आगामी 25, 26 तथा 27 अप्रैल को जनपद में आयोजित होगी होमगार्ड भर्ती परीक्षा, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने की तैयारियों की बैठक*

*जनपद में होमगार्ड भर्ती परीक्षा 5520 परीक्षार्थी परीक्षा में होंगे सम्मिलित*


*गोण्डा 22 अप्रैल,2026*।
जनपद में आगामी होमगार्ड भर्ती परीक्षा को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन एवं पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि होमगार्ड परीक्षा का आयोजन 25, 26 एवं 27 अप्रैल, 2026 को किया जाएगा। इस परीक्षा के लिए जनपद में कुल 14 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा की निगरानी एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के लिए 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 14 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा में कुल 5520 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।

उन्होंने जानकारी दी कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगी। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या अव्यवस्था को तत्काल प्रभाव से नियंत्रित किया जाए। साथ ही, परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने एवं यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।

जिलाधिकारी ने भरोसा जताया कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से यह परीक्षा सफलतापूर्वक एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न होगी।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा 01 उप निरीक्षक को निरीक्षक के पद पर पदोन्नत होने पर उनके कंधो पर स्टार लगाकर बधाई दी गयी

गोण्डा।  पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा जनपद गोण्डा के यू0पी0112 में नियुक्त उपनिरीक्षक  विवेक कुमार सिंह को निरीक्षक के पद पर पदोन्नति होने पर स्टार लगाकर व मिठाई खिलाकर बधाई दी गयी तथा उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाए दी गई ।
महोदय द्वारा उन्हें संबोधित करते हुए कहा  गया कि पदोन्नति के साथ दायित्व भी बढ़ जाते हैं, वे अपनी नई जिम्मेदारियों का पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन करें। साथ ही जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए उनका त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।इस मौके पर पुलिस अन्य अधि0/कर्मचारीगण मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने की फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों के प्रगति की समीक्षा बैठक*


*मनकापुर विकास खण्ड में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति अत्यंत खराब होने पर एडीओ एजी का वेतन रोकने के निर्देश*

गोण्डा।जनपद में फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया और जनपद में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विकास खण्डों की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया। समीक्षा में यह पाया गया कि मनकापुर विकास खंड में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति अत्यंत संतोषजनक नहीं है। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित एडीओ एजी मनकापुर के वेतन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि फार्मर रजिस्ट्री शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है, जिसका उद्देश्य किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और त्वरित रूप से उपलब्ध कराना है। ऐसे में किसी भी प्रकार की ढिलाई या उदासीनता स्वीकार्य नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों या कर्मचारियों के स्तर पर फार्मर रजिस्ट्री कार्य में लापरवाही पाई जाएगी, उनके विरुद्ध जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को गति दें और निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत की जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगली समीक्षा बैठक में प्रगति में सुधार स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए।

बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए किसानों के हितों को सर्वोपरि रखें और शासन की मंशा के अनुरूप कार्य को सफल बनाएं।
नशा मुक्ति अभियान के तहत निबंध प्रतियोगिता आयोजित

गोंडा, 22 अप्रैल।
नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में आज 'नशा जीवन की दुर्दशा' विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशा-उन्मूलन के प्रति जागरूकता फैलाना और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था।
प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना जागृत करती हैं तथा उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज—तीनों के लिए विनाशकारी है, अतः इससे दूर रहना अत्यंत आवश्यक है।
इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय की विभिन्न कक्षाओं के कुल 13 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रो. शशिबाला (विभागाध्यक्ष, समाजशास्त्र) एवं डॉ. ओम प्रकाश यादव (विभागाध्यक्ष, शिक्षा शास्त्र) द्वारा किया गया।
परिणामों में बी.ए. छठे सेमेस्टर की छात्रा दीप्ति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान संयुक्त रूप से यशस्वी सिंह (बी.ए. द्वितीय सेमेस्टर) एवं नुशरत फातिमा (बी.ए. चतुर्थ सेमेस्टर) को मिला, जबकि वैष्णवी कसौधन (बी.ए. द्वितीय सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. ममता शुक्ला, असिस्टेंट प्रोफेसर, मनोविज्ञान विभाग द्वारा किया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
भवन निर्माण एवं अन्य निर्माण कार्यों की डीएम ने की समीक्षा बैठक

*विभागों में चल रहे निर्माण कार्यों को समय से पूर्ण करायें निर्माण कार्यदायी संस्था-जिलाधिकारी*

*निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान विभाग के अधिकारियों को समय0 से कार्य पूर्ण कराने के दिये कड़े निर्देश-डीएम*

*गोण्डा 22 अप्रैल, 2026* ।-
बुधवार को जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में चल रहे विभिन्न विभागों के भवन निर्माण कार्य, बाउंड्री वाल, मंदिरों के सौन्दर्यीकरण, स्टेडियम आदि के निर्माण कार्योंप की समीक्षा की। जिसमें उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यों को समय से पूरा किया जाय। निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई भी समझौता न किया जाए। जिन भवन निर्माण में बजट के अभाव से कार्य रुका है उसे बजट मंगाकर पूरा किया जाए।  जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यदायी संस्थाएं सभी निर्माण कार्यों को समय से पूरा करें। देर से निर्माण पूरा करने पर शासकीय धन की क्षति होती है। जिलाधिकारी ने कहा कि जो निर्माण कार्य मामूली सी कमी होने के कारण शतप्रतिशत पूर्ण नहीं हो पा रहे है। उन सभी निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कियाप जाए। जो कमी है उसे तत्काल पूरा कर सम्बन्धित विभाग को हैंडओवर किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अंकिता जैन, डीएसटीओ एन.के. सिंह, एक्सईएएन प्रान्तीय प्रमोद त्रिपाठी, एक्सईएएन निर्माण खण्ड 1 सुरेश राम, एक्सईएएन ग्रामीण अभिन्यंत्रण विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक, सहायक पर्यटन सूचना अधिकारी श्रीमती वंदना पांडेय, उद्यान विभाग बेसिक शिक्षा विभाग, आईटीआई, सभी संबंधित निर्माण कार्यदायी संस्था के अधिकारीगण सहित अन्य सभी अधिकारी उपस्थित रहै।
जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई जारी

*चेकिंग के दौरान 9 स्कूल वाहनों पर कार्रवाई, 3 वाहन मानक विहीन मिलने पर तत्काल किया गया सीज*

*गोण्डा 22 अप्रैल,2026*।
जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु परिवहन विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में एआरटीओ (प्रशासन) श्री आर.सी. भारतीत के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान थाना छपिया क्षेत्र में संचालित किया गया, जिसमें विद्यालय वाहनों की इंश्योरेंस, प्रदूषण, परमिट आदि की गहनता के साथ जांच की गई।

चेकिंग अभियान के दौरान कुल 9 स्कूल वाहनों पर कार्रवाई की गई, जिनमें से 3 वाहन मानक विहीन पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से सीज कर दिए गए। जांच के दौरान कई वाहनों में आवश्यक सुरक्षा मानकों का अभाव पाया गया, जैसे फिटनेस प्रमाणपत्र की कमी, ओवरलोडिंग, अग्निशमन यंत्र का न होना, तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों का अभाव।

परिवहन विभाग गोण्डा ने इस कार्रवाई को बच्चों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का हिस्सा बताया है।
एआरटीओ (प्रशासन) श्री आर.सी. भारतीत ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालय वाहन स्वामी शासन द्वारा निर्धारित नियमों इंश्योरेंस, प्रदूषण, परमिट आदि का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी विद्यालय वाहन में मानकों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि स्कूली बच्चों के जीवन और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जागरूकता बढ़ाकर सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

परिवहन विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की नियमित जांच कराएं और सभी आवश्यक मानकों को पूरा करें, जिससे बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।
यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा नेता गोलीकांड में 36 घंटे बाद भी तहरीर नहीं,परिजनों का सीसीटीवी व डीवीआर देने से इंकार
*अपर पुलिस अधीक्षक नहीं दर्ज कर सके बयान

गोंडा।जिले के परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डेसरास ग्राम पंचायत के गजराज पुरवा में सोमवार देर रात हुए भाजपा जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह गोलीकांड को लेकर 36 घंटे बीत चुके हैं।हालांकि पीड़ित परिवार के लोगों द्वारा अभी तक परसपुर थाने में किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी गई है।पुलिस ने परिजनों से एक दर्जन से अधिक बार तहरीर मांगी है परन्तु शिकायत न मिलने से जांच में बाधा आ रही है।गोलीकांड में घायल भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह का बयान लेने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय लखनऊ स्थित किंग जार्ज चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचे,लेकिन भूपेंद्र सिंह के बेहोश होने के कारण वे तीन बार प्रयास करने के बावजूद बयान नहीं दर्ज कर पाये और बिना बयान लिए ही गोंडा वापस लौट आए।परसपुर थाने की पुलिस भूपेंद्र सिंह के घर पर लगे सीसीटीवी फुटेज को जांच में शामिल करना चाहती थी,लेकिन परिजनों ने सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग और डीवीआर देने से स्पष्ट इंकार कर दिया है।अभी तक पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं करवाया गया है।इस घटना के बाद घायल भूपेंद्र सिंह के घर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।इसके साथ ही लखनऊ स्थित केजीएमसी में भी पुलिस बल की तैनाती की गई है,जहाँ उनके परिजनों की लगातार सुरक्षा और निगरानी की जा रही है।मामले में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि अभी तक परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है।उन्होंने आश्वासन दिया कि तहरीर मिलते ही तत्काल मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले में कठोर कार्यवाही की जाएगी।मामले के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है।सभी बिंदुओं पर हमारी चार पुलिस टीमों द्वारा जांच की जा रही है।जांच में जो भी निकल कर आएगा उसके आधार पर हम कड़ी कार्रवाई करेंगे।
मंदिर से लौट रही युवती की सड़क हादसे में मौत,लखनऊ ले जाते समय तोड़ा दम
*कार ने बाइक को मारी टक्कर

गोंडा।जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कपूर पुर मोड़ के पास देर रात सड़क हादसे में खुशी तिवारी (19) की मौत हो गई।यह घटना तब हुई जब युवती बटौरा बाबा मंदिर से पूजा अर्चना कर लौट रही थी।खुशी तिवारी देर रात विशाल दुबे के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर मंदिर गई थी।मंदिर से वापस घर लौटते समय कपूर पुर मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया।इस जोरदार टक्कर से खुशी तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गई।उन्हे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज ले जाया गया, जहाँ से खुशी की गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रिफर कर दिया।हालांकि लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही खुशी तिवारी ने दम तोड़ दिया।मृतका खुशी तिवारी बांसगांव की रहने वाली थी।खुशी की मौत से परिवार में शोक का माहौल है और वे कार चालक के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग कर रहे हैं।इस हादसे में मोटरसाइकिल चला रहे विशाल दुबे भी घायल हुए हैं और इनका इलाज जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज में चल रहा है।मामले में करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि मृतका की पहचान बांसगांव निवासी खुशी तिवारी के रूप में हुई है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।परिजनों की तहरीर के आधार पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी देखा जा रहा है।पूरे मामले में कठोर कार्यवाही की जाएगी।
थाना कटराबाजार पुलिस द्वारा हत्याभियुक्त को किया गया गिरफ्तार

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व सहायक पुलिस अधीक्षक/ क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज  अभिषेक दावच्या के नेतृत्व में थाना कटराबाजार पुलिस द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0 - 88/2026 धारा 103(1), 115(2), 352, 351(3), 118(1) बीएनएस से सम्बन्धित आरोपी हत्याभियुक्त- रामसिंगार शुक्ला पुत्र जगन्नाथ शुक्ला निवासी बमडेरा डीह थाना कटराबाजार, जनपद गोण्डा को सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र के गेट कटराबाजार से गिरफ्तार किया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण

वादिनी शिव कुमारी पत्नी अन्नू चौबे निवासी ग्राम बमडेरा थाना कटराबाजार जनपद गोण्डा द्वारा थाना कटराबाजार में लिखित तहरीर दी गयी कि दिनांक 17.04.2025 को शाम लगभग 4 बजे वह अपने पति के साथ अपने खेत में गेहूँ काटने जा रही थी की रास्ते में विपक्षीगण हसिया, कुदाल व लाठी से हमला करके मार पीटकर वादिनी के पति की हत्या कर दी गई। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कटराबाजार में मु0अ0सं0 - 88/2026 धारा 103(1), 115(2), 352, 351(3), 118(1) बीएनएस बनाम रामसिंगार शुक्ला आदि 03 अभियुक्तों के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था। आज दिनांक 21.04.2026 को थाना कटराबाजार पुलिस द्वारा साक्ष्य संकलन के आधार पर आरोपी अभियुक्त 1. रामसिंगार शुक्ला पुत्र जगन्नाथ शुक्ला निवासी बमडेरा डीह थाना कटराबाजार, जनपद गोण्डा को सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र के गेट कटराबाजार से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना कटराबाजार पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।
थाना कटराबाजार पुलिस द्वारा हत्याभियुक्त को किया गया गिरफ्तार

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व सहायक पुलिस अधीक्षक/ क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज  अभिषेक दावच्या के नेतृत्व में थाना कटराबाजार पुलिस द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0 - 88/2026 धारा 103(1), 115(2), 352, 351(3), 118(1) बीएनएस से सम्बन्धित आरोपी हत्याभियुक्त- रामसिंगार शुक्ला पुत्र जगन्नाथ शुक्ला निवासी बमडेरा डीह थाना कटराबाजार, जनपद गोण्डा को सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र के गेट कटराबाजार से गिरफ्तार किया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण

वादिनी शिव कुमारी पत्नी अन्नू चौबे निवासी ग्राम बमडेरा थाना कटराबाजार जनपद गोण्डा द्वारा थाना कटराबाजार में लिखित तहरीर दी गयी कि दिनांक 17.04.2025 को शाम लगभग 4 बजे वह अपने पति के साथ अपने खेत में गेहूँ काटने जा रही थी की रास्ते में विपक्षीगण हसिया, कुदाल व लाठी से हमला करके मार पीटकर वादिनी के पति की हत्या कर दी गई। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कटराबाजार में मु0अ0सं0 - 88/2026 धारा 103(1), 115(2), 352, 351(3), 118(1) बीएनएस बनाम रामसिंगार शुक्ला आदि 03 अभियुक्तों के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था। आज दिनांक 21.04.2026 को थाना कटराबाजार पुलिस द्वारा साक्ष्य संकलन के आधार पर आरोपी अभियुक्त 1. रामसिंगार शुक्ला पुत्र जगन्नाथ शुक्ला निवासी बमडेरा डीह थाना कटराबाजार, जनपद गोण्डा को सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र के गेट कटराबाजार से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना कटराबाजार पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।