12 वीं की छात्रा साक्षी चौधरी ने किया जिला टाप
मीरजापुर। श्री माता प्रसाद माता भीख इंटर कॉलेज मिर्जापुर की 12 वीं की छात्रा साक्षी चौधरी ने मिर्जापुर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं विद्यालय के समस्त शिक्षकों का नाम रोशन किया है।
यूपी बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद जैसे ही साक्षी के जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त करने की सूचना हुई वैसे ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया था। श्री माता प्रसाद माता भीख इंटर कॉलेज के प्रबंधक, शिक्षकों सहित नगर के तमाम गणमान्य जनों ने बधाई देते हुए साक्षी के उज्जवल भविष्य की कामना की है
आपसी विवाद में एक युवक की पिटाई कर उसे नहर में फेंकने का आरोप
लालगंज।थाना क्षेत्र के जैकर कला गांव के पास आपसी विवाद में एक युवक की पिटाई कर उसे नहर में फेंकने के आरोप का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लालगंज में मौत हो गई।


दुबार कलां (बैसान) निवासी रोहित कुमार कोरी ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसका भाई दिलीप कुमार उर्फ दीपक कोरी (22) ऑर्केस्ट्रा में काम करता था। बुधवार रात करीब आठ बजे साथ काम करने वाले सुरेश मौर्या, अब्दुल मोहम्मद और ठाकुर हरिजन ने उसके साथ मारपीट की और मरा समझकर नहर में फेंककर फरार हो गए।सूचना पर पहुंचे परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से युवक को नहर से बाहर निकाला और एंबुलेंस से सीएचसी लालगंज पहुंचाया।जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि हत्या की गई है।पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और मृतक के भाई की तहरीर पर सुरेश मौर्या, अब्दुल मोहम्मद और ठाकुर हरिजन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 व एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज़ परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह दूबार-लालगंज मार्ग पर चौकी दुबार कला के सामने करीब तीन घंटे तक चक्का जाम कर दिया। सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर,नायब तहसीलदार प्रताप नारायण ओझा और थाना अध्यक्ष अभय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा शीघ्र गिरफ्तारी और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।
विंध्याचल देवी धाम में परिक्रमा पथ व नवनिर्मित मार्ग पर मैट बिछाने का कार्य हुआ संपन्न, झुलसते पांव को इस भीषण धूप में मिलेगी राहत
मीरजापुर। देश के विख्यात देवी धाम मां विन्ध्यवासिनी धाम में भक्तों को इस कड़क धूप में पांव झुलसाने नहीं होंगे। इससे उन्हें अब राहत मिलेगी।
मां विंध्यवासिनी धाम में आने वाले दर्शनार्थियों की इस पीड़ा को महसूस करते हुए उद्योगपति निखिल द्वारा विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी की प्रेरणा से परिक्रमा पथ व नवनिर्मित मार्ग पर मैट बिछाने का कार्य संपन्न कराया गया, ताकि मां के भक्तों के झुलसते पांव को इस भीषण धूप में राहत मिल सके। इस सराहनीय कार्य के लिए विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने समाज सेवी निखिल को मां के भक्तों की तरफ से कोटि कोटि आभार जताया है।
ड्रमंडगंज घाटी के रोड डिजाइन पर सवाल, नए सिरे से निर्माण की मांग तेज
तहसील पर अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, विशेषज्ञों से तकनीकी ऑडिट कराने की उठी आवाज
लालगंज (मिर्जापुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग 135 के रीवा मार्ग स्थित ड्रमंडगंज घाटी में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने अब सड़क निर्माण की गुणवत्ता और डिजाइन पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार को अधिवक्ताओं ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर घाटी की सड़क को नए सिरे से डिजाइन कराए जाने की मांग उठाई। अधिवक्ताओं ने जॉइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि घाटी में बने फोरलेन मार्ग के मोड़ और ढलान तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं हैं। यही कारण है कि भारी वाहन संतुलन खोकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। हाल ही में हुई 11 लोगों की मौत ने इस समस्या को और गंभीर बना दिया है।अधिवक्ताओं ने मांग की कि सड़क के पूरे स्ट्रेच का उच्च स्तरीय तकनीकी ऑडिट कराया जाए। विशेषज्ञों की टीम द्वारा जांच के बाद जहां भी खामियां सामने आएं वहां आंशिक सुधार के बजाय पुनः डिजाइन कर निर्माण कराया जाए। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बीते कुछ वर्षों में इस मार्ग पर लगातार हादसे हो रहे हैं लेकिन जिम्मेदार विभाग स्थायी समाधान के बजाय अस्थायी मरम्मत तक सीमित है। इससे दुर्घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।तहसील मुख्य द्वार पर हुए प्रदर्शन में अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। इस दौरान उपरौध अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष राजेंद्र मौर्य,अनिल मौर्य, धनेश्वर गौतम, विपिन तिवारी, श्यामधर पांडे, प्रभुनाथ दुबे, मनोज दुबे, कमलेश गौतम, उमाशंकर पटेल, अशोक मिश्रा, सुरेश कुमार पटेल, राजकुमार पांडे, अरुण त्रिपाठी, आलोक पाल, जगत शास्त्री, बालेंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
Mirzapur: ड्रमंडगंज घाटी हादसे में मृतकों को दी गई शोक श्रद्धांजलि, सभासदों ने जताया शोक

मीरजापुर। जिले के ड्रमंडगंज घाटी में 11 लोगों की हुई मौत से हर कोई दहल उठा है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर के चौबे टोला सभासद पति गोवर्धन यादव के आवास पर एकत्रित हो कर बुधवार की रात्रि में हुए ड्रमंडगंज पहाड़ी पर हुए हृदय विदारक घटना में ११ निर्दोषों की जल कर मृत्यु हुई पर गहरा दुःख जताया गया। सभी ने कहा इससे मन बहुत व्यथित है। हम सभी उन मृतक आत्मा की शांति हेतु मां विंध्यवासिनी से प्रार्थना करते हैं। इस घटना से प्रभावित लोगों को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता की घोषणा की है, लेकिन घटना बहुत भयावह रही है। सभी सरकारी तंत्र को आभार की उन्होंने रात्रि से ही पूरी मदद करने की कोशिश में लगे रहे हैं। जिन परिवार ने अपनों को खोया है उसे पूर्ति नहीं कर सकते परन्तु प्रभु से प्रार्थना कर सकते हैं उन सभी दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें। जो घायल हुए हैं उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य होने की कामना करते हैं। शोक सभा में अजय मोदनवाल, किशन गुप्ता, श्रीकिशन कसेरा, मनोज गुप्ता, शिवशंकर अग्रहरि, कमलेश मोदनवाल, श्रीराम यादव, युग यादव,
चन्द्रांशु गोयल जिला कोषाध्यक्ष भाजपा सहित
गोवर्धन यादव उर्फ टीटू सभासद इत्यादि उपस्थित रहे हैं ‌
आगामी 25, 26 तथा 27 अप्रैल को जनपद में आयोजित होगी होमगार्ड भर्ती परीक्षा, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने की तैयारियों की बैठक*

*जनपद में होमगार्ड भर्ती परीक्षा 5520 परीक्षार्थी परीक्षा में होंगे सम्मिलित*


*गोण्डा 22 अप्रैल,2026*।
जनपद में आगामी होमगार्ड भर्ती परीक्षा को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन एवं पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि होमगार्ड परीक्षा का आयोजन 25, 26 एवं 27 अप्रैल, 2026 को किया जाएगा। इस परीक्षा के लिए जनपद में कुल 14 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा की निगरानी एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के लिए 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 14 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा में कुल 5520 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।

उन्होंने जानकारी दी कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगी। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या अव्यवस्था को तत्काल प्रभाव से नियंत्रित किया जाए। साथ ही, परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने एवं यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।

जिलाधिकारी ने भरोसा जताया कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से यह परीक्षा सफलतापूर्वक एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न होगी।
मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-कार-बोलेरो टक्कर के बाद आग, 11 की दर्दनाक मौत

ड्रमंडगंज घाटी में ब्रेक फेल होने से बना मौत का मंजर, बोलेरो में जिंदा जले कई लोग


मिर्जापुर। जिले के रीवा-मिर्जापुर हाईवे स्थित ड्रमंडगंज घाटी में बुधवार रात करीब 8 बजे हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। ट्रक, स्विफ्ट डिजायर कार, बोलेरो और ट्रेलर की टक्कर के बाद लगी आग में कुल 11 लोगों की मौत हो गई, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घाटी में गिट्टी लदा ट्रेलर उतर रहा था, उसके पीछे स्विफ्ट कार, फिर दाल से लदा ट्रक और सबसे पीछे बोलेरो चल रही थी। अचानक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया, जिससे उसने आगे चल रही कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार ट्रेलर से जा भिड़ी और पीछे से आ रही बोलेरो भी ट्रक से टकरा गई।

भीषण टक्कर के बाद बोलेरो और कार में आग लग गई। देखते ही देखते बोलेरो आग का गोला बन गई, जिसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भीषण थी कि किसी को बाहर निकालने का मौका ही नहीं मिला।

हादसे में बोलेरो सवार दो महिलाओं, दो बच्चों समेत कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्विफ्ट कार चालक जय प्रकाश (26) निवासी सोनभद्र की भी जान चली गई। ट्रक चालक और खलासी ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह कुल मृतकों की संख्या 11 बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही ड्रमंडगंज, हलिया समेत कई थानों की पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रथम दृष्टया ट्रक का ब्रेक फेल होना मुख्य वजह माना जा रहा है।

प्रशासन हरकत में:
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
दीपक पटेल के नेतृत्व में चला प्रातःकालीन विशेष चेकिंग अभियान, कटियामारों में छाई दहशत*
मिर्जापुर - विद्युत चोरी रोकने एवं बढ़े हुए लोड के मद्देनज़र मॉर्निंग रेड अभियान के तहत गुरुवार को विद्युत विभाग द्वारा गर्मी के मौसम में बढ़ते विद्युत भार (लोड) एवं विद्युत चोरी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु उपखंड अधिकारी दीपक पटेल एवं अवर अभियंता प्रमोद कुमार के साथ प्रातःकालीन (मॉर्निंग) विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान उपखंड क्षेत्र तेलियागंज, पक्की सराय, डंकिनगंज, पंसारी टोला, पैरिया टोला, हरना की गली, दुर्गा देवी व बड़ी माता आदि के अंतर्गत विभिन्न संवेदनशील एवं चिन्हित क्षेत्रों में संचालित किया गया। गर्मी के कारण विद्युत की मांग में निरंतर वृद्धि हो रही है, जिससे वितरण तंत्र पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा यह विशेष कार्रवाई की गई, ताकि अनधिकृत विद्युत उपयोग एवं ओवरलोडिंग को रोका जा सके और आम उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच की गई। जांच के दौरान कई स्थानों पर विद्युत चोरी/अनियमित उपभोग के मामले पकड़े गए। संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने एवं जुर्माना निर्धारित करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस दौरान उपखंड अधिकारी दीपक पटेल ने बताया कि विद्युत चोरी एवं अनधिकृत लोड बढ़ाना न केवल राजस्व की हानि करता है, बल्कि ट्रांसफार्मर एवं लाइन पर अतिरिक्त भार डालकर आपूर्ति व्यवस्था को भी प्रभावित करता है। उन्होंने जनसामान्य से अपील किया कि वे स्वीकृत लोड के अनुसार ही विद्युत का उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचें। अन्यथा विद्युत विभाग द्वारा आगे भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण एवं चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
महिला आरक्षण विधेयक 2023 में सर्वसम्मति से पास हुआ था वह आज तक क्यों नहीं लागू हुआ

मिर्जापुर। कांग्रेस अनुसूचित जाति के राष्ट्रीय को-ऑर्डिनेटर एवं पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार से आज देश की महिलाएं यह जानना चाहती है की जो महिला आरक्षण विधेयक 2023 में सर्वसम्मति से पास हुआ था वह आज तक क्यों नहीं लागू हुआ।
क्यों महिलाओं को गुमराह किया जा रहा है। चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने  केंद्रीय मंत्रियों एवं भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के   द्वारा यह गलत प्रचार क्यों किया जा रहा है कि 18 अप्रैल 2026 को महिला आरक्षण का बिल विपक्ष के विरोध के वजह से गिर गया अरे देश की जनता जान रही है कि वह संविधान संशोधन जो विधायक आप लाए थे 18 अप्रैल को वह महिला आरक्षण से संबंधित नहीं था वह तो परिसीमन के संबंध में था महिला आरक्षण बिल तो 23 में सर्वसम्मति से पास हो गयाथा। आपकी जिम्मेदारी थी उसको लागू करे 
देश की महिलाओं को गुमराह कर रहे हैं महिलाओं के हितैषी बनना चाहते हैं महिलाओं को याद नहीं है क्या कि जब उन्नाव में घटना हुआ था तो आप खामोश थे जब हाथरस में महिलाओं के साथ अत्याचार हुआ तो आप खामोश थे मणिपुर में हुआ तो आप खामोश थे तब महिलाओं की याद नहीं आई
श्री चौधरी ने कहा कि बीजेपी सरकार के द्वारा लोकतंत्र और संविधान की धज्जियां उड़ाया जा रहा है मेरा देशएवं प्रदेश की जनता  से अनुरोध है कि भारतीय जनता पार्टी के सच्चाई को समझे यह कहते क्या है करते क्या है
श्री चौधरी ने कहा कि जब राजीव गांधी जी इस देश के प्रधानमंत्री थे पंचायत राज में महिलाओं को जो आरक्षण दिया था
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं कांग्रेस के प्रवक्ता मिन्हाज अहमद छोटे खान ने कहा- 2023 वाला महिला आरक्षण बिल तुरंत लागू करें, मौजूदा सीटों पर 33% आरक्षण दें। कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं के साथ रही है श्री खान ने कहा कि महिला आरक्षण नहीं, परिसीमन की साजिश थी केंद्र की बीजेपी सरकार नाकाम हुई।
Mirzapur: सपा मजदूर सभा ने नोएडा श्रमिक आंदोलन को दबाने पर लगे रोक
मृतक परिजनों को 25-25 लाख रूपया मिले आर्थिक सहायता की मांग को लेकर मुख्यालय पर किया जोरदार प्रदर्शन


मिर्जापुर।  नोएडा श्रमिक आंदोलन दमन पर रोक लगाने एवं पिछड़े दिनों मिर्जापुर जनपद के अदानी पॉवर प्लांट से काम कर घर लौट रहे तीनों मृतक मजदूरों के परिजनों को 25-25 लाख रूपया आर्थिक सहायता तथा परिजनों को नौकरी देने की मांग को लेकर 15 सूत्रीय मांग पत्र बुधवार को सपा मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष मेवालाल प्रजापति के नेतृत्व में जोरदार जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार को सौंपा गया। इस अवसर पर वक्ताओ ने कहा नोएडा में जारी दमनात्मक कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए। गिरफ्तार सभी श्रमिकों को बिना शर्त रिहा किया जाए। राजनीतिक दलों और संगठनों को श्रमिकों से मिलने की अनुमति दी जाए। वरिष्ठ पत्रकार सत्यम वर्मा को तत्काल रिहा किया जाए। मजदूर आंदोलन व उसके प्रतिनिधियों को बदनाम करने के प्रयासों पर रोक लगे। सर्वोपरि श्रमिकों के सम्मानजनक जीवन हेतु प्रदेश में 26,000 मासिक न्यूनतम मजदूरी की घोषणा की जाए। मजदूरो के लिए आधूनिक लेवर अड्डा, श्रमिकों, महिलाओं के उत्पीडन मामलो को त्वरित निपाटारा। काम के घंटे आठ, सामाजिक सुरक्षा की गारण्टी। शहर के सडको का जगह-जगह धंस जाना, दूषित पानी पीने के लिए विवश न होना पडे़।
इस मौके पर प्रदर्शन करने वालो में आदर्श यादव, दीनानाथ प्रजापति, केशरीनंदन शर्मा, अमरनाथ चक्रवाल, रवि सोनकर, झल्लू यादव, राममिलन यादव बाबूलाल प्रजापति, बदरूद्दीन अंसारी, कृष्णमुरारी शर्मा, पवन कुमार, पतलू यादव, शिवकुमार यादव, अनील सोनकर, बजरंगी पाल, विनोद कुमार यादव, इन्द्रमणि प्रजापति, रामजी बिन्द, धनंजय सिंह आदि मौजूद रहे।