सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज की टीम ने चौपाल लगाकर लोगों को क्षय रोग के बारे में किया जागरूक

लालगंज, मीरजापुर । स्थानीय विकासखंड क्षेत्र के खजुरी गांव में शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज की टीम ने चौपाल लगाकर लोगों को क्षय रोग के बारे में जागरूक किया। शिविर में लगाकर इस अभियान में हाई रिस्क गांवों में हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन से स्क्रीनिंग कर मरीजों को पहचान कर निःशुल्क इलाज से जोड़ा जा रहा है। वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक शमीम अहमद ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार टी बी की पहचान और समय से उपचार सुनिश्चित करने के लिए १०० दिवसीय सघन टीबी रोगी खोजी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आज विकास खण्ड लालगंज के खजुरी गांव में स्वास्थ्य विभाग लालगंज ने चौपाल लगाकर लोगों को क्षय रोग के बारे में जागरूक करते हुए  शिविर लगाकर इस  अभियान में हाई रिस्क गांवों में हैंड हेल्ड एक्स रे मशीन से स्क्रीनिंग कर मरीजों को पहचान कर निः शुल्क इलाज से जोड़ा जा रहा है।  सभी लोगों को लक्षण और उपचार और सरकारी  लाभ के बारे में जानकारी दी गई। आशा रीता  देवी और ग्राम प्रधान रहीश अहमद के सहयोग से गांव के लोगों को प्रेरित कर कुल 85 मरीजों का एक्स रे किया गया । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉक्टर संजय सिंह ने कहा कि टी बी एक संक्रामक बीमारी है लेकिन नियमित दवा और समय पर उपचार से पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। शिविर में शमीम अहमद वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक, सुजीत कुमार मिश्रा एक्स रे टेक्निशन, अजीत कुमार सिंह, आशा रीता देवी, बृजेश बिंद, बाबूलाल  आदि लोग मौजूद रहे।
ब्रेकर से उछलकर डिवाइडर से भिड़ी बाइक पर सवार दो युवक घायल
मिर्जापुर।ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के रीवा मिर्ज़ापुर हाईवे पर स्थित दुर्जनीपुर ओवर ब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर बृहस्पतिवार की रात दस बजे ब्रेकर पर बाइक उछलने के बाद डिवाइडर से टकराकर बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची सरकारी एंबुलेस से दोनों घायल युवकों को सीएचसी लालगंज ले जाया गया। लालगंज थाना क्षेत्र के तुलसी गांव निवासी रितेश पटेल (25) लहंगपुर निवासी आयुष मौर्य (23) के साथ बाइक से कहीं निमंत्रण में शामिल होने के लिए जा रहे थे। उसी दौरान रात दस बजे दुर्जनीपुर के पास ब्रेकर पर उछलकर बाइक डिवाइडर से टकरा गई। जिससे दोनों युवक घायल हो गए। एंबुलेंस के ईएमटी दीपक कुमार यादव ने बताया कि रितेश पटेल गंभीर रूप से घायल थे, आयुष को सामान्य चोट लगी थी। रितेश के चाचा विजय पटेल ने बताया कि गंभीर चोट के चलते चिकित्सक द्वारा  उनके भतीजे को मंडलीय चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया।
सघन टीबी रोगी खोजी अभियान के तहत आयोजित हुआ शिविर


32 मरीजों का किया गया एक्स रे मशीन से स्क्रीनिंग

मीरजापुर। टीबी मुक्त भारत बनाने के लिए 100 दिवसीय सघन टीबी रोगी खोजी अभियान के तहत बुधवार को विकास खण्ड लालगंज के सोनवर्षा गांव में स्वास्थ्य विभाग लालगंज ने शिविर लगाकर अभियान में हाई रिस्क गांवों में हैंड हेल्ड एक्स रे मशीन से स्क्रीनिंग कर मरीजों का पहचान कर निः शुल्क इलाज से जोड़ा जा रहा है। शिविर में क्षेत्र के वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक शमीम अहमद ने आशा और प्रधान के सहयोग से गांव के लोगों को टीबी के बारे में जागरूक किया तथा सरकारी निः शुल्क सुविधाओं के बारे में लोगों को जानकारी देते हुए लक्षण और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान कुल 32 मरीजों का एक्स-रे किया गया। शिविर में शमीम अहमद, सुजीत कुमार मिश्रा, अजीत कुमार सिंह, आशा निशा देवी, मोतीलाल पटेल, महेन्द्र पटेल आदि लोग मौजूद रहें।
महुगढ़ी के मुरलिया जंगल में पलाश पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, परिजनों में कोहराम
ड्रमंड गंज मिर्जापुर
क्षेत्र के महुगढ़ी गांव के मुरलिया जंगल में शनिवार सुबह पलाश के पेड़ में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक शव लटकता मिलने की सूचना पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जंगल में मवेशियों को चराने गए चरवाहों ने युवक का पलाश के पेड़ से लटकता शव दिखाई देने पर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। सूचना पर सुबह 11 बजे के करीब जंगल में पहुंचे थानाध्यक्ष भारत सुमन एसआई विनोद सिंह, एसआई शिवाकांत पांडेय,पुनीत गुप्ता ने घटना की जांच करते हुए पेड़ पर लटकते शव को नीचे उतरवाया। युवक का शव पलाश के पेड़ पर जमीन से करीब दस फीट ऊपर नायलान की रस्सी से लटक रहा था। मृतक युवक की शिनाख्त पंचराज उर्फ निरहू निवासी अंतरी सिकटा के रूप में हुई।पलाश के पेड़ के नीचे पुलिस को एक बैग मिला जिसमें मृतक ने अपने कपड़े रखे थे।हलिया क्षेत्र के सिकटा ग्राम पंचायत के अंतरी गांव निवासी राजू वर्मा का 22 वर्षीय पुत्र पंचराज उर्फ निरहू शुक्रवार शाम को बाइक से अपने ननिहाल महुगढ़ी गांव आया था। जहां कुछ देर रूकने के बाद ननिहाल में अपनी बाइक खड़ी कर अपने मामा भगवादास से यह कहकर निकला कि आर्केस्ट्रा में काम करने जा रहे हैं। शनिवार सुबह ननिहाल से तीन किलोमीटर दूर मुरलिया पहाड़ के जंगल में पेड़ से लटकता शव मिलने की सूचना पर ननिहाल में मातम छा गया। युवक ने जंगल में पहुंचकर गले में फंदा लगाकर जान क्यों दी ननिहाल पक्ष के लोगों को कुछ समझ में नही आ रहा है। बेटे की मौत की खबर पाकर पिता राजू और मां अमरावती देवी रोते-बिलखते हुए महुगढ़ी गांव पहुंची। युवक पांच बहनों में सबसे बड़ा और अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।  स्वजनों ने बताया कि मृतक अविवाहित था और आर्केस्ट्रा में नर्तक का कार्य करता था। वहीं महुगढ़ी गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर जंगल में फंदे से लटका शव मिलने पर तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं। थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि ननिहाल में आए युवक ने जंगल में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया है।प्रथम दृष्टया मामला आत्म हत्या का प्रतीत हो रहा है। युवक ने पलाश के पेड़ की डाली में नायलान की रस्सी से गले में फंदा लगाकर जान दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।घटना की बारीकी से जांच की जा रही है।

-दो माह पूर्व देवहट के हरदी जंगल में अधेड़ का पेड़ से लटकता हुआ मिला था शव

क्षेत्र के देवहट गांव के हरदी जंगल में बीते 1 फरवरी को देवहट गांव के खरका बस्ती निवासी दुलारमनि कोल का भी संदिग्ध परिस्थितियों में पलाश के पेड़ से लटकता शव मिला था। लेकिन आज तक इस घटना का पुलिस खुलासा नही कर सकी।
लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस के साथ युवक को गिरफ्तार कर पुलिस ने भेजा जेल

मड़वा धनावल गांव में बुधवार की रात विवाद के दौरान आर्केस्ट्रा प्रबंधक की लाइसेंसी पिस्टल छीनकर भाग निकले थे मनबढ़ युवक


आर्केस्ट्रा प्रबंधक की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लाइसेंसी पिस्टल की खोजबीन में जुटी थी पुलिस

मिर्जापुर। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव में बीते बुधवार की रात बरात में आर्केस्ट्रा शुरू करने को लेकर हुए विवाद में आर्केस्ट्रा प्रबंधक की लाइसेंसी पिस्टल छीनकर भागने वाले मनबढ़ युवक को पुलिस ने शुक्रवार सुबह पिस्टल और कारतूस के साथ मड़वा धनावल गांव से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं पकड़े गए युवक के दो अन्य साथी पुलिस को देखकर मौके से भागने में कामयाब हो गए। मड़वा धनावल गांव में लालगंज थाना क्षेत्र के सेमरी कलां गांव से बरात आई थी बरात में आर्केस्ट्रा शुरू करने को लेकर विवाद हो गया था। आर्केस्ट्रा देखने पहुंचे ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आर्केस्ट्रा शुरू करने को लेकर हुए विवाद के दौरान मनबढ़ युवकों ने आर्केस्ट्रा प्रबंधक की लाइसेंसी पिस्टल छीन लिया था। और लाइसेंसी पिस्टल लेकर भाग निकले थे।इस मामले में गुरुवार को आर्केस्ट्रा प्रबंधक सौरभ जायसवाल निवासी बल्ली का अड्डा थाना कोतवाली कटरा ने अज्ञात के विरुद्ध लाइसेंसी पिस्टल और 6 कारतूस चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया था। शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष भारत सुमन एसआई मूलचंद्र वर्मा हेड कांस्टेबल घनश्याम यादव कांस्टेबल कुलदीप कुशवाहा ने मड़वा धनावल गांव स्थित तालाब के पास से इंद्रवार गांव निवासी किरन उर्फ अर्जुन को धर दबोचा जबकि मामले में लिप्त दो अन्य युवक रोहित पुत्र हीरा निवासी अमदह थाना ड्रमंडगंज व अमित पुत्र अरूण निवासी पवांरी कलां थाना ड्रमंडगंज पुलिस को देखकर मौके से भाग निकले। थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक किरन उर्फ अर्जुन के पास से लाइसेंसी पिस्टल पांच कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है। गिरफ्तार युवक के दो अन्य साथी पुलिस को देखकर मौके से भाग निकले। तीनों लोग लाइसेंसी पिस्टल को लेकर कहीं भागने की फिराक में मड़वा धनावल गांव स्थित तालाब के पास आपस में बातचीत कर रहे थे। भागने वाले दोनों युवकों की तलाश की जा रही है।
विंध्याचल में अफरा-तफरी: पेड़ के नीचे खाना बना रहे लोगों पर मधुमक्खियों का हमला की हुए अचेत


मिर्जापुर। विंध्याचल क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब पेड़ के नीचे खाना बना रहे लोगों पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। घटना के दौरान वहां मौजूद दर्शनार्थियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोग पेड़ के नीचे भोजन बना रहे थे, तभी पास में मौजूद मधुमक्खियों के छत्ते से झुंड निकलकर लोगों पर टूट पड़ा। मधुमक्खियों के हमले से कई श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार रायबरेली के पूरे राजा गांव, थाना नसीराबाद से आए दर्जनों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के बाद अटल चौराहे के पास पीपल के पेड़ के नीचे खाना बना रहे थे। चूल्हे का धुआं पेड़ पर लगे मधुमक्खी के छत्ते पर लगने से मधुमक्खियां भड़क गईं और श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया।  घायलों में आशा यादव (35), बृजेश यादव (26), राम प्यारे यादव (62), जगपाला देवी (72), संजू (26), सुनील यादव (25), सुनीता (24) और शिवांग (10) शामिल हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोरंजन राय ने बताया कि 8 श्रद्धालुओं का इलाज चल रहा है।
पिस्टल लेकर डांस करते हुए वायरल हुआ वीडियो, पुलिस ने बताया 'टॉयगन' भेजा जेल
मीरजापुर। शादी समारोह में डांस के दौरान हाथ में पिस्टल लेकर लहराने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है और जेल भेज दिया है। हालांकि पुलिस की मानें तो वह पिस्टल नहीं 'टॉयगन' रहा है।
दरअसल, 30 अप्रैल की रात में एक युवक द्वारा हाथ में पिस्टल लेकर लहराते हुए डांस करने का एक वीडियो वायरल हो रहा था। सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस ने इसे संज्ञान में आने के बाद छानबीन शुरू की जिस पर थाना अदलहाट पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए युवक की पहचान छोटू पुत्र किशोरी निवासी बरईपुर थाना अदलहाट उम्र करीब-25 वर्ष के रुप में करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गुरुवार को एक शादी समारोह में गया था, जहां डांस के दौरान  वह एक पिस्टल लिए हुए वीडियो में दिख रहा है, जांच के दौरान पिस्टल नकली पायी गयी, जो एक टॉय गन है।
Mirzapur: गौ तस्कर से पुलिस की मुठभेड़, दोनों हुए घायल


मीरजापुर।  जिले में पुलिस और गौ तस्करों की तड़के हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली से दोनों घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को तड़के गौ तस्कर जिले की अदलहाट थाना क्षेत्र की सीमा से होते हुए बिहार राज्य की ओर जाने की फिराक में थे कि तभी गश्त पर निकली अदलहाट थाना पुलिस से आमना-सामना होने पर हल्की मुठभेड़ के दौरान दो शातिर गो-तस्करों को घायल कर गिरफ्तार करते हुए मौके से क्रूरता पूर्वक बांध कर वध के लिए ले जाए जा रहे 6  गोवंश पिकअप वाहन सहित तथा 2 अवैध चमंचा मय कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक
गोवंश को तस्करी कर चैनपुर (बिहार( ले जाया जा रहा था। तभी अदलहाट थाना पुलिस टीम ने ग्राम हाजीपुर नहर पुलिया के पास पशु तस्करों के पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया तो उनके द्वारा गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया गया किन्तु पुलिस टीम द्वारा सीमित जवाबी कार्यवाही की गयी, जिसमें दो गो-तस्कर के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गए। पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए तस्करों ने अपना नाम पता का नाम पता क्रमशः भोला हरिजन पुत्र लालचन्द निवासी ग्राम विसौरा खुर्द थाना अदलहाट व बाबू उर्फ रामजन्म सोनकर पुत्र मिठाईलाल सोनकर निवासी रामपुर ढबही थाना अहरौरा  बताया गया है जिनकी जमातलाशी ली गयी तो उनके पास से घटना में प्रयुक्त 2 अदद तमंचा (315 बोर),4 जिन्दा व 2 खोखा कारतूस,1 पिकअप वाहन तथा 6 राशि गोवंश बरामद हुए हैं। मुठभेड में गिरफ्तार/घायल तस्कर को पुलिस अभिरक्षा लेकर में इलाज हेतु अस्पताल भिजवाया गया है, जहां उनकी स्थिति सामान्य है।

*दोनों का आपराधिक इतिहास*

पुलिस क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव के मुताबिक भोला हरिजन 24 वर्ष पर मीरजापुर जिले के लालगंज व देहात कोतवाली थाना एवं चंदौली जिले में कई मुकदमे कायम हैं वहीं बाबू उर्फ रामजन्म सोनकर 22 वर्ष पर मीरजापुर के लालगंज थाना में गैंगैस्टर एक्ट सहित गोवध अधिनियम के तहत
मुकदमा दर्ज हैं।


सोनभद्र : श्रमिक हितों के लिए आंदोलन करता रहूंगा: डब्लू सिंह
*मजदूर दिवस पर श्रमिकों हितों के लिए संघर्षरत रहने वाले युवा नेता ने कामगार साथियों को किया संबोधित

सोनभद्र। सोनांचल के श्रमिकों के हितों के लिए सदैव संघर्ष और आंदोलन किया हूं और करता भी रहूंगा, यह तब तक जारी रहेगा जबतक कि श्रमिकों के हक-अधिकार का पाई पाई अंश इन्हें प्राप्त नहीं हो जाता है। उक्त बातें मजदूर दिवस अवसर पर रेणुकूट नगर के के पूर्व पालिकाध्यक्ष के भाई विजय प्रताप सिंह उर्फ डब्लू सिंह ने मजदूरों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
वह मजदूर दिवस अवसर पर शुक्रवार को हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड मुख्य गेट के समक्ष सैकड़ों की संख्या में एकत्र हुए मजदूर कामगार साथियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मजदूरों की कुछ लंबित मांगों पर लंबे समय बाद कंपनी द्वारा दिए गए लिखित आदेश निर्देश की चर्चा करते हुए कहा यह मैंने नहीं बल्कि आपके साथ और मेरे संघर्ष का प्रतिफल है जो आगे भी रहेगा। कहा मुझे न तो किसी सम्मान की आवश्यकता है ना ही किसी प्रभाव कि यह तन आपके (श्रमिकों) के लिए समर्पित है जो सदैव गरीबों मजलूमों, पीड़ितों के लिए रहेगा भी यदि कुछ चाहिए तो बस आपका सच्चा साथ और प्यार ताकि आपके लिए आगे भी ऐसे ही तटस्थ होकर संघर्ष करता रहूं।
उन्होंने कहा आज मजदूर दिवस अवसर पर यह छोटी सी जीत आप सभी के सहयोग से ही संभव हो पाया है। कहा पहली बार हिंडाल्को ने मजदूर हितो में यह फैसला दिया है लेकिन इतने के बाद भी मैं चुप नहीं बैठूंगा जब तक कि इसको धरातल पर न उतार लिया जाएगा तब तक संघर्ष जारी रहेगा। कहा मुझे व्यक्ति नहीं व्यवस्था से विरोध है ख़ासकर उस व्यवस्था से जो कामगारों के हितों को नकारते हुए लागू किया जाएगा। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में मजदूर साथियों के साथ ही अन्य लोग मौजूद रहे।
आर्केस्ट्रा में हुए विवाद के दौरान मनबढ़ युवकों ने आर्केस्ट्रा प्रबंधक का छीना लाइसेंसी पिस्टल
पुलिस चोरी का मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच में जुटी

मीरजापुर।ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव में लालगंज क्षेत्र के सेमरी कलां गांव से बुधवार की रात आई बरात में आर्केस्ट्रा को लेकर हुए विवाद में मीरजापुर निवासी युवक का लाइसेंसी पिस्टल आर्केस्ट्रा देखने आए गांव के मनबढ़ युवकों ने छीन लिया। सूचना पर देर रात पहुंचे मय फोर्स थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन एसआइ मूलचंद्र वर्मा ने घटना की जांच की। गुरुवार दोपहर लाइसेंसी पिस्टल धारक सौरभ जायसवाल निवासी बल्ली का अड्डा थाना कोतवाली कटरा की तहरीर पर पुलिस ने पिस्टल चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं पुलिस दूल्हे के चचेरे भाई पिंटू वर्मा निवासी सेमरी कलां थाना लालगंज व घरात पक्ष से जय प्रकाश निवासी मड़वा धनावल को पूछताछ के लिए थाने पर ले गई।सेमरी कलां गांव निवासी हीरालाल वर्मा के पुत्र आशुतोष की शादी मड़वा धनावल गांव के नरैना बस्ती निवासी चिंता धरकार की पुत्री अर्चना से बुधवार को हो रही थी। जहां बरात में आर्केस्ट्रा में नाचने गाने के लिए मीरजापुर से नर्तकियों को लेकर आए सौरभ जायसवाल का आर्केस्ट्रा देखने आए मनबढ़ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मनबढ़ युवकों ने सौरभ जायसवाल की लाइसेंसी पिस्टल छीन लिया। मनबढ़ युवक 32 बोर का लाइसेंसी पिस्टल और 6 कारतूस लेकर वहां से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की और सौरभ जायसवाल की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज किया। वहीं ड्रमंडगंज थाने पहुंचे दूल्हे के चचेरे भाई सोनेलाल वर्मा ने बताया कि बुधवार को चचेरे भाई की बरात मड़वा धनावल गांव में आई थी जिसमें आर्केस्ट्रा देर से शुरू होने पर मड़वा धनावल गांव के आठ नौ मनबढ़ युवकों ने मीरजापुर निवासी आर्केस्ट्रा प्रबंधक सौरभ जायसवाल से वाद विवाद कर लिया और उनकी लाइसेंसी पिस्टल छीनकर भाग निकले। पुलिस हमारे बड़े भाई पिंटू वर्मा को घर से पकड़कर थाने लाई है जबकि लाइसेंसी पिस्टल को मनबढ़ युवकों ने छीना है।इस संबंध में थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि मड़वा धनावल गांव में आर्केस्ट्रा में हुए विवाद के दौरान मीरजापुर निवासी आर्केस्ट्रा संचालक की लाइसेंसी पिस्टल चोरी हो गई। संचालक की तहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।