थाना को0 देहात पुलिस द्वारा मोबाइल फोन झपटमारी करने वाले 02 अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार
कब्जे से 01 मोबाइल फोन(झपटमारी का) व 01 अदद अवैध तमंचा मय कारतूस बरामदः-


गोण्डा। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी नगर आनन्द कुमार राय के नेतृत्व में थाना को0 देहात पुलिस टीम द्वारा मु0अ0सं0-376/2026, धारा 304(2) बीएनएस व बढ़ोत्तरी धारा 317(2) बीएनएस से सम्बन्धित प्रकाश में आया आरोपी अभियुक्तगण- 01. अल्लारक्खा पुत्र खियालू, 02. दद्दू पुत्र कमालू को सालपुर से मोतीगंज की ओर जाने वाली नहर वाली रोड़ से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 01 अदद मोबाइल फोन(झपटमारी का) व 01 अदद अवैध तमंचा मय 01 अदद जिन्दा कारतूस बरामद किया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरणः-
दिनांक 06.05.2026 को वादी बादशाह उर्फ अयान पुत्र मो0 लईक ग्राम रामापुर दीनपुरवा थाना तरबगंज जनपद गोण्डा द्वारा थाना को0 देहात को सूचना दी गई कि वह अपने ननिहाल धानेपुर से गोण्डा आटो से जा रहा था कि सुनवरसा चौराहे के पास पल्सर पर सवार 02 व्यक्तियों द्वारा झपट्टा मारते हुए उनका मोबाइल फोन लेकर भाग गये।  वादी के लिखित तहरीर के आधार पर थाना को0 देहात में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया ।
आज दिनांक 09.05.2026 को थाना को0 देहात पुलिस टीम द्वारा विवेचना के दौरान प्रकाश में आये आरोपी अभियुक्तो- 01. अल्लारक्खा पुत्र खियालू, 02. दद्दू पुत्र कमालू को सालपुर से मोतीगंज की ओर जाने वाली नहर रोड़ से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 01 अदद मोबाइल फोन(झपटमारी का) व 01 अदद अवैध तमंचा मय 01 अदद कारतूस बरामद किया गया। गिरफ्तारी व  अवैध तमंचा मय कारतूस बरामदगी के आधार आर्मस एक्ट तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना को0 देहात पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की गयी।
भयहीन व्यक्ति को रावण बनने में समय नहीं लगता-राजन जी महराज
*बृजभूषण सिंह ने पैर छूकर लिया आशीर्वाद

गोंडा।जिले के कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्थित जय सम्मय माता मंदिर पैड़ीबरा में चल रही श्रीराम कथा के छठवें दिन पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह व विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह उर्फ़ मंजू सिंह भी शामिल हुए और इस दौरान दोनों ने व्यास पीठ की पूजा अर्चना कर आरती उतारी।इसके साथ ही बृजभूषण शरण सिंह ने पूज्य राजन जी महराज का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।श्रीराम कथा के छठें दिन पूज्य राजन जी महाराज ने केवट प्रेम कथा की शुरुआत की।उन्होंने भगवान राम और केवट के बारे में विस्तार से बताया।कथा वाचन करते हुए राजन जी महराज ने समझाया कि हम आत्मा हैं और भगवान परमात्मा है।आत्मा और परमात्मा के बीच माया एक बाधा है,जो हमें भगवान से दूर रखती है।राजन जी महराज ने आगे कहा कि जब कोई महात्मा इस माया की जगह ले लेता है,तो वह आत्मा और परमात्मा के मध्य संबंध स्थापित कर देता है।उन्होंने जोर देकर कहा कि मनुष्य के जीवन में किसी न किसी का भय होना आवश्यक है और जिस व्यक्ति को किसी का भय नहीं होता,उसे रावण बनने में समय नहीं लगता तथा वह निशंक हो जाता है।राजन जी महराज ने स्पष्ट किया कि जीवन में ऐसा कोई होना चाहिए जो हमें डांट सके।उन्होंने कहा कि सेवा में जब तक भय नहीं आता,तब तक सेवा श्रेष्ठ नहीं हो सकती।भय के प्रवेश से मनुष्य सतर्कता के साथ सेवा करता है,जबकि भय समाप्त होने पर गुरु के प्रति भी अनादर का भाव आ सकता है।पूज्य महराज जी ने कहा कि कभी भी अपने श्रेष्ठ से हाल चाल नहीं पूछा जाता है वरन अपने से श्रेष्ठ से अपना हाल चाल बताया जाता है।राजन जी महराज ने आगे लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान राम जैसा और केवट जैसा प्रेम होना चाहिए।आज लोगों के अंदर भगवान राम और केवट जैसा प्रेम नहीं दिख रहा है,एक दूसरे को लोग हीन भावना से देख रहे हैं।एक दूसरे से लोग ईर्ष्या रखते हैं।यह सब सारी चीजें आज खत्म होनी चाहिए तथा भगवान राम की तरह और केवट की तरह लोगों को एक दूसरे से प्रेम करना चाहिए।राजन जी महराज ने कहा कि आज हमारे सनातन समाज में सनातन संस्कृति बहुत पुरानी है और उसी सनातन संस्कृति के तहत लोगों को चलना होगा।जैसे भगवान राम और केवट का प्रेम दिखा।लोगों को जो आज अजर अमर हो गया इस तरीके से यहां पर लोगों को भी एक दूसरे से अपने प्रेम बनाने चाहिए।कथा के दौरान कैसरगंज से भाजपा सांसद करण भूषण सिंह के प्रतिनिधि सुनील सिंह,कटरा बाजार ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भवानी भीख शुक्ला,नवाबगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुमित भूषण सिंह,कैसरगंज सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह व जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा सहित हजारों की संख्या में भक्त उपस्थित रहे।
श्रावस्ती में आयुक्त का जनसंपर्क एवं निरीक्षण अभियान, जनसुनवाई से लेकर निर्माण कार्यों तक की गहन समीक्षा
*जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण, बाढ़ तैयारियों की समीक्षा और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर आयुक्त सख्त*

*गोण्डा , 08 मई 2026* — देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने श्रावस्ती जनपद के दौरे के दौरान जनसुनवाई, विभागीय समीक्षा, निर्माण कार्यों के निरीक्षण तथा “संध्या संवाद कार्यक्रम” में प्रतिभाग कर आमजन से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्थाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति एवं गुणवत्ता का गहन निरीक्षण किया।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आयुक्त ने जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के साथ आमजन की समस्याएं सुनीं तथा कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

जनसुनवाई के दौरान आयुक्त ने संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा भी की। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, राहत सामग्री की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों के समन्वय की जानकारी प्राप्त की। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु सभी व्यवस्थाएं पूर्व से ही सक्रिय एवं सुदृढ़ रखी जाएं।

आयुक्त ने सभी विभागों के कर्मचारियों एवं पेंशनरों (वरिष्ठ नागरिकों) की विभागीय एवं पेंशन संबंधी समस्याओं की भी सुनवाई की। कई पेंशनधारकों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा जीपीएफ, पेंशन एवं अन्य देयकों के भुगतान लंबित होने की शिकायत प्रस्तुत की गई। इस पर आयुक्त ने संबंधित विभागों के कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सभी लंबित देय भुगतान प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सुनिश्चित किए जाएं।

निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान आयुक्त ने जनपद में विभिन्न निर्माणाधीन एवं नवनिर्मित परियोजनाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने राजस्व विभाग के कर्मियों के लिए बनाए गए आवासों का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने श्रावस्ती में संचालित पर्यटन विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की परख की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्ट्रीट ब्यूटीफिकेशन, बुद्ध वनम पार्क, डोरमेट्री, गेट पिलर, पार्किंग तथा इंटरप्रिटेशन सेंटर सहित विभिन्न परियोजनाओं का अवलोकन किया।
आयुक्त ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा अतिरिक्त मैनपॉवर लगाकर सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास से क्षेत्र की पहचान मजबूत होगी तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, इसलिए सभी कार्य गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ पूरे किए जाएं।

*दौरे के दौरान आयुक्त ने सीता द्वार मंदिर पहुंचकर दर्शन किया तथा मंदिर की पौराणिक एवं धार्मिक मान्यताओं की जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि यह स्थल माता सीता से जुड़ी आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है तथा स्थानीय जनमानस में इसकी विशेष धार्मिक मान्यता है।*

इसके उपरांत आयुक्त ने टेण्डवा महन्थ में *आयोजित “संध्या संवाद कार्यक्रम”* में प्रतिभाग कर ग्रामीणों एवं आमजन से सीधे संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया गया तथा योजनाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई गई।

आयुक्त ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए तथा दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर जनपद स्तरीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
व्यक्ति से बड़ा उसका व्यक्तित्व होता है - राजन जी महराज
*जिस मनुष्य को मौन होने का ढंग आ गया, उसके शत्रु स्वत: समाप्त हो जाएंगे

गोंडा।जिले के कौड़िया बाजार स्थित जय सम्मय माता मंदिर पैड़ीबरा में आयोजित श्रीराम कथा के चौथे दिन पूज्य राजन जी महाराज ने प्रभु श्रीराम की बाल लीलाओं का मनोहारी संगीतमय वर्णन किया।कथा के दौरान उन्होंने राजा जी खजनवा दे दा,रानी जी गहनवा दे दा...जैसे सोहर प्रस्तुत किए जिससे श्रद्धालु झूम उठे।राजन जी महराज ने लोगों से आत्मचिंतन का आहवान करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को यह सोचना चाहिए कि उसके जाने के बाद किसी घर अथवा समाज का वातावरण कैसा होता है।महराज जी ने कहा कि बड़ा आदमी वह नहीं जिसके पास अपार धन संपत्ति हो,बल्कि बड़ा वह है जिसके आने से घर में दीपावली जैसा आनंद छा जाये।कथा के दौरान उन्होंने कहा कि व्यक्ति से बड़ा उसका व्यक्तित्व होता है‌।व्यक्ति नश्वर है परन्तु उसका व्यक्तित्व सदैव जीवित रहता है।उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम के जन्म के बाद अयोध्या में उत्सव का वातावरण बन गया था और पूरी नगरी आनंद और पवित्रता से भर उठी थी।नामकरण संस्कार का प्रसंग सुनाते हुए महराज जी ने कहा कि गुरु वशिष्ठ ने श्रीराम को आनंदस्वरुप, भरत को प्रेम की मूर्ति, लक्ष्मण को सेवा का प्रतीक और शत्रुध्न को मौन का स्वरूप बताया था।उन्होंने कहा कि जीवन का वास्तविक आनंद वह है जिसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता,उसे केवल अनुभव किया जा सकता है।राजन जी महराज ने कहा कि भगवान का भजन करना कठिन नहीं है।यदि मनुष्य अपनी बुरी आदतों को सुधार ले,मन की चंचलता पर नियंत्रण कर ले और व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाए,वही सच्चा भक्त है।उन्होंने कहा कि जब यन,कर्म और वचन से चतुराई समाप्त हो जाती है तो जीवन सरल हो जाता है और भगवान की प्राप्ती का मार्ग प्रशस्त होता है।महराज जी ने विद्यालयों में केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि संस्कार और विवेक की भी शिक्षा देने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि बिना सत्संग के विवेक संभव नहीं है और सत्संग का अवसर भी उसी को मिलता है,जिस पर भगवान की विशेष कृपा होती है।कथा के दौरान महराज जी ने ऋषि विश्वामित्र के अयोध्या आगमन,राजा दशरथ द्वारा उनके आतिथ्य सत्कार,श्रीराम के चूड़ाकर्म,नामकरण और यज्ञोपवीत संस्कार का भावपूर्ण वर्णन किया,जिसे सुनकर भक्त भाव विभोर हो गये।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रावस्ती दद्दन मिश्रा,अकबाल बहादुर तिवारी,भवानी भीख शुक्ला,राकेश पांडेय, राजेश तिवारी,मसूद आलम खां,रामभजन चौबे,महेश नारायण तिवारी, अंकित शुक्ला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।आयोजन समिति के अनुसार कथा में प्रतिदिन लगभग 10 हजार श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
विद्युत व्यवस्था पर आयुक्त का  कड़ा रुख,अधिकारियों को लगाई फटकार
*कंपनियों को काली सूची में डालने की चेतावनी

गोंडा।मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने जिले में विद्युत विभाग की समीक्षा किया।इस दौरान उन्होंने लापरवाही पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए बिजली विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाई है।मंडलायुक्त ने परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को तत्काल प्रभाव से अभियान चलाकर हटाने के निर्देश दिए ताकि बच्चों को किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।आयुक्त नागपाल ने आरडीएसएस योजना के तहत अविद्युतीकृत बस्तियों के विद्युतीकरण और नए कनेक्शन जारी करने की धीमी   प्रगति पर मेसर्स विक्रान इंजीनियरिंग लिमिटेड पर कड़ी नाराजगी जताई है।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि  कार्यों में तत्काल सुधार नहीं हुआ तो कंपनी को काली सूची में डाल दिया जाएगा।विद्यालय परिसरों के ऊपर से गुजर रही एचटी और एलटी लाइनों की शिफ्टिंग में गोंडा में धीमी प्रगति पर भी आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त किया।उन्होंने सभी एजेंसियों को अभियान चलाकर स्कूल परिसरों को जल्द से जल्द बिजली लाइनों से मुक्त कराने के निर्देश दिए।आयुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी विद्यालय के ऊपर बिजली के तार नहीं लटकने चाहिए।मंडलायुक्त ने सरकारी नलकूपों और पेयजल योजनाओं के उर्जिकरण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने,नए विद्युत कनेक्शन जारी करने तथा उपभोक्ता शिकायतों का त्वरित समाधान करने के भी निर्देश दिए।एसएमएम इंफ्राटेक को एक महीने के भीतर सभी लंबित विद्युत कार्य पूर्ण करने के लिए कहा गया है,अन्यथा कठोर कार्यवाही की जाएगी।आयुक्त ने अन्य कार्यदाई संस्थाओं को दस दिन में लंबित कार्य समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगली बैठक तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
एक पखवाड़े बाद भी भाजपा नेता गोलीकांड का नहीं हुआ खुलासा,घायल का चल रहा इलाज
*परिजन कर रहे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

गोंडा।जिले में भारतीय जनता पार्टी के जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह को गोली मारे जाने के एक पखवाड़े से अधिक समय व्यतीत हो जाने के बाद भी पुलिस इस मामले का खुलासा करने में असफल रही है।20 अप्रैल को हुई इस घटना के बाद से भूपेंद्र सिंह लखनऊ स्थित किंग जार्ज चिकित्सा महाविद्यालय में भर्ती हैं,जहाँ भूपेंद्र सिंह का इलाज चल रहा है।भूपेंद्र सिंह की हालत में भी बहुत ज्यादा दिक्कत नहीं है,लेकिन स्थिति सामान्य है।परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना का खुलासा करने की मांग किया है।यह घटना परसपुर थाना क्षेत्र के डेहरास ग्राम पंचायत के गजराजपुरवा में हुई थी।पुलिस की चार टीमें लगातार इस गोलीकांड की जांच कर रही हैं,परन्तु अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।परिजनों में घटना के खुलासे में लेकर दहशत का माहौल है।भाजपा नेता के परिजनों ने परसपुर थाने में दो नामजद सहित दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करवाया था।परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने नामजद आरोपियों को पकड़ने के बाद छोड़ दिया और उन्हें जेल नहीं भेजा गया है।परिजनों का यह भी कहना है कि हमारे घर के सीसीटीवी रिकार्ड को भी पुलिस टीम ले गई है,उसके बाद भी पुलिस टीम खुलासा क्यों नहीं कर रही है।मामले में परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस साक्ष्य संकलन की कार्रवाई कर रही है तथा सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।उन्होंने कहा कि तकनीकी और सर्विलांस टीमों की मदद ली जा रही है।साक्ष्य मिलने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी और अतिशीघ्र मामले का खुलासा किया जाएगा।भूपेंद्र सिंह के परिवार को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी,पुलिस प्रशासन पूरी तरीके से उनके साथ है।
श्रावस्ती में 8 मई को प्रशासन उतरेगा गांवों तक, “संध्या संवाद कार्यक्रम” में आयुक्त करेंगी सीधा संवाद
*जनसुनवाई, योजनाओं का लाभ वितरण और निर्माण कार्यों की पड़ताल—पूरा दिन रहेगा गतिविधियों से भरपूर*

*गोण्डा, 06 मई 2026* - देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देशन में 8 मई को जनपद श्रावस्ती में “संध्या संवाद कार्यक्रम” आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान, विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच तथा शासन की योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे से जनसुनवाई के साथ होगी, जहां आयुक्त आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगी और संबंधित अधिकारियों को मौके पर समाधान के निर्देश देंगी। इसके बाद कर्मचारियों, पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों की विभागीय और पेंशन संबंधी समस्याओं के निस्तारण के लिए विशेष बैठक आयोजित की जाएगी।

दोपहर में आयुक्त विभिन्न निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगी। इस दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति तथा अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निरीक्षण के समय सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ मौके पर उपस्थित रहें।

शाम के समय चयनित ग्राम पंचायत में “संध्या संवाद कार्यक्रम” आयोजित होगा, जिसमें ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी। साथ ही गांव में विशेष शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा और प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे।

आयुक्त ने कहा कि शासन की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जनता को समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े। इसी उद्देश्य से प्रशासन गांव स्तर तक पहुंचकर संवाद और समाधान की प्रक्रिया को मजबूत कर रहा है।
ऑपरेशन साइबर कवच के दृष्टिगत थाना तरबगंज की साइबर हेल्पडेस्क टीम द्वारा पीड़ित की फ्रॉड गयी 55,000/- रूपये कराए गए वापस

पैसे वापस मिलने पर पीड़ित के चेहरे पर लौटी मुस्कान, पीड़ित ने गोण्डा पुलिस को किया धन्यवाद
गोण्डा। जनपद में साइबर फ्रॉड अपराध की रोकथाम के संबंध में त्वरित कार्यवाही करने हेतु पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी  राधेश्याम राय के मार्गदर्शन में थाना तरबगंज की साइबर हेल्प डेस्क की टीम द्वारा पीड़ित की फ्रॉड गयी धनराशि को सम्बंधित बैंक/इंटीमेडरी से संपर्क स्थापित करते हुए धनराशि 55,000/- पीड़ित के खाते में वापस करायी गयी।

घटना का संक्षिप्त विवरण

आवेदक रवि शंकर शुक्ला पुत्र  धीरज शुक्ला निवासी ग्राम शीशौ पूरे डलई थाना तरबगंज जनपद गोण्डा द्वारा थाना तरबगंज की साइबर हेल्प डेस्क पर हुए साइबर फ्रॉड के संबंध में शिकायत दर्ज करायी गयी थी। उक्त प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए थाना तरबगंज की साइबर हेल्पडेस्क टीम द्वारा जनपदीय साइबर सेल टीम की सहयोग से कार्यवाही करते हुए संबंधित बैंक से ईमेल के माध्यम से विभिन्न जानकारियां एकत्रित कर नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्यवाही करते हुए सम्बंधित बैंक/इंटीमेडरी से संपर्क स्थापित करते हुए पीड़ित के 55,000/- रू0 की धनराशि वापस करायी गयी। पीड़िता द्वारा अपने रूपये वापस पाकर प्रसन्नता जाहिर करते हुए थाना तरबगंज की साइबर हेल्पडेस्क की टीम को धन्यवाद दिया गया।

नोट- साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना अंकित कराये, सूचना विलम्ब से देने पर साइबर अपराधियों द्वारा धन निकाल लिया जाता है। धन निकलने के उपरान्त पैसे वापस होने की सम्भावना बहुत कम होती है। लोगो को साइबर ठगों से सावधान रहने की जरुरत है। किसी भी अनजान फोन कॉल पर अपनी बैंक डिटेल, ओ0टी0पी0, बायोमैट्रिक डेटा, पैन कार्ड व आधार कार्ड की डिटेल किसी के साथ साझा न करें। फ्रॉड ट्रांजेक्सन होने पर तत्काल अपने बैंक एवं थाना पर गठित साइबर सेल को सूचना दें एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएँ।

साइबर सुरक्षा टिप्स-
01. ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतें
02. किसी भी अनजान फोन कॉल पर अपनी बैंक डिटेल, ओटीपी, बायोमैट्रिक डेटा, पैन कार्ड व आधार कार्ड की डिटेल किसी के साथ साझा न करें।
03. सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
04. अनजान लिंक्स पर क्लिक न करें।
05. अपने डिवाइस को सुरक्षित रखें।
06. ऑनलाइन शॉपिंग में सुरक्षित वेबसाइट्स का उपयोग करें।
07. पासवर्ड को मजबूत और गुप्त रखें।
08. ऑनलाइन गतिविधियों पर निगरानी रखें।
09. साइबर बुलिंग और साइबर स्टॉकिंग के मामलों में तुरंत पुलिस को सूचित करें।
10. ऑनलाइन उत्पीड़न के मामलों में कंपनी प्रबंधन और पुलिस को सूचित करें।
गोंडा में लूटकांड का पर्दाफाश, मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार
गोंडा पुलिस और SOG/सर्विलांस टीम ने कर्नलगंज क्षेत्र में हुई लूट की बड़ी घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में बृजेश शुक्ला, अमर शुक्ला उर्फ नन्के और बाबूराम शामिल हैं। मुठभेड़ में बृजेश शुक्ला के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पीठ्ठू बैग, अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।

घटना 28 अप्रैल 2026 को हुई थी, जब पीड़ित व्यक्ति को रास्ते में रोककर असलहे के बल पर उसका बैग लूट लिया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि यह गिरोह अन्य जिलों में भी लूट की घटनाओं में शामिल रहा है।

गोंडा पुलिस अधीक्षक ने सफल कार्रवाई करने वाली टीम को ₹25,000 का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
गोण्डा: अवैध तमंचे के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार
गोण्डा पुलिस ने थाना कटरा बाजार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान उमेश तिवारी पुत्र सुशील तिवारी, निवासी ग्राम पिपरी मांझा, थाना कटरा बाजार के रूप में हुई है। उसे राजगढ़ ब्रह्मचारी बाबा स्थान के पास छोटी पुलिया के निकट से गिरफ्तार किया गया।

गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की और आरोपी के कब्जे से 1 अवैध तमंचा और 1 जिंदा कारतूस बरामद किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है।