*"सोमनाथ स्वाभिमान पर्व" के अवसर पर हनुमानगढ़ी मालवीय नगर से दुःखहरण नाथ मंदिर तक निकाली गई कलश यात्रा*

"सोमनाथ स्वाभिमान पर्व" के अवसर पर दुःखहरण नाथ मंदिर पर डीएम व सीडीओ ने की जलाभिषेक तथा पूजा अर्चना

जनपद के सभी शिव मंदिरों पर आयोजित किये गए भव्य सांस्कृतिक भजन कीर्तन तथा अन्य कार्यक्रम

गोण्डा 11 मई,2026

"सोमनाथ स्वाभिमान पर्व" के अंतर्गत जनपद में सोमवार को सभी प्रमुख शिव मंदिरों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, जलाभिषेक, भजन-कीर्तन, महाआरती एवं पूजा-अर्चना का भव्य आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने उत्साह एवं श्रद्धा के साथ भगवान शिव का पूजन कर जनकल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम के क्रम में हनुमानगढ़ी मंदिर मालवीय नगर से बाबा दुःखहरण नाथ मंदिर तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं ने सहभागिता की। यात्रा के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा शिव भजनों एवं जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

बाबा दुःखहरण नाथ मंदिर, गोण्डा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री दयानन्द प्रसाद ने पहुंचकर कलश यात्रा में सहभागिता की तथा भगवान शिव का जलाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सोमनाथ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। उपस्थित अधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने माननीय प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन को सुना एवं कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।

जनपद के प्रमुख शिव मंदिरों, जिनमें बाबा दुःखहरण नाथ महादेव मंदिर गोण्डा, बाबा पृथ्वी नाथ महादेव मंदिर खरगूपुर, बाबा बरखण्डी नाथ महादेव मंदिर करनैलगंज, बाबा बालेश्वर नाथ महादेव मंदिर वजीरगंज तथा महादेव शिव मंदिर मनकापुर सहित अन्य शिवालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन, महाआरती, जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना के कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी तथा पूरे जनपद में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार, उपजिलाधिकारी सदर गोण्डा श्री जितेंद्र गौतम, नायब तहसीलदार सदर श्री चन्दन जायसवाल, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी श्री महेंद्र मिश्र, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी श्रीमती वन्दना पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

चेकिंग के दौरान मॉडिफाई साइलेंसर से अत्यधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले वाहनों को किया गया चिन्हित

*जनपद में चेकिंग के दौरान कुल 32 बुलेट मोटरसाइकिलों पर कार्यवाही तथा 3 को किया गया सीज*

*गोण्डा 11 मई,2026*।
जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एआरटीओ (प्रशासन) श्री आर.सी. भारतीय द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले बुलेट वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।

चेकिंग अभियान के अंतर्गत कुल 32 बुलेट वाहनों पर कार्रवाई करते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्यवाही की गई। इसके अतिरिक्त यातायात एवं परिवहन विभाग के नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 3 बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज किया गया। कार्रवाई के दौरान मॉडिफाई साइलेंसर से अत्यधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले वाहनों को विशेष रूप से चिन्हित किया गया, जिससे आमजन को होने वाली असुविधा एवं ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

एआरटीओ (प्रशासन) श्री आर.सी. भारतीय ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनपद में सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले तथा वाहन मानकों का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मॉडिफाई साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण को बढ़ावा देते हैं, बल्कि यह सड़क सुरक्षा मानकों के भी विपरीत हैं। ऐसे वाहनों के विरुद्ध परिवहन विभाग द्वारा निरंतर अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने वाहन स्वामियों से अपील की कि सभी लोग अपने वाहनों में मानक अनुरूप उपकरणों का ही प्रयोग करें तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें। साथ ही उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और नियमों का पालन कर ही सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।
परिवहन विभाग द्वारा चलाया गया यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
अभिलेख समय से उपलब्ध कराकर ऑडिट आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण किया जाय सुनिश्चित-जिलाधिकारी

*ऑडिट आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण में लापरवाही करने वाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई-जिलाधिकारी*


*गोण्डा 11 मई,2026*।
जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जिला पंचायत एवं पंचायती राज विभाग से संबंधित लंबित ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लंबित ऑडिट आपत्तियों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित खण्ड विकास अधिकारियों, सहायक विकास अधिकारी पंचायत एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जिन ग्राम पंचायत सचिवों एवं अधिकारियों के स्तर पर ऑडिट कार्य लंबित है, उनसे तत्काल संपर्क स्थापित कर आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराए जाएं तथा ऑडिट आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप वित्तीय पारदर्शिता एवं प्रशासनिक उत्तरदायित्व बनाए रखना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी ने कहा कि ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेते हुए लंबित प्रकरणों का निस्तारण कराएं तथा जिन मामलों में अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी अधिकारी अथवा कर्मचारी द्वारा ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण में लापरवाही बरती गई या समय से अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए, तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें, जिससे विभागीय कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनी रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्यों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री दयानन्द प्रसाद, जिला विकास अधिकारी श्री सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी श्री लालजी दूबे, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त सहायक विकास अधिकारी पंचायत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
“मिशन शक्ति” विशेष अभियान फेज-05 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं/बालिकाओं को किया गया जागरूक
गोण्डा। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित “मिशन शक्ति” विशेष अभियान फेज-05 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला एवं बालिका सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए। इस अवसर पर एण्टी रोमियो स्क्वायड टीमों एवं महिला पुलिसकर्मियों द्वारा मंदिरों, भीड़-भाड़ वाले स्थलों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं पुलिस सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।

*कार्यक्रम के दौरान महिलाओं/बालिकाओं को निम्न विषयों पर विशेष रूप से जागरूक किया गया—*

महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता
साइबर अपराध से बचाव के उपाय
आत्मरक्षा के तरीके
कानून द्वारा प्रदत्त अधिकार
भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर सतर्कता बरतने के उपाय

महिला पुलिसकर्मियों द्वारा उपस्थित महिलाओं से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली गई तथा त्योहार के दौरान सुरक्षित आवागमन एवं संभावित जोखिमों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही, सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए व्यक्तियों को चेतावनी देते हुए सख्त कार्रवाई की हिदायत दी गई, जिससे महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके। टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को भरोसा दिलाया गया कि गोण्डा पुलिस उनकी सुरक्षा एवं सम्मान के लिए सदैव तत्पर है।

*महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर:*
112 – पुलिस आपातकालीन सेवा
1090 – वूमेन पावर हेल्पलाइन
1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
108 – एम्बुलेंस सेवा
1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
102 – स्वास्थ्य सेवा

अतिरिक्त रूप से महिलाओं/बालिकाओं को यह भी बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल सुरक्षा सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि महिलाओं को जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना भी है, ताकि वे हर परिस्थिति में स्वयं की सुरक्षा कर सकें।
कुश्ती में हरियाणा के पहलवानों का दबदबा,दीपक पुनिया ने मारी बाजी,अनिरुद्ध बाहर
*विनेश फोगाट विवाद के बीच आज होगा फाइनल

गोंडा।जिले में चल रही 2026 नेशनल रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता में अब मुकाबला निर्णायक दौर में पहुंच गया है।92 किलो फ्रीस्टाइल भार वर्ग में हरियाणा के स्टार पहलवान दीपक पुनिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना लिया है।सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने हरियाणा के ही पहलवान राजा को मात्र दो मिनट 53 सेकेंड में 11-1 से हराया।दीपक पुनिया ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और तकनीकी बढ़त बनाकर मुकाबले को अपने नाम कर लिया,जिसके बाद फाइनल में उनका मुकाबला हरियाणा के वंश से होगा।इस मुकाबले को प्रतियोगिता के सबसे बड़े मुकाबले के रूप में माना जा रहा है।बताते चलें कि देश भर से आए 593 पहलवान 10 अलग अलग भार वर्गों में अपनी रैंकिंग बेहतर करने के लिए अपना दमखम दिखा रहे हैं।प्रतियोगिता के दूसरे दिन देर रात तक चले मुकाबले के बाद 92 किलो और 125 किलो फ्रीस्टाइल भार वर्ग में फाइनलिस्ट तय हो गये।ज्ञातव्य हो कि अभी तक प्रतियोगिता में सैकड़ों बाउट हो चुके हैं और स्टेडियम में हर मुकाबले के साथ दर्शकों का उत्साह बढ़ता जा रहा है तथा हरियाणा के पहलवानों का दबदबा सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है।92 किलो भार वर्ग में दीपक पुनिया ने दमदार प्रदर्शन दिखाते हुए 2 मिनट 53 सेकेंड में खेल को अपने नाम कर लिया,तो वहीं 125 किलो भार वर्ग में भी बड़ा उलटफेर देखने को मिला।जिसमें हरियाणा के रोहित ने नेशनल चैंपियन अनिरुद्ध को कड़े मुकाबले में हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।मुकाबले के दौरान अनिरुद्ध ने मजबूत बचाव किया परन्तु रोहित ने निर्णायक अंक हासिल कर जीत दर्ज कर लिया और इस हार के साथ अनिरुद्ध टूर्नामेंट से बाहर हो गए।वहीं रोहित अब खिताब जीतने से महज एक कदम दूर हैं।स्टेडियम में देर रात तक दर्शकों की भींड़ बनी रही और हर जीत पर तालियों की गूंज सुनाई देती रही।इस दौरान भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह अपने तीन दिवसीय दौरे पर जिले में मौजूद हैं।उन्होंने इस प्रतियोगिता को भारतीय ककुश्ती के लिए एक बड़ा मंच बताते हुए कहा कि यह रैंकिंग टूर्नामेंट खिलाडियों को देश के सर्वश्रेष्ठ पहलवानों के खिलाफ  स्वयं को साबित करने का मौका देता है और इससे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती मजबूत होगी।इसी बीच विनेश फोगाट का मामला भी लगातार चर्चा में बना हुआ है।कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने एक दिन पहले कहा था कि विनेश फोगाट को अनुशासनहीनता के आरोप में शोकाज नोटिस दिया गया था और चेतावनी दी गई थी कि जवाब संतोषजनक नहीं होने पर कार्रवाई और प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है।कांग्रेस विधायक व अंतरराष्ट्रीय पहलवान विनेश फोगाट और पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के सोशल मीडिया पोस्ट और शायरी वाले बयान भी अब कुश्ती संघ के गलियारों में चर्चा का विषय बने हुए हैं।रविवार को महिला पहलवान विनेश फोगाट ने एक्स पर लिखा था कि,जिंदगी फंसी है किसी मझधार में,जमाना ढूंढता है खामी मेरे किरदार में।जिंदगी तेरा सर सदा बुलंद रखा है,झुकाने की ताकत नहीं किसी तलवार में।जिसके जवाब में बृजभूषण शरण सिंह ने अपने एक्स पर लिखा कि,शोहरत की बुलंदी भी,पल भर का तमाशा है।जिस शाख पर बैठे हो, वह टूट भी सकती है।गौरतलब है कि विनेश चाहती थी कि नेशनल ओपन रैंकिंग इवेंट के जरिए उनकी कुश्ती में वापसी हो जाए,परन्तु रेसलिंग फेडरेशन आफ इंडिया ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है।जिसके परिणामस्वरूप वह लखनऊ तक आकर वापस लौट गई़ और उन्हें गोंडा कुश्ती में लड़ने का मौका नहीं मिला।
गोंडा में शहर अध्यक्ष एवं सभासद शाहिद अली कुरेशी की अध्यक्षता में संपन्न हुई

गोंडा। शहर कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक आज कांग्रेस भवन, गोंडा में शहर अध्यक्ष एवं सभासद शाहिद अली कुरेशी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर की मूलभूत समस्याओं - जल निकासी, गैस की बढ़ती कीमतें, स्मार्ट मीटर की गड़बड़ी, विद्युत विभाग की लापरवाही व जलभराव पर गंभीर चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए सभासद शहर अध्यक्ष शाहिद अली कुरेशी ने कहा कि *"आज पूरे देश में अगर शोषित, वंचित, दलित और अल्पसंख्यक समाज की आवाज कोई उठा रहा है तो वो नेता राहुल गांधी हैं।"
उन्होंने कहा कि गरीब जनता महंगाई से परेशान है। रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। स्मार्ट प्रीपेड मीटर से लोग तंग आ चुके हैं। बरसात सिर पर है और शहर में जलभराव की समस्या चरम पर है, लेकिन शासन-प्रशासन आंख मूंदे बैठा है।
श्री कुरेशी ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी में हो रही धांधली पर सवाल उठाते हुए कहा कि "शहर के पात्र लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत आवेदन किया था, लेकिन जांच के नाम पर नगर पालिका में पत्रावलियां धूल फांक रही हैं। नगर पालिका व तहसील गोंडा द्वारा रिपोर्ट संबंधित विभाग को न भेजकर शहर गोंडा के लाभार्थियों का शोषण किया जा रहा है। ये पात्र लोग आज भी आवास के लाभ से वंचित हैं। अफसरों को गरीबों की पीड़ा से कोई लेना-देना नहीं है।"
इस दौरान लाल बहादुर पांडे जी को शहर कमेटी का संरक्षक, श्रीमती डॉक्टर हसीना खान को शहर उपाध्यक्ष एवं कवलजीत को शहर सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय:
1. गैस सिलेंडर मूल्य वृद्धि व कालाबाजारी के खिलाफ जिला मुख्यालय पर धरना दिया जाएगा।
2. स्मार्ट प्रीपेड मीटर हटाकर पोस्टपेड करने, घनी आबादी में हाई टेंशन तार के नीचे सुरक्षा जाल बिछाने व ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि की मांग को लेकर विद्युत विभाग का घेराव किया जाएगा।
3. मोहल्ला महाराजगंज सहित शहर के सभी जलभराव वाले क्षेत्रों में नाला निर्माण एवं जर्जर बसुरिया पुलिया निर्माण हेतु नगर पालिका एवं लोक निर्माण विभाग, गोंडा को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
4. प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित पत्रावलियों की जांच हेतु DM से मिलकर शिकायत की जाएगी।
बैठक में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता लाल बहादुर पांडे, सैयद अब्दुल मुजीब, डॉ. हसीना खान, चांद खान, शिव प्रताप शुक्ला, विनय प्रकाश त्रिपाठी, निर्मला देवी, सज्जू खातून, विकास मनोहर श्रीवास्तव, कवलजीत, शाहिद अंजुम, नूरजहां, बंसी सोनकर, इमरान खान, मंजूर अली, शाहिदा, अनुपम धर द्विवेदी, अजय कुमार सोनी, जाकिर अली, रिजवान अली, मोहम्मद जावेद, काजी आरिज अली, अब्दुल वहाब, निदा खातून सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता आदि मौजूद रहे।
जनसेवा के साथ पुलिस परिवारों के कल्याण में अग्रणी गोण्डा पुलिस, रिजर्व पुलिस लाइन में विकसित हुई अत्याधुनिक एवं प्रेरणादायी सुविधाएं

गोण्डा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार तथा पुलिस महानिदेशक उत्तर- प्रदेश  राजीव कृष्णा के कुशल नेतृत्व एवं सतत् पर्यवेक्षण में उत्तर प्रदेश पुलिस निरंतर आधुनिकता, पारदर्शिता एवं जनसेवा की दिशा में प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों के कल्याण हेतु विभिन्न सुविधाओं का विकास एवं विस्तार किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन वामा सारर्थी की अध्यक्षा  मिनाक्षी सिंह की प्रेरणा से पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य, शिक्षा, मानसिक सुदृढ़ता एवं बेहतर जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए गोण्डा पुलिस द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन गोण्डा में *---*

*आधुनिक लाइब्रेरी*
*अत्याधुनिक जिम*
*आदर्श बैरक*
*आदर्श मेस*
*वातानुकूलित क्रेच/शिशु गृह*
*पुलिस कैफे (FSSAI प्रमाणित)*
*बहुउद्देशीय हॉल*
*चिल्ड्रेन पार्क/ओपन जिम*
*फ्लड लाइट युक्त क्रिकेट/फुटबाल ग्राउण्ड*

इत्यादि आधुनिक सुविधाओं का निर्माण एवं सौन्दर्यीकरण कराया गया है।
इन सुविधाओं से पुलिसकर्मियों, प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों एवं उनके परिवारों को स्वस्थ, सुरक्षित, प्रेरणादायी एवं सकारात्मक वातावरण प्राप्त होगा, जिससे उनकी कार्यक्षमता, मनोबल एवं सेवा भावना में और अधिक वृद्धि होगी।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा बताया गया कि सशक्त एवं स्वस्थ पुलिस बल ही सुरक्षित समाज की आधारशिला है। गोण्डा पुलिस सदैव अपने पुलिस परिवारों के कल्याण, बेहतर कार्य वातावरण एवं आधुनिक सुविधाओं के विकास हेतु प्रतिबद्ध है। जनसेवा के साथ-साथ पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना हमारी प्राथमिकता है।
उत्तर प्रदेश के विधानसभा निर्वाचन में चुनाव लड़ेगी लोजपा: अनिल त्रिपाठी
-राष्ट्रीय सचिव डॉ0 कल्प राम त्रिपाठी के संयोजन में आयोजित हुई पार्टी की समीक्षा बैठक
गोण्डा।लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की रविवार को सर्कुलर रोड स्थित एक मैरिज हाल में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक राष्ट्रीय सचिव डॉ0कल्प राम त्रिपाठी के संयोजन में आयोजित की गई। बैठक को सम्बोधित करते हुए लोजपा के प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी ने कहा कि लोजपा कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल के चुनाव में प्रमुख भूमिका निभाई है।  उत्तर प्रदेश के आगामी 2027 के विधानसभा निर्वाचन में भी  एनडीए घटक रूप में लोजपा प्रत्याशी उतारेगी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव खेल एवम संस्कृति प्रकोष्ठ क़े डॉ0कल्प राम त्रिपाठी ने कहा कि लोजपा देवी पाटन मण्डल में बूथ स्तर तक संगठन खड़ा कर चुनाव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगी। पार्टी के जिला अध्यक्ष भगवान दीन पासवान की अध्यक्षता  एवं रवीन्द्र कुमार पाण्डेय के संचालन में आयोजित बैठक में बिहार से  विशिष्ट अतिथि रूप में कुंदन शर्मा ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में गोण्डा के कार्यकर्ताओं ने आधा दर्जन सीटो पर पार्टी प्रत्याशी को जिताने में कठोर परिश्रम किया। इस मौके पर रोहित जायसवाल जिला अध्यक्ष खेल एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ,
जानकी प्रशाद वर्मा मण्डल उपाध्यक्ष
डी एन शुक्ला लल्ला भइया सुधीर तिवारी,  दीपक गुप्ता, विवेक कुमार जायसवाल, विनोद शुक्ल, शफीक राइनी, शशांक शुक्ल   शोभित, अंकुर पुरवार सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
नेशनल ओपन रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता शुरू, बृजभूषण शरण सिंह ने किया उद्घाटन
*3 दिवसीय आयोजन में 850 से अधिक खिलाड़ी शामिल

गोंडा।जिले के नवाबगंज में स्थित नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार से तीन दिवसीय नेशनल ओपन रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह और पूर्व सांसद व कुश्ती संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने खिलाडियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया है।हालांकि उद्घाटन के तत्काल बाद पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह इस पूरे प्रतियोगिता से अलग कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए रवाना हो गये,जबकि पूर्व में आयोजित प्रतियोगिताओं में बैठकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी करते थे।इस तीन दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न प्रकार की कुश्ती प्रतियोगिता होगी।प्रतियोगिता के पहले दिन रविवार को फ्रीस्टाइल कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।इसमें भारत के सभी राज्यों से पंजीकृत पहलवान अलग अलग भार वर्गों में भाग ले रहे हैं।सोमवार 11 मई प्रतियोगिता के दूसरे दिन ग्रीको रोमन कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी,जबकि 12 मई मंगलवार को महिला कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन होगा,जिसमें कई राज्यों की महिला पहलवान हिस्सा लेंगी।हालांकि,चर्चित महिला पहलवान व हरियाणा के जुलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट इस प्रतियोगिता में शामिल नहीं होंगी।भारतीय कुश्ती संघ ने नियमों के उल्लंघन के कारण उन पर आगामी प्रतियोगिताओं में भाग लेने पर रोक लगा दिया है।इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 850 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।भारतीय कुश्ती संघ ने नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों के रहने खाने और प्रशिक्षण की सभी व्यवस्थाएं कर रखा है।बताते चलें कि जिले में यह प्रतियोगिता तीन साल बाद आयोजित हो रही है।इससे पहले यहां वर्ष 2023 में यहां नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित हुई थी,परन्तु पहलवानों द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद खेल मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती संघ द्वारा आयोजित उस प्रतियोगिता को रद्द कर दिया था।वर्ष 2023 के बाद अब 2026 में जिले में कुश्ती प्रतियोगिता दोबारा प्रारंभ हुई है।
विनेश फोगाट पर कुश्ती में शामिल होने पर रोक,गोंडा में कंपटीशन खेलना मुश्किल विनेश
*डब्ल्यू एफ आई ने नोटिस जारी कर मांगा जवाब

गोंडा।जिले में कल से शुरू हो रही नेशनल ओपन रैंकिंग कुश्ती से 24 घंटे पहले महिला पहलवान विनेश फोगाट को बड़ा झटका लगा है।भारतीय कुश्ती संघ ने उन्हें इस प्रतियोगिता में शामिल होने से रोक दिया है।प्रतियोगिता शुरू होने से 24 घंटे पहले शनिवार अपरान्ह लगभग 3 बजे डब्ल्यू एफ आई ने विनेश फोगाट को कई बिंदुओं पर कारण बताओ नोटिस जारी किया।जिसमें उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है,जिसके मिलने के बाद ही उनके प्रतियोगिता शामिल होने पर निर्णय लिया जाएगा।विनेश फोगाट को 14 दिन के अंदर नोटिस का जवाब देना होगा।यह नोटिस उनके पंजीकृत पते,ईमेल आईडी और स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा गया है,ताकि बाद में नोटिस ना मिलने का आरोप ना लगाया जा सके।महिला पहलवान विनेश फोगाट पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं,जिनमें सेवानिवृत्ति,प्रतियोगिता में वापसी,अनुशासनहीनता और भारतीय कुश्ती के हितों को नुकसान पहुंचाने वाला शामिल है।विनेश फोगाट पर पेरिस 2024 ओलंपियाड खेलों में निर्धारित वजन सीमा तक ना पहुंच पाने का भी आरोप है।जिसके परिणामस्वरूप अयोग्यता और शर्मिंदगी हुई।इसके अतिरिक्त उन पर भारतीय कुश्ती संघ के संविधान और नियमों का बार बार उल्लंघन करने का आरोप है।तीसरा आरोप डोपिंग विरोधी नियमों के उल्लंघन से संबंधित है,जिसमें 18 दिसंबर 2025 को दर्ज की गई एक छूटी हुई परीक्षा भी शामिल है।इसे अंतर्राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने 4 मई 2026 के पत्र के माध्यम से वाडा के अंतर्राष्ट्रीय मानक के अनुच्छेद 4,8,8,3 और वाडा के परिणाम प्रबंधन के मानक के अनुच्छेद बी 24 के अनुसार अनुसूचित किया गया था।चौथा आरोप है कि उन्होंने भारतीय कुश्ती संघ के प्रतियोगिता नियमों का उल्लंघन करते हुए 11 मार्च 2024 को एन आई एस पटियाला में आयोजित चयन परीक्षा में दो बार (50 किलो और 53 किलो) श्रेणियों में भाग लिया।भारतीय कुश्ती संघ ने इन आरोपों को लेकर के जवाब मांगा है और कहा है कि आपसे कारण बताने का अनुरोध किया जाता है कि आपके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही क्यों शुरू की जानी चाहिए।तह भी आरोप है कि इनके द्वारा सन्यास लेने को लेकर के घोषणा की गई और सन्यास लेने की घोषणा करने के बाद कुछ ही समय में विनेश फोगाट द्वारा अपना सन्यास वापस ले लिया गया था।उन्होंने गोंडा में कल से शुरू हो रहे तीन दिवसीय नेशनल ओपन रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 27 अप्रैल को अपना पंजीकरण भी कराया था।इस प्रतियोगिता में पंजीकरण को लेकर के पहले विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती संघ पर आरोप लगाया था।जब भारतीय कुश्ती संघ ने इस बात की जानकारी दी कि आरोप लगाने से पहले ही विनेश फोगाट का पंजीकरण हो गया है तो उसके बाद विनेश फोगाट ने एक वीडियो जारी किया और कहा कि बृजभूषण के इलाके में कुश्ती हो रही है,यहां पर मैं अपने आप को असुरक्षित महसूस करूंगी और यदि मेरे साथ कुछ होता है तो सरकार जिम्मेदार होगी।यहाँ पर भारतीय कुश्ती संघ द्वारा कुश्ती कराया जा रहा है, जो कि गलत है।विनेश फोगाट के इन आरोपों के बाद भारतीय कुश्ती संघ ने इन सभी आरोपों को नकार दिया था और अब एक बार फिर से भारतीय कुश्ती संघ द्वाराश शोकाज नोटिस जारी किए जाने के बाद विनेश फोगाट को एक बड़ा झटका लगा है।इसकी पुष्टि भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह ने किया।