अपर गन्ना आयुक्त (क्रय) ने खेतों में जाकर गन्ना किसानों से किया संवाद
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।उत्तर प्रदेश शासन के पत्र द्वारा जारी निर्देशानुपालन में अपर गन्ना आयुक्त (क्रय) नोडल अधिकारी विश्वेश कनौजिया मण्डल लखनऊ की अध्यक्षता में 22अप्रैल को डीसीएम श्रीराम लि0, शुगर यूनिट लोनी के सभागार में लखनऊ मण्डल के जिला गन्ना अधिकारी (लखीमपुर खीरी), जिला गन्ना अधिकारी (फरूखाबाद), बीज उत्पादन अधिकारी (सीतापुर), जिला गन्ना अधिकारी (हरदोई), समस्त ज्येष्ठ गन्ना विकास निरिक्षक एवं चीनी मिलों के महाप्रबन्धक (गन्ना) के साथ बुवाई के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति, गन्ना विकास कार्यों पर व्यय की समीक्षा की गई और सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और और अधिक से अधिक रकवे में गन्ना बुवाई करायें तथा किसानों से सम्पर्क बनाये रखे जिससे किसानों की समस्या का तुरन्त निदान हो सके।
अपर गन्ना आयुक्त ने भ्रमण कर गन्ना किसानों से सवांद किया
समीक्षा उपरान्त अपर गन्ना आयुक्त क्रय द्वारा क्षेत्र भ्रमण के दौरान चीनी मिल लोनी के ग्राम नगला भगवान में कृषक सतेंद्र कुमार के प्लाट में टॉप बोरर से ग्रसित खेतों में यांत्रिक विधि से शूट कटिंग हेतु चलाए जा रहे अभियान का निरीक्षण किया तथा ग्राम टुमुर्की में गन्ना बीज विक्रेता व क्रेता किसानों के साथ संवाद किया, जिसमें गन्ना बीज विक्रेता किसान डाॅ0 हमीद खान ने बताया कि मेरे द्वारा 600 कुंतल गन्ना बीज किसानों को वितरित किया, जिसके सापेक्ष चीनी मिल लोनी से 75 रूपये प्रति कुंतल का प्रीमियम प्राप्त किया, इसके साथ ही अन्य उपस्थित किसानों ने भी गन्ना बीज वितरण के बाद चीनी मिल लोनी से 75 रूपये प्रति कुंतल प्रीमियम प्राप्त होना की पुष्टि की किसानों से संवाद के दौरान अन्य समस्याओं एवं गन्ने की खेती को और लाभदायक बनाने के बारे में चर्चा की गई।अपर गन्ना आयुक्त (क्रय)द्वारा ग्राम पैगु सराय के सरदार बिजेन्दर सिंह पुत्र हाकिम सिंह के 1.100 हेक्टयर प्लाट में को 0118 प्रजाति की बुवाई का अवलोकन किया और कृषक को यथा आवश्यक गन्ने की अच्छी उपज प्राप्त करने के सम्बन्ध में सुझाव दिए गए तथा उन्होंने किसानों को बताया की गन्ने की बुवाई लाइन से लाइन की दूरी बढ़ाकर करें तत्पश्चात जून के महीने में मिट्टी अवश्य चढ़ायें और गन्ने को गिरने से बचाने के लिये किसान भाई बंधाई अवश्य करें। तथा किसानों को आधुनिक मशीनीकरण से गन्ने की खेती के बारे में चर्चा की, उन्होंने बताया कि गन्ने की बुवाई एवं गुड़ाई की मशीनें किसानों के पास मिल क्षेत्र में उपलब्ध है जिससे बुवाई एवं गुड़ाई का कार्य आसानी से हो जाता है वहीं गन्ना कटाई व छिलाई के लिये मशीनों की अनुपलब्धता के कारण मजदूरों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे प्रति कुंतल कटाई की लागत अधिक आती है जिससे लाभ प्रभावित होता है। इस पर महोदय द्वारा किसानों को आश्वस्त किया गया कि शीघ्र ही गन्ना समितियों एवं चीनी मिलों के माध्यम से अतिशीघ्र गन्ना कटाई की मशीन उपलब्ध करायी जायेगी। इसके लिये किसान भाइयों को 4 फीट दूरी पर ट्रेंच विधि से गन्ना बुवाई को अपनाना होगा तथा साथ ही मशीनों द्वारा कटाई के लिये किसानवार एवं समितिवार अलग से कलैण्डर तैयार करने का प्रावधान किया जायेगा, जिससे किसानों को पारदर्शिता एवं सुविधा के साथ साथ मशीनीकरण होने पर मजदूरो से निजात मिलेंगी। जिससे किसानों की लागत कम व समय की बचत होगी।
अपर गन्ना आयुक्त ने किया टिशू कल्चर लैब का निरीक्षण
अपर गन्ना आयुक्त (क्रय) नोडल अधिकारी द्वारा चीनी मिल लोनी में स्थापित कॉल सेंटर तथा नवीन स्थापित टिशू कल्चर लैब का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली, शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया एवं किसानों से संवाद व्यवस्था का गहन अवलोकन किया गया।उन्होंने निर्देशित किया कि कॉल सेंटर को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाए, जिससे गन्ना किसानों की समस्याओं का त्वरित एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित हो सके।टिशू कल्चर लैब के निरीक्षण के समय उन्होंने गुणवत्ता, स्वच्छता मानकों एवं उत्पादन प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उच्च गुणवत्ता वाले गन्ना बीजों का उत्पादन बढ़ाया जाए तथा नवीन तकनीकों का अधिकाधिक उपयोग कर किसानों को लाभान्वित किया जाए। समस्त संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनाए रखें, ताकि गन्ना विकास कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
निरीक्षण के समय राजेश धर द्विवेदी (उप गन्ना आयुक्त परिक्षेत्र-लखनऊ), निधि गुप्ता (जिला गन्ना अधिकारी हरदोई), वेद प्रकाश सिंह (जिला गन्ना अधिकारी-लखीमपुर खीरी), संजय सिंह (ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक-हरियावां), पुत्तन लाल (ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक-लोनी), बृजभूषण शाक्य (सचिव समिति हरदोई ग्रोवरर्स), चीनी मिल लोनी के राजा श्रीवास्तव (इकाई प्रमुख), अनिल सिंह (महाप्रबंधक -गन्ना) सहित समस्त अधिकारीगण उपस्थित रहे।
1 hour and 18 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1