संपूर्ण समाधान दिवस में आयुक्त सख्त, 3 दिन में निस्तारण के निर्देश; दोषी मिलने पर एफआईआर की चेतावनी

*कर्नलगंज तहसील पहुंचकर आयुक्त ने सुनी आमजनों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए निस्तारण के निर्देश*


*8 मई को आयुक्त श्रावस्ती में करेंगी संध्या संवाद कार्यक्रम*


*गोण्डा 2 मई 2026*  -  कर्नलगंज तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान आयुक्त देवीपाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल ने जनसमस्याओं को सुना एवं उसके त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर देते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कर्नलगंज निवासिनी रेखा रानी ने आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पति की सर्पदंश से मृत्यु के बाद उन्होंने राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना और विधवा पेंशन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन अब तक लाभ नहीं मिला। साथ ही बताया कि लेखपाल द्वारा जानबूझकर योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा है। इस पर आयुक्त ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीएम को निर्देश दिया कि तीन दिन के भीतर जांच कर पीड़िता को लाभ दिलाया जाए एवं दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए जरूरत पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाए।

कटरा बाजार निवासी पंकज कुमार वर्मा ने घर के सामने लगे इंडिया मार्का हैंडपंप के लंबे समय से खराब होने की शिकायत की। इस पर आयुक्त ने बीडीओ कटरा बाजार को निर्देशित किया कि मामले की जांच कर तत्काल हैंडपंप चालू कराया जाए और रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

वहीं हलधरमऊ निवासी राजेश कुमार ने अपनी चार बीघा जमीन के अंश निर्धारण में गड़बड़ी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि सभी बैनामा दस्तावेज देने के बावजूद हल्का लेखपाल द्वारा अब तक सही अंश निर्धारण नहीं किया गया है। इस पर आयुक्त ने एसडीएम को निर्देश दिया कि मामले की तुरंत जांच कराकर सही अंश निर्धारण सुनिश्चित किया जाए।

आयुक्त ने संपूर्ण समाधान दिवस से संबंधित रजिस्टर में दर्ज विवरण अधूरा पाए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने सम्बन्धित को निर्देशित किया कि सभी विवरण एक सप्ताह के भीतर रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही एसडीएम से कहा कि जो लेखपाल, सचिव या अन्य कोई अधिकारी अथवा कर्मचारी शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी करें, उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।



*श्रावस्ती में 8 मई को ‘संध्या संवाद कार्यक्रम’, जनसुनवाई से लाभ वितरण तक आयोजन*

आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल द्वारा माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के क्रम में 8 मई को जनपद श्रावस्ती में ‘संध्या संवाद कार्यक्रम’ आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत दिनभर आमजन की समस्याओं के समाधान, विकास कार्यों के निरीक्षण और योजनाओं के लाभ वितरण की व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई होगी, जबकि 12 से 1 बजे तक कर्मचारियों, पेंशनरों व वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। दोपहर 2 से 4 बजे तक निर्माणाधीन एवं पूर्ण परियोजनाओं की गुणवत्ता जांच और स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। शाम 5 से 7 बजे तक चयनित ग्राम पंचायत में ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। साथ ही शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से संतृप्त कर प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पारदर्शिता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने तहसील गोण्डा सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की सुनी समस्याए
*सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का शतप्रतिशत समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश-जिलाधिकारी*


*सम्पूर्ण समाधान गोण्डा सदर में 128 शिकायतों में से 05 का मौके पर ही किया गया निस्तारण*


*राशन कार्ड से संबंधित लाभार्थियों को मौके पर ही राशन कार्ड बनवा कर किया गया वितरित*

*गोण्डा 02 मई, 2026*।
शासन की मंशानुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का एक ही स्थल पर निस्तारण कराने के उद्देश्य से जनपद के समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें तहसील गोण्डा सदर में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन तथा पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल ने आये हुये फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई के दौरान तहसील गोण्डा सदर में कुल 128 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें 05 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया है शेष प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुये आख्या तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने निर्देश दिए हैं कि समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले शिकायतों के निस्तारण हेतु टीम गठित किया जाय, तथा टीम द्वारा शिकायत का मौके पर स्थलीय जांचकर पूरी गुणवत्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाय।  

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उन्होंने कहा कि अवैध अतिक्रमण तथा चकमार्ग के मामले में संयुक्त रूप से राजस्व एवं पुलिस फोर्स के साथ मौके पर जाकर निस्तारित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि तालाब जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जा, चकरोड, नाली, अवैध अतिक्रमण आदि को पुलिस फोर्स के साथ हटवाने का कार्य करें। शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाएं। उसके आने पर लिखित रूप से उल्लेख करें और निस्तारण के प्रकरण का फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी भी करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर पूरी गुणवत्ता के साथ करें अन्यथा संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

संपूर्ण समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी ने वहां पर उपस्थित सभी संबंधित विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करना सुनिश्चित करें।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान राशन कार्ड से संबंधित प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही राशन कार्ड बनवा कर लाभार्थियों को वितरण किया।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी अनुराग प्रियदर्शी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतलाल, उपजिलाधिकारी सदर गोण्डा जितेंद्र गौतम, तहसीलदार मनीष कुमार, नायब तहसीलदार अनुराग पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे, जिला प्रोवेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, तथा अन्य विभागों के अधिकारी सहित अन्य सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से जिला कारागार का किया निरीक्षण*

*गोण्डा 02 मई, 2026*।
जिलाधिकारी गोण्डा श्रीमती प्रियंका निरंजन एवं पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वहां पर कैदियों से वार्ता की तथा उन्हें जेल में दी जा रही सुविधाओं एवं उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कारागार अस्पताल में जाकर वहां पर भर्ती कैदियों से मुलाकात किया, साथ ही सभी भर्ती कैदियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। जिलाधिकारी तथा एसपी ने स्वयं विभिन्न बैरकों, अस्पताल, भोजनालय, भंडार कक्ष, पुस्तकालय आदि का निरीक्षण किया तथा संबंधित को निर्देश दिए कि जेल में जेल मैनुअल के अनुसार कैदियों को सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। इसके साथ ही ऐसे कैदी जिनके पास वकील नहीं है उनके लिए सरकारी वकील का भी प्रबंध कराया जाय। जेल में निरुद्ध कैदियों का बराबर मेडिकल चेकअप कराने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महिला बन्दियों वार्ता की, उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास वकील नहीं है तो बता दीजिए वकील की व्यवस्था करा दी जायेगी।

निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक, डिप्टी जेलर, कारागार डॉक्टर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा अवैध तमंचे के साथ 01 अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार-*

गोंडा।पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी  राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी तरबगंज  उमेश्वर प्रभात सिंह के नेतृत्व में थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा अभियुक्त रोहित कुमार पुत्र रामू को चौहान ढाबा से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 01 अदद अवैध तमंचा 315 बोर मय 01 अदद जिन्दा कारतूस बरामद किया गया।

गोण्डा। *घटना का संक्षिप्त विवरण-*
दिनांक 30.04.2026 को उ0नि0 उमेश सिंह मय पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति/वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर खास की सूचना पर कस्बा कोल्हमपुर स्थित चौहान ढाबा पर दबिश दी गई। मौके पर एक संदिग्ध युवक को पकड़कर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से एक अदद देशी तमंचा 315 बोर तथा एक अदद जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम रोहित कुमार पुत्र रामू निवासी चौकीदार पुरवा रामापुर थाना नवाबगंज जनपद गोण्डा बताया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना स्थानीय में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।
जिला पंचायत सभागार में छात्र-छात्राओं एवं श्रमिकों को मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष एवं अपर जिलाधिकारी द्वारा किया गया सम्मानित

*अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर मनरेगा श्रमिकों का सम्मान, ग्राम पंचायतों में हुआ सम्मान समारोह का आयोजन*

*श्रमिकों के योगदान को किया गया रेखांकित, सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश*

*गोण्डा 01 मई,2026*।
अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर जनपद में जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशानुसार विभिन्न ग्राम पंचायतों तथा श्रम विभाग के तत्वाधान में श्रमिकों के साथ जिला पंचायत सभागार में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री घनश्याम मिश्र एवं अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अटल आवासीय विद्यालय सिसवा मनकापुर में  अध्यनरत तथा परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं श्रमिकों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के अंतर्गत कार्यरत श्रमिकों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।

जनपद के विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान मनरेगा श्रमिकों को फूल-माला पहनाकर, अंग वस्त्र भेंट कर तथा मिष्ठान वितरित कर सम्मानित किया गया। खंड विकास अधिकारियों की उपस्थिति में श्रमिकों को सम्मानित करते हुए उनके परिश्रम और समर्पण की प्रशंसा की गई। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की भी सक्रिय सहभागिता रही।

अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि मनरेगा श्रमिक ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं और उनके परिश्रम से ही गांवों में आधारभूत संरचना मजबूत हो रही है। सड़कों, तालाबों, जल संरक्षण एवं अन्य विकास कार्यों में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका को सराहते हुए उन्हें निरंतर बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई तथा उन्हें योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही अधिकारियों ने श्रमिकों से अपील की कि वे अपने कार्यों को पूरी निष्ठा एवं गुणवत्ता के साथ संपन्न करें, जिससे जनपद के विकास को और गति मिल सके।

यह आयोजन श्रमिकों के सम्मान और उनके मनोबल को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। कार्यक्रमों में श्रमिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह ने श्रमिकों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना को और मजबूत किया।

कार्यक्रम के दौरान उपश्रमायुक्त देवीपाटन मण्डल गोण्डा अनुभव वर्मा, सहायक श्रमायुक्त गोण्डा मोहम्मद अब्बास, उपायुक्त जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र गोण्डा श्री बाबूराम यादव, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह, प्रधान सहायक योगेश सिंह, विभिन्न व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ-साथ श्रम विभाग एवं श्रमिकगण सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
राजन महराज 9 दिन करेंगे रामकथा का वाचन,2 लाख से अधिक आमंत्रण पत्र वितरित
*3 मई से 11 मई तक होगी रामकथा, योगी मंत्रिमंडल आमंत्रित

गोंडा।जिले के कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्थित सम्मय माता मंदिर,पैड़ीबरा में 9 दिवसीय श्री रामकथा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।श्री रामकथा आयोजन समिति ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित एक निजी होटल में पत्रकार वार्ता आयोजित कर कथा के बारे में विस्तृत जानकारी दिया।आयोजन समिति के अनुसार,गोंडा और अयोध्या सहित चार मंडलों से लगभग दो लाख से अधिक भक्त पूज्य राजन जी महाराज की श्रीराम कथा में शामिल होंगे।यह कथा वर्ष 2022 में भाजपा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भवानी भीख शुक्ला द्वारा बुक कराई गई थी।चार साल के इंतजार के बाद यह श्री राम कथा 3 मई से 11 मई तक आयोजित की जाएगी।कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे।पुलिस विभाग के अधिकारियों ने आयोजन समिति के सदस्यों से मिलकर कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त किया है।श्री राम कथा आयोजन समिति ने पूरे योगी मंत्रिमंडल,प्रदेश के कई विधायकों,कई उपमुख्यमंत्री व कई केंद्रीय मंत्रियों को भी आमंत्रण भेजा है,इसके अतिरिक्त कई बड़े अभिनेता, गायक और राजनेता भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।आयोजन समिति के मुख्य सदस्य व भाजपा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भवानी भीख शुक्ला ने बताया कि चार मंडलों में लगभग दो लाख लोगों को आमंत्रण पत्र वितरित किये गए हैं।समिति ने आम जनमानस से 3 मई से 11 मई तक आयोजित होने वाली इस श्री राम कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील किया है।गांव गांव जाकर के लोगों को कार्ड के माध्यम से इस कथा में शामिल होने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।9 दिवसीय इस श्री राम कथा के दौरान अलग अलग तरीके से कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं।श्री राम कथा महिमा से श्री राम कथा की शुरुआत होगी,सुंदरकांड व श्री राम राज्याभिषेक के साथ इस कथा का समापन होगा तथा 12 मई को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है।
बच्ची पर वैन चढ़ाने वाला गिरफ्तार,सिर पर चढ़ा दी थी गाड़ी
*देर रात बच्ची का हुआ अंतिम संस्कार

गोंडा।मारूति वैन की टक्कर से शिवानी सिंह (8) की मौत के मामले में देहात कोतवाली पुलिस ने आरोपी वाहन चालक जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।मृतक बच्ची के पिता सुनील कुमार सिंह की तहरीर पर चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।कल हुई घटना के बाद परिजनों ने गोंडा लखनऊ हाइवे जामकर विरोध प्रदर्शन किया था।कड़ी सुरक्षा के बीच देर रात शिवानी का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शिवानी के सड़क पर गिरने और गाड़ी का टायर चढ़ने के कारण मौत होने की पुष्टि हुई है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का भी खुलासा हुआ है कि शिवानी के सिर से अधिक रक्त स्राव होने के कारण उसकी मौत हो गई है।यह घटना देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के तिवारी पुरवा बालपुर जाट गांव के पास हुई, जब शिवानी अपने बड़े पापा अनिल कुमार सिंह के ई रिक्शा पर बैठकर अपने चचेरे भाई अनूप और बहन नैंसी के साथ बालपुर बाजार कपड़े खरीदने जा रही थी।वे 5 मई को अपने चाचा अजय की शादी में शामिल होने के लिए खरीददारी कर रहे थे।इसी दौरान गोंडा से लखनऊ की तरफ जा रही एक मारुति वैन ने ई रिक्शा में टक्कर मार दिया।टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवानी सिंह सड़क पर गिर गई,वैन चालक ने घटना के बाद भागने के प्रयास में शिवानी के सिर पर गाड़ी चढ़ा दिया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।इस हादसे में घायल अनूप 9 वर्ष तथा नैंसी 6 वर्ष को एक स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।अस्पताल के डाक्टरों के अनुसार,दोनों की हालत खतरे से बाहर है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दिया गया है।मामले में देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मृतका शिवानी का पोस्टमार्टम करवा कर देर रात ही परिजनों की सहमति से अंतिम संस्कार करवा दिया गया है।आरोपी वैन चालक जितेंद्र कुमार पुत्र दिलीप निवासी पूर्णिया जनपद लखनऊ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
पूर्व विधायक पुत्र व गैस एजेंसी संचालक में मारपीट,जमकर चले लात घूंसे व कुर्सियां

*फोन ना उठाने पर हुआ विवाद

गोंडा।जिले के परसपुर थाना क्षेत्र में पूर्व भाजपा विधायक कुंवर अजय प्रताप सिंह उर्फ़ लल्ला भैया की दूसरी पत्नी के बड़े बेटे कुंवर कमलेन मोहन सिंह और गैस एजेंसी संचालक वैभव सिंह के बीच जमकर मारपीट हुई।मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है,इसमें दोनों पक्षों के समर्थक भी मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।मामला परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चरसड़ी स्थित सावित्री गैस एजेंसी का है।एजेंसी के उपभोक्ता लगातार गैस ना मिलने की शिकायत कुंवर कमलेन मोहन सिंह से कर रहे थे।आरोप है कि बुकिंग के बावजूद एजेंसी पर गैस वितरण नहीं हो रहा था।इसी शिकायत को लेकर कुंवर कमलेन मोहन सिंह मंगलवार को भी एजेंसी पहुंचे थे और समस्या दूर करने के लिए कहा था।बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को फिर से उपभोक्ताओं की शिकायतें आने पर कुंवर कमलेन मोहन सिंह ने एजेंसी संचालक वैभव सिंह को फोन किया,परन्तु फोन नहीं उठाया गया।इसके बाद वह सीधे एजेंसी पहुंच गये और वहां फोन ना उठाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई,जो देखते ही देखते गाली गलौज और मारपीट में बदल गई।मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के समर्थक भी भिंड़ गये।घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और लोग इधर उधर भागते नजर आए।परसपुर थाने की पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दिया है।फिलहाल किसी भी पक्ष की तरफ से थाने में तहरीर नहीं दी गई है।थानाध्यक्ष परसपुर ने कहा कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मनपसंद गाना न बजाने पर मारपीट, मुकदमा दर्ज
*वधु पक्ष ने डीजे संचालक व दूल्हे के भाइयों को पीटा

गोंडा।जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चौबेपुर गांव में मनपसंद गाना न बजाने को लेकर डीजे संचालक व दूल्हे के भाइयों से मारपीट का मामला सामने आया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार,लड़की पक्ष के लोगों ने डीजे संचालक से अपनी पसंद का गाना बजाने के लिए कहा।जिस पर डीजे संचालक ने बताया कि दूल्हे के भाई ने एक विशेष गाना बजाने के लिए कहा था।इसी बात को लेकर दूल्हे के भाई और डीजे संचालक की लोगों से कहासुनी हो गई,इसके बाद कुछ लोग डीजे पर चढ़ गए और उनके साथ मारपीट किया।यह घटना बीते 25 अप्रैल की बताई जा रही है।जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।मारपीट के दौरान लाठी डंडों का भी इस्तेमाल किया गया,जिसमें गांव के कई लोग और महिलाएं भी शामिल थीं।हमलावरों ने डीजे में तोड़फोड़ की और जिस पिकप गाड़ी से डीजे लाया गया था उसके अगले हिस्से का शीशा भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।डीजे संचालक लाल बाबू गुप्ता ने नवाबगंज थाने में तहरीर दिया है।उनकी शिकायत पर राम बिहारी,मुंशी,जवाहर और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, डीजे व गाड़ी में तोड़फोड़ का मुकदमा दर्ज किया गया है।लाल बाबू गुप्ता ने बताया कि 25 अप्रैल को वे चौबेपुर में हरिश्चंद्र के यहाँ डीजे लेकर गया था,जहाँ रात में कुछ लोगों ने भीम आर्मी का गाना बजाने को कहा और मना करने पर उनके साथ मारपीट की गई और गाड़ी में तोड़फोड़ की गई,साथ ही दूल्हे के भाइयों को भी पीटा गया।सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद नवाबगंज थाने की पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दिया है।नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि मनपसंद गाना बजाने को लेकर इन लोगों ने डीजे संचालक के साथ मारपीट किया है।मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले को लेकर जांच की जा रही है।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित

*बैठक में समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यों पर दिया गया जोर*


*बैठक के दौरान पर्यावरण एवं ड्रेनेज व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश-जिलाधिकारी*


*बैठक में लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी*


*गोण्डा 30 अप्रैल,2026*।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास कार्यों, गो आश्रय, जिला स्तरीय ओडीटी सेल, सरयू ड्रेनेज खंड, जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति सहित पंचायत, कृषि, नेडा, समाज कल्याण, सिंचाई, पूर्ति, जल निगम, बेसिक शिक्षा, प्रोबेशन, विद्युत, फैमिली आईडी, वन, खनन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं एनआरएलएम से संबंधित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए, जिससे जनहित योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंच सके। साथ ही विभागीय रैंकिंग में सुधार लाने के लिए ठोस प्रयास सुनिश्चित किए जाएं।

जिलाधिकारी ने सरयू ड्रेनेज खंड के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि सभी नालों की सफाई से संबंधित अद्यतन सूचना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत की जाए। उन्होंने जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु पूर्व से ही आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर ली जाएं। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने सभी विभागों के समन्वय से कार्य करने पर बल दिया।


बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी विभाग में कार्यों के प्रति लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्य धरातल पर प्रभावी रूप से दिखाई दें।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अंकिता जैन, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, डीपीआरओ लालजी दूबे, एक्सईएएन विद्युत राम मोहन पाण्डेय, एआरओ सप्लाई विभाग शिव प्रकाश त्रिपाठी, सीडीपीओ दुर्गेश कुमार सहित सभी बीडीओ, एडीओ पंचायत एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की।