Mirzapur : अपरहण का दांव पड़ गया उल्टा, पुलिस ने खोल दी पूरी पोल पट्टी, महिला यूट्यूबर सहित 6 को भेजा जेल
राघवेन्द्र प्रताप सिंह
मीरजापुर। मीरजापुर जिले में पुलिस ने एक सनसनीखेज़ खुलासा करते हुए एक महिला यूट्यूबर सहित 6 को जेल भेजा है। आरोप है यह जमीन सहित कई मामलों में लोगों को अपने चंगुल में फांस कर पुलिस पर बेजा दबाव बनाकर अपना उल्लू सीधा करती थी। इस बार दबाव काम न आया तो अपहरण की झूठी साजिश रच गंभीर षडयंत्र रच डाला, लेकिन यह दांव उन्हीं के लिए घातक साबित हो गया।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में अदलहाट थाना पुलिस व एसओजी,सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा विवेचना से पूर्व में थाना अदलहाट पर पंजीकृत अपहरण की घटना की जांच की गई तो मामला असत्य पाया गया, इस सम्पूर्ण प्रकरण में षडयंत्र करने वाले कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिसमें वादिनी ही मुख्य साजिशकर्ता निकली है।


गौरतलब हो कि मीरजापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गरेरी-धौरहा मार्ग पर गरेरी गांव के समीप सड़क किनारे पुलिस के पास बीते बुधवार 6 मई की भोर में तकरीबन चार बजे एक 40 वर्षीया महिला संदिग्धावस्था में मिली थी जिसका हाथ-पैर रस्सी से एवं मुंह उसी के दुपट्टे से बंधा हुआ था। उधर से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दे दी थी। महिला के कपड़ों से पेट्रोल की दुर्गंध आ रही थी कयास लगाए जा रहे थे कि उसे संभवतः जलाने की योजना रही। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को बंधन से मुक्त कराते हुए उसे उपचार के लिए भिजवाया था। बताया गया था एक सप्ताह पूर्व उसकी मां ने अदलहाट थाना पर उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला की स्थिति सामान्य होने पर पूछताछ में उसने अपना नाम सरिता सिंह पटेल पत्नी सुभाष सिंह पटेल निवासिनी दिक्षितपुर थाना चुनार बताया गया था। जिसकी लिखित तहरीर पर उसी दिन अज्ञात लोगों के विरूद्ध वादिनी का अपहरण कर 04 दिन तक अज्ञात जगह पर छुपाकर रखने के सम्बन्ध में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारम्भ की गई थी।

पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक द्वारा उक्त घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए घटना के शीघ्र खुलासा के लिए पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन के नेतृत्व में टीमों का गठन कर यथाशीघ्र घटना के अनावरण व संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के निर्देश दिये गये थे।
एसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में रविवार 10 मई 2026 को थाना अदलहाट व एसओजी, सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना, साक्ष्य संकलन व भौतिक, इलेक्ट्रानिक, सर्विलांस साक्ष्यों के समीक्षा के आधार पर पाया कि अपहरण का यह असत्य है और पूरी तरह से मनगढ़ंत है,वह इस लिए कि जो भी व्यक्ति होगा वह अपहरण करने के पश्चात हाथ-पैर मुंह बांधकर पेट्रोल छिड़ककर चलता नहीं बनेगा। पुलिस टीम के लिए अपहरण की यह थ्योरी न केवल गले से नीचे उतर नहीं पा रही थी, दूसरे महिला के पूर्व से लेकर मौजूदा क्रियाकलापों, क्षेत्र में उसकी चल रही कार्य गतिविधियों पर नज़र डाला तो सबकुछ विरोधाभासी यहां तक कि खुद महिला के बयान भी विरोधाभासी रहे हैं।

फिर क्या था पुलिस टीम ने सम्पूर्ण घटनाक्रम में वादिनी सरिता द्वारा अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर षडयंत्र कर पुलिस को मुकदमें में फंसाने का प्रयास करने का तथ्य प्रकाश में आया, षडयंत्र में शामिल प्रकाश में आये 6 लोगों क्रमशः
सरिता सिंह पटेल पत्नी सुभाष सिंह पटेल निवासी दीक्षितपुर थाना चुना,
अमरदीप पुत्र स्वर्गीय कमल कुमार निवासी विशेषरपुर माफी थाना अदलहाट,
विजय कुमार सिंह पुत्र बलबन्त सिंह निवासी थिरेसापुर अदलपुरा थाना चुनार,
सुभाष पुत्र स्वर्गीय गंगाराम निवासी दीक्षितपुर थाना चुनार,
अंकिता पत्नी विजेन्द्र निवासी रामपुर सक्तेशगढ़ थाना चुनार,
सुनीता पत्नी संदीप निवासी खमवां जमूती थाना चुनार  को गिरफ्तार किया गया तथा सह-आरोपी अमरदीप की निशानदेही पर सरिता पटेल द्वारा पहचान छिपाने के लिए पहनी हुई साड़ी को बरामद किया गया है। गिरफ्तारी व बरामदगी के बाद आवश्यक कार्यवाही करते हुए सभी को जेल भेजा गया है।


*सरिता की साज़िश: अपने ही बुने गए षडयंत्र में फंस गई*

पुलिस अधीक्षक आपरेशन ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस द्वारा घटना के अनावरण में भौतिक व इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों के अवलोकन, समीक्षा व सह-आरोपी अमरदीप से पूछताछ पर पता चला कि वादिनी, मुख्य आरोपी सरिता पटेल एक यू-ट्यूबर है, जो चुनार पुलिस से कुछ लोगों को जेल भेजने के कारण नाराज थी, विभिन्न मुकदमों में पुलिस पर गलत कार्य करने तथा अपने मंशा के अनुरूप कार्यवाही करने का दबाव बनाती थी। जिस कारण वह अपने सह-आरोपी के साथ मिलकर पुलिस को मुकदमें में फंसाकर नाजायज धनउगाही की योजना बनायी थी। योजना के तहत सभी गिरफ्तार लोगों द्वारा सरिता पटेल और अमरदीप को बाइक से गरेरी-धौरहा पहुंचाने की योजना बनायी। जिसमें अमरदीप द्वारा अपनी बाइक पर बैठाकर सरिता पटेल को उसे गरेरी-धौरहा थाना राजगढ़ तक पहुंचाया गया। जहां सरिता अमरदीप के सहयोग से अपना हाथ-पैर बंधवायी, अमरदीप द्वारा अपने बाइक से पेट्रोल निकाल कर उसके शरीर पर छिड़कने के लिये दिया गया, ताकि घटना के गंभीरता को बढ़ाकर इसे गंभीर रुप दिया जा सके।
अनियंत्रित बाइक ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से घुसी बाइक चालक की हुई मौत

बाइक पर पीछे बैठी पत्नी सहित दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल

मिर्जापुर।ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव निवासी 43 वर्षीय धरणी धर पाठक उर्फ छोटे पाठक की शनिवार की रात साढ़े नौ बजे के करीब प्रयागराज जिले के कोरांव थाना क्षेत्र के रामपुर कलां गांव में सड़क हादसे में घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में मृत बाइक चालक की पत्नी और बड़े भाई की पुत्रवधू गंभीर रूप से घायल हो गई जिनका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मड़वा धनावल गांव निवासी धरणी धर पाठक शनिवार की रात बड़े भाई रामकृष्ण पाठक की पुत्रवधू रंजना पत्नी सोनू पाठक की तबीयत बिगड़ने पर उपचार कराने के लिए प्रयागराज जिले के कोरांव स्थित एक निजी अस्पताल में ले जा रहे थे।धरणी धर अपनी बाइक पर पत्नी निर्मला और भाई की पुत्रवधू विमला देवी पत्नी मणिकांत पाठक को बैठाकर कोरांव जा रहे थे। जबकि रंजना को दूसरे बाइक पर बैठाकर भतीजा मोनू ले जा रहा था। जैसे ही धरणीधर कोरांव क्षेत्र के रामपुर कलां गांव में पहुंचे तो सामने से आ रही चारपहिया वाहन की रोशनी से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से जा घुसी। ट्राली में टकराने से बाइक चालक के सिर में गंभीर चोट आने से घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं पत्नी निर्मला और भाई की पुत्रवधू विमला देवी को गंभीर चोटें आ गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। दूसरे बाइक पर सवार भतीजे मोनू ने घटना की जानकारी स्वजनों को देते हुए ग्रामीणों के सहयोग से आनन फानन में घायल महिलाओं को क्षेत्र के दुर्जनीपुर गांव स्थित सरदार हास्पिटल में भर्ती करवाया। जहां दोनों का उपचार किया जा रहा है। मृतक धरणीधर मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में किसी प्राइवेट कंपनी में वाचमैन का कार्य करते थे। मृतक को एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
मातृशक्ति को नमन: स्कूल में मातृ दिवस समारोह आयोजित
*छात्रों ने मातृ दिवस की महत्वा पर डाला प्रकाश, नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में रही धूम
मीरजापुर। नगर के पांडेयपुर स्थित संस्कार पब्लिक स्कूल के प्रांगण में 9 मई, 2026 को ‘मातृ दिवस’ बड़े ही धूमधाम से आयोजित किया गया। मातृ दिवस के उपलक्ष्य पर किंडरगार्टन विंग और प्राइमरी विंग के सभी विद्यार्थियों के माताओं को सादर आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः कालीन सभा एवं दीप प्रज्ज्वलन द्वारा किया गया। विद्यालय के शिक्षकों ने सभी अभिभावकों का हार्दिक अभिनंदन किया और नन्हे- मुन्ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें माता-पिता का सम्मान करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने माता को बच्चों की पहली शिक्षिका बताया और मां की ममता, त्याग और बलिदान से विद्यार्थियों को अवगत कराया। मातृ दिवस के अवसर पर नन्हे- मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए , जिसमें बच्चों ने अपने-अपने तरीके से अपनी माताओं के प्रति प्रेम को उजागर किया। विद्यार्थियों ने अपने गीत, कविताओं एवं शिल्प कला के माध्यम से मां के प्रति प्रेम और सम्मान को उजागर किया। मातृ दिवस के इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे कार्ड बनाकर अपनी माताओं को प्रसन्न करने का भरपूर प्रयास किया। कक्षा-3 के छात्रों ने नृत्य के माध्यम से माताओं के लिए अपनी भावनाओं को खूबसूरती से व्यक्त किया । कार्यक्रम के सबसे यादगार पलों में से एक आनंददायक गतिविधि भी थी, जहां माताओं और बच्चों ने एक साथ मिलकर न केवल उसे गतिविधि को पूरा किया, बल्कि हंसी और प्यार से भरी अनमोल यादें भी बनाईं। मातृ दिवस के इस अवसर पर सभी मातृशक्ति के लिए ‘रैंप वॉक’, म्यूजिकल चेयर’ बूझो तो जान आदि क्रियाविधियों का आयोजन किया गया,जिसमें सभी माताओं ने बड़े ही जोश और उत्साह से भाग लिया। जिससे सभागार में उपस्थित सभी लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई। विद्यालय प्रबंधक डॉ अनंत राज भंडारी ने कहा कि मातृ दिवस केवल उत्साह नहीं बल्कि मां के त्याग इसने और समर्पण के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर है। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाली माताओं को विद्यालय प्रधानाचार्या के द्वारा बेस्ट मदर अवार्ड से शालू सिंह नीलम पांडे ममता सिंह स्वप्निल प्रजापति सविता सिंह और अन्य माताओं को सम्मानित भी किया गया। इसके साथ ही साथ सीनियर वर्ग के बच्चों ने अपनी माताओं के लिए सुंदर ग्रीटिंग कार्ड, हस्त निर्मित उपहार तथा धन्यवाद संदेश भेंट कर उनके प्रति प्रेम सम्मान और कृतज्ञता व्यक्ति की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रधानाचार्या रीतू भंडारी ने मातृत्व के महत्व पर प्रेरणादायक संबोधन दिया और माता को सम्मानित किया और इस पहल की सराहना करते हुए बच्चों को संस्कार युक्त शिक्षा देने पर बोल दिया। कार्यक्रम में संगीता दुबे चांदनी नेहा यादव आदि माताओं ने विभिन्न का गतिविधियों में अपनी प्रस्तुति से विद्यालय के इस कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इसी क्रम में लालगंज तहसील क्षेत्र के कोटा शिव प्रताप सिंह स्थित यूओ कानवेंट स्कूल गुरुकुलम् में मातृ दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, सम्मान के बीच मनाया गया। कार्यक्रम में जूनियर एवं सीनियर सेक्शन के बच्चों की माताओं को विशेष रूप से आमंत्रित कर उनका अभिनंदन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत छोटे बच्चों द्वारा अपनी माताओं के स्वागत एवं पूजन के साथ हुई। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी माताओं को तिलक लगाकर पुष्प अर्पित किया और उनके प्रति सम्मान एवं प्रेम व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से मातृत्व की भावना को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़, पिरामिड निर्माण सहित कई मनोरंजक प्रतियोगिताओं में माताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खेल प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यालय परिसर तालियों और उत्साहवर्धन से गूंजता रहा। विजेता बनने पर कई माताएं बेहद खुश नजर आईं और विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय के प्रबंधक ओमकारनाथ पाण्डेय ने अपनी स्वर्गीय माता उमा के चित्र पर समस्त शिक्षकों एवं प्रिंसिपल के साथ पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि मां केवल एक शब्द नहीं बल्कि हर बच्चे की पहली शिक्षक, सबसे बड़ी प्रेरणा और जीवन की वास्तविक शक्ति होती हैं। मां वात्सल्य, प्रेम, त्याग, समर्पण और संस्कार का प्रतीक हैं। जीवन की हर कठिन परिस्थिति में मां ही अपने बच्चों के साथ मजबूती से खड़ी रहती है इस अवसर पर सरला मैडम, फोटो सिंह, पूजा देवी बरौंधा सहित अन्य माताएं उपस्थित रहीं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली माताओं को सम्मानित भी किया गया। अंत में प्रबंधक ने विद्यालय परिवार की ओर से सभी माताओं का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज की टीम ने चौपाल लगाकर लोगों को क्षय रोग के बारे में किया जागरूक

लालगंज, मीरजापुर । स्थानीय विकासखंड क्षेत्र के खजुरी गांव में शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज की टीम ने चौपाल लगाकर लोगों को क्षय रोग के बारे में जागरूक किया। शिविर में लगाकर इस अभियान में हाई रिस्क गांवों में हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन से स्क्रीनिंग कर मरीजों को पहचान कर निःशुल्क इलाज से जोड़ा जा रहा है। वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक शमीम अहमद ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार टी बी की पहचान और समय से उपचार सुनिश्चित करने के लिए १०० दिवसीय सघन टीबी रोगी खोजी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आज विकास खण्ड लालगंज के खजुरी गांव में स्वास्थ्य विभाग लालगंज ने चौपाल लगाकर लोगों को क्षय रोग के बारे में जागरूक करते हुए  शिविर लगाकर इस  अभियान में हाई रिस्क गांवों में हैंड हेल्ड एक्स रे मशीन से स्क्रीनिंग कर मरीजों को पहचान कर निः शुल्क इलाज से जोड़ा जा रहा है।  सभी लोगों को लक्षण और उपचार और सरकारी  लाभ के बारे में जानकारी दी गई। आशा रीता  देवी और ग्राम प्रधान रहीश अहमद के सहयोग से गांव के लोगों को प्रेरित कर कुल 85 मरीजों का एक्स रे किया गया । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉक्टर संजय सिंह ने कहा कि टी बी एक संक्रामक बीमारी है लेकिन नियमित दवा और समय पर उपचार से पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। शिविर में शमीम अहमद वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक, सुजीत कुमार मिश्रा एक्स रे टेक्निशन, अजीत कुमार सिंह, आशा रीता देवी, बृजेश बिंद, बाबूलाल  आदि लोग मौजूद रहे।
ब्रेकर से उछलकर डिवाइडर से भिड़ी बाइक पर सवार दो युवक घायल
मिर्जापुर।ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के रीवा मिर्ज़ापुर हाईवे पर स्थित दुर्जनीपुर ओवर ब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर बृहस्पतिवार की रात दस बजे ब्रेकर पर बाइक उछलने के बाद डिवाइडर से टकराकर बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची सरकारी एंबुलेस से दोनों घायल युवकों को सीएचसी लालगंज ले जाया गया। लालगंज थाना क्षेत्र के तुलसी गांव निवासी रितेश पटेल (25) लहंगपुर निवासी आयुष मौर्य (23) के साथ बाइक से कहीं निमंत्रण में शामिल होने के लिए जा रहे थे। उसी दौरान रात दस बजे दुर्जनीपुर के पास ब्रेकर पर उछलकर बाइक डिवाइडर से टकरा गई। जिससे दोनों युवक घायल हो गए। एंबुलेंस के ईएमटी दीपक कुमार यादव ने बताया कि रितेश पटेल गंभीर रूप से घायल थे, आयुष को सामान्य चोट लगी थी। रितेश के चाचा विजय पटेल ने बताया कि गंभीर चोट के चलते चिकित्सक द्वारा  उनके भतीजे को मंडलीय चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया।
सघन टीबी रोगी खोजी अभियान के तहत आयोजित हुआ शिविर


32 मरीजों का किया गया एक्स रे मशीन से स्क्रीनिंग

मीरजापुर। टीबी मुक्त भारत बनाने के लिए 100 दिवसीय सघन टीबी रोगी खोजी अभियान के तहत बुधवार को विकास खण्ड लालगंज के सोनवर्षा गांव में स्वास्थ्य विभाग लालगंज ने शिविर लगाकर अभियान में हाई रिस्क गांवों में हैंड हेल्ड एक्स रे मशीन से स्क्रीनिंग कर मरीजों का पहचान कर निः शुल्क इलाज से जोड़ा जा रहा है। शिविर में क्षेत्र के वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक शमीम अहमद ने आशा और प्रधान के सहयोग से गांव के लोगों को टीबी के बारे में जागरूक किया तथा सरकारी निः शुल्क सुविधाओं के बारे में लोगों को जानकारी देते हुए लक्षण और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान कुल 32 मरीजों का एक्स-रे किया गया। शिविर में शमीम अहमद, सुजीत कुमार मिश्रा, अजीत कुमार सिंह, आशा निशा देवी, मोतीलाल पटेल, महेन्द्र पटेल आदि लोग मौजूद रहें।
महुगढ़ी के मुरलिया जंगल में पलाश पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, परिजनों में कोहराम
ड्रमंड गंज मिर्जापुर
क्षेत्र के महुगढ़ी गांव के मुरलिया जंगल में शनिवार सुबह पलाश के पेड़ में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक शव लटकता मिलने की सूचना पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जंगल में मवेशियों को चराने गए चरवाहों ने युवक का पलाश के पेड़ से लटकता शव दिखाई देने पर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। सूचना पर सुबह 11 बजे के करीब जंगल में पहुंचे थानाध्यक्ष भारत सुमन एसआई विनोद सिंह, एसआई शिवाकांत पांडेय,पुनीत गुप्ता ने घटना की जांच करते हुए पेड़ पर लटकते शव को नीचे उतरवाया। युवक का शव पलाश के पेड़ पर जमीन से करीब दस फीट ऊपर नायलान की रस्सी से लटक रहा था। मृतक युवक की शिनाख्त पंचराज उर्फ निरहू निवासी अंतरी सिकटा के रूप में हुई।पलाश के पेड़ के नीचे पुलिस को एक बैग मिला जिसमें मृतक ने अपने कपड़े रखे थे।हलिया क्षेत्र के सिकटा ग्राम पंचायत के अंतरी गांव निवासी राजू वर्मा का 22 वर्षीय पुत्र पंचराज उर्फ निरहू शुक्रवार शाम को बाइक से अपने ननिहाल महुगढ़ी गांव आया था। जहां कुछ देर रूकने के बाद ननिहाल में अपनी बाइक खड़ी कर अपने मामा भगवादास से यह कहकर निकला कि आर्केस्ट्रा में काम करने जा रहे हैं। शनिवार सुबह ननिहाल से तीन किलोमीटर दूर मुरलिया पहाड़ के जंगल में पेड़ से लटकता शव मिलने की सूचना पर ननिहाल में मातम छा गया। युवक ने जंगल में पहुंचकर गले में फंदा लगाकर जान क्यों दी ननिहाल पक्ष के लोगों को कुछ समझ में नही आ रहा है। बेटे की मौत की खबर पाकर पिता राजू और मां अमरावती देवी रोते-बिलखते हुए महुगढ़ी गांव पहुंची। युवक पांच बहनों में सबसे बड़ा और अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।  स्वजनों ने बताया कि मृतक अविवाहित था और आर्केस्ट्रा में नर्तक का कार्य करता था। वहीं महुगढ़ी गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर जंगल में फंदे से लटका शव मिलने पर तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं। थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि ननिहाल में आए युवक ने जंगल में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया है।प्रथम दृष्टया मामला आत्म हत्या का प्रतीत हो रहा है। युवक ने पलाश के पेड़ की डाली में नायलान की रस्सी से गले में फंदा लगाकर जान दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।घटना की बारीकी से जांच की जा रही है।

-दो माह पूर्व देवहट के हरदी जंगल में अधेड़ का पेड़ से लटकता हुआ मिला था शव

क्षेत्र के देवहट गांव के हरदी जंगल में बीते 1 फरवरी को देवहट गांव के खरका बस्ती निवासी दुलारमनि कोल का भी संदिग्ध परिस्थितियों में पलाश के पेड़ से लटकता शव मिला था। लेकिन आज तक इस घटना का पुलिस खुलासा नही कर सकी।
लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस के साथ युवक को गिरफ्तार कर पुलिस ने भेजा जेल

मड़वा धनावल गांव में बुधवार की रात विवाद के दौरान आर्केस्ट्रा प्रबंधक की लाइसेंसी पिस्टल छीनकर भाग निकले थे मनबढ़ युवक


आर्केस्ट्रा प्रबंधक की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लाइसेंसी पिस्टल की खोजबीन में जुटी थी पुलिस

मिर्जापुर। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव में बीते बुधवार की रात बरात में आर्केस्ट्रा शुरू करने को लेकर हुए विवाद में आर्केस्ट्रा प्रबंधक की लाइसेंसी पिस्टल छीनकर भागने वाले मनबढ़ युवक को पुलिस ने शुक्रवार सुबह पिस्टल और कारतूस के साथ मड़वा धनावल गांव से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं पकड़े गए युवक के दो अन्य साथी पुलिस को देखकर मौके से भागने में कामयाब हो गए। मड़वा धनावल गांव में लालगंज थाना क्षेत्र के सेमरी कलां गांव से बरात आई थी बरात में आर्केस्ट्रा शुरू करने को लेकर विवाद हो गया था। आर्केस्ट्रा देखने पहुंचे ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आर्केस्ट्रा शुरू करने को लेकर हुए विवाद के दौरान मनबढ़ युवकों ने आर्केस्ट्रा प्रबंधक की लाइसेंसी पिस्टल छीन लिया था। और लाइसेंसी पिस्टल लेकर भाग निकले थे।इस मामले में गुरुवार को आर्केस्ट्रा प्रबंधक सौरभ जायसवाल निवासी बल्ली का अड्डा थाना कोतवाली कटरा ने अज्ञात के विरुद्ध लाइसेंसी पिस्टल और 6 कारतूस चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया था। शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष भारत सुमन एसआई मूलचंद्र वर्मा हेड कांस्टेबल घनश्याम यादव कांस्टेबल कुलदीप कुशवाहा ने मड़वा धनावल गांव स्थित तालाब के पास से इंद्रवार गांव निवासी किरन उर्फ अर्जुन को धर दबोचा जबकि मामले में लिप्त दो अन्य युवक रोहित पुत्र हीरा निवासी अमदह थाना ड्रमंडगंज व अमित पुत्र अरूण निवासी पवांरी कलां थाना ड्रमंडगंज पुलिस को देखकर मौके से भाग निकले। थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक किरन उर्फ अर्जुन के पास से लाइसेंसी पिस्टल पांच कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है। गिरफ्तार युवक के दो अन्य साथी पुलिस को देखकर मौके से भाग निकले। तीनों लोग लाइसेंसी पिस्टल को लेकर कहीं भागने की फिराक में मड़वा धनावल गांव स्थित तालाब के पास आपस में बातचीत कर रहे थे। भागने वाले दोनों युवकों की तलाश की जा रही है।
विंध्याचल में अफरा-तफरी: पेड़ के नीचे खाना बना रहे लोगों पर मधुमक्खियों का हमला की हुए अचेत


मिर्जापुर। विंध्याचल क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब पेड़ के नीचे खाना बना रहे लोगों पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। घटना के दौरान वहां मौजूद दर्शनार्थियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोग पेड़ के नीचे भोजन बना रहे थे, तभी पास में मौजूद मधुमक्खियों के छत्ते से झुंड निकलकर लोगों पर टूट पड़ा। मधुमक्खियों के हमले से कई श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार रायबरेली के पूरे राजा गांव, थाना नसीराबाद से आए दर्जनों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के बाद अटल चौराहे के पास पीपल के पेड़ के नीचे खाना बना रहे थे। चूल्हे का धुआं पेड़ पर लगे मधुमक्खी के छत्ते पर लगने से मधुमक्खियां भड़क गईं और श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया।  घायलों में आशा यादव (35), बृजेश यादव (26), राम प्यारे यादव (62), जगपाला देवी (72), संजू (26), सुनील यादव (25), सुनीता (24) और शिवांग (10) शामिल हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोरंजन राय ने बताया कि 8 श्रद्धालुओं का इलाज चल रहा है।
पिस्टल लेकर डांस करते हुए वायरल हुआ वीडियो, पुलिस ने बताया 'टॉयगन' भेजा जेल
मीरजापुर। शादी समारोह में डांस के दौरान हाथ में पिस्टल लेकर लहराने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है और जेल भेज दिया है। हालांकि पुलिस की मानें तो वह पिस्टल नहीं 'टॉयगन' रहा है।
दरअसल, 30 अप्रैल की रात में एक युवक द्वारा हाथ में पिस्टल लेकर लहराते हुए डांस करने का एक वीडियो वायरल हो रहा था। सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस ने इसे संज्ञान में आने के बाद छानबीन शुरू की जिस पर थाना अदलहाट पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए युवक की पहचान छोटू पुत्र किशोरी निवासी बरईपुर थाना अदलहाट उम्र करीब-25 वर्ष के रुप में करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गुरुवार को एक शादी समारोह में गया था, जहां डांस के दौरान  वह एक पिस्टल लिए हुए वीडियो में दिख रहा है, जांच के दौरान पिस्टल नकली पायी गयी, जो एक टॉय गन है।