भदोही में होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी, डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश*
*25 से 27 अप्रैल तक 6 केंद्रों पर होगी होमगार्ड परीक्षा, 14,976 अभ्यर्थी होंगे शामिल*


रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। उत्तर प्रदेश होमगार्ड के पदों पर एनरोलमेंट-2025 की परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं नकल-विहीन आयोजन हेतु जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी, अपर जिलाधिकारी वि0 रा0 कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि उक्त परीक्षा का आयोजन जनपद भदोही के कुल 06 परीक्षा केन्द्रों पर दिनांक 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा तिथियों के प्रत्येक पालियों में 2496, प्रत्येक दिन में 4992 तथा कुल 03 दिन में कुल 14976 अभ्यर्थियों द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा।
        जिलाधिकारी ने परीक्षा की सुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूर्णतः नकल-विहीन, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की गई है, जो परीक्षा की समुचित निगरानी करेंगे।
         बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी परीक्षा केन्द्रों का पूर्व निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा मूलभूत सुविधाएं जैसे स्वच्छ पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त परीक्षा केन्द्रों पर समय से प्रश्नपत्र एवं अन्य परीक्षा सामग्री सुरक्षित रूप से पहुंचाने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।
           जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा संवेदनशील केन्द्रों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। परीक्षा केन्द्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें।
         पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा को सकुशल एवं निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचकर सुरक्षा, प्रवेश, ट्रैफिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लें, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो। परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के भी निर्देश दिए गए। एसपी ने स्पष्ट कहा कि जांच के दौरान महिलाओं से मंगलसूत्र या श्रद्धा से जुड़ी धार्मिक सामग्री उतरवाने जैसी अनावश्यक कार्रवाई न की जाए तथा सम्मानजनक व्यवहार रखा जाए।
मीटर स्मार्ट पर 30 बस्तियों में बांस पर टिकी बिजली*


*गर्मी में लो- वोल्टेज, ट्रिपिंग, स्पार्किंग और लोकेशन फाॅल्ट से परेशान हैं 2500 उपभोक्ता*




रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। बिजली निगम ने जनपद के एक लाख 624 उपभोक्ताओं के पुराने मीटर बदलकर अब स्मार्ट मीटर लगा दिए हैं। इन स्मार्ट मीटरों को बिजली जुगाड़ के बांस-बल्ली के सहारे मिल रही है। जिससे स्मार्ट बिल निकल रहा है। जुगाड़ की यह व्यवस्था जिले की 30 बस्तियों में चल रही है। इस व्यवस्था से 2500 उपभोक्ताओं के घरों में बिजली आपूर्ति हो रही है। भीषण गर्मी में लोड बढ़ने पर इन उपभोक्ताओं को लोकल फॉल्ट के कारण बिजली कटौती, स्पार्किंग, ट्रिपिंग और लो वोल्टेज जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इन 30 बस्तियों के उपभोक्ता कई बार बिजली के खंंभे और एबीसी केबल लगाने के लिए बिजली निगम के अधिकारियों से मिलकर प्रार्थना पत्र दे चुके हैं। हर बार सिर्फ अभियंताओं ने आश्वासन ही दिया।



दो विभागों के बीच का पेच, झेल रहे उपभोक्ता
खंभे और एबीसी केबल लगाने में दो विभागों बिजली निगम और निकाय प्रशासन के बीच पेच फंसा है। इसका खामियाजा उपभोक्ता झेल रहे हैं। बिजली निगम के अभियंताओं की माने तो निकाय को प्रस्ताव बनाकर देना होता है कि कहां खंभे लगाए जाने हैं। इसके बाद बिजली निगम की टीम सर्वे करती है। वहीं, निकाय प्रशासन का कहना है कि खंभे लगाना बिजली निगम का काम है।


जिन-जिन बस्तियों में बांस बल्ली लगे हैं। वहां खंभे लगाने के लिए सर्वे हो चुका है। प्रक्रिया चल रही है। इसी महीने या अगले महीने तक वहां बांस-बल्लियों को हटाकर खंभे लगा दिए जाएंगे। निकाय के अंतर्गत आने वाली बस्तियों में खंभे लगाने के लिए नगर पंचायत को जानकारी देनी होती है। - एसके सिंह, एक्सईएन भदोही विद्युत उपकेंद्र।
खंभे और केबल लगाने की जिम्मेदारी को बिजली निगम की है। अगर बिजली निगम को खंभे लगाने की जानकारी चाहिए तो निकाय प्रशासन सर्वे कराकर उन्हें तत्काल अवगत करा देगा। - सुजीत कुमार, ईओ, नईबाजार।


ये है जिले की बिजली व्यवस्था
डिवीजन - दो
उपभोक्ता - दो लाख 48 हजार
स्मार्ट मीटर - एक लाख 620
प्रीपेट स्मार्ट मीटर - 10653
इन बस्तियों में बांस-बल्ली से होती है आपूर्ति
बस्ती - उपभोक्ता - आबादी
मक्दूपुर - 40 - 2000
नेहरूनगर (नईबाजार) - 130 - 5000
पकरी (भदोही) - 25 - 300
साई कॉलोनी (ज्ञानपुर) - 15 - 100
गांधीनगर (नईबाजार) - 15 - 100
नोट - इसी तरह जिले की कई बस्तियां हैं
*प्रदेश में मिली चौथी रैंक, फिर भी 45 स्कूलों में 10 से कम नामांकन*

*शिक्षा सत्र 2026-2027 के 20 दिनों में 16 हजार से ज्यादा बच्चों को जनपद के विभिन्न परिषदीय स्कूलों में मिला प्रवेश*



नितेश श्रीवास्तव

भदोही। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के नामांकन में जिले को सूबे में भले ही चौथी रैंक मिल गई है, लेकिन कुछ विद्यालय विभाग के प्रयास और मेहनत का पलीता लगा रहे हैं।
नए शिक्षा सत्र के 20 दिन में 45 विद्यालय में नामांकित बच्चों की संख्या दहाई तक नहीं पहुंच पाई है। ऐसे विद्यालयों को चिह्नित करके विभाग नोटिस भेजने की तैयारी में जुटा है। जिले में 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं।एक अप्रैल से नया शिक्षा सत्र शुरू होने के बाद पहली और छठवीं कक्षा में नए बच्चों को प्रवेश दिलाया जा रहा है। अब तक करीब 16 हजार अधिक बच्चों को प्रवेश दिलाया जा चुका है। पांच दिन पहले प्रदेश स्तर पर जारी रैकिंग में जिले को चौथा स्थान मिला था। नामांकन प्रक्रिया में ज्यादातर विद्यालय बेहतर काम कर रहे हैं।
45 से 50 विद्यालयों की प्रगति ठीक नहीं है। 20 दिन में 20 बच्चों का नामांकन नहीं करा सके। कम नामांकन होने पर विभाग को डर है कि भविष्य में रैंक कम न हो जाए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने बताया कि नामांकन की प्रतिदिन रिपोर्ट ली जा रही है।
बीईओ को निर्देश दिए कि शिक्षकों की टीम गांव-गांव पहुंचकर अभिभावकों को प्रेरित करे। मुसहर बस्ती, ईंट-भट्ठे पर भी जाकर बच्चों को प्रवेश दिलाया जाए।
उन्होंने बताया कि 45 के करीब विद्यालयों में नामांकन लेने वाले बच्चों की संख्या कम है। उसको सुधार के लिए दो दिन का समय दिया गया है। संख्या वृद्धि नहीं होने पर नोटिस जारी किया जाएगा। वेतन रोकने की कार्रवाई होगी।
*15 दिनों में 325 आवेदन..., चूल्हे पर बन रहा भोजन आपूर्ति विभाग का दावा सबको मिल रहा सिलिंडर*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। खाद्य एवं रसद विभाग की धीमी प्रक्रिया ने शादी समारोह वाले घरों में परेशानी बढ़ा दी है। आवेदन के बावजूद आयोजकों को समय से गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं हो रही है। इस कारण लकड़ी पर भोजन बन रहा है। विभाग का दावा है कि 15 दिन में 325 आवेदन आए, सभी को सिलिंडर उपलब्ध कराया गया। ईरान-इस्राइल युद्ध के बीच बीते कुछ दिन से देश में ईंधन संकट शुरू हो गया है। जनपद में इंडेन, भारत पेट्रोलियम (बीपी) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) के 4.27 लाख उपभोक्ता हैं। पूर्ति विभाग की ओर से शादी समारोह के लिए गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की सुविधा तो दी गई है, लेकिन प्रक्रिया इतनी लंबी और जटिल है कि लोग इसमें उलझ कर रह जा रहे हैं। आवेदकों का कहना है कि आवेदन के साथ शादी का कार्ड लगाने और कंपनी तक फाइल भेजने जैसी औपचारिकता में कई दिन गुजर जा रहे हैं। सात दिन की अनिवार्य समय-सीमा परेशानी की वजह बनी है।

दो वाणिज्यिक सिलिंडर में करीब 40 किलो गैस आता है। इससे खाना बन सकता है। 325 लोगों ने आवेदन किया था, जिनको उपलब्ध करा दिया गया है। कंपनियों के कारण कुछ समस्याएं हुई है।

सुनील कुमार जिला पूर्ति अधिकारी
*28 अस्पतालों में बने लू वार्ड,90 बेड आरक्षित*
*एमसीएच और एमबीएस में 10-10 ,छह सीएचसी में पांच - पांच और 20 पीएचसी में दो-दो बेड आरक्षित*



रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही।जनपद में बीते एक सप्ताह से तापमान लगातार बढ़ रहा है। अप्रैल के तीसरे सप्ताह में ही तापमान 43 डिग्री पहुंच गया है। 22 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल रही हैं। तपन ऐसी है कि धूप में बाहर निकलने वालों का माथा चकरा जा रहा है। लू को देखकर स्वास्थ्य विभाग ने जनपद के 28 स्वास्थ्य केंद्रों पर 90 बेड आरक्षित कर दिया है। महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय (एमसीएच) और महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय (एमबीएस) भदोही में 10-10 बेड के लू वार्ड बनाए गए हैं। छह सीएचसी पर पांच-पांच बेड, 20 पीएचसी पर दो-दो बेड का लू वार्ड बनाया गया है। सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने इन वार्डों में एसी, कूलर, पंखा ठीक करने के निर्देश केंद्र अधीक्षक को दिए हैं। बीते सात दिन में तापमान छह डिग्री तक बढ़ा है।

लू वार्ड में क्या-क्या है व्यवस्थाएं
- कूलर की व्यवस्था
- बड़े अस्पताल में एसी अनिवार्य
- पंखा जरूर होना चाहिए
- ग्लूकोज और ओआरएस घोल
- ठंडे पानी का पर्याप्त इंतजाम
- हर वार्ड में एक स्टॉफ, एक वार्ड बॉय
हर दिन पीएं पांच लीटर पानी
सौ शय्या अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. सुशील शुक्ला ने बताया कि शरीर में पानी की मात्रा की कमी होने से लू लगने की संभावना बढ़ जाती है। शरीर में पानी की कमी होने से लू की चपेट में आ सकते हैं। रोजाना करीब पांच से छह लीटर पानी पीना चाहिए। दोपहर 11 बजे के बाद कतई घर से बाहर न निकलें। तरल पदार्थों का खूब सेवन करें।

लू लगने के लक्षण
- तेजी से सिर दर्द होना

- निरंतर चक्कर, कमजोरी महसूस होना
- कमजोरी के साथ मांसपेशियों में ऐंठन होना
- उल्टी होना

इस तरह से करें बचाव
- ढीले, सूती कपड़े पहनें।

- खुद को ठंडा रखें।

- हल्का भोजन करें।
- हरी सब्जी का सेवन करें।

- दोपहर में घर से बाहर न निकलें।

कहां कितने बेड़ आरक्षित
- जिला अस्तपाल - 10

- एमबीएस भदोही - 10

- छह सीएचसी - पांच-पांच (कुल 30)

- 20 पीएचसी - दो-दो (कुल 40)
भीषण गर्मी में चल रहे लू को देखते हुए स्वास्थ्य महकमा अलर्ट है। जिला अस्पताल सहित 28 स्वास्थ्य केंद्रों पर 90 बेड आरक्षित किए गए हैं। कूलर, पंखा की व्यवस्था कर दी गई है। दवा भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। - डॉ. एसके चक, सीएमओ, भदोही।
*केंद्र व्यवस्थापकों को देना होगा अवशेष उत्तरपुस्तिका का विवरण*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन हो चुका है। अब छात्र-छात्राओं को रिजल्ट का इंतजार है। इस दौरान परीक्षा में अवशेष (बची हुई) उत्तर पुस्तिकाओं का विवरण केंद्र व्यवस्थापकों को देना होगा। परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। शिक्षा विभाग रिकॉर्ड को जल्द ही परिषद को भेजेगा। जिले में 18 फरवरी से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा शुरू हुई थी। इसमें 55 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए। नौ मार्च को परीक्षा खत्म होने के बाद 17 मार्च से अप्रैल के पहले सप्ताह तक काॉपियो का मूल्यांकन किया गया। उसके बाद जांची गई कॉपियां बोर्ड को भेज दी गई। 20 से 30 अप्रैल के मध्य परीक्षाफल जारी होगा। इसको लेकर छात्र-छात्राएं उत्साहित हैं। वहीं, बोर्ड परीक्षा के समय परिषद से भेजी गई उत्तरपुस्तिकाओं का रिकॉर्ड बोर्ड को भेजी जाएगी। रिपोर्ट में मुख्य रूप से कितनी कॉपियां बांटी गईं, कितनी बचीं, और कितनी खराब हुईं, इसका ब्यौरा देना है। परिषद के निर्देश पर शिक्षा विभाग की ओर से अवशेष उत्तरपुस्तिका का विवरण तैयार किया जा रहा है। इसको जल्द ही भेजा जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि अवशेष उत्तरपुस्तिका का विवरण तैयार कर लिया गया है। इसको बोर्ड को भेजा जाएगा।
*खान-पान एवं लू के कारण पेट मरीजों की संख्या बढ़ी*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। कालीन नगरी में इन दिनों हीटवेव के हालात बनने शुरू हो गए हैं। आगामी दिनों में राहत की उम्मीदें नहीं हैं। उधर, खान-पान एवं लू के कारण पेट मरीजों की संख्या बढ़ी है। ऐसे में बचाव से ही खुद को बीमार होने से बचाया जा सकता है। उधर, सरकारी अस्पतालों में इन दिनों डायरिया, पेट के रोगियों की संख्या 30 फीसदी तक पहुंच गई है। डाक्टरों को इलाज करने में पसीने छूट जा रहे हैं। बता दें कि इन दिनों सूबे के साथ ही कालीन नगरी में गर्मी का प्रकोप जारी है। पुरवाई के बाद भी पारा दिन का करीब 43 डिग्री के पार जबकि रात का 30 डिग्री के नीचे नहीं आ रहा है।
उधर, इन दिनों शादियों की धूम है। इसके कारण लोग देर रात भोजन कर रहे हैं। अब ऐसे में पेट दर्द, डायरिया के मरीजों की संख्या ज्यादा देखी जा रही है। जिला अस्पताल ज्ञानपुर एवं महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल भदोही में इन दिनों मौसमी बीमारियों के मरीजों की भरमार नजर आ रही है। तेज धूप की तपिश से हवा भी झुलसा रही है। ऐसे में हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। अचानक घर से बाहर पैदल एवं बाइक से निकलकर धूप में जाना खतरनाक साबित हो सकता है।डाक्टरों ने कहा कि हर घंटे पर एक गिलास पानी या फिर तरल पदार्थ का सेवन करते रहें। दोपहर में यदि निकलना बेहद जरूरी हो तो धूप से बचने के लिए छाता लगाकर निकलें या फिर गमछा आदि से सिर और चेहरे को पूरी तरह से ढककर गर्म हवा से सुरक्षित रखें।बीमारी से बचाव को यह करें-फल एवं गन्ने का जूस, नारियल पानी का प्रयोग करें कच्चे आम को भूनकर पना बनाकर पीएं धूप में निकलने से पहले सिर को अच्छी तरह से ढकें0 बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग धूप में निकलने से बचें दिन भर में कम से कम आठ से 10 गिलास पानी पीएं।शरीर में पानी की मात्रा बनाए रखें और दोपहर में घर से निकलने से बचें गर्मी में बहुत ज्यादा कड़ी मेहनत करने से बचें। धूप से बचने के लिए छाता, गमछा, दुपट्टा एवं हैट का इस्तेमाल करें
*भदोही में यातायात अभियान: 216 वाहनों का चालान: मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न पर ₹2.61 लाख का समन, एक वाहन सीज*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के कुशल निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में, जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए एक सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात पुलिस ने 190 दोपहिया और 26 चारपहिया वाहनों सहित कुल 216 वाहनों का चालान किया, जिससे ₹2.61 लाख का समन शुल्क वसूला गया। एक वाहन को सीज भी किया गया। यह अभियान मुख्य रूप से दोपहिया वाहनों में लगे मॉडिफाइड साइलेंसर, ट्रकों और भारी वाहनों में अवैध प्रेशर हॉर्न, तथा निजी वाहनों पर अनधिकृत रूप से लगी नीली/लाल बत्ती व हूटर के विरुद्ध चलाया गया। यातायात/जनपदीय पुलिस द्वारा जनपद के व्यस्त चौराहों, संवेदनशील मार्गों और विशेष रूप से जनपद के बॉर्डर के मुख्य मार्गों पर सघन जांच की गई। नियम विरुद्ध पाए गए वाहनों का तत्काल चालान किया गया। मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग कर शोर मचाने वाले चालकों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। चेकिंग के दौरान रॉन्ग साइड ड्राइविंग और गलत लेन में वाहन चलाने वालों को भी चेतावनी दी गई, साथ ही आमजन को ध्वनि प्रदूषण के दुष्प्रभावों और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करने वाले और मॉडिफाइड उपकरणों से शांति भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
36 गांव में बनेंगे अन्नपूर्णा भवन, डेढ़ करोड़ जारी


*तीन करोड़ होंगे खर्च,50 फीसदी काम पूरा के बाद जारी होगी धनराशि*

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जिले की 36 ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवन बनेंगे। इन भवनों से उपभोक्ताओं को अनाज तो मिलेगा साथ ही उन्हें कॉमन सर्विस सेंटर की सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा। तीन करोड़ की लागत से बनने वाले भवन के लिए डेढ़ करोड़ की पहली किस्त जारी हो गई। पूर्ति विभाग ने एक-एक ग्राम पंचायतों को पैसा जारी कर दिया है। प्रदेश में डोर स्टेप डिलेवरी के तहत सिंगल स्टेज व्यवस्था लागू की गई है। इसमें राशन ट्रांसपोर्टरों के माध्यम से सीधे कोटेदारों तक पहुंचता है। गांव में सकरे रास्ते और दुकान होने के कारण राशन वहां तक नहीं पहुंच पाता था। इस कारण समय से लोगों को राशन नहीं मिलने की शिकायत मिलती थी। सरकारी राशन वितरण में अनियमितता की भी शिकायत मिलती थी। इसके समाधान के लिए शासन स्तर से प्रदेश के सभी जिलों में साल 2022 में 75-75 मॉडल दुकानों के निर्माण का निर्देश दिया गया था। शुरुआत में महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना जो अब वीबी जी रामजी हो गई है। साल 2023-24 में करीब 72 और 2024-25 में 30 भवन की स्वीकृति मिली थी। अब तक 50 से अधिक भवन पूर्ण हो गए हैं, जबकि शेष निर्माणाधीन है। शासन ने 2025-26 के लिए 36 अन्नपूर्णा भवन निर्माण की मंजूरी दी है। यह सभी भवन पूर्ति विभाग के माध्यम से बनाए जाएंगे। तीन करोड़ होने वाले खर्च में आधी रकम जारी कर दी गई है। पूर्ति विभाग की ओर से ग्राम पंचायतों को पैसा भेज दिया गया। अब ग्राम पंचायतें जमीन चिह्नित करके निर्माण कराएंगी।



36 अन्नपूर्णा भवन बनाने की स्वीकृति मिली है। एक-एक भवन पर आठ लाख 47 हजार रुपये खर्च होंगे। पहले किस्त के रूप में डेढ़ करोड़ जारी हुए। उक्त धनराशि को ग्राम पंचायतों को जारी कर दिया गया है। - सुनील कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी।
चाचा-भतीजा अपने ही घर में चोरी करते पकड़े गए: पुलिस ने 14 साड़ियां, 11 आभूषण सहित अन्य सामान बरामद किया
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही के ज्ञानपुर थाना क्षेत्र में अपने ही घर से चोरी करने के आरोप में चाचा और भतीजे को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई 14 साड़ियां, 11 आभूषण और अन्य घरेलू सामान बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई।
ज्ञानपुर थाना में पंधारी गौतम ने 17 अप्रैल 2026 की रात अपने घर में चोरी होने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया था कि चोर घर का सामान और जेवरात चुरा ले गए। इस शिकायत के आधार पर मु0अ0सं0 98/2026 धारा 305 (A) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर जनपद में अपराधों पर त्वरित कार्रवाई और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को ज्ञानपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर असनाव-औराई रोड से वादी पंधारी गौतम और उनके भतीजे समरजीत गौतम को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि चाचा-भतीजे ने अपनी ही नातिन के गहने और कपड़े चुराए थे। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से बेडशीट, सूट, चुनरी, कुर्ती सेट और कुल 14 रंग-बिरंगी साड़ी सेट बरामद हुए। इसके अतिरिक्त, सफेद धातु के 8 आभूषण और पीली धातु के 3 आभूषण भी मिले। चोरी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन से एक ट्रॉली बैग के अंदर यह सामान बरामद किया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में दर्ज अभियोग में धारा 317(2) और 317(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पंधारी गौतम (61 वर्ष) पुत्र स्व० रामनाथ गौतम निवासी बनकट छनौरा, ज्ञानपुर और समरजीत गौतम (42 वर्ष) पुत्र सीताराम गौतम निवासी वेदपुर, ज्ञानपुर के रूप में हुई है।इस गिरफ्तारी और बरामदगी को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजाराम रंजन, हेड कांस्टेबल महेंद्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल संजय गुप्ता, कांस्टेबल अनुराग कुशवाहा और कांस्टेबल राजू पटेल शामिल थे।