दिमाग और मन की चेतनता से आयेगी सकारात्मकता, साई स्कूल में आयोजित हुआ विपश्यना शिविर

अम्बिकापुर- सरगंवा स्थित श्री साई बाबा स्कूल में शिक्षक एवं विद्यार्थियों के लिए विपश्यना शिविर आयोजित हुआ, जिसमें विशेषज्ञ के रूप में दुर्ग से पधारे आचार्य अजय भागडीकर तथा तृप्ति भागडीकर ने सभी को विपश्यना, ध्यान कराया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए अलग-अलग सत्र में आयोजित शिविर में पहले व्यक्ति के अन्दर ध्यान, योग के बारे में बताया तथा ध्यान की स्थितियों और उसके परिवेश से अवगत कराया गया। अजय भागडीकर ने बताया कि विद्यार्थी और शिक्षकों का मन, विचार, दिमाग चेतन रहेगा तभी सकारात्मक मूल्यों को आत्मसात करेगा। उन्होंने कहा कि अध्ययन-अध्यापन के लिये धैर्य का होना जरूरी है। वर्तमान में प्रत्येक व्यक्ति और विद्यार्थी के लिए डिजीटल डिटाक्स होना आवश्यक है। मोबाइल जरूरत से ज्यादा लत बनता जा रहा है, इससे उबरना होगा। विद्याथियों को नयी संचार तकनीकों के साथ आधुनिक ज्ञान आवश्यक है लेकिन उन पर निगाह रखना भी जरूरी है। अध्ययन-अध्यापन के दौरान चेतन मन और दिमाग एकाग्र रहेगा तभी अच्छे परिणाम होंगे।

्रबंध समिति के अध्यक्ष विजय कुमार इंगोले ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि शरीर के साथ मन और दिमाग को स्वस्थ होना जरूरी है, इसके लिये मानसिक व्यायाम करना होगा। प्राचार्य प्राची गोयल ने विपश्यना के लिए सभी को प्रेरित किया और उसके लाभ से अवगत कराया। शिविर के दौरान भानुशंकर झा, सुखलाम राम आदि शिक्षकों ने सहयोग किया।

अंबेडकर जयंती पर रायपुर में व्याख्यानमाला: संविधान, लोकतंत्र और पत्रकारिता पर होगा मंथन

वक्ताओं में डॉ. सुशील त्रिवेदी, एसके पासवान, फैजल रिजवी, मंजीत कौर बल और डॉ. नंदन होंगे शामिल

रायपुर- भारतीय संविधान के निर्माता एवं सामाजिक न्याय के प्रखर प्रवक्ता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में 14 अप्रैल को रायपुर में संविधान, लोकतंत्र और पत्रकारिता विषय पर एक महत्वपूर्ण एवं सामयिक व्याख्यानमाला का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन देश के पत्रकारों के प्रमुख संगठन इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन से संबद्ध स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन, छत्तीसगढ़ द्वारा किया जा रहा है।

डॉ. अंबेडकर के विचारों की प्रासंगिकता को केंद्र में रखते हुए आयोजित इस व्याख्यानमाला में वर्तमान समय में लोकतांत्रिक व्यवस्था के समक्ष उपस्थित चुनौतियों, संविधान की मूल भावना के अनुरूप पत्रकारिता के दायित्व, विज्ञान एवं तकनीकी बदलावों के चलते प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर डिजिटल एवं सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव तथा बहुराष्ट्रीय कंपनियों के हस्तक्षेप जैसे गंभीर विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रदेश के प्रख्यात विचारक एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. सुशील त्रिवेदी, सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी एस. के. पासवान, अधिवक्ता एवं समाजसेवी फैज़ल रिज़वी, जेंडर समानता एवं सामाजिक सरोकारों पर सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता मंजीत कौर बल तथा लेखक एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. नंदन अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार दिवाकर मुक्तिबोध करेंगे। आयोजन के अंत में यूनियन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

संविधान, लोकतंत्र और पत्रकारिता में रुचि रखने वाले सभी नागरिकों, पत्रकार साथियों एवं बुद्धिजीवियों से अपील है कि वे 14 अप्रैल को शाम 4 बजे डायोसिस हॉल, राजभवन के पास, सिविल लाइन, रायपुर में आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सहभागिता जरूर करें।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किया सोलर एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन

रायपुर- सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी कंपनी वारी एनर्जी ने हाल ही में करेंसी टॉवर, रायपुर में आर.आर. यूनिट्रेड के सहयोग से अपने नए फ्रैंचाइज़ी स्टोर एवं सोलर एक्सपीरियंस सेंटर का भव्य उद्घाटन किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने फीता काटकर सेंटर का शुभारंभ किया। यह पहल स्वच्छ, सुलभ और सतत ऊर्जा के प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। नए सोलर एक्सपीरियंस सेंटर के माध्यम से आम नागरिक अब सोलर ऊर्जा से जुड़ी सभी जानकारियां एक ही स्थान पर प्राप्त कर सकेंगे। यहां सोलर पैनल इंस्टॉलेशन, लागत, लाभ और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे सोलर अपनाने के इच्छुक लोगों को निर्णय लेने में सुविधा मिलेगी।

सरकार द्वारा भी पीएम- सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत लगभग ₹1 लाख 8 हजार तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है, जिससे आम जनता को सोलर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह पहल न केवल आर्थिक रूप से लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के संदेश को भी मजबूत करती है।

चैनल पार्टनर राकेश गोयल ने बताया कि शहर के प्रमुख स्थान करेंसी टॉवर पर स्थित इस सेंटर के कारण कोई भी व्यक्ति आसानी से यहां आकर सोलर से संबंधित पूरी जानकारी प्राप्त कर सकता है और एक ही जगह पर सभी सेवाओं का लाभ उठा सकता है।

इस अवसर पर चैनल पार्टनर प्रवीण अग्रवाल, रीति गोयल, वैभव अग्रवाल एवं कंपनी के छत्तीसगढ़ सेल्स मैनेजर प्रसन्ना चंद्राकर सहित प्रबंधन टीम के सदस्य और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

यह नया एक्सपीरियंस सेंटर रायपुर में सौर ऊर्जा के विस्तार और हरित भविष्य की दिशा में एक मजबूत पहल के रूप में देखा जा रहा है।

 

अम्बिकापुर: विद्यार्थियों ने पाजामा पार्टी में की जमकर मस्ती, स्टार गेजिंग से बढ़ा ज्ञान

अम्बिकापुर- श्री साई बाबा स्कूल में विद्यार्थियों के सांस्कृतिक अभिरूचि और खेल भावना को विकसित करने के उद्देश्य से पाजामा पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चे आनन्द से सराबोर रहे। पार्टी का प्रारम्भ विद्यार्थियों ने आम का पाना से किया। सभी ने मस्ती के मुड से खेलों में भाग लिया। मूवी नाइट में कार्टून बाल फिल्म देखा जिसमें उनका बचपन जीवंत हो गया। एक साथ सभी ने रात्रि भोजन किया और आकाश में तारे देख रोमांचित हुए। विद्यार्थियों के लिए खगोल विज्ञान की रोमांचक दुनिया मनोरंजन के साथ ज्ञानवर्धक रही। स्टार गैजिंग और खेल गतिविधियां रोमांच का पल देती रहीं। बाल कथाओं ने बच्चों को प्रेरित किया। सोने से पहले बच्चों को अपने दांतों की सफाई और उसके महत्व के बारे में अवगत कराया गया। नई सुबह का प्रारम्भ प्रार्थना से हुआ जिसमें सभी ने मार्निंग वाक का आनन्द लिया। स्वीमिंग पूल में बच्चों ने तैराकी का कौशल दिखाया और जलक्रीड़ा का आनन्द लिया। यह उनके शारीरिक दक्षता और मानसिक विकास का द्योतक रहा।


पाजामा पार्टी के दौरान प्रबंध समिति के अध्यक्ष विजय कुमार इंगोले, सचिव अजय कुमार इंगोले, सदस्य रेखा इंगोले, अलका इंगोले, प्राचार्य प्राची गोयल ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान भानुशंकर झा, सुखलाल राम, रजनी तिवारी, आयुषी सिंह, उद्देश मंडल, शायमा कशिश, आर्याशंकर झा आदि ने सहयोग किया। 

Holistic Medicine Conference 2026 में शामिल होंगे रायपुर के डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी

रायपुर- छत्तीसगढ़ के प्रख्यात होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अहम अवसर मिला है। उन्हें लंदन में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित Holistic Medicine Conference 2026 में विशेष आमंत्रित प्रतिनिधि के रूप में आमंत्रण प्राप्त हुआ है।

यह सम्मेलन 10 अप्रैल को लंदन के Houses of Parliament तथा 13 अप्रैल को University of Oxford में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न देशों के नीति-निर्माता, सांसद, चिकित्सक और स्वास्थ्य विशेषज्ञ शामिल होकर समग्र चिकित्सा पद्धतियों पर मंथन करेंगे। इस दौरान देश के जाने-माने होम्योपैथी विशेषज्ञ डॉ. नीतीश दूबे सहित कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहेंगी।

संघर्ष से सफलता तक का सफर

डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी ने अपने करियर की शुरुआत एक छोटे से क्लिनिक से की थी और आज वे अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच चुके हैं। अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर उन्होंने होम्योपैथी को समाज में नई पहचान दिलाई और हजारों मरीजों का सफल उपचार कर लोगों का भरोसा जीता।

कोरोना काल में निभाई अहम भूमिका

कोविड-19 महामारी के दौरान जब स्वास्थ्य सेवाएं दबाव में थीं, उस समय डॉ. त्रिवेदी ने निरंतर मरीजों की सेवा की। उन्होंने होम्योपैथी के माध्यम से लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसकी समाज में व्यापक सराहना हुई।

वैश्विक मंच पर रखेंगे भारत का दृष्टिकोण

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में डॉ. त्रिवेदी होम्योपैथी की उपयोगिता, प्रभाव और भारत में इसके महत्व को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करेंगे। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश के लिए गर्व का विषय है।

प्रदेश के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि

डॉ. त्रिवेदी की सफलता यह साबित करती है कि छोटे शहरों से निकलकर भी वैश्विक पहचान बनाई जा सकती है। उनकी यह उपलब्धि युवाओं और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही

यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम में हेमंत का उत्कृष्ट प्रदर्शन, IIT गुवाहाटी में सरगुजा का किया प्रतिनिधित्व

अम्बिकापुर- मिनीस्ट्री ऑफ डेवलपमेंट ऑफ नार्थ इस्टर्न रिजन एवं नार्थ इस्टर्न कौंसिल शिलांग के द्वारा आयोजित यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम में श्री साई बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवक हेमन्त ने बेहतरीन सहभागिता निभायी।

हेमन्त ने बताया कि 15 दिनों के इस कार्यक्रम में सरगुजा से रायपुर टे्रन से और रायपुर से कोलकाता तथा कोलकाता गुवाहाटी हवाई जहाज से यात्रा हुई। आईआईटी गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम में देश के सभी प्रदेशों से एनएसएस स्वयं सेवक उपस्थित रहे। सभी ने अपने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, लोककला से अवगत कराया। इस दौरान दूसरे प्रदेश की लोककला, विरासत से अवगत हुए और विभिन्न संस्कृतियों को करीब से देखा। स्वयं सेवकों को विशेष प्रशिक्षण दिया तथा उन्हें मां कामाख्या मंदिर का दर्शन कराया गया। चाय बागान में स्वयं सेवकों ने हरियाली और चाय के पौधे देख कर उसकी खेती के बारे में जाना। असम के राज्यपाल महामहिम लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात बहुत ही प्रेरक रही। उन्होंने सभी को जीवन में आगे बढ़ने और दायित्वों के निर्वहन का संदेश दिया। संत गहिरा गुरू विश्वविद्यालय से साक्षी और हेमंत की इस सफलता पर शासी निकाय के अध्यक्ष विजय कुमार इंगोले, सचिव अजय कुमार इंगोले, प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव, कला एवं समाजकार्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. आर.एन. शर्मा, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी देवेन्द्र दास सोनवानी ने बधाई दी है।

रायपुर में 5वीं बोर्ड परीक्षा में नकल का आरोप, ABVP ने किया प्रदर्शन

रायपुर- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) रायपुर महानगर ने 5वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में कथित नकल प्रकरण को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए विरोध प्रदर्शन किया। परिषद ने इस मामले को शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर बताया है।

मामला रायपुर के शंकर नगर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय ‘अभ्यास’ का है, जहां हाल ही में आयोजित कक्षा 5वीं की बोर्ड परीक्षा के दौरान अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। प्राप्त वीडियो साक्ष्यों के आधार पर आरोप है कि परीक्षा कक्ष में तैनात शिक्षिका ने विद्यार्थियों को व्यवस्थित तरीके से नकल कराई।

अभाविप का कहना है कि इस तरह की घटनाएं शिक्षा की गुणवत्ता को प्रभावित करती हैं और मेहनती विद्यार्थियों के मनोबल को ठेस पहुंचाती हैं। परिषद ने इसे शिक्षक की मर्यादा के विरुद्ध और दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

परिषद ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित शिक्षिका को तत्काल निलंबित या बर्खास्त कर सख्त विभागीय जांच की जाए। साथ ही संवेदनशील परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, उड़नदस्ता दलों द्वारा औचक निरीक्षण करने और संबंधित विद्यालय की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन अन्य विकासखंड के शिक्षकों से कराने की मांग भी की गई है। इसके अलावा परीक्षा केंद्र अध्यक्ष और पर्यवेक्षकों की जवाबदेही तय करने की बात भी कही गई है।

अभाविप ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

रायपुर महानगर मंत्री सुजल गुप्ता ने कहा कि अभाविप शिक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने हाल में 12वीं हिंदी प्रश्नपत्र लीक की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे सरकार की गंभीरता पर सवाल उठते हैं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई जरूरी है।

“पत्रकारों के लिए मुफ्त लेसिक सर्जरी शिविर, 13 से 18 अप्रैल तक एसबीएच आई हॉस्पिटल में होगा आयोजन”

रायपुर- एसबीएच आई हॉस्पिटल द्वारा पत्रकारों और उनके परिवारजनों के लिए 13 से 18 अप्रैल तक एक विशेष नेत्र शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में सीमित संख्या में पत्रकारों को मुफ्त लेसिक सर्जरी की सुविधा दी जाएगी, जबकि उनके परिवारजनों को उपचार में विशेष छूट प्रदान की जाएगी।

इस शिविर के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 10 अप्रैल निर्धारित की गई है। इच्छुक पत्रकार पंजीयन हेतु मोबाइल नंबर 9644402050 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा साई बाबा नेत्र चिकित्सालय, न्यू राजेंद्र नगर में भी पंजीयन की सुविधा उपलब्ध है।

इस पहल पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सुधीर आज़ाद तम्बोली ने अस्पताल प्रबंधन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन से परे सभी पत्रकारों के लिए इस तरह का विशेष शिविर आयोजित करना सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अधिक से अधिक पत्रकार साथी इस शिविर का लाभ उठाकर अपनी आंखों का उपचार कराएंगे।

मसीही समाज को मिला प्रशासन का साथ, CDBE चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न

रायपुर- छत्तीसगढ़ डायोसिस बोर्ड ऑफ एजुकेशन (CDBE) के चुनाव आज रायपुर कलेक्टर कार्यालय में सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुए।

इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में जिला प्रशासन की सक्रिय भूमिका और पारदर्शिता को सराहते हुए मसीही समाज ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।

चुनाव प्रक्रिया जिला कलेक्टर, एडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुई। इस दौरान बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में द राइट रेव. सुभमा कुमार पदेन ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में

नितिन लॉरेन्स – उपाध्यक्ष

जॉयदीप रोबिन्सन – सचिव

प्रवीण मसीह – कोषाध्यक्ष

सहित अन्य सदस्यों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं।

इस अवसर पर बोर्ड के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं जिला प्रशासन का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार ने मसीही समाज की समस्याओं को समझते हुए निष्पक्ष और सहयोगात्मक भूमिका निभाई है।

बोर्ड पदाधिकारियों ने कहा कि यह सहयोग राज्य में अल्पसंख्यक समुदाय के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि लंबे समय से शैक्षणिक संस्थाओं के संचालन में आ रही समस्याओं के समाधान की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

समाज के प्रतिनिधियों ने यह भी बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा लगातार संस्थाओं की व्यवस्था को बाधित करने के प्रयास किए जा रहे थे, जिनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।

प्रशासन द्वारा आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही सभी संस्थानों में सामान्य स्थिति बहाल की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध कब्जे के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अंत में, छत्तीसगढ़ डायोसिस के पदाधिकारियों ने सभी समाज के लोगों से अपील की कि वे एकजुट होकर शांति, शिक्षा और विकास के कार्यों में सहयोग करें।

नाम के दुरुपयोग पर मसीह समाज सख्त, प्रशासन से कार्रवाई की अपील

बिलासपुर- संयुक्त मसीह समाज बिलासपुर संभाग धर्म स्वतंत्रता विधेयक 2026 के विरोध में किए गए तथाकथित प्रदर्शनों की कड़े शब्दों में निंदा करता है। हम स्पष्ट रूप से यह घोषणा करते हैं कि इस विरोध का मसीह समुदाय से कोई आधिकारिक संबंध नहीं है। यह विरोध कुछ व्यक्तियों द्वारा मसीह समाज के नाम का दुरुपयोग कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास मात्र है। सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि संयुक्त मसीह समाज नाम से संगठन विधिवत रूप से केवल बिलासपुर संभाग में पंजीकृत है। ऐसे में अन्य स्थानों पर इसी नाम का उपयोग करना न केवल भ्रामक है। बल्कि कानूनी रूप से भी आपत्तिजनक और दंडनीय कृत्य है।

हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि सच्चा मसीही मार्ग विरोध और अशांति का नहीं बल्कि शांति और आज्ञाकारिता का मार्ग है।

पवित्र बाइबिल में लिखा है हर एक व्यक्ति प्रधान अधिकारियों के अधीन रहे क्योंकि कोई भी अधिकार ऐसा नहीं जो परमेश्वर की ओर से न रोमियों 13ः1 साथ ही यह भी लिखा है मैं सब से पहिले यह उपदेश देता हूं कि विनती प्रार्थना बिनती और धन्यवाद सब मनुष्यों के लिये किए जाएं राजाओं और सब अधिकारियों के लिये भी।1तीमुथियुस 2ः1-2 इन वचनों के अनुसार मसीही समुदाय का कर्तव्य है कि वह सरकार और अधिकारियों के प्रति सम्मान बनाए रखे उनके लिए प्रार्थना करे न कि विरोध और अशांति का मार्ग अपनाए। हम संबंधित व्यक्तियों से यह सीधा प्रश्न पूछते हैं। क्या उनके पास संयुक्त मसीह समाज नाम से कोई वैध पंजीयन है। यदि नहीं तो वे किस अधिकार से इस नाम का उपयोग कर रहे हैं। यह स्पष्ट रूप से भ्रामक प्रतिनिधित्व का मामला बनता है जो समाज को गुमराह करने और प्रशासन को भ्रमित करने का प्रयास है। इसके अलावा इन प्रदर्शनों में कहीं भी मसीह समुदाय के मान्यता प्राप्त। मुख्यधारा या आधिकारिक प्रतिनिधि उपस्थित नहीं थे। इससे यह सिद्ध होता है कि यह विरोध धार्मिक नहीं बल्कि सुनियोजित राजनीतिक गतिविधि है।

हम यह भी कहना चाहते हैं कि इस पूरे प्रकरण के पीछे से जुड़े लाभ सामाजिक पहचान और राजनीतिक स्वार्थ की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। मसीह समुदाय के नाम पर इस प्रकार की गतिविधियां न केवल अनुचित हैं बल्कि पूरे समाज की छवि को धूमिल करने का कार्य कर रही हैं। अतः संयुक्त मसीह समाज बिलासपुर संभाग प्रशासन से मांग करता है कि इस मामले की गंभीर जांच की जाए संयुक्त मसीह समाज नाम के दुरुपयोग पर कानूनी कार्रवाई की जाए ऐसे भ्रामक और फर्जी संगठनों पर तत्काल रोक लगाई जाए हम सभी विश्वासियों एवं आम जनता से अपील करते हैं कि ऐसे स्वयंभू नेताओं और भ्रामक तत्वों से सतर्क रहें जो समाज के नाम पर अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने का कार्य कर रहे हैं।