पिस्टल लेकर डांस करते हुए वायरल हुआ वीडियो, पुलिस ने बताया 'टॉयगन' भेजा जेल
मीरजापुर। शादी समारोह में डांस के दौरान हाथ में पिस्टल लेकर लहराने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है और जेल भेज दिया है। हालांकि पुलिस की मानें तो वह पिस्टल नहीं 'टॉयगन' रहा है।
दरअसल, 30 अप्रैल की रात में एक युवक द्वारा हाथ में पिस्टल लेकर लहराते हुए डांस करने का एक वीडियो वायरल हो रहा था। सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस ने इसे संज्ञान में आने के बाद छानबीन शुरू की जिस पर थाना अदलहाट पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए युवक की पहचान छोटू पुत्र किशोरी निवासी बरईपुर थाना अदलहाट उम्र करीब-25 वर्ष के रुप में करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गुरुवार को एक शादी समारोह में गया था, जहां डांस के दौरान  वह एक पिस्टल लिए हुए वीडियो में दिख रहा है, जांच के दौरान पिस्टल नकली पायी गयी, जो एक टॉय गन है।
Mirzapur: गौ तस्कर से पुलिस की मुठभेड़, दोनों हुए घायल


मीरजापुर।  जिले में पुलिस और गौ तस्करों की तड़के हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली से दोनों घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को तड़के गौ तस्कर जिले की अदलहाट थाना क्षेत्र की सीमा से होते हुए बिहार राज्य की ओर जाने की फिराक में थे कि तभी गश्त पर निकली अदलहाट थाना पुलिस से आमना-सामना होने पर हल्की मुठभेड़ के दौरान दो शातिर गो-तस्करों को घायल कर गिरफ्तार करते हुए मौके से क्रूरता पूर्वक बांध कर वध के लिए ले जाए जा रहे 6  गोवंश पिकअप वाहन सहित तथा 2 अवैध चमंचा मय कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक
गोवंश को तस्करी कर चैनपुर (बिहार( ले जाया जा रहा था। तभी अदलहाट थाना पुलिस टीम ने ग्राम हाजीपुर नहर पुलिया के पास पशु तस्करों के पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया तो उनके द्वारा गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया गया किन्तु पुलिस टीम द्वारा सीमित जवाबी कार्यवाही की गयी, जिसमें दो गो-तस्कर के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गए। पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए तस्करों ने अपना नाम पता का नाम पता क्रमशः भोला हरिजन पुत्र लालचन्द निवासी ग्राम विसौरा खुर्द थाना अदलहाट व बाबू उर्फ रामजन्म सोनकर पुत्र मिठाईलाल सोनकर निवासी रामपुर ढबही थाना अहरौरा  बताया गया है जिनकी जमातलाशी ली गयी तो उनके पास से घटना में प्रयुक्त 2 अदद तमंचा (315 बोर),4 जिन्दा व 2 खोखा कारतूस,1 पिकअप वाहन तथा 6 राशि गोवंश बरामद हुए हैं। मुठभेड में गिरफ्तार/घायल तस्कर को पुलिस अभिरक्षा लेकर में इलाज हेतु अस्पताल भिजवाया गया है, जहां उनकी स्थिति सामान्य है।

*दोनों का आपराधिक इतिहास*

पुलिस क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव के मुताबिक भोला हरिजन 24 वर्ष पर मीरजापुर जिले के लालगंज व देहात कोतवाली थाना एवं चंदौली जिले में कई मुकदमे कायम हैं वहीं बाबू उर्फ रामजन्म सोनकर 22 वर्ष पर मीरजापुर के लालगंज थाना में गैंगैस्टर एक्ट सहित गोवध अधिनियम के तहत
मुकदमा दर्ज हैं।


सोनभद्र : श्रमिक हितों के लिए आंदोलन करता रहूंगा: डब्लू सिंह
*मजदूर दिवस पर श्रमिकों हितों के लिए संघर्षरत रहने वाले युवा नेता ने कामगार साथियों को किया संबोधित

सोनभद्र। सोनांचल के श्रमिकों के हितों के लिए सदैव संघर्ष और आंदोलन किया हूं और करता भी रहूंगा, यह तब तक जारी रहेगा जबतक कि श्रमिकों के हक-अधिकार का पाई पाई अंश इन्हें प्राप्त नहीं हो जाता है। उक्त बातें मजदूर दिवस अवसर पर रेणुकूट नगर के के पूर्व पालिकाध्यक्ष के भाई विजय प्रताप सिंह उर्फ डब्लू सिंह ने मजदूरों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
वह मजदूर दिवस अवसर पर शुक्रवार को हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड मुख्य गेट के समक्ष सैकड़ों की संख्या में एकत्र हुए मजदूर कामगार साथियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मजदूरों की कुछ लंबित मांगों पर लंबे समय बाद कंपनी द्वारा दिए गए लिखित आदेश निर्देश की चर्चा करते हुए कहा यह मैंने नहीं बल्कि आपके साथ और मेरे संघर्ष का प्रतिफल है जो आगे भी रहेगा। कहा मुझे न तो किसी सम्मान की आवश्यकता है ना ही किसी प्रभाव कि यह तन आपके (श्रमिकों) के लिए समर्पित है जो सदैव गरीबों मजलूमों, पीड़ितों के लिए रहेगा भी यदि कुछ चाहिए तो बस आपका सच्चा साथ और प्यार ताकि आपके लिए आगे भी ऐसे ही तटस्थ होकर संघर्ष करता रहूं।
उन्होंने कहा आज मजदूर दिवस अवसर पर यह छोटी सी जीत आप सभी के सहयोग से ही संभव हो पाया है। कहा पहली बार हिंडाल्को ने मजदूर हितो में यह फैसला दिया है लेकिन इतने के बाद भी मैं चुप नहीं बैठूंगा जब तक कि इसको धरातल पर न उतार लिया जाएगा तब तक संघर्ष जारी रहेगा। कहा मुझे व्यक्ति नहीं व्यवस्था से विरोध है ख़ासकर उस व्यवस्था से जो कामगारों के हितों को नकारते हुए लागू किया जाएगा। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में मजदूर साथियों के साथ ही अन्य लोग मौजूद रहे।
आर्केस्ट्रा में हुए विवाद के दौरान मनबढ़ युवकों ने आर्केस्ट्रा प्रबंधक का छीना लाइसेंसी पिस्टल
पुलिस चोरी का मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच में जुटी

मीरजापुर।ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव में लालगंज क्षेत्र के सेमरी कलां गांव से बुधवार की रात आई बरात में आर्केस्ट्रा को लेकर हुए विवाद में मीरजापुर निवासी युवक का लाइसेंसी पिस्टल आर्केस्ट्रा देखने आए गांव के मनबढ़ युवकों ने छीन लिया। सूचना पर देर रात पहुंचे मय फोर्स थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन एसआइ मूलचंद्र वर्मा ने घटना की जांच की। गुरुवार दोपहर लाइसेंसी पिस्टल धारक सौरभ जायसवाल निवासी बल्ली का अड्डा थाना कोतवाली कटरा की तहरीर पर पुलिस ने पिस्टल चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं पुलिस दूल्हे के चचेरे भाई पिंटू वर्मा निवासी सेमरी कलां थाना लालगंज व घरात पक्ष से जय प्रकाश निवासी मड़वा धनावल को पूछताछ के लिए थाने पर ले गई।सेमरी कलां गांव निवासी हीरालाल वर्मा के पुत्र आशुतोष की शादी मड़वा धनावल गांव के नरैना बस्ती निवासी चिंता धरकार की पुत्री अर्चना से बुधवार को हो रही थी। जहां बरात में आर्केस्ट्रा में नाचने गाने के लिए मीरजापुर से नर्तकियों को लेकर आए सौरभ जायसवाल का आर्केस्ट्रा देखने आए मनबढ़ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मनबढ़ युवकों ने सौरभ जायसवाल की लाइसेंसी पिस्टल छीन लिया। मनबढ़ युवक 32 बोर का लाइसेंसी पिस्टल और 6 कारतूस लेकर वहां से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की और सौरभ जायसवाल की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज किया। वहीं ड्रमंडगंज थाने पहुंचे दूल्हे के चचेरे भाई सोनेलाल वर्मा ने बताया कि बुधवार को चचेरे भाई की बरात मड़वा धनावल गांव में आई थी जिसमें आर्केस्ट्रा देर से शुरू होने पर मड़वा धनावल गांव के आठ नौ मनबढ़ युवकों ने मीरजापुर निवासी आर्केस्ट्रा प्रबंधक सौरभ जायसवाल से वाद विवाद कर लिया और उनकी लाइसेंसी पिस्टल छीनकर भाग निकले। पुलिस हमारे बड़े भाई पिंटू वर्मा को घर से पकड़कर थाने लाई है जबकि लाइसेंसी पिस्टल को मनबढ़ युवकों ने छीना है।इस संबंध में थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि मड़वा धनावल गांव में आर्केस्ट्रा में हुए विवाद के दौरान मीरजापुर निवासी आर्केस्ट्रा संचालक की लाइसेंसी पिस्टल चोरी हो गई। संचालक की तहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।
घर से निकले बुजुर्ग का खभवा बंधी में मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
मीरजापुर। ज़िले के हलिया थाना क्षेत्र के परसिया मुड़पेली गांव निवासी एक व्यक्ति का शव गुरूवार की सुबह खभवा बंधी में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रशांत दुबे की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल करते हुए शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई किया।परसिया मुड़पेली गांव निवासी राम किशोर (55) बीते बुधवार शाम पांच बजे के करीब घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, मगर कोई सुराग नहीं मिल सका।  दूसरे दिन सुबह गौरवा स्थित सिंचाई विभाग के खभवा बंधी के किनारे ग्रामीणों ने एक जोड़ी जूता देखा जिसकी सूचना परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने तलाश की तो बंधी में राम किशोर का शव मिला। वृद्ध की मौत से पत्नी छबीलीया तथा परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।हलिया पुलिस मौके पर पहुंचकर जाच पड़ताल करते हुए शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लेकर कार्रवाई की है। बताते चलें कि मृतक के इकलौते पुत्र मुरली की 3 वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। मृतक वृद्ध मेहनत मजदूरी कर अपने तीन अविवाहित नतनी तथा दो नातीयों का जिवकोपार्जन का इकलौता सहारा था घटना से गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि खभवा बंधी में अधेड़ की मौत की सूचना पर शव कब्जे में लेकर पीएम कार्रवाई की जा रही है  मृत्यु का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा।
Mirzapur : असहाय पुलिस, कराहता कानून व्यवस्था, पुलिस चौकी में घुस कर सिपाही और दरोगा की पिटाई
मीरजापुर। यूपी के मीरजापुर से कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देती हुई एक तस्वीर सामने आई है जहां पुलिस चौकी में घुसकर दरोगा और सिपाही को पीटा जा रहा है उनकी वर्दी नोचीं जा रही है। सम्पूर्ण मामले का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कम मचा हुआ है तो वहीं लोग जिले की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं।
पुलिस चौकी में घुस कर सिपाही और दरोगा की पिटाई का यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तमाम तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं तो बड़ा सवाल यह है कि 'जब वर्दी धारी ही असुरक्षित हैं तो आमजनों का क्या होगा?'
पूरा मामला ई रिक्शा से टक्कर के विवाद को लेकर चालक की हुई पिटाई से जुड़ा होना बताया जा रहा है। जिसके बाद मनबढ़ लोगों ने पुलिस चौकी पर जमकर बवाल काटा है। हद तो यह कि
चौकी इंचार्ज अस्पताल और सिपाही को पुलिस चौकी के अंदर ही पीटा जाता रहा है। इसमें सिपाही के सिर पर चोट आई है तो दरोगा की वर्दी फाड़ी गई, बैज नोचा गया है।
सूचना पर पहुंची भारी पुलिस फोर्स तो मौके से भाग निकले उपद्रवी दबंग हालांकि पुलिस ने 5 को हिरासत में लिया है। पूरा मामला बुधवार रात का बताया जा रहा है।

इस संदर्भ में क्षेत्राधिकारी नगर विवेक जावला ने जानकारी देते हुए बताया है कि 29 अप्रैल को थाना कोतवाली शहर क्षेत्रान्तर्गत पुलिस चौकी सदर अस्पताल के पास घटित घटना के सम्बन्ध में चौकी प्रभारी सदर अस्पताल उप निरीक्षक मनोज कुमार राय की लिखित तहरीर पर भरत तिवारी पुत्र स्वर्गीय कृपाशंकर तिवारी, मनोज त्रिपाठी पुत्र स्वर्गीय जयनाथ त्रिपाठी, विकास त्रिपाठी पुत्र नित्यानन्द त्रिपाठी निवासीगण ग्राम मेवली थाना कोतवाली देहात व विक्की उर्फ हरेन्द्र प्रताप पुत्र गोपाल सिंह निवासी रामबाग थाना कोतवाली शहर को नामजद तथा कुछ अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरूद्ध मु.अ.सं0. 72/2026 धारा 191(2),121(1),352,351(2),324(4)(5) बीएनएस व 7 सीएलए एक्ट पंजीकृत किया गया है। नामजद भरत तिवारी, मनोज त्रिपाठी व विकास त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

चर्चा है कि आटो चालक से धक्का लगने के बाद विवाद हुआ, जिसके बाद विशेष समुदाय के लोगों ने ऑटो चालक का पक्ष लेते हुए एक अधिवक्ता की पिटाई शुरू कर दी थी, आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस के सिपाही ने भी अधिवक्ता को न पहचानते हुए उनपर पर थप्पड़ चला दिए जिसके बाद मामला बिगड़ गया।
पुलिस-गो तस्करों के बीच मुठभेड़, 2 शातिर तस्कर घायल
मीरजापुर‌। पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।, जिले के अहरौरा में पुलिस-गो तस्करों के बीच मुठभेड़ के बाद 2 शातिर तस्कर घायल हुए हैं। इस दौरान जंगल के रास्ते बिहार ले जाए जा रहे 45 गोवंश को पुलिस ने मुक्त कराया है। घायल तस्करों की पहचान रामबच्चन यादव और रामप्रकाश यादव के रुप में हुई है, दोनों चंदौली के निवासी हैं।
बताया जा रहा है कि पुलिस पर फायरिंग कर तस्कर भाग रहे थे , जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में  गोली लगी है। मौके से 2 देशी कट्टा, 2 जिंदा और 2 खोखा कारतूस बरामद हुआ है।
एसपी अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर थानाध्यक्ष अजय मिश्रा की टीम ने कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक रामबच्चन यादव पर मिर्जापुर-चंदौली में हत्या के प्रयास समेत 9 केस, गैंगस्टर भी है, रामप्रकाश यादव पर भी गोवध निवारण व गैंगस्टर एक्ट के 5 मुकदमे दर्ज हैं। अहरौरा थाना क्षेत्र के बैजू बाबा तपस्थली के पास हिनौता छातों के जंगल में मुठभेड़ होना बताया जा रहा है, दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां दोनों की, हालत सामान्य बताईं गईं है। दोनों तस्करो पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की जा रही है।
Mirzapur: लू  (हीट वेव) के प्रकोप से बचाव को श्रमिक रहें सतर्क, सहायक श्रमायुक्त की अपील
मीरजापुर। जनपद में बढ़ते तापमान और लू (हीट वेव) के प्रकोप को देखते हुये सहायक श्रमायुक्त सतीश कुमार ने श्रमिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंनें कहा कि तेज धूप में काम करने वाले श्रमिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है, ऐसे में बचाव जरूरी है। उन्होंनें कारखानों, ईट भट्ठों, दिहाड़ी मजदूरों, डिलीवरी कर्मियों सहित खुले में कार्य करने वाले सभी श्रमिकों सलाह दी कि वे अपने शरीर को पूरी तरह ढंककर रखें। काम पर जाते समय गमछा, टोपी, हल्के सूती कपड़े, चश्मा और जूते का उपयोग अवश्य करें। कार्य के दौरान सिर पर गमछा बांधकर रखें और खुद को धूप से बचायें। श्रमिकों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह देते हुये उन्होंनें कहा कि अपने पास पानी की बोतल और नींबू रखें तथा समय समय पर शीतल जल, नींबू पानी, शिकंजी और नारियल पानी का सेवन करते रहें। इससे शरीर में पानी की कमी नहीं होगी और लू से बचाव संभव होगा।
Mirzapur : विदेश भेजने के नाम पर ठगी का शिकार हुआ युवक

मीरजापुर। शातिर ठगों ने अपना पैंतरा बदलते हुए आनलाईन ठगी के बाद अब विदेश भेजने के नाम पर भी लोगों को ठगना शुरू कर दिया है। ताज़ा मामला यूपी के मीरजापुर में सामने आया है। यहां विदेश सऊदी अरब भेजने के नाम पर एक युवक से उसके बैंक खाते से ₹1,00,000 की धनराशि अनधिकृत रूप से ट्रांसफर करा ली गई। बाद में ठगे जाने की जानकारी होने पर पीड़ित ने फ़ौरन इसकी सूचना पुलिस को दीं तो पुलिस ने आरोपित के खाते से ट्रांसफर की गयी धनराशि ₹ 89,389 को थाना कछवां साइबर सेल टीम द्वारा पीड़ित के खाते में वापस कराया गया।
दरअसल, संदीप कुमार सिंह पुत्र राजेश सिंह निवासी गडौली, थाना कछवां, मीरजापुर ने 11 फरवरी 2025 को अपने साथ हुई ऑनलाइन ठगी के संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसका पंजीकरण एनसीआरपी पोर्टल पर ACK No.- 23102250023498 के तहत किया गया था। उन्होंने पुलिस को बताया था कि अज्ञात ठग द्वारा विदेश (सऊदी अरब) भेजने के नाम पर उनके बैंक खाते से ₹1,00,000 की धनराशि अनधिकृत रूप से ट्रांसफर करा ली गई थी। तहरीर मिलने पर थाना कछवां की साइबर सेल द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित बैंक, वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित कर तकनीकी विश्लेषण एवं आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रारंभ की गई। साइबर टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप ठगी गई धनराशि ₹89,389 सफलतापूर्वक आवेदक के खाते में वापस कराई गई है। 

*ठगों से जागरूक रहने की अपील*

कछवां थाना प्रभारी एवं साइबर सेल प्रभारी ने लोगों से ऐसे किसी भी प्रलोभनों से बचने की सलाह देते हुए
साइबर जागरूकता अभियान अंतर्गत ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की है तथा भविष्य में अन्य लोगों को भी जागरूक करने हेतु प्रेरित किया गया, ताकि लोग चंद सुहाने प्रलोभनों के झांसे में फंसकर अपना समय और धन गंवाने से बचें और सुरक्षित रहें।
डीएम का आदेश दरकिनार, महीनों बाद भी जांच टीम की राह देख रहे ग्रामीण
*डीएम के जांच आदेश पर भारी पड़ते दिखाई दे रहे हैं भ्रष्ट अधिकारी-कर्मचारी

मीरजापुर। जिले के हलिया विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत मनिगढा में विकास कार्यों के नाम पर हुए वित्तीय घोटाले का मामला जोर पकड़ा जा रहा है, तो वहीं घोटाले की फाईलों को दबाएं बैठे ब्लाक स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी डीएम के आदेश को भी ठेंगा दिखाते हुए आएं हैं। बता दें कि मनिगढ़ा गांव में विकास कार्यों के नाम पर हुए भारी घोटाले और बिना धरातल पर कार्य कराएं ही कागजों में सरकारी धन खर्च दिखाकर हजम कर लिया गया है। इस बात का खुलासा होने पर तथा डीएम पवन कुमार गंगवार से इस संबंध में तीन सौ पन्नों का शिकायती पत्र सौंप कर जांच कर कार्रवाई की मांग की गई थी, जिसपर डीएम ने 28 अक्टूबर 2025 को उक्त शिकायत के आधार पर आदेश संख्या 3394/7/शिकायत जांच/2025-26 द्वारा जांच समिति गठित की गई थी।

दुर्भाग्यवश, जांच समिति गठन के कई महीने बीत जाने के उपरांत भी न तो कोई जांच अधिकारी मौके पर स्थलीय जांच करने पहुंचा है और न ही शिकायतकर्ता को जांच तिथि की सूचना प्रदान की गई। इस बीच प्रधान, सचिव एवं बीडीओ हलिया द्वारा जांच को प्रभावित करने के लिए कृत्रिम फोटोग्राफ तैयार कर लीपापोती का भी प्रयास किया जा चुका है, ताकि मूल अनियमितताएं छुपाई जा रही हैं। ग्रामीणों ने मांग किया है कि गठित जांच समिति को तत्काल प्रभाव से स्थल निरीक्षण करने के लिए निर्देशित किया जाए, जांच के समय शिकायतकर्ता को पूर्व सूचना अनिवार्य रूप से प्रदान की जाए तथा

जांच विलंब के कारण साक्ष्यों पर विपरीत प्रभाव पड़ने की संभावना के मद्देनजर दोषियों के विरुद्ध विधिक, अनुशासनात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही साथ संपूर्ण जांच प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाए, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। दरअसल, यह पूरा मामला जिले के हलिया विकास खंड क्षेत्र के मनिगढ़ा गांव में हुए उस भारी विकास कार्यों से जुड़ा हुआ है जो धरातल पर हुआ ही नहीं है। जहां सरकार की विकास परक योजनाओं को पलीता लगाते हुए बिना कार्य कराएं ही भुगतान करा लिया गया है। इस मामले में गांव निवासी अब्दुल समद ने अक्टूबर 2025 में ही जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार को तीन सौ पेज का शिकायती पत्र सौंपकर गांव में लाखों रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। मनिगढ़ा गांव निवासी अब्दुल समद ने जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्रक में आरोप लगाया था कि उनके घर के सामने स्थित पुराने कुएं के जगत के निर्माण के नाम पर दो बार में एक लाख से ऊपर का भुगतान किया जा चुका है, लेकिन निर्माण नहीं कराया गया। कुआं और कुएं का जगत आज भी जस-तस हालात में पड़ा हुआ है। यही नहीं गांव के अन्य विकास कार्य मसलन, तालाब, कुआं, सड़क, मस्जिद इत्यादि के नाम पर भी कागजों पर तो काम करवा दिए गए हैं, लेकिन धरातल पर कुछ भी नहीं दिखाई दे रहा है। आरोप है कि महिला ग्राम प्रधान का पूरा लेखा-जोखा, लेन-देन कोई और करता है। महिला प्रधान को यह भी पता नहीं है कि उसके गांव के विकास कार्य पर कितनी धनराशि खर्च की गई है और कहां कहां खर्च किया गया है। गांव के विकास कार्य के नाम पर लाखों रुपये गबन करने की आशंका जताते हुए कहा गया है कि बिना कार्य कराए ही कागज पर कार्य पूर्ण दिखाकर रुपये निकाल लिए गए हैं। डीएम ने जांच कराके कारवाई का आश्वासन दिया था। डीएम ने इस संबंध में डीपीआरओ को निर्देशित किया था और टीम गठित कर मामले की जांच कर तत्काल रिपोर्ट सौंपी जाए के निर्देश भी दिए थे, लेकिन डीएम के टीम गठित करने के चार-पांच-माह गुजरने के बाद भी मौके पर न तो जांच टीम के अधिकारी पहुंचे हैं और ना ही कोई कार्रवाई शुरू की गई है।