10,000 इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार: वाहन चोरी गिरोह का सक्रिय सदस्य वाराणसी से पकड़ा गया
नितेश श्रीवास्तव

भदोही ।भदोही पुलिस ने ₹10,000 के इनामी गैंगस्टर अखिलेश दूबे को गिरफ्तार किया है। अखिलेश दूबे वाहन चोरी करने वाले एक अंतर-जनपदीय गिरोह का सक्रिय सदस्य है। उसे वाराणसी के लक्सा थाना क्षेत्र स्थित तिरुपति बालाजी गेस्ट हाउस के पास से पकड़ा गया।
यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देश पर की गई, जिसमें अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई और गैंगस्टर अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर जोर दिया गया था। अखिलेश दूबे के खिलाफ गोपीगंज थाने में गैंगस्टर एक्ट (मु0अ0स0 533/25 धारा 3(1) उ0प्र0 गिरोहबन्द एंव समाज विरोधी क्रिया कलाप निवारण अधि० 1986) के तहत मामला दर्ज है।
अखिलेश दूबे, विजय निषाद के नेतृत्व वाले एक संगठित आपराधिक गिरोह का हिस्सा है। इस गिरोह में अखिलेश दूबे के अलावा उजाला पाण्डेय और सागर पाण्डेय भी सक्रिय सदस्य हैं। यह गिरोह अपने सदस्यों के आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
गिरफ्तार अभियुक्त अखिलेश दूबे (उम्र 22 वर्ष) पुत्र सुनील दूबे, औरा थाना हंडिया जनपद प्रयागराज का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद उसे संबंधित न्यायालय में पेश किया गया। अखिलेश दूबे का आपराधिक इतिहास भी है, जिसमें औराई और गोपीगंज थानों में दर्ज मामले शामिल हैं। इनमें मु०अ०सं० 181/25 धारा 317(2)/317(4)/317(5)/303(2)/345(2) बीएनएस थाना औराई और मु०अ०सं० 223/25 धारा 317(2)/317(4)/317(5)/303(2)/319(2)/318(4)/338/336(3)/340(2) बीएनएस थाना गोपीगंज शामिल हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, कांस्टेबल भूपेन्द्र राय और कांस्टेबल मनोज यादव शामिल थे, जो गोपीगंज थाने से संबंधित हैं।
भदोही साइकिलिंग क्लब ने पर्यावरण जागरूकता के लिए निकाली रैली
पर्यावरण और स्वास्थ्य के प्रति दिया संदेश, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील


नितेश श्रीवास्तव


भदोही। भदोही साइकिलिंग क्लब ने रविवार को गोपीगंज में पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशाल साइकिल यात्रा निकाली। क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष अताउल मुस्तफा अंसारी के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। राष्टीय राजमार्ग स्थित बड़ा चौराहा से यात्रा की शुरुआत हुई,जिसे अता‌उल मुस्तफा अंसारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साइकिल सवार फूलबाग, थानीपुर, सिंहपुर और ज्ञानपुर तिराहा होते हुए केशवपुर सरपतहां गांव पहुंचे। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने साइकिल चलाए ईंधन बचाएं, वृक्ष लगाओ पर्यावरण बचाओ और करो योग रहो निरोग जैसे नारों के मध्यम से लोगों को जागरूक किया। केशवपुर सरपतहां गांव में जिला पंचायत सदस्य अंजनी शुक्ला ने साइकिल यात्रियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि देश के युवा ही राष्ट्र का भविष्य हैं और स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए युवाओं का शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट होना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से योग, व्यायाम और खेलकूद को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। इसके बाद यात्रा जोतराम दत्त,लखनो और ज्ञानपुर देहात के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए ज्ञानपुर - दुर्गागंज त्रिमुहानी पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में अमन शुक्ला, प्रवीण श्रीवास्तव,जेपी दूबे, प्रमोद मौर्या,आरिज खान समेत बड़ी संख्या में युवाओं ने योगदान दिया।
खबर का असर मंदिर प्रधान पुजारी बोले- थैंक्यू street buzz News


*नहर में छोड़ा गया पानी , सीतामढ़ी के प्राकृतिक जलाशय में भी पहुंचा*


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। मंदिर का निर्माण प्राकृतिक जलाशय के बीच में किया गया है। मंदिर प्रधान पुजारी राजेंद्र मिश्रा ने कहा कि जलाशय सूखने की सूचना नहर विभाग को दी गई थी, जिसे street buzz News ने प्रमुखता से उठाया था। अब नहर में पानी छोड़े जाने से जलाशय फिर से भर गया है।
जिले के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल श्री सीता समाहित स्थल मंदिर का प्राकृतिक जलाशय डीघ रजवाहा नहर के पानी से लबालब भर गया है। जलाशय में पानी भर जाने से मंदिर की सुंदरता और भव्यता बढ़ गई है, साथ ही जलीय जीव-जंतुओं को जीवनदान भी मिला है। गर्मी के कारण जलाशय पूरी तरह सूख गया था, जिससे मछलियों, कछुओं और अन्य जलीय जीवों का जीवन संकट में था। पानी सूखने से मंदिर की दिव्यता और आकर्षण भी प्रभावित हो गया था।
भदोही में थाना समाधान दिवस, 64 शिकायतें दर्ज:पुलिस व राजस्व विभाग की 12 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही जनपद के सभी थानों पर शनिवार को "थाना समाधान दिवस" का आयोजन किया गया। शासन की मंशा के अनुरूप फरियादियों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से यह आयोजन जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने इसकी निगरानी की।

इस दौरान, संबंधित थानों पर पुलिस टीम ने प्रशासनिक टीम के साथ मिलकर जनता की समस्याओं को सुना। राजस्व कर्मियों की उपस्थिति में कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

जन सुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। पुलिस विभाग से संबंधित सभी प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि राजस्व विभाग से संबंधित प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जमीन से जुड़े सभी मामलों में पुलिस और राजस्व की टीमों को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि फरियादियों को भटकना न पड़े और मामलों का त्वरित व न्यायपूर्ण निस्तारण हो सके।

आयोजित थाना समाधान दिवस में कुल 64 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 55 राजस्व विभाग से संबंधित थे और 9 पुलिस विभाग से। पुलिस विभाग से संबंधित सभी 9 शिकायतों और राजस्व से संबंधित 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व की 3 संयुक्त टीमों का गठन किया गया है।
ज्ञानपुर में महाराणा प्रताप जयंती मनाई गई:जय बाबा बर्फानी ग्रुप ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ज्ञानपुर नगर के शहीद पार्क में महाराणा प्रताप की जयंती मनाई गई। जय बाबा बर्फानी ग्रुप के कार्यकर्ताओं ने ब्रह्मा मोदनवाल के नेतृत्व में इस कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम से पहले, कार्यकर्ताओं ने शहीद पार्क की साफ-सफाई की। इसके बाद, महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
ब्रह्मा मोदनवाल ने महाराणा प्रताप के जीवन और उनके सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि महाराणा प्रताप ने अपने सिद्धांतों के बल पर शत्रुओं को पराजित किया और कभी हार नहीं मानी। जय बाबा बर्फानी ग्रुप के युवाओं ने महाराणा प्रताप से प्रेरणा लेकर उनके बताए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महेंद्र मास्टर, मोनू माली, राकेश देववशी, अतुल पांडे, महेंद्र मिस्त्री और विहिप जिला संगठन मंत्री विकास जी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
विकास काशी नरेश विश्वविद्यालय के पहले कुलसचिव बने:ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती विश्वविद्यालय से आकर कार्यभार संभाला
रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। काशी नरेश राज्य विश्वविद्यालय को अपना पहला कुलसचिव मिल गया है। शासन द्वारा नियुक्त विकास ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार संभाला। उनके आगमन पर, विश्वविद्यालय के प्रोफेसर प्राचार्य रमेश चंद्र यादव ने उनका स्वागत किया। प्रोफेसर यादव ने विकास को स्मृति चिन्ह भेंट किया और माल्यार्पण भी किया। इस अवसर पर प्रोफेसर प्राचार्य रमेश चंद्र यादव ने कहा कि कुलसचिव के कार्यभार संभालने के बाद विश्वविद्यालय के कार्यों में तेजी आएगी और प्रगति होगी। नवनियुक्त कुलसचिव विकास ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि वह शासन द्वारा दी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे और विश्वविद्यालय को एक नई पहचान दिलाने का प्रयास करेंगे।‌विकास को ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के परीक्षा नियंत्रक पद से इस नई जिम्मेदारी के लिए नियुक्त किया गया है। प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा अनुभाग के संयुक्त सचिव ने उनके कुलसचिव पद पर तैनाती का आदेश जारी किया था।
भदोही पुलिस ने अवैध तमंचा-कारतूस के साथ आरोपी पकड़ा: रेवड़ा परसपुर से गिरफ्तार, अपराध करने की फिराक में था

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव



भदोही। भदोही पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी आजम अली पुत्र शौकत मंसूरी को 7-8 मई 2026 की रात ग्राम रेवड़ा परसपुर से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, वह किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जनपद में अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में, थाना भदोही पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर की सूचना पर आजम अली (उम्र करीब 40 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक अदद अवैध तमंचा 315 बोर और एक अदद जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ है। इस संबंध में, थाना भदोही में आजम अली के खिलाफ मु0अ0सं0-199/2026 धारा- 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हरिकेश सिंह, उपनिरीक्षक शमशाद खां, हेड कांस्टेबल श्यामप्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल हारुन खां, हेड कांस्टेबल इफ्तेखारुद्दीन और कांस्टेबल अंकुश कुमार शामिल थे।
सौ शय्या, जिला अस्पताल में नहीं है ईएनटी के डॉक्टर, मरीज परेशांन

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। करीब दो से ढाई लाख लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने वाले जिला चिकित्सालय और सरपतहां के सौ शय्या अस्पताल में एक भी ईएनटी के डॉक्टर नहीं हैं। मरीजों को बेहतर उपचार के लिए भदोही के महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल या निजी अस्पताल का रूख करना पड़ता है। जिले में कुल चार पद सृजित है। जिले के 29 सरकारी अस्पतालों में रोजाना 5000 से 5500 की ओपीडी होती है। इसमें से करीब 100 से 125 मरीज ईएनटी के होते हैं। ज्यादातर मरीज जिला अस्पताल आते हैं। यहां 18 महीने पहले ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. दिप्ती पांडेय की तैनाती हुई थी, लेकिन उनका तबादला भदोही एमबीएस हो गया। जिससे अस्पताल में पद खाली है। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को वापस लौटना पड़ता है या किसी अन्य डॉक्टरों से दवा लेना पड़ता है। सौ शय्या अस्पताल में दो पद सृजित है। यहां तीन साल से नाक, कान, गला के डॉक्टर नहीं है। ऐसे में अस्पताल आने वाले मरीजों को उपचार कराने में परेशानी होती है। उन्हें विशेषज्ञ के बजाए अन्य डॉक्टरों से दवा लेना पड़ता है। बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल या महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय का रूख करना पड़ता है। भदोही एबीएस में एक डॉक्टर की तैनाती है।



भदोही एमबीएस में एक ईएनटी सर्जन की तैनाती है। जिला अस्पताल,सौ शैय्या में तैनाती के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र को लिखा दिया गया है।

डॉ संतोष कुमार चक

सीएमओ भदोही
शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश:अपर पुलिस अधीक्षक ने बेहतर पुलिसिंग हेतु समीक्षा बैठक की


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही के अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। यह बैठक उत्तर प्रदेश सरकार की ऑनलाइन शिकायत प्रणाली जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण के लिए आयोजित की गई थी। इसमें जनपद के सभी थानों पर नियुक्त आईजीआरएस कर्मचारी, आईजीआरएस नोडल अधिकारी और पुलिस कार्यालय के आईजीआरएस सेल के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि जांचकर्ता अधिकारी हर हाल में शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि पुलिस स्तर से की जाने वाली हर संभव कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी न होकर जमीनी स्तर पर होना चाहिए, जिससे आम जनता के बीच पुलिस की छवि बेहतर बनी रहे।
शुभम अग्रवाल ने यह भी निर्देश दिया कि निस्तारण के बाद आवेदक से अनिवार्य रूप से फीडबैक लिया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि आवेदक की गई कार्रवाई से संतुष्ट है या नहीं। पोर्टल पर प्राप्त सभी संदर्भों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ही निस्तारित किया जाए ताकि पीड़ितों को न्याय मिलने में कोई देरी न हो।
अपर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनसुनवाई पोर्टल जनता की समस्याओं के समाधान का एक सशक्त माध्यम है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जोर दिया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें सुरक्षा का अहसास कराना है। इस बैठक में आईजीआरएस सेल के प्रभारी और अन्य संबंधित कर्मचारी भी मौजूद थे।
परिषदीय स्कूलों के छात्रों की आनलाइन निगरानी होगी, प्रगति कार्ड बनना शुरू
*प्रत्येक छात्र के शैक्षणिक स्तर की जानकारी रहेगी*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले के 885 परिषदीय स्कूलों में पढ़ रहे लगभग 1,30,000 छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक स्थिति अब ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। इसके लिए प्रेरणा पोर्टल पर प्रगति कार्ड बनाने का काम शुरू हो गया है।प्रगति कार्ड में कक्षा-कक्ष प्रक्रिया, गतिविधि, समूह कार्य, व्यक्तिगत कार्य, लिखित और मौखिक कार्य, नियमित टेस्ट में प्रदर्शन जैसी जानकारियां दर्ज होंगी। प्री-प्राइमरी से कक्षा दो तक के छात्रों से उनकी अत्यधिक पसंद का भी ब्योरा लिया जाएगा।इस पहल से शिक्षक यह समझ सकेंगे कि छात्र को किस विषय या क्षेत्र में कठिनाई आ रही है। यदि शिक्षक का स्थानांतरण किसी अन्य स्कूल में होता है, तब भी उसे प्रत्येक छात्र के शैक्षणिक स्तर की जानकारी रहेगी, जिससे सुधारात्मक कार्य आसानी से किया जा सकेगा।
जिले के शिक्षा विभाग ने बताया कि शिक्षकों को प्रगति कार्ड बनाने और प्रेरणा पोर्टल पर ऑनलाइन हाजिरी लगाने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अधिकारी और एआरपी (एकेडमिक रिसोर्स पर्सन) अब छात्रों का आंकलन पोर्टल के माध्यम से करेंगे, जिससे कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान दिया जा सकेगा।


दिसंबर से प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। करीब - करीब सभी विद्यालयों में बच्चों की प्रगति रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

शिवम् पांडेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भदोही