भदोही में महिलाओं ने निकाली बाइक रैली: नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति आभार,100 महिलाएं शामिल*
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए भदोही जनपद की महिलाओं ने एक बाइक रैली का आयोजन किया। इस रैली में लगभग 100 महिलाओं ने हिस्सा लिया। रैली को जीआईसी इंटर कॉलेज ज्ञानपुर से जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी और ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगे और 'धन्यवाद मोदी सरकार', 'नारी शक्ति जिंदाबाद' के नारों के साथ महिलाओं ने बुलेट, स्कूटी और बाइक पर 2 किलोमीटर की दूरी तय की। यह रैली जीआईसी इंटर कॉलेज ज्ञानपुर से शुरू होकर जिला पंचायत कार्यालय पर समाप्त हुई। मनीषा अम्बष्ट ने इस अवसर पर कहा कि आरक्षण का यह कानून महिलाओं को केवल सीट नहीं, बल्कि निर्णय लेने की शक्ति देगा। उन्होंने जोर दिया कि अब पंचायत से संसद तक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी और यह रैली उसी खुशी और आभार का प्रतीक है। रैली में डॉक्टर, वकील, शिक्षिका, गृहिणी और कॉलेज छात्राओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मनीषा अम्बष्ट, अर्चना पटेल, सरिता बिन्द, पूजा छाया मौर्य, सुषमा मालवीय, स्नेहलता श्रीवास्तव, रेशमा बानो, लक्ष्मी बिन्द, नीलम दुबे, संध्या मौर्य, आराधना शर्मा, सीमा पांडे, महिमा चौधरी, रीना यादव, संजू यादव, अंतिम यादव, रिया यादव, संजू सरोज, निशाबेन, बबीता पांडे, स्वरूप बिन्द, आरती सिंह और उर्मिला दुबे सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
भदोही पुलिस ने 104 गुम मोबाइल बरामद किए: 18.20 लाख रुपए के फोन मालिकों को लौटाए,अपर पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी*


रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत 104 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 18.20 लाख रुपये बताई गई है। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल, जनसुनवाई और डायल 112 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने IMEI नंबर के आधार पर मोबाइलों को ट्रेस किया, उनकी लोकेशन और सिम डिटेल्स का विश्लेषण कर विभिन्न थानों की टीमों के समन्वय से इन्हें बरामद किया। बरामद मोबाइलों का वितरण बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन ज्ञानपुर सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा उनके वास्तविक स्वामियों को किया गया। अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। थानावार बरामदगी का विवरण इस प्रकार है: ज्ञानपुर-07, गोपीगंज-14, कोईरौना-05, भदोही-18, चौरी-04, औराई-23, ऊंज-11, सुरियावां-20, दुर्गागंज-02। कुल 104 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ने आमजन को सीईआईआर पोर्टल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल इस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर उसे ब्लॉक कराया जा सकता है, जिससे उसका दुरुपयोग रोका जा सके। साथ ही, उन्होंने लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए भी जागरूक किया।
जनपद में धूमधाम व हर्षोउल्लास से मनाई गई भारत रत्न डॉ0 भीमराव अम्बेडकर की जयंती

*विकास भवन में धूमधाम से मनाई गई डॉ0भीमराव अम्बेडकर की जयंती*


रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भारत रत्न" बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयन्ती जनपद में बड़े धूमधाम व हर्षोउल्लास से मनाई गई। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने डॉ भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित कर जनपद वासियों को बधाई व शुभकामना दिया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकरी कुंवर वीरेंद्र मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय नारायण सिंह व कलेक्ट्रेट स्टाफ उपस्थित रहे।
          
कलेक्ट्रेट में आयोजित "डॉ भीमराव अम्बेडकर, व्यक्तित्व व कृतित्व कार्यक्रम" में जिलाधिकारी ने कहा कि हमारा संविधान विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने बतौर संविधान समिति के अध्यक्ष संविधान बनाते समय समाज के हर वर्ग, हर तबके का ध्यान रखा। भारतीय संविधान में भारत के नगारिक को समान अधिकार मिले, इसके लिए कई देशों के संविधान को भी अपने देश के सविधान में लिया गया, जिसका परिणाम है कि विभिन्न जातियों, सम्प्रदायों, भाषाओं आदि की विविधता के बावजूद हमारा देश एक सूत्र में बंधा हुआ है।
         
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने कहा कि हम विविधताओं, विषमताओं, असमानताओं के बावजूद, इतने वर्षाे से साथ बने हुए है तो इसका बहुत बड़ा कारण हमारा संविधान ही है। बाबा साहब के संविधान ने भारत को वह ऊॅचाईयां दी है जिसके कारण आज भारत पूरे विश्व में एक अलग और मजबूत राष्ट्र के रूप में नजर आता है, भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर जी की जयंती पर जनपद के समस्त कार्यालयों ,तहसील, विकास खंडों, संस्थाओं, प्रतिष्ठानों, ग्रामीण क्षेत्रों में धूमधाम से कार्यक्रम आयोजित करते हुए उनके विचारों, सिद्धांतों, शिक्षाओं, पर बल दिया गया।
        
अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय नारायण सिंह अधिकारियों-कर्मियों से कहा कि वे सब संवैधानिक दायरे में रहकर अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन करें, यही बाबा साहब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि हम जहां भी ,जिस भी पटल पर है वहां स्वयं को रखकर सोचें और हर जरूरतमंद की मदद करें तो निश्चित ही समाज की दशा और दिशा बदल जाएगी।

इसी क्रम में भारत रत्न बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर की जयन्ती विकास भवन सभागार में बड़े धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला विकास भवन के अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों ने बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण श्रद्धासुमन अर्पित किया।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि भारत रत्न डा0 भीम राव अम्बेडकर का योगदान बहुत है, कमजोर वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने जो संवैधानिक व्यवस्था बनाई वह अपने आप में विशिष्ट है उनके द्वारा निर्मित संविधान को यदि गंभीरता से समझना है तो भारतीय संविधान के लागू होने से पहले की व्यवस्थाओं को समझना होगा।
15 दिन के अभियान का 14 वां दिन खत्म, सिर्फ दुकानदारों को मिली चेतावनी


*अभियान के पहले दिन कुछ क्षेत्रों से हटाया गया था अतिक्रमण, फिर से सजने लगी है पटरी पर दुकानें*


रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। शहरी क्षेत्रों में सड़कों की पटरियों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चल रहे 15 दिनी अभियान का 14 वां दिन खत्म हो गया। फिर भी पटरियों पर अतिक्रमण जस का तस है। यातायात और पुलिस की संयुक्त टीम ने 10 दिन पहले सड़कों की पटरियों से सामान हटाने के लिए दुकानदारों को चेतावनी दी थी। फिर भी दुकानदारों को कोई फर्क नहीं पड़ा। अतिक्रमण के कारण बाजार में जाम लगता है। इससे राहगीरों को परेशानी होती है। गोपीगंज नगर में रोजाना जाम लगता है। यातायात विभाग ने अतिक्रमण हटाने के लिए एक से 15 अप्रैल तक अभियान चलाने का निर्णय लिया था। अभियान के पहले दिन गोपीगंज ज्ञानपुर मोड़, मिर्जापुर तिराहा, काली देवी रोड़, स्टेशन रोड़, खड़हट्टी मोहाल, पुलिस चौकी, पालिका चेंबर के पास अतिक्रमण हटवाया गया था।

पुलिस चौकी और नगर पालिक कार्यालय के पास जो दुकानें स्थायी रूप से सड़क के किनारे लगती थी, उसे हटा दिया गया है। कभी कभार अस्थायी ठेला, खोमचा वाले आ जाते हैं। ऐसे दुकानदारों पर भी अब कार्रवाई की जाएगी। - राकेश कुमार सिंह, यातायात प्रभारी भदोही।

बड़े स्तर पर पुलिस बल के साथ अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है। अभियान की अभी तिथि निश्चित नहीं है।
- राम बचन यादव, ईओ गोपीगंज।
गर्मी की छुट्टियों में लगेंगे कॅरिअर काउंसिलिंग शिविर
रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। वार्षिक परीक्षाओं के बाद नया शिक्षा सत्र शुरू हो गया है। 20 मई से गर्मी की छुट्टी होगी। इस बार गर्मी की छुट्टियों में छात्रों को सही दिशा देने के लिए कॅरिअर काउंसलिंग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस शिविर के माध्यम से युवाओं को उनके भविष्य के विकल्पों की जानकारी दी जाएगी। इससे वे बेहतर निर्णय लेकर आत्मनिर्भर बन सकें। 10वीं और 12वीं की परीक्षा के बाद अन्य कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं समाप्त हो गई हैं। इसको ध्यान में रखते हुए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कॅरिअर काउंसलिंग शिविर आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। इन शिविरों के लिए जिले के राजकीय विद्यालयों का चयन किया जाएगा। आसपास के स्कूलों के छात्र-छात्राओं को इसमें शामिल किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ मिल सके। शिविरों में विशेषज्ञ छात्र-छात्राओं से संवाद करके उन्हें आगे की पढ़ाई, कॅरिअर विकल्पों और भविष्य की चुनौतियों के बारे में जानकारी देंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि राजकीय विद्यालयों में कॅरिअर काउंसलिंग शिविर के लिए सूची तैयार की जा रही है। बताया कि इन शिविरों में विशेषज्ञों के साथ जिला स्तरीय अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
बृजेश होंगे काशी नरेश विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी
रिपोर्ट-‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। काशी नरेश विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी का प्रभार वरिष्ठ कोषाधिकारी बृजेश सिंह को सौंपा गया है। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर अब पूर्ण रुप से काशी नरेश विश्वविद्यालय के स्वरुप में आ चुका है। विश्वविद्यालय के प्रशासकीय गतिविधियों के संचालन के लिए कुलपति सहित वित्त अधिकारी,कुल सचिव, परीक्षा नियंत्रक,उप कुलसचिव व सहायक कुल सचिव के पद का सृजन फरवरी माह में ही कर दिया गया था।
डीएम ने अग्निशमन टीम को किया अलर्ट

रिपोर्ट - नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने गर्मी में आग लगने की घटनाओं को देखते हुए अग्निशमन विभाग की टीम को अलर्ट किया है। उन्होंने कहा कि विभाग सभी सर्विस वाहनों एवं अग्निशमन उपकरणों को चालू अवस्था में रखे। कर्मचारियों की रोस्टर वार ड्यूटी सुनिश्चित करते हुए उन्हें आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखे। विशेष रूप से होटल, चिकित्सालय, शॉपिंग मॉल एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त करे।
19 महीने बाद बनी सौ शय्या अस्पताल की डिजिटल एक्स-रे मशीन

*2024 अगस्त में बिजली गिरने से खराब हुई थी मशीन*

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। सरपतहां स्थित सौ शय्या अस्पताल में 19 महीने से खराब डिजिटल एक्स-रे मशीन बन गई। इससे ओपीडी में आने वाले मरीजों को लाभ मिलेगा। अगस्त 2024 में बिजली गिरने के कारण मशीन के ड्रैग कार्ड में तकनीकि खराबी आ गई थी। स्टेबलाइजर जल गया था। अस्पताल में रोजाना 500 मरीज आते हैं। इसमें से 50 फीसदी मरीज ऑर्थो के होते हैं। इसमें से कई मरीजों को एक्स-रे की जरुरत पड़ती है। ओपीडी भवन में व्यवस्था नहीं होने से मरीज को परिसर के टीबी अस्पताल में एक्स-रे कराने के लिए जाना पड़ता है। यहां रोजाना 60 से 70 एक्स-रे की जाती है। जो क्षमता से अधिक है। इसके अलावा जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी के भी मरीज एक्स-रे कराने आते हैं। एक्स-रे कराकर उन्हें दोबारा डॉक्टर को दिखाने में पूरा दिन लग जाता है। दिसंबर 2025 में एक्स-रे मशीन ठीक कराने के लिए लखनऊ बिजली एडी विभाग ने 20 लाख रुपये की तकनीकि स्वीकृति दी है। दिसंबर में बजट की स्वीकृति मिलने के बाद अप्रैल में मशीन को ठीक किया गया।


डिजिटल एक्स-रे मशीन खराब थी, इससे मरीजों को परेशानी होती है। लेकिन अब मशीन ठीक हो गई है। मरीजों का एक्स-रे अब तुरंत किया जाएगा।

डॉ सुशील पासवान सीएम‌एस 100 बेड सरपतहां
प्रेरणा पोर्टल पर 36 हजार बच्चों का प्रोन्नति सत्यापन लंबित
*भदोही ब्लॉक में सबसे ज्यादा 10 हजार और अभोली में सबसे कम 2200 बच्चों का नहीं हुआ सत्यापन*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही । जिले के परिषदीय विद्यालयों में खंड शिक्षा अधिकारियों और शिक्षकों की उदासीनता से 36 हजार 301 बच्चों का प्रोन्नति सत्यापन लंबित है। अभी तक प्रेरणा पोर्टल पर बच्चों का डाटा अपलोड नहीं हो सका है। इससे पास आउट हो चुके बच्चों को अगली कक्षाओं में प्रवेश लेने में मुश्किल आ रही है। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने छह बीइओ के साथ सभी शिक्षकों को दो दिन में काम को पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। लापरवाही बरतने पर वेतन रोकने की चेतावनी दी गई है। जिले में 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। इसमें एक लाख 11 हजार 19 बच्चे अभी तक पंजीकृत हैं। एक अप्रैल से नया शिक्षा सत्र शुरू हो गया है। पहली से लेकर आठवीं तक के बच्चे अगली कक्षाओं में प्रोन्नत हो गए हैं। अब उनका प्रोन्नति सत्यापन करके प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करना है, लेकिन शिक्षकों की उदासीनता के कारण एक लाख 11 हजार बच्चों में से 36 हजार का सत्यापन पूर्ण नहीं हो सका है। इससे इन बच्चों का डाटा प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड नहीं हो सका है। इसको लेकर अभिभावक परेशान हैं। भदोही में सबसे अधिक 10 हजार से अधिक और अभोली में सबसे कम करीब 2200 बच्चों का सत्यापन लंबित है। बच्चों की अधिक संख्या में सत्यापन नहीं होने से प्रदेश स्तर पर जिले की रैकिंग भी खराब हो गई है। इसको लेकर बीएसए ने सभी शिक्षकों को दो दिन में लंबित सत्यापन को पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। बीएसए शिवम पांडेय ने कहा कि दो दिन के अंदर सभी सत्यापन पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने पर वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी।



जिले में ब्लॉक वार स्थिति
ब्लॉक कुल बच्चे हटाए गए बच्चे शिक्षक स्तर पर लंबित
अभोली 10194 134 2270
औराई 26153 423 4852
भदोही 22278 246 10871
डीघ 19327 306 3817
ज्ञानपुर 19465 341 7435
भदोही नगर 2254 22 989
सुरियावां 11348 135 6067
कुल 111019 1607 36301
ई-संजीवनी एप से घर बैठे मिलेगी हर मर्ज की सलाह, डॉक्टर देंगे दवा

*नौ स्वास्थ्य केंद्र किए जा रहे अपडेट,दवा लेने के लिए मरीजों को जाना होगा स्वास्थ्य केंद्र*



नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले के सरकारी अस्पतालों में टेलीमेडिसन सेवा बंद होने के बाद ई-संजीवीनी एप के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिले के नौ स्वास्थ्य केंद्रों पर इस व्यवस्था को अपडेट किया जा रहा है। विभागीय कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। सीएमओ डॉ. एसके चक ने सभी अधीक्षक को ई.संजीवनी व्यवस्था अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। विभाग की ओर से हर महीने इसकी समीक्षा की जाएगी। महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल, महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल, सरपतहां स्थित सौ शय्या अस्पताल सहित छह सीएचसी भानीपुर, डीघ, गोपीगंज, औराई, सुरियावां, भदोही स्वास्थ्य केंद्र पर ई-संजीवनी व्यवस्था अपडेट होने लगी है। स्वास्थ्य विभाग हर महीने समीक्षा करेगा। इसमें ई-संजीवनी एप या पोर्टल से कितने मरीजों का उपचार किया गया। सरकारी अस्पतालों में लंबी कतारों और बढ़ती भीड़ से जूझ रहे मरीजों को राहत देने के लिए स्वास्थ्य विभाग अब ई-संजीवनी ओपीडी एप के माध्यम से घर बैठे मरीजों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराएगा। इससे मरीजों को छोटी-मोटी बीमारियों के लिए अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ई-संजीवनी ओपीडी केंद्र सरकार की टेलीमेडिसिन सेवा है। इसके जरिए मरीज सीधे विशेषज्ञ डॉक्टरों से ऑनलाइन जुड़ सकते हैं।



सीएचओ जोड़ेंगी मरीज को
जिले के सभी 206 उप स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात एएनएम और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) मरीजों का पंजीकरण करके उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन जोड़ेंगी। जरूरत पड़ने पर मरीज की यथा स्थिति देखने के लिए उन्हें वीडियो कॉल से भी जोड़ा जाएगा।


ई-संजीवनी एक डिजिटल स्वास्थ्य सेवा प्लेटफॉर्म है। इसके जरिए मरीज डॉक्टरों से ऑनलाइन चिकित्सकीय सलाह प्राप्त कर सकते हैं। इससे अस्पतालों में भीड़ कम होगी। अस्पतालों में यह व्यवस्था शुरू कराई जा रही है। हर महीने इसकी समीक्षा भी होगी। - डॉ. एसके चक, सीएमओ भदोही।