पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हरियाली अंतर्गत निबंध प्रतियोगिता आयोजित
मीरजापुर। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में समाज को जागरूक करने के लिए विजय कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में हरियाली अंतर्गत निबंध प्रतियोगिता का आयोजन शहर के कजरहवा पोखरा स्थित श्रीवास्तव बाल विद्या समिति में आयोजित किया गया। विद्यालय के कुल 28 बच्चों ने उक्त प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। विद्यालय के प्रबंधक  रत्नेश श्रीवास्तव द्वारा प्रतियोगिता का निर्देशन किया गया।  छात्र आयुष यादव को प्रथम स्थान सिद्धार्थ बिन्द को द्वितीय तथा दिनेश्वर बिन्द को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। विद्यालय के शिक्षक शशि श्रीवास्तव, मधु सिंह, अनन्या श्रीवास्तव, प्रदीप बिंद, प्रियांशु दुबे, मिथिलेश उपाध्याय, मृदुल तिवारी आदि ने प्रतियोगिता में योगदान प्रदान किया
भीषण आग ने मचाई तबाही, फसल सहित अन्य नुकसान

मीरजापुर। राजगढ़ विकास खंड क्षेत्र के कुड़ी गांव में भीषण आग से जले पेड़ पौधे व भूसा, दमकल कर्मियों ने किसी तरह से आग पर पाया काबू।
बताते चलें कि राजगढ़ थाना क्षेत्र के कुड़ी गांव में शनिवार की दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने पूरे गांव में अफरा-तफरी मचा दी। देखते ही देखते आग की तेज लपटें खेतों में रखी गेहूं की फसल की ओर बढ़ने लगीं। बस्ती के समीप उठता धुएं का काला गुबार और आग की भयावह लपटें देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। गांव में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड ने किसी तरह से आग पर काबू पाया है, तब तक सबकुछ जलकर राख हो चुका था‌।
मीरजापुर : इनामिया असलहा तस्कर को मुठभेड़ में पुलिस ने किया गिरफ्तार, दूसरा हुआ फरार
सिंगरौली मिरर समाचार
मीरजापुर। मीरजापुर जनपद की कछवां थाना पुलिस ने ₹25 हजार के इनामिया एक अवैध असलहा तस्करी गैंग के सरगना को मुठभेड़ में घायल करते हुए गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 1 पिस्टल 32 बोर, 2 कट्टा (.315 बोर व .303 बोर) मय जिंदा खोखा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस ने यह कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में चलाए गए अभियान के अनुक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह व क्षेत्राधिकारी सदर मुनेन्द्र पाल सिंह, प्रभारी थानाध्यक्ष कछवां के रूप कार्यरत सहायक पुलिस अधीक्षक प्रशिक्षणाधीन कनिष्क आर. जामकर के नेतृत्व में की है।

बताते चलें कि शनिवार, 16 मई 2026 को थाना कछवां पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना कछवां का वांछित एक बाइक से भटौली के रास्ते भदोही की तरफ जा रहे हैं जो अपने पास अवैध असलहा रखें है। उक्त सूचना पर थाना कछवां पुलिस टीम द्वारा केवटावीर के पास घेराबंदी कर सघन वाहन चेकिंग जा रही थी कि तभी एक बाइक पर दो लोग सवार आते दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा किया गया तो पुलिस से स्वयं को घिरता देखकर बाइक सवार गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगे, परन्तु पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी सीमित फायरिंग की गयी, जिसमें एक के पैर में गोली लगी है तथा दूसरा भागने में सफल रहा। पुलिस मुठभेड़ में घायल देवश्वर शुक्ला पुत्र कृपाशंकर निवासी जयवंत सिंह का पुरा थाना पड़री, मीरजापुर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल, कट्टा तथा जिन्दा खोखा कारतूस बरामद कर घायल बदमाश को उपचार के लिए दाखिल कराया गया है।
वहीं मौके से फरार दूसरे असलहा तस्कर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा सम्भावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस के मुताबिक इनका आपराधिक इतिहास है। इनके खिलाफ थाना मेजा जनपद प्रयागराज में एक, थाना कछवां, जनपद मीरजापुर में दो तथा थाना सारनाथ जनपद वाराणसी में भी एक मुकदमा कायम है।
संयुक्त निदेशक के निरीक्षण में जेठ की दोपहरी में गो आश्रय स्थल पर खड़े मिले अधिकतर पशु
-गो आश्रय स्थलों पर बिना ईयर टैग लगे पाए गए अधिकतर गोवंशीय पशु

पशुओं के छांव में बैठने के लिए अतिरिक्त टिनशेड लगाए जाने का दिया निर्देश

मीरजापुर। संयुक्त निदेशक (प्रशासन) पशुपालन निदेशालय उत्तर प्रदेश डॉ प्रदीप कुमार ने शुक्रवार को बीडीओ हलिया विजय शंकर त्रिपाठी के साथ क्षेत्र के महोगढ़ी और गलरा गांव स्थित गौ आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया। संयुक्त निदेशक के निरीक्षण में महोगढ़ी और गलरा गो आश्रय स्थल पर अधिकांश पशु बिना ईयर टैग लगे पाए गए। जिसपर संयुक्त निदेशक ने मौके पर मौजूद पशुचिकित्साधिकारी हलिया कमलेश कुमार व पशुचिकित्साधिकारी बरौंधा नीलम सिंह को गो वंशों की देखभाल में लापरवाही मिलने पर कड़ी फटकार लगाई बिना ईयर टैग वाले गोवंशो को जल्द से जल्द ईयर टैग लगवाने का सख्त निर्देश दिया। निरीक्षण में महोगढ़ी गौ आश्रय स्थल पर भूसा और पोषाहार पर्याप्त मात्रा में पाया गया लेकिन हरे चारे का कोई प्रबंध नही मिला। दोपहर साढ़े बारह बजे के करीब गलरा गो आश्रय स्थल पहुंचे संयुक्त निदेशक को अधिकतर गोवंशीय पशु चिलचिलाती धूप में खड़े दिखाई पड़े।जिसे देखकर उन्होंने मौके पर  पशुचिकित्साधिकारी हलिया कमलेश कुमार व ग्राम सचिव मनोज गौतम को जल्द से जल्द से जल्द गो आश्रय स्थल पर अतिरिक्त टिनशेड लगवाकर गोवंशो की सुरक्षा को देखते हुए छांव की समुचित व्यवस्था कराने के लिए निर्देश दिया। संयुक्त निदेशक ने पशुओं की सुरक्षा में लापरवाही नही बरतने की हिदायत दी। संयुक्त निदेशक ने गौ आश्रय स्थल पर पशुओं के हरे चारे के प्रबंध के बारे में पूछा तो प्रधान पति अरूण मिश्र ने बताया कि सुबह शाम पशुओं को हरा चारा खिलाया जाता है। जिसपर संयुक्त निदेशक ने कहा कि मौजूद पशुओं और उनकी चरनी को देखकर तो ऐसा नही लग रहा है कि पशुओं को हरा चारा दिया जाता है। जिसके दस मिनट बाद ज्वार का हरा चारा लेकर गोशाला के कर्मचारी आए और गोवंशो को हरा चारा खाने के लिए डालने लगे। संयुक्त निदेशक के निरीक्षण में गलरा गो आश्रय स्थल पर भूसा और पोषाहार पर्याप्त पाया गया। संयुक्त निदेशक ने गोवंशो का स्वास्थ्य परीक्षण और धूप से बचाव हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।संयुक्त निदेशक डॉ प्रदीप कुमार ने बताया कि गलरा गो आश्रय स्थल पर गोवंशीय पशुओं के छाया की समुचित व्यवस्था किए जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।
पिता संग थाने पहुंची विवाहिता पति के विरुद्ध कार्रवाई की लगाई गुहार
मीरजापुर। ड्रमंडगंज थाना
क्षेत्र के पंडितपुर गांव निवासी विवाहिता ने पति पर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए शुक्रवार शाम को पति के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।दी गई तहरीर में पंडितपुर गांव निवासी खुशी पत्नी रोशन लाल ने आरोप लगाया कि पति दूसरी महिला के चक्कर में मारपीट करता है और कमरे में बंद कर खाना भी नही देता है। विवाहिता ने आरोप लगाया कि पति धमकी देता है कि यदि कहीं शिकायत करोगी तो जान से मारकर गायब कर दूंगा। विवाहिता ने पति के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि महिला की तहरीर पर मामले की जांच की जाएगी।
मिर्जापुर में आंधी-तूफान के कहर से 14 लोगों की मौत, कई घायल
*शहर से लेकर गांव तक  बिजली आपूर्ति ठप, गंगा नदी में बना पीपा पुल भी टूटा*

मीरजापुर। जनपद में आंधी पानी ने जमकर तबाही मचाई है। तेज आंधी तूफान के कारण 14 लोगों की जान चली गई है। वहीं शहर लेकर गांव तक की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है‌। जो समाचार प्रेषण तक बाधित रहा है। बुधवार की रात से लेकर गुरुवार को सुबह तक बिजली आपूर्ति बाधित होने से उमश भरी गर्मी से व्याकुल लोगों को दो बूंद पानी के लिए परेशान देखा गया है।
मीरजापुर जिले में आए चक्रवती तूफान, तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई. पेड़, दीवार, टीन शेड गिरने और आकाशीय बिजली से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. मृतकों में पड़री थाना क्षेत्र में-5, अदलहाट-3, कछवां-2, चील्ह-1, लालगंज-1, संतनगर-1, ,कोतवाली देहात-1 बताएं गए हैं। पूरी रात जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित रहीं है।
छानबे विकास खंड क्षेत्र के गौरा परमानपुर मार्ग का पीपा पुल टूटने से 20 गांवों का आवागमन रुक गया है. कई इलाके में सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन तक बाधित हो गया है. जिले में बुधवार को देर शाम आंधी तूफान ने जमकर तबाही मचाई है आंधी पानी के कारण अलग-अलग थाना क्षेत्र में 14 लोगों की जान चली गई है. पड़री थाना क्षेत्र में चार की मौत हुई है. नदीगहना, सारी पोखरी गांव में आम के पेड़ गिरने से 9 साल के बच्चे अंशु मौर्य की मौत हुई है. छीतमपट्टी गांव में भी आम का पेड़ गिरने 17 वर्षीय किशोर अक्षय की मौत हुई है. मोहनपुर भवरख गांव में महुआ का पेड़ गिरने से महिला सरोज देवी की मौत हुई है.साथ ही महेवा में आम बिनने गए एक व्यक्ति बिहारी के भी मौत की खबर है.
कछवां थाना क्षेत्र में भी दो की मौत हुई है. विदापुर की रहने वाली महिला बेईला देवी पर टिन का शेड  गिरने से मौत हो गई है. हरदरा के पास स्कॉर्पियो गाड़ी पर पेड़ गिरने से राणा उर्फ बबलू की मौत हो गई है स्कार्पियो सवार दो गंभीर रूप से घायल है जिनको ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है. चील्ह थाना क्षेत्र के गडगेड़ी गांव में आंधी तूफान से दीवार गिरने से 50 वर्षीय वृद्ध राम सागर जायसवाल की मौत हुई है.

*आंधी में उड़े टिन शेड से महिला का कटा गर्दन हुईं मौत*

वही लालगंज थाना क्षेत्र के कोलकम गांव में आंधी पानी के कारण टिन शेड उड़ने से नीलम महिला की गर्दन कटने से मौत हो गई है.

पड़री थाना क्षेत्र में चार से बढ़कर हुई पांच लोगों की हुई मौतों को संख्या, लालता यादव 70 वर्ष, इसके साथ ही
देहत कोतवाली क्षेत्र के कुरकुटिया पांडेय में चंद्रावती देवी नामक महिला की मौत की खबर है,

*आकाशीय बिजली से हुई मौत*

इसी प्रकार अदलहाट थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली से मंगल प्रसाद की मौत हुई है.


*पीपा पुल टूटने से बीस गांवों का सम्पर्क टूटा*

जान जाने के साथ ही आंधी पानी ने गौरा-परमानपुर मार्ग बने गंगा नदी का पीपा पुल टूटने से 20 गांव का आवागमन हुआ ठप हो गया है. सिमराध नाथ को जोड़ने वाला यह संपर्क मार्ग है. गांव से लेकर शहर तक अभी तक लाइट आपूर्ति बाधित है. कई इलाके में सड़क पर  पेड़ उखड़ कर गिर गए हैं जिससे आवागमन ठप है. विंध्याचल अटल चौक पर हाई मास्क लाइट गिर गई है गनीमत रहा की किसी को चोट नहीं आई. जिलाधिकारी और एसपी आवास के रोड पर पेड़ गिरने से घंटो आवागमन बाधित रहा. आंधी पानी से पूरे जनपद में जनजीवन प्रभावित हो गया है.
मंडलीय अस्पताल के समीप पेड़ की डाल गिरने से जहां काफी देर तक आवागमन बाधित रहा है वहीं उधर से गुजर रहे एक राहगीर के घायल होने की खबर है।
दूसरी ओर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बेदौली, गोपालपुर, कलवारी माफी व आसपास के इलाकों में आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। कई जगह शादी-विवाह में लगे टेंट और सजावटी सामान तेज हवाओं में उड़कर टूट गए। ग्रामीणों के कच्चे मकानों व घरों को भी नुकसान पहुंचा है। अचानक आए तूफान से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर सहायता दिलाने की मांग की है।
दबंगों के खौफ और प्रभाव के आगे पीड़िता की पीड़ा पड़ जा रही कमजोर
*मासूम बच्चों संग थाने से लगाएं एसपी आफिस के चक्कर काट रही है पीड़िता
*न्याय न मिला तो बच्चों संग धरने पर बैठने की दी चेतावनी

मीरजापुर। दबंगों के खौफ और प्रताड़ना से डरी सहमी महिला ने बच्चों संग पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक से मिलकर अपनी फरियाद सुनाई है। महिला ने आरोप लगाया है कि यदि उसकी प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो उसके व उसके बच्चों के साथ कभी भी कोई अप्रिय वारदात हो सकती है। जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बनवा (नौगांव) निवासनी पुष्पा पांडे ने एसपी को सौंपे शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उसी के गांव के रहने वाले लक्ष्मीकांत, कृष्णकांत इत्यादि उसकी जान के दुश्मन बने हुए हैं। पति रोज़ी रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं गांव में वह अपने पांच बच्चों के साथ गुजर-बसर करती है। उसके विपक्षी काफी सरहंग और दबंग किस्म के हैं जो आएं दिन उसे परेशान करते हुए आएं हैं। बीते 8 मई 2026 उसके घर पर दर्जनों की संख्या में चढ़कर आए उसके विपक्षियों ने जो शराब पीकर एकराय होकर आएं हुए थे जमकर तांडव मचाया। उसे और उसके बच्चों को बुरी तरह से मारने पीटने के साथ उसकी आबरू को भी लूटने का असफल प्रयास किया। इस दौरान पीड़ित बुरी तरह से ललुहान हो उठी उसके मुंह ओठ कट गये वहीं शरीर के कई हिस्सों में चोट भी आई। इतने सबके बाद भी दबंगों का जी नहीं भरा तो वह उसके शरीर के कपड़ों को खींच कर निर्वस्त्र करने लगे थे इसी बीच शोरगुल सुनकर गांव के लोग जुट गए तो वह जान-माल की धमकी देते हुए चले गए। पीड़िता की मानें तो रात्रि में पुलिस को सूचना दी गई तो बरौधा चौकी प्रभारी रात तकरीबन 7.30 बजे मौके पर आएं और सुबह लालगंज थाना पर पहुंचने की बात कह चलें गए‌। आश्चर्य की बात यह है कि चौकी प्रभारी के जाने के बाद रात 9.30 बजे पुनः सभी गोलबंद होकर धमक पड़े और उसके घर का दरवाजा पीटने लगे थे। जिसकी सूचना 112 नंबर पर देने पर 112 नंबर के दरोगा सुबह थाना आने की बात कहकर चलते बने।

*इलाज़ के लिए आए वाहन को भी किया क्षतिग्रस्त*

दबंगों की दहशतगर्दी का आलम यह रहा कि दर्द से कराह रही पीड़ित ने अपनी व बच्चों को इलाज़ के लिए जब एक निजी वाहन को बुलाया तो दबंगों ने उस वाहन को पत्थर के टुकड़ों से प्रहार कर क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे चालक वाहन समेत वापस लौट गया। इस बीच पीड़ित भय और दहशत के साए में पूरी रात घर में दुबकी स्वयं व बच्चों को लेकर डरी सहमी दर्द से कराहती रही है। पीड़िता के मुताबिक उसके विपक्षी इसके पूर्व में भी उसे मारपीट कर घायल कर चुके हैं जिसमें शिकायत किए जाने के बाद पुलिस ने तहरीर दर्ज कर तो ली थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से दबंगों का हौसला बुलंद बना हुआ है।

*महिला को न्याय मिलने में राजनैतिक दबाव आ यहा है आड़े*

पीड़िता पुष्पा ने आरोप लगाया है कि उसे और उसके बच्चों के साथ कभी भी कोई अप्रिय वारदात हो सकती है घटना वाली रात से ही वह बच्चों को लेकर न्याय के लिए दर-दर भटकने को विवश है। इसकी लिखित सूचना लालगंज कोतवाली पुलिस को देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने से उसे जान-माल का खतरा बना हुआ है। उसने आरोप लगाया है कि उसके विपक्षीयों के कुछ राजनैतिक पकड़ वाले व्यक्तियों से संबंध हैं जिनके प्रभाव में आकर पुलिस ने आजतक उसका मेडिकल भी कराना मुनासिब नहीं समझा है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए पत्र में अपनी व्यथा को सुनाते हुए जान-माल के ख़तरे की आशंका जताते हुए कहा है कि यदि उसके व उसके बच्चों के साथ कोई भी अप्रिय वारदात होती है तो उसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी उसके विपक्षियों और लालगंज कोतवाली पुलिस की होगी।
Mirzapur : मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं के बीच मारपीट, पुलिस ने संभाला मामला,
मीरजापुर। विख्यात विंध्याचल मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन के लिए लगी लंबी लाइन के दौरान गेट नंबर-5 पर श्रद्धालुओं के दो पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हो गई। बताया जा रहा है कि दर्शन के लिए आगे निकलने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लाइन में लगे अन्य श्रद्धालुओं में भी हड़कंप मच गया।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। जहां दोनों पक्षो ने आपसी समझौता कर मामले को खत्म किया, घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई।
बता दें कि विख्यात देवी विंध्याचल में अक्सर विवाद के मामले सामने आते रहे हैं जिससे यहां की महत्वा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगते हैं कि आस्था की नगरी में अराजकता कैसी कभी जजमान को दर्शन पूजन कराने को लेकर पंडों में छिड़ जाता है तो कभी धाम में वीआईपी दर्शन को लेकर हो पुलिस और श्रद्धालुओं में द्वंद युद्ध होता आया है‌
रेलवे पुल निर्माण कार्य में लगे श्रमिक की लोहे की प्लेट गिरने से हुई मौत
मीरजापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के ओझला में दिल्ली हावड़ा रुट पर रेलवे पुल निर्माण कार्य में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया यहां लोहे की प्लेट गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 11 मई को श्रमिक के भाई की शादी होने वाली थी ऐसे में शादी वाले घर में मातम पसर जाने से माहौल गमगीन हो उठा है मृतक की पहचान छोटी बसही निवासी घनश्याम निषाद 50 के रुप में हुई है। बताया जा रहा है कि रेलवे पुल निर्माण के दौरान लोहे की प्लेट गिरने से उसके नीचे दबाकर घनश्याम की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद बचाव के बजाय मौके से सभी भाग खड़े हुए थे। काफी देर बाद मौके पर पहुंची कटरा कोतवाली पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी रही है। परिजनों ने मौके पर हंगामा खड़ा करते हुए सुरक्षा मानको की अनदेखी का आरोप लगाया है।
बाइक व चार पहिया की आमने सामने टक्कर में बाइक सवार दो युवक घायल

ड्रमंडगंज।ड्रमंडगंज क्षेत्र के रतेह गांव में रविवार की भोर में बाइक और चार पहिया वाहन की आमने सामने टक्कर में बाइक सवार दो युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को पीआरवी पुलिस ने उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया।प्रयागराज जनपद के कोरांव थाना क्षेत्र के पियरी गांव निवासी 45 वर्षीय अखिलेश मौर्या अपने साथी लालगंज क्षेत्र के परसिया गांव निवासी 36 वर्षीय अनुज मौर्या के साथ बाइक से ड्रमंडगंज की ओर से हलिया की तरफ जा रहे थे बाइक सवार जैसे ही ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के रतेह गांव स्थित पेट्रोल पंप से पहले पहुंचे कि चार पहिया मैजिक वाहन से आमने सामने टक्कर हो गई। जिससे बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर चोट को देखते हुए चिकित्सक विवेक खरे ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।