बरही में इंटर विलेज नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-2 का भव्य आयोजन, कोबरा 203 वाहिनी बनी विजेता

बरही प्रखंड के बेन्दगी पंचायत अंतर्गत जेबरा क्लब रामनगर हसनदाग में आयोजित एक दिवसीय इंटर विलेज नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-2 का रविवार रात भव्य शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल एवं बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने फीता काटकर किया। इस दौरान सांसद और विधायक ने मैदान में बल्लेबाजी कर खिलाड़ियों एवं दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, टीम भावना, ऊर्जा और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का जरिया है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने का काम करते हैं। वहीं बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन बेहद जरूरी है। इससे युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे खेल के क्षेत्र में भी बेहतर भविष्य बना सकते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। 

फाइनल मुकाबले में कोबरा 203 वाहिनी ने मारी बाजी :

फाइनल मैच पारा 11 और कोबरा 203 वाहिनी के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोबरा वाहिनी 203 ने आठ ओवर में 103 रन बनाए। टीम की ओर से भूषण कुमार ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 60 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पारा 11 की टीम 68 रन पर सिमट गई। इस तरह कोबरा 203 वाहिनी ने 35 रन से शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम कोबरा वाहिनी 203 के कप्तान दीपक कुमार को विजेता शील्ड प्रदान की गई, जबकि रनर ट्रॉफी पारा 11 के कप्तान योगेंद्र राणा को दी गई। दोनों सेमीफाइनलिस्ट टीमों को भी शील्ड देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, जिला परिषद सदस्य प्रीति कुमारी, जिप प्रतिनिधि गुरुदेव गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि भगवान केशरी, मोतीलाल चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सह मुखिया संघ अध्यक्ष विजय यादव, मंडल अध्यक्ष नागेश्वर रजक, भाजपा युवा नेता आकाश जायसवाल, शिक्षक संजय दुबे, उपमुखिया मनोज उपाध्याय, श्रीदस इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य रोहित सिंह, समाज के अध्यक्ष डॉ. रामटहल साव, सचिव कपिल साव, उपसचिव दशरथ यादव, उपमुखिया अशोक राणा, पंसस प्रतिनिधि झमन यादव, कोषाध्यक्ष खेमाली साव, राजेंद्र साव, बाल्मीकि साव, महेश राणा, गणेश राणा, राजदेव यादव, कार्तिक यादव, महावीर राणा, विष्णु साव, महेंद्र पासवान, खगेश्वर राणा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। वहीं टूर्नामेंट को सफल बनाने में अध्यक्ष सुधीर राणा, उपाध्यक्ष पंकज सिंह, कोषाध्यक्ष गुरु प्रसाद राणा, कृष्णा राणा, सचिव मोनू राणा, खेल संचालक अबोध राणा, उपखेल संचालक पंकज साव, उपसंचालक मुनेश्वर यादव, शत्रुध्न साव, टीम संयोजक आकाश यादव, मुख्य अंपायर रोहित सिंह, हेमंत साव, संदीप यादव तथा सहयोगियों में संदीप राणा, धीरेंद्र यादव, सचिन साव, बिरेंद्र यादव, सतीश यादव समेत अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित, गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा पर विशेष जोर

उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राथमिक, उत्क्रमित, 10+2 उच्च विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय, समर्थ विद्यालय, सीएम एक्सीलेंस स्कूल तथा पीएम श्री विद्यालयों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी विद्यालयों में पठन-पाठन की वर्तमान स्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता, विभागीय कार्रवाई, सेवा संपुष्टि, स्थानांतरण, पदोन्नति एवं नामांकन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने विशेष रूप से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में नामांकन प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी एवं पात्रता आधारित बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों की बीईओ, बीआरपी एवं सीआरपी के माध्यम से विधिवत जांच (स्क्रुटनी) कराई जाए। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी को पांच आवेदनों का चयन कर भौतिक सत्यापन कर जिला स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में सहायक आचार्यों की पदस्थापना सुनिश्चित करने एवं शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने पर बल दिया। उन्होंने 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों में सुधार हेतु आवश्यक कदम उठाने, शिक्षकों के रेशनलाइजेशन कर उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा कक्षा 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए एडीपीओ को वार्डन के साथ समन्वय स्थापित कर उप विकास आयुक्त को रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। सेवा सत्यापन एवं समय पर लेखा सत्यापन सुनिश्चित करने हेतु संबंधित स्थापना लिपिक, प्रधान लिपिक एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में शिक्षा विभाग से संबंधित न्यायालयीन मामलों की समीक्षा भी की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को स्थानांतरण एवं कक्षा 1 से 5 तक के एकल शिक्षक से जुड़े कार्यों के निष्पादन हेतु सभी बीपीओ को निर्देशित करने को कहा।

अंत में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित विद्यालय परिसर बनाए रखने तथा अनुमंडल पदाधिकारी को सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया।

बैठक में उपायुक्त श्री हेमन्त सती के अलावे उपविकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री आदित्य पांडेय, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, बीईओ, बीपीओ, वार्डन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

18 मई को हजारीबाग में होगा जन वितरण प्रणाली विक्रेता संघ का राज्य स्तरीय सम्मेलन

हजारीबाग, 11 मई 2026 — जन वितरण प्रणाली विक्रेता संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को जिला परिषद भवन सर्किट हाउस हजारीबाग के सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नंदु प्रसाद ने की, जबकि संचालन जिला सचिव अरुण राणा ने किया।

बैठक में 18 मई 2026 को हजारीबाग में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि सम्मेलन का आयोजन हजारीबाग के मुंद्रिका कुंज में सुबह 10 बजे से किया जाएगा।

सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डिलर एसोसिएशन के केंद्रीय महासचिव श्री विश्वाभर बसु शामिल होंगे। वहीं झारखंड प्रदेशाध्यक्ष श्री सुरेश प्रसाद और महासचिव संजय कुंडू भी उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा झारखंड राज्य के सभी जिलों से जिला अध्यक्ष एवं उनके प्रतिनिधिमंडल सम्मेलन में भाग लेंगे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि हजारीबाग सांसद एवं सदर विधायक को भी सम्मेलन में आमंत्रित किया जाएगा। सम्मेलन में हजारीबाग जिले के सभी प्रखंड अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, सक्रिय सदस्य, डीलर एवं स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्य बड़ी संख्या में शामिल होंगी।

बैठक में सुनील कुमार सिंहा, अशोक चंद्रवंशी, टेको चंद महतो, राम प्रकाश वर्मा, अर्चना सिंहा, शम्भू यादव, राम चरण करमाली, खुर्शीद आलम, दिलीप पासवान, सुकुल रजक, डोमन पांडे, राम कृष्ण दुबे, धनेश्वर महतो, श्याम सुंदर पांडे, बालेश्वर ठाकुर, नंदलाल तिवारी, राहुल गुप्ता, सत्येंद्र कुमार गुप्ता, रामेश्वर राम, कूवर साव, अनुपम सिंह, सुखदेव साव, मो. इरशाद सहित कार्यसमिति के सभी सदस्यों ने भाग लिया।

मातृ दिवस पर हजारीबाग यूथ विंग ने ओल्ड एज होम में बांटा अपनापन, बुजुर्गों का लिया आशीर्वाद

मातृ दिवस के पावन दिन पर हजारीबाग यूथ विंग द्वारा ओल्ड एज होम में विशेष सेवा एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य वहां निवास कर रही मातृशक्ति एवं बुजुर्गों के बीच पहुंचे और पूरे आत्मीय भाव के साथ मातृ दिवस मनाया। इस दौरान ओल्ड एज होम का वातावरण भावुकता, सम्मान और अपनत्व से सराबोर हो उठा। संस्था की ओर से बुजुर्गों के बीच फल, बिस्किट ग्लूकोन-डी, हॉर्लिक्स, दूध के पैकेट, जूस, मुरी सहित कई आवश्यक खाद्य सामग्रियों का वितरण किया गया। संस्था के सदस्यों ने एक-एक बुजुर्ग से मिलकर उनका हालचाल जाना तथा उनके साथ समय बिताया। कार्यक्रम के दौरान कई बुजुर्ग भावुक हो उठे। किसी ने अपने परिवार की बातें साझा कीं तो किसी ने अपने जीवन के अनुभव सुनाए। पूरे धैर्य और आत्मीयता के साथ उनकी बातें सुनीं और उन्हें अपनेपन का एहसास कराया। मातृ दिवस के इस खास मौके पर बुजुर्ग माताओं के चेहरों पर जो मुस्कान देखने को मिली, वह पूरे कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि बन गई। कार्यक्रम के दौरान कई बुजुर्गों ने कहा कि ऐसे अवसर उन्हें अकेलेपन से बाहर निकालते हैं और यह एहसास कराते हैं कि वे समाज के लिए आज भी महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम के समापन पर वहां उपस्थित सभी बुजुर्गों ने संस्था के सभी सदस्यों को दोनों हाथ उठाकर आशीर्वाद दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान ओल्ड एज होम में एक पारिवारिक वातावरण देखने को मिला। गौरतलब है कि हजारीबाग यूथ विंग समय-समय पर सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है। संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि माता केवल एक शब्द नहीं, बल्कि त्याग, ममता और संस्कार का सबसे बड़ा स्वरूप होती हैं। मातृ दिवस का वास्तविक उद्देश्य केवल शुभकामनाएं देना नहीं, बल्कि उन माताओं और बुजुर्गों तक पहुंचना है जिन्हें सबसे अधिक अपनेपन और सहारे की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग हमेशा समाज के हर वर्ग के बीच सेवा कार्य करता रहा है और आगे भी संस्था इसी भावना के साथ जनसेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखेगी। संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि ओल्ड एज होम में पहुंचकर बुजुर्गों के साथ समय बिताना संस्था के लिए अत्यंत भावुक और प्रेरणादायी अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का आशीर्वाद किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी होती है। आज के दौर में जरूरत इस बात की है कि युवा पीढ़ी अपने बुजुर्गों के सम्मान और देखभाल के प्रति अधिक संवेदनशील बने। मौके पर संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव रितेश खण्डेलवाल,संस्था के मार्गदर्शक डॉक्टर बी वेंकटेश,संजय कुमार,विकाश केशरी,कार्यकारिणी सदस्य राजेश जैन,विवेक तिवारी,सनी देव,सेजल सिंह, सत्यनारायण सिंह,सनी सलूजा,साक्षी राणा सहित कई लोग उपस्थित रहें।

मातृ दिवस पर तरंग ग्रुप ने सजाया प्रतिभाओं का मंच, डांस-सिंगिंग और मॉडलिंग प्रतियोगिता में दिखा हुनर

हजारीबाग। मातृ दिवस के शुभ अवसर पर तरंग ग्रुप द्वारा कृष्णापुरी स्थित डांस एवं म्यूजिक अकादमी में नृत्य, गायन एवं मॉडलिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस चयन प्रतियोगिता में हजारीबाग एवं आसपास के क्षेत्रों से 50 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ दिवस के अवसर पर माता के महत्व को रेखांकित करना, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा उन्हें बड़े स्तर तक पहुँचाने का अवसर देना था।

प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने डांस, सिंगिंग एवं मॉडलिंग की आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों और निर्णायकों का दिल जीत लिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, ऊर्जा और सांस्कृतिक रंग देखने को मिला। आयोजन समिति ने बताया कि यह चयन प्रतियोगिता आगामी भव्य फिनाले की तैयारी का हिस्सा है, जिसका आयोजन जल्द ही नगर भवन हजारीबाग में किया जाएगा। फिनाले में चयनित प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का विशेष अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में बतौर निर्णायक प्रसिद्ध कलाकार हंसराज लोहरा, अभिषेक कुमार, शिप्रा जैन एवं अपराजिता तिवारी उपस्थित रहे। सभी निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर संस्था के निदेशक अमित कुमार गुप्ता ने कहा कि,

“तरंग ग्रुप का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि हजारीबाग की छुपी हुई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का मार्ग तैयार करना है। आज बच्चों, युवाओं एवं प्रतिभागियों का उत्साह देखकर यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि हमारे शहर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आने वाले समय में तरंग ग्रुप कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में और बड़े आयोजन करेगा।”

कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष मनोज कुमार, चंदन कुमार, लक्ष्मी यादव, अगस्त्य कुमार, दीपक झा, संध्या कुमारी, दीपक गुप्ता एवं शशिकांत सहित कई गणमान्य सदस्य और अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। रंगारंग प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक माहौल के बीच पूरा कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

अन्नदा महाविद्यालय में गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की प्रतिमा का भव्य अनावरण, पूर्व छात्र युवा मूर्तिकार मंटू कुमार हुए सम्मानित

हजारीबाग स्थित अन्नदा महाविद्यालय परिसर में शनिवार को एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें माननीय कुलपति प्रो० (डॉ०) चन्द्र भूषण शर्मा के कर-कमलों द्वारा गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। यह अवसर महाविद्यालय परिवार के लिए ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण क्षण बन गया।

समारोह का शुभारंभ डॉ रत्ना चटर्जी द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। वहीं महाविद्यालय का कुलगीत “विश्वविद्या तीर्थ प्रांगणे, करो महोज्ज्वल, महोज्ज्वल...” छात्रा तनिष्का, संस्कृति रंजन एवं रिया नंदी द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसने पूरे वातावरण को सांस्कृतिक गरिमा से भर दिया।

अपने संबोधन में कुलपति प्रो० (डॉ०) चन्द्र भूषण शर्मा ने कहा कि गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर भारतीय साहित्य, संस्कृति और शिक्षा जगत के अमर प्रतीक हैं। उनके विचार आज भी नई पीढ़ी को मानवीय मूल्यों, सृजनशीलता और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा देते हैं।

महाविद्यालय शासी निकाय के अध्यक्ष मनोज सेन ने कहा कि अन्नदा महाविद्यालय सदैव शिक्षा एवं सांस्कृतिक चेतना के संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुदेव की प्रतिमा विद्यार्थियों को ज्ञान, सृजन और मानवीय संवेदनाओं की दिशा में प्रेरित करती रहेगी।

महाविद्यालय शासी निकाय के सचिव डॉ० सजल मुखर्जी ने अपने वक्तव्य में कहा कि यह प्रतिमा केवल एक स्थापत्य नहीं, बल्कि महाविद्यालय की सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक विरासत का प्रतीक है। वहीं प्राचार्य प्रो० नीलमणि मुखर्जी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम को महाविद्यालय के इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

प्राचार्य ने जानकारी दी कि गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की प्रतिमा का निर्माण महाविद्यालय के वाणिज्य संकाय सत्र 2008-2011 के पूर्व छात्र एवं युवा मूर्तिकार मंटू कुमार द्वारा किया गया है। इस विशेष उपलब्धि के लिए समारोह में उन्हें सम्मानित भी किया गया। उपस्थित लोगों ने उनकी कला एवं सृजनशीलता की सराहना करते हुए इसे महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय बताया।

कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ आकाश गोराई द्वारा किया गया। समारोह में शासी निकाय के अरविंद चौधरी के अलावा अन्नदा स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अभिजीत सेन, सदस्य काजल मुखर्जी, निखिल बंग साहित्य सम्मेलन के सचिव उज्ज्वल आयकत, भारती सान्याल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रो इंचार्ज डॉ अजीत श्रीवास्तव, शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन हिंदी विभाग की प्राध्यापक डॉ रत्ना चटर्जी द्वारा लिखित पुस्तक “रवींद्रनाथ टैगोर की कहानियों में स्त्री - संवेदना” के लोकार्पण के साथ हुआ।

हजारीबाग में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को बताया ऑनलाइन ठगी से बचने का तरीका

हजारीबाग। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के मामलों को देखते हुए सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स स्कूल में शनिवार को साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन Unmasked Cyber Security Private Limited द्वारा किया गया, जिसमें छात्राओं को इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता Saurav Vishwakarma रहे। उन्होंने छात्राओं को साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग तेजी से बढ़ा है, ऐसे में सतर्कता और जागरूकता बेहद जरूरी हो गई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्राइवेसी, ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग अटैक, फर्जी लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

सत्र के दौरान छात्राओं को बताया गया कि किस प्रकार छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर साइबर अपराधों से बचा जा सकता है। वक्ताओं ने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि अनजान लिंक पर क्लिक करना, किसी के साथ पासवर्ड या ओटीपी साझा करना तथा संदिग्ध वेबसाइटों का उपयोग करना खतरनाक साबित हो सकता है।

कार्यक्रम में छात्राओं ने काफी उत्साह के साथ भाग लिया और साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल भी पूछे। संवादात्मक सत्र के माध्यम से उन्हें वास्तविक जीवन में होने वाले साइबर अपराधों से बचने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।

विद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम को वर्तमान समय की जरूरत बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों को तकनीक के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग की जानकारी देना आवश्यक है, ताकि वे भविष्य में साइबर अपराधों का शिकार होने से बच सकें। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं और उन्हें इंटरनेट की दुनिया में सतर्क रहने का संदेश देते हैं।

हजारीबाग में 18 मई को होगा फेयर प्राइस शॉप डिलर एसोसिएशन का राज्य स्तरीय सम्मेलन

हजारीबाग में आल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डिलर एसोसिएशन द्वारा 18 मई 2026 को राज्य स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन स्थानीय मुंद्रिका कुंज में सुबह 11 बजे से आयोजित होगा। सम्मेलन को सफल बनाने को लेकर एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक 11 मई 2026 को दोपहर 12 बजे जिला परिषदन भवन सर्किट हाउस के सभा कक्ष में बुलाई गई है।

एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष नंदु प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में आल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डिलर एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव श्री विश्वाभर बसु शामिल होंगे। सम्मेलन में राज्य एवं जिला स्तर के कई पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

बैठक में जिला के सभी पदाधिकारी, 16 प्रखंडों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सक्रिय सदस्य, नगर अध्यक्ष, उनकी टीम तथा कार्य समिति के सभी सदस्यों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। बैठक में सम्मेलन की तैयारी, जिम्मेदारियों के बंटवारे और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

हजारीबाग में “टेक सखी 2026” कार्यशाला आयोजित, छात्राओं को साइबर सुरक्षा और AI के सुरक्षित उपयोग की दी गई जानकारी

हजारीबाग: शहर के टाउन हॉल, हजारीबाग में छात्राओं एवं युवतियों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता और साइबर सुरक्षा पर आधारित “टेक सखी 2026” कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम तरंग समूह की पहल पर “डिजिटल बेटी शक्ति महाअभियान” के अंतर्गत संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में अनमास्क्ड साइबर सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड के विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए छात्राओं को साइबर सुरक्षा, डिजिटल साक्षरता तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सुरक्षित उपयोग से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग हमला, सोशल इंजीनियरिंग और डाटा चोरी जैसे साइबर अपराधों से बचने के व्यावहारिक उपायों को सरल तरीके से समझाया गया।

कार्यशाला में प्रतिभागियों को वास्तविक साइबर हमलों के उदाहरणों के माध्यम से इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। विशेषज्ञ सौरव विश्वकर्मा ने बताया कि आज के समय में साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि हर व्यक्ति के दैनिक जीवन का अहम हिस्सा बन चुकी है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं और लड़कियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना बेहद जरूरी है, क्योंकि जागरूकता ही साइबर अपराधों के खिलाफ सबसे मजबूत सुरक्षा कवच है।

कार्यक्रम के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा और डिजिटल साक्षरता से जुड़े कई सत्र आयोजित किए गए। सभी प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाणपत्र प्रदान किया गया, जबकि चयनित प्रतिभागियों को उपहार हैम्पर देकर सम्मानित किया गया।

आयोजकों ने इस पहल को समाज में डिजिटल सुरक्षा और तकनीकी जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

हजारीबाग में राणी सती मंदिर का 28वां स्थापना दिवस धूमधाम से शुरू, भक्ति और आस्था से गूंजा मंदिर परिसर

हजारीबाग: शहर के मालवीय मार्ग स्थित राणी सती मंदिर का 28वां स्थापना दिवस इस वर्ष भी भक्ति, उल्लास और पारंपरिक आस्था के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है। दो दिवसीय इस आयोजन के प्रथम दिन मंदिर परिसर “जय दादी” के जयकारों से पूरी तरह गुंजायमान रहा।

प्रथम दिन सुबह 9:00 बजे भव्य मंगल पाठ का शुभारंभ किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में शामिल हुईं। मंदिर के प्रधान पुजारी शशिकांत मिश्रा ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मंगल पाठ की शुरुआत कराई।

मंगल पाठ के दौरान इत्र उत्सव, जन्म उत्सव, हल्दी उत्सव, सिंदूर उत्सव और मेहंदी उत्सव जैसे कई धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी स्थापना दिवस को ऐतिहासिक रूप देने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर धनबाद से पहुंचे सुप्रसिद्ध भजन गायक नीरज सांवरिया ने अपने मधुर भजनों के माध्यम से राणी सती दादी के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को प्रस्तुत किया। “जय दादी री, तेरी महिमा सबसे न्यारी री…” जैसे भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर भक्ति रस में सराबोर हो गया।

मंगल पाठ के दौरान दादी के जन्मोत्सव पर ट्रॉफी वितरण किया गया, वहीं विदाई के समय सुहाग सामग्री श्रद्धालु महिलाओं के बीच बांटी गई। कार्यक्रम के अंत में भव्य आरती के बाद सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर कमेटी की ओर से भजन गायक नीरज सांवरिया का स्वागत और अभिनंदन भी किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में मंदिर कमेटी के सदस्यों और श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम के दूसरे दिन गुरुवार को सुबह 5:00 बजे मंगला आरती के साथ अनुष्ठान की शुरुआत होगी। इसके बाद पाटा पूजन, दादी का अलौकिक श्रृंगार, भव्य दर्शन और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। संध्या बेला में 13 सुहागन महिलाओं द्वारा परंपरा के अनुसार भव्य महाआरती की जाएगी, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होगा।

मंदिर कमेटी के अध्यक्ष फतेहचंद मुनका ने कहा कि राणी सती दादी की कृपा से हर वर्ष यह आयोजन और अधिक भव्य होता जा रहा है। वहीं, सचिव रमेश टिबड़ेवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं और सभी से कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की गई है।