हाई वोल्टेज तार टूटने से भीषण आग, किसान की फसल व अनाज जलकर राख

विश्वनाथ प्रताप सिंह

उतराव। प्रयागराज, प्रयागराज के उतराव थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तम पुर गांव में सोमवार दोपहर हाई वोल्टेज बिजली का तार टूटकर गिरने से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर भुक्तभोगी राम बाबू (पुत्र इन्द्र बहादुर) एवं ब्रिज लाल मास्टर (पुत्र पंचम) की करीब 10 विश्वा खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।

बताया जाता है कि आग इतनी तेज थी कि लगभग 10 कुंतल गेहूं अनाज भी जल गया। साथ ही रात में की गई मड़ाई का पूरा भूसा भी आग की भेंट चढ़ गया, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार घटना का मुख्य कारण हाई वोल्टेज तार का टूटकर गिरना है, जिससे बिजली विभाग की लापरवाही उजागर हुई है।

घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड एवं थाना अध्यक्ष उतराव विनय कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

घटना के बाद गांव में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

बिना अनुमति हरे पेड़ों की कटाई, दबंगों पर गंभीर आरोप

विश्वनाथ प्रताप सिंह

हंडिया। प्रयागराज,प्रयागराज के जनपद के उतरांव थाना क्षेत्र अंतर्गत संबोधिपुर बेलवारिया गांव में दबंगों द्वारा अवैध रूप से हरे पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। गांव निवासी मोहम्मद नियाज अहमद ने आरोप लगाया है कि उनके निजी बाग में लगे नीम और शीशम के करीब दो दर्जन पेड़ों को कुछ दबंगों ने रात के समय बिना किसी अनुमति के कटवा लिया और लकड़ी उठाकर बेच दी।

पीड़ित के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर जब वह आरोपियों से पूछताछ करने पहुंचे तो उन्हें गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। इससे परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है। नियाज अहमद ने मामले को गंभीर बताते हुए वन विभाग और स्थानीय पुलिस से शिकायत की है।

शनिवार को पीड़ित ने वन क्षेत्राधिकार हंडिया एवं थाना उतरांव में नामजद प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी फूलपुर लक्ष्मीकांत दुबे, जो वर्तमान में हंडिया का अतिरिक्त प्रभार देख रहे हैं, ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं था। शिकायत मिलने के बाद जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने भी अवैध कटान पर रोक लगाने की मांग की है।

प्रयागराज में वारदात, घर के बरामदे में सो रही वृद्धा की गला दबाकर हत्या; शरीर से आभूषण लूट ले गए बदमाश

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज, जिले के यमुनापार इलाके में बड़ी वारदात हुई। मांडा थाना क्षेत्र के दिघिया चौकी अंतर्गत बरहा कला के बबुरा निवासिनी 65 वर्षीय कस्तूरा देवी पत्नी स्वर्गीय उमा शंकर बिंद की शनिवार देर रात गला दबाकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब वह घर के बाहर सो रही थीं। उनके शरीर से आभूषण भी गायब हैं। घरवालों ने आभूषण की लूट के लिए वृद्धा की हत्या की आशंका जताई है। मांडा पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल की।

16 वर्षीय नातिन संग रहती थीं 75 वर्षीय कस्तूरा देवी

बबुरा गांव निवासी उमा शंकर बिंद रेलवे कर्मी थे। उनकी दो पुत्रियां ऊषा व रेनू हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। करीब पांच वर्ष पूर्व उमा शंकर सेवानिवृत्त हुए। 10 माह पहले उनकी मौत हो गई थी। घर पर अकेले उनकी पत्नी कस्तूरा रहती थीं। अकेले होने की वजह से उन्होंने अपनी 16 वर्षीया नातिन राधा को अपने पास बुला लिया था।

सुबह नानी को उठाने गई तो शरीर में हरकत नहीं दिखी

शनिवार रात खाना खाने के बाद राधा कमरे में सोने चली गई, जबकि कस्तूरा घर के बाहर बरामदे में जाकर सो गईं। रविवार सुबह राधा सोकर उठी तो देखा कि नानी अभी सो रही हैं। उसने नानी को जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई हरकत नहीं हुई। वह चीखने-चिल्लाने लगी। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने देखा तो कस्तूरी की मौत हो चुकी थी। गले पर निशान था।

कस्तूरा के पहने गए आभूषण गायब थे

राधा ने बताया कि नानी ने जो आभूषण पहने थे, वह गायब हैं। कुछ ही देर में मांडा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। एसीपी मेजा संत प्रकाश उपाध्याय और फोरेंसिक टीम ने भी जांच पड़ताल की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। मांडा पुलिस का कहना है कि घरवालों ने हत्या की बात कही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह साफ होगा कि मामला हत्या का है या नहीं। हालांकि, जांच पड़ताल की जा रही है।

एई भर्ती 2024 का परिणाम जारी करने की मांग तेज, 13 अप्रैल को उप्र लोक सेवा आयोग प्रयागराज पर अभ्यर्थी करेंगे प्रदर्शन

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज,उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की तकनीकी भर्तियों में परिणाम जारी करने में हो रही लगातार देरी को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा-2024 और राज्य कृषि अभियंत्रण सेवा परीक्षा-2024 के अभ्यर्थी कल रविवार 13 अप्रैल को आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। उनकी मांग है कि आयोग लंबित न्यायिक प्रक्रिया का शीघ्र निस्तारण कराकर मुख्य परीक्षा का परिणाम जल्द घोषित करे।

भर्ती प्रक्रिया कानूनी विवाद में फंस गई

आयोग ने दिसंबर 2024 में सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा-2024 के तहत 604 सहायक अभियंता पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था। प्रारंभिक परीक्षा 20 अप्रैल 2025 को आयोजित की और मई 2025 में उसका परिणाम घोषित किया। हालांकि इसके बाद भर्ती प्रक्रिया माइग्रेशन नियम को लेकर कानूनी विवाद में फंस गई।

कोर्ट ने प्रारंभिक परिणाम संशोधित का दिया था निर्देश

प्रारंभिक परीक्षा में असफल कुछ अभ्यर्थियों ने इलाहाबाद उच्च न्यायालयमें में याचिका दाखिल कर यह आरोप लगाया कि विज्ञापन की कंडिका-14 में वर्णित माइग्रेशन नीति का सही पालन नहीं किया गया। इस पर एकल पीठ ने प्रारंभिक परिणाम संशोधित करने का निर्देश दिया था।

अभ्यर्थियों का क्या है आरोप?

अभ्यर्थियों ने कहा कि न्यायालय के आदेश के बाद मुख्य परीक्षा तो समय पर संपन्न हो गई लेकिन सात महीने बीत जाने के बाद भी परिणाम जारी नहीं हो सका है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि आयोग की ओर से अदालत में प्रभावी पैरवी नहीं की जा रही है।

एक वर्ष बाद भी परिणाम घोषित नहीं

इसी तरह सम्मिलित राज्य कृषि अभियंत्रण सेवा परीक्षा-2024 भी इसी माइग्रेशन विवाद के कारण कोर्ट में लंबित है। इस भर्ती की मुख्य परीक्षा मार्च 2025 में आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 1700 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, लेकिन एक वर्ष बीतने के बावजूद परिणाम घोषित नहीं हो सका।

प्रयागराज जंक्शन पर 15 अप्रैल से कई बड़े बदलाव होंगे, यात्री आश्रय स्थल से ही मिलेंगे यात्रियों को टिकट

विश्वनाथ प्रताप सिंह

 प्रयागराज, प्रयागराज जंक्शन को विश्वस्तरीय स्वरूप देने की कवायद अब धरातल पर उतरने वाली है। इसके चलते 15 अप्रैल से स्टेशन की पूरी व्यवस्था बदली नजर आएगी। जंक्शन के सिटी साइड यानी प्लेटफार्म नंबर एक की ओर पुनर्विकास का काम बड़े स्तर पर शुरू होना है।

कुंभ-2019 में बने 'यात्री आश्रय स्थल' से मिलेगा टिकट 

इसके कारण वहां मौजूद पुराने आरक्षण और अनारक्षित टिकट काउंटरों को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। अब यात्रियों को टिकट लेने के लिए कुंभ-2019 के दौरान बने 'यात्री आश्रय स्थल' का रुख करना होगा, जिसे रेलवे ने अब स्थायी टिकट केंद्र के रूप में तब्दील कर दिया है।

निर्माण के दौरान यात्रियों का प्रवेश वर्जित होगा 

सिटी साइड की पुरानी इमारतों को ढहाने और वहां नए निर्माण कार्य को गति देने के लिए प्लेटफार्म एक की ओर स्थित प्रमुख कार्यालयों को भी इसी यात्री आश्रयस्थल में शिफ्ट किया जा रहा है। प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह के मुताबिक, पुरानी बिल्डिंग को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और निर्माण कार्य शुरू होते ही इन क्षेत्रों में आम यात्रियों का प्रवेश वर्जित कर दिया जाएगा।

आगामी महाकुंभ की तैयारियों को लेकर बदलाव अहम 

आगामी महाकुंभ की तैयारियों के मद्देनजर यह बदलाव बेहद अहम माना जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए पूरे परिसर में बड़े और स्पष्ट दिशा सूचक बोर्ड लगाए जा रहे हैं ताकि किसी को नए टिकट काउंटर तक पहुंचने में परेशानी न हो। चूंकि पुराने काउंटरों और कार्यालयों की जगह अब निर्माण मशीनें और मजदूर तैनात रहेंगे, इसलिए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन के इस नए बदलाव को ध्यान में रखते हुए ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

पार्किंग के भी वैकल्पिक इंतजाम होंगे

वहीं, सिटी साइड में पार्किंग के लिए भी वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं। यात्री आश्रय स्थल को पार्किंग के रूप में विकसित करने की योजना है, जिसमें एक पार्किंग क्षेत्र में दो पहिया वाहन व दूसरे पार्किंग क्षेत्र में चार पहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे । हालांकि अभी इसकी अधिकृत घोषणा नहीं हुई है । रेलवे एक-दो दिन में इसकी सूचना जारी कर सकता है।

अथर्वन संस्था ने जितेन्द्र तिवारी को किया सम्मानित

प्रयागराज । पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करके विशिष्ट पहचान बनाने वाली सुप्रसिद्ध अथर्वन फाउंडेशन के तत्त्वावधान में रविवार 12 अप्रैल 2026 को एएमए भवन,महाराणा प्रताप चौराहा के भव्य सभागार में तृतीय वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया।उक्त वार्षिकोत्सव में जितेन्द्र तिवारी निदेशक सेन्ट कोलम्बस ग्रुप आफ स्कूल, प्रयागराज को अथर्वन संस्था अध्यक्ष बृजेश मिश्र,सचिव डा.कंचन मिश्रा एवं लेफ्टिनेंट कर्नल नसरीन फातिमा के हाथों सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल, डाॅ.संजय सिंह वैज्ञानिक, सुनील शुक्ल सेवानिवृत्त निदेशक पीआईबी, प्रोफेसर अजय कुमार दुबे, प्रोफेसर विक्रम, डाॅ.पीयूष मिश्र,डा.सुभाष वर्मा , डा.अरुण कांत, मनीष श्रीवास्तव, अश्वनी तिवारी की उपस्थिति में वार्षिकोत्सव का सफल आयोजन संपन्न हुआ। अंत में अथर्वन फाउंडेशन ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन किया।

जमीन विवाद में तमंचे से धमकाने का आरोप, पुलिस ने बताया प्लास्टिक खिलौना – गांव में आक्रोश

विश्वनाथ प्रताप सिंह

हंडिया प्रयागराज,प्रयागराज जनपद के हंडिया थाना क्षेत्र अंतर्गत उपरदहा गांव में जमीन विवाद को लेकर तनावपूर्ण स्थिति सामने आई है। गांव निवासी दीपक यादव ने अपने चाचा पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।

पीड़ित दीपक यादव के अनुसार, उनके चाचा विवादित जमीन पर जबरन निर्माण कार्य करा रहे थे। जब दीपक के पिता निर्माण कार्य रुकवाने पहुंचे तो आरोप है कि चाचा ने तमंचा निकालकर उन्हें धमकाया। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना पर पहुंची हंडिया पुलिस ने मौके पर जांच शुरू की। दीपक यादव का दावा है कि पुलिस ने गांव के लोगों की मौजूदगी में उनके चाचा के भूसे के कमरे से एक अवैध तमंचा और धारदार हथियार बरामद किया। हालांकि, पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई और पूछताछ करती रही।

आरोप है कि पुलिस ने दो बार चौकी और दो बार थाने ले जाकर पूछताछ की, लेकिन अंत में बरामद तमंचे को प्लास्टिक का खिलौना बताते हुए दोनों पक्षों का शांति भंग में चालान कर दिया और छोड़ दिया।

दीपक यादव का कहना है कि घटना के दौरान गांव के कई लोग मौजूद थे, जिन्होंने तमंचा बरामद होते देखा। इसके बावजूद पुलिस द्वारा उसे खिलौना बताना सवाल खड़े करता है। पीड़ित पक्ष में इस कार्रवाई को लेकर आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने मुख्यमंत्री से लिखित शिकायत करने की बात कही है।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त तमंचे के जरिए उनके चाचा द्वारा पूरे परिवार को पहले भी धमकाया जाता रहा है, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

वहीं, इस मामले में चौकी इंचार्ज बरोत का कहना है कि जांच जारी है और जो वस्तु बरामद हुई वह अवैध तमंचा नहीं बल्कि प्लास्टिक का खिलौना है, जिससे डराया जाता था। उन्होंने बताया कि आरोपित व्यक्ति हाल ही में बड़ी सर्जरी से गुजरा है और हृदय रोगी भी है। दोनों पक्षों का शांति भंग में चालान किया गया है।

खुर्रम शाहपुर में थ्रेशर की चिंगारी से भीषण आग, 2 बीघा गेहूं की फसल और ट्रैक्टर-थ्रेशर जलकर राख, युवक गंभीर झुलसा

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज, हंडिया के सरायममरेज थाना क्षेत्र के खुर्रम शाहपुर गांव में रविवार दोपहर करीब 12 बजे खेत में काम के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। गेहूं की कटाई के बाद थ्रेशर से मड़ाई का कार्य चल रहा था, तभी मशीन से निकली चिंगारी ने अचानक सूखी फसल में आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि करीब 2 बीघा गेहूं की तैयार फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। वहीं खेत में खड़ा ट्रैक्टर और थ्रेशर मशीन भी आग की भेंट चढ़ गए। इस दौरान आग बुझाने की कोशिश कर रहा एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

पीड़ित किसान ने बताया कि यह आग थ्रेशर से निकली चिंगारी के कारण लगी, जिससे उसकी पूरी मेहनत जलकर राख हो गई। किसान ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में थ्रेशर और हार्वेस्टर के संचालन के दौरान ऐसी घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

मां वैष्णो महिला भजन मंडली के तत्वाधान में अपने 26 वर्ष होने पर धूमधाम से कीर्तन का आयोजन किया गया

मां शक्ति चौरा मंदिर में किया गया प्रसाद वितरण

विश्वनाथ प्रताप सिंह

फूलपुर प्रयागराज। नगर पंचायत फूलपुर के मां वैष्णो महिला भजन मंडली के तत्वाधान में अपने 26 वर्ष होने पर धूमधाम से कीर्तन का आयोजन किया गया जिसमें सर्वप्रथम सुबह माँ शक्ति चौरा मंदिर बरई टोला से निकाली गई शोभायात्रा,दुर्गा चौकी कार्यक्रम में महिलाओं ने भक्ति भजन कीर्तन किया और जमकर झूमे गाए और भव्य माता की आरती होने के बाद हलवा चना फल का वितरण हुआ जिसमें दूर दराज से आए हुए भक्तगण एवं महिलाएं बच्चे एवं बुजुर्गों ने प्रसाद ग्रहण किया जिसमें हजारों की संख्या मौजूद हुई। इस मौके पर भजन मंडली के महिला आभा केसरी मीना केसरी सुशीला केसरी आशा केसरी प्रीति केसरी आदि मौजूद रहें।

नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार,

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज। धूमनगंज थाने की पुलिस ने तीनों तस्करों को किया गिरफ्तार,

1 करोड़ 41 लाख कीमत की स्मैक तस्करों के कब्जे से बरामद,

तीनों तस्करों के खिलाफ पुलिस गैंगस्टर के तहत भी करेगी कार्रवाई,

तस्करों की अवैध तरीके से अर्जित की गई संपत्तियों को जब्त भी करेगी पुलिस।