Sambhal खंभे पर झंडा लगाने चढ़ा युवक, 11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में, हालत गंभीर
सम्भल जनपद के रजपुरा थाना क्षेत्र के सिंगोली पूर्वी गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक युवक बिजली के खंभे पर झंडा लगाने के दौरान हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनेश (उम्र लगभग 27-28 वर्ष), जो गांव सिंगोली पूर्वी का रहने वाला है, बिजली के खंभे पर “बाबा साहेब” का झंडा लगाने के लिए चढ़ रहा था। इसी दौरान वह 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वह नहीं माना और यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तुरंत रजपुरा अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और हालत नाजुक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दिनेश के माता-पिता नहीं हैं और वह अविवाहित है। गांव के ही लोग उसका सहारा हैं और इलाज का पूरा खर्च भी ग्रामीण मिलकर उठाने की बात कह रहे हैं। इस घटना के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। साथ ही यह हादसा एक बार फिर बिजली के खंभों और हाई वोल्टेज लाइनों के पास सावधानी बरतने की बड़ी चेतावनी बनकर सामने आया है।
Sambhal जिला कांग्रेस कमेटी जनपद सम्भल ने जिला अध्यक्ष आरिफ तुर्की के नेतृत्व में मनाई अंबेडकर जयंती

सम्भल, 14 अप्रैल 2026: जिला कांग्रेस कमेटी सम्भल की ओर से आज मंगलवार को भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। चंदौसी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत पचाक में स्थित बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हाजी आरिफ तुर्की के नेतृत्व में कांग्रेस के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भारी संख्या में पहुंचकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया इसी के साथ ग्राम पंचायत गोविंद पुर में भी माल्यार्पण के उपरांत वहां एक विचार गोष्ठी  का आयोजन किया गया, जिसमें बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा हुई। जिला अध्यक्ष आरिफ तुर्की ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए बाबा साहेब के सामाजिक कार्यों पर गहराई से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एक महान समाज सुधारक, विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री और संविधान निर्माता थे। उन्होंने अपने पूरे जीवन में छुआछूत, जातिवाद और सामाजिक असमानता के खिलाफ अथक संघर्ष किया। आरिफ तुर्की ने बताया कि बाबा साहेब ने दलितों, पिछड़ों, महिलाओं और श्रमिकों के अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाई। उन्होंने महाड़ सत्याग्रह और कालाराम मंदिर सत्याग्रह जैसे आंदोलनों के माध्यम से अछूतों को पानी और मंदिर प्रवेश का अधिकार दिलाने की लड़ाई लड़ी। स्वतंत्र भारत के पहले कानून एवं न्याय मंत्री के रूप में उन्होंने हिंदू कोड बिल जैसे महत्वपूर्ण सुधारों का प्रयास किया। सबसे बड़ा योगदान संविधान निर्माण का था। बाबा साहेब संविधान सभा की मसौदा समिति के अध्यक्ष थे और उन्होंने भारतीय संविधान को ऐसा बनाया जो समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने अनुसूचित जाति-जनजाति और पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की, ताकि समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा में लाया जा सके। आरिफ तुर्की ने जोर देकर कहा कि आज के समय में भी बाबा साहेब के विचार अत्यंत प्रासंगिक हैं। युवा पीढ़ी को उनके सिद्धांतों — शिक्षा, संगठन और संघर्ष — को अपनाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बाबा साहेब के सपनों वाले समतामूलक भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।गोष्ठी में अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी अपने विचार रखे और बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं की अच्छी खासी भीड़ उमड़ी। पूरा माहौल सम्मान, एकता और उत्साह से भरा रहा। जिला कांग्रेस कमेटी सम्भल का यह कार्यक्रम बाबा साहेब के प्रति सच्ची श्रद्धा और उनके आदर्शों को जीवित रखने का एक सशक्त प्रयास साबित हुआ।इस अवसर पर  संजीव कुमार साहू,डी के वाल्मीकि,सलीम सैफी,ठाकुर रनवीर सिंह, सलमान तुर्की, मनोज भास्कर, होम सिंह, इरशाद नेता जी,नोमान, हैदर, युनुस अंसारी,मुशर्रफ हुसैन, डॉ मरगूब, राशिद सैफी,सरम सिंह, निसार अहमद भूरा,जितेंद्र, अजय भारती, दीपचंद,मुन्नी पाल, आदि लोग मौजूद रहे
चंदौसी के AM World Kids में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ बैसाखी का पर्व मनाया गया


जनपद संभल की चंदौसी के AM World Kids में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ बैसाखी का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान नन्हे बच्चों द्वारा पतंग सजावट गतिविधि करवाई गई, जिसमें बच्चों ने रंग-बिरंगी पतंगों को सजाकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। वहीं यूकेजी कक्षा के विद्यार्थियों ने गेहूं चिपकाने की गतिविधि में भाग लेकर फसल पर्व के महत्व को समझा।

इसके साथ ही, बच्चों ने पारंपरिक गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनके उत्साह और ऊर्जा ने सभी का मन मोह लिया।

विद्यालय की निर्देशिका श्रीमति अलका मंगलम ने सभी बच्चों को बैसाखी के महत्व के बारे में बताते हुए उन्हें इस पर्व से जुड़ी परंपराओं से अवगत कराया। साथ ही, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमति अर्चना सिरोही ने बच्चों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें इसी तरह उत्साह के साथ सीखते रहने के लिए प्रेरित किया।

इस प्रकार, यह उत्सव बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक, सांस्कृतिक एवं आनंदमय रहा।
Sanbhal जिला कांग्रेस कार्यालय पर दुआ एवं पुष्पांजलि
जनपद सम्भल 13 अप्रैल 2026 को जिला कांग्रेस कार्यालय पर बड़ी  भावुक वातावरण में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती मोहसिना किदवई के आकस्मिक निधन पर शोक सभा आयोजित की गई। उनके निधन की खबर सुनकर पूरे कांग्रेस परिवार में गहरा शोक व्याप्त है आज जिला कांग्रेस कार्यालय पर धर्म गुरुओं द्वारा उनकी मगफिरत के लिए दुआ की गई सभा में उपस्थित जनपद सम्भल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आम जनता ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए सभी ने दो मिनट का मौन रखा  जिला अध्यक्ष आरिफ तुर्की ने श्रीमती मोहसिना किदवई के जीवन और उनके अविस्मरणीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।श्रीमती मोहसिना किदवई का जन्म 1 जनवरी 1932 को उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में हुआ था। वे कांग्रेस पार्टी की एक दिग्गज और सम्मानित नेता थीं, जिन्होंने छह दशकों से अधिक समय तक पार्टी की सेवा की। उन्होंने मेरठ लोकसभा क्षेत्र से तीन बार सांसद चुनी गईं और मेरठ की पहली महिला सांसद के रूप में इतिहास रचा। वे दो बार राज्यसभा सदस्य भी रहीं।उनके प्रमुख योगदान:इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की करीबी सहयोगी के रूप में उन्होंने केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कई महत्वपूर्ण मंत्रालय संभाले।
1970 के दशक में आपातकाल के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष बनकर उन्होंने पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। पूरे प्रदेश का दौरा कर कार्यकर्ताओं को जोड़ा और संगठन को नई ऊर्जा दी।
वे कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की सदस्य रहीं तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव के रूप में भी कार्य किया। पार्टी के संगठन, रणनीति और युवा नेताओं के मार्गदर्शन में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
वे सादगी, ईमानदारी और जनसेवा की मिसाल थीं। महिलाओं और अल्पसंख्यक समुदाय की प्रतिनिधित्व के रूप में उन्होंने हमेशा सामाजिक न्याय और सेकुलर मूल्यों को मजबूत किया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “श्रीमती मोहसिना किदवई जी का पूरा जीवन देश सेवा और कांग्रेस पार्टी के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा। उनका निधन कांग्रेस पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी यादें हमें हमेशा प्रेरित करती रहेंगी। हम उनके आदर्शों पर चलते हुए पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लेते हैं।”सभा में जिला कांग्रेस के सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नेता मौजूद रहे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर पवन कठेरिया कोस्तुभ रस्तोगी सफी सैफी सलमान तुर्की अंजार मंसूरी अंजार तुर्की निसार अहमद नोमान हैदर मुशर्रफ हुसैन इकबाल हुसैन, अनीस अहमद जब्बार हुसैन साजिद हुसैन तालिब ,मिंजर हुसैन आदि
ABC Kidz Montessori School ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए नया मुकाम हासिल किया
चन्दौसी।संभल जनपद के ABC Kidz Montessori School ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए नया मुकाम हासिल किया है। ताइक्वांडो, डांस और अन्य गतिविधियों में पहले ही कई मेडल जीत चुके स्कूल के नन्हे सितारों ने अब स्केटिंग में भी अपना परचम लहराया है।

आगरा में आयोजित 1st Open Agra Zonal Roller Skating Championship 2026 में विद्यालय की छात्रा ऐश चौधरी (कक्षा UKG) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। यह उपलब्धि स्कूल और पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।
इस सफलता के पीछे कोच हर्ष राणा का मार्गदर्शन रहा, जिनकी देखरेख में बच्चों को स्केटिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। चन्दौसी लौटने पर जिलाधिकारी द्वारा ऐश को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती संगीता भार्गव ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि ABC Kidz Montessori के बच्चे हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे वे पढ़ाई के साथ-साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
यह उपलब्धि न केवल स्कूल बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
डिजिटल साक्षरता तथा साइबर सुरक्षा संबंधी कार्यशाला आयोजित

Sambhal एम.जी.एम. कॉलेज संभल में मिशन शक्ति अभियान फेस 5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत  डिजिटल साक्षरता तथा साइबर सुरक्षा संबंधी कार्यशाला आयोजित की गई जिसमें सब इंस्पेक्टर राखी चौधरी ने छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा संबंधी बातें शेयर की ।उन्होंने कहा कि आजकल कई तरह के फ्रॉड चल रहे हैं जिससे आप सबको सावधान रहना है। जैसे कई बार आपको वह  कहता है  कि आपके अकाउंट में पैसा आ गया है और आपको कोई क्यू आर कोड शेयर कर दिया जाता है कि आप इस पर क्लिक करें और अपना पैसा आपके अकाउंट में भेज दिया जाएगा तो आप इस प्रकार किसी भी क्यू आर कोड पर कभी भी स्कैन ना करें क्योंकि यह भी एक साइबर फ्रॉड हो सकता है और इससे आपका अकाउंट खाली हो सकता है। दूसरा यदि कोई आपको इमोशनल तरीके से ब्लैकमेल करें जैसे कि वह आपको अपनी बहन बनाये और आपसे आपके अकाउंट में कोई पैसा मांगता है तो आप उसके प्रति भी सावधान रहे क्योंकि यह भी उसकी एक चाल हो सकती है ।और यदि आपके  पास कोई भी अंजान लिंक आए  तो उसे कभी भी क्लिक न करें किसी के भी बहकावे में ना आएं।  कई ऐसी सच्ची घटनाएं हुई है जिसमें कई बार लड़कियों को इमोशनल ब्लैकमेल किया जाता है। तो आप किसी भी प्रकार के बहकावे में न आएं।और मोबाइल पर यदि ओटीपी आता है तो उसको किसी को शेयर ना करें क्योंकि यदि आप ओटीपी शेयर करते हैं तो इससे भी आपका अकाउंट खाली हो सकता है तो बहुत सी चीजें हैं जिनके प्रति आपको सावधान रहना है।यदि आप फिर भी साइबर फ्राड के शिकार हो जाते हैं तो तुरंत 1930 पर काल करें इसमें आपकी भरसक सहायता की जाती है और जिस खाते में पैसा ट्रान्सफर किया होता है उस को सीज़ करा दिया जाता है इस लिए बिना समय गवाएं साइबर हैल्पलाइन नम्बर 1930 पर काल करें।इस कार्यशाला में डॉक्टर अर्चना बंसल, डॉक्टर प्रीति सिंह के साथ 50 छात्राएं व 25 छात्र उपस्थित रहे ।संचालन डॉक्टर रीतू भटनागर ने किया।
सय्यद मेराज मियां की सरपरस्ती में मनाया गया जिलानी बाबा का उर्स
Sambhal सय्यद मेराज मियां की सरपरस्ती में मनाया गया जिलानी बाबा का उर्स
सकुशल उर्स मनाकर लौटे सम्भल समेत कई जिलो के ज़ायरीन
संभल। आशिके मखदूम साबिर पाक, फिदाए औलिया हुज़ूर बाबा गुलाम जिलानी साबरी रह0 का सालाना उर्स मुबारक परम्परागत रस्मों के साथ सम्पन्न हो गया।
       
सम्भल से बड़ी संख्या मे अकीदतमन्द कलियर शरीफ हुज़ूर बाबा गुलाम जिलानी साबरी रह0 का सालाना उर्स मनाने के लिए जबकि यहां उत्तराखण्ड, पानीपत, हल्द्वानी, मुरादाबाद और पंजाब व दिल्ली के जा़यरीन ने भी शिरकत करते हुए उर्स को भव्य बनाया। अमन शांति और भाईचारे के लिए दुआ की गई। दरगाह शाह विलायत हज़रत ख्वाजा शमसुद्दीन तुर्की पानीपति के सज्जादानशींन व अंजुमन गुलामाने चिश्तीया साबरिया वैलफेयर सोसायटी के चैयरमेन हाजी ख्वाजा सैयद मेराज हुसैन साबरी ने कुल शरीफ मे मुल्क अमन शांति एवं भाईचारे को दुआ कराई और सूफीवाद का पैग़ाम दिया। मेराज मियां की सरपरस्ती मे परम्परागत उर्स पुर सुकून माहौल मे एकता और भाईचारे के पैग़ाम के साथ सम्पन्न हो गया। नामचीन कव्वालों ने सूफियाना कलाम पेश कर सबको झूमने पर मजबूर कर दिया। कुल के बाद सभी को तर्बरूक बांटा गया और लंगर का आयोजन हुआ। इस मौके पर हज कमेटी उत्तराखण्ड के पूर्व चैयरमेन हाजी राव शेर मौहम्मद, वक्फ बोर्ड उत्तराखण्ड के पूर्व चैयरमेन राव काले खां, संजय बाबा, सूफी इसरार साबरी, सलीम उदयपुर, बाबा मेक्षी शाह, हाजी इश्तियाक, इस्तेकार अमन साबरी, शराफत हुसैन, ख्वाजा हसनैन, शान साबरी, तस्लीम साबरी, धर्मेन्द्र, सौहराब साबरी, नितिन पहलवान, आदि मौजूद रहे। सम्भल से पहुंचने वालों मे इंतेज़ार हुसैन, बाबर खान साबरी, फरज़न्द अली वारसी, मौ0 वसीम, साबिर हुसैन, फाज़िल, मौ0 काशिफ, असद, मास्टर रूाकील अहमद आदि मौजूद रहे।
Sambhal नगर पालिका से विधानसभा तक नजर, अब सिस्टम सुधारने की चुनौती, फाइलों की देरी पर फूटा गुस्सा, शान अली ने कर्मचारियों को ठहराया जिम्मेदार
सम्भल नगर पालिका परिषद में मनोनीत सदस्य बनने के बाद सय्यद शान अली ने अपने सियासी सफर की बड़ी शुरुआत का संकेत दिया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें एक बड़ा मौका दिया है और वह उम्मीद करते हैं कि आने वाले समय में उन्हें विधानसभा तक भी पहुंचने का अवसर मिलेगा।

शान अली ने साफ कहा कि उनका फोकस सिर्फ राजनीति नहीं बल्कि जनता की बुनियादी समस्याओं के समाधान पर रहेगा। उन्होंने नगर में गंदगी, टूटी सड़कों और नालियों की समस्या को प्रमुख मुद्दा बताया और कहा कि पूरे सम्भल में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाएगा। साथ ही जहां-जहां सड़कें खराब हैं, वहां मरम्मत और नई सड़कों के प्रस्ताव भेजे जाएंगे। सबसे गंभीर मुद्दा उठाते हुए उन्होंने जन्म प्रमाण पत्र बनने में हो रही देरी पर सवाल खड़े किए। उन्होंने बताया कि कई लोगों की फाइलें एक-एक साल से लंबित पड़ी हैं, जिससे गरीबों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। शान अली ने भरोसा दिलाया कि इन फाइलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा और प्रक्रिया को तेज किया जाएगा। जब जिम्मेदारी की बात आई तो उन्होंने साफ तौर पर नगर पालिका के कर्मचारियों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना था कि काम में देरी कहीं न कहीं कर्मचारियों की लापरवाही का नतीजा है, जिसे सुधारा जाएगा। कुल मिलाकर, शान अली ने साफ संकेत दे दिया है कि वह नगर पालिका में सक्रिय भूमिका निभाते हुए अपनी पहचान मजबूत करना चाहते हैं और भविष्य में बड़ी राजनीति की ओर कदम बढ़ाने की तैयारी में हैं।
शरिफपुर में प्राइवेट स्कूलों की अवैध वसूली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, सख्त कार्रवाई की मांग


संभल । आज जिला संघर्ष समिति के पदाधिकारियो द्वारा तहसील क्षेत्र के गांव शरिफपुर में चौ रविराज चाहल के नेतृत्व मे प्रदर्शन कर प्राइवेट स्कूलों द्वारा कोर्स व फीस के नाम पर की जा रही अवैध  वसूली के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन कर ऐसे स्कूलों के खिलाफ शक्त से शक्त कार्रवाई किये जाने की मांग की।
इस दौरान बोलते हुए समाजसेवी व अधिवक्ता चौ रविराज चाहल ने कहा कि प्राइवेट स्कूलों द्वारा अभिभावकों का घोर शोषण किया जा रहा है। कोर्स व फीस के नाम पर  अवैध वसूली की जा रही है।

कमीशन खोरी के चक्कर में प्रत्येक वर्ष कोर्स बदल दिया जाता है ताकि अभिभावकों से काफी धन वसूला जा सके। शासन को ऐसे विद्यालयों के खिलाफ सख्त सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है।
आगे बोलते हुए कैलाश सिंह उर्फ मुन्नू सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे काफी अधिक संख्या में प्राइवेट कॉन्वेंट स्कूलों में पढ़ रहे हैं। प्रत्येक वर्ष कोर्स बदल दिया जाता है ताकि अभिभावकों से धन वसूली की जा सके।
आगे बोलते हुए योगेश सिंह ने कहा प्राइवेट कॉन्वेंट स्कूलों पर अंकुश लगाए जाने की आवश्यकता है कोर्स व एडमिशन के नाम पर अभिभावकों का घोर शोषण किया जा रहा है। अभिभावकों से धन वसूली की जा रही है। अभिभावकों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अंत में बोलते हुए मास्टर भूप सिंह ने कहा शिक्षा के नाम पर व्यापार उचित नहीं है। प्राइवेट कॉन्वेंट स्कूलों द्वारा शिक्षा का व्यापार किया जा रहा है इस पर सरकार को पूर्ण रूप से अंकुश लगाना चाहिए।
इस दौरान चौ रविराज चाहल, कैलाश सिंह, योगेश कुमार, नेत्रपाल सिंह,धर्म सिंह, भूप सिंह,नन्नू सिंह,गजेंद्र सिंह,मदन पाल सिंह,देवराज सिंह, समरपाल सिंह, चरण सिंह,केहर सिंह, मनोज कुमार, सतीश शर्मा आदि रहे।
संभल गजरौला रेल लाइन विस्तारीकरण की मांग

संभल ; आज अधिवक्ता व समाजसेवी चौ रविराज चाहल द्वारा संभल गजरौला रेल लाइन विस्तारीकरण की मांग को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के अंतर्गत श्री संतोष पुरी सन्यास आश्रम अट्टा, अतोरा, से रेल बजट मंजूर किए जाने की मांग की।
इस दौरान बोलते हुए आश्रम के महंत डॉ करण पुरी जी महाराज ने कहां की संभल गजरौला रेल लाइन विस्तारिकरण की मांग जनहित मे है यह मांग लगभग 5 दशक पुरानी है। संभल संतों की भूमि है। संभल में देश व प्रदेश के अन्य हिस्सों से साधु संतों का आना-जाना लगा रहता है।  यह मांग पूर्ण होने से साधु संत को काफी लाभ होगा,समय और धन की बर्बादी नहीं होगी। क्षेत्र का सर्वाधिक विकास होगा। हमारी मान्य प्रधानमंत्री  से मांग है कि जल्द से जल्द  रेल लाइन विस्तारीकरण के हेतु बजट जारी कराये।
आगे बोलते हुए चौ रविराज चाहल ने कहा कि संभल मैं औद्योगिक नगरी की स्थापना की जा रही है। माल के लाने ले जाने के लिए अच्छी रेल सुविधा का होना बहुत आवश्यक है। संभल में आलू उद्योग, मेंथा उद्योग का भी ठीक से विकास हो सकेगा। देश व प्रदेश के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
आगे बोलते हुए कैलाश सिंह ने कहा कि संभल एक ऐतिहासिक नगर है। महाराजा पृथ्वीराज चौहान की राजधानी रहा है। संभल में मेंथा मंडी भी है। व्यापारियों का देश व विदेशी आना जाना लगा रहता है। समय व पैसे की बचत होगी। क्षेत्र का किसान भी कम खर्चे में अपने अपने उत्पादों को दूसरे शहरों में आसानी से बेच सकेगा।
अंत में बोलते हुए दुष्यंत शास्त्री ने कहा कि संभल श्री कल्कि भक्तो के आस्था का केंद्र है, यहां तक कि देश व विदेश तक के हिंदू भक्त यहां पर आते हैं और मासिक परिक्रमा में हिस्सा लेते हैं लेकिन रेल लाइन की सही सुविधा न होने के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।                                         अंत में पुन: बोलते हुए चौ रविराज चाहल ने कहा कि संभल गजरौला रेल लाइन विस्तारीकरण  की मांग को लेकर हम लगातार साधु संतों के पास जा रहे हैं। और पत्र लिखवा कर भिजवाए जा रहे हैं। हमें उम्मीद है माo प्रधानमंत्री जी हमारी इस मांग का संज्ञान अवश्य लेंगे।
इस दौरान चौ रविराज चाहल, आदेश कुमार, कैलाश सिंह, दुष्यंत शास्त्री, राजकुमार शर्मा,बिपिन कुमार,आदि रहे।