मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने जनगणना-2027 के लिए स्व-गणना पूरी की, नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील

मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार ने जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना (self Enumeration) की प्रक्रिया पूरी की। इस अभियान के तहत 01 मई से 15मई तक स्व-गणना कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसी क्रम में रविवार को मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार ने स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की।

15 मई के पश्चात मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य दिनांक 16 मई से 14 जून 2026 तक पूरे राज्य में किया जाएगा। इस गहन जनगणना अभियान के दौरान घर-घर जाकर प्रगणक से संबद्ध कर्मी डेटा संग्रह करेंगे। सभी जिलों में इस कार्य के लिए प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई है।

इस मौके पर श्री प्रभात कुमार, निदेशक , जनगणना कार्य निदेशालय झारखण्ड, श्री सुशांत गौरव, नगर आयुक्त नगर निगम रांची, डॉ० सत्येन्द्र कुमार गुप्ता संयुक्त निदेशक, श्री शेषनाथ बैठा जिला सांख्यिकी अधिकारी, रांची, श्री ज्ञानचंद्र महतो सहायक निदेशक आदि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को श्री शिव महापुराण कथा में शामिल होने का निमंत्रण

कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आज मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से

“श्री शिवाला सेवा समिति” के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री सोरेन को दिनांक 05 मई 2026 से 11 मई 2026 तक सुकुरहुटू गौशाला फुटबॉल

मैदान, रांची में आयोजित होने वाली “श्री शिव महापुराण कथा” में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने हेतु सादर आमंत्रित किया। प्रतिनिधिमंडल में श्री रमेश सिंह, श्री रितेश कुमार, श्री रवि राज, श्री राहुल कुमार, श्री सनद कुमार सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।

बाबूलाल मरांडी को राष्ट्रीय अम्बेडकर अवार्ड, गरीबों-वंचितों को समर्पित किया सम्मान

नेता प्रतिपक्ष सह राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मराण्डी को राष्ट्रीय अम्बेडकर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। अम्बेडकर स्कूल ऑफ मार्शल आर्ट्स के अध्यक्ष, दर्जनों लिम्का बुक रिकॉर्ड होल्डर एवं अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी सह बहुजन साहित्य अकादमी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अनिल बांसफोर के द्वारा मजदूर दिवस के अवसर पर रांची स्थित आवास पर आकर यह अवॉर्ड नेता प्रतिपक्ष को प्रदान किया गया।

इस बाबत सामाजिक कार्यकर्ता अनिल बांसफोर ने बताया कि 15 मार्च, 2026 को जीएसकेआर भवन बैरागीपट्टेदा तिरुपति आंध्रप्रदेश में बहुजन साहित्य अकादमी द्वारा आयोजित 18वाँ राष्ट्रीय सम्मेलन में झारखंड प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मराण्डी को राष्ट्रीय अम्बेडकर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

यह अवॉर्ड दलित, गरीब, वंचित समाज के उत्थान हेतु काम करने वाले विशिष्ट जनों को प्रदान किया जाता है। उसी अवॉर्ड को मेरे द्वारा उनके आवास पर जाकर उन्हें ससम्मान सौंपा गया।

इधर बाबूलाल मरांडी ने इस सम्मान को गरीबों, दलितों और वंचितों को समर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन तमाम वंचितों और जरूरतमंदों की सेवा कार्य में ही समर्पित रहा है।

पीवीयूएनएल, पतरातू में डीएवी पब्लिक स्कूल का भव्य उद्घाटन

पीवीयूएनएल टाउनशिप, पतरातू में डीएवी पब्लिक स्कूल का शुभारंभ माननीय श्री अशोक कुमार सहगल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), पीवीयूएनएल के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस गरिमामय अवसर पर श्रीमती रेनू सहगल, अध्यक्ष, स्वर्णरेखा महिला समिति, श्री अनुपम मुखर्जी, मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना), श्री जे. सी. पात्रा, महाप्रबंधक (O&C), श्री मनीष खेतरपाल, महाप्रबंधक (O&M), श्री जियाउर रहमान, प्रमुख (मानव संसाधन) सहित झारखंड के पांचों जोन के एरिया रीजनल अधिकारी, NEAP, EWA, SC & ST एसोसिएशन एवं SMS के कार्यकारी सदस्यगण भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न डीएवी स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

नवस्थापित डीएवी पब्लिक स्कूल में प्रारंभिक चरण में नर्सरी से कक्षा पाँचवीं तक की शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा के महत्व पर बल दिया तथा डीएवी प्रबंधन को विद्यालय में उच्चतम स्तर की शिक्षा सुनिश्चित करने की सलाह दी।

पीवीयूएनएल द्वारा स्थापित यह विद्यालय क्षेत्र के बच्चों को उत्कृष्ट शैक्षणिक सुविधाएँ प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगा।

महिला आरक्षण पर पकड़ी गई कांग्रेस की चोरी, इसलिए बहा रहे हैं घड़ियाली आंसू : नीरा यादव

भाजपा की कोडरमा विधायक नीरा यादव ने प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता कर नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कांग्रेस सहित विपक्षियों के चाल और चरित्र पर करारा प्रहार किया है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष ने महिला आरक्षण पर जो कारनामा किया है, उनकी कारगुजारियों को गांव-गांव तक पहुंचाने की कोशिश है। भारतीय जनता पार्टी महिला सशक्तिकरण, संतुलित प्रतिनिधित्व और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी के तहत 16, 17, 18 अप्रैल को एक विशेष सत्र बुलाया गया था ताकि सभी की सहमति से इतिहास रचा जा सके। प्रधानमंत्री ने भी सभी दलों से दलगत भाषण से ऊपर उठकर इसमें सहयोग करने की अपील की थी। कोई भी कार्य दलगत भावना से ऊपर उठकर संपन्न होता है तो वह राजनीति नहीं राष्ट्रहित हो जाता है लेकिन इस विशेष सत्र में एक बार फिर कांग्रेस सहित विपक्षियों का राजनीतिक चरित्र दिख गया। इतना ही नहीं विधेयक पास नहीं होने पर विपक्षी उत्सव मनाने में जुटे रहे। इनके आका राहुल गांधी अपने 40 मिनट के भाषण में कार्टून कार्टून खेलते रहे, इस दौरान उन्होंने नारियों के लिए एक शब्द भी नहीं कहा। कांग्रेस के जश्न का जब एनडीए और देश की महिलाओं ने जब देश भर में विरोध करना शुरू किया तब कांग्रेस और विपक्षियों को लगा कि उनकी चोरी तो पकड़ी गई इसलिए फिर से एक बार इन दलों ने रंगे सियार की भांति घड़ियाली आंसू बहाना शुरू कर दिया है। कांग्रेस की महिला नेत्री धरना देने और पीएम को पोस्टकार्ड भेजने की बात कर केवल अपनी दलीय धर्म निभा रही हैं। कोडरमा विधायक ने कांग्रेस की महिला नेत्रियों से कहा कि अपने नेता को बचाने की उनकी अपनी दलीय मजबूरी हो सकती है लेकिन जब दिल गवाही नहीं दे रहा तो चुपचाप रहना बेहतर है।

उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस का चेहरा पूरी तरह देश के सामने आ चुका है। जनता कभी इन पर विश्वास करने वाली नहीं है। पोस्टकार्ड बांटिए या धरना दीजिए, अब कोई फायदा नहीं है। जनता विपक्षियों की चरित्र को समझ चुकी है। देश की माताएं बहनें आपको माफ करने वाली नहीं है। देश की एक एक महिलाओं को सचेत होने की जरूरत है। विपक्षियों के झांसे में नहीं आना है। 60 साल तक इन्होंने ठगा है। इनकी घड़ियाली आंसू और दिगभ्रमित करने की योजना कारगर होने वाली नहीं है।

उन्होंने सवाल किया कि क्या सिर्फ एनडीए की महिलाओं के लिए यह अधिनियम था ? क्या इसका लाभ पूरे देश की महिलाओं को नहीं मिलता ? इस अधिनियम के विरोध के पीछे कांग्रेस ने परिसीमन का बहाना बनाया तो कांग्रेसियों को यह बतानी चाहिए कि क्या बिना परिसीमन आरक्षण संभव है ? कांग्रेस ने एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर को खो दिया। भाजपा आश्वस्त करती है जब तक पीएम मोदी हैं, एनडीए है, तब तक महिलाओं को चिंता करने की जरूरत नहीं है।

इस दौरान महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह और रांची की महापौर रौशनी खलखो भी प्रेस वार्ता में मौजूद थी।

श्रमिक कल्याण की दिशा में PVUNL का बड़ा कदम: CEO ने किया आधुनिक श्रमिक विश्रामालय का उद्घाटन

अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर श्री ए. के. सहगल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पीवीयूएनएल द्वारा संयंत्र परिसर में निर्मित श्रमिक विश्रामालय का उद्घाटन किया गया।

इस सुविधा के अंतर्गत पुरुष एवं महिला श्रमिकों हेतु पृथक विश्राम कक्ष, शौचालय सुविधाओं सहित उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे श्रमिकों के कल्याण एवं कार्यस्थल सुविधाओं में सुधार सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर श्रमिकों को संबोधित करते हुए श्री सहगल ने सभी कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों को मजदूर दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा भविष्य में भी श्रमिकों की सुविधा, स्वास्थ्य एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने हेतु और अधिक कल्याणकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

श्री ए. के. सहगल द्वारा “श्रम पथ” पर नव निर्मित पेयजल सुविधा का भी उद्घाटन किया गया, जिससे श्रमिकों एवं कर्मचारियों के लिए स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।

इस कार्यक्रम में श्री मनीष खेतरपाल, महाप्रबंधक (ओ एंड एम); श्री जे. सी. पात्रा, महाप्रबंधक (ऑपरेशन); श्री बी. डी. दास, महाप्रबंधक (परियोजना) एवं श्री जियाउर रहमान, विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं श्रमिक उपस्थित थे।

यह पहल पीवीयूएनएल की श्रमिक कल्याण, स्वास्थ्य एवं कार्यस्थल सुरक्षा के प्रति सतत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कुच्चू में भरा स्व-गणना फॉर्म, लोगों से की अपील

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने 01 मई से आरंभ हुई जनगणना की प्रथम प्रक्रिया ‘आवास गणना’ के अंतर्गत रांची जिला के ओरमांझी प्रखंड स्थित ग्राम कुच्चू में अपने पैतृक आवास पर स्व-गणना (Self-Enumeration) का फॉर्म भरकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में अपनी सहभागिता की।

इस दौरान उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े सरकार को योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से बनाने और उन्हें अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

श्री साहू ने कहा कि शीघ्र ही जनगणना की टीम आपके घर भी पहुंचेगी। यह सिर्फ सरकार का काम नहीं है, बल्कि यह आपकी हमारी सबकी ज़िम्मेदारी है। आप सभी से आग्रह है कि इस राष्ट्रीय दायित्व में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए मांगी गई आवश्यक जानकारियां सही और पूर्ण रूप से उपलब्ध कराएं और देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने इससे संबंधित se.census.gov.in लिंक शेयर करते हुए कहा कि आप चाहें तो इस लिंक के माध्यम से स्वयं भी स्व-गणना का फॉर्म भर सकते हैं।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना (self Enumeration) की प्रक्रिया पूरी की।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना (self Enumeration) की प्रक्रिया पूरी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने समस्त झारखंड वासियों से जनगणना-2027 की प्रक्रिया में अपनी महती जिम्मेवारी का निर्वहन करते हुए सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी की अपील की । मौके पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की धर्मपत्नी विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन भी उपस्थित रहीं।

जनगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी से हुए अवगत..

इस दौरान मुख्यमंत्री को जनगणना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने ऑनलाइन स्व-गणना पोर्टल पर पंजीकरण करने से संबंधित प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी से अवगत कराया। मुख्यमंत्री के समक्ष जनगणना अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के तहत 01 मई से 15मई तक स्व-गणना कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसके पश्चात मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य दिनांक 16 मई से 14 जून 2026 तक पूरे राज्य में किया जाएगा। इस गहन जनगणना अभियान के दौरान घर-घर जाकर प्रगणक से संबद्ध कर्मी डेटा संग्रह करेंगे। सभी जिलों में इस कार्य के लिए प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई है।

जनगणना कार्य सिर्फ आंकड़े जुटाना नहीं बल्कि आमजन के भविष्य को सही दिशा देने का आधार

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि जनगणना कार्य सिर्फ आंकड़े जुटाना नहीं बल्कि आमजनों के भविष्य को सही दिशा देने का आधार है। जनगणना से राज्य सरकार की योजनाओं को और ज्यादा प्रभावी तरीके से पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस कार्य के दौरान क्षेत्रीय भाषाओं के जानकार पदाधिकारी एवं कर्मियों को सम्मिलित किए जाने की बात जनगणना अधिकारियों से कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना-2027 का कार्य तकनीकी रूप से सराहनीय पहल है। मुख्यमंत्री ने समस्त राज्य वासियों से इस राष्ट्रीय जनगणना अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय, भारत सरकार के निदेशक श्री प्रभात कुमार, उपायुक्त रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री, नगर आयुक्त, रांची नगर निगम श्री सुशांत गौरव, सहायक नगर आयुक्त श्री राहुल यादव, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्री शेषनाथ बैठा, जनगणना कार्य निदेशालय के उप निदेशक श्री केशया० आर, सहायक निदेशक श्री मुरारी मोहन, सांख्यिकी अधिकारी श्री कौशल किशोर सहित अन्य उपस्थित रहे।

रांची में 20+ स्थानों पर मनाया जाएगा मई दिवस, 'मजदूर अधिकार जतरा' मुख्य आकर्षण


मई दिवस (1 मई) विश्व भर के मजदूर वर्ग के संघर्ष, एकता और अधिकारों की ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है। 1886 के शिकागो के हेमार्केट आंदोलन से उपजा यह दिन आज भी हमें 8 घंटे कार्यदिवस, सम्मानजनक मजदूरी और सामाजिक सुरक्षा के लिए जारी संघर्ष की याद दिलाता है।

सीटू रांची जिला कमिटी मई दिवस 2026 को पूरे उत्साह और व्यापक भागीदारी के साथ मनाने का आह्वान करती है।

रांची में कोयला, एचईसी, हिंडालको, मेकॉन, बैंक, इंश्योरेंस, सेल्स रिप्रेजेंटेटिव सहित विभिन्न क्षेत्रों के असंगठित मजदूर 20 से अधिक स्थानों पर कार्यस्थलों एवं यूनियन कार्यालयों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

मजदूर-कर्मचारी समन्वय समिति, रांची के संयुक्त तत्वावधान में प्रातः 8:30 बजे विश्वकर्मा मंदिर लेन, मेन रोड, रांची में एकत्रीकरण एवं ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित होगा।

इसके अतिरिक्त, मई दिवस के अवसर पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘मजदूर अधिकार जतरा’ का आयोजन शाम 5 बजे से 7 बजे तक, हटिया मजदूर यूनियन कार्यालय के सामने, राजेंद्र भवन मैदान (सेक्टर-2) में किया जाएगा, जिसमें गीत, नुक्कड़ नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से मजदूर अधिकारों की आवाज बुलंद की जाएगी।

आज के दौर में, जब केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए नए श्रम संहिताएँ (Labour Codes) मजदूरों के ऐतिहासिक अधिकारों को कमजोर कर रही हैं, ट्रेड यूनियन अधिकारों पर अंकुश लगाया जा रहा है, और काम के घंटे व सुरक्षा मानकों में ढील दी जा रही है तब मई दिवस का महत्व और भी बढ़ जाता है।

सीटू रांची जिला कमिटी यह भी रेखांकित करती है कि देश में न्यूनतम मजदूरी को कम से कम ₹26,000 प्रति माह सुनिश्चित किया जाए, सभी मजदूरों के लिए सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा लागू हो, समान काम के लिए समान वेतन दिया जाए, ठेका प्रथा पर रोक लगे एवं अपने अधिकार के लिए आंदोलनरत मजदूरों पर दमन बंद किया जाए।

मई दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि यह लेबर कोड के जरिए श्रम कानूनों के कमजोर करने के खिलाफ; निजीकरण और ठेकाकरण के खिलाफ; मजदूरों के अधिकार, सम्मान और बेहतर जीवन के लिए संघर्ष और संकल्प का दिन है।

हम सभी मजदूरों, कर्मचारियों, ट्रेड यूनियन कार्यकर्ताओं और आम जनता से अपील करते हैं कि अधिक से अधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में भाग लेकर मई दिवस को सफल बनाएं और मजदूर एकता को मजबूत करें।

मैट्रिक टॉपर प्रेम के घर पहुंचे BJP प्रदेश अध्यक्ष, सौंपा 1 लाख का चेक

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने अपनी घोषणा के अनुसार मैट्रिक परीक्षा में झारखंड टॉपर करने वाले छात्र प्रेम कुमार साहू के घर पहुंचकर आज उन्हें एक लाख रुपए की सहयोग राशि प्रदान की। प्रेम रांची जिला के कांके प्रखंड अंतर्गत नेवरी निवासी अर्जुन साहू के सुपुत्र हैं।

जिन्होंने मैट्रिक की परीक्षा में 498 अंक (99.60%) प्राप्त कर झारखंड में प्रथम स्थान हासिल कर पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है। प्रेम के साथ हजारीबाग की प्रियांशु कुमारी, बानो की शिवांगी कुमारी एवं रांची के सन्नी कुमार वर्मा ने भी झारखंड टॉप किया है। भाजपा ने इन्हें भी 1,00,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रतिभा के सम्मान और उज्जवल भविष्य के निर्माण के लिए सदैव समर्पित है। प्रेम कुमार साहू ने प्रेमचंद्र हाई स्कूल, मेसरा (रांची) से मैट्रिक परीक्षा में 498 अंक (99.60%) प्राप्त कर पूरे झारखंड में प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र एवं राज्य का गौरव बढ़ाया है। उनकी यह अद्भुत सफलता पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से पूर्व में की गई घोषणा के अनुसार आज उनके आवास पहुँचकर उन्हें इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर आगे की पढ़ाई के लिए अपनी ओर से एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान कर अपना वादा पूरा किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और भारतीय जनता पार्टी के सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प से प्रेरित होकर समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने का सतत प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में झारखंड के अन्य मेधावी विद्यार्थियों — हजारीबाग की प्रियांशु कुमारी, बानो की शिवांगी कुमारी एवं रांची के सन्नी कुमार वर्मा — जिन्होंने मैट्रिक परीक्षा में 498 अंक (99.60%) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया है, उन्हें भी प्रोत्साहन स्वरूप उनकी आगे की पढ़ाई के लिए एक लाख रुपये की सहयोग राशि दी जाएगी।

श्री साहू ने कहा कि मेरा विश्वास है कि समाज के मेधावी और परिश्रमी विद्यार्थियों को यदि समय पर सहयोग और प्रोत्साहन मिले, तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज और राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रकृति हमें यह सिखाती है कि वृक्ष अपने फल दूसरों के लिए देते हैं, नदियाँ दूसरों के हित के लिए बहती हैं और गायें भी दूसरों के कल्याण के लिए दूध देती हैं। उसी प्रकार मनुष्य का जीवन भी समाज की सेवा और दूसरों के उत्थान के लिए होना चाहिए।