कॉपी विवाद से भड़का बवाल,निजी स्कूल की प्रिंसिपल ने अभिभावक को गालियां दीं और बच्चे का नाम काटने की धमकी दी...
रितेश मिश्रा
हरदोई सन बीम विद्यालय में कॉपी-किताब खरीद को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर आरोपों में बदल गया है। यूकेजी की छात्रा की मां नीलम वर्मा ने स्कूल प्रबंधन और प्रिंसिपल पर न सिर्फ मनमानी का, बल्कि खुलेआम बेइज्जती और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, स्कूल ने पहले बाहरी दुकान से कोर्स सामग्री खरीदने को कहा था, लेकिन बाद में आदेश बदलते हुए नई कॉपियां केवल स्कूल से खरीदने की अनिवार्यता थोप दी, जिसकी कीमत करीब 1200 रुपये बताई गई।
नीलम वर्मा का कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने कुछ समय मांगा, लेकिन जब वह प्रिंसिपल से मिलने पहुंचीं तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि प्रिंसिपल ने उन्हें “गंवार”, “ब्लडी” और “फूल” जैसे अपमानजनक शब्द कहे, साथ ही बच्चों का नाम स्कूल से काटने और “यहां से भाग जाने” तक की धमकी दी। इस दौरान मौजूद अन्य अभिभावकों के सामने हुई इस घटना से माहौल गरमा गया और पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले के तूल पकड़ने के बाद शहर में निजी स्कूलों की मनमानी,जबरन कॉपी-किताब खरीदवाने और अभिभावकों के साथ व्यवहार को लेकर बहस तेज हो गई है।नीलम वर्मा ने जिलाधिकारी से शिकायत कर स्कूल प्रबंधन और संबंधित प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में प्रशासन की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
जन्मदिन से पहले हरियाली का संदेश: कर्ण सिंह राणा ने किया पौधरोपण, समाज को दी प्रेरणा
रितेश मिश्रा

हरदोई। समाजसेवा के प्रति समर्पित युवा चेहरे कर्ण सिंह राणा ने अपने जन्मदिवस की पूर्व संध्या को एक बार फिर पर्यावरण संरक्षण के नाम कर दिया। हर वर्ष की भांति इस बार भी उन्होंने पौधरोपण कर अपने जन्मदिन की शुरुआत की और समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर समाजसेवी कर्ण सिंह राणा ने 5 पौधे रोपित किए। उन्होंने बताया कि यह पहल वह हर साल नियमित रूप से करते आ रहे हैं और आगे भी इसे अनवरत जारी रखेंगे। राणा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पहले वर्षों में लगाए गए पौधे अब विकसित होकर पर्यावरण को लाभ पहुंचा रहे हैं, जो उनके लिए सबसे संतोषजनक बात है।
उन्होंने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने जन्मदिन, सालगिरह या अन्य विशेष अवसरों पर पौधरोपण जैसे कार्यों को अपनाएं, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बल मिल सके और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम में सांडी विधानसभा से विधायक प्रभाष कुमार भी शामिल हुए। उन्होंने कर्ण सिंह राणा की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।
यह आयोजन न केवल एक व्यक्तिगत उत्सव था, बल्कि समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का एक सार्थक प्रयास भी साबित हुआ।
इस मौके पर यूथ आइकॉन आलोकिता श्रीवास्तव, संकल्प 1000 से श्याम जी गुप्ता, गौरव सिंह, पवन आदि मौजूद रहे।
पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, अवैध तमंचे और कारतूस के साथ शातिर गिरफ्तार*
रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई:* पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली कछौना पुलिस ने एक शातिर अपराधी को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्यवाई अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी बघौली के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष कछौना के कुशल नेतृत्व में की गई।पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दिव्यांश पुत्र रामजीवन निवासी छप्परताली मजरा दिदौरा थाना मिश्रिख, जनपद सीतापुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से एक देसी तमंचा (12 बोर) व 12 जिंदा कारतूस (12 बोर) बरामद हुआ है। कछौना पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली कछौना में मु0अ0सं0 121/26 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला पंजीकृत किया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश सिंह, हेड कांस्टेबल, अरविन्द कुमार, कांस्टेबल बन्टी आदि शामिल रहें हैं।
तेज रफ्तार डंपर ने कई लोगों को मारी टक्कर एक महिला की मौत,करीब 11 लोग घायल
रितेश मिश्रा
हरदोई: जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। लोनार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर चौराहे पर एक अनियंत्रित डंपर ने कई वाहनों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे ठेले और दुकानों को रौंद दिया। हादसे में एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई,  11- लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के चलते बावन-सवायजपुर रोड पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही, क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस लाइन हरदोई में  प्रवीण कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा ली गयी परेड की सलामी ।*
रितेश मिश्रा
हरदोई !आरटीसी रिजर्व पुलिस लाइन प्रांगण में 'रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26' का अत्यंत गरिमामय और भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस गौरवशाली अवसर पर रिक्रूट आरक्षियों ने अपने कठिन प्रशिक्षण के उपरांत शानदार परेड का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रवीण कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक रहे।

*समारोह का मुख्य विवरण:*
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 08:00 बजे परेड कमांडर तृतीय द्वारा परेड को परेड स्थल पर लाने के साथ हुआ। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के आगमन पर उनका विधिवत अभिवादन किया गया। मुख्य अतिथि के आगमन के उपरांत उन्होंने परेड की सुसज्जित टोलियों का निरीक्षण किया और उनके द्वारा दी गई
मुख्यमंत्री का संबोधन एवं सजीव प्रसारण:*
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण (Live Broadcast) किया गया। रिक्रूट आरक्षियों ने मुख्यमंत्री  के संदेश को ध्यानपूर्वक सुना, जिसमें उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक और संवेदनशील तथा अपराध के प्रति सख्त होने का आह्वान किया *प्रशिक्षण विवरण एवं उत्कृष्ट सम्मान:*
पुलिस अधीक्षक  अशोक कुमार मीणा द्वारा रिक्रूट आरक्षियों के कठिन प्रशिक्षण का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा अपने संबोधन में नवनियुक्त आरक्षियों को अनुशासन और कर्तव्यपरायणता का पाठ पढ़ाया गया इस अवसर पर प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूटों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।पद एवं गोपनीयता की शपथ:*
समारोह के अंतिम चरण में पुलिस अधीक्षक  द्वारा सभी रिक्रूट आरक्षियों को देश की सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा की पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के उपरांत टोलियों ने गौरवपूर्ण तरीके से प्रस्थान किया पुलिस अधीक्षक ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के कुशल प्रबंधन में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी)  सुबोध गौतम , अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन्स  आलोक राजनारायन, क्षेत्राधिकारी नगर श्री अकिंत मिश्रा ,क्षेत्राधिकारी प्रभा पटेल की विशेष भूमिका रही। इस अवसर पर पुलिस अधि0/कर्म0गण सहित रिक्रूट आरक्षियों के परिवारीजन व भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे  ।
गुंडा_टैक्स वसूली का आरोप, सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने उठाई आवाज़
रितेश मिश्रा
हरदोई सदर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के नेता रामज्ञान गुप्ता ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न चौराहों, खासकर बिलग्राम चुंगी क्षेत्र में मैजिक, टेंपो और ई-रिक्शा चालकों से कथित रूप से जबरन ‘गुंडा टैक्स’ वसूला जा रहा है।
रामज्ञान गुप्ता के अनुसार, जो गरीब चालक पैसे देने से मना करते हैं, उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया जाता है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए हरदोई पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है।
इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब रामज्ञान गुप्ता ने खुद पीड़ितों से बातचीत की। साथ ही, जिस अड्डा मैनेजर पर वसूली के आरोप हैं, उससे भी उनकी बातचीत हुई है। दोनों बातचीत का ऑडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
सपा नेता ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो समाजवादी पार्टीसी के कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह पीड़ितों के साथ खड़े हैं और किसी भी कीमत पर इस तरह की वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगीI
आयुक्त एवं आईजी लखनऊ ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
रितेश मिश्रा

हरदोई मल्लावां आगामी 29 अप्रैल को  प्रधानमंत्री  द्वारा प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण एवं जनसभा कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत आज आयुक्त, लखनऊ मंडल, लखनऊ विजय विश्वास पंत एवं आईजी, लखनऊ रेंज, लखनऊ किरण एस की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मल्लावां में आयोजित इस बैठक में जनपद हरदोई सहित कन्नौज, उन्नाव, शाहजहांपुर एवं फर्रुखाबाद के जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी हरदोई अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा द्वारा जनपद में की जा रही तैयारियों के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, जनसभा के लिए की गई व्यवस्थाओं तथा आगंतुक गणमान्य व्यक्तियों एवं आमजन के सुगम आवागमन हेतु तैयार की गई कार्ययोजना की जानकारी दी। आयुक्त, लखनऊ मंडल विजय विश्वास पंत द्वारा अधिकारियों के साथ आमजन की सुविधाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुए निर्देशित किया गया कि जनसभा में आने वाले नागरिकों के लिए विद्युत आपूर्ति, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था एवं मोबाइल शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। आईजी, लखनऊ रेंज किरण एस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल के आसपास सुगम यातायात संचालन हेतु प्रभावी रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया जाए तथा पार्किंग स्थलों का चयन इस प्रकार किया जाए कि आमजन को न्यूनतम दूरी पैदल तय करनी पड़े। साथ ही, सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी जनपदों के पुलिस बल को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया तथा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
यूपी बोर्ड परीक्षा में जानकी प्रसाद इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने लहराया परचम*
रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई:* कछौना कस्बा स्थित श्री जानकी प्रसाद इंटर कॉलेज कछौना पतसेनी की यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट में छात्र-छात्राओं ने परचम लहराया। बेहतर रिजल्ट देखकर छात्र-छात्राओं ने गुरुजनों व माता-पिता व विद्यालय परिवार का मान बढ़ाया। हाई स्कूल छात्र अभिषेक कुमार ने 90.50% अंक प्राप्त का प्रथम स्थान अर्जित किया, छात्र अनुराधा वर्मा ने 90.17% अंक अर्जित कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, छात्र सत्येंद्र कुमार राना ने 89.81 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया, छात्रा साक्षी भारतीय ने 89.83% अंक अर्जित का चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। इंटरमीडिएट परीक्षा में छत्र राज किशोर ने 87.80 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, छात्र आयुष चौरसिया ने 87.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, छात्र नैमिष राठौर ने 87.00% अंक अर्जित कर तृतीय प्राप्त किया, छात्र कौशल किशोर ने 87.00 प्रतिशत अंक अर्जित चतुर्थ स्थान प्राप्त किया, सभी उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को विद्यालय प्रबंधक डॉक्टर शिवराज सिंह पटेल ने सभी के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी, परीक्षा परिणाम से छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह है। डॉक्टर शिवराज सिंह पटेल ने कहा परीक्षाएं जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं है। सीखने की यात्रा का सिर्फ एक चरण है, सीखना जिंदगी भर चलता रहता है, परीक्षाएं सीखने, बैठने और खुद को समझने का अवसर है।
राष्ट्रीय भारत रत्न सम्मान 2026 के लिए आवेदक के रूप में चयनित किए गए डॉ गौरव अग्रवाल
रितेश मिश्रा
हरदोई। 25 अप्रैल को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय रत्न सम्मान 2026 के लिए कई प्रदेशों से अलग-अलग क्षेत्रों से कई प्रतिभाओं को आवेदक के रूप में चयनित किया गया है। जिसमें जिले से सामाजिक कार्यों के लिए डॉक्टर गौरव अग्रवाल को आवेदक के रूप में चयनित किया गया है। फाइनल चयन होने पर मुख्य अतिथि पद्मा श्री एक्टर, फिल्म मेकर व पॉलिटिशियन कंगना रनौत सम्मानित करेंगी। डॉक्टर श्री अग्रवाल ने बताया कि वह कार्यक्रम के लिए शुक्रवार को नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।
बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने ई-रिक्शा पर गोली चलाई, बच्ची पैर में गोली लगने से गंभीर रूप घायल
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई। मंझिला थाना क्षेत्र के लोकपुर गांव के निकट बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने ई रिक्शा पर गोली चला दी। ई रिक्शा में बैठी एक बच्ची के गोली पैर में लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गोली कांड के बाद दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। चीख पुकार मच गई। तत्काल घायल किशोरी को सीएचसी पिहानी में भर्ती कराया गया। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक और क्षेत्राधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल बच्ची के परिजनों से बातचीत की। फिलहाल घायल बच्ची खतरे से बाहर है। फर्रुखाबाद जनपद के कादरी गेट की रहने वाली आयुषी 10 वर्ष पुत्री गुड्डू अपने भाई और अपनी मां मैना देवी के साथ पारा गांव में अपने ननिहाल में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। शुक्रवार को पूर्वान्ह 11:00 बजे ई रिक्शा से सवार होकर करीब सात लोग वापस लौट रहे थे। लोकपुर गांव के पास एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने अचानक ई रिक्शा पर फायर कर दिया, जो बच्ची आयुषी के पैर में लगा। गोली पैर में लगने के बाद आर पार हो गई। फायर होने के बाद भगदड़ और चीख पुकार मच गई। घायल को तत्काल सीएचसी पिहानी में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी शाहाबाद आलोक राज नारायण ने अस्पताल पहुंचकर घायल बच्ची के परिजनों से मुलाकात की और बदमाशों के हुलिया के बारे में जानकारी ली। अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया आसपास के समस्त सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जल्द ही घटना को अंजाम देने वाले युवकों तक पहुंच जाएगी। फिलहाल बच्ची खतरे से बाहर है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।