सेवानिवृत्ति के बाद भी सेवा का जज़्बा जीवित रहता है : डीजीपी कैलाश मकवाणा

* भोपाल में 41वां वरिष्ठ सदस्य एवं मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह आयोजित

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस राज्य सेवा संवर्ग के सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों के संगठन द्वारा भोपाल के नर्मदापुरम रोड स्थित वृंदावन गार्डन में 41वां वरिष्ठ सदस्य एवं मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए डीजीपी श्री मकवाणा ने कहा कि सेवा निवृत्ति के बाद भी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समाजसेवा की भावना हमेशा जीवित रहती है। सेवानिवृत्त अधिकारी विभाग की मजबूत नींव हैं और उनके अनुभवों से नई पीढ़ी लगातार प्रेरणा ले रही है। उन्होंने कहा कि विभाग पेंशनर्स के अनुभवों का संस्थागत उपयोग करने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसके तहत डिजिटल पोर्टल के माध्यम से सेवानिवृत्त अधिकारियों को पुनः रोजगार, सुरक्षा सेवाओं और परामर्शदात्री भूमिकाओं से जोड़ने की पहल की जा रही है।

डीजीपी ने बताया कि पेंशनर्स के लिए बैंकिंग लाभ, दुर्घटना सहायता, स्वास्थ्य योजनाओं और त्वरित समस्या समाधान हेतु बेहतर समन्वय तंत्र विकसित किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस वेलफेयर को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य, शिक्षा, छात्रवृत्ति, आकस्मिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

श्री मकवाणा ने कहा कि विभाग में ई-गवर्नेंस, डिजिटल सेवा रिकॉर्ड, ऑनलाइन सेवाओं और डेटा आधारित निर्णय प्रणाली को मजबूत किया जा रहा है। साइबर अपराधों से निपटने के लिए ई-एफआईआर व्यवस्था लागू की गई है तथा तकनीकी क्षमता बढ़ाई जा रही है।

उन्होंने “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस जनजागरूकता अभियान में लाखों युवाओं और विद्यार्थियों ने भागीदारी की है। कार्यक्रम में राज्य सेवा संवर्ग के सेवानिवृत्त अधिकारियों का सम्मान किया गया तथा पुलिस परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विशेष पुलिस महानिदेशक श्री अनिल कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी, पुलिस परिवारों के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

नारी शक्ति वंदन कानून से महिलाओं को मिला अधिकार, कांग्रेस ने किया विरोध: हेमंत खण्डेलवाल

बैतूल/भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल जिला कार्यालय में आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए महिला पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को अधिकार संपन्न बनाने के लिए ‘नारी शक्ति वंदन’ कानून लाए हैं, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को मिलने वाले अधिकारों का विरोध किया है।

खण्डेलवाल ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने का ऐतिहासिक प्रयास किया गया, लेकिन विपक्षी दलों ने इसका विरोध कर देश की आधी आबादी का अपमान किया। उन्होंने कहा कि जिस समाज और राष्ट्र ने महिलाओं को अधिकारों से वंचित किया, वह समाप्त हो गए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उज्ज्वला योजना, निःशुल्क शौचालय, नल से जल, मुद्रा योजना, तीन तलाक कानून, पीएम आवास योजना और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को लाभ पहुंचाया गया है। लखपति दीदी योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महिला पदयात्रा के माध्यम से गांव-गांव और घर-घर जाकर महिलाओं को बताया जाएगा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के विरोध के कारण महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण नहीं मिल सका।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार, पूर्व सांसद ज्योति धुर्वे, विधायक गंगा उइके, महेंद्र सिंह चौहान एवं डॉ. योगेश पंडाग्रे सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। इससे पूर्व खण्डेलवाल ने बैतूल बाजार मंडल की बैठक को भी संबोधित किया और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ की मजबूती ही संगठन की असली ताकत है।

विशेष सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक, उमंग सिंघार तय करेंगे सरकार घेरने की रणनीति

भोपाल। 27 अप्रैल को आयोजित होने वाले मध्यप्रदेश विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र से पहले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। यह बैठक 27 अप्रैल को सुबह 9 बजे भोपाल स्थित उनके आवास पर आयोजित होगी।

बैठक में कांग्रेस विधायक दल महिला आरक्षण समेत विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार करेगा। विशेष रूप से 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को संशोधन के बहाने लंबित रखने के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि विधानसभा का विशेष सत्र महिला सशक्तीकरण के विषय पर केंद्रित है, लेकिन भाजपा सरकार संविधान-विरोधी कदम उठाकर महिला आरक्षण को रोकने का प्रयास कर रही है, जिसका कांग्रेस मजबूती से विरोध करेगी।

उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार मौजूदा 543 सीटों पर महिला आरक्षण लागू करती है, तो कांग्रेस उसका समर्थन करने के लिए तैयार है। उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस महिलाओं का उपयोग केवल सत्ता प्राप्ति के साधन के रूप में कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक दल और पूरी पार्टी सदन में भाजपा के दावों को बेनकाब करेगी। 

वीआईटी विश्वविद्यालय द्वारा छात्र-छात्राओं की जान से किया जा रहा खिलवाड़, प्रशासन बना मूकदर्शक

  • कार्रवाई नहीं हुई तो उच्च शिक्षा मंत्री और निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग का घेराव करेगी एनएसयूआई
  • 300 से ज्यादा छात्र छात्राएं दूषित पानी और खाने की वजह से हुई बीमार जिसका जिम्मेदारी वीआईटी प्रशासन- एनएसयूआई

भोपाल। मध्यप्रदेश के सीहोर स्थित वीआईटी विश्वविद्यालय में लगातार सामने आ रही गंभीर अनियमितताओं ने एक बार फिर छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। हाल ही में दूषित पानी एवं भोजन के कारण लगभग 300 से अधिक छात्र-छात्राएं गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं, वहीं दो दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं में टाइफाइड संक्रमण की पुष्टि हुई है।

गौरतलब है कि इससे पूर्व भी विश्वविद्यालय में दूषित भोजन के कारण एक छात्रा की मृत्यु हो चुकी है तथा सैकड़ों छात्र-छात्राएं बीमार पड़े थे। उस घटना के बाद आक्रोशित विद्यार्थियों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया था, जिसमें तोड़फोड़ और आगजनी जैसी घटनाएं भी सामने आई थीं। लेकिन इतनी गंभीर घटना के बाद भी प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा कोई ठोस सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया, जो अत्यंत चिंताजनक है।

एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने कहा कि एनएसयूआई लंबे समय से वीआईटी विश्वविद्यालय में व्याप्त अनियमितताओं, लापरवाही और छात्रों की जान से खिलवाड़ जैसे मामलों को लेकर शासन-प्रशासन को लगातार अवगत कराता रहा है। एनएसयूआई द्वारा इस संबंध में मानव अधिकार आयोग को भी विस्तृत शिकायत प्रस्तुत की गई थी, जिस पर आयोग ने उच्च शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव एवं यूजीसी चेयरमैन को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।

रवि परमार ने बताया कि मानव अधिकार आयोग ने दो सप्ताह में जवाब मांगा था लेकिन आश्चर्यजनक रूप से तीन सप्ताह बीत जाने के बाद भी संबंधित विभागों द्वारा कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया है, जो स्पष्ट रूप से प्रशासनिक उदासीनता और संगठित भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। यह भी संदेह उत्पन्न होता है कि शिक्षा माफियाओं के दबाव में मामले को जानबूझकर दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अक्षय तोमर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही वीआईटी विश्वविद्यालय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, दोषियों पर सख्त दंडात्मक कदम नहीं उठाए गए और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो संगठन प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार एवं निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग का घेराव करने के लिए बाध्य होगा।एनएसयूआई छात्रों के अधिकारों और सुरक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी और किसी भी स्थिति में छात्रों के जीवन से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विदिशा में पलटा कोल्ड ड्रिंक ट्रक, घायल चालक तड़पता रहा और लोग माजा की बोतलें लूटते रहे

विदिशा। मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में सड़क हादसे के बाद मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई। भोपाल-सागर बाईपास पर गिरधर कॉलोनी के पास कोल्ड ड्रिंक से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक घायल हो गया, लेकिन मदद करने के बजाय मौके पर मौजूद लोग ट्रक में भरी माजा की बोतलें लूटने में जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक पलटते ही उसमें लदी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। इसके बाद वहां मौजूद लोगों में बोतलें उठाने की होड़ मच गई। कई लोग बाइक, कार और अन्य वाहनों में बोतलें भरकर मौके से भागते नजर आए।

इस दौरान घायल चालक सड़क किनारे पड़ा मदद का इंतजार करता रहा, लेकिन शुरुआती समय में किसी ने उसकी सहायता नहीं की। कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को खदेड़कर स्थिति पर काबू पाया। हालांकि तब तक काफी मात्रा में कोल्ड ड्रिंक की बोतलें लूटी जा चुकी थीं।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद पहली प्राथमिकता घायल व्यक्ति को बचाने की होती है, लेकिन इस मामले में लोगों का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण रहा। घायल चालक को बाद में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

यह घटना न केवल सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज में बढ़ती संवेदनहीनता को भी उजागर करती है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर लोगों से अपील की है कि किसी भी हादसे के समय पहले पीड़ितों की मदद करें और कानून का पालन करें।

भोपाल में 28 अप्रैल को नर्मदा टाइगर हिरदेशाह लोधी बलिदान दिवस पर शौर्य यात्रा, सीएम मोहन यादव होंगे मुख्य अतिथि

भोपाल। राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में 28 अप्रैल 2026 को नर्मदा टाइगर हिरदेशाह लोधी के बलिदान दिवस पर भव्य शौर्य यात्रा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल समेत कई जनप्रतिनिधियों और समाज के वरिष्ठ लोग शामिल होंगे।

पूर्व विधायक जालम सिंह पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन के माध्यम से सरकार के सामने यह मांग रखी जाएगी कि नर्मदा टाइगर हिरदेशाह लोधी की जीवनगाथा को स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए। साथ ही वर्ष 1842 की क्रांति में उनके योगदान पर शोध कार्य कराया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ी उनके शौर्य, पराक्रम और बलिदान से परिचित हो सके।

उन्होंने कहा कि हिरदेशाह लोधी का इतिहास समाज और प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की मांग है।

भोपाल में छात्रा से पहचान छिपाकर दोस्ती, धर्म बदलकर शोषण का आरोप; पीड़िता तीन माह की गर्भवती

भोपाल। भोपाल के रातीबड़ इलाके में आईईएस विश्वविद्यालय की छात्रा के साथ पहचान छिपाकर दोस्ती करने और बाद में धर्म परिवर्तन के दबाव के साथ शोषण किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर प्रेम संबंध बनाए और अब वह तीन माह की गर्भवती है।

पीड़िता के अनुसार, उसी कॉलेज में पढ़ने वाले आसिफ रजा ने अपना नाम आशीष पांडे बताकर उससे जान-पहचान बढ़ाई। विश्वास में लेकर आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब छात्रा को उसकी असली पहचान पता चली, तो आरोपी ने कथित रूप से उसे ‘रखैल’ बनकर रहने का दबाव बनाया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में आरोपी के दो दोस्त शाहजेब खान और सेफ शेख भी शामिल थे, जो उसे लगातार धमका रहे थे और चुप रहने का दबाव बना रहे थे।

पीड़िता ने महिला थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि जब उसने अपनी गर्भावस्था और धर्म बदलकर शोषण की बात बताई, तो पुलिस अधिकारियों ने इसे हिंदू-मुस्लिम मामला न बनाने और आपसी समझौते की सलाह दी।

पीड़िता का दावा है कि बजरंग दल के हस्तक्षेप के बाद मामला दर्ज किया गया, लेकिन दो आरोपियों को पकड़ने के बाद बिना ठोस कार्रवाई के छोड़ दिया गया।

वहीं, ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी ने भी पीड़िता को न्याय दिलाने की पहल की है। समिति के संरक्षक समशुल हसन ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

श्री विश्वकर्मा महापंचायत संगठन की प्रदेश स्तरीय बैठक 30 को

  • बैठक में होंगे कई महत्वपूर्ण निर्णय, बनेगी आगामी कार्ययोजना

भोपाल। मध्यप्रदेश में विश्वकर्मा समाज के अग्रणी संगठन श्री विश्वकर्मा महापंचायत की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक एवं संगठन का चतुर्थ स्थापना दिवस पर प्रदेश भर के पदाधिकारी गंज बासौदा में जुटेंगे।

प्रदेश स्तरीय बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी, जिला अध्यक्ष एवं संगठन सलाहकार एवं संरक्षक समेत सभी संभाग अध्यक्ष महिला मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी (जिला अध्यक्ष) , युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी (जिला अध्यक्ष) चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेश कार्यकारिणी एवं (जिला अध्यक्ष) एवं राष्ट्रीय पदाधिकारी तथा श्री विश्वकर्मा महापंचायत के मध्य प्रदेश में निवासरत राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक में शामिल होंगे।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एवं विश्वकर्मा कल्याण बोर्ड के पूर्व सदस्य परमानंद विश्वकर्मा ने बताया कि संगठन के चौथे स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, समाज के उत्थान विकास पर चर्चा एवं राजनीतिक भागीदारी पर चर्चा की जाएगी। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विश्वकर्मा कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष (पूर्व कैबिनेट मंत्री दर्जा) प्रेमनारायण विश्वकर्मा का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

प्रदेश का समृद्ध किसान ही विकसित भारत के निर्माण में निभाएगा महत्वपूर्ण भूमिका : मुख्यमंत्री

  • “किसान कल्याण वर्ष” में मध्यप्रदेश कृषि क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा: डॉ. मोहन यादव

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य का समृद्ध किसान विकसित भारत 2047 के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का संकल्प “सच्चा वादा और पक्का काम” है और किसानों से किए गए वादों को पूरा किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों की समृद्धि ही मध्यप्रदेश की असली ताकत है और सरकार उनकी आय बढ़ाने तथा जीवन स्तर सुधारने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जब खेतों से लेकर कारखानों तक समृद्धि आएगी, तभी राज्य और देश दोनों मजबूत होंगे। उन्होंने नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश के तेज विकास का उल्लेख करते हुए किसानों को इस प्रगति की आधारशिला बताया और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।

  • गेहूं उपार्जन में बड़ा फैसला

रिकॉर्ड गेहूं उत्पादन को देखते हुए राज्य सरकार ने केंद्र से खरीदी सीमा बढ़ाने का अनुरोध किया था, जिसे स्वीकार करते हुए लक्ष्य 78 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन कर दिया गया है। यह वृद्धि किसानों की आय सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

  • स्लॉट बुकिंग 9 मई तक, अब सप्ताह में 6 दिन खरीदी

मुख्यमंत्री ने बताया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए स्लॉट बुकिंग पूरी तरह खोल दी गई है। अब गेहूं उपार्जन सप्ताह में 6 दिन होगा और शनिवार को भी केंद्र खुले रहेंगे। साथ ही स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 30 अप्रैल से बढ़ाकर 9 मई कर दी गई है।

  • भूमि के बदले 4 गुना मुआवजा

सरकार ने भू-अर्जन को लेकर बड़ा निर्णय लेते हुए किसानों को उनकी जमीन के बदले 4 गुना तक मुआवजा देने की घोषणा की है, जिससे उनके अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

  • फसल विविधीकरण और बोनस योजना

सरकार दलहन, उड़द और तिलहन फसलों को बढ़ावा देने के लिए कदम उठा रही है। उड़द की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जाएगी और किसानों को 600 रुपये प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जाएगा। सरसों पर भावांतर योजना लागू होने से किसानों को एमएसपी से अधिक कीमत मिलने लगी है।

  • “किसान कल्याण वर्ष” की पहल

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष को “किसान कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है, जिसमें किसानों को मात्र 5 रुपये में कृषि पंप कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अंत में भरोसा दिलाया कि सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी रहेगी और उनकी समृद्धि के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

समस्याओं को लेकर कांग्रेस सेवादल का 24 घंटे का किसान सत्याग्रह एवं उपवास

  • 8 दिन में सुधार नहीं, तो प्रदेशभर में चक्का जाम: जीतू पटवारी

भोपाल। किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस सेवादल का 24 घंटे का किसान सत्याग्रह एवं उपवास आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दोपहर 12 बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष अवनीश भार्गव को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। इस अवसर पर संकल्प लिया गया कि जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होतीं, यह संघर्ष जारी रहेगा।

सत्याग्रह को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने कहा कि सेवादल का यह अभियान तथाकथित "मोदी की गारंटी" को जमीन पर लागू करवाने के उद्देश्य से चलाया गया है। उन्होंने सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा: सरकार ने गेहूं की खरीदी ₹2700 प्रति क्विंटल करने का वादा किया था, लेकिन किसान अपनी उपज ₹1800 या उससे कम दाम पर बेचने को मजबूर हैं।

यदि किसान का गेहूं ₹2700 से कम दाम पर बिका है, तो बीच की राशि सरकार ने चोरी की है। इसके लिए सीधे तौर पर प्रधानमंत्री मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव जिम्मेदार हैं। खरीदी केंद्रों पर तौल और अन्य अनियमितताएं व्याप्त हैं। यदि 8 दिनों के भीतर व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं, तो बड़वानी से लेकर ग्वालियर-चंबल तक आगरा-मुंबई हाईवे जाम किया जाएगा

उपवास समाप्ति के बाद सेवादल प्रदेशाध्यक्ष अवनीश भार्गव ने कहा कि यह सत्याग्रह केवल एक शुरुआत है। उन्होंने प्रमुख मुद्दे उठाते हुए कहा:

1. फसल बीमा: प्रदेश में बीमा के नाम पर किसानों से सरेआम लूट हो रही है।

2. उत्पीड़न: प्रशासन 'नरवाई' के नाम पर किसानों पर फर्जी प्रकरण दर्ज कर उन्हें प्रताड़ित करना बंद करे।

3. ऋण वसूली: फसल खरीदी की अंतिम तिथि को ही ऋण वसूली की आखिरी तारीख तय की जाए, ताकि किसानों पर मानसिक दबाव न बने।

सत्याग्रह के समापन पर भोपाल और आसपास के क्षेत्रों से आए किसानों ने अपनी व्यथा सुनाई। इसके पश्चात, किसानों की मांगों को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल की ओर से महामहिम राज्यपाल महोदय के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा गया।

  • कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थिति

सत्याग्रह के समापन अवसर पर उपाध्यक्षद्वय सुखदेव पांसे, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, महेन्द्र जोशी, CWC सदस्य मीनाक्षी नटराजन, पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल, अ.भा. कांग्रेस सेवादल के सचिव एवं म.प्र. प्रभारी पी.एन.मिश्रा साथ ही सेवादल प्रदेश महिला अध्यक्ष श्रीमती संगीता कांकरिया, मीनाक्षी जायसवाल, यंग ब्रिगेड अध्यक्ष गजानंद गज्जू तिवारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष (भोपाल)प्रवीण सक्सेना, अनोखीमानसिंह पटेल, श्रीमती जयश्री हरिकरण, शैलेन्द्र पटेल, गोविंद गोयल, चन्द्रकांत दुबे, आसिफ जकी, प्रदीप मोनू सक्सेना, जितेन्द्र डागा, अरूण श्रीवास्तव, अभिषेक शर्मा, जिला सेवादल अध्यक्ष निहाल अहमद, लोकेश दांगी सहित सेवादल के वर्दीधारी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।