बरही बैंक लूट कांड का खुलासा: 3 आरोपी वाराणसी से गिरफ्तार, 20 लाख नकद और सोना बरामद

Hazaribagh Police ने 24 अप्रैल 2026 को बरही थाना क्षेत्र स्थित Bank of Maharashtra शाखा में हुई लूट कांड का सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में 3 मुख्य अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

घटना 24 अप्रैल को दोपहर करीब 3:15 बजे हुई थी, जब 4 हथियारबंद अपराधियों ने बैंक में घुसकर कर्मियों को बंधक बना लिया और उन्हें स्ट्रॉन्ग रूम में बंद कर दिया। इसके बाद अपराधी 4,22,492 रुपये नकद और 3.987 किलोग्राम सोना, जो 78 पैकेट में रखा था, लूटकर दो मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक संदिग्ध काले रंग की स्कॉर्पियो (BR-01 HN-2024) की पहचान की गई, जिसका उपयोग अपराधियों द्वारा रेकी के लिए किया गया था।

पुलिस ने Uttar Pradesh Special Task Force के सहयोग से उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित सारनाथ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में पंकज सिंह उर्फ रौनक सिंह (गोरखपुर), मो० अफजल (नवादा, बिहार) और सौरभ कुमार यादव उर्फ सोनू (मऊ, उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।

गिरफ्तार अपराधियों के पास से 912.22 ग्राम सोना, 20 लाख रुपये नकद, एक स्कॉर्पियो वाहन, घटना में प्रयुक्त 2 पल्सर मोटरसाइकिल और 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अपराधियों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र को इसलिए निशाना बनाया क्योंकि उन्हें जानकारी थी कि यहां गोल्ड लोन दिया जाता है। घटना को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने करीब 2 महीने तक बैंक की रेकी की थी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और बिहार के कई लूट कांडों में शामिल रहे हैं।

फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

पत्नी की हत्या का मास्टरमाइंड निकला पति: लूटपाट का झूठा ड्रामा कर रची खौफनाक साजिश, हजारीबाग पुलिस का बड़ा खुलासा

हजारीबाग। जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में 26 अप्रैल 2026 की रात करीब 09:15 बजे हुई महिला हत्या की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर दिया है। कोले स्टेशन के पास हुई इस वारदात में शुरूआत में इसे लूटपाट के दौरान गोलीबारी का मामला माना जा रहा था, जिसमें मंजू देवी की मौत हो गई थी और उनके पति विकास प्रजापति घायल बताए गए थे। लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, कहानी पूरी तरह बदल गई।

पुलिस द्वारा गठित SIT टीम और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में जो सच सामने आया, वह बेहद चौंकाने वाला था। जिस पति को घायल पीड़ित माना जा रहा था, वही इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड निकला। विकास प्रजापति ने पारिवारिक विवाद और अशांति के चलते अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।

जांच में खुलासा हुआ कि विकास ने अपने पिता नरेश प्रजापति और सहयोगी सुनील गंझू के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई। प्लान के तहत जंगल में लूटपाट का नाटक रचकर मंजू देवी की हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, किसी को शक न हो इसलिए विकास ने खुद पर भी गोली चलवाकर खुद को पीड़ित साबित करने की कोशिश की।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें विकास कुमार प्रजापति (पति), नरेश प्रजापति (ससुर) और लालेश्वर गंझू (शूटर/सहयोगी) शामिल हैं। वहीं, इस साजिश में शामिल एक अन्य आरोपी सुनील गंझू फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की काले रंग की यामाहा मोटरसाइकिल और एक मेकअप का सामान वाला पर्स भी पुलिस ने बरामद किया है, जो इस केस में अहम सबूत साबित हो रहे हैं।

यह पूरी कार्रवाई श्री पवन कुमार (अपर पुलिस अधीक्षक/SDPO बड़कागांव) के नेतृत्व में केरेडारी और पिपरवार थाना प्रभारियों की टीम द्वारा अंजाम दी गई। हजारीबाग पुलिस की इस सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अपराध चाहे जितनी भी चालाकी से क्यों न किया जाए, कानून के हाथ लंबे होते हैं।

हजारीबाग में सुरक्षा कड़ी: 388 संवेदनशील संस्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी, रोजाना हो रही मॉनिटरिंग

हजारीबाग। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए हजारीबाग पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के निर्देश पर बीते दिनों जिले के महत्वपूर्ण संस्थानों—जैसे बैंक, ज्वेलरी दुकान और पेट्रोल पंप—को चिन्हित कर उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

इसी कड़ी में हजारीबाग पुलिस द्वारा जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक और पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में एक विशेष निगरानी अभियान चलाया गया है, जो अभी जारी है और आगे भी लगातार चलता रहेगा।

अभियान के तहत जिले के कुल 140 बैंकों को चिन्हित कर उन पर नियमित नजर रखी जा रही है। वहीं, 102 पेट्रोल पंपों पर पुलिस पदाधिकारी और कर्मी प्रतिदिन समय-समय पर जाकर निगरानी कर रहे हैं। इसके साथ ही जिले के 146 ज्वेलरी दुकानों को भी विशेष सुरक्षा दायरे में रखा गया है।

इस तरह अब तक कुल 388 महत्वपूर्ण संस्थानों पर विशेष निगरानी सुनिश्चित की गई है। सभी चिन्हित स्थानों पर एक रजिस्टर खोला गया है, जिसमें पेट्रोलिंग पदाधिकारी को रोजाना अपनी उपस्थिति दर्ज करनी अनिवार्य की गई है। इस पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग जिले के कंट्रोल रूम से की जा रही है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य अपराध की संभावनाओं को कम करना और आम लोगों को सुरक्षित माहौल प्रदान करना है।

पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान के लिए संसद में गूँजेगी आवाज: मनीष जायसवाल

रामगढ़ हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के रामगढ़ की ऐतिहासिक धरती पर पतरातु के एलेक्सा रिसॉर्ट में आयोजित भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ की 12वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को संपन्न हुई। पत्रकारों के इस महाकुंभ में भारत के विभिन्न राज्यों सहित पड़ोसी देश नेपाल से भी कलम के सिपाहियों का समागम हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए उनकी मांगों को देश के सर्वोच्च सदन में उठाने का संकल्प लिया।

बैठक के दौरान आयोजित गोष्ठी में पत्रकारों की सुरक्षा और उनके भविष्य से जुड़ी चुनौतियों पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि पत्रकार साथी अपनी जान जोखिम में डालकर समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज बनते हैं, लेकिन विडंबना यह है कि अक्सर उनकी अपनी आवाज अनसुनी रह जाती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ तभी मजबूत होगा जब पत्रकार स्वयं को सुरक्षित और समर्थ महसूस करेंगे।

सांसद मनीष जायसवाल ने पत्रकार संघ द्वारा रखे गए मांग पत्र पर अपनी पूर्ण सहमति जताते हुए विश्वास दिलाया कि कोविड काल से बंद रेलवे कन्सेशन की बहाली, पत्रकार सुरक्षा कानून (प्रोटेक्शन एक्ट) लागू करने, केंद्रीय टोल टैक्स में छूट और राष्ट्रीय स्तर पर स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा सुनिश्चित करने जैसे विषयों को वे आगामी लोकसभा के मानसून सत्र में संसद के पटल पर पूरी मजबूती के साथ रखेंगे।

मनीष जायसवाल ने पत्रकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि लोकतंत्र के सजग प्रहरियों के अधिकारों की रक्षा के लिए मैं संसद से लेकर सड़क तक आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा हूँ। पत्रकार समाज का दर्पण हैं और उनके हितों की रक्षा करना शासन व प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर देश-विदेश से आए पत्रकार प्रतिनिधियों ने सांसद मनीष जायसवाल के इस आश्वासन का स्वागत किया और अपनी समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद जताई ।

उपायुक्त एवं नगर आयुक्त ने नगर निगम क्षेत्र का किया निरीक्षण, योजनाओं की प्रगति का किया अवलोकन

उपायुक्त हेमन्त सती एवं नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता द्वारा आज नगर निगम क्षेत्र का भ्रमण कर नगर निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता एवं क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भ्रमण के क्रम में उपायुक्त ने हजारीबाग झील क्षेत्र में प्रस्तावित वाटर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, झील पाथ-वे, झील परिसर में अवस्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा स्थल के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण, स्थानीय सब्जी विक्रेताओं के लिए वेंडर मार्केट निर्माण कार्यों एवं निर्मल महतो पार्क आदि का मुआयना किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

उपायुक्त ने कहा कि हजारीबाग झील शहर की पहचान है, इसके संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने, स्वच्छता बनाए रखने एवं पर्यावरणीय मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

नगर आयुक्त ने भी निरीक्षण के दौरान चल रही योजनाओं की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया।

हजारीबाग में पत्रकारों पर हमले के खिलाफ प्रेस क्लब का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

हजारीबाग। प्रेस क्लब हजारीबाग का एक प्रतिनिधिमंडल 30 अप्रैल को अध्यक्ष उमेश प्रताप के नेतृत्व में हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती से मिलकर उनके माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हजारीबाग में 28 अप्रैल 2026 को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की मौजूदगी में दो पत्रकारों के साथ हुई मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना में शामिल आरोपियों को चिह्नित करते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की गई। साथ ही जिले में मान्यता प्राप्त निबंधित अखबार और न्यूज चैनल के अधिकृत पत्रकारों की सूची तैयार करने का भी आग्रह किया गया ताकि पत्रकारिता के मूल्यों की रक्षा और उसकी गरिमा कायम रह सके। अध्यक्ष ने कहा कि हम सभी पत्रकार घटना की निंदा करते हैं। आगे ऐसी पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए स्थानीय प्रशासन और सरकार से पत्रकारों की सुरक्षा की मांग करते हैं। उन्होंने एक ही परिवार के तीन लोगों की हुई संदिग्ध हत्याकांड की भी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में प्रेस क्लब हजारीबाग के अध्यक्ष उमेश प्रताप के साथ संयुक्त सचिव देवनारायण प्रसाद, कोषाध्यक्ष अमरनाथ पाठक, वरिष्ठ पत्रकार सहदेव प्रसाद लोहानी, जयनारायण प्रसाद, कार्यकारिणी सदस्य मो. शमीम अहमद, प्रमोद खंडेलवाल, अजय निराला, अविनाश अंजन, अनिल राणा, रामशरण शर्मा, गणेश कुमार प्रजापति, कैलाश यादव, बलदेव शर्मा, मो एहसान, मनोज कुमार समेत कई पत्रकार शामिल थे।

नीट परीक्षा के सफल आयोजन हेतु उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक

नीट परीक्षा के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री हेमन्त सती की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। यह परीक्षा दिनांक 03 मई 2026 को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

उपायुक्त ने बैठक में उपस्थित सभी दंडाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा का संचालन निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन हो। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा आयोजित की जाएगी तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

परीक्षा केंद्रों के भीतर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा संचालन से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों एवं मार्गदर्शिकाओं का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। साथ ही, बैठक में परीक्षा से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई।

रांची में AHPI झारखंड की नई कार्यकारिणी का गठन, डॉक्टर राजेश अध्यक्ष और डॉक्टर शंभु प्रसाद सिंह बने सचिव

रांची के रानी अस्पताल में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में स्वास्थ्य सेवा प्रदाता संघ (AHPI) झारखंड प्रकोष्ठ की नई कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से नई टीम का चयन करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।

नवगठित कार्यकारिणी में डॉक्टर राजेश को अध्यक्ष तथा डॉक्टर शंभु प्रसाद सिंह को सचिव चुना गया है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर सिद्धांत जैन के साथ हर्ष अजमेरा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कोषाध्यक्ष के रूप में साहिल गंभीर तथा संयुक्त सचिव पद पर डॉक्टर दिनेश कुमार और डॉक्टर रामनेश कुमार को नियुक्त किया गया है।

बैठक में संगठन के पूर्व अध्यक्ष सईद अहमद अंसारी, संरक्षक योगेश गंभीर एवं डॉक्टर अजय कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने नई कार्यकारिणी के प्रति विश्वास जताते हुए संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

उपाध्यक्ष बनाए जाने पर हर्ष अजमेरा ने कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।

नई कार्यकारिणी से उम्मीद जताई जा रही है कि यह टीम झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने के साथ आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वहीं, हजारीबाग में हर्ष अजमेरा को उपाध्यक्ष बनाए जाने पर खुशी की लहर देखी जा रही है, जहां विभिन्न निजी समूहों और संगठनों के माध्यम से उन्हें लगातार बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं।

हजारीबाग यूथ विंग ने एसपी अमन कुमार से की शिष्टाचार भेंट, समाजहित में मिलकर काम करने का भरोसा

हजारीबाग यूथ विंग के प्रतिनिधिमंडल ने जिले के नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक अमन कुमार से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन एवं अध्यक्ष करण जायसवाल के निर्देश पर यह मुलाकात हुई, जिसमें सचिव रितेश खण्डेलवाल, सह सचिव अभिषेक पांडे, कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद ताजुद्दीन, सत्यनारायण सिंह एवं उदित तिवारी उपस्थित रहे।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और हजारीबाग में उनके पदस्थापन पर शुभकामनाएं दीं। मुलाकात का माहौल सकारात्मक और सहयोगात्मक रहा, जहां समाजहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने संस्था द्वारा किए जा रहे विभिन्न सामाजिक कार्यों की जानकारी देते हुए हाल ही में आयोजित रक्तदान शिविर का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हजारीबाग पुलिस के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 326 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जिसके लिए संस्था ने पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने छठ पूजा, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों के साथ-साथ आगामी नशा मुक्ति जागरूकता अभियान की योजना से भी अवगत कराया। बताया गया कि संस्था जल्द ही जागरूकता रथ के माध्यम से और विद्यालयों में जाकर बच्चों को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करेगी, ताकि समाज को एक सकारात्मक दिशा मिल सके।

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि समाज निर्माण में ऐसी संस्थाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है और पुलिस विभाग भविष्य में भी संस्था के जनहितकारी कार्यों में हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।

संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग समाजहित के कार्यों के लिए सदैव तत्पर रही है और पुलिस प्रशासन के सहयोग से इन प्रयासों को और व्यापक बनाया जाएगा। वहीं अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक सेवा पहुंचाना है और आने वाले समय में न

इचाक प्रखण्ड में स्वरोजगार को बढ़ावा: कुक्कुट पालन हेतु 500 चूजे, दाना व दवाइयों का वितरण

हजारीबाग जिले के इचाक प्रखण्ड में झारखंड सरकार के तत्वावधान में पशुपालन विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। इस कार्यक्रम के तहत दर्जनों महिला एवं पुरुष लाभार्थियों के बीच कुक्कुट पालन के लिए 500 पीस चूजे, दाना, दवाइयां एवं आवश्यक कीट सामग्री का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में प्रखण्ड प्रमुख पार्वती देवी, बीस सूत्री अध्यक्ष मनोहर राम, डॉक्टर नकुल मोदी, युवा नेता गौतम कुमार एवं प्रियंका कुमारी के हाथों लाभार्थियों को सामग्री प्रदान की गई। मौके पर उपस्थित जनसमूह में उत्साह का माहौल देखा गया, जहां ग्रामीणों ने इस पहल को अपने भविष्य के लिए एक नई उम्मीद के रूप में देखा।

प्रखण्ड प्रमुख पार्वती देवी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए यह एक प्रभावी कदम है, जिससे ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। वहीं जेएमएम नेता मनोहर राम ने कहा कि पशुपालन विभाग की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, इसके लिए प्रयास तेज किए जाने चाहिए। उन्होंने सरकार से गाय पालन, सूअर पालन एवं बकरी पालन को भी व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने की मांग की।

युवा नेता गौतम कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र में कृषि के अलावा आय के सीमित साधन हैं, ऐसे में कुक्कुट पालन, बकरी पालन एवं गाय पालन ग्रामीणों के लिए रोजगार का मजबूत माध्यम बन सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इस तरह की योजनाओं का दायरा और बढ़ेगा।

इस योजना का लाभ लेने वाले प्रमुख लाभार्थियों में गायत्री देवी, सोनी कुमारी, खुशबू देवी, जमनी देवी एवं सुकनी देवी सहित कई अन्य ग्रामीण महिलाएं शामिल रहीं, जिन्होंने सरकार के इस प्रयास के प्रति आभार व्यक्त किया।