डीएम का आदेश दरकिनार, महीनों बाद भी जांच टीम की राह देख रहे ग्रामीण
*डीएम के जांच आदेश पर भारी पड़ते दिखाई दे रहे हैं भ्रष्ट अधिकारी-कर्मचारी

मीरजापुर। जिले के हलिया विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत मनिगढा में विकास कार्यों के नाम पर हुए वित्तीय घोटाले का मामला जोर पकड़ा जा रहा है, तो वहीं घोटाले की फाईलों को दबाएं बैठे ब्लाक स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी डीएम के आदेश को भी ठेंगा दिखाते हुए आएं हैं। बता दें कि मनिगढ़ा गांव में विकास कार्यों के नाम पर हुए भारी घोटाले और बिना धरातल पर कार्य कराएं ही कागजों में सरकारी धन खर्च दिखाकर हजम कर लिया गया है। इस बात का खुलासा होने पर तथा डीएम पवन कुमार गंगवार से इस संबंध में तीन सौ पन्नों का शिकायती पत्र सौंप कर जांच कर कार्रवाई की मांग की गई थी, जिसपर डीएम ने 28 अक्टूबर 2025 को उक्त शिकायत के आधार पर आदेश संख्या 3394/7/शिकायत जांच/2025-26 द्वारा जांच समिति गठित की गई थी।

दुर्भाग्यवश, जांच समिति गठन के कई महीने बीत जाने के उपरांत भी न तो कोई जांच अधिकारी मौके पर स्थलीय जांच करने पहुंचा है और न ही शिकायतकर्ता को जांच तिथि की सूचना प्रदान की गई। इस बीच प्रधान, सचिव एवं बीडीओ हलिया द्वारा जांच को प्रभावित करने के लिए कृत्रिम फोटोग्राफ तैयार कर लीपापोती का भी प्रयास किया जा चुका है, ताकि मूल अनियमितताएं छुपाई जा रही हैं। ग्रामीणों ने मांग किया है कि गठित जांच समिति को तत्काल प्रभाव से स्थल निरीक्षण करने के लिए निर्देशित किया जाए, जांच के समय शिकायतकर्ता को पूर्व सूचना अनिवार्य रूप से प्रदान की जाए तथा

जांच विलंब के कारण साक्ष्यों पर विपरीत प्रभाव पड़ने की संभावना के मद्देनजर दोषियों के विरुद्ध विधिक, अनुशासनात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही साथ संपूर्ण जांच प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाए, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। दरअसल, यह पूरा मामला जिले के हलिया विकास खंड क्षेत्र के मनिगढ़ा गांव में हुए उस भारी विकास कार्यों से जुड़ा हुआ है जो धरातल पर हुआ ही नहीं है। जहां सरकार की विकास परक योजनाओं को पलीता लगाते हुए बिना कार्य कराएं ही भुगतान करा लिया गया है। इस मामले में गांव निवासी अब्दुल समद ने अक्टूबर 2025 में ही जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार को तीन सौ पेज का शिकायती पत्र सौंपकर गांव में लाखों रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। मनिगढ़ा गांव निवासी अब्दुल समद ने जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्रक में आरोप लगाया था कि उनके घर के सामने स्थित पुराने कुएं के जगत के निर्माण के नाम पर दो बार में एक लाख से ऊपर का भुगतान किया जा चुका है, लेकिन निर्माण नहीं कराया गया। कुआं और कुएं का जगत आज भी जस-तस हालात में पड़ा हुआ है। यही नहीं गांव के अन्य विकास कार्य मसलन, तालाब, कुआं, सड़क, मस्जिद इत्यादि के नाम पर भी कागजों पर तो काम करवा दिए गए हैं, लेकिन धरातल पर कुछ भी नहीं दिखाई दे रहा है। आरोप है कि महिला ग्राम प्रधान का पूरा लेखा-जोखा, लेन-देन कोई और करता है। महिला प्रधान को यह भी पता नहीं है कि उसके गांव के विकास कार्य पर कितनी धनराशि खर्च की गई है और कहां कहां खर्च किया गया है। गांव के विकास कार्य के नाम पर लाखों रुपये गबन करने की आशंका जताते हुए कहा गया है कि बिना कार्य कराए ही कागज पर कार्य पूर्ण दिखाकर रुपये निकाल लिए गए हैं। डीएम ने जांच कराके कारवाई का आश्वासन दिया था। डीएम ने इस संबंध में डीपीआरओ को निर्देशित किया था और टीम गठित कर मामले की जांच कर तत्काल रिपोर्ट सौंपी जाए के निर्देश भी दिए थे, लेकिन डीएम के टीम गठित करने के चार-पांच-माह गुजरने के बाद भी मौके पर न तो जांच टीम के अधिकारी पहुंचे हैं और ना ही कोई कार्रवाई शुरू की गई है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंचे विंध्याचल धाम, बंगाल में पूर्ण बहुमत की सरकार होने का किया दावा

मीरजापुर। बुधवार को विंध्याचल देवी धाम पहुंचे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी की भारी जीत के साथ ही पूर्ण बहुमत की सरकार भी बनने का दावा किया है।
नगर विधायक रत्नाकर मिश्र के साथ मां विंध्यवासिनी देवी का दर्शन-पूजन करने के लिए पहुंचे बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विधिपूर्वक मां विंध्यवासिनी देवी का दर्शन पूजन किया।
इस दौरान बंगाल चुनाव को लेकर उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा बंगाल में पूर्ण बहुमत से बीजेपी की सरकार बनेगी। कहा दूसरे चरण के चुनाव में जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा ले।
मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी पहली तीर्थ यात्रा थी। उन्होंने मां विंध्यवासिनी देवी के चरणों में राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति, विकास, सनातन धर्म की रक्षा और भाजपा संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा "मां विंध्यवासिनी के दर्शन से ऊर्जा मिलती है। पश्चिम बंगाल में आज दूसरे चरण का मतदान है। जनता से अपील है, लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। भाजपा बंगाल में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।"
दर्शन पूजन के पश्चात बीजेपी नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्र ने होटल रत्नाकर में मां विंध्यवासिनी देवी की चुनरी व रक्षा सूत्र भेंट कर स्वागत उनका किया। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संवाद में कहा, "मां विंध्यवासिनी के आशीर्वाद से सनातन संस्कृति की रक्षा और संगठन को अजेय बनाएंगे।"
इस दौरान मझवां विधायक सुचिश्मिता मौर्य, मड़िहान विधायक रमाशंकर पटेल, जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज समेत कई पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी मौजूद रहे।
डीएम ने जनपद के बाढ़ क्षेत्र के अनुश्रवण, फ्लड स्टीयरिंग ग्रुप की बैठक कर की समीक्षा
मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कार्यालय में जनपद के बाढ़ क्षेत्र के अनुश्रवण हेतु फ्लड स्टीयरिंग ग्रुप की बैठक आहूत की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बाढ़ से सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में बाढ़ के समय बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करके आवश्यक प्रबन्ध एवं कार्यवाही, बाढ़ निरोधक कार्यों पर बाढ़ के समय आवश्यक सामग्री कार्यस्थल पर पहुंचाने के लिए साधन उपलब्ध कराना, बाढ़ निरोधक कार्यों के क्षतिग्रस्त स्थल पर मरम्मत के लिए मजदूर एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था, बाढ़ निरोधक कार्यों की सुरक्षार्थ आवश्यकता पड़ने पर पीएसी, पुलिस या होमगार्डस द्वारा पेट्रोलिंग का प्रबन्ध, शहरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ निरोधक कार्यों के क्षतिग्रस्त स्थलों पर जहां रात्रि में भी कार्य करने की आवश्यकता हो, वहां बिजली का उचित प्रबन्ध, जलमग्न क्षेत्रों में वर्षा के पानी को निकालने के लिये पम्पों, डीजल और बिजली इत्यादि की समुचित व्यवस्था, राहत कार्यों से सम्बन्धित विभागों, संस्थानों के समन्वय कर व्यवस्थाएं कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बाढ़ क्षेत्रों में पर्याप्त नाव की व्यवस्था करने हेतु सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा वर्षा से पूर्व सभी के टीकाकरण शत प्रतिशत पशुओं को लगवाना सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि जीवन रक्षक दवाएं, एम्बुलेंस सहित सभी व्यवस्थाए कराना सुनिश्चित करेंगे। लोक निर्माण विभाग खण्ड-2 को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन रास्तो पर जलभराव हो जाता है उन रास्तों पर आवागमन के लिए पुलिया, सड़क की मरम्मतीकरण कराना सुनिश्चित करें। टेण्डर आदि के बारे में जिलाधिकारी ने कहा कि समय रहते करा लिया जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व देवेन्द्र प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, उप जिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र,  सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।
संदिग्ध परिस्थितियों में युवती ने फांसी लगाकर दी जान
मीरजापुर। ड्रमंडगंज थाना 
क्षेत्र के नौगवां ग्राम पंचायत के अमहा गांव में मंगलवार सुबह कच्चे मकान के बंडेर में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर युवती ने जान दे दी। अमहा गांव निवासी स्वर्गीय सुखराज कोल की 20 वर्षीया पुत्री सुमन अपने कच्चे मकान के बंडेर में प्लास्टिक की रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।घटना की जानकारी होने पर परिजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंचे एसआई विनोद कुमार सिंह ने घटना की जांच पड़ताल करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।एसआई विनोद कुमार सिंह ने बताया कि युवती ने प्लास्टिक की रस्सी से गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया है। युवती के मात पिता की मौत हो चुकी है। युवती के चाचा देवनारायण देखभाल करते थे।मृतका तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी। परिजनों ने बताया कि आगामी 13 मई को प्रयागराज के बरमपुर दिघिया गांव में शादी तय हुई थी। युवती ने किन कारणों से जान दी पता नही चल सका।थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि मृतका के चाचा की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है घटना की जांच की जा रही है।
युवक की बेरहमी से हत्या कर शव कर्णावती नदी में फेंका
*परिजनों ने लगा हत्या का आरोप, छानबीन में जुटी पुलिस

मीरजापुर। जनपद के विंध्याचल थाना क्षेत्र अंतर्गत गैपुरा क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। जानकारी के अनुसार राजकीय आईटीआई गैपुरा के पास कर्णावती नदी के किनारे एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ है।  मृतक की पहचान राहुल पुत्र ललित 20 वर्ष, निवासी कठवैया के रूप में हुई है। सूचना होने पर मौके पर पहुंची विंध्याचल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है। वहीं परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। नदी किनारे लाश मिलने की ख़बर सुनकर आसपास के ग्रामीणों की मौके पर भीड़ जुट गई थी। युवक की हत्या को लेकर तरह तरह की चर्चा है।
सोनभद्र: रेणुका नदी के तट पर वृक्षारोपण के नाम पर लाखों का 'खेला', मानकों की उड़ी धज्जियां
ओबरा/सोनभद्र।उत्तर प्रदेश सरकार जहाँ एक ओर करोड़ों पौधे रोपकर प्रदेश को हरा-भरा बनाने का दावा कर रही है, वहीं सोनभद्र के ओबरा क्षेत्र में वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी सरकार की मंशा पर पानी फेर रहे हैं। रेणुका नदी के तट पर पारसोई-4 वृक्षारोपण स्थल पर भ्रष्टाचार की ऐसी 'इबारत' लिखी गई है, जिसे देखकर कोई भी हैरान रह जाए।
तकनीक नहीं, ये तो पौधों की 'बलि' है
मौके पर मौजूद हकीकत विभागीय आंकड़ों से कोसों दूर है। बोर्ड पर चिल्ला-चिल्ला कर 6112 'बोना नाली' बनाने का दावा किया गया है, लेकिन धरातल पर अधिकांश गड्ढे खाली पड़े हैं। सबसे शर्मनाक स्थिति यह है कि जहाँ पेड़ लगाए भी गए हैं, वहां वैज्ञानिक मानकों को ताक पर रख दिया गया है। विभागीय नियमानुसार जिन पौधों के बीच 5 मीटर (लगभग 16 फीट) की दूरी होनी चाहिए थी, वहां 1 मीटर के दायरे में ही 25 से 30 पौधों को ठूंस दिया गया है।
भ्रष्टाचार का 'सघन' मॉडल
विशेषज्ञों का मानना है कि एक ही स्थान पर इतने पौधे लगाना उनकी 'हत्या' करने जैसा है। बिना खाद, बिना सिंचाई और बिना पर्याप्त जगह के ये पौधे कुछ ही दिनों में दम तोड़ देंगे। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पूरे 15.28 हेक्टेयर क्षेत्र में गड्ढे खोदने और नाली बनाने की मजदूरी बचाने के लिए विभाग ने एक ही जगह पौधों की 'खानापूर्ति' कर लक्ष्य पूरा दिखा दिया है।
गायब है 'सुरक्षा खाई', दांव पर पर्यावरण
नदी के किनारे मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए बोर्ड पर 1600 मीटर सुरक्षा खाई (CPT) बनाने का विवरण अंकित है, लेकिन मौके पर इसकी स्थिति नगण्य है। सुरक्षा के अभाव में आवारा पशु इन पौधों को अपना निवाला बना रहे हैं। करोड़ों के बजट वाले इस प्रोजेक्ट में न तो सिंचाई की व्यवस्था दिख रही है और न ही पौधों के संवर्धन के लिए कोई खाद या कीटनाशक का प्रयोग किया गया है।
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पहुंचेंगे 29 अप्रैल को विंध्याचल धाम, आगमन को लेकर तैयारियां हुई तेज


विंध्याचल, मीरजापुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अध्यक्ष पद संभालने के बाद पहली बार मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन-पूजन के लिए विंध्याचल धाम पहुंच रहे हैं। वे बुधवार, 29 अप्रैल 2026 को यहां आएंगे,तथा विधि पूर्वक दर्शन पूजन करेंगे। बीजेपी प्रमुख के आगमन को देखते हुए तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर अन्य व्यवस्थाओं को चाक चौबंद रखने की खातिर तैयारी मंगलवार से ही होती रही है।
बताते चलें कि नितिन नबीन इससे पहले विधायक पद पर रहते हुए कई बार मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन-पूजन कर चुके हैं।
45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्होंने बिहार से पांच बार विधायक का पद संभाला है और पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके इस दौरे को लेकर विंध्याचल धाम में तैयारियां जोरों पर हैं। स्थानीय प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ता उनके स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए हैं। मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद लेकर नितिन नबीन अपनी नई जिम्मेदारियों को और मजबूती से निभाने की प्रेरणा लेंगे।
पूर्व सांसद एवं सपा नेता बालकुमार ने ड्रमंडगंज हादसे के पीड़ित परिजनों का जाना हाल
बोले, हादसे में जान गंवाने वाले परिवारों के साथ सपा रहेगी सदैव साथ


मीरजापुर। ड्रमंडगंज घाटी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत के बाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद बालकुमार पटेल ने पीड़ित परिवारों के साथ सदैव खड़े रहने की बात कही है। उन्होंने कहां उनका परिवार (बालकुमार) और सपा संगठन सदैव गरीब पीड़ित, वंचित समाज के साथ खड़ा रहा है, जो आगे भी रहेगा। उन्होंने कहा ड्रमंडगंज घाटी में 12 लोगों की वाहन में जलकर मौत होने की घटना असहनीय है, बल्कि भूले भी नहीं भूलने वाला है। इस दौरान उनके साथ सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव, आदर्श यादव सहित काफी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकता पदाधिकारी मौजूद रहे हैं।
लालगंज को टीबी मुक्त बनाने का लिया संकल्प, 35 मरीजों को भेंट की गई पोषक पोटली
मीरजापुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज के सभागार में शनिवार को लालगंज स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉक्टर संजय सिंह द्वारा 35 क्षय रोगियों को पोषण पोटली अपने हाथों  भेंट किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षय रोग नियंत्रण अभियान के तहत टीबी मुक्त भारत बनाने के क्रम में शासन स्तर से जांच और ईलाज की सुविधा निः शुल्क प्रदान करने की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी ने लालगंज ब्लॉक पर 35 टीबी मरीजों को पोषण पोटली भेंट कर सराहनीय कार्य किया है। डाक्टर कैलाश कुमार बिंद ने कहा कि आप सभी अपने अपने क्षेत्र में टीबी के प्रति लोगों को जागरूक करें साथ ही टीबी मरीजों को नियमित दवा सेवन करने के लाभ के विषय में जानकारी देते हुए लालगंज ब्लॉक को टीबी मुक्त ब्लॉक बनाने में अपना योगदान दें। रेड क्रॉस  सोसाइटी के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि मरीज के हित में यह पहल एक सराहनीय और मददगार पहल है। वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक शमीम अहमद ने कहा कि इस नेक कार्य में सम्मानित और सक्षम लोगों को निश्चय मित्र बनकर हिस्सा लेने की आवश्यकता है, जिससे लालगंज ब्लॉक टीबी मुक्त ब्लॉक बन सकें। इस दौरान  डॉक्टर कैलाश बिंद, डॉक्टर राजेश पटेल, डॉक्टर पंकज, शमीम अहमद, नीरज कुमार सिंह, एलटी मुकेश कुमार सिंह, राजेश श्रीवास्तव, अभिषेक, संदीप कुमार यादव, शेष नारायण सरोज, भोला, साहब अहमद, रामनारायण आदि लोग उपस्थित रहें।
एआरटीओ ने अज्ञात ट्रेलर चालक व मालिक के विरुद्ध दर्ज कराया मुकदमा

मीरजापुर।ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान के पास बीते बुधवार की रात हुए हादसे के बाद गुरुवार की रात एआरटीओ सत्येन्द्र प्रताप सिंह ने अज्ञात ट्रेलर चालक व मालिक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। सहायक संभागीय अधिकारी (एआरटीओ) सत्येंद्र प्रताप सिंह ने दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि गिट्टी लदे ट्रेलर बीआर 24 जीसी 7990 के अज्ञात चालक द्वारा लापरवाही बरती गई और ट्रेलर का परमिट भी नही है। एआरटीओ की तहरीर पर अज्ञात ट्रेलर चालक व ट्रेलर मालिक आशीष पांडेय निवासी शांतिपुर अमरा खैराचक, गोमती वाराणसी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।इस संबंध में थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि एआरटीओ की तहरीर पर अज्ञात ट्रेलर चालक व मालिक के विरुद्ध बीएनएस की धारा 106(1) व 192 मोटर अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।