थानों की कार्यप्रणाली में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : सीओ ऋषिका सिंह
ब्रह्म प्रकाश शर्मा
जानसठ। पुलिस क्षेत्राधिकारी जानसठ ने गुरुवार को कोतवाली परिसर में पुलिस स्टाफ की बैठक लेकर कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं जनसुनवाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में थाना क्षेत्र के पुलिसकर्मियों के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
सीओ ऋषिका सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने व्यवहार को जनहितैषी रखें तथा फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि महिला संबंधी अपराधों, साइबर अपराध, अवैध गतिविधियों और आपराधिक घटनाओं पर विशेष नजर रखी जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए।बैठक के दौरान सीओ ऋषिका सिंह ने लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने तथा हिस्ट्रीशीटर एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को रात्रि गश्त के दौरान सतर्क रहने, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के भी निर्देश दिए।इसके अलावा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिसकर्मियों को अनुशासन, समयपालन, वर्दी की मर्यादा तथा जनता के प्रति शालीन व्यवहार बनाए रखने की सीख दी गई। सीओ ने कहा कि पुलिस की छवि जनता के बीच बेहतर होनी चाहिए और प्रत्येक पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी से करे। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर नजर रखने तथा किसी भी सूचना की सत्यता जांचने के बाद ही कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी त्योहारों एवं सार्वजनिक आयोजनों को देखते हुए क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने पर भी जोर दिया। बैठक के अंत में सीओ ऋषिका सिंह ने सभी पुलिसकर्मियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने की अपील की।इस दौरान मुख्य रूप से इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामवीर सिंह,कस्बा चौकी इंचार्ज पंकज शर्मा, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र चौहान उपनिरीक्षक अक्षय कुमार, आदि के अलावा अन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
1 hour and 25 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0