ई तक आरेंज अलर्ट जारी है। तापमान में लगातार वृद्धि के साथ लू चलने की संभावना है। सुबह 11 बजे के बाद अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी। किसी प्रभावी मौसम तंत्र के सक्रिय न होने के कारण इस सप्ताह मौसम शुष्क बना रह सकता है। प्रदेश के दक्षिणी हिस्से से लू का नया दौर शुरू होने की संभावना है। जिसका असर जिले में भी देखने को मिल सकता है।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ विदाई  एवं स्वागत समारोह
*जिलाधिकारी ने कुंवर वीरेंद्र मौर्य के कार्यों की सराहना करते हुए नवागत एडीएम शुभांगी शुक्ला को दी शुभकामनाएं*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विदाई एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुंवर वीरेंद्र मौर्य को भावभीनी विदाई दी गई तथा नवागत अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शुभांगी शुक्ला का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि स्थानांतरण प्रशासनिक व्यवस्था की सतत प्रक्रिया है। उन्होंने अपर जिला अधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य को जनपद में लगभग तीन वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं देने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। जिलाधिकारी ने कहा कि उनके कार्यकाल में विभिन्न परीक्षाएं सफलतापूर्वक एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई गईं। साथ ही कानून व्यवस्था, राजस्व एवं एस आई आर जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का भी प्रभावी ढंग से संचालन किया गया। उन्होंने कहा कि कुंवर वीरेंद्र मौर्य की कार्यशैली सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साथ लेकर चलने वाली रही, जिससे प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय बना रहा।
नवागत अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शुभांगी शुक्ला ने कहा कि जनपद में उनका पहला दिन है और वह प्रयास करेंगी कि पूर्व में किए गए उत्कृष्ट कार्यों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जनहित एवं प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण एक सतत प्रक्रिया है तथा कुंवर वीरेंद्र मौर्य द्वारा जनपद में किए गए कार्य सराहनीय एवं प्रेरणादायी हैं।
मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला ने कहा कि अपर जिला अधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य द्वारा जनपद में विभिन्न प्रशासनिक कार्यों का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन किया गया, जिससे शासन की योजनाओं एवं व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से लागू करने में सफलता मिली।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने कहा कि कानून व्यवस्था एवं परीक्षाओं जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में कुंवर वीरेंद्र मौर्य के साथ समन्वय बनाकर पूरी निष्ठा एवं लगन के साथ कार्य किया गया। उनका सहयोगात्मक एवं सकारात्मक दृष्टिकोण सदैव प्रेरणादायी रहा।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कोषाधिकारी बृजेश सिंह ने किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला, नवागत अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शुभांगी शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विजय नारायण सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी, कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी, आशीष श्रीवास्तव, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर आशुतोष श्रीवास्तव, वीरेंद्र पाल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
नारी बंदी गृह लखनऊ भेजी गईं पूर्व विधायक विजय मिश्रा की पत्नी पूर्व एमएलसी रामलली मिश्रा
नितेश श्रीवास्तव

भदोही । रिश्तेदार की संपत्ति कब्जाने के मामले में दोषी करार दी गईं बाहुबली पूर्व विधायक विजय मिश्रा की पत्नी एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ,पूर्व एलएलसी रामलली मिश्रा को जिला कारागार से नारी बंदी गृह लखनऊ भेज दिया गया। न्यायालय से 10 वर्ष की सजा मिलने के बाद शासन के निर्देश पर जेल प्रशासन ने यह कार्रवाई की।
एमपी-एमएलए कोर्ट द्वारा सुनाए गए फैसले में पूर्व विधायक विजय मिश्रा, उनकी पत्नी रामलली मिश्रा तथा पुत्र विष्णु मिश्रा को 10-10 वर्ष की सजा दी गई है, जबकि बहू रूपा मिश्रा को चार वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई। फैसले के समय विजय मिश्रा आगरा जेल में निरुद्ध थे, वहीं विष्णु मिश्रा लखीमपुर खीरी जेल में बंद हैं।
सजा सुनाए जाने के बाद रामलली मिश्रा और रूपा मिश्रा को जिला कारागार ज्ञानपुर में रखा गया था। बाद में शासन स्तर से मिले निर्देशों के क्रम में रामलली मिश्रा को लखनऊ स्थित नारी बंदी गृह स्थानांतरित कर दिया गया।
जेलर  ने बताया कि सात वर्ष से अधिक सजा पाने वाली महिला बंदियों को नियमानुसार नारी बंदी गृह भेजा जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत रामलली मिश्रा को लखनऊ भेजा गया है। उन्होंने बताया कि रूपा मिश्रा को चार वर्ष की सजा होने के कारण फिलहाल जिला कारागार में ही रखा गया है। शासन से आगे जो निर्देश प्राप्त होंगे, उसी के अनुसार अगली कार्रवाई की जाएगी।
आनंदडीह बाजार में भीषण आग, दो मंजिला कपड़े की दुकान जलकर राख
रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। दुर्गागंज थाना क्षेत्र के आनंदडीह बाजार में बीती रात रात भीषण आग लगने से दो मंजिला कपड़े की दुकान जलकर राख हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई, जिससे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार आग “केसरवानी साड़ी महल एवं फैमिली मार्ट” नामक दुकान में लगी थी, जिसका संचालन ओपी केसरवानी द्वारा किया जाता है। दुकानदार के अनुसार प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग में लाखों रुपये मूल्य के कपड़े, फर्नीचर एवं अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। दुकानदार ने करीब 40 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान बताया है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के दुकानदारों में दहशत का माहौल बना रहा।
दुर्गागंज थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है तथा घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।