Mirzapur : अपरहण का दांव पड़ गया उल्टा, पुलिस ने खोल दी पूरी पोल पट्टी, महिला यूट्यूबर सहित 6 को भेजा जेल
राघवेन्द्र प्रताप सिंह
मीरजापुर। मीरजापुर जिले में पुलिस ने एक सनसनीखेज़ खुलासा करते हुए एक महिला यूट्यूबर सहित 6 को जेल भेजा है। आरोप है यह जमीन सहित कई मामलों में लोगों को अपने चंगुल में फांस कर पुलिस पर बेजा दबाव बनाकर अपना उल्लू सीधा करती थी। इस बार दबाव काम न आया तो अपहरण की झूठी साजिश रच गंभीर षडयंत्र रच डाला, लेकिन यह दांव उन्हीं के लिए घातक साबित हो गया।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में अदलहाट थाना पुलिस व एसओजी,सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा विवेचना से पूर्व में थाना अदलहाट पर पंजीकृत अपहरण की घटना की जांच की गई तो मामला असत्य पाया गया, इस सम्पूर्ण प्रकरण में षडयंत्र करने वाले कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिसमें वादिनी ही मुख्य साजिशकर्ता निकली है।
गौरतलब हो कि मीरजापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गरेरी-धौरहा मार्ग पर गरेरी गांव के समीप सड़क किनारे पुलिस के पास बीते बुधवार 6 मई की भोर में तकरीबन चार बजे एक 40 वर्षीया महिला संदिग्धावस्था में मिली थी जिसका हाथ-पैर रस्सी से एवं मुंह उसी के दुपट्टे से बंधा हुआ था। उधर से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दे दी थी। महिला के कपड़ों से पेट्रोल की दुर्गंध आ रही थी कयास लगाए जा रहे थे कि उसे संभवतः जलाने की योजना रही। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को बंधन से मुक्त कराते हुए उसे उपचार के लिए भिजवाया था। बताया गया था एक सप्ताह पूर्व उसकी मां ने अदलहाट थाना पर उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला की स्थिति सामान्य होने पर पूछताछ में उसने अपना नाम सरिता सिंह पटेल पत्नी सुभाष सिंह पटेल निवासिनी दिक्षितपुर थाना चुनार बताया गया था। जिसकी लिखित तहरीर पर उसी दिन अज्ञात लोगों के विरूद्ध वादिनी का अपहरण कर 04 दिन तक अज्ञात जगह पर छुपाकर रखने के सम्बन्ध में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारम्भ की गई थी।
पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक द्वारा उक्त घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए घटना के शीघ्र खुलासा के लिए पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन के नेतृत्व में टीमों का गठन कर यथाशीघ्र घटना के अनावरण व संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के निर्देश दिये गये थे।
एसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में रविवार 10 मई 2026 को थाना अदलहाट व एसओजी, सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना, साक्ष्य संकलन व भौतिक, इलेक्ट्रानिक, सर्विलांस साक्ष्यों के समीक्षा के आधार पर पाया कि अपहरण का यह असत्य है और पूरी तरह से मनगढ़ंत है,वह इस लिए कि जो भी व्यक्ति होगा वह अपहरण करने के पश्चात हाथ-पैर मुंह बांधकर पेट्रोल छिड़ककर चलता नहीं बनेगा। पुलिस टीम के लिए अपहरण की यह थ्योरी न केवल गले से नीचे उतर नहीं पा रही थी, दूसरे महिला के पूर्व से लेकर मौजूदा क्रियाकलापों, क्षेत्र में उसकी चल रही कार्य गतिविधियों पर नज़र डाला तो सबकुछ विरोधाभासी यहां तक कि खुद महिला के बयान भी विरोधाभासी रहे हैं।
फिर क्या था पुलिस टीम ने सम्पूर्ण घटनाक्रम में वादिनी सरिता द्वारा अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर षडयंत्र कर पुलिस को मुकदमें में फंसाने का प्रयास करने का तथ्य प्रकाश में आया, षडयंत्र में शामिल प्रकाश में आये 6 लोगों क्रमशः
सरिता सिंह पटेल पत्नी सुभाष सिंह पटेल निवासी दीक्षितपुर थाना चुना,
अमरदीप पुत्र स्वर्गीय कमल कुमार निवासी विशेषरपुर माफी थाना अदलहाट,
विजय कुमार सिंह पुत्र बलबन्त सिंह निवासी थिरेसापुर अदलपुरा थाना चुनार,
सुभाष पुत्र स्वर्गीय गंगाराम निवासी दीक्षितपुर थाना चुनार,
अंकिता पत्नी विजेन्द्र निवासी रामपुर सक्तेशगढ़ थाना चुनार,
सुनीता पत्नी संदीप निवासी खमवां जमूती थाना चुनार को गिरफ्तार किया गया तथा सह-आरोपी अमरदीप की निशानदेही पर सरिता पटेल द्वारा पहचान छिपाने के लिए पहनी हुई साड़ी को बरामद किया गया है। गिरफ्तारी व बरामदगी के बाद आवश्यक कार्यवाही करते हुए सभी को जेल भेजा गया है।
*सरिता की साज़िश: अपने ही बुने गए षडयंत्र में फंस गई*
पुलिस अधीक्षक आपरेशन ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस द्वारा घटना के अनावरण में भौतिक व इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों के अवलोकन, समीक्षा व सह-आरोपी अमरदीप से पूछताछ पर पता चला कि वादिनी, मुख्य आरोपी सरिता पटेल एक यू-ट्यूबर है, जो चुनार पुलिस से कुछ लोगों को जेल भेजने के कारण नाराज थी, विभिन्न मुकदमों में पुलिस पर गलत कार्य करने तथा अपने मंशा के अनुरूप कार्यवाही करने का दबाव बनाती थी। जिस कारण वह अपने सह-आरोपी के साथ मिलकर पुलिस को मुकदमें में फंसाकर नाजायज धनउगाही की योजना बनायी थी। योजना के तहत सभी गिरफ्तार लोगों द्वारा सरिता पटेल और अमरदीप को बाइक से गरेरी-धौरहा पहुंचाने की योजना बनायी। जिसमें अमरदीप द्वारा अपनी बाइक पर बैठाकर सरिता पटेल को उसे गरेरी-धौरहा थाना राजगढ़ तक पहुंचाया गया। जहां सरिता अमरदीप के सहयोग से अपना हाथ-पैर बंधवायी, अमरदीप द्वारा अपने बाइक से पेट्रोल निकाल कर उसके शरीर पर छिड़कने के लिये दिया गया, ताकि घटना के गंभीरता को बढ़ाकर इसे गंभीर रुप दिया जा सके।
2 hours and 7 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1