मुख्यमंत्री  ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित आगमन की तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण
रितेश मिश्रा
हरदोई. जनपद में दिनांक 29 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री जी के आगमन के दृष्टिगत माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद की बिलग्राम तहसील के मल्लावां कट गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण कार्यक्रम स्थल एवं उससे संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हेलीपैड, सभा स्थल, वीआईपी मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था सहित समस्त तैयारियों का गहनता से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री जी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री जी का कार्यक्रम पूर्णतः सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था सर्वाेच्च प्राथमिकता पर रखी जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता कदापि स्वीकार्य नहीं होगी। इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभा स्थल का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री जी ने बैठने की समुचित व्यवस्था, पंडाल की गुणवत्ता, पेयजल उपलब्धता, स्वच्छता, शौचालय व्यवस्था एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति को मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संचालित की जाएं। यातायात प्रबंधन की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री जी ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम के समय यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे तथा आम नागरिकों को असुविधा न हो। इसके लिए वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं स्पष्ट संकेतक (साइन बोर्ड) स्थापित किए जाएं।
मुख्यमंत्री जी ने हेलीपैड एवं वीआईपी मूवमेंट से संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा निर्देश दिए कि सभी प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, उन्होंने आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस, अग्निशमन एवं चिकित्सा सुविधाओं की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाए और जहां कहीं भी कमी हो, उसे तत्काल दूर किया जाए। इस अवसर पर मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा माननीय मुख्यमंत्री जी को मैप के माध्यम से कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई तथा आश्वस्त किया गया कि समस्त तैयारियां समयबद्ध एवं सुचारु रूप से पूर्ण कर ली जाएंगी। मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में हरित वातावरण को बढ़ावा देने हेतु ‘हरि शंकरी’ प्रजाति के वृक्षों का रोपण किया जाए। अंत में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह कार्यक्रम जनपद के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी, समन्वय एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम का सफल एवं गरिमामय आयोजन सुनिश्चित करें।
अपर गन्ना आयुक्त (क्रय) ने खेतों में जाकर गन्ना किसानों से किया संवाद
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।उत्तर प्रदेश शासन के पत्र द्वारा जारी निर्देशानुपालन में अपर गन्ना आयुक्त (क्रय) नोडल अधिकारी विश्वेश कनौजिया मण्डल लखनऊ की अध्यक्षता में 22अप्रैल को डीसीएम श्रीराम लि0, शुगर यूनिट लोनी के सभागार में लखनऊ मण्डल के जिला गन्ना अधिकारी (लखीमपुर खीरी), जिला गन्ना अधिकारी (फरूखाबाद), बीज उत्पादन अधिकारी (सीतापुर), जिला गन्ना अधिकारी (हरदोई),  समस्त ज्येष्ठ गन्ना विकास निरिक्षक एवं चीनी मिलों के महाप्रबन्धक (गन्ना) के साथ बुवाई के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति, गन्ना विकास कार्यों पर व्यय की समीक्षा की गई और सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और और अधिक से अधिक रकवे में गन्ना बुवाई करायें तथा किसानों से सम्पर्क बनाये रखे जिससे किसानों की समस्या का तुरन्त निदान हो सके।

अपर गन्ना आयुक्त ने भ्रमण कर गन्ना किसानों से सवांद किया

समीक्षा उपरान्त अपर गन्ना आयुक्त क्रय द्वारा क्षेत्र भ्रमण के दौरान चीनी मिल लोनी के ग्राम नगला भगवान में कृषक सतेंद्र कुमार के प्लाट में टॉप बोरर से ग्रसित खेतों में यांत्रिक विधि से शूट कटिंग हेतु चलाए जा रहे अभियान का निरीक्षण किया तथा ग्राम टुमुर्की में गन्ना बीज विक्रेता व क्रेता किसानों के साथ संवाद किया, जिसमें गन्ना बीज विक्रेता किसान डाॅ0 हमीद खान ने बताया कि मेरे द्वारा 600 कुंतल गन्ना बीज किसानों को वितरित किया, जिसके सापेक्ष चीनी मिल लोनी से 75 रूपये प्रति कुंतल का प्रीमियम प्राप्त किया, इसके साथ ही अन्य उपस्थित किसानों ने भी गन्ना बीज वितरण के बाद चीनी मिल लोनी से 75 रूपये प्रति कुंतल प्रीमियम प्राप्त होना की पुष्टि की किसानों से संवाद के दौरान अन्य समस्याओं एवं गन्ने की खेती को और लाभदायक बनाने के बारे में चर्चा की गई।अपर गन्ना आयुक्त (क्रय)द्वारा ग्राम पैगु सराय के सरदार बिजेन्दर सिंह पुत्र हाकिम सिंह के 1.100 हेक्टयर प्लाट में को 0118 प्रजाति की बुवाई का अवलोकन किया और कृषक को यथा आवश्यक गन्ने की अच्छी उपज प्राप्त करने के सम्बन्ध में सुझाव दिए गए तथा उन्होंने किसानों को बताया की गन्ने की बुवाई लाइन से लाइन की दूरी बढ़ाकर करें तत्पश्चात जून के महीने में मिट्टी अवश्य चढ़ायें और गन्ने को गिरने से बचाने के लिये किसान भाई बंधाई अवश्य करें। तथा किसानों को आधुनिक मशीनीकरण से गन्ने की खेती के बारे में चर्चा की, उन्होंने बताया कि गन्ने की बुवाई एवं गुड़ाई की मशीनें किसानों के पास मिल क्षेत्र में उपलब्ध है जिससे बुवाई एवं गुड़ाई का कार्य आसानी से हो जाता है वहीं गन्ना कटाई व छिलाई के लिये मशीनों की अनुपलब्धता के कारण मजदूरों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे प्रति कुंतल कटाई की लागत अधिक आती है जिससे लाभ प्रभावित होता है। इस पर महोदय द्वारा किसानों को आश्वस्त किया गया कि शीघ्र ही गन्ना समितियों एवं चीनी मिलों के माध्यम से अतिशीघ्र गन्ना कटाई की मशीन उपलब्ध करायी जायेगी। इसके लिये किसान भाइयों को 4 फीट दूरी पर ट्रेंच विधि से गन्ना बुवाई को अपनाना होगा तथा साथ ही मशीनों द्वारा कटाई के लिये किसानवार एवं समितिवार अलग से कलैण्डर तैयार करने का प्रावधान किया जायेगा, जिससे किसानों को पारदर्शिता एवं सुविधा के साथ साथ मशीनीकरण होने पर मजदूरो से निजात मिलेंगी। जिससे किसानों की लागत कम व समय की बचत होगी।

अपर गन्ना आयुक्त ने किया टिशू कल्चर लैब का निरीक्षण

अपर गन्ना आयुक्त (क्रय) नोडल अधिकारी द्वारा चीनी मिल लोनी में स्थापित कॉल सेंटर तथा नवीन स्थापित टिशू कल्चर लैब का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली, शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया एवं किसानों से संवाद व्यवस्था का गहन अवलोकन किया गया।उन्होंने निर्देशित किया कि कॉल सेंटर को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाए, जिससे गन्ना किसानों की समस्याओं का त्वरित एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित हो सके।टिशू कल्चर लैब के निरीक्षण के समय उन्होंने गुणवत्ता, स्वच्छता मानकों एवं उत्पादन प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उच्च गुणवत्ता वाले गन्ना बीजों का उत्पादन बढ़ाया जाए तथा नवीन तकनीकों का अधिकाधिक उपयोग कर किसानों को लाभान्वित किया जाए। समस्त संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनाए रखें, ताकि गन्ना विकास कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
     निरीक्षण के समय राजेश धर द्विवेदी (उप गन्ना आयुक्त परिक्षेत्र-लखनऊ), निधि गुप्ता (जिला गन्ना अधिकारी हरदोई), वेद प्रकाश सिंह (जिला गन्ना अधिकारी-लखीमपुर खीरी), संजय सिंह (ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक-हरियावां), पुत्तन लाल (ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक-लोनी), बृजभूषण शाक्य (सचिव समिति हरदोई ग्रोवरर्स), चीनी मिल लोनी के राजा श्रीवास्तव (इकाई प्रमुख), अनिल सिंह (महाप्रबंधक -गन्ना) सहित समस्त अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बेटी भावना त्रिवेदी ने रचा इतिहास: यूपी बोर्ड हाईस्कूल में 94% अंकों के साथ जिले में पाया तीसरा स्थान*
बेटियां किसी से कम नहीं': भावना बनीं हरदोई की शान, जिले की टॉपर्स लिस्ट में तीसरा स्थान पाकर बढ़ाया कछौना क्षेत्र का मान*

रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई:* "हौसलों से उड़ान होती है" इस बात को बालामऊ की एक होनहार छात्रा ने सच कर दिखाया है। यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा 2026 के परिणामों में एस.बी.एस. पब्लिक इंटर कॉलेज, बालामऊ की मेधावी छात्रा कुमारी भावना त्रिवेदी ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए जिले की मेरिट सूची में तीसरा स्थान (3rd Rank) प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ग्राम व पोस्ट बालामऊ निवासी नृपेंद्र कुमार त्रिवेदी की पुत्री भावना ने इस परीक्षा में 94% अंक अर्जित किए हैं। उनकी इस बड़ी सफलता की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय के प्रबंधक, प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने भावना का मुँह मीठा कराकर उन्हें आशीर्वाद दिया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपनी सफलता का श्रेय भावना ने अपने माता-पिता के अटूट सहयोग और विद्यालय के गुरुजनों के सही मार्गदर्शन को दिया है। विद्यालय परिवार ने कहा कि भावना की यह उपलब्धि दर्शाती है कि यदि संकल्प दृढ़ हो, तो संसाधनों की कमी कभी आड़े नहीं आती। ग्रामीण अंचल की मेधा ने यह साबित कर दिया कि गाँव की बेटियां भी आसमान छूने का जज्बा रखती हैं।एस.बी.एस. पब्लिक इंटर कॉलेज प्रशासन ने इस ऐतिहासिक पल पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सदैव तत्पर है। भावना की सफलता से प्रेरित होकर विद्यालय के अन्य छात्रों में भी एक नया उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं भावना की इस शानदार उपलब्धि पर बधाई संदेशों का तांता लगा हुआ है। बालामऊ के लिए यह गौरव का क्षण है! स्कूल स्टाफ और क्षेत्रवासियों ने भावना को भविष्य में और ऊंचाइयों को छूने की शुभकामनाएं दी हैं।
शहर से हटा लखनऊ का प्राइवेट बस अड़ा, लखनऊ चुंगी से संचालित होना शुरू हुआ
रितेश मिश्रा
हरदोई शहर में ट्रैफिक और भीड़ को कम करने के उद्देश्य से प्राइवेट बसों के संचालन में बड़ा बदलाव किया गया है। शहर के अंदर स्थित पुराने बस अड्डे को हटाकर अब लखनऊ मार्ग की प्राइवेट बसों का संचालन लखनऊ चुंगी क्षेत्र से शुरू कर दिया गया है जल्द ही यह न्यू हाइट स्कूल के पास से संचालित होना शुरू होगा।
'अदृश्य' शौचालय: 8 साल से लगा है ताला, फिर भी कागजों पर हो रही मरम्मत
रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई:विकासखंड कछौना की ग्राम सभा कुकुही में लाल हरीराम इंटर कॉलेज के पास स्थित सामुदायिक शौचालय क्षेत्र पंचायत से वर्ष 2018 में बना था। परंतु विभागीय अधिकारियों की खाऊ कमाऊ नीति के चलते यह अधूरा पड़ा है। जिसका लाभ स्थानीय लोगों व पास में खेलकूद मैदान में आने वाले युवाओं को नहीं मिल पा रहा है। लाखों रुपए की लागत से बना सामुदायिक शौचालय शो-पीस है। पूरे मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की है। स्वच्छता मिशन के तहत खुले में शौच से मुक्त अभियान के तहत लाखों रुपए की लागत से ग्रामीण क्षेत्र में सार्वजनिक स्थलों पर सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया था। जिन्हें साफ स्वच्छ रखने के लिए ग्रामीण क्षेत्र की महिला समूह को इनमें केयरटेकर के रूप में तैनाती की गई थी। जिससे लोगों के व्यवहार में परिवर्तन हो, ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं व समूह की महिलाओं को रोजगार मिल सके। परंतु प्रशासन की अनदेखी के चलते यह सामुदायिक शौचालय अपने उद्देश्यों से कोसों दूर है। ब्लॉक कर्मियों व प्रतिनिधियों के गठजोड़ के चलते ठेकेदार/कार्यदायीं संस्थाओं ने मानकों को दरकिनार कर सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया हैं। यह सामुदायिक शौचालय का निर्माण वर्ष 2018 में क्षेत्र पंचायत निधि से कराया गया था। ठेकेदार ने मानकों को ताक पर रखकर कार्य कराया, गड्डो का निर्माण नहीं कराया, पानी की टंकी भी नहीं रखी गई, टोटियां टूटी लगाई गई है, कार्य अधूरा छोड़कर कर्तव्य की इति-श्री कर ली, लाखों रूपों की धनराशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। जिसका लाभ ग्रामीणों को कभी नहीं मिला। इस भवन में ताला लटका रहता है। यहां पर पास में दूरदराज के युवक खेलने आते हैं। सामुदायिक शौचालय अधूरा पड़ा होने व ताला लगा होने के कारण लोग उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि 8 वर्षों में एक दिन भी ताला नहीं खुला है, जबकि प्रतिवर्ष शौचालय की मरम्मत व रंगाई पुताई के लिए लाखों रुपए की धनराशि खर्च होती है। यह शौचालय अपने उद्देश्यों की पूर्ति नहीं कर पा रहा है। कमोवश यही स्थिति पुरे विकासखंड कछौना में सामुदायिक शौचालय की है, यहां तक ब्लॉक परिसर व कोतवाली कछौना में स्थित सामुदायिक शौचालयों का प्रयोग नहीं हो पता है। जहां पर प्रतिदिन सैकड़ों पुरुष महिलाओं का आवागमन रहता है। योजनाओं में कमीशन खोरी के चलते योजनाओं का जमीनी स्तर पर सही ढंग से क्रियान्वयन नहीं हो पता है। जिससे सरकार की भी छवि धूमिल होती है। पूरे मामले पर जिला पंचायत अधिकारी विपिन कुमार सिंह ने बताया खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया है कि वह सामुदायिक शौचालय की स्थलीय जांच कर रिपोर्ट प्रेषित करेंगे। दोषी कर्मचारियों पर कार्यवाही की जाएगी। मरम्मत कार्य कराकर अधूरे कार्य को पूरा करके सही ढंग से संचालित कराया जायेगा, जिससे लोगों को लाभ मिल सके।
हरदोई में आज सीएम योगी आदित्यनाथ का दौरा: मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम .
रितेश मिश्रा
हरदोई: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज हरदोई दौरा है। यह दौरा खास तौर पर गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण (29 अप्रैल) से पहले तैयारियों की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

चोरी के सामान सहित आरोपी पुलिस ने किया गिरफ्तार

रितेश मिश्रा
हरदोई। कोतवाली देहात थाना छेत्र मे आटा चक्की और परचून की दुकान से हुई चोरी के मामले मे पुलिस ने आरोपी को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
    प्राप्त विवरण मे 21अप्रैल को अनूप कुमार पुत्र जुग्गा निवासी ग्राम गोधाई द्वारा थाना को० देहात पर तहरीर दी गयी कि ढोलू पुत्र अजय निवासी ग्राम ओमपुर नानकगंज झाला थाना को० देहात द्वारा उसकी आटा चक्की व परचून की दुकान से 20 पैकेट किशोर गुटखा, 15 पैकेट बीडी, 20 डिब्बी सिगरेट, एक गत्ता बिस्कुट व कुछ अन्य सामान चोरी कर लिया गया। इस संबंध में वादी की तहरीर के आधार पर थाना को० देहात पर आरोपी के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
       थाना को० देहात के उप निरीक्षक पंकज कुमार द्वारा उपरोक्त अभियोग से संबंधित नामजद आरोपी को चोरी किये गये सामान सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
35 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
रितेश मिश्रा
संडीला (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सोम निवासी रघुवीर पुत्र सूरुजबलि ने तीन लोगों पर 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, दिनांक 01 अगस्त 2025 को आरोपियों वीरेन्द्र, गवाह रंजीत तथा अब्दुल कुद्दूस ने मिलकर रघुवीर को बहला-फुसलाकर जमीन का बैनामा करा लिया। आरोप है कि आरोपियों ने 35 लाख रुपये की रकम चेक के माध्यम से देने का आश्वासन दिया था और कहा था कि पैसा खाते में पहुंच जाएगा। लेकिन पीड़ित के खाते में कोई धनराशि नहीं आई।
रघुवीर का कहना है कि वह कम पढ़ा-लिखा होने के कारण आरोपियों की बातों में आ गया। कई बार पैसे वापस मांगने पर वीरेन्द्र ने टालमटोल करते हुए जल्द भुगतान का आश्वासन दिया, लेकिन अब साफ मना कर दिया है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि तीनों ने साजिश के तहत
छल-कपट कर जमीन हड़प ली। अब उसने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
दहेज़ हत्या मे पिता पुत्र गिरफ्तार, जेल भेजे गए
रितेश मिश्रा
हरदोई।सुरसा थाना मे हुई विवाहिता की मृत्यु के मामले मे पुलिस ने दहेज़ हत्या के आरोपी पिता पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
     प्राप्त विवरण मे 11अप्रैल को कलावती पत्नी रामसेवक निवासी ग्राम बेचेपुरवा थाना टड़ियाँवा पर तहरीर दी गयी कि रघुबरन पुत्र रामस्वरुप और उसके पुत्र रामेन्द्र निवासीगण ग्राम खुद्दीपुरवा थाना सुरसा द्वारा उसकी पुत्री को प्रताडित किया गया, जिससे आहत होकर उसकी पुत्री द्वारा आत्महत्या कर ली गई। इस संबंध में वादिनी की तहरीर के आधार पर थाना सुरसा पर आरोपियों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई।
      सुरसा के उप निरीक्षक मोहम्मद फहीम द्वारा उपरोक्त अभियोग से संबंधित नामजद रघुबरन पुत्र रामस्वरुप और उसके पुत्र रामेन्द्र को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
उच्च शिक्षा मंत्री ने तटबंध निर्माण का पूजन कर किया शुभारंभ
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी  द्वारा विधानसभा शाहाबाद क्षेत्र के अंतर्गत गर्रा नदी के किनारे  स्थित बाढ़ से प्रभावित संवेदनशील ग्राम पुरवा पिपरिया व ग्राम परियल में कटाव को रोकने के लिए बुधवार को तट बन्ध निर्माण कार्य का विधि विधान से पूजन अर्चन कर शुभारम्भ किया। इस परियोजना को कार्यदायी संस्था सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा लागत 289.38 लाख रुपये में संपन्न कराया जाएगा। कार्यक्रम मे सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ ब्लाक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा, जि.प.सदस्य लालाराम राजपूत, अनिल पान्डेय ,सुभाष सिंह सहित  पार्टी पदाधिकारी व क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।