विद्युत व्यवस्था पर आयुक्त का  कड़ा रुख,अधिकारियों को लगाई फटकार
*कंपनियों को काली सूची में डालने की चेतावनी

गोंडा।मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने जिले में विद्युत विभाग की समीक्षा किया।इस दौरान उन्होंने लापरवाही पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए बिजली विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाई है।मंडलायुक्त ने परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को तत्काल प्रभाव से अभियान चलाकर हटाने के निर्देश दिए ताकि बच्चों को किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।आयुक्त नागपाल ने आरडीएसएस योजना के तहत अविद्युतीकृत बस्तियों के विद्युतीकरण और नए कनेक्शन जारी करने की धीमी   प्रगति पर मेसर्स विक्रान इंजीनियरिंग लिमिटेड पर कड़ी नाराजगी जताई है।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि  कार्यों में तत्काल सुधार नहीं हुआ तो कंपनी को काली सूची में डाल दिया जाएगा।विद्यालय परिसरों के ऊपर से गुजर रही एचटी और एलटी लाइनों की शिफ्टिंग में गोंडा में धीमी प्रगति पर भी आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त किया।उन्होंने सभी एजेंसियों को अभियान चलाकर स्कूल परिसरों को जल्द से जल्द बिजली लाइनों से मुक्त कराने के निर्देश दिए।आयुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी विद्यालय के ऊपर बिजली के तार नहीं लटकने चाहिए।मंडलायुक्त ने सरकारी नलकूपों और पेयजल योजनाओं के उर्जिकरण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने,नए विद्युत कनेक्शन जारी करने तथा उपभोक्ता शिकायतों का त्वरित समाधान करने के भी निर्देश दिए।एसएमएम इंफ्राटेक को एक महीने के भीतर सभी लंबित विद्युत कार्य पूर्ण करने के लिए कहा गया है,अन्यथा कठोर कार्यवाही की जाएगी।आयुक्त ने अन्य कार्यदाई संस्थाओं को दस दिन में लंबित कार्य समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगली बैठक तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
एक पखवाड़े बाद भी भाजपा नेता गोलीकांड का नहीं हुआ खुलासा,घायल का चल रहा इलाज
*परिजन कर रहे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

गोंडा।जिले में भारतीय जनता पार्टी के जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह को गोली मारे जाने के एक पखवाड़े से अधिक समय व्यतीत हो जाने के बाद भी पुलिस इस मामले का खुलासा करने में असफल रही है।20 अप्रैल को हुई इस घटना के बाद से भूपेंद्र सिंह लखनऊ स्थित किंग जार्ज चिकित्सा महाविद्यालय में भर्ती हैं,जहाँ भूपेंद्र सिंह का इलाज चल रहा है।भूपेंद्र सिंह की हालत में भी बहुत ज्यादा दिक्कत नहीं है,लेकिन स्थिति सामान्य है।परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना का खुलासा करने की मांग किया है।यह घटना परसपुर थाना क्षेत्र के डेहरास ग्राम पंचायत के गजराजपुरवा में हुई थी।पुलिस की चार टीमें लगातार इस गोलीकांड की जांच कर रही हैं,परन्तु अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।परिजनों में घटना के खुलासे में लेकर दहशत का माहौल है।भाजपा नेता के परिजनों ने परसपुर थाने में दो नामजद सहित दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करवाया था।परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने नामजद आरोपियों को पकड़ने के बाद छोड़ दिया और उन्हें जेल नहीं भेजा गया है।परिजनों का यह भी कहना है कि हमारे घर के सीसीटीवी रिकार्ड को भी पुलिस टीम ले गई है,उसके बाद भी पुलिस टीम खुलासा क्यों नहीं कर रही है।मामले में परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस साक्ष्य संकलन की कार्रवाई कर रही है तथा सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।उन्होंने कहा कि तकनीकी और सर्विलांस टीमों की मदद ली जा रही है।साक्ष्य मिलने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी और अतिशीघ्र मामले का खुलासा किया जाएगा।भूपेंद्र सिंह के परिवार को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी,पुलिस प्रशासन पूरी तरीके से उनके साथ है।
श्रावस्ती में 8 मई को प्रशासन उतरेगा गांवों तक, “संध्या संवाद कार्यक्रम” में आयुक्त करेंगी सीधा संवाद
*जनसुनवाई, योजनाओं का लाभ वितरण और निर्माण कार्यों की पड़ताल—पूरा दिन रहेगा गतिविधियों से भरपूर*

*गोण्डा, 06 मई 2026* - देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देशन में 8 मई को जनपद श्रावस्ती में “संध्या संवाद कार्यक्रम” आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान, विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच तथा शासन की योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे से जनसुनवाई के साथ होगी, जहां आयुक्त आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगी और संबंधित अधिकारियों को मौके पर समाधान के निर्देश देंगी। इसके बाद कर्मचारियों, पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों की विभागीय और पेंशन संबंधी समस्याओं के निस्तारण के लिए विशेष बैठक आयोजित की जाएगी।

दोपहर में आयुक्त विभिन्न निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगी। इस दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति तथा अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निरीक्षण के समय सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ मौके पर उपस्थित रहें।

शाम के समय चयनित ग्राम पंचायत में “संध्या संवाद कार्यक्रम” आयोजित होगा, जिसमें ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी। साथ ही गांव में विशेष शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा और प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे।

आयुक्त ने कहा कि शासन की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जनता को समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े। इसी उद्देश्य से प्रशासन गांव स्तर तक पहुंचकर संवाद और समाधान की प्रक्रिया को मजबूत कर रहा है।
ऑपरेशन साइबर कवच के दृष्टिगत थाना तरबगंज की साइबर हेल्पडेस्क टीम द्वारा पीड़ित की फ्रॉड गयी 55,000/- रूपये कराए गए वापस

पैसे वापस मिलने पर पीड़ित के चेहरे पर लौटी मुस्कान, पीड़ित ने गोण्डा पुलिस को किया धन्यवाद
गोण्डा। जनपद में साइबर फ्रॉड अपराध की रोकथाम के संबंध में त्वरित कार्यवाही करने हेतु पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी  राधेश्याम राय के मार्गदर्शन में थाना तरबगंज की साइबर हेल्प डेस्क की टीम द्वारा पीड़ित की फ्रॉड गयी धनराशि को सम्बंधित बैंक/इंटीमेडरी से संपर्क स्थापित करते हुए धनराशि 55,000/- पीड़ित के खाते में वापस करायी गयी।

घटना का संक्षिप्त विवरण

आवेदक रवि शंकर शुक्ला पुत्र  धीरज शुक्ला निवासी ग्राम शीशौ पूरे डलई थाना तरबगंज जनपद गोण्डा द्वारा थाना तरबगंज की साइबर हेल्प डेस्क पर हुए साइबर फ्रॉड के संबंध में शिकायत दर्ज करायी गयी थी। उक्त प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए थाना तरबगंज की साइबर हेल्पडेस्क टीम द्वारा जनपदीय साइबर सेल टीम की सहयोग से कार्यवाही करते हुए संबंधित बैंक से ईमेल के माध्यम से विभिन्न जानकारियां एकत्रित कर नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्यवाही करते हुए सम्बंधित बैंक/इंटीमेडरी से संपर्क स्थापित करते हुए पीड़ित के 55,000/- रू0 की धनराशि वापस करायी गयी। पीड़िता द्वारा अपने रूपये वापस पाकर प्रसन्नता जाहिर करते हुए थाना तरबगंज की साइबर हेल्पडेस्क की टीम को धन्यवाद दिया गया।

नोट- साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना अंकित कराये, सूचना विलम्ब से देने पर साइबर अपराधियों द्वारा धन निकाल लिया जाता है। धन निकलने के उपरान्त पैसे वापस होने की सम्भावना बहुत कम होती है। लोगो को साइबर ठगों से सावधान रहने की जरुरत है। किसी भी अनजान फोन कॉल पर अपनी बैंक डिटेल, ओ0टी0पी0, बायोमैट्रिक डेटा, पैन कार्ड व आधार कार्ड की डिटेल किसी के साथ साझा न करें। फ्रॉड ट्रांजेक्सन होने पर तत्काल अपने बैंक एवं थाना पर गठित साइबर सेल को सूचना दें एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएँ।

साइबर सुरक्षा टिप्स-
01. ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतें
02. किसी भी अनजान फोन कॉल पर अपनी बैंक डिटेल, ओटीपी, बायोमैट्रिक डेटा, पैन कार्ड व आधार कार्ड की डिटेल किसी के साथ साझा न करें।
03. सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
04. अनजान लिंक्स पर क्लिक न करें।
05. अपने डिवाइस को सुरक्षित रखें।
06. ऑनलाइन शॉपिंग में सुरक्षित वेबसाइट्स का उपयोग करें।
07. पासवर्ड को मजबूत और गुप्त रखें।
08. ऑनलाइन गतिविधियों पर निगरानी रखें।
09. साइबर बुलिंग और साइबर स्टॉकिंग के मामलों में तुरंत पुलिस को सूचित करें।
10. ऑनलाइन उत्पीड़न के मामलों में कंपनी प्रबंधन और पुलिस को सूचित करें।
गोंडा में लूटकांड का पर्दाफाश, मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार
गोंडा पुलिस और SOG/सर्विलांस टीम ने कर्नलगंज क्षेत्र में हुई लूट की बड़ी घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में बृजेश शुक्ला, अमर शुक्ला उर्फ नन्के और बाबूराम शामिल हैं। मुठभेड़ में बृजेश शुक्ला के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पीठ्ठू बैग, अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।

घटना 28 अप्रैल 2026 को हुई थी, जब पीड़ित व्यक्ति को रास्ते में रोककर असलहे के बल पर उसका बैग लूट लिया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि यह गिरोह अन्य जिलों में भी लूट की घटनाओं में शामिल रहा है।

गोंडा पुलिस अधीक्षक ने सफल कार्रवाई करने वाली टीम को ₹25,000 का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
गोण्डा: अवैध तमंचे के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार
गोण्डा पुलिस ने थाना कटरा बाजार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान उमेश तिवारी पुत्र सुशील तिवारी, निवासी ग्राम पिपरी मांझा, थाना कटरा बाजार के रूप में हुई है। उसे राजगढ़ ब्रह्मचारी बाबा स्थान के पास छोटी पुलिया के निकट से गिरफ्तार किया गया।

गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की और आरोपी के कब्जे से 1 अवैध तमंचा और 1 जिंदा कारतूस बरामद किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है।
07 को आयेंगी महिला आयोग की सदस्य, करेंगी महिलाओं की जनसुनवाई

*गोण्डा । उ.प्र. राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती एकता सिंह आगामी 07 मई को जनपद में आ रही है। सर्वप्रथम वह सर्किट हाउस गोण्डा में अपरान्ह् 11ः00 बजे से महिला सम्बन्धी शिकायतों की जनसुनवाई करेंगी। उसके बाद महिला सम्बन्धी अपराधों व योजनाओं के सम्बन्ध में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। यह जानकारी देते हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी ने अपील किया है कि पीड़ित महिलाएं ससमय उपस्थित होकर अपनी समस्याओं से सम्बन्धित शिकायत प्रस्तुत कर सकती हैं।
दिव्यांग व्यक्ति को मौके पर ही जिलाधिकारी ने दिलाई ट्राईसाइकिल तथा अन्य योजनाओं का भी लाभ देने के निर्देश

गोण्डा ।जनपद के कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान संवेदनशील एवं सराहनीय पहल देखने को मिली। जनसुनवाई के क्रम में दिव्यांग शिकायतकर्ता शिव प्रकाश पुत्र राम सवारे, निवासी ग्राम नदौर बलकरपुरवा, तहसील करनैलगंज, अपनी समस्या को लेकर उपस्थित हुए। उनकी स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अपने कार्यालय कक्ष से बाहर आकर उनकी बातों को गंभीरता एवं भावपूर्ण ढंग से सुना।
शिव प्रकाश ने अपनी दैनिक जीवन की कठिनाइयों को साझा करते हुए आवागमन में आ रही समस्याओं से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने तत्काल मामले की गंभीरता को समझते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके पर ही वार्ता की और आवश्यक निर्देश दिए। उनकी तत्परता और सकारात्मक पहल के परिणामस्वरूप कलेक्ट्रेट परिसर में ही दिव्यांगजन को ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई गई। साथ ही उपरोक्त व्यक्ति को दिव्यांग पेंशन व अन्य योजनाओं का लाभ शीघ्रातिशीघ्र दिलाने के निर्देश दिये हैं ।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने जिलाधिकारी की इस संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्यवाही की सराहना की। यह पहल न केवल प्रशासन की जवाबदेही को दर्शाती है, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों के प्रति सहानुभूति और सहयोग की भावना को भी मजबूत करती है।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिव्यांगजन एवं अन्य पात्र लाभार्थियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिला पंचायत सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा “शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह” का भव्य आयोजन

*बेसिक शिक्षा विभाग के विभिन्न विद्यालयों द्वारा लगाए गए स्टालों का जिलाधिकारी तथा जनप्रतिनिधियों ने किया अवलोकन*


*जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिक्षामित्रों के बढ़े हुए मानदेय का डेमो चेक का किया गया वितरण*


गोण्डा । जिला पंचायत सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा “शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम मे जिला पंचायत अध्यक्ष श्री घनश्याम मिश्र, जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अकबाल बहादुर तिवारी,  सांसद गोण्डा के प्रतिनिधि श्री राजेश सिं सांसद कैसरगंज के प्रतिनिधि श्री संजीव सिंह तथा जिला विकास अधिकारी/प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी श्री सुशील कुमार श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ सभी अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने माननीय मुख्यमंत्री  के उद्बोधन को भी सामूहिक रूप से सुना, जिसमें शिक्षामित्रों के योगदान और उनके मानदेय वृद्धि से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला गया।
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में उपस्थित शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय के डेमो चेक वितरित किए गए। इस दौरान अतिथियों ने शिक्षामित्रों के समर्पण, निष्ठा और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में शिक्षामित्रों के सम्मान से जुड़ा यह पहल उनके मनोबल को बढ़ाने वाला बताया गया।

इसके अतिरिक्त जिला पंचायत परिसर में जनपद के विभिन्न विद्यालयों द्वारा लगाए गए शैक्षिक स्टालों का भी अवलोकन किया गया। सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्टालों पर प्रदर्शित शिक्षण सामग्री, नवाचारों एवं विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालयों के प्रयासों को शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री अमित कुमार सिंह, समस्त खंड शिक्षा अधिकारीगण तथा शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल आयोजन बेसिक शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों से संपन्न हुआ, जो शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।
रघुनाथ जी की बड़ी कृपा हुई,आगे क्या होगा कोई कल्पना नहीं

*बंगाल चुनाव परिणाम पर बोले राजन जी महराज

गोंडा।जिले के कौड़िया बाजार स्थित जय सम्मय माता मंदिर पैड़ीबरा में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा के दूसरे दिन पूज्य राजन जी महाराज ने भक्तों को संबोधित किया।इस दौरान उन्होंने बंगाल चुनाव परिणाम और सामाजिक परिस्थितियों पर अपने विचार रखे।अपने संबोधन में राजन जी महराज ने कहा कि बंगाल में चुनाव परिणाम के बाद रघुनाथ जी की बड़ी कृपा हुई है।उन्होंने कहा कि आगे क्या होगा,इसकी कोई कल्पना नहीं की जा सकती है।महराज जी ने यह भी कहा कि वे वहां की परिस्थितियों को जानते हैं और वहां भगवान की कृपा महसूस की गई है।राजन जी महराज ने श्रद्धालुओं को संबंधित करते हुए कहा कि संशय होना गलत नहीं है, परन्तु उसका समाधान उचित माध्यम से करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना सही व्यक्ति के सामने संशय रखने से स्थिति और बिगड़ सकती है।राजन जी महराज ने व्यंग्यात्मक रूप में कहा कि आजकल लोग बिना विशेषज्ञता के भी सलाह देने लगते हैं।उन्होंने आगे कहा कि केवल जप तप या पूजा पाठ ही भजन नहीं है।यदि कोई व्यक्ति घर में भोजन बनाते समय यह भाव रखे कि वह भगवान के लिए भोग तैयार कर रहा है,तो वही कार्य भजन और सेवा बन जाता है।यही सच्चा परमार्थ है।अपने संदेश के अंत में उन्होंने कहा कि विवेक सत्संग के बिना जागृत नहीं होता है।इसलिए लोगों को समय निकालकर नियमित रूप से सत्संग में शामिल होना चाहिए,जिससे जीवन को सही दिशा मिल सके।