प्रो. उमा श्रीवास्तव बनीं काशी नरेश विश्वविद्यालय की पहली कुलपति

*प्रदेश सरकार की ओर से प्रोफेसर उमा को नियुक्त किया गया कुलपति*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के गणित व सांख्यिकी विभाग की अध्यक्ष प्रो. उमा श्रीवास्तव को काशी नरेश विश्वविद्यालय, भदोही का अंतरिम (प्रथम) कुलपति नियुक्त किया गया है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की मंजूरी के बाद  प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा विभाग की ओर से आदेश जारी हो गया। प्रो. उमा पिछले 39 वर्ष से विश्वविद्यालय में बतौर शिक्षक सेवा दे रही हैं। वर्तमान में वह गणित एवं सांख्यिकी विभाग की अध्यक्ष हैं। उन्होंने पांच किताबें लिखी हैं और उनके करीब 92 शोधपत्र विभिन्न जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की विशेष आमंत्रित सदस्य और गोरक्ष प्रांत की प्रमुख हैं।
शुभांगी शुक्ला बनी भदोही की एडीएम वित्त एवं राजस्व
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। लंबे समय से जिले में तैनात अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य का स्थानांतरण मेरठ हो गया है। उनकी जगह मेरठ में अपर जिला अधिकारी रहीं शुभांगी शुक्ला को भदोही की जिम्मेदारी दी गई है। एक, दो दिन में वे जिले का कार्यभार संभाल लेंगी। कुंवर वीरेंद्र मौर्य बीते तीन साल से जनपद में तैनात थे। उन्हें एडीएम मेरठ, उप संचालक चकबंदी बनाया गया है।
भदोही पुलिस अधीक्षक ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित: हाईस्कूल-इंटर में 90 से अधिक अंक पाने वाले पुलिसकर्मियों के बच्चों का सम्मान
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने पुलिस लाइन ज्ञानपुर परेड ग्राउंड में साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी ली और उसका निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अनुशासन व एकरूपता बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल की कार्यवाही का अवलोकन कर उसे और बेहतर तरीके से करने हेतु संबंधित को निर्देशित किया। इसके पश्चात, पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण किया और वहां निर्माणाधीन नए बैरकों के कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने एमटी कार्यालय और वहां के अभिलेखों के रख-रखाव को भी परखा। निरीक्षण के इसी क्रम में, परेड ग्राउंड पर मौजूद यूपी-112 की गाड़ियों और एमटी अनुभाग के राजकीय वाहनों व उनमें उपलब्ध उपकरणों की क्रियाशीलता की जांच की गई। व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। परेड व निरीक्षण के उपरांत, पुलिस अधीक्षक ने अर्दली रूम किया, जिसमें रजिस्टर पेशी सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन कर उन्हें अद्यतन रखने हेतु निर्देशित किया गया। इसी क्रम में, शैक्षिक सत्र 2025-26 की हाईस्कूल/इंटरमीडिएट परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर जनपद भदोही पुलिस परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। सम्मानित होने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं में कृतिका यादव (हेड ऑपरेटर, रेडियो शाखा के देवमणि यादव की पुत्री) ने 95.40अंक प्राप्त किए। अर्चिता यादव (उपनिरीक्षक, यातायात शाखा के श्री धर्मेंद्र यादव की पुत्री) ने 92.60 अंक प्राप्त किए, जबकि शुभम यादव (मुख्य आरक्षी, पुलिस लाइन के राजकुमार यादव का पुत्र) ने 92.80अंक प्राप्त किए।

भदोही पुलिस परिवार को इन सभी प्रतिभाशाली बच्चों पर गर्व है। जनपद पुलिस द्वारा सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने हेतु शुभाशीष प्रदान किया गया।
जिले के चिन्हित अस्पताल में मरीज होंगे रेफर, बेहतर होंगी स्वास्थ्य व्यवस्था

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले की सीएचसी से रेफर हो रहे मरीजों को लेकर अब मनमानी नहीं चलेगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीएचसी के मरीजों को अब चिह्नित अस्पताल में ही रेफर किया जा सकेगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीघ, औराई और गोपीगंज के मरीज को जिला अस्पताल और सुरियावां, भदोही और भानीपुर के मरीजों को भदोही एमबीएस में रेफर किया जाएगा। रोजाना सीएचसी पर 80 से 100 मरीजों की इमरजेंसी होती है। इसमें से 30 से 35 मरीज रेफर किए जाते हैं। जिले में छह सीएचसी है, इमसें भानीपुर, भदोही, सुरियावां, औराई, डीघ, गोपीगंज है। यहां रोजाना 2200 से 2500 की ओपीडी होती है। इसके अलावा 80 से 100 की इमरजेंसी होती है। इसमें से सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों को रेफर किया जाता है। ज्यादातर मरीजों को महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय रेफर किया जाता था। महाराजा बलवत सिंह राजकीय चिकित्सालय में केवल भदोही सीएचसी के ही मरीज रेफर होते है। जिला अस्पताल की अपेक्षा भदोही एमबीएस में 10 डॉक्टर अधिक है। यहां कुल 22 डॉक्टरों की तैनाती है। सीएमओ डॉक्टर एसके चक ने एक नई पहल की शुरूआत की है। इसके तहत सुरियावां, भानीपुर, भदोही सीएचसी के मरीज भदोही एमबीएस में रेफर किए जाएंगे। इसके अलावा औराई, गोपीगंज, डीघ सीएचसी के मरीज जिला अस्पताल रेफर किए जाएंगे। रेफर पर्ची पर साफ अक्षरों में अस्पताल का नाम लिखा जाएगा। जिस पर्ची पर अस्पताल का नाम नहीं होगा, वहां के अधीक्षक से जवाब मांगा जाएगा। किसी भी सीएचसी के मरीज किसी दूसरे अस्पताल में मरीज लेकर नहीं जाएंगे। इसके अलावा भदोही एमबीएस के मरीज जिला अस्पताल नहीं आएंगा। जिला अस्पताल, एमबीएस से मरीज सीधे मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाएंगे।
13 साल बाद शनिवार को पड़ रही शनि जयंती, मंदिर में तैयारी तेज
*शनिदेव का तेल से अभिषेक से फलदायी*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ज्येष्ठ माह की अमावस्या तिथि शनिवार को 13 साल बाद शनि जयंती का दुर्लभ संयोग बन रहा है। शनिवार का तेलाभिषेक करके विधि विधान से पूजन अर्चन करने पर शनि दोष ( साढ़ेसाती ढैय्या) से मुक्ति मिलती है। जिले के शनि मंदिरों पर जयंती को लेकर तैयारी शुरू हो चुकी है। मंदिर में सफाई का कार्य भी चल रहा है। फकरीपुर बैदा के प्राचीन शनि मंदिर में 16 म‌ई को धार्मिक अनुष्ठान के साथ शनिदेव का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसके अलावा भिडिऊरा, ज्ञानपुर, भदोही गोपीगंज आदि शनिदेव मंदिर में विशेष पूजन अर्चन किया जाएगा।  इस बार अद्भुत संयोग बना है। जब शनिवार को 13 साल बाद शनिश्चरी अमावस्या का दुर्लभ संयोग बन रहा है। इसी दिन शनि जयंती भी है। इस दिन शनि देव को सरसों का तेल चढ़ाना और कच्चे तिल का दान करना और मंत्र जाप करना बेहद फलदायी होता है। जिन व्यक्तियों पर शनि की साढ़ेसाती या ढैया चल रही है। इससे वह दोष मुक्त हो जाते हैं। भगवान शनिदेव का सरसों,तिल कि तेल अर्पित करें। इससे जीवन में चल रही बाधाएं दूर हो जाएंगी।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद, मृतकों के परिजनों से की मुलाकात
रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही जनपद में आंधी और तूफान से हुई 18 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। सांसद ने अधिकारियों से बातचीत कर घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद ने कहा कि सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और जिला प्रशासन लगातार राहत एवं सहायता कार्य में जुटा हुआ है।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और एडिशनल एसपी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
औराई पुलिस ने गांजा तस्कर को पकड़ा: 22 किलो से अधिक अवैध गांजा, मोटरसाइकिल, मोबाइल बरामद


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। भदोही पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। औराई थाना पुलिस ने बुधवार को एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 22 किलोग्राम 494 ग्राम अवैध गांजा, एक मोटरसाइकिल और एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 10 लाख 34 हजार 900 रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने प्रयागराज निवासी विकास उर्फ दीपक भारतीया (उम्र 21 वर्ष) को पुरुषोत्तमपुर तिराहे से कोठरा ओवर ब्रिज वाली सड़क मार्ग से पकड़ा।
विकास उर्फ दीपक भारतीया पुत्र रामचंद्र भारतीया, गांधीनगर बजहा मिश्रान, थाना हंडिया, जनपद प्रयागराज का निवासी है। पूछताछ में उसने बताया कि वे लोग सस्ते दाम पर गांजा खरीदकर महंगे दाम पर बेचते थे और मुनाफे को बराबर बांटकर ऐशो-आराम की जिंदगी जीते थे। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ थाना औराई में मु0अ0सं0 265/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। विधिक कार्यवाही पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के कुछ अन्य सदस्य अभी भी वांछित हैं, जिनकी तलाश जारी है।


गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम

*टीम -1* निरीक्षक श्री शेतांषु शेखर पंकज, रि०का० दीपक कुमार, रि०का० फैजान, का० राहुल थाना औराई जनपद भदोही।
*टीम - 2* उ0नि0 राजकुमार पाण्डेय प्रभारी स्वाट/सर्विलांस सेल, हे0कां0 राधेश्याम कुशवाहा, हे0कां0 धीरेन्द्र श्रीवास्तव, हे0कां0 बृजेश सूर्यवंशी,हे0कां0 नागेन्द्र यादव, कां0 गोपाल खरवार, कां0 नीरज यादव, कां0 राघवेन्द्र कुशवाहा,कां0 मन्नू सिंह, कां0 सुनील पाल, कां0 सुनील कन्नौजिया,कां0 हिमांशु सिंह, कां0 दीपक यादव, कां0 प्रत्युष पाठक समस्त सर्विलांस/स्वाट टीम।
ढाई साल में पूरा होगा सीतामढ़ी-धनतुलसी-डेंगुरपुर पक्का पुल का काम

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले में लोक निर्माण विभाग की चार प्रमुख परियोजनाओं की समयसीमा तय कर दी गई है। चार प्रमुख परियोजनाओं में सीतामढ़ी-धनतुलसी-डेंगुरपुर पक्का पुल निर्माण को दो से ढाई साल में पूरा किया जाना है। इसके अलावा तीन अन्य प्रमुख परियोजनाओं में दो को नौ माह और एक को सवा साल में हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य है। विभाग की ओर से कार्ययोजना की लागत और लंबाई के आधार पर समयसीमा तय की गई है। समयसीमा तय होने के बाद विभागीय स्तर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शासन की ओर से ज्ञानपुर विधानसभा के सीतामढ़ी पक्का पुल के लिए 320 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इसके अलावा औराई विधानसभा क्षेत्र के जीटी रोड माधोसिंह से खमरिया तक छह किलोमीटर सड़क के लिए 10. 11 करोड़, ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र के सिंहपुर नहर से खरगापुर प्रयागराज सीमा तक की 12 किलोमीटर सड़क के लिए 16.70 करोड़ और दुर्गागंज-गोपीगंज मिर्जापुर के 25.40 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 70.20 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। शासन की ओर से 5 करोड़ से ऊपर की सड़क परियोजनाओं को पूरा करने के लिए पीडब्ल्यूडी की समयसीमा तय कर दी गई है। 20 करोड़ रुपये तक के काम 9 माह, 20 करोड़ से 100 करोड़ रुपये तक के काम 15 माह, 100 करोड़ से 300 करोड़ तक के काम 18 माह में और 300 करोड़ से अधिक के काम 24-30 माह में पूरे करने होंगे।



सड़कों के निर्माण और मरम्मत की समय सीमा तय की गई है। परियोजनाओं की लागत और लंबाई के आधार पर टाइम लाइन बनाई गई है। उसी आधार पर कार्यदायी संस्था को तय समय के भीतर समय से काम पूरा किए जाने का निर्देश दिया गया है।
बुखार होने पर डाॅक्टर की सलाह पर ही लें दवा
रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जिले में मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच अस्पताल में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। हालांकि कई लोग इसे सामान्य बुखार समझकर बिना चिकित्सकीय परामर्श के ही मेडिकल स्टोर से दवा लेकर खा रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि वर्तमान समय में अगर बुखार हो तो चिकित्सकों की परामर्श पर ही दवाओं का सेवन करना चाहिए। जांच भी जरूर कराना चाहिए।
जिला अस्पताल में औसतन ओपीडी 900 के आसपास है। इन दिनों मौसम में उतार चढ़ाव की वजह से बुखार के मरीजों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. प्रदीप यादव ने बताया कि ओपीडी मेंं इस समय 200 मरीज बुखार से पीड़ित आ रहे हैं। कोल ड्रिंक और फ्रीज का पानी पीने से गले में खराश हो रहा है। कहा कि ठंड महसूस और बदन दर्द होने पर जांच कराना चाहिए।
असमंजस में फंस गए हैं सराफा कारोबारी

*ग्राहकों की आमद में कमी,खर्च निकालना मुश्किल,मदद नहीं की गई तो हजारों लोग हो जाएंगे बेरोजगार*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सोना एक साल तक न खरीदने की अपील ने आभूषण कारोबारियों की नींद उड़ा दी है। इन दिनों दुकानों पर ग्राहकों की आमद कम हो गई है। सरकार ने कारोबारियों और दुकानदारों की मदद नहीं की तो हजारों लोगों के बेरोजगार होने से इन्कार नहीं किया जा सकता। उधर, सोने एवं चांदी के दाम में लगी आग ने इसे आम आदमी की पहुंच से दूर कर दिया है। बता दें कि अमेरिका और ईरान युद्ध का असर पूरी दुनिया में देखा जा रहा है। इससे भारत भी अछूता नहीं है। रसोई गैस सिलेंडर, पेट्रोल एवं डीजल को लेकर लोग परेशान हैं।
इस बीच गत दिनों पीएम नरेंद्र मोदी ने लोगों से आह्वान किया था कि सोना न खरीदें उसके बाद से कारोबारियों की बेचैनी बढ़ गई है। जिले में गोपीगंज, खमरिया एवं भदोही शहर में आभूषण की बड़ी दुकानें हैं। हालांकि कोई बड़ा शोरुम नहीं है, लेकिन हजारों की तादाद में छोटी एवं बड़ी दुकानें संचालित होती है, जहां बड़ी तादाद में लोग नौकरी करते हैं। महंगाई और सोने की बिक्री कम होने के बाद बेरोजगार बढ़ने से इनकार नहीं किया जा सकता। उल्लेखनीय है कि युद्ध के कारण कालीन कारोबार पर भी व्यापक असर पड़ा है। अमेरिकी टैरिफ बढ़ने के दौरान क‌ई कालीन कंपनियों ने मजदूरों की छंटनी तक कर दी थी। हालांकि बाद में हालात थोड़ा सुधरे थे। इस बीच, एक बार फिर युद्ध के कारण दिक्कतें आ रही है। समुद्री मार्ग बाधित होने तथा बायरों द्वारा
आर्डर नहीं दिए जाने से समस्या बढ़ रही है। अब इस बीच आभूषण को लेकर उड़ रही अफवाहों के कारण दुकानों एवं प्रतिष्ठानों पर काम करने वालों पर इसका असर पड़ना तय है।