21 मई तक स्वगणना, 22 मई से घर-घर सर्वे; लापरवाही पर होगी FIR
देवरिया 25 अप्रैल।जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत जिले में 7 से 21 मई तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान संचालित किया जाएगा। इसके बाद 22 मई से 20 जून तक घर-घर सर्वेक्षण (मकान सूचीकरण) का कार्य शुरू होगा। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं और व्यापक स्तर पर तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।
डीएम ने बताया कि स्वगणना के तहत नागरिक ऑनलाइन पोर्टल या क्यूआर कोड के माध्यम से स्वयं अपने एवं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिले भर में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर संपर्क, जनप्रतिनिधियों का प्रशिक्षण, विद्यालयों व महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम तथा विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार कराया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर नोडल अधिकारी नामित कर शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करें। आमजन को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए। इसके साथ ही प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया, पोस्टर, बैनर व पंपलेट के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया है। शिक्षकों, व्यापारियों, स्वयंसेवी संगठनों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
डीएम ने बताया कि स्वगणना चरण के बाद 22 मई से शुरू होने वाले घर-घर सर्वेक्षण में गणनाकर्मी प्रत्येक मकान पर जाकर उसका विवरण दर्ज करेंगे। इस दौरान पूरे अभियान की सतत निगरानी व समीक्षा की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें।
प्रशिक्षण में लापरवाही पर सख्ती, होगी FIR
जनगणना प्रशिक्षण को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने या ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले प्रगणक एवं सुपरवाइजर के विरुद्ध जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 के तहत कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज कराई जाएगी। इस धारा के तहत दोषी को तीन वर्ष तक की सजा, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।
प्रशासन के अनुसार, सबसे पहले अनुपस्थित कर्मियों को कारण बताओ नोटिस दिया जाएगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद भी लापरवाही या कार्य से इनकार की स्थिति में संबंधित के खिलाफ FIR दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्मिकों को प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना होगा
देवरिया जिले के बरहज SDM विपिन द्विवेदी निलंबित

देवरिया । बरहज तहसील के उपजिलाधिकारी (SDM) विपिन द्विवेदी को नलकूप जमीन विवाद मामले में दोषी पाए जाने के बाद निलंबित कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, नलकूप की जमीन से जुड़े विवाद में प्रशासनिक स्तर पर अनियमितता और लापरवाही की शिकायतें सामने आई थीं। जांच के बाद यह पाया गया कि SDM स्तर पर सही कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते मामला और गंभीर हो गया।
SDM विपिन द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर  राजस्व परिषद से संबद्ध किया गया है
उनके ऊपर विभागीय जांच आगे भी जारी रहेगी ।
नाली निर्माण मे भ्रष्टाचार चरम पर,  जिम्मेदार गांधारी बने
        
देवरिया,  M N Pandey l.        देवरिया के उमा नगर मे राजेंद्र चौक के पास नाली का निमार्ण कार्य  नगर पालिका  द्वारा कराया जा रहा है । जिसमे ठेकेदार द्वारा दोयम दर्जे का काम कराया जा रहा है ।  नाली निर्माण  मे मानक के विपरीत घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है जिसपर अस्थानिय लोगो मे भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है ।  जब इस विषय मे ई ओ नगर पालिका से बात करने का प्रयास हुआ तो ई ओ नगरपालिका द्वारा नम्बर ब्लाक कर दिया गया ।
चैत्र नवरात्रि पर देवरिया में भव्य ‘भक्ति संध्या’ व लेजर शो का आयोजन 23 मार्च को

देवरिया। 19 मार्च। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद में सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक वातावरण को सुदृढ़ करने हेतु 23 मार्च (सोमवार) को भव्य ‘भक्ति संध्या’ एवं ‘लेजर शो’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सायं 06:30 बजे से माँ देवरही माता मंदिर परिसर में आयोजित होगा।

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने समस्त जनपदवासियों को चैत्र नवरात्रि एवं नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए इस विशेष आयोजन में सपरिवार सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जनपद की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रयास है।
कार्यक्रम के अंतर्गत सुप्रसिद्ध गायिका अंजलि शुक्ला एवं उनकी टीम द्वारा भक्ति संध्या व देवी जागरण प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें माता के भजनों से वातावरण भक्तिमय होगा। इसके साथ ही विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

विशेष रूप से आयोजित ‘लेजर शो’ में देवरिया के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति एवं सभ्यता की झलक आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी, जिससे दर्शकों को जनपद की विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा।कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि देवरिया की मिट्टी में संस्कृति और इतिहास की गहरी जड़ें हैं, जिन्हें संरक्षित एवं प्रसारित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की ।
आग की चपेट में कई घर और झोपड़ियां आ गईं, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर खाक .
देवरिया ।घटना भाटपार रानी तहसील के कुकुरघाटी विशंभरपुर टोले की है जहा बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। हाई वोल्टेज तार टूटकर गिरने से गांव में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में कई घर और झोपड़ियां आ गईं, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

ग्रामीण खुद ही आग बुझाने में जुटे रहे, लेकिन समय पर दमकल की गाड़ियां नहीं पहुंचीं, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान  नही आया है
जाति प्रमाण पत्र के लिए घूस मांगने के आरोप में मुंशी गिरफ्तार

देवरिया। 27 फरवरी  सलेमपुर  तहसील मे एक मुंशी को जाति प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एसडीएम दिशा श्रीवास्तव के निर्देश पर आरोपी मुंशी को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
लेखपाल अमरेश मौर्या के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया है, क्योंकि उसने मुंशी से आठ सौ रुपये की मांग की थी।
शासन ने बीएसए शालिनी श्रीवास्तव को किया निलंबित, विभागीय जांच के आदेश
डीएम की संस्तुति पर हुई कार्रवाई, संयुक्त शिक्षा निदेशक बनाए गए जांच अधिकारी


देवरिया, 27 फरवरी।  जनपद देवरिया के कृष्ण मोहन सिंह आत्महत्या प्रकरण में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल द्वारा 23-02-2026 को शासन को प्रेषित संस्तुति पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। उत्तर प्रदेश शासन ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनिक कार्यवाही संस्थित करने के आदेश जारी किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश शासन, बेसिक शिक्षा अनुभाग-1, द्वारा जारी कार्यालय आदेश  के अनुसार, माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में शिथिलता तथा लगभग एक वर्ष तक प्रभावी कार्रवाई न किए जाने के आरोप प्रथम दृष्टया सिद्ध पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है। शासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता एवं लापरवाही गंभीर कदाचार की श्रेणी में आती है।

शासनादेश के तहत शालिनी श्रीवास्तव को उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली-1999 के नियम-4 के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है तथा नियम-7 के अंतर्गत विभागीय जांच संस्थित की गई है। जांच की निष्पक्षता सुनिश्चित करने हेतु संयुक्त शिक्षा निदेशक, गोरखपुर मंडल को जांच अधिकारी नामित किया गया है।निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा तथा उनका संबद्धीकरण शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ कार्यालय से किया गया है।

इसी क्रम में शासन ने यह भी आदेश जारी किया है कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, देवरिया के रिक्त पद पर नियमित तैनाती होने तक तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेशों तक प्राचार्य, डायट (देवरिया) को उनके वर्तमान पद के साथ-साथ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, देवरिया का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जिससे शैक्षिक एवं प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार का व्यवधान न उत्पन्न हो।
उल्लेखनीय है कि उक्त प्रकरण में परिजनों की तहरीर पर थाना गुलहरिया में पूर्व में ही नामजद मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। साथ ही, जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित उच्चस्तरीय जांच समिति की आख्या के आधार पर आरोपित पटल सहायक को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने स्पष्ट किया है कि जनपद में प्रशासनिक जवाबदेही एवं पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नरसिंह खेलावन दुबे की स्मृति में विशाल कुश्ती प्रतियोगिता संपन्न
देवरिया। विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी ग्राम- जगनचक, थाना- बनकटा, तहसील- भाटपार रानी स्थित दुबे स्टेटमेंट में स्वर्गीय नरसिंह खेलावन दुबे की पुण्यस्मृति में काली माई सेवा संस्था द्वारा कुश्ती प्रतियोगिता एवं दंगल का भव्य आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन जिला अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी तथा अन्तर्राष्ट्रीय पहलवान केशव सिंह के कर कमलों द्वारा हुआ। कार्यक्रम में विशेष अतिथी सभाकुँवर कुशवाहा विधायक भाटपार रानी, सम्मानित अतिथि अश्वनी कुमार सिंह भाजपा नेता, सम्मानित अतिथि श्रीमती बिंदा कुशवाहा ब्लॉक प्रमुख बनकटा, सम्मानित अतिथि अमित सिंह (बब्लू) ब्लॉक प्रमुख लार और साथ ही अन्य गणमान्य व क्षेत्र के सम्मानित अतिथि और जनता ने उपस्थित रहकर दंगल का आनंद लिया। कार्यक्रम के मार्गदर्शक जयप्रकाश दुबे, डॉ ओमप्रकाश दुबे ने अतिथियों को अंगवस्त्र पहनाकर और सम्मान चिन्ह भेट कर सम्मानित किया और संस्था के पदाधिकारियों द्वारा सभी सम्मानित अतिथियों को माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया गया।  यह पूरा कार्यक्रम संयोजक अमित दुबे के देख रेख में संपन्न हुआ। इस विशाल दंगल कुश्ती आयोजन में वाराणसी से रामनारायण पहलवान, छोटेलाल पहलवान, अंकित पहलवान, पप्पू पहलवान व गाजीपुर के राष्ट्रीय पहलवान बाबा महंगू दास पहलवान, हिमांशू पहलवान, जे पी पहलवान, राजवीर पहलवान, उपेंद्र पहलवान और गोरखपुर के अंकित पहलवान, बहादुर यादव पहलवान, कृष्णा पहलवान, लाला पहलवान, हेमंत पहलवान एवं क्षेत्रीय पहलवान उपस्थित रहे।
महा मुकाबले में बाबा निर्दोष दास पहलवान अयोध्या हनुमान गढ़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।दूसरे स्थान पर वसंत थापा पहलवान, नेपाल और तीसरे स्थान पर पारस थापा पहलवान, नेपाल ने अपना स्थान बनाया। उन्हें ट्रॉफी व नगद पुरूस्कार से सम्मानित किया गया।
बिना मान्यता के इन्टरमीडिएट कक्षाओ के संचालन पर डीएम की बड़ी कार्रवाई व दो विद्यालयों पर मुकदमा दर्ज, कारण बताओ नोटिस जारी

छात्रा की शिकायत पर जाच कर हुई कार्यवाही


देवरिया 21 फ़रवरी l जनपद में शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा गंभीर प्रकरण सामने आने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। अमान्यता प्राप्त तरीके से इंटरमीडिएट कक्षाओं का संचालन एवं विज्ञान वर्ग के छात्रों की परीक्षा अन्य विद्यालय से संबद्ध कराए जाने के मामले में जिलाधिकारी ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करा दिया है। साथ ही कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है ।

मामला  जगरनाथ राव श्री कृष्ण प्रताप राव उच्च माध्यमिक विद्यालय, सवरेजी खरग एवं मंजूर अली इंटर कॉलेज, करजहा से संबंधित है। जांच में सामने आया कि बिना मान्यता इंटर कक्षाओं का संचालन किया जा रहा था तथा विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों की परीक्षा दूसरे विद्यालय से संबद्ध कराई जा रही थी, जो नियमों का गंभीर उल्लंघन है।

17 फरवरी 2026 को एक छात्रा द्वारा डीएम के जनता दर्शन में  पहुंच कर शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि विद्यालय ने उनका विधिवत नामांकन नहीं किया और प्रवेश पत्र भी उपलब्ध नहीं कराया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।

डीएम के निर्देश पर एडीआईओएस (ADIOS) की संयुक्त टीम गठित की गई, जिसने 19 फरवरी 2026 को अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट में शिकायत को सही पाया गया और अनियमितताओं की पुष्टि हुई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए दोनों विद्यालयों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में संबंधित थानों में मुकदमा पंजीकृत कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने दोनों विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए पूछा है कि क्यों न उनकी मान्यता निरस्त कर दी जाए। शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया है कि ऐसे प्रकरणों में सख्त निगरानी रखी जाए तथा समय-समय पर औचक निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले के शिक्षा जगत में हलचल मच गई है और अन्य विद्यालयों में भी नियमों के अनुपालन को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।
डीएम दिव्या मित्तल की अपील: 22 फरवरी को बूथ पर पहुंचकर जांचें अपना नाम


  22 फरवरी को लोकतंत्र का ‘महाअभियान’: जिले के हर बूथ पर लगेगा मतदाता शिविर


देवरिया, 21 फरवरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत 22 फरवरी (रविवार) को जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करना तथा मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है।

डीएम ने बताया कि इससे पूर्व 11 जनवरी, 18 जनवरी तथा 31 जनवरी को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा चुके हैं। इसी क्रम में 22 फरवरी को चौथा विशेष अभियान दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

विशेष अभियान दिवस पर प्रत्येक मतदेय स्थल पर प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके पास 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में प्रपत्र-6 (नया नाम जोड़ने हेतु), 6ए (विदेश में निवासरत भारतीय मतदाताओं हेतु), 7 (नाम विलोपन हेतु) एवं 8 (संशोधन हेतु) उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था की जाएगी, जहां मतदाताओं को फॉर्म भरने एवं प्रक्रिया संबंधी जानकारी दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान की निगरानी के लिए सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं निर्वाचन संबंधी अधिकारी भ्रमणशील रहेंगे। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) से भी नियमानुसार सहयोग लिया जाएगा, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी व सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

डीएम श्रीमती मित्तल ने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि वे 22 फरवरी को अपने-अपने बूथ पर जाकर अपना तथा अपने परिवार के सदस्यों का नाम 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में अंकित नहीं है अथवा जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे प्रपत्र-6 भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं। इसके अतिरिक्त ECINET मोबाइल एप तथा voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।

उन्होंने यह भी बताया कि यदि मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, आयु या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है तो उसके संशोधन के लिए प्रपत्र-8 भरा जा सकता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की णमजबूती की आधारशिला है। अतः सभी नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें और विशेष अभियान दिवस का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।